Loading

23 February 2011

निधन पर शोक व्यक्त किया

सिरसा। सिरसा के वरिष्ठ पत्रकार व पीटीआई के संवाददाता ओपी बांसल व वरिष्ठ अधिवक्ता सुखबीर जैन के निधन पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा एक शोक सभा का आयोजन किया गया। शहरी अध्यक्ष भूपेश मेहता की अध्यक्षता में हुई इस शोक सभा में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री मेहता ने कहा कि डा. बंसल ने हमेशा समाजहित में कलम चलाई और पत्रकारिता के जरिए समाजोत्थान में अपना अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने पत्रकारिता के मूल्यों एवं नैतिकता को हमेशा कायम रखा और नवोदित पत्रकारों के लिए वे एक मिसाल रहे। वहीं श्री मेहता ने सुखवीर जैन को एक उच्चकोटि का अधिवक्ता होने के साथ- साथ प्रमुख समाजसेवी बताया।

लघु नाटिका व वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया

सिरसा, 23 फरवरी। वायुसेना केन्द्र में महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने व महिलाओं को भारतीय सेना की और आकर्षित करने के उद्देश्य से आज यहां एयरफोर्स वाईफस वैलफेयर एसोसिएशन के सौजन्य से एक लघु नाटिका व वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता अफवा की अध्यक्षा श्रीमती आशिमा सभ्रवाल ने की। विशेष अतिथि श्रीमती दिव्या गुप्ता धर्मपत्नी पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र गुप्ता थीं। समारोह का आयोजन 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रुप में मनाने के उपलक्ष्य को लेकर किया गया था।
    श्रीमती आशिमा सभरवाला ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आगामी दो सप्ताह तक यानी 8 मार्च तक जारी रहेंगे। इस कार्यक्रम के तहत कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा तथा साक्षरता जैसे अति महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील मुद्दों के प्रति नारी शक्ति को जागृत करने के लिए अफवा ने महिला उत्सव के कार्यक्रम का 15 दिन पहले ही आगाज करने की पहल की है।
    उन्होंने यह भी बताया कि गत वर्ष अफवा द्वारा गांव मीरपुर की महिलाओं को साक्षर बनाने की ओर ठोस कदम बढ़ाए जिसमें शत् प्रतिशत सफलता भी मिली। उन्होंने अफवा (एल) सदस्यों की कार्यक्रमों की सफलता में अहम भूमिका की प्रशंसा की।
    इस अवसर पर सांस्कृतिक लघु नाटिका में अशिक्षा और रूढि़वादिता पर जबरदस्त व्यंग्य किया गया और लघु नाटिका के माध्यम से बताया कि आज घर के आंगन चूल्हे चौके तक ही सीमित नहीं है बल्कि भारतीय सेनाओं के साथ-साथ वायुसेना में भी देश की सरहदों की रक्षा करने में भी तत्पर है। आज वायुसेना के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर देश की बेटियां शोभायमान है। इसके साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में देश की बेटियों ने सफलता के झंडे गाड़े है। इसलिए आमजन को चाहिए कि वे उनकी बेटियों की परवरिश बेटों से भी बढ़कर करे ताकि राष्ट्र निर्माण में लड़कियां भी उतना ही योगदान दे सके जितना लड़के देते है।
    नाटिका में आगे विडम्बना भी दिखाई गई कि जुड़वां बच्चियों में एक काली तथा दूसरी बच्ची गोरे रंग की है। बच्चे-बच्चियों के रंग को लेकर यह अत्यंत मार्मिक प्रस्तुति रही। काले रंग की बच्ची को गोद देने के बहाने त्याग दिया जाता है जिसे उसके दत्तक माता-पिता शिक्षित बना वायुसेना की उच्च अधिकारी बना देते हैं जबकि गोरे रंग की बच्ची को दहेज से लाद देने के बावजूद दहेज के लोभियों द्वारा अत्याचारों की अंतिम सीमा तक प्रताडि़त किया जाता है। अंत में काले रंग रूप लिए बहन उसकी हर तरह से मदद करती है।
    नाटक में श्रीमती ऋतु कश्यप, शीतल दवेन, पूनम राय, नीता गुप्ता, शांति वर्मा, मधु डोगरा, सुप्रणा पांडे, साधना पायेन आदि कलाकारों ने रंग भर दिया। इस नाटक को सफल बनाने में श्रीमती हेमा लूदरा व श्रीमती अटबाल का विशेष सहयोग रहा।

चौथा कबड्डी एवं बालीबॉल टूर्नामेंट एक से 3 मार्च तक

 ओढ़ां  न्यूज.
    खंड के गांव चोरमार में दशमेश युवा क्लब द्वारा समस्त गांववासियों के सहयोग से चौथा कबड्डी एवं बालीबॉल टूर्नामेंट एक से 3 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए क्लब के प्रधान सेवक सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन गुरुद्वारा श्रीचोरमार साहिब के प्रबंधक संत बाबा कर्म सिंह जी करेंगे और समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में एसएस बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अमीर चंद चावला उपस्थित होंगे। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में ओपन कबड्डी में विजेता टीम को ट्राफी के साथ 31 हजार रुपए व उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ 21 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार कबड्डी के 70 किलोग्राम भार वर्ग में विजेता टीम को ट्राफी के साथ 21 हजार और उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ 11 हजार रुपए, 58 किलोग्राम भार वर्ग में विजेता टीम को 9 हजार और उपविजेता टीम को  7 हजार रुपए, 52 किलोग्राम भार वर्ग में विजेता टीम को 6 हजार और उपविजेता टीम को 4 हजार रुपए तथा बालीबॉल शुटिंग में विजेता टीम को ट्राफी के साथ 31 हजार रुपए और उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ 21 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

जलालआना में खुलेगा ईबीबी न्यू कांसेप्ट मॉडल स्कूल

 ओढ़ां  न्यूज.
    जवाहर नवोदय विद्यालय व केंद्रीय विद्यालय की तर्ज पर ईबीबी न्यू कांसेप्ट मॉडल स्कूल खंड ओढ़ां के गांव जलालआना में खोला जाएगा जिसके चेयरमैन जिला उपायुक्त महोदय होंगे। इस विषय को लेकर आज राजकीय उच्च विद्यालय जलालआना में रावमा विद्यालय ओढ़ां के प्राचार्य सुभाष फुटेला की अध्यक्षता में एक मीटिंग का आयोजन किया गया। इस बैठक में सुभाष फुटेला ने बताया कि हरियाणा में कुल 36 मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे और एक विद्यालय पर कुल 3 करोड 2 लाख रुपए की राशी खर्च होगी तथा कुल खर्च का 75 प्रतिशत केंद्र सरकार और 25 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। जब तक नवनिर्मित स्कूल का भवन तैयार नहीं हो जाता तब तक कक्षाएं राजकीय उच्च विद्यालय जलालआना में लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसी सत्र में एक अप्रैल से कक्षा नौवीं व ग्यारहवीं की सांयकालीन शिफ्ट में कक्षाएं शुरु हो जाएगी जिनमें एक कक्षा के 35-35 विद्यार्थियों के दो सैक्शन होंगे और मीडियम अंग्रेजी सहशिक्षा पर आधारित होगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011-12 में नौवीं और ग्यारहवीं की कक्षाएं ही शुरू होंगी जिसका आधार बच्चों का सिलेक्शन टेस्ट पर होगा। उन्होंने बताया कि इसके बारे में अधिक जानकारी प्रॉसपैक्ट कम एप्लीकेशन फार्म के माध्यम से जल्द ही दे दी जाएगी। यह विद्यालय 10 एकड़ भूमि पर निर्मित होगा जिसमें हर प्रकार सुविधाएं जैसे ई लाइब्रेरी, कंप्यूटर लेबोरेट्री, मैथ्स लैब, फिजिक्स लैब, इंडोर व आऊट डोर गेम्स, आडोटोरियम, मैडिकल फेसिलिटी, योगा क्लासेज, फिजियो थैरेपिस्ट, क्रिकेट, हॉकी, फुटबाल, म्यूजिक क्लासिज और अन्य गतिविधियां, इंटर हाऊस एवं इंटर क्लासिज, ट्रांसपोर्ट और गल्र्ज हॉस्टल आदि उपलब्ध करवाई जाएंगी। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि इसका प्रचार घर घर जाकर किया जाएगा और प्रैस मीडिया व इलैक्ट्रोनिक मीडिया का सहयोग भी लिया जाएगा। इस मीटिंग में गांव के सरपंच जसविंद्र सिंह, नंबरदार राजविंद्र सिंह, पूर्व पंच जगरूप सिंह, मुख्याध्यापक दीप सिंह, पंच बिंद्र सिंह, हरपाल सिंह, हरदयाल सिंह, गगनदीप, विनोद गोदारा और प्रेमजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

ग्रामसभा की बैठकों में अनेक प्रस्ताव डाले गए

 ओढ़ां  न्यूज.
    खंड के गांव चकेरियां में ग्राम पंचायत की ग्रामसभा की बैठक का आयोजन ग्राम सरपंच कुलविंद्र कौर की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में पंचायतीराज के कनिष्ठ अभियंता राजाराम, ग्राम सचिव कर्ण सिंह, ग्राम पंचायत सदस्य पम्मी सिंह, जसविंद्र सिंह, परमजीत सिंह, पूर्व पंच जोगेंद्र सिंह व अमर सिंह, आंगनबाड़ी वर्कर बलजीत कौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक में आंगनबाड़ी और सामान्य धर्मशाला की चारदीवारी, फर्श और शौचालय बनाने, गर्मी में पानी की कमी के मद्देजनर जलघर में एक वाटर टैंक बनाने, प्राइमरी स्कूल को अपग्रेड करने, नए गुरुद्वारा से स्कूल तक कच्चे रास्ते को ऊंचा उठाकर पक्का करने, जलालआना रोड से जलघर तक गली को पक्का करने और गांव में जो गलियां कच्ची हैं उन्हें पक्का करने आदि कार्यों से संबंधित प्रस्ताव डाले गए। इसी प्रकार गांव मलिकपुरा में सरपंच इकबाल सिंह, टप्पी में भोली देवी, नुहियांवाली में राजबाला, मिठडी में मितू बराड़, गदराना में कुलवंत कौर की अध्यक्षता में ग्रामसभाओं की बैठकों का आयोजन किया गया। इसी प्रकार गुरुवार को गांव सालमखेड़ा, किंगरे, देसू मलकाना, घुकांवाली और असीर में ग्रामसभा की बैठकों का आयोजन किया जाएगा।