Loading

17 March 2011

क्रिकेट में रिसालियाखेड़ा ने बनवाला को हराया

 ओढ़ां
    गांव रत्ताखेड़ा राजपुरा में समस्त गांववासियों के सहयोग से आयोजित चौ. देवी लाल मैमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2011 में बुधवार को अनेक दिलचस्प मुकाबले हुए।
    पहला मैच गांव रिसालियाखेड़ा व बनवाला की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें रिसालिया खेड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 79 रन बनाए जिसमें अनिल ने 3 चौकों सहित 19 रनों, महेंद्र ने 2 चौकों सहित 15 रनों और शामलाल ने एक छक्के सहित 10 रनों का योगदान दिया। बनवाला के गेंदबाज राजबीर ने 3 ओवरों में 24 रन देकर 4 विकेट और रोहताश ने 3 ओवरों में 20 रन देकर एक विकेट लिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी बनवाला की टीम 10 ओवरों में 5 विकेट खोकर 72 रन ही बना सकी जिसमें रोहताश ने 2 चौकों व एक छक्के सहित 23 रनों और राकेश ने एक छक्के व एक चौके सहित 11 रनों का योगदान दिया। रिसालियाखेड़ा के गेंदबाज शामलाल ने 3 ओवरों में 18 रन देकर 2 विकेट और अजय ने 3 ओवरों में 25 रन देकर 2 विकेट लिए। इस प्रकार रिसालियाखेड़ा की टीम ने यह मैच 7 रनों से जीत लिया जिसका मैन आफ दी मैच का पुरस्कार अनिल को दिया गया जिसने 19 रन बनाए।
    दूसरा मैच गांव सादेवाला व रत्ताखेड़ा की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें सादेवाला की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में सभी विकेट खोकर 62 रन बनाए जिसमें राणा ने 2 चौकों सहित 20 रनों का योगदान दिया। रत्ताखेड़ा के गेंदबाज राम सिंह ने 2 ओवरों में 8 रन देकर 3 विकेट, विनोद ने 2 ओवरों में 12 रन देकर 2 विकेट और रोहताश ने 2 ओवरों में 14 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी रत्ताखेड़ा की टीम ने 10 वें ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया जिसमें रोहताश ने 3 छक्कों व एक चौके सहित 30 रनों, प्रह्लाद ने 3 गेंदों में 2 चौकों सहित 8 रनों और राम सिंह ने एक चौके सहित 8 रनों का योगदान दिया। रत्ताखेड़ा की टीम को जीत के लिए अंतिम ओवर में 22 रनों की आवश्यकता थी जिसमें रोहताश ने 3 छक्के व एक चौका लगाकर नाट आऊट रहते हुए अपनी टीम को मैच जिता दिया। सादेवाला के गेंदबाज दलबीर ने 3 ओवरों में 8 रन देकर 3 विकेट और राजेश ने 3 ओवरों में 13 रन देकर 2 विकेट लिए। इस प्रकार रत्ताखेड़ा की टीम ने यह मैच 2 विकेट से जीत लिया जिसका मैन आफ दी मैच का पुरस्कार रोहताश को दिया गया जिसने नाटआऊट 30 रन बनाने के साथ साथ 2 विकेट भी लिए।

पैट्रौल पंप मैनेजर को घायल कर कैश लूटा


 ओढां
    इंजीनियर कॉलेज पन्नीवाला के नजदीक कुछ लुटेरे पैट्रोल पंप के मैनेजर को घायल कर 94700 रुपए लूटकर फरार हो गए। ओढ़ां पुलिस ने मैनेजर के बयान पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ हमला करके कैश लूटने का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
    इंजीनियर कॉलेज के निकट स्थित शर्मा पैट्रौल पंप के मैनेजर अशोक शर्मा पुत्र मुनीश्वर लाल निवासी सिरसा ने बताया कि वे प्रतिदिन शाम को कैश लेकर बस से सिरसा जाते हैं, मंगलवार की शाम को वे 94700 रुपए लेकर बस स्टेंड की ओर जा रहे थे कि जब वे कॉलेज के निकट पहुंचे तो ओढ़ां की ओर से एक मारूति कार आई और अशोक शर्मा को टक्कर मार दी जिससे अशोक शर्मा सड़क पर गिर गया। इतने में कार में से दो व्यक्ति नीचे उतरे और एक कार में ही बैठा रहा। कार से उतरे दो व्यक्तियों में से एक ने अशोक शर्मा से कैश वाला बैग छीनने की कोशिश की, जब अशोक शर्मा ने बैग नहीं छोड़ा तो एक ने उसके सिर पर कापा मारा और दूसरे ने धक्का दे दिया तथा बैग छीनकर कार में वापिस ओढ़ां की ओर फरार हो गए। यह सब देखकर कॉलेज का सिक्योरिटी गार्ड अरविंद गोयत भागकर आया और उसने कार का नंबर नोट करने की कोशिश की लेकिन ठीक से बता नहीं पाया। उसने घायल अशोक शर्मा को पन्नीवाला मोटा के अस्पताल में पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरसा रैफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही ओढ़ां थाना प्रभारी हीरा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी। पैट्रौल पंप के मालिक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अशोक शर्मा उनके यहां करीब 5 वर्ष से काम कर रहे हैं और प्रतिदिन शाम को 24 घंटे का कैश लेकर बस द्वारा सिरसा आते हैं और उन्हें बस स्टेंड तक छोडऩे के लिए एक कारिंदा भी आता है लेकिन मंगलवार को काम होने के कारण वो नहीं आ सका। थाना प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि लुटेरों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।

विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री डा. प्रवीण भाई तोगडिय़ा 17 मार्च को सिरसा में

सिरसा
होने वाले धर्म रक्षा निधि अर्पण कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित करेंगे। वे पहली बार सिरसा आ रहे हैं। कल एक दिवसीय हरियाणा के सिरसा हिसार, भिवानी, नारनौल, रेवाड़ी में होने वाले विभिन्न आयोजनों में शामिल होने के लिए तोगडिय़ा प्रात: 9 बजे बठिंडा से सड़क के रास्ते सिरसा आएंगे। विश्व हिन्दू परिषद के मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा ने बताया कि डा. तोगडिय़ा का वायुसेना केंद्र के निकट उनका अपार जनसमूह द्वारा स्वागत किया जाएगा। डा. तोगडिय़ा सुविख्यात कैंसर सर्जन हैं और उन्होंने 10 हजार से अधिक आप्रेशन करके लोगों को जीवन दान दिया। गुजरात के करनावटी से संबंध रखने वाले तोगडिय़ा जब से विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े हैं तब से लेकर अब तक हिन्दू समाज में आई व्यापक जागरुकता और देशभक्ति भावना की समृद्धि में उनका अहम योगदान है। डा. तोगडिय़ा ने गुजरात में महापरिवर्तन का ज्वार उठाया। गुजरात में जो सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास का अभियान चल रहा है उसमें डा. तोगडिय़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। करीब 12 वर्ष पहले वे संत समाज और केंद्रीय हिन्दूत्व नेतृत्व की इच्छानुसार अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए और उनकी ओजस्वी वाणी से विश्व स्तर पर हिन्दू समाज में जागरुकता की लहर उठी हुई है। कार्यक्रम के पर्यवेक्षक सपन मुखर्जी के अनुसार विश्व हिन्दू परिषद 35 हजार सेवाप्रकल्प चला रही है, जिसमें 28 हजार एकल विद्यालय, 106 छात्रावास, स्कूल, अस्पताल, सिलाई केंद्र, कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र जैसे सेवा प्रकल्प विभिन्न उपेक्षित इलाकों में संचालित किए जा रहे हैं तथा विशेष रूप से जिन क्षेत्रों में धर्मांतरण का अधिक प्रभाव है उनमें इन सेवा प्रकल्पों की भूमिका अधिक प्रभावशाली बनाई गई है। इसी कड़ी में हरियाणा में डा. तोगडिय़ा का एक दिवसीय दौरा कार्यकर्ताओं में उत्साहवर्धन का संचारक के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

जिला में गेहूं की खरीद आगामी एक अप्रैल से शुरु होगी

सिरसा, 16 मार्च। जिला में गेहूं की खरीद आगामी एक अप्रैल से शुरु होगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त श्री युद्धबीर सिंह ख्यालिया  ने बताया कि गेहू खरीद के लिए जिला में विभिन्न मंडियों सहित 56 केंद्र स्थापित किए गए है। इन सभी मंडियों और केंद्रों में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा बिजली, पानी, सफाई, शौचालय आदि की व्यवस्था कर ली गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा विभिन्न मंडियों और खरीद केंद्रों से गेहूं के उठान संबंधी कार्य अलॉट करने के लिए प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद का कार्य छह सरकारी एजेंसियों द्वारा किया जाएगा जिनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, भारतीय खाद्य निगम, हरियाणा वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन, कांफेड तथा हरियाणा एग्रो शामिल है।
    उन्होंने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा डबवाली में सोमवार, वीरवार व शुक्रवार को, ऐलनाबाद व कालांवाली में मंगलवार व वीरवार को, खारियां में सोमवार से शुक्रवार, रानियां व सिरसा में सोमवार से शनिवार को गेहूं की खरीद की जाएगी। बप्पां, देसूजोधा, हेबुआना, जीवननगर, पंजुआना में प्रत्येक रोज खरीद होगी। हैफेड द्वारा चौटाला में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार, ऐलनाबाद में बुधवार व शुक्रवार, कालांवाली में सोमवार व शुक्रवार, खारियां में सोमवार व शुक्रवार, औढा में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार, रानियां में मंगलवार व वीरवार तथा सिरसा में सोमवार व शनिवार को तथा बड़ागुढा, भावदीन, भुर्टवाला, बिज्जूवाली, च_ा, दड़बी, डिंग, डिंग मोड़, ढुढिय़ावाली, फग्गू, गोरीवाला, गंगा, कमाल, कुत्ताबढ़, करीवाला, कुरंगावाली, कुताना, मलिकपुरा, मौजगढ़, मंगाला, नाथूसरी चौपटा, पन्नीवालामोटा, पनिहारी, रिसालिया खेड़ा, रसूलपुर, रत्ताखेड़ा, रोड़ी, सुचान कोटली, सुरतिया, थिराज में सप्ताह के सभी दिन खरीद की जाएगी। एफसीआई द्वारा बणी में मंगलवार, वीरवार व शनिवार, कालांवाली में बुधवार व शनिवार, ओढ़ा में मंगलवार, वीरवार व शनिवार को खरीद होगी।
    उन्होंने आगे बताया कि घोड़ावाली, कालुआना, साहुवाला, सिंघपुरा में प्रतिदिन गेहूं खरीद होगी। हरियाणा एग्रो द्वारा डबवाली में बुधवार को, सिरसा में शुक्रवार को तथा अबूब शहर, अलीका में प्रत्येक रोज खरीद की जाएगी। हरियाणा वेयर हाउस कार्पोरेशन द्वारा बणी में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार, चौटाला में मंगलवार, वीरवार व शनिवार, रानियां में बुधवार व शुक्रवार तथा सिरसा में वीरवार को तथा कागदाना, लोहगढ़, मल्लेंकां व झोरडऱोही में गेहूं प्रतिदिन खरीदा जाएगी।
    इसी प्रकार कांफेड द्वारा डबवाली में मंगलवार को, ऐलनाबाद में सोमवार व शनिवार को तथा सिरसा में बुधवार को गेहूं खरीद की जाएगी। धोलपालिया व शक्करमंदोरी में सप्ताह के सभी दिन गेहूं की खरीद होगी। उक्त खरीद एजेंसियां एक अप्रैल के पश्चात अपने संबंधित खरीद केंद्रों में बांटे गए दिनों के अनुसार समर्थन मूल्य 1120 रुपए पर गेहूं खरीदेंगी।

जिला कल्याण विभाग द्वारा नारी सशक्तिकरण पर कानूनी नियमों बारे पूर्ण जानकारी दी गई

सिरसा, 16 मार्च। जिला कल्याण विभाग द्वारा गत दिवस गांव नेजाडेला कलां में चलाए जा रहे सिलाई प्रशिक्षण स्कीम के तहत प्रशिक्षणार्थियों व महिलाओं के अपने अधिकारों के प्रति जिसमें सूचना का अधिकार, मनरेगा, दहेज प्रथा, बाल धर्म, कन्या भ्रूणहत्या, गृह कलेश, बाल विवाह, नारी सशक्तिकरण पर कानूनी नियमों बारे पूर्ण जानकारी महिला समाज सेविका के माध्यम से दी गई।
    यह जानकारी देते हुए जिला कल्याण अधिकारी श्रीमती सुमित्रा मेहता ने बताया कि विभाग द्वारा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी आमंत्रित किया जाता है जो महिलाओं को संबंधित विभागों की जानकारी के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं बारे जानकारी देते है।