Loading

04 February 2017

पंजाब की 117 सदस्‍यीय विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान संपन्न

शाम 5 बजे तक रिकॉर्ड 70 फीसदी मतदाताओं ने किया अपने मता‍धिकार का प्रयोग
चंडीगढ़ 

        पंजाब की 117 सदस्‍यीय विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान खत्‍म हो गया है. राज्‍य में शाम 5 बजे तक रिकॉर्ड 70 फीसदी मतदाताओं ने अपने मता‍धिकार का प्रयोग किया. यहां सुबह 8 बजे वोटिंग प्रकिया शुरू हो गई.
शाम 4 बजे तक 66% वोटिंग दर्ज हुई. सुबह 9.30 बजे तक राज्‍य में 8 प्रतिशत, 10.30 बजे तक 12 फीसदी, जबकि सुबह 11.30 बजे तक 14 प्रतिशत वोटिंग दर्ज हुई. इसके बाद दोपहर 1 बजे तक मतदान का प्रतिशत बढ़कर 32 प्रतिशत तक जा पहुंचा, जोकि दोपहर ढाई बजे तक 48 प्रतिशत दर्ज किया गया. वोटिंग के दौरान राज्‍य में कुछ पोलिंग बूथों में ईवीएम मशीनों में खराबी के मामले सामने आए, जिससे मतदान प्रकिया बाधित हुई.

उप मुख्‍यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने इस दौरान मीडिया से बाचतीत में कहा कि 'इस चुनाव में हमारी जीत पक्‍की है. हमारे कार्यकर्ता पूरी तरह से जोश में हैं और हम पिछली बार की तुलना में ज्‍यादा बड़ी जीत हासिल करेंगे. कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की जमानत जब्‍त होगी'. वहीं, आम आदमी पार्टी को लेकर उनका कहना था कि 'वह तीसरे नंबर पर रहेगी'.

वहीं, कांग्रेस की तरफ से इस बार चुनावी मैदान में उतरे पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने वोट डालने से पूर्व कहा कि 'पंजाब में कांग्रेस के पुनरुद्धार के रूप में राहुल गांधी को उपहार देंगे. इस धर्मयु्द्ध में सत्‍य की जीत होने वाली है. हम आश्‍वस्‍त हैं कि कांग्रेस की सरकार बनेगी'.



पंजाब में जारी मतदान के बीच शिरोमणि अकाली दल की नेता व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि 'अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह बाहरी लोग हैं. इन्‍होंने दिल्‍ली में सरकार चुने जाने के बाद कोई अच्‍छे परिणाम नहीं दिए. ऐसे बाहरी लोगों को पंजाब की जनता उनके घर वापस भेज देगी'. उन्‍होंने कहा कि 'आज पंजाब के लोग तालमेल वाली सरकार चाहते हैं, जो केंद्र के साथ मिलकर का कर सके, न कि केंद्र के साथ टकराव में रहे'.

नेत्र रोग विशेषज्ञों की कांफ्रैंस औफ्थाफैस्ट 2017 का आयोजन कल

सिरसा, 04 फरवरी। सिरसा फतेहाबाद औफ्थैल्मोलोजिकल सोसायटी द्वारा दिनांक 5 फरवरी,  रविवार को सुबह 8.30 बजे से निषुराज रिसोर्ट, हिसार रोड सिरसा में हरियाणा, पंजाब तथा राजस्थान के नेत्र रोग विशेषज्ञों की कांफ्रैंस औफ्थाफैस्ट 2017 का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी सिरसा फतेहाबाद औफ्थैल्मोलोजिकल सोसायटी के प्रमुख एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डा. प्रवीण अरोड़ा ने दी। जारी किए प्रैस वक्तव्य में डा. अरोड़ा ने बताया कि इस कॉफ्रैंस में आल इंडिया इस्ंटीच्यूट दिल्ली, पीजीआई चंडीगढ़, पी जी आई रोहतक, कल्पना चावला मैडिकल कालेज करनाल, मैडिकल कॉलेज अग्रोहा, लुधियाना तथा अंबाला आदि के नेत्र रोग विशेषज्ञ नेत्रों की बीमारियों तथा उनके आधुनिकतम ईलाज के विषय मे अपने वक्तव्य देंगे। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से दक्षिण भारत मे उडुपी (कर्नाटक) के नेत्र रोग विशेषज्ञ 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के चश्मे उतारने के विषय में जानकारी देंगें। जिससे हरियाणा पंजाब तथा राजस्थान के लोगों को लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि सिरसा मे इस स्तर की कांफ्रैंस का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। सिरसा के नेत्र विशेषज्ञों के सामूहिक प्रयास से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम से नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और नवीनतम तकनीक पर विस्तृत चर्चा होगी।                                                    डा. प्रवीण अरोड़ा 9896028334

बी.के. ग्रोवर निवास पर शेरांवाली मां का जागरण आयोजित

बी.के. ग्रोवर उनकी पत्नी रमेश कुमारी, परिवार व कॉलोनीवासियों द्वारा सभी की सुख समृद्धि के लिए की गई कामना
सिरसा  कल सांय स्थानीय हुड्डा कॉलोनी में श्री बी.के. ग्रोवर के निवास स्थान पर शेरांवाली मां का भव्य जागरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मां शेरांवाली की ज्योत प्रवज्जिलत की गई।
श्री ग्रोवर उनकी पत्नी श्रीमती रमेश कुमारी, परिवार व कॉलोनीवासियों द्वारा सभी के लिए सुख समृद्धि की कामना की गई। पंडाल शेरांवाली माता के जयकारों से गूंज रहा था। श्री ग्रोवर ने कहा कि मां शेरांवाली के दरबार में आने से सभी के कष्ट दूर हो जाते हैं इसलिए मां शेरांवाली के जागरण में अवश्य आना चाहिए। मां शेरांवाली के जागरण में पूरी श्रद्धा के साथ आमजन नतमस्तक हुए व भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत की गई सुन्दर-सुन्दर झांकियों का मनमोहक नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर भजन मंडलियों द्वारा दिल को छू लेने वाले भजन सुनाए गए जिस पर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य, शहर के गणमान्य व्यक्तियों तथा भारी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे।

12 फरवरी को प्रकाश उत्सव में भाग लेने वाली गतका टीमों ने किया पूर्व अभ्यास

गुरुनानक इंटरनेशनक अकैडमी अभोली (लड़कियां), अकाल अकैडमी बड़ागुढा (लड़के व लड़कियां), गुरुनानक पब्लिक स्कूल सिरसा (लड़के व लड़कियां), मोहन सिंह मतवाला स्कूल तिलोकेवाला (लड़के), अकाला अकैडमी स्कूल ऐलनाबाद (लड़के), संत किशन सिंह पब्लिक स्कूल मसीता (लड़के व लड़कियां) तथा श्री गुरुरामदास पब्लिक हाई स्कूल पाना (लड़के) की टीमों ने भाग लिया
सिरसा, 4 फरवरी। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 350वें प्रकाश उत्सव को समर्पित हरियाणा सरकार द्वारा राज्य स्तरीय समारोह आगामी 12 फरवरी 2017 को प्रात: 9 बजे से सांय 3 बजे तक नई अनाज मंडी करनाल में बड़ी श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
इस प्रकाश उत्सव में गतका टीमें भाग लेगी। इन टीमों का आज स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में पूर्व अभ्यास नगराधीश डा. वेद प्रकाश बेनीवाल की अध्यक्षता में किया गया।
उन्होंने बताया कि इस समागम में प्रदेश के जिलों से गतका टीमें अपना प्रदर्शन करेगी। इसी उद्देश्य से आज शहीद भगत सिंह स्टेडियम में टीमों ने पूर्व अभ्यास किया जिसमें गुरुनानक इंटरनेशनक अकैडमी अभोली (लड़कियां), अकाल अकैडमी बड़ागुढा (लड़के व लड़कियां), गुरुनानक पब्लिक स्कूल सिरसा (लड़के व लड़कियां), मोहन सिंह मतवाला स्कूल तिलोकेवाला (लड़के), अकाला अकैडमी स्कूल ऐलनाबाद (लड़के), संत किशन सिंह पब्लिक स्कूल मसीता (लड़के व लड़कियां) तथा श्री गुरुरामदास पब्लिक हाई स्कूल पाना (लड़के) की टीमों ने भाग लिया।
इस अवसर पर डा. बेनीवाल ने इन टीमों द्वारा किए गए पूर्व अभ्यास की प्रशंसा की और उन टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कुछ टीमों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है तथा कुछ ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि जिन टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया है वे आगे बहुत अच्छा प्रदर्शन कर अव्वल स्थान पर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि गतका टीम का प्रदर्शन जिले में इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर किया गया था। उन्होंने सभी टीमों का पूर्व अभ्यास देखा और उनके परिणाम घोषित किए। इस पूर्व अभ्यास में गुरुनानक पब्लिक स्कूल सिरसा की टीम प्रथम, अकाल अकैडमी बड़ागुढा की टीम द्वितीय तथा गुरुरामदास पब्लिक स्कूल पाना की टीम तृतीय स्थान पर रही। 
इस मौके पर समाजसेवी श्री सुरेन्द्र सिंह वैदवाला ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 500-500 रुपये की नकद राशि प्रदान की तथा अन्य टीमों को 200-200 रुपये की नकद राशि देकर पुरस्कृत किया। श्री वैदवाला ने कहा कि भविष्य में गतका टीमों की प्रतियोगिता जिला स्तर पर करवाई जाएगी ताकि बच्चों में गतका के बारे में रुचि बढ़ सके। उन्होंने बताया कि चयनित की गई गतका टीम जिला सिरसा की ओर से 12 फरवरी को करनाल की अनाज मंडी में होने वाले गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुरेन्द्र शर्मा, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी श्री कृष्ण कुमार बेनीवाल, श्री अनिल कुमार डीपीई तथा विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, अध्यापिकाएं व खेल इंचार्ज उपस्थित थे।

गोरीवाला मेेंं डिजी बसंत मेला 2017 का आयोजन 7 फरवरी को

डबवाली, 4 फरवरी। आगामी 7 फरवरी को उपमंडल डबवाली के गांव गोरीवाला स्थित स्वामी विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेेंं डिजी बसंत मेला 2017 का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई जा रही स्टॉलें आकर्षण का केंद्र होगी। इस मेले में आमजन को कैशलेस ट्रांजेक्शन के बारे में विशेष रुप से जानकारी दी जाएगी।
एसडीएम डबवाली डा. संगीता तेत्रवाल ने बताया कि 7 फरवरी को उपमंडल डबवाली के गांव गोरीवाला स्थित स्वामी विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में डिजी बसंत मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजित होने वाले इस बसंत मेलें में लोगों को कैशलेस लेनदेन के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त लोगों को दी जा रही नागरिक सेवाओं के विस्तार, आधार कैंप, ई-सेवाएं, ड्राईविंग लाईसैंस की ऑनलाईन पेमेंट, बैंक खाता खोलने, एटीएम मोबाईल वैन, मोबाईल एप के माध्यम से ट्रांजेक्शन, कैंशलेस मंडियां, बैंक अदायगी, जनधन खाता खोलने, सहकारी सेवाओं, मार्केट कमेटियों का लेनदेन, औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों व विभिन्न संस्थाओं द्वारा की जाने वाली अदायगी को डिजीटल लेनदेन के माध्यम से करने के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त अटल सेवा केन्द्रों के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं के बारे में वीएलई द्वारा विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
श्रीमती तेत्रवाल ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा तालमेल बिठाते हुए नए-नए विचारों के साथ बसंत मेले को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपने नजदीक के गांव में लगने वाले बसंत मेले में अधिक से अधिक सं या में पहुंच कर मेले का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करें।