Loading

24 January 2011

ग्राम पंचायत के सहयोग से सफाई अभियान चलाया

डिंग मंडी
          सुचान गांव में नंबरदार किशनूराम द्वारा ग्राम पंचायत के सहयोग से सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान का शुभारंभ नंबरदार किशनूराम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को सफाई के महत्व के बारे में अवगत करवाया गया और गांव को साफ-सुथरा रखने का भी संकल्प ग्रामीणों द्वारा लिया गया। सफाई अभियान के तहत गांव की गलियों व धार्मिक स्थानों की सफाई की गई। इस अवसर पर सरपंच राम प्यारी, पंच राजू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

लार्ड शिवा कॉलेज में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती मनाई

सिरसा
    स्थानीय लार्ड शिवा कॉलेज आफ फार्मेसी में आज नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के 114 वें जन्मदिवस पर कॉलेज की एनएसएस यूनिट की तरफ से एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यवक्ता की भूमिका मणिकांत मंयक ने निभाई और विशिष्ठ अतिथि के रूप में यशपाल शर्मा उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के वरिष्ठ प्राध्यापक सुधांशु पांडे ने की। कार्यक्रम की शुरूआत नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा के आगे श्रद्धासुमन अर्पित कर हुई। मुख्यवक्ता ने नेताजी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेताजी हमेशा कर्म की राह पर अडिग रहे। उन्होंने कहा कि नेताजी जैसे महान पुरूष जब सोते थे तब अपने सिरहाने हमेशा गीता रखकर सोते थे। उन्होंने विद्यार्थियों को नेताजी की राह पर चलने के लिए आह्वान किया। तदुपरांत संस्था के प्रिंसिपल डॉ. यशपाल सिंगला ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि जिस प्रकार नेताजी ने हमारे देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया उसी प्रकार हमें भी हमारे देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी की भावना रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन में नेताजी के विचारों को ग्रहण करे और देश को उन्नति की राह पर ले जाने का प्रयास करे। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस प्रभारी  जगतार सिंह ने मुख्यवक्ता, विशिष्ठ अतिथि और एनएसएस यूनिट के सलाहकार डॉ. जितेन्द्र सिंह, कॉलेज प्रवक्ता विष्णु शर्मा और प्राध्यापकगण व स्वयंसेवकों का कार्यक्रम में उपस्थित होने पर आभार जताया।

क्रिकेट में काली रावण ने अरनियावाली को हराया

 . ओढां न्यूज
    खंड के गांव आनंदगढ़ में जनचेतना युवा क्लब द्वारा ग्राम पंचायत व गांववासियों के सहयोग से आयोजित नौवीं शहीद मदन लाल माकड़ मैमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में छठे दिन रविवार को अनेक दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले।
    पहला मैच गांव अरनियावाली और काली रावण की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें अरनियावाली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर कुल 63 रन बनाए जिसमें सुनील ने 3 चौकों सहित 19 गेंदों में 21 रनों का और राजेश ने एक चौके सहित 9 रनों का योगदान दिया। काली रावण के गेंदबाज डीके ने 3 ओवरों में 15 रन देकर एक विकेट और राकेश ने 2 ओवरों में 15 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी काली रवण की टीम ने 8.1 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य प्राप्त करते हुए मैच जीत लिया जिसमें डीके ने 5 चौकों व एक छक्के सहित 25 गेंदों में 35 रनों और प्रशांत ने एक चौके सहित 21 गेंदों में 10 रनों का योगदान दिया और 19 रन अतिरिक्त मिले। इस प्रकार काली रावण की टीम ने यह मैच 10 विकेट से जीत लिया जिसका मैन आफ दी मैच का खिताब काली रावण के डीके को दिया गया जिसने 35 रन बनाने के साथ-साथ एक विकेट भी लिया।
    दूसरा मैच गांव मल्लेकां और लुदेसर की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें मल्लेकां की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 76 रन बनाए जिसमें काला ने 3 चौकों सहित 10 गेंदों में 18 रनों और सुखदीप ने 3 चौकों सहित 10 गेंदों में 16 रनों का योगदान दिया। लुदेसर के गेंदबाज महेंद्र ने 3 ओवरों में 19 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी लुदेसर की टीम 10 ओवरों में 3 विकेट खोकर 60 रन ही बना सकी जिसमें महेंद्र ने एक छक्के व एक चौके सहित 19 गेंद में 19 रनों का योगदान दिया। मल्लेकां के गेंदबाज सुखदीप ने 3 ओवरों में 9 रन देकर एक विकेट लिया। इस प्रकार मल्लेकां की टीम ने यह मैच 17 रनों से जीत लिया जिसका मैन आफ दी मैच का खिताब मल्लेकां के आलराऊंडर सुखदीप को दिया गया जिसने 16 रन बनाने के साथ-साथ एक विकेट भी लिया।

उद्घाटन मैच में ख्योवाली ने आनंदगढ़ को हराया

 . ओढ़ां न्यूज
    खंड के गांव ख्योवाली में ख्योवाली क्रिकेट कमेटी द्वारा ग्राम पंचायत व समस्त गांववासियों के सहयोग से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यातिथि के रुप में उपस्थित कांग्रेस कमेटी सिरसा के शहरी प्रधान भूपेश मेहता ने प्रतियोगिता की प्रथम गेंद खेलकर किया। इस अवसर पर विरेंद्र बीरट ने मुख्यातिथि भूपेश मेहता और समाजसेवी ओमप्रकाश श्योराण को शॉल भेंट करके सम्मानित किया और सरपंच रीना बीरट ने प्रतियोगिता के सभी सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को ट्राफी के साथ 15 हजार रुपए और उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ 11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
    प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच गांव आनंदगढ़ और ख्योवाली की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें ख्योवाली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर कुल 95 रन बनाए जिसमें बल्लेबाज विक्रम ने 5 चौकों सहित 35 रनों, कुलबीर ने 3 चौकों सहित 8 गेंदों में 15 रनों और रवि ने 15 रनों का योगदान दिया। आनंदगढ़ के गेंदबाज प्रदीप ने 3 ओवरों में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी आनंदगढ़ की टीम 10 ओवरों में 7 विकेट खोकर 50 रन ही बना सकी जिसमें सुशील ने एक छक्के व 3 चौकों सहित 25 रनों का योगदान दिया। ख्योवाली के गेंदबाज रोहताश हुड्डा ने 3 ओवरों में 10 रन देकर 4 विकेट और विक्रम ने 2 ओवरों में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। इस प्रकार ख्योवाली की टीम ने यह मैच 45 रनों से जीत लिया जिसकस मैन आफ दी मैच का खिताब ख्योवाली के आलराऊंडर विक्रम को दिया गया जिसने 35 रन बनाने के साथ-साथ 2 विकेट भी लिए।
    इस अवसर पर पूर्व सरपंच सुरेंद्र श्योराण, रणजीत श्योराण, रमेश गोदारा, पंच कुलबीर रोलण, मदन लाल, राम सिंह, राजेंद्र कुमार, कृष्ण श्योराण, रमेश कुमार, रामकुमार भारी और अशोक बीरट सहित अनेक गांववासी खेलप्रेमी उपस्थित थे।

दहेज के आरोपी पति को जेल भेजा

. ओढ़ां न्यूज
    ओढ़ां पुलिस ने दहेज के आरोपी पति 24 वर्षीय राजेश को गिरफ्तार करके डबवाली स्थित महावीर सिंह अदालत में पेश कर दिया जहां से उसे 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। यह जानकारी देते हुए थाना प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि 5 जनवरी को रत्ताखेड़ा निवासी अंजू बाला पुत्री मदन लाल निवासी रत्ताखेड़ा की शिकायत पर उसके ससुर देवीलाल, सास परमेश्वरी और पति राजेश सभी निवासी पद्मपुर राजस्थान के खिलाफ दहेज मांगने का मामला दर्ज किया था। अंजू बाला ने बताया कि उसकी शादी एक जनवरी 2009 को हुई थी और उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था लेकिन उसकी ससुराल वाले उससे और दहेज की मांग करते थे।