Loading

05 February 2017

नरेश गुर्जर बने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष

समर्पित भावना से निभाऊंगा दायित्व - नरेश गुर्जर
सिरसा। भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला इकाई कार्यकारिणी के विस्तार में युवा भाजपा नेता नरेश गुर्जर को जिला उपाध्यक्ष का दायित्व दिया गया है।
नरेश गुर्जर ने संगठन द्वारा अपने ऊपर जताये गये विश्वास के लिए मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अमन चोपड़ा, प्रदेश सचिव आकाश गोदारा, जिलाध्यक्ष सुनील बामनिया व भाजपा जिलाध्यक्ष यतिन्द्र ङ्क्षसह एडवोकेट के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और जिला नेतृत्व ने युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष के रुप में उन्हें अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है और वे इस दायित्व को न केवल समर्पित भावना से निभायेंगे बल्कि अधिक से अधिक युवा शक्ति को मोर्चा के साथ जोड़कर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।

समाचार

  • पंजाब और गोवा में विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान। पंजाब में 78 प्रतिशत से अधिक और गोवा में 83 प्रतिशत मतदान। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चुनाव प्रचार चरम पर।
  • ऑल इंडिया अन्ना डीएमके की महासचिव वी.के. शशिकला ने राज्य में मुख्यमंत्री को बदले जाने की अटकलों के बीच आज चेन्नई में पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई।
  • अमरीका ने साठ हज़ार वीज़ा निलंबित करने का निर्णय रद्द किया। अमरीकी न्याय विभाग ने राष्ट्रपति ट्रम्प के सात मुस्लिम बहुल देशों के लोगों के अमरीका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले आदेश को निलंबित किये जाने के खिलाफ अपील की।
  • सीरिया में उत्तरी अल-बाब और बज़गाह क्षेत्रों में तुर्की की सेनाओं की कार्रवाई में 51 आतंकवादियों को मार गिराया।
  • डेविस कप में, भारत और न्यूजीलैंड के बीच एशिया-ओशेनिआ ग्रुप-एक में आज रिवर्स सिंगल्स मुकाबला।
---------
पंजाब में कल117 सदस्यों की विधानसभा चुनाव में 78 दशमलव छह दो प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। कुछ मतदान केन्‍द्रों पर मतदाताओं की लम्‍बी कतार को देखते हुए शाम पांच बजे तक की समय सीमा को कुछ घंटों के लिए बढ़ाया गया। पिछले चुनाव में भी मतदान लगभग इतना ही हुआ था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि तरणतारण में मामूली झड़प की घटना को छोड़कर मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा।
कल ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में मतदाताओं ने मतदान किया। शहरों के मुकाबले गांव में अधिक मतदाताओँ मतदान के लिए आए। मतदान से पहले चुनाव आयोग ने वोटरों को मतदान करने के लिए एक अभियान चला रखा था। इसलिए बड़ी संख्या में लोग कल मतदान के लिए आए। कल देर रात तक सभी इलैक्ट्रोनिक वोटर मशीनें 117 गिनती केन्द्रों पर पहुंचा दी गई हैं। वहां पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए हैं। जसविंदर सिंह रंधावा आकाशवाणी समाचार चंड़ीगढ़।
---------
गोवा में विधानसभा चुनाव के लिए 83 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान हुआ। पिछले विधानसभा चुनाव में 81 दशमलव 8 प्रतिशत मतदान हुआ था। कल शाम नई दिल्‍ली में उप निर्वाचन आयुक्‍त उमेश सिन्‍हा ने पत्रकारों को बताया कि राज्‍य में पेड न्‍यूज का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में शांतिपूर्ण मतदान सम्‍पन्‍न हुआ।
---------
उत्‍तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार और जोर पकड़ रहा है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि विधान सभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों के दिग्‍गज नेता जनसभाएं संबोधित कर रहे हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता और केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह पिथौरागढ़ और हरिद्वार जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि वित्त मंत्री अरुण जेटली का नैनिताल जिले के कुछ भागों में जाने का कार्यक्रम है। इसी तरह कांग्रेस नेता अंबिका सोनी और मुख्यमंत्री हरिश रावत विभिन्न भागों में रैलियां करेंगे। ये कांग्रेस नेता चुनाव घोषणा पत्र जारी करेंगे। लेकिन यह काफी आश्चर्यजनक है कि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री अपना नौ सुत्रीय संकल्प पत्र भी जारी कर चुके है। शिशु शर्मा शांतल आकाशवाणी समाचार देहरादून।
--------
उधर, उत्‍तर प्रदेश में भी राजनीतिक दलों ने वि‍धान सभा चुनाव के लिए पहले दो चरणों के क्षेत्रों में प्रचार अभियान तेज कर दिया है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज शामली, अमरोहा और नोएडा में कई चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता नरेन्द्र मोदी आज अपराह्न में अलीगढ़ के नुमाईश मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। बसपा प्रमुख मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और रालोद के मुखिया अजीत सिंह पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में चुनावी जनसभाएं करेंगे। अब जों-जों चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं। सभी पार्टियों की वोटरों को अपनी तरफ आकर्षित करने के प्रयासों में भी तेजी आती जा रही है। मिराजुद्दीन आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान इस महीने की 11 तारीख को और दूसरे चरण के लिये 15 फरवरी को होना है।
--------
राष्‍ट्रीय जांच एजेंसी - एन आई ए की विशेष अदालत ने 2008 के मालेगांव विस्‍फोट के आरोपी सेवानिवृत मेजर रमेश उपाध्‍याय को उत्‍तर प्रदेश विधान सभा का चुनाव लड़ने और वहां जाने की सशर्त अनुमति दे दी है।
--------
मणिपुर में 60 सदस्‍यों की विधान सभा के लिए दो चरणों में मतदान कराया जायेगा। पहले चरण का मतदान 4 मार्च  को और दूसरे चरण का मतदान 8 मार्च को होगा। 
चुनाव परिणाम 11 मार्च को घोषित किए जाएंगे। 
--------
तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी की महासचिव वी. के. शशिकला ने आज चेन्नई में पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है। राज्य में ओ पन्नीरसेल्वम के मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरी बार ऐसी बैठक बुलाई गई है। पार्टी सू्त्रों ने बताया कि यह बैठक पार्टी और सरकार के बीच घनिष्ठ समन्वय सुनिश्चित करने के लिए बुलाई गई है। एक रिपोर्ट
सुश्री शशिकला ने पिछले शुक्रवार को ही पार्टी मुख्यालय में 23 पदाधिकारी नियुक्त किए थे। मीडिया की खबरों में कहा जा रहा है कि पार्टी में उऩके खिलाफ किसी प्रकार के विरोध पर काबू पाने के लिए ऐसा किया गया था। आज की बैठक के बारे में ऐसी खबरें भी हैं कि कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। जबकि कुछ अन्य लोगों का मानना है कि सुश्री शशिकला ने पार्टी में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए बैठक बुलाई है।
इस बीच, निर्वाचन आयोग ने ऑल इंडिया अन्ना डीएमके से वी. के शशिकला को पार्टी महासचिव बनाए जाने के खिलाफ दायर याचिका का जवाब देने को कहा है। यह याचिका निष्कासित नेता शशिकला पुष्पा ने दायर की थी। चेन्‍नई से जयसिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।
मीडिया की कुछ खबरों से ऐसे संकेत भी मिले हैं कि सुश्री शशिकला को सरकार में महत्‍वपूर्ण पद दिए जाने की मांग फिर उठाई जा सकती है।
---------
सूचना और प्रसारण मंत्री एम० वैंकैया नायडू ने कहा है कि लोकतंत्र में जनता के साथ संवाद महत्‍वपूर्ण होता है और इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम के माध्‍यम से अपने विचार रखते हैं। बैंगलूरू में कल एक निजी टीवी चैनल पर श्री नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री के तीन मंत्र हैं-- सुधार, कार्यप्रदर्शन और परिवर्तन। उन्‍होंने कहा कि भारत में मीडिया सबसे बड़ा संवादकर्ता है और टेलीविजन तथा समाचार पत्रों को सदैव सत्‍य का साथ देना चाहिए।
---------
अमरीका के विदेश विभाग ने लगभग साठ हजार वीज़ा निलंबित करने के निर्णय को रद्द कर दिया है। इससे पहले सिएटल के एक संघीय अदालत ने राष्‍ट्रपति डोनल्‍ड ट्रंप के पिछले सप्‍ताह के उस कार्यकारी आदेश पर अस्‍थायी रोक लगा दी थी जिसमें सात मुस्लिम बहुल देशों के लोगों के अमरीका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। विदेश विभाग ने बताया कि कार्यकारी आदेश से प्रभावित वीजा वाले व्‍यक्ति अब अमरीका की यात्रा कर सकते हैं बशर्ते उनका वीज़ा अभी  वैध हो।
अमरीका के न्‍याय विभाग ने सात मुस्लिम बहुल देशों के लोगों की यात्रा पर प्रतिबंध लगाने के राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प के आदेश को एक जज द्वारा निलंबित किए जाने के खिलाफ अपील दायर की है। इस अपील का उद्देश्‍य शुक्रवार के जज के फैसले को निरस्‍त करवाना है। उम्‍मीद है कि न्‍याय विभाग इस मामले में शीघ्र दलीलें पेश करेगा।
इस बीच राष्‍ट्रपति डोनल्‍ड ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि यह फैसला बेतुका है और इसे पलटा जाएगा।
--------
सीरिया में उत्तरी अलबाब और बज़ागह क्षेत्रों में जारी कार्रवाई में तुर्की की सेनाओं ने 51 आतंकियों को मार गिराया है। तुर्की की सेना ने कल बताया कि उसने इस्लामिक स्टेट की 56 इमारतें और तीन कमान नियंत्रण केंद्र तबाह कर दिए हैं। सेना ने यह भी बताया कि गठबंधन सेनाएं, अलबाब क्षेत्र में हवाई हमले कर रही हैं। इनमें दो सुरक्षा ठिकाने और दो बख्तरबंद वाहन नष्ट हुए हैं।
---------
नई दिल्‍ली में बुधवार से परमाणु सुरक्षा पर सम्‍मेलन आयोजित किया जा रहा है जिसमें सौ से अधिक देशों के प्रतिनधि भाग लेंगे। सम्‍मेलन शुक्रवार तक चलेगा। विदेश मंत्रालय, परमाणु उर्जा विभाग के साथ मिलकर परमाणु आतंकवाद पर काबू पाने की वैश्‍विक पहल से संबंधित कार्यान्‍वयन और आकलन समूह - जी आई सी एन टी की बैठक आयोजित कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि लगभग एक सौ पचास प्रतिनधि और अंतर्राष्‍ट्रीय संगठन बैठक में शामिल होगें। मंत्रालय ने कहा कि पिछले वर्ष अमरीका में परमाणु सुरक्षा शिखर बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की घोषणा के अनुरूप यह बैठक आयोजित की जा रही है।
                              ---------
जहाजरानी राज्‍य मंत्री पोन राधाकृष्‍णन ने कहा है कि चेन्‍नई तट के निकट पिछले महीने की 28 तारीख को दुर्घटनाग्रस्‍त जहाज को समय पर उतार लिए जाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली एक बड़ी आपदा टल गई है। उन्‍होंने कहा कि तट के निकट और समुद्र में फैले तेल की ताजा स्थिति‍ की समीक्षा कामराज बंदरगाह, एन्‍नोर के अधिकारियों के साथ की गई।
---------
अल्‍पसंख्‍यक कार्य मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार के मंत्री मुख्‍तार अब्‍बास नकवी ने कहा है कि वर्ष 2017-18 का केन्‍द्रीय बजट अल्‍पसंख्‍यकों के सामाजिक-आर्थिक-शैक्षणिक सशक्‍तीकरण में सहायक होगा। श्री नकवी ने कल नई दिल्‍ली में पत्रकारों से कहा कि अल्‍पसंख्‍यक कार्य मंत्रालय के बजट में लगभग 9 दशमलव 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
---------
पुणे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच डेविस कप टेनिस के एशिया-ओशेनिया ग्रुप-1 में आज रामकुमार रामानाथन और युकि भांबरी अपने रिवर्स सिंगल्स मुकाबले खेलेंगे। भारत 2-1 से आगे है और अगले दौर में पहुंचने के लिये उसे आज केवल एक रिवर्स सिंगल्स मैच जीतना ज़रूरी है।
..........
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
गोवा और पंजाब में कल हुए शांतिपूर्ण मतदान और मतदाताओँ की बड़ी संख्या में भागीदारी को आज लगभग सभी अखबारों ने पहली खबर बनाया है। देशबन्धु ने लिखा है- पंजाब और गोवा में जमकर पड़े वोट। दैनिक ट्रिब्यून की बड़ी सुर्खी है चुन ली सरकार अब लम्बा इंतजार चौंतीस दिन ये 78 प्रतिशत बढ़ाएगा पंजाब की धड़कन। जनसत्ता ने लिखा है युवा मतदाताओँ को मतदान के प्रति आकर्षित करने के लिए चुनाव आयोग ने प्रमाणपत्र भी दिए।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चल रही चुनावी गहमागहमी भी अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। जनसत्ता ने लिखा है- अब सबकी नजरें उत्तर प्रदेश में 11 फरवरी को पहले चरण के चुनाव पर।
अमरीका में राष्ट्रपति के विवादित यात्रा प्रतिबंध के आदेश पर अदालती आदेश से दखल और निर्णय को निलंबित करने का समाचार लगभग सभी अखबारों ने पहले पन्ने पर दिया है। दैनिक जागरण ने लिखा है- अदालत ने राष्ट्रपति को दिया झटका। अमर उजाला लिखता है-अदालत के निर्देश के बाद अमरीका की यात्रा करने के लिए कई एयरलाइंस ने यात्रियों को हरी झंडी दी-अगर वैध वीजा है तो अमरीका यात्रा कर सकते हैं।
राष्ट्रीय सहारा ने पाकिस्तान में आतंकी सरगना हाफिज सइद का सख्ती से बचने के लिए अपने संगठन का नाम बदलकर काम करने की खबर दी है।
अखबारों ने लिखा है राष्‍ट्रपति भवन का मुगल गार्डन आज से जनता के खुल जाएगा।
मुगल गार्डन सोमवार को छोड़कर हर दिन खुलेगा।

04 February 2017


'पढ़े भारत बढ़े भारत' के अंतर्गत खंड स्तरीय वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित

वाद विवाद प्रतियोगिता में रामावि टप्पी से कक्षा सातवीं के गुरप्रीत सिंह, राउवि देसू मलकाना से कक्षा सातवीं के  संदीप सिंह व रावमावि नुहियांवाली से कक्षा आठवीं की निशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार हिंदी वर्तनी विषय पर राकउवि ओढ़ां से कक्षा छठी की दिशा, रावमावि ओढ़ां से कक्षा सातवीं के रघुवीर सिंह और कक्षा आठवीं के सुभाष सिंगला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी वर्तनी में रामावि जंडवाला जाटान से कक्षा छठी की बबली कौर, रावमावि नुहियांवाली से कक्षा सातवीं की सुनयना रानी और राकमावि पन्नीवाला मोटा से कक्षा आठवीं की कल्पना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में 'पढ़े भारत बढ़े भारत' के अंतर्गत खंड स्तरीय वाद विवाद और हिंदी व अंग्रेजी वर्तनी आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यालय प्राचार्य सुभाष फुटेला के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास आता है तथा उनके प्रदर्शन को देखने के उपरांत उनमें जो कमियां हैं उनको दूर करके ही हम उनको जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भेजेंगे। प्रतिभागियों को उन्होंने समझाया कि बेटे हार अथवा जीत का कोई महत्व नहीं है। आप जब पूरी तन्मयता के साथ अपनी क्षमताओं का सदुपयोग करते हुए जब प्रतियोगिता में उतरेंगे तो आपका आत्मविश्वास ही आपकी जीत की गारंटी होगा।
इस मौके पर आयोजित वाद विवाद (परिचर्चा) प्रतियोगिता में रामावि टप्पी से कक्षा सातवीं के गुरप्रीत सिंह, राउवि देसू मलकाना से कक्षा सातवीं के  संदीप सिंह व रावमावि नुहियांवाली से कक्षा आठवीं की निशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार हिंदी वर्तनी विषय पर राकउवि ओढ़ां से कक्षा छठी की दिशा, रावमावि ओढ़ां से कक्षा सातवीं के रघुवीर सिंह और कक्षा आठवीं के सुभाष सिंगला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी वर्तनी में रामावि जंडवाला जाटान से कक्षा छठी की बबली कौर, रावमावि नुहियांवाली से कक्षा सातवीं की सुनयना रानी और राकमावि पन्नीवाला मोटा से कक्षा आठवीं की कल्पना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य सुभाष फुटेला ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी के 15-20 शब्द लिखने को देते हैं जिससे हमें पता चलता है कि बच्चों की हिंदी और अंग्रेजी पर कितनी पकड़ है। उन्होंने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में सभी स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाता है तथा उनको कन्या भ्रूणहत्या जैसे ज्वलंत विषयों के साथ साथ मेरी मातृभाषा, रेगूलर हैंड वॉश के लाभ और हानियां तथा हमारे जीवन में स्वच्छता का महत्व आदि विषयों पर वाद विवाद में भाग लेने का अवसर देते हैं ताकि बच्चों में छुपी हुई प्रतिभायें सामने आ सकें।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में पन्नीवाला मोटा के प्रवक्ता राजकुमार कस्वां, आनंदगढ़ के मुख्याध्यापक राजेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार ओढ़ां और लेखा सहायक सुनीता रानी ने सार्थक सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य सुभाष फुटेला ने सभी विजेताओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनायें दी।

शहीद मदन लाल माकड़ मैमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता सम्पन्न

मलिकपुरा की टीम ने मेजबान आनंदगढ़ की टीम को हराकर कब्जाई ट्राफी
ओढ़ां
खंड के गांव आनंदगढ़ में जनचेतना युवा क्लब द्वारा समस्त गांववासियों के सहयोग से गांव में स्थित शहीद मदनलाल स्टेडियम में आयोजित चौथी शहीद मदन लाल माकड़ मैमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई।
क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर क्लब पदाधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह गोदारा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुये। इस अवसर पर विजेता टीम मलिकपुरा तथा उपविजेता टीम आनंदगढ़ को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों ने जिस प्रेमभाव और खेल की भावना का प्रदर्शन किया वो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हेतु वे सदैव सहयोग देते रहेंगे क्योंकि खेल हमारी युवा पीढ़ी को ना केवल नशों जैसी सामाजिक बुराईयों से दूर रखते हैं बल्कि खेलों से उनकी शक्ति का उपयोग राष्ट्र के हित में होता है।
इससे पूर्व मेजबान आनंदगढ़ और मलिकपुरा टीम के मध्य खेले गये फाइनल मैच में आनंदगढ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्व निर्धारित 10 ओवरों में से 3 गेंदों के शेष रहते सभी विकेट खोकर 82 रन बनाये। इसके जवाब में लक्ष्य की पीछा करते हुए मलिकपुरा की टीम ने 8 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 83 रनों के लक्ष्य को पार करते हुए फाइनल में 7 विकेट से विजयश्री प्राप्त करते हुये ट्राफी पर कब्जा कर लिया। फाइनल मैच में मलिकपुरा के आलराउंडर जसवंत ने पूरी सीरीज की भांति श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 35 रन बनाने के साथ साथ 3 विकेट भी लिये जिसकी बदौलत जसवंत को मैन ऑफ दी मैच के साथ साथ मैन ऑफ दी सीरीज का खिताब भी मिला। इस मौके पर जनचेतना युवा क्लब के सदस्यों सहित जगतपाल गोदारा, सुरेंद्रपाल गोदारा, रामप्रताप भडिय़ा, विक्की गोदारा, भोजराज गोदारा, नवदीप अरोड़ा, प्रदीप गोदारा, मुकेश गोदारा, वीरेंद्र भडिय़ा, संजय गोदारा और अजयपाल गोदारा सहित अनेक खेलप्रेमी गांववासी मौजूद थे।

समाचार:-

  • गोआ में विधानसभा चुनाव में रिकार्ड 83 प्रतिशत मतदान। पंजाब में 70 प्रतिशत मतदान।
  • कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए सभी 60 उम्‍मीदवारों के नामों की घोषणा की। भाजपा ने अपने 27 उम्‍मीदवारों की दूसरी सूची जारी की और उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए दृष्टि-पत्र जारी किया।
  • वरिष्‍ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्‍तर प्रदेश में मेरठ में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा-यह चुनाव, राज्‍य में भ्रष्‍टाचार और खराब कानून-व्‍यवस्‍था के खिलाफ लड़ाई है।
  • सरकार का दूसरे घर के लिए कर में मिलने वाली रियायत दो लाख रूपये प्रति वर्ष तक सीमित करने के प्रस्‍ताव को वापस लेने से इनकार। 
  • केंद्र ने हज नीति में सुधार लाने के लिए उपाय सुझाने और हज यात्रा के लिए सब्सिडी के मुद्दे पर समिति गठित की।
  • अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के सात मुस्लिम देशों के यात्रियों पर लगाए गए प्रतिबंध पर सीएटल के एक संघीय न्‍यायाधीश द्वारा अस्‍थायी रूप से रोक के फैसले के बाद अमरीका के सीमा शुल्‍क और सीमा संरक्षण विभाग ने हवाई  यात्रा कंपनियों को वीजाधारकों को यात्रा की अनुमति देने को कहा।
------------------------------
गोवा में आज विधानसभा चुनाव के लिए 83 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान हुआ। पिछले विधानसभा चुनाव में 81 दशमलव 8 प्रतिशत मतदान हुआ था। आज शाम नई दिल्‍ली में उप निर्वाचन आयुक्‍त उमेश सिन्‍हा ने पत्रकारों को बताया कि राज्‍य में पेड न्‍यूज का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में शांतिपूर्ण मतदान सम्‍पन्‍न हुआ।
गोवा में आज रिकॉर्ड मतदान हुआ। पिछले विधानसभा चुनाव में जहां मतदान 81 दशमलव 8 प्रतशित रहा था, वहीं इस बार, अब तक प्राप्‍त सूचनाओं के आधार पर कुल मतदान 83 प्रतिशत हुआ है। उत्‍तरी गोवा में 84 प्रतिशत और दक्षिणी गोवा में 81 दशमलव 5 प्रतिशत मतदान रहा है।
पंजाब में 70 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। 2012 विधानसभा चुनाव में पंजाब में 78 फीसदी से ज्‍यादा मतदान हुआ था। उप चुनाव आयुक्‍त संदीप सक्‍सेना ने बताया कि पेड न्‍यूज के 59 मामले दर्ज किए गए हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि राज्‍य में मतदान कमोबेश शांतिपूर्ण रहा।
चुनाव आयोग ने मतदान के लिए व्‍यापक प्रबंध किये थे, कड़ी सुरक्षा के बीच हुए मतदान में सभी मतदान केन्‍द्रों पर वेबकास्टिंग के जरिये नजर रखी गई। माइक्रोऑर्ब्‍जवर सारे पोलिंग स्‍टॉफ पर नजर रखे हुए थे, इस बार राज्‍य में वि शेष सुवि धाओं वाले एक हजार एक सौ 29 मॉडल पोलिंग स्‍टेशन बनाये गये थे और 96 ऐसे पोलिंग स्‍टेशन थे जहां पर पोलिंग स्‍टॉफ ने सभी महिलाएं थी, आज पंजाब के मतदाताओं ने 1145 उम्‍मीदवारों जिनमें राज्‍य के मुख्‍यमंत्री, उपमुख्‍यमंत्री, दो पूर्व मुख्‍यमंत्री और सांसद व अन्‍य का भविष्‍य मतदान के जरिये इलेक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में कैद कर दिया। सभी इलेक्‍ट्रानिक वोटिंग मशीन आज देर रात तक कड़ी सुरक्षा के बीच 117 मतदान केन्‍द्रों पर पहुंचा दी जाएगी। जसविन्‍दर सिंह रंधावा, आकाशवाणी समाचार, चंडीगढ़
दोनों राज्‍यों में एक ही चरण में मतदान कराया गया। मतदान के आंकड़े में बदलाव हो सकता है, क्‍योंकि कुछ मतदान केन्‍द्रों से रिपोर्ट आनी बाकी है। कहीं-कहीं ई वी एम मशीनों में कुछ तकनीकी गड़बडि़यां पाई गईं जिन्‍हें बाद में बदल दिया गया। 
------------------------------
मणिपुर में सत्‍तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने राज्‍य विधानसभा चुनावों के लिए अपने 60 उम्‍मीदवारों की अधिकारिक रूप से घोषणा कर दी है।  60 सदस्‍यों की विधानसभा के लिए अगले महीने की 4 और 8 तारीख को दो चरणों में मतदान होगा।
कांग्रेस उम्‍मीदवारों में राज्‍य के मुख्‍यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह, उप मुख्‍यमंत्री गाईखंगाम तथा कई अन्‍य मंत्री शामिल हैं। पार्टी ने दो महिला उम्‍मीदवारों को भी चुनाव मैदान में उतारा है। सभी वर्तमान विधायकों को टिकट दिया गया है।
उधर, भारतीय जनता पार्टी ने भी आज मणिपुर विधानसभा चुनावों के लिए अपने 27 उम्‍मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। भाजपा ने इससे पहले 23 जनवरी को 31 उम्‍मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
------------------------------
वरिष्‍ठ भाजपा नेता और वित्‍त मंत्री अरुण जेटली ने आज देहरादून में उत्‍तराखंड विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए पार्टी का दृष्‍टिपत्र जारी किया। इस अवसर पर राज्‍य के पार्टी प्रभारी श्‍याम जाजू, केन्‍द्रीय मंत्री अजय टम्‍टा, भाजपा की राज्‍य इकाई के अध्‍यक्ष अजय भट्ट और अन्‍य वरिष्‍ठ नेता मौजूद थे।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री अरुण जेटली ने कहा कि भाजपा ने उत्‍तराखंड राज्‍य का गठन कर राज्‍य के लोगों की अपेक्षाओं को पूरा किया और अब पार्टी, उत्‍तराखंड को देश का समृद्ध और विकसित प्रदेश बनाने की जिम्‍मेदारी निभाएगी।
देवभूमि दृष्टिपत्र भाजपा के संग आओ बदले उत्‍तराखंड इस शीर्षक से भारतीय जनता पार्टी के दृष्टिपत्र में इस पहाड़ी राज्‍य के चहुमुखी विकास की रणनीति का विस्‍तृत ब्‍यौरा दिया गया है। पार्टी ने जल, जंगल, जमीन के साथ वन संरक्षण को भी शामिल किया है। नई युवा नीति बनाना और लोकायुक्‍त संस्‍था को प्रभावी ढंग से लागू करना कुछ ऐसे अन्‍य बिन्‍दु हैं जिन पर बल दिया गया है। राजधानी के मुद्दे पर ये कहा गया है कि गैरसैण को  राज्‍य को ग्रीष्‍मकालीन राजधानी घोषित करने का निर्णय सर्वसम्मिति से लिया जाएगा। शिशु शर्मा शांतनु, आकाशवाणी समाचार देहरादून
------------------------------
उत्‍तराखंड में कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और मुख्‍यमंत्री हरीश रावत ने नैनीताल, चमौली और देहरादून जिलों के पहाड़ी इलाकों का दौरा किया। श्री रावत ने कई रोड शो और जनसभाएं कीं तथा वहां के इलाकों में उनकी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में लोगों को याद दिलाया।
------------------------------
उत्‍तर प्रदेश में 11 और 15 फरवरी को होने वाले पहले और दूसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है। सभी प्रमुख दलों के दिग्‍गज नेता अपने-अपने उम्‍मीदवारों के समर्थन में प्रचार में जुटे हुए हैं। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती, समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष और मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव, भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह और पार्टी के अन्‍य वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने आज राज्‍य के विभिन्‍न स्‍थानों में रैलियों को संबोधित किया।
भाजपा के शीर्ष नेता नरेन्‍द्र मोदी ने आज दोपहर बाद मेरठ में विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। उन्‍होंने लोगों से भाजपा के विकास एजेंडे और उन लोगों के बीच चुनाव करने को कहा जो अपराधियों को शरण देते हैं, वोट बैंक की राजनीति करते हैं और भूमि और खान माफिया को बढ़ावा देते हैं।
भाजपा की लड़ाई स्‍कैम के खिलाफ है, स्‍कैम का मतलब है एस समाजवादी सीट कांग्रेस, ए अखिलेश, एम मायावती इनके खिलाफ हमारी लड़ाई जब तक उत्‍तर प्रदेश को स्‍कैम से मुक्‍त नहीं करोगे, उत्‍तर प्रदेश में चैन के दिन लौटकर के नहीं आयेंगे।
चुनावों की घोषणा के बाद अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने प्रदेश के पिछडेपन के लिए प्रदेश सरकार को जिम्‍मेदार ठहराया, उन्‍होंने कहा कि लोगों के कल्‍याण के लिए विभिन्‍न योजनाओं में केन्‍द्र ने धन भेजा है लेकिन यहां उसका उपयोग नहीं किया गया। भाजपा के घोषणापत्र के विभिन्‍न बिन्‍दुओं को गिनाते हुए उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बदलने से ही लोगों का हित होगा। श्री मोदी ने कहा कि यह चुनाव भ्रष्‍टाचार, कुशासन, गरीबी और प्रदेश में अन्‍य बुराईयों के खिलाफ लड़ाई है। मेरठ से संगीता श्रीवास्‍तव के साथ मुल्‍तान सिंह यादव आकाशवाणी समाचार लखनऊ
------------------------------
कांग्रेस ने उत्‍तर प्रदेश में राजनीतिक प्रति्द्वंदियों को स्‍कैम कहकर बुलाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की आलोचना की है। पार्टी ने पलटवार करते हुए कहा है कि अपने प्रतिद्वंदियों को दोष देने के बजाए उन्‍हें अपने काम का लेखा-जोखा देना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्‍ता टॉम वडक्‍कन ने नई दिल्‍ली में पत्रकारों से कहा कि श्री मोदी को इस गलती का एहसास हो गया है कि नोटबंदी से देश में लोगों को संकट का सामना करना पड़ा।
------------------------------
सूचना और प्रसारण मंत्री तथा वरिष्‍ठ भाजपा नेता एम. वेंकैया नायडू ने कहा है कि पार्टी को इस बात का पूरा भरोसा है कि पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनावों में उसे अधिकांश सीटों पर जीत हासिल होगी और उत्‍तर प्रदेश में बहुमत प्राप्‍त होगा। आज बेंगलूरु में मीडिया से बातचीत करते उन्‍होंने कहा कि पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अकेले ही चुनाव लड़ा था और उसे बहुमत प्राप्‍त हुआ था, लेकिन इस बार उसने अपना आत्‍मविश्‍वास खो दिया है और इसीलिए कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है। 
------------------------------
वरिष्‍ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की आलोचना करते हुए कहा है कि उत्‍तर प्रदेश में अच्‍छे दिन तभी आयेंगे जब आगामी विधानसभा चुनाव में इन दोनों पार्टियों का सफाया हो जाएगा। उन्‍होंने आरोप लगाया कि राज्‍य सरकार के स्‍तर पर शराब के कारोबार में गडबडियां हुई हैं जिनका जल्‍द खुलासा किया जाएगा।
------------------------------
ऑल इंडिया मजलिसे इत्‍तेहादुल मुस्लिमीन-ए आई एम आई एम के अध्‍यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि उत्‍तर प्रदेश इन चुनावों में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी को तीन तलाक देगा। उन्‍होंने कहा कि भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव एक ही नाव की सवारी कर रहे हैं।
------------------------------
कांग्रेस ने आज उत्‍तरप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए 11 उम्‍मीदवारों के नामों की घोषणा की। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों को अंतिम रूप दिया। कांग्रेस राज्‍य में समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। राज्‍य में 11 फरवरी से सात चरणों में मतदान होगा। 
------------------------------
सरकार ने दूसरे मकान की खरीद के लिए कर रियायत को दो लाख रुपये तक सीमित करने के प्रस्‍ताव को वापस लेने की संभावना खारिज कर दी है। राजस्‍व सचिव हंसमुख अढिया ने आज नई दिल्‍ली में आवास उद्योग के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे लोग जिनके पास अतिरिक्‍त पैसा है उन्‍हें दूसरा मकान खरीदने में सहायता देने का कोई लाभ नहीं है। उन्‍होंने कहा कि दूसरे मकान के लिए कर्ज लेने वाले व्‍यक्ति द्वारा इस रियायत का दुरूपयोग किया जा रहा है।
------------------------------
केन्‍द्र सरकार ने हज नीति में सुधार लाने के उपायों और इसके लिए सब्सिडी के मसले पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक छह सदस्‍यीय समिति का गठन किया है। समिति का गठन 2012 में सर्वोच्‍च न्‍यायालय के एक फैसले को देखते हुए किया गया है, जिसमें वर्ष 2022 तक हज के लिए सब्सिडी को धीरे-धीरे कम करते हुए खत्‍म करने की बात कही गई है। अल्‍पसंख्‍यक मामलों के मंत्री मुख्‍तार अब्‍बास नकवी ने आज दिल्‍ली में बताया कि समिति   देश की हज नीति में सुधार लाने और हज यात्रियों को अधिकतम सहायता प्रदान करने के उपायों पर एक या दो महीने में अपनी रिपोर्ट देगी।
------------------------------
अमरीका के सीमा शुल्‍क और सीमा संरक्षण विभाग ने अमरीकी विमानन कम्‍पनियों को सूचित किया है कि वे पिछले हफ्ते प्रतिबंधित किए गए यात्रियों को अमरीका की यात्रा करने के लिए विमान सेवाएं देना शुरू कर सकते हैं। सीएटल के न्‍यायाधीश ने शुक्रवार को सात मुस्‍लिम देशों के नागरिकों की यात्रा पर प्रतिबंध के राष्‍ट्रपति के आदेश के अमल पर अस्‍थाई रोक लगा दी थी। राष्‍ट्रपति के आदेश से अमरीकी हवाई अड्डों पर विरोध प्रदर्शन और भ्रम की स्‍थिति पैदा हो गयी थी।
------------------------------
एशिया ओशेनिया ग्रुप-1 डेविस कप में न्यूजीलैंड ने भारत को डबल्स मुकाबले में हराकर भारत की कुल बढ़त घटाकर 2-1 कर दी है। आज पुणे में डबल्स मुकाबले में भारत के लिएंडर पेस और विष्णुवर्धन की जोड़ी को न्यूजीलैंड के आर्टेम सितक और माइकल वीनस की जोड़ी ने 3-6, 6-3, 7-6, 6-3 से हराया।
------------------------------
दिल्‍ली की एक अदालत ने हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के खिलाफ आय से अधिक सम्‍पत्ति के मामले में पेश दस्‍तावेजों को प्रमाणित करने के लिए अतिरिक्‍त गवाहों की सूची पेश करने की अनुमति के लिए सी बी आई की याचिका पर सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया है। विशेष न्‍यायाधीश संजय गर्ग सोमवार को अपना आदेश सुना सकते हैं।
------------------------------
निर्वाचन आयोग ने ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके की बर्खास्‍त नेता शशिकला पुष्‍पा द्वारा सुश्री वी.के. शशिकला के पार्टी का महासचिव चुने जाने के खिलाफ की गई शिकायत पर पार्टी से जवाब मांगा है। उन्‍होंने अपनी शिकायत में कहा है कि यह चुनाव निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं हुआ है।