Loading

14 January 2011

क्लब सदस्यों ने चलाया सफाई अभियान

  ओढ़ां न्यूज.
    गांव रिसालियाखेड़ा में जागृति युवा क्लब द्वारा सफाई अभियान चलाकर पूरा दिन सफाई कार्य किया गया। क्लब सदस्यों ने सफाई कार्य गांव के बस स्टेंड से मुख्य चौक तक जाने वाली सड़क से शुरु किया गया। क्लब सदस्यों द्वारा इस बीच रास्ते में आने वाली सभी गलियों में भी सफाई की गई जिनमें से कुछ गलियों की हालत काफी खस्ता थी। क्लब के प्रधान सत्यवीर ने बताया कि साफ सफाई की ओर विशेष ध्यान देना उनके क्लब का प्रथम कर्तव्य है क्योंकि इससे मच्छर जनित बीमारियों का भय नहीं रहता और खड़े हुए पानी से कीचड़ और बदबू से छुटकारा मिलता है। उन्होंने कहा कि क्लब सदस्य भविष्य में गांव में साफ सफाई का ध्यान रखेंगे और गंदगी नहीं फैलने देंगे ताकि गांववासियों व आने जाने वालों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर प्रधान सत्यवीर के साथ उपप्रधान अशोक मूंड, महासचिव सुरेंद्र कंबोज, कोषाध्यक्ष मुकेश जोशी, खेलकूद सचिव सुनीता देवी और अन्य क्लब सदस्य उपस्थित थे।

लोहड़ी और मकर सक्रांति का त्यौहार मनाया

 . ओढां, न्यूज
    गांव कालूआना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लोहड़ी और मकर सक्रांति का त्यौहार उत्साह व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जिसमें स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत सभी कर्मचारी शामिल हुए। इस अवसर पर प्रभारी डॉ. शशी मांगा, डॉ. निशांत, दंत सहायक कुलदीप सिंह, गगनदीप, रेखा देवी, कुलदीप, विनय कुमारी, रतना उपदेश और आरसीएच के स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
    इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने लोहड़ी के गीत गाए और कुछ लोगों ने चुटकुले आदि सुनाए जिससे माहौल खुशनुमा हो गया। इस अवसर पर विनय कुमारी बिज्जूवाली ने कहा कि इस वर्ष की भांति हर वर्ष लोहड़ी व मकर सक्रांति का त्यौहार मनाते रहेंगे ताकि आपसी मेलजोल बना रहे। उन्होंने कहा कि हम सभी को एक साथ रहकर आपस में काम में हाथ बंटाना चाहिए तथा जिन जिनके पास जो स्वास्थ्य केंद्र हैं उनमें मरीजों की देखभाल अच्छी तरह से करनी चाहिए ताकि रोगियों को उचित उपचार मिल सके।

जिला कुम्हार सभा सिरसा की कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

सिरसा, 13 जनवरी: 
    आज स्थानीय कुम्हार धर्मशाला में जिला कुम्हार सभा सिरसा की कार्यकारिणी की एक बैठक सभा के प्रधान दलीप वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रधान दलीप वर्मा ने लोगों से आग्रह किया कि वे स्मारिका के लिए 25 जनवरी तक प्रकाशनार्थ सामग्री अवश्य भेंज दें। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि नए प्रधान व कार्यकारिणी का चुनाव 6 फरवरी को कराया जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए प्रधान वर्मा ने स्वाजातीय बंधुओं से आग्रह किया कि वे कुम्हार समाज की शीघ्र प्रकाशित होने जा रही स्मारिका में प्रकाशन हेतु वैचारिक लेख, कविताएं, व्यावसायिक विज्ञापन व विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले युवक-युवतियों का रंगीन फोटो सहित सम्पूर्ण विवरण 25 जनवरी तक लक्ष्मी स्वीटस अथवा प्रो. रामचंद्र लिम्बा (मो. 9466177889) को उपलब्ध करवा दें। उन्होंने स्मारिका के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसी पत्रिकाएं समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करके सामाजिक उत्थान में अग्रणी भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सिरसा के किसानों को पूरे प्रदेश में सबसे अधिक करीब 82 लाख रुपए प्रति एकड़ का मुआवजा प्रदान किया है

सिरसा, 13 जनवरी:
    पिछले 108 दिन से जारी किसान कल्याण समिति का लघु सचिवालय में चल रहा धरना आज समाप्त हो गया। धरने को समाप्त करवाने के लिए सांसद डा. अशोक तंवर मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को फूल मालाएं पहनाकर धरना समाप्त करवाया। इस अवसर पर डा. तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सिरसा के किसानों को पूरे प्रदेश में सबसे अधिक करीब 82 लाख रुपए प्रति एकड़ का मुआवजा प्रदान किया है। यह हरियाणा में सबसे अधिक है और इससे हरियाणा की भूमि अधिग्रहण नीति की सर्वश्रेष्ठता एक बार फिर प्रमाणित हुई है। सांसद ने कहा कि वे लगातार धरने पर बैठे किसानों के संपर्क में थे तथा लगातार उनके दुख दर्द को सरकार तक पहुंचाकर उन्हें राहत दिलवाने का कार्य किया है। इससे न केवल किसानों में खुशहाली आएगी, अपितु सिरसा जिला में विकास के कदम तेजी से बढ़ेगें। उन्होंने कहा कि दुकानों को अधिग्रहण से बाहर रखा गया है तथा नैशनल हाइवे के साथ लगते औद्योगिक क्षेत्र के लिए यदि अधिक मूल्य की कोई गुंजाईश होगी तो वे अवश्य प्रयास करेंगे। इस अवसर पर किसान कल्याण समिति के प्रधान सोमप्रकाश सेठी ने कहा कि यह किसानों की बड़ी सफलता है कि सांसद अशोक तंवर के सतत् प्रयासों तथा मलकीयत सिंह खोसा, भूपेश मेहता, गोबिंद कांडा, नवीन केडिया आदि के सहयोग से आज सरकार ने अधिग्रहण क्षेत्र के लिए करीब 82 लाख रुपए प्रति एकड़ की राशि मंजूर की है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए वे अन्य किसानों मा. पूर्ण सिंह, धनवंत सिंह, बलजिंदर सिंह, मेजर सिंह औलख, भूमण सिंह, सूबासिंह, राम सिंह, दर्शन सिंह, इकबाल सिंह आदि के साथ दिल्ली व चंडीगढ़ में 4 बार मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सिरसा में भी सांसद तंवर व गोबिंद कांडा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाई तथा मुख्यमंत्री ने उनकी बात को सहानुभूति पूर्वक सुनते हुए यह निर्णय दिया है। सेठी ने कहा कि स्थानीय किसानों, समाजसेवी संस्थाओं, संगठनों के अलावा फतेहाबाद, बहादुरगढ़, राजस्थान, पंजाब के किसानों ने भी उन्हें भरपूर सहयोग दिया। इसके अलावा सांसद तंवर स्वयं कई बार धरना स्थल पर आकर किसानों से मुलाकात की। उन्होंने लगातार 108 दिन तक धरने बिना कोई राजनीतिक रंगत दिए शांति पूर्वक ढंग से अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने किसानों के सयंम को साधूवाद दिया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान मलकीयत सिंह खोसा, नगर पार्षद रमेश मेहता, सुरजीत सिंह भावदीन सहित कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। धरना समाप्ति पर सांसद तंवर ने सभी लोगों को मकर सक्रांति एवं लोहड़ी पर्व की बधाई दी तथा किसानों की खुशहाली की कामना की।

जिला से हजारों की तादाद में लोग 6 फरवरी को एनडीए की रैली में शामिल होंगे

सिरसा, 13 जनवरी:
    भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण पाल गुज्जर के आह्वान पर सिरसा जिला से हजारों की तादाद में लोग 6 फरवरी को एनडीए की रैली में शामिल होंगे। कल श्री गुज्जर के प्रथम सिरसा दौरे के दौरान उमड़े जनसैलाब में यह संदेश दिया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष गुरदेव सिंह राही ने आज रैली के लोगों घर-घर जाकर निमंत्रण देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री गुज्जर के स्वागत में कार्यकत्र्ताओं तथा आम लोगों में जितना जोश और उल्लास था उससे देखकर लगता है कि एनडीए की रैली में सिरसा के लोगों की तादाद सर्वाधिक होगी। उन्होंने कहा कि श्री गुज्जर ने सिरसा के कार्यकत्र्ताओं में नए जोश का संचार किया है और ऐसे करवट व निष्ठावान नेता के आगमन मात्र से ही भाजपा की जिला इकाई में नया सूर्य उदय हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश भाजपा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और समय-समय पर सरकार की कारगुजारियों को विस्तारपूर्वक ढंग से जनता के सामने रखा है। श्री राही ने कृष्ण पाल गुज्जर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सिरसा में आकर पूरे सिरसा वासियों को एनडीए रैली के लिए निमंत्रण देकर जोश भरा है। श्री राही ने कहा कि इस वक्त हरियाणा सहित देश के लोग महंगाई की मार से त्रस्त हैं तथा एनडीए सरकार को याद करते हैं। यह महंगाई ही कांग्रेस सरकार का पतन का सबसे बड़ा कारण बनेगी। श्री राही ने लोगों से अपील की कि वे कांगे्रस सरकार को चलता करने के लिए एनडीए के हाथ मजबूत करें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में 6 फरवरी को रोहतक में होने वाली रैली में पहुंचकर सरकार के खिलाफ फतवा दें।