Loading

26 January 2011

इनेलो महिला प्रकोष्ठ की बैठकें सम्पन्न

  ओढां न्यूज.
   खंड के गांव घुकांवाली और नुहियांवाली में मंगलवार को इंडियन नेशनल लोकदल की महिला प्रकोष्ठ की बैठकों का आयोजन महिला सैल की हलका डबवाली की प्रधान रुकमा सिहाग की अध्यक्षता में किया गया जिसमें मुख्यवक्ता के रुप में महिला सैल की जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट शामिल हुई।
    बैठकों को संबोधित करते हुए इनेलो नेत्री कृष्णा फौगाट ने कहा कि इनेलो के शासन काल में महिलाओं के हित में अनेक नीतियां बनाई गई और आज भी पार्टी महिलाओं की हर समस्या के निवारण हेतु तत्पर रहती है तथा इस पार्टी में महिलाओं को पूरा मान सम्मान मिलता है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिलाओं को पार्टी से जुडऩे का आह्वान करते हुए उन्हें इनेलो की नीतियों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि आज देश व प्रदेश में चंहुओर भ्रष्टाचार व महंगाई का बोलबाला है और यूपीए की सरकार बेबस नजर आती है जबकि इनेलो के शासनकाल में प्रदेश में अनेक विकास कार्य हुए और आमजन सुखी था अत: प्रदेश में इनेलो ही एकमात्र ऐसा दल है जो लोगों का भला कर सकता है।
    इस अवसर पर हलका प्रधान रुकमा सिहाग ने उपस्थितजनों को हलका डबवाली में चल रही पार्टी की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ें। इस अवसर पर गांव घुकांवाली की सरपंच सर्वजीत औलख, सरपंच प्रतिनिधि जगराज सिंह औलख, वरिष्ठ इनेलो नेता हंसराज सिहाग, भगवान दास गोदारा, राम सिंह, प्रेमा देवी, ममता रानी, नसीब कौर, परमजीत कौर, मानिका देवी, गुरमीत कौर, रामेश्वर कूकना, सुमित्रा देवी, कृष्णा देवी, फुलां देवी, मंजू कूकना, माया देवी, सावित्री देवी, कमलेश रानी, माया सुथार, सुलोचना देवी और दीपिका राजपूत सहित काफी संख्या में महिला व पुरुष गांववासी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अफीम तस्करों के गिरोह का शीघ्र ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा

 ओढ़ां न्यूज.
    पुलिस अधीक्षक सिरसा सोमवार को देर शाम थाना ओढ़ां में आए और उन्होंने 33 किलो 200 ग्राम अफीम के आरोपी अमनदीप से पूछताछ की व जिस जीप में अफीम लाई गई थी उसका निरीक्षण किया, जो जीप पकड़ी गई है उसकी आरसी किसी अन्य के नाम पर है इसलिए अंदेशा है कि ये जीप चोरी की हो सकती है।
    इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि अफीम तस्करों के गिरोह का शीघ्र ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। पुलिस ने अमनदीप को चार दिन के रिमांड पर लिया है इस दौरान उसे राजस्थान ले जाया जाएगा और जहां से माल लिया गया है तथा जहां माल पहुंचाना था उन असली आरोपियों को शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पकड़ा गया आदमी नया है लेकिन इसके पीछे जो लोग हैं उनकी पूरी जानकारी एकत्र करके इस तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पिछले दिनों गांव टप्पी के निकट एक आर 20 कार को लूटे जाने के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उस मामले में पुलिस सफलता के करीब पहुंच चुकी है और शीघ्र ही उसका खुलासा किया जाएगा। अपराधी लोगों की संपत्ति को कुर्क किए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इस मामले में उचित कार्रवाई करके मामला दिल्ली भेजा गया है जिसमें कुछ अड़चने हैं जिनके दूर होने पर अपराधियों द्वारा अवैध रुप से बनाई गई संपत्ति को कुर्क किया जा सकेगा। इस मौके पर उनके साथ थाना प्रभारी हीरा सिंह व स्टाफ के अन्य लोग उपस्थित थे।

जिला आयोजना समिति का गठन

सिरसा
         राज्य सरकार द्वारा जिला आयोजना समिति गठन नियम 1997 के नियम तीन के साथ पठित हरियाणा नगरपालिका अधिनियम 1973 (1973 का 24) की धारा 203 ख की उपधारा (1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला आयोजना समिति का गठन कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा 14 जनवरी 2011 के पत्र क्रमांक 10/02/2011-7-सी आई के तहत अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
    यह जानकारी देते हुए उपायुक्त श्री सी जी रजिनीकांथन ने बताया कि इस आयोजना समिति का अध्यक्ष उन्हें यानि उपायुक्त सिरसा को बनाया गया है और समिति के सदस्य सचिव के रूप में अतिरिक्त उपायुक्त की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय सांसद डा अशोक तंवर, सिरसा के विधायक श्री गोपाल कांडा, डबवाली के विधायक श्री अजय सिंह चौटाला, ऐलनाबाद के विधायक श्री अभय सिंह चौटाला, रानियां के विधायक श्री कृष्ण कम्बोज तथा कालांवाली के विधायक श्री चरणजीत सिंह आयोजना समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य  होंगे।
    उन्होंने बताया कि इनके अलावा, आयोजना समिति में 23 सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों को शामिल किया गया है। इन सदस्यों में सभी जिला पार्षदों को शामिल किया गया है। इसके अलावा, जिला की विभिन्न नगरपालिकाओं से एक-एक सदस्य को शामिल किया गया है। सिरसा नगर परिषद से प्रदीप मैहता, मण्डी डबवाली से रमेश कुमार, ऐलनाबाद से जगदीश राय, रानियां से बलवान सिंह तथा कालांवाली से वेदप्रकाश सदस्य नगरपालिका को सदस्य बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस आयोजना समिति में जिला नगर योजनाकार श्री यशपाल सिंह, एजीएम नाबार्ड  तथा आर एस डी बंसल एडवोकेट को भी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।

खिलाडिय़ों एवं अधिकारियों तथा कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा

सिरसा
            जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव श्री प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 161 व्यक्तियों, खिलाडिय़ों एवं अधिकारियों तथा कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर समारोह के मुख्यातिथि श्री प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा जिला के स्वतंत्रता सेनानियों का भी सम्मान करेंगे।
    यह जानकारी देते हुए उपायुक्त श्री सी जी रजिनीकांथन ने बताया कि जिला के विभिन्न विभागों के 28 अधिकारी/ कर्मचारियों को, 15 निजि क्षेत्र, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा 118 खेल जगत की प्रतिभाओं को  सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिकारी वर्ग में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा किरण ग्रोवर, जिला बागवानी अधिकारी डा. आत्म प्रकाश, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यकारी अभियंता श्री ए.के गोयल, उपमंडल अभियन्ता अजीत सिंह, कनिष्ठ अभियंता परमजीत सिंह, सोहनलाल, के.सी कंबोज, बुद्ध सिंह, जिला जेल अधीक्षक श्री जे.एस सेठी, सहायक परियोजना अधिकारी श्री चरणजीत सिंह, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग नियंत्रक अशोक बंसल, सीएमके कॉलेज कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती विजया तोमर को उनकी प्रशंससनीय सेवाओं के लिए प्रशंसा पत्र देकर मुख्यातिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सहायक सब इंस्पैक्टर राजाराम तथा कुलभूषण, सर्वशिक्षा अभियान के जिला समन्वयक श्री बलहीर सिंह, सहायक परियोजना समन्वयक नरेंद्र सिंह,  ऐलनाबाद पुलिस विभाग के श्री रोहताश एवं जोगेंद्र सिंह, राजकीय विद्यालय के जेबीटी अध्यापक श्री ब्रिजेश कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के क्लर्क श्यामचंद, हरियाणा रोडवेज के चालक सुंदर लाल, कंडक्टर रामकुमार, श्रवण वाणी विकलांग कल्याण केंद्र के लिपिक विजय कुमार, सिकंदरपुर स्कूल के एस.एस के अध्यापक नरेश ग्रोवर, बड़ागुढ़ा के हिंदी अध्यापक मदन वर्मा, रंधावा के विज्ञान अध्यापक विजय मोहन व सामाजिक विज्ञान के चिरंजीलाल तथा डीडीए के क्षेत्रीय कर्मचारी रणजीत सिंह को मुख्यातिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
    उपायुक्त ने बताया कि निजी क्षेत्र में सराहनीय व उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों को भी मुख्यातिथि द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा जिनमें सुरेश कुमार को सिरसा अनाज मण्डी में जीनस की बोली को व्यवस्थित ढंग से करवाने, विजय कुमार तथा वजद खान को चतरगढ़ पट्टी के जलघर में जीप गिर जाने से उसके चालक की जान बचाने के लिए, संजीव जैन, सुशील कंदोई, तेजेन्द्र मितल, अरूण मैहता तथा वेद गोयल को समाज कल्याण के कार्याे में प्रशासन का सहयोग करने के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत बणी को 2009 में लिंगानुपात में सुधार कार्य के लिए तथा होशियार चंद, श्री सुखविंद्र सोनी, अमित चुघ, डा.यशपाल सिंगला, सुभाष बजाज, प्रवीण दुआ को सड़क सुरक्षा के लिए जिला पुलिस के सहयोग के लिए सम्मानित किया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक पाने तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाडिय़ों, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक पाने तथा उत्$कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ-साथ विभिन्न राष्ट्रीय तथा अन्तराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्थान पाने वाले शाह सतनाम स्कूल के 35 लड़कों व 17 लड़कियों को भी  मुख्यातिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा । इसी प्रकार भारत स्काउट्स एवं गाइडस के 17 स्वर्ण पदक विजेता, 12 रजत पदक विजेता तथा 10 कांस्य पदक विजेता खिलाडिय़ों को कल गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
    उपायुक्त के अनुसार  राष्ट्रीय स्तर के खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले  6 जूडो खिलाड़ी, 4 किक्रेट खिलाड़ी भी सम्मानित किए जाएंगे। इसके अलावा, गन शूटिंग में शाह सतनाम जी ब्वाजय स्कूल के 5 खिलाड़ी, टग आफ वार के 13 खिलाड़ी, जूडो के 5 खिलाड़ी, नेटबाल के 3, वॉलीबाल के 4 खिलाड़ी, हॉकी व फुटबाल के  2-2 खिलाड़ी तथा स्वीमिंग का एक खिलाड़ी मुख्यातिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा। शाह सतनाम गल्र्ज स्कूल की जूडो की11 खिलाड़ी, हैंडबाल की दो, वॉलीबाल की 3, तीरअंदाजी की एक खिलाड़ी को सम्मानित किया जाएगा।

जूआं खेलने, सट्टा खाईवाली करने तथा शराब तस्करी करने के आरोप में 11 लोग गिरफ्तार

सिरसा
          जिला पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर जूआं खेलने, सट्टा खाईवाली करने तथा शराब तस्करी करने के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किए गए लोगों के विरूद्ध सम्बन्धि थानों में अभियोग दर्ज कर दिए है। जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया है कि जिला की ऐलनाबाद पुलिस ने गश्त के दौरान छापामारी करते हुए 3 लोगों को कस्बा ऐलनाबाद से सार्वजनिक स्थल पर जूआ खेलते काबू किया है। पकड़े गए लोगों के कब्जे से 830 रूपए की जूआ राशि व ताश की गट्टी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऐलनाबाद निवासी अमनदीप पुत्र लक्ष्मण दास, मागेंराम पुत्र भादरराम व अमरीक सिंह पुत्र लाभ सिंह निवासी टिब्बी के रूप में हुई है।
   जिला की रोड़ी पुलिस ने महेन्द्र सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी रोहण को सट्टा खाईवाली करने के आरोप में 515 रूपए की सट्टा राशि के साथ काबू कर लिया। रोड़ी पुलिस ने ही एक अन्य मामले में गांव रोहण से ही चरणजीत पुत्र सुख्खा सिंह को 510 रूपए की सट्टा राशि के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं कालांवाली पुलिस ने सट्टा खाईवाली करने के आरोप में अमृतपाल पुत्र लक्ष्मणदास निवासी कालांवली को 170 रूपए की सट्टा राशि के साथ काबू कर लिया। शहर सिरसा पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर हुड़दगबाजी करने के आरोप में दो लोगों को टाऊन पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान नरेन्द्र पुत्र राम सिंह निवासी डबवाली रोड़ व राकेश पुत्र खेमचन्द निवासी रेलवे कालोनी के रूप में हुई है। जिला की डिंग पुलिस ने देसराज पुत्र मुन्शीराम निवासी सगंरसाधा को 8 बोतल देसी शराब के साथ जबकि रघबीर सिंह पुत्र श्रीराम निवासी कुकड़थाना को 7 बोतल देसी शराब के साथ काबू कर लिया। कालांवाली पुलिस ने सेवक सिंह पुत्र साधू राम को 7 बोतल देसी शराब के साथ काबू कर लिया है।