Loading

20 January 2011

पुलिस की दो टुकडियां मार्च पास्ट में भाग लेंगी

सिरसा।  
             26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय कार्यक्रम में जिला पुलिस की दो टुकडियां मार्च पास्ट में भाग लेंगी। इन टीमों में 21-21 जवान होंगे तथा पुरूष व महिला टीमों के नेतृत्व करने वालों तथा दोनो टुकडिय़ों का नेतृत्व करने वाले डीएसपी ऐलनाबाद सहित कुल 45 जवान मार्चपास्ट में भाग लेंगे तथा राष्ट्रध्वज को सलामी देंगे। इन टुकडिय़ों की अगुवाई ऐलनाबाद के उपपुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार करेंगे। मार्च पास्ट में शामिल होने वाली टुकडिय़ों ने आज बरनाला रोड़ के खेल परिसर स्टेडियम में रिहर्सल की।
जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में मार्च पास्ट में शामिल होने वाली महिला टीम की अगुवानी सहायक उपनिरीक्षक सुशीला देवी करेंगी जबकि पुरूष टुकड़ी का नेतृत्व उपनिरीक्षक अजीत सिंह करेंगे। उन्होने बताया कि टुकड़ी में शामिल पुलिस जवान अपने शस्त्रों के साथ मार्च पास्ट करेंगे। उन्होने बताया कि मार्च पास्ट के लिए रिहर्सल की तैयारियां जोरों पर है।

डकैती की घटना का तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

सिरसा। 
             जिला की सीआईए सिरसा पुलिस ने 24 जुलाई की रात्रि को थाना सदर के खैरेकां गांव के निकट हुई डकैती की घटना के तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को आज सिरसा अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी की निशानदेही पर डकैती की घटना में छिनी गई संपत्ति बरामद की जाएगी। जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा के प्रभारी निरीक्षक किशोरीलाल ने बताया कि डकैती के तीसरे आरोपी हरमीत सिंह पुत्र गुरशरण सिंह निवासी ढाणी वचन सिंह डबवाली रोड़ ऐलनाबाद को महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर स्टाफ के उपनिरीक्षक सुखदेव सिंह पर आधारित पुलिस टीम ने भंभूर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उन्होने बताया कि पुलिस इस घटना में अब तक रानियां निवासी गुरदीप व श्रवण तथा ऐलनाबाद निवासी हरमीत सहित तीन आरोपियों को काबू कर चुकी है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि घटना के बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उन्हे गिरफ्तार करने के लिए उनके छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि पंजुआना निवासी भूषण व उसकी बहन कुसुम से बीती 24 जुलाई की रात को खैरेकां के निकट डकैती हुई थी। जिसमें आरोपी उनसे 1100 रूपए की नकदी तथा सोने के टाप्स छिन लिए थे। 

लूट की घटना के आरोपी को धर दबोचा

सिरसा।
थाना सदर सिरसा की मल्लेकां पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की घटना के आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के विरूद्ध चुन्नीलाल पुत्र भूपेंद्र सिंह निवासी मलवानी राजस्थान हाल सेल्समेन उपठेका शराब देसी टीटूखेडा की शिकायत पर अभियोग दर्ज किया गया है। जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि बीती सायं करीब साढे सात बजे टीटूखेड़ा स्थित शराब के उपठेके पर एक व्यक्ति आया। उन्होने बताया कि ठेका के सेल्समेन चुन्नीलाल को अकेला पाकर आरोपी ने ठेके के गल्ले से करीब 1250 रूपए की नकदी लूट ली और मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी ने बताया कि इस आश्य की सूचना मिलते ही मल्लेकां पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय बाद आरोपी को काबू कर लिया। उन्होने बताया कि गिरफ्तार किए आरोपी की पहचान अमलोक पुत्र हंसा सिंह निवासी टीटूखेड़ा के रूप में हुई है। थानाप्रभारी ने बताया कि आरोपी से लूटी गई नकदी बरामद कर ली है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

विभिन्न आरोपों में छः आरोपी काबू

सिरसा
जिला की रोड़ी पुलिस ने सट्टाखाईवाली करने के आरोप में गुरदीप पुत्र जगदेव निवासी रोड़ी को 1675 रूपए की राशि के साथ गांव रोड़ी से काबू किया है। एक अन्य घटना में सदर सिरसा पुलिस ने सट्टाखाईवाली करने के आरोप में रामकिशन पुत्र रांझाराम निवासी शाहपुर बेगू को 315 रूपए की सट्टाराशि के साथ काबू किया है। जिला की ऐलनाबाद पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर हुडदंगबाजी कर शांति भंग करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान अमर, सुभाष व औमप्रकाश पुत्र रामचंद्र निवासी वार्ड 16 को गिरफ्तार किया है। आरोपी शराबी हालात में पंचमुखी चौक पर झगड़ा कर रहे थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 160 के तहत ऐलनाबाद थाना में अभियोग दर्ज किया गया है। एक अन्य मामले में ऐलनाबाद पुलिस ने बलवंत पुत्र सोहनलाल निवासी तलवाडा खुर्द को 7 बोतल देसी शराब के साथ उसी के गांव से काबू किया है।

विशाल चिकित्सा कैम्प रविवार 23 जनवरी को

ओढां न्यूज़
आयुज्योति आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज एवं अस्पताल जोधपुरिया की ओर से एक विशाल चिकित्सा कैम्प रविवार 23 जनवरी को नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जयंती के अवसर पर गांव छतरियां वाली की धर्मशाला में लगाया जा रहा है। इस चिकित्सा कैम्प में कालेज के डा० केवल अरोड़ा (एम०डी०) पंचकर्म विशेषज्ञ डा० जैसमीन मैहता और स्त्री रोग विशेषज्ञ डा० किरण कम्बोज सहित हड्डी एवं जोड़ों के दर्दों के विशेषज्ञ डा० सत्येन्द्र मिश्रा एवं मधुमेह एवं अन्य सामान्य बिमारियों के विशेषज्ञ डा० जितेन्द्र शर्मा मरीजों की जांच करेंगे। इस कैम्प के दौरान सभी रोगियों को दवाइयां नि:शुल्क वितरित की जाएगी। इस अवसर पर मरीजों के रक्त संबंधी सभी प्रकार की लैबरोट्री जांच कुशल लैब टैक्रिशीयन श्री रजनीश कुमार द्वारा की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा० आर.आर मिश्रा ने बताया कि इस विशाल चिकित्सा कैम्प में बड़ागुढ़ा, भंगु, साहुवाला, चोरमार, कर्मगढ़, रघुआना एवं छतरियांवाली सहित अन्य नजदीकी गांवों के निवासी लाभांवित होंगे। चिकित्सा कैम्प में रजिस्ट्रेशन हेतू गांव छतरियां के नम्बरदार डा० कृष्ण कुमार से मो० नं० 094666-68299 पर सम्पर्क किया जा सकता है।