Loading

21 January 2011

शहीदों का सम्मान हमारा परम कर्त्तव्य : चाहरवाला 'नई सुबह ने चलाया शहीदों की प्रतिमाओं पर सफाई अभियान

 सिरसा।
       प्रदेश की समाजसेवी संस्था नई सुबह जनचेतना समिति हरियाणा के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के साथ मिलकर शहर में स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई करने का अभियान शुरू किया है। शहर के विभिन्न चौकों में लगाई गई शहीदों की प्रतिमाओं के इर्द-गिर्द जहां कूड़े के ढ़ेर लगे हुए थे उन्हें हटवाया और पानी से प्रतिमा की सफाई की। नई सुबह के प्रदेशाध्यक्ष मा. सूबेसिंह चाहरवाला ने गोल डिग्गी स्थित शहीद कृष्ण कुमार की प्रतिमा की सफाई करके अभियान की शुरूआत की। इसके बाद संस्था के कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह चौक पहुंचकर भी अपना सफाई अभियान चलाया और चौक के इर्द-गिर्द लगे पोस्टर भी उखाड़े। शहर के मुख्य बाजार स्थित सुभाष चौक, सरकूलर रोड़ स्थित शहीद जगदेव सिंह चौक सहित कई अन्य चौकों में भी सफाई अभियान की कार्रवाई की। सफाई अभियान में संस्था के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष गुरभेज सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष हरपाल कासनियां, शहरी जिलाध्यक्ष जश्र बंसल, जय सिंह पूनियां, उदयपाल राव, सुरेन्द्र कुम्हारिया, राकेश सिहाग, सरपंच चतरभुज डूडी, सरपंच नक्षत्र सिंह, पृथ्वी सिंह डीपीई, बलवंत सिंह रूपावास, सत्यप्रकाश भारद्वाज, विनोद घोटड़ आदि पदाधिकारियों व अन्य सदस्यों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
    इस मौके पर संस्था के प्रदेशाध्यक्ष मा. सूबेसिंह चाहरवाला ने कहा कि शहीदों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं और इनका सम्मान करना हमारा कर्त्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिस देश में शहीदों का अनादर हो वो देश तरक्की नहीं कर सकता है और यहां देखा गया है कि शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई के नाम पर कुछ नहीं होता और लोग शहीदों के चौकों को कूड़े के ढ़ेर बनाने लगे हैं। इसी कारण संस्था के सदस्यों ने विचार-विमर्श करके शहीदों की प्रतिमाओं की देखरेख व साफ-सफाई करने का बीड़ा उठाया है।
संस्था के एक वर्ष की कार्ययोजना में शामिल इस मुहिम के तहत ही यह अभियान सिरसा में शुरू किया गया है। उन्होंने शहीदों के प्रतिमाओं के देखभाल के प्रति उदासीनता पर खेद जाहिर करते हुए प्रशासन से सहयोग की अपील भी की है। श्री चाहरवाला ने बताया कि संस्था की पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के मुताबिक शहीदों की प्रतिमाओं की देखभाल के लिए प्रत्येक चौक के लिए सदस्यों की कमेटी गठित की गई है जो इन चौकों पर पोस्टर इत्यादि लगाने से रोकेगी और समय-समय पर सफाई करवाएगी।

फोटो परिचय: सिरसा। गोल डिग्गी स्थित शहीद कृष्ण कुमार की प्रतिमा की साफ-सफाई करते नई सुबह के कार्यकर्ता।

जरुरतमंद गरीब, विकलांग व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आए

सिरसा,
         सिरसा के नगराधीश श्री एच.सी भाटिया ने समाज सेवा से जुड़ी गैर-सरकारी संस्थाओं व आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे जरुरतमंद गरीब, विकलांग व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आए ताकि ये व्यक्ति भी राष्ट व समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।
    श्री भाटिया स्थानीय बाल भवन में वृंदा संस्था की ओर से गरीब बच्चों के लिए उपलब्ध करवाए गई शाल प्राप्त करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
यह शाल व कंबल बाल कुंज छछरौली के चिल्ड्रन होम व शैलटर होम में रह रहे बच्चों के लिए भेजे जाएंगे। वृंदा संस्था द्वारा 180 बच्चों के लिए शाल सौंपी गई। इस कार्यक्रम में कैलाश सिघांची, ऊषा सिघांची, पुनीत सिघांची, मान्या, आशा सर्राफ, संतोष नरुला व दलीप जैन  ने भाग लिया। संस्था की तरफ से ये शाल प्रधान श्रीमती कृष्णा फोगाट द्वारा नगराधीश को सौंपी गई।
    उन्होंने बताया कि ये शाल आगामी 2 फरवरी को यमुनानगर स्थित बाल कुंज छछरौली में बच्चों को वितरित की जाएगी। जिला बाल कल्याण अधिकारी श्रीमती कमलेश चाहर ने संस्था के प्रतिनिधियों व अन्य अतिथियों का धन्यवाद किया।

कोर्ट परिसर में लोक अदालत का आयोजन 12 फरवरी को

सिरसा,
         जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 12 फरवरी को स्थानीय कोर्ट परिसर में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री नरेश कुमार सिंघल ने बताया कि इस लोक अदालत में लोगों के विभिन्न प्रकार के मुकद्दमे जो विभिन्न अदालतों में लंबित पड़े है, को मौके पर ही निपटाया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में फौजदारी, सिविल, लड़ाई-झगड़े, मोटर वाहन दुर्घटना व हिंदू मैरिज एक्ट से संबंधित मुकदमों के अलावा अन्य प्रकार के मुकदमों का भी दोनों पक्षों की सहमति से निपटारा किया जाएगा। इसके साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को मुफ्त कानूनी सेवा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस लोक अदालत का लाभ उठाए और अपने लंबित मामलों को अदालत में निपटवाएं। इस तरह के मामलों को लोक अदालतों में निपटवाने से कई प्रकार का लाभ मिलता है। लोक अदालतों के माध्यम से मामले निपटवाने से धन और समय की बचत होती है। लोक अदालत में निपटाए गए मामलों को आगे कही भी किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती यानी सदा-सदा के लिए मामलों का निपटारा हो जाता है।

बुढ़ापा विकलांग व विधवा पैंशनधारकों को पैंशन की अदायगी 21 जनवरी से

सिरसा,
          शहर में आगामी 21 जनवरी से  गत माह की बुढ़ापा, विकलांग व  विधवा पैंशनधारकों को पैंशन वितरित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि 21 जनवरी को चत्तरगढ़पट्टी स्थित सैनी धर्मशाला में वार्ड नंबर-1 के लाभपात्रों को, वार्ड नंबर-2 के लाभपात्रों को प्रेम नगर स्थित सैनी धर्मशाला में तथा वार्ड नंबर 3 व 4 के लाभपात्रों को खैरपुर स्थित राजकीय स्कूल में पैंशन वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 5, 6 व 7 के लाभपात्रों को एमसी ऑफिस, वार्ड नंबर 9 के लाभपात्रों को कीर्तिनगर स्थित हनुमान धर्मशाला, वार्ड नंबर 10 के लाभपात्रों को राजकीय प्राथमिक पाठशाला कीर्ति नगर में पैंशन वितरित की जाएगी।
    उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 11 के लाभपात्रों को बेगू रोड़ स्थित पशु हस्पताल में, वार्ड नंबर 12 के लाभपात्रों को मेला ग्राऊंड स्थित जी.पी.एस स्कूल व वार्ड नंबर 17 के लाभापात्रों को मुल्तानी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में पैंशन दी जाएगी। इसी प्रकार से 24 जनवरी को वार्ड नंबर 15 के लाभपात्रों को सनातन धर्मशाला, वार्ड नंबर 16 को पुराना एमसी ऑफिस, वार्ड नंबर के 13 लाभपात्रों को सैनी सभा , वार्ड नंबर 18  के पैंशनधारकों को  कवीर धर्मशाला व वार्ड नंबर 21 के लाभपात्रों को चचान धर्मशाला में पैंशन की अदायगी की जाएगी। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 14 के लाभपात्रों को अग्रसैन स्कूल में, वार्ड नंबर 19 को सेठी धर्मशाला में, वार्ड 20 को जैन स्कूल व वार्ड नंबर 8 के लाभपात्रों को खैरपुर स्थित राजकीय स्कूल में पैंशन की अदायगी की जाएगी। लाभपात्रों को सनातन धर्मशाला, वार्ड नंबर 16 को पुराना एमसी ऑफिस, वार्ड नंबर के 13 लाभपात्रों को सैनी सभा , वार्ड नंबर 18  के पैंशनधारकों को  कवीर धर्मशाला व वार्ड नंबर 21 के लाभपात्रों को चचान धर्मशाला में पैंशन की अदायगी की जाएगी।

श्री रामहंस अस्पताल में आंखों के नि:शुल्क कैम्प का आयोजन किया

सिरसा
         मानव सेवा में समर्पित श्री रामहंस चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री रामहंस चेरिटेबल ट्रस्ट व नेत्रालय द्वारा अपने प्रेरणास्त्रोत हंसराज चावला की 9 वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस उपलक्ष्य में श्री रामहंस अस्पताल में आंखों के आप्रेशन का नि:शुल्क कैम्प का आयोजन किया गया व जरुरतमंदों को गर्म कम्बल बांटे गए। इस अवसर पर ट्रस्ट के चेयरमैन अमीर चावला, एडवोकेट सुखवीर सिंह जैन, एडवोकेट नरेन्द्र बांसल, राजेन्द्र बठला, सोहन चावला, आर.के. भारद्वाज, रामकृष्ण गोयल, दलीप सिंह, मंदर सिंह सिहाग, बजिन्द्र सेठी उपस्थित थे। ट्रस्ट के चेयरमैन अमीर चावला ने सभी का स्वागत किया व ट्रस्ट द्वारा मिटिंग में भविष्य में नि:शुल्क पोलियो के आप्रेशन करवाने का निर्णय लिया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन ने बताया कि पिछले वर्ष के अनुभव के मुताबिक पोलियो के मरीजों की संख्या सिरसा में ही नहीं राजस्थान व पंजाब में बहुत ज्यादा लोग इस बिमारी से ग्रस्त हैं।
    उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट द्वारा पहली बार अपने अस्पताल में ही पोलिया के रोगियों के सफल आप्रेशन किए गए थे इतना ही नहीं ट्रस्ट द्वारा गरीब जरूरतमंद कन्याओं की शादियां करवाई गई व साथ में स्त्रीधन दिया गया।
अब तक इस अस्पताल में 1 लाख, ७५ हजार के लगभग रोगी लाभान्वित हो चुके हैं  व १७,५०० के करीब आंखों के रोगियों का ईलाज व आप्रेशन हो चुका है। विभिन्न स्कूलों में दिसम्बर माह से लेकर अब तक हजारों विद्यार्थियों को गर्म जर्सियां व स्टेशनरी वितरित की गई वहीं जरूरतमंद वृद्धो को गर्म कम्बल वितरित किए गए।