Loading

19 January 2011

अर्थप्रधान युग में खुदगर्जी की तेजरफ्तार जिन्दगी ने अपने आस-पास का दायरा समेटने की सभी हदें पार कर दी हैं

    सिरसा,
          आज भौतिकवादी अर्थप्रधान युग में खुदगर्जी की तेजरफ्तार जिन्दगी ने अपने आस-पास का दायरा समेटने की सभी हदें पार कर दी हैं, अब तो मैं और मेरे बच्चों तक दुनिया सिमट गई है। घर में अगर बेसहारा बूढ़े मां-बाप अथवा दादा-दादी हैं तो उनकी स्थिति बड़ी दयनीय है। यही कारण है कि आज समाज में जगह-जगह वृद्धाश्रमों की झलक दिखाई दने लगी है। यह शब्द नवगठित मर्यादा सेवा संस्थान के अध्यक्ष वैद्य महावीर प्रसाद ने विज्ञप्ति जारी करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में जहां बुजुर्ग माता-पिता के लिए मातृदेवो भव-पितृदेवो भव की परंपरा के अन्तर्गत उनके अनुभव से सीखने की चाहत थी अब यह बेकार बात हो गयी है।
    वैद्य महावीर प्रसाद ने कहा कि हमारी संस्था मर्यादा बुजुर्गों में सकारात्मक सोच पैदा करके समाज में जागृति पैदा करके पारिवारिक तालमेल बैठाने का प्रयास करेगी।
    इस अवसर पर मर्यादा सेवा संस्थान की नयी कार्यकारिण्री का गठन करने की घोषणा की। जिसमें संरक्षक ओमप्रकाश अग्रवाल, उपप्रधान ओमप्रकाश शास्त्री, सचिव कैप्टन महावीर सिंह सोलंकी, सहसचिव ओमप्रकाश पिपलावा, प्रचार सचिव लक्ष्मीनारायण स्वामी, कोषाध्यक्ष मोहनलाल शर्मा, सलाहकार राधेश्याम कौशिक तथा कार्यकारिणी सदस्यों में श्यामसुन्दर अग्रवाल, राधेश्याम शर्मा, खेमचंद गोठवाल तथा प्रेम चन्द शर्मा शामिल हैं।
जारीकर्ता
वैद्य महावीर प्रसाद
मो. 9416433246

यूरिया खाद किसानों की मांग के अनुरुप उपलब्ध है

सिरसा, 18 जनवरी।
             जिला में इस समय यूरिया खाद की कोई कमी नहीं है। विभिन्न एजेंसियों के पास जिला में 5500 मीट्रिक टन यूरिया खाद उपलब्ध है जो किसानों की मांग के अनुरुप पर्याप्त है।
    यह जानकारी देते हुए उप-कृषि निदेशक जगदीप बराड़ ने बताया कि गत एक सप्ताह के दौरान जिला में विभिन्न एजेंसियों द्वारा 23 हजार मीट्रिन टन से भी अधिक यूरिया खाद किसानों को उपलब्ध करवाया जा चुका है। अब तक जिला में 76 हजार 164 मीट्रिक टन यूरिया की सप्लाई जिला में हो चुकी है। उन्होंने बताया कि कृभकों द्वारा गत एक सप्ताह के दौरान 8276 मीट्रिक टन, एनएफएल द्वारा 2620 मीट्रिक टन, आईपीएल के माध्यम से 5290 मीट्रिक टन, नागार्जुना एग्रो द्वारा 4648 मीट्रिक टन, चैंबल फर्टिलाईजर द्वारा 2048 मीट्रिक टन व इफको द्वारा 438 मीट्रिक टन यूरिया की सप्लाई की जा चुकी है।
    उन्होंने बताया कि सिरसा जिला में 2 लाख 75 हजार हैक्टेयर भूमि में गेहूं, 52 हजार हैक्टेयर भूमि में सरसों, 11 हजार हैक्टेयर में चना एवं 12 हजार हैक्टेयर भूमि में जौ की बिजाई की गई है, जिनके लिए जिला प्रशासन द्वारा एक लाख एमटी यूरिया खाद की मांग कृषि निदेशालय हरियाणा को भेजी गई है। जिला में अब तक 76 हजार 164 एमटी यूरिया खाद की सप्लाई विभिन्न सहकारी संस्थाओं व प्राईवेट कंपनियों के माध्यम से हो चुकी है और किसानों को वितरित की जा चुकी है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे पूरे सीजन के लिए एक बार में ही खाद खरीद कर इकठा न करे।

उम्मीदवारों के लिए चुनाव चिन्हृ निर्धारित किए

सिरसा, 18 जनवरी।
          भारत सरकार के गुरुद्वारा चुनाव आयोग द्वारा भविष्य में होने वाले शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में उम्मीदवारों के लिए चुनाव चिन्हृ निर्धारित किए गए है। चुनाव में भाग लेने वाली इच्छुक पार्टियां व व्यक्ति चुनाव चिन्हृ अलॉट करवाने के लिए आगामी 20 जनवरी तक गुरुद्वारा चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित किए गए चुनाव चिन्हृों में से तीन चिन्हृ के लिए आवेदन चंडीगढ़ स्थित सचिव गुरुद्वारा आयोग कार्यालय कोठी नंबर 23 सैक्टर-8-ए में भिजवा सकते है। चुनाव आयोग के चुनाव चिन्हो में दवात, बैंड बाजा, बलछा, हिरण, पैडस्टल पंखा, झोपड़ी, लाउडस्पीकर, बलद, डाकिया, स्कूटर, टब, थ्रेशर मशीन, वुडन बॉक्स, भैंस, ऊंट, फ्रीज, हथौड़ा, ताला, थाली और कटोरी, पैडस्टल लैंप, रिक्शा, ढाल, टैम्पो, आम का पेड़, टैंकर, ट्यूबवैल, टोका मशीन, दीवार घड़ी, टै्रक्टर, रेलगाड़ी, घड़ीयाल, लोटा, ट्राली, टॉर्च, धोबी, रेहड़ा, घोड़ा, सूरजमुखी का फूल, ट्रक, मोर को शामिल किया गया है।

शराब तस्करी व सट्टाखाईवाली करने के आरोप में विभिन्न स्थानों से 5 लोग काबू

सिरसा।
                 जिला पुलिस ने शराब तस्करी व सट्टाखाईवाली करने के आरोप में बीते दिवस विभिन्न स्थानों से 5 लोगों को काबू किया है। जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सदर डबवाली पुलिस ने गांव अबूबशहर निवासी बुटा सिंह पुत्र महेंद्र सिंह को 10 बोतल शराब के साथ उसी के गांव से काबू किया है।
वहीं एक अन्य मामले में शहर डबवाली पुलिस ने भोला सिंह पुत्र वरयाम सिंह निवासी मोहराज पंजाब को 900 ग्राम चूरापोस्त के साथ मंडी डबवाली के साथ काबू किया है। जिला की डिंग पुलिस ने सट्टाखाईवाली करने के आरोप में नरेश पुत्र कृष्णलाल निवासी डिंग मंडी को 210 रूपए की सट्टाराशि के साथ डिंग मंडी से काबू किया है।
शहर सिरसा पुलिस ने रोहताश पुत्र गंगाजल निवासी रानियां रोड़ सिरसा को 10 बोतल देसी शराब सहित रानियां रोड़ क्षेत्र से काबू किया है।
जिला की ऐलनाबाद पुलिस ने रामरूवरूप पुत्र चेतराम निवासी कुमथला को 7 बोतल शराब के साथ काबू किया है। उपरोक्त गिरफ्तार किए गए सभी लोगों के खिलाफ संबधित थानों में विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किए गए है।

हत्यारोपी पति को काबू

सिरसा।
                  रानियां पुलिस ने गांव सादेवाला में बीती 6 जनवरी को विवाहिता की जलने से हुई मौत प्रकरण में मृतका के हत्यारोपी पति को काबू किया है। पकड़े गए आरोपी को आज ऐलनाबाद अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।
जानकारी देते हुए रानियां थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि बीती 6 जनवरी को गांव सादेवाला निवासी मायादेवी (23 साल) पुत्री सतबीर सिंह की जल जाने के कारण मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पिता सतबीर सिंह निवासी घोडांवाली की शिकायत पर पुलिस ने मृतका के पति राजकुमार व सास सावित्री पत्नी ठाकरराम के खिलाफ भादंसं की धारा 498ए, 304बी, 34 के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि इस प्रकरण में पुलिस ने मृतका के पति राजकुमार को काबू कर लिया है।