Loading

16 January 2011

रोड की मरम्मत करने के लिए राज्य सरकार ने 34 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की

सिरसा, 16 जनवरी। 
         सिरसा जिला के मुसाहिबवाला वार्डर से ऐलनाबाद रोड -हनुमानगढ़-टिब्बी सड़क राजस्थान बार्डर तक को मजबूत एवं मरम्मत करने के लिए राज्य सरकार ने 34 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की है, जिससे इस रोड की मरम्मत एवं मजबूत किया जाएगा और जिला के लोगों को यातायात के लिए और ज्यादा सुविधा होगी।
    उक्त जानकारी देते हुए उपायुक्त श्री सीजी रजिनीकांथन ने बताया कि राज्य सरकार ने इस सड़क की मजबूती और मरम्मत के लिए धनराशि की स्वीकृति कई खण्डों में दी है। उन्होंने बताया कि 10.08 किलोमीटर से 25.13 किलोमीटर राजस्थान बॉर्डर तक सरदूलगढ़-सिरसा-ऐलनाबाद-हनुमानगढ़-टिब्बी सड़क के लिए 226 लाख रुपये, 25.13 किलोमीटर से 29 किलोमीटर राजस्थान बॉर्डर तक सरदूलगढ़-सिरसा-ऐलनाबाद-हनुमानगढ़-टिब्बी सड़क के लिए 425 लाख रुपये, 29 किलोमीटर से 34.80 राजस्थान बॉर्डर तक सरदूलगढ़-सिरसा-ऐलनाबाद-हनुमानगढ़-टिब्बी सड़क के लिए 704 लाख रुपये, 34.80 किलोमीटर से 44.80 किलोमीटर राजस्थान बॉर्डर तक 7 लाख रुपये, 44.80 किलोमीटर से 69.19 किलोमीटर राजस्थान बॉर्डर तक सरदूलगढ़-सिरसा-ऐलनाबाद-हनुमानगढ़-टिब्बी सड़क के लिए 1285 लाख रुपये, 70.76 किलोमीटर से 78.76 किलोमीटर राजस्थान बॉर्डर तक 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
    उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की विभिन्न सड़कों की मरम्मत की स्वीकृति भी प्रदान की गई है, जिन पर कुल 183.46 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी, जिसमें करनाल, जींद, फतेहाबाद, भिवानी और हिसार जिले की सड़कें शामिल हैं।

आरोपी ट्रक चालक ट्रक सहित काबू

 ओढ़ां न्यूज.
    ओढ़ां पुलिस ने गांव मिठडी के निकट स्कूटर सवार युवकों को कुचलकर फरार हुए ट्रक चालक को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी देते हुए एसआई धर्मबीर ने बताया कि गांव मिठडी के निकट हुई सड़क दुघर्टना जिसमें दो युवक मारे गए थे के आरोपी ट्रक चालक  को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया है और जिसे रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। ट्रक चालक की पहचान 40 वर्षीय मघर सिंह पुत्र प्यारा सिंह निवासी बड़ागुढ़ा के रुप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का मुआयना

 ओढ़ां न्यूज
    बुधवार को गांव मिठडी के निकट हुई सड़क दुघर्टना जिसमें दो युवक मारे गए थे और एक घायल हो गया था। घटनास्थल का मुआयना करने शुक्रवार की शाम पुलिस अधीक्षक सतिंद्र कुमार गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ ट्रैफिक थाना प्रभारी दलजीत सिंह, जिला निरीक्षक और ओढ़ां थाना के एसआई धर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश दलाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। दुघर्टना की जानकारी लेने के बाद उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि सड़क यातायात के नियमों का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी दोपहिया वाहन पर दो से ज्यादा सवारी होने और बिना हैल्मेट होने पर उसका चालान किया जाए तथा ट्रैफिक पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और दुघर्टनाग्रस्त क्षेत्रों पर खास तौर पर नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि रात के समय बिना रिफ्लेक्टर व ज्यादा वजन वाले वाहन न चलने दिए जाएं। इस मौके पर उनके साथ सीन आफ क्राइम की टीम भी उपस्थित थी।

अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को कुचला

ओढ़ां न्यूज.
    जीटी रोड पर कालूआना माइनर के पुल पर शुक्रवार की रात को कोई अज्ञात वाहन एक व्यक्ति को कुचलकर फरार हो गया। ओढ़ां पुलिस ने सालमखेड़ा निवासी ढाबा मालिक अशोक कुमार मेहता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व जान से मारने का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरु कर दी है। अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार की सुबह जब वो अपने ढाबे से सैर करते हुए पुल के पास पहुंचा तो वहां पर एक व्यक्ति का बुरी तरह कुचला हुआ शव देखा जिसके ऊपर से न जाने कितने वाहन गुजर गए थे। उसने ओढ़ां पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मांस के लोथड़ों के रुप में शव को समेटकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया तथा जिसकी अब तक कोई पहचान नहीं हो पाई है।

छतरियां को हराकर रोहिडांवाली ने कब्जाई ट्राफी

विजेता टीम ट्राफी लिए मुख्यातिथि व अन्यों के साथ
ओढां न्यूज.
    खंड के गांव रोहिडांवाली में स्थित श्रीगोगा मैड़ी स्टेडियम में रॉयल क्रिकेट क्लब द्वारा समस्त गांववासियों के सहयोग से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। गांव के सरपंच मास्टर बनवारी लाल सांई की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में मुख्यातिथि के रुप में उपस्थित रानियां के वन राजिक अधिकारी मोहन लाल ने अपनी ओर से 5100 रुपए की सहयोग राशी प्रदान करते हुए प्रतियोगिता की विजेता टीम रोहिडांवाली सीनियर को ट्राफी के साथ 6100 रुपए एवं उपविजेता टीम छतरियां को 4100 रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए ताकि खेल की गरिमा बरकरार रहे और इसमें आपसी द्वेष अथवा भेदभाव का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
    इससे पूर्व प्रतियोगिता के फाइनल मैच में छतरियां की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर कुल 76 रन बनाए जिसमें संजय ने 2 छक्कों सहित 19 रन और विकास ने एक चौके सहित नाटआऊट 13 रन का योगदान दिया। रोहिडांवाली के गेंदबाज देव भांभू ने 3 ओवरों में 13 रन देकर 2 विकेट, सुधीर ने 3 ओवरों में 14 रन देकर 2 विकेट, भीमसैन ने 3 ओवरों में 17 रन देकर एक विकेट और प्रवीण जाखड़ ने 3 ओवरों में 20 रन देकर एक विकेट लिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी गांव रोहिडांवाली की सीनियर टीम ने 10.3 ओवरों में 5 विकेट खोकर 77 रन बनाते हुए यह मैच 5 विकेट से जीत लिया जिसमें देव भांभू ने 2 छक्कों व एक चौके सहित 22 रन और सुनील मान ने एक छक्के व 2 चौकों सहित नाटआऊट 18 रन का योगदान दिया। छतरियां के गेंदबाज संजय ने 3 ओवरों में 39 रन देकर 2 विकेट और सूरज सिंह ने 3 ओवरों में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। इस प्रकार रोहिडांवाली की टीम ने मैच के साथ-साथ ट्राफी भी जीत ली। इस मैच का मैन आफ दी मैच का खिताब रोहिडांवाली के देव भांभू को मिला जिसने 22 रन बनाने के साथ-साथ 2 विकेट भी लिए।
    इस प्रतियोगिता का मैन आफ दी सीरीज का खिताब सुधीर गोदारा और बेस्ट फील्डर का खिताब सुनील मान व हरपाल सिंह को दिया गया। फाइनल मैच में अंपायरिंग ख्योवाली के रवि श्योराण व अनिल कुमार ने की। बेस्ट स्कोरर बृजलाल गोदारा रहे और कमेंट्री सुनील बाना, सतनाम भंगु, माही गोदारा, राजू खीचड़, सुधीर गोदारा व मांगेराम मान ने की। इस अवसर पर भोला सिंह पूनियां, सुल्तान गोदारा, गुरदेव सिंह, रणजीत सिंह पूनियां, बृजलाल गोदारा, महेंद्र भांभू, बलवंत मान, धनपत मईया और माही गोदारा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।