Loading

06 February 2017

भंडारी का नाटक 'बेडिय़ां' आकाशवाणी जालंधर पर 

श्री भंडारी 5 दशकों से हिंदी व पंजाबी नाटकों का सृजन करते आ रहे हैं जिनमें से उनके एक दर्जन रेडियो नाटक ऑल इंडिया रेडियो जालंधर से प्रसारित हो चुके हैं

सिरसा। आज जबकि समाज के कुछ हिस्सों में 'ऑनर किलिंग' एक प्रकार से अभिशाप बनकर प्रेम करने वाली दो पवित्र रुहों को अपने दंश द्वारा ज़हर से सराबोर कर रहा है और जिसकी पीड़ा से वह नौजवान लड़की-लड़का अपनी जिंदगी से हाथ धो रहे हैं, उसी पीड़ा को सिरसा के वरिष्ठ साहित्यकार सुखचैन सिंह भंडारी ने अपने लिखे पंजाबी नाटक 'बेडिय़ां' में व्यक्त करने का एक सफल प्रयास किया है। यह नाटक आज रात (6 फरवरी, सोमवार) 9.30 बजे, आकाशवाणी जालंधर रेडियो पर प्रसारित किया जा रहा है। इस नाटक का निर्देशन पंजाबी के प्रसिद्ध रेडियो व फिल्म कलाकार विनोद धीर द्वारा किया गया है जिसमें  पंजाब के नामी-ग्रामी पुरुष व महिला कलाकारों ने भाग लिया है। उल्लेखनीय है कि श्री भंडारी गत 5 दशकों से निरंतर हिंदी व पंजाबी नाटकों का सृजन करते आ रहे हैं जिनमें से उनके एक दर्जन रेडियो नाटक केवल ऑल इंडिया रेडियो जालंधर से समय-समय प्रसारित हो चुके हैं। उसी कड़ी में आज का यह 'बेडिय़ां' नाटक भी अपनी एक अलग आधुनिक पहचान लिए श्रोताओं के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है। इस नाटक के अंत में नाटककार भंडारी ने ऑनर किलिंग की लानत को मिटाने के लिए समाज का मार्ग दर्शन करने का प्रयास किया है जहां उन्होंने अंत में बड़े सुखद ढंग से लड़की व लड़के का मिलन करवा दिया है। अगर ऐसे ही ऑनर किलिंग से जुड़े हुए कुछ भद्र पुरुष अपनी सोच को बदल लें तो शायद इस प्रकार की भद्दी घटनाएं समाज में फिर न उभर सकें।

राजेंद्र लोहिया महामंत्री और मुकेश मेहता बने सचिव

जय पंजाबी समिति मुलतानी कालोनी के पदाधिकारियों व सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए दोनों को दी बधाई



सिरसा। राजेंद्र लोहिया को भारतीय जनता पार्टी सिरसा नगर मंडल का महामंत्री व मुकेश मेहता अलीकां वाले को भारतीय जनता पार्टी का सचिव बनाये जाने पर जय पंजाबी समिति मुलतानी कालोनी के पदाधिकारियों व सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए दोनों को बधाई दी है। समिति के पदाधिकारियों ने आशा जताई है कि जनमानस की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के अलावा उनका समाधान कर अपनी पहचान बनाएंगे। उधर पंचनद स्मारक ट्रस्ट के राष्ट्रीय सचिव व वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम बजाज, पंचनद स्मारक के जिलाध्यक्ष अश्विनी भाटिया, जिला कानूनी प्रकोष्ठ भाजपा के संयोजक संजय मेहता एडवोकेट ने भी उक्त दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। लोहिया व मेहता की नियुक्ति पर दोनों संस्थाओं ने बीजेपी हाईकमान का आभार जताया है।

अनुसूचित जाति की बेटियों की शादी में अब 51 हजार रूपए शगुन, शादी से सात दिन पहले पहुंचेगा घर

गुरु रविदास की 640वीं जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह में 

मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण के लिए सरकार 

कोशिश कर रही है, अाप भी काबिल वकील के माध्यम से हाईकोर्ट में 

पैरवी करें

Advertisement

पानीपत


  सेक्टर-13/17 मैदान में सीएम ने अनुसूचित जाति के लिए कुछ योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने जींद में 100 करोड़ रुपए से बन रहे भवन निर्माण अकादमी का नाम संत रविदास के नाम पर करने की घोषणा की। साथ ही कहा कि अनुसूचित जाति की लड़की की शादी में दी जानी वाली सरकारी सहायता राशि 41 से बढ़ाकर 51 हजार रुपए की जाती है। यह राशि शादी से 7 दिन पहले घर पहुंच जाएगी। परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार की इन सभी मांगों को सीएम ने मान लिया। 
सीएम ने कहा कि पी राघवेंद्र राय कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप अनुसूचित जाति के सभी बैकलॉग भरे जाएंगे। इसके लिए सभी विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है। 20 के रिपोर्ट मिल चुके हैं, शेष विभागों से जानकारी मिलने के बाद अनुसूचित जाति के बैकलॉग भरने के लिए अलग से विज्ञापन निकाला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पानीपत में आधा एकड़ में अम्बेडकर छात्रावास बनाया जाएगा, जिसके लिए 21 लाख रुपए की पहली किश्त जारी करने की घोषणा भी की। इससे पहले सीएम ने पानीपत के लिए 75 करोड़ रुपए की 4 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी और समालखा के भापरा स्टेडियम का उद्घाटन किया।
27 माह की सरकार को दिए पूरे अंक : समारोह में भीड़ देखकर मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि 27 माह की उनकी सरकार जनता की उम्मीदों और अपेक्षाओं पर खरी उतरी। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी, उस पर हम खरा उतरने का प्रयास कर रहे हैं। सीएम ने लिंगानुपात में सुधार के साथ ही कई योजनाओं का जिक्र कर अपनी सरकार को पूरे अंक दिए।
आधा मंत्रिमंडल पहुंचा समारोह में
समारोह में हरियाणा सरकार का आधा मंत्रिमंडल उपस्थित रहा। जिसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन, खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव कम्बोज, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी के साथ ही अंबाला से सांसद रतनलाल कटारिया मुख्य रूप से समारोह में पहुंचे।
2 जाट नेता ही आरक्षण के लिए धरने पर बोले
भाजपा की ओर से जाट आरक्षण के लिए चल रहे धरने पर बोलने के लिए दोनों जाट नेताआें को ही आगे किया गया। पहले तो वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने आरक्षण पर कांग्रेस को घेरा फिर प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने। दोनों ने कांग्रेस नेताओं पर आरक्षण की आड़ में राजनीति करने का आरोप लगाया।
सरकार का कार्यक्रम, लेकिन पार्टी का समारोह बना
यह हरियाणा सरकार की ओर से आयोजित समारोह था। 20 लाख रुपए तो सिर्फ टैंट का खर्चा था, लेकिन यह भाजपा का कार्यक्रम बन गया। समारोह स्थल पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, हरियाणा के प्रभारी अनिल जैन के कटआउट लगे थे। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला तो मंच पर भाषण देने उपस्थित थे।
1. आरक्षण के बहाने दूसरों के कंधे से बंदूक चला रहे कुछ नेता : बराला
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि कांग्रेस और बसपा ने हमेशा दलितों के नाम पर सिर्फ राजनीति की। उन्होंने ने कहा कि कुछ नेताओं ने हमेशा वोट और जाति बिरादरी की राजनीति की है। भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार से कुछ लोगों के पेट में मरोड़े हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण के बहाने कुछ लोग दूसरों के कंधे से बंदूक चला रहे हैं।

2. कांग्रेस ने वोट के लिए दलितों को कमजोर रखा : कैप्टन
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कांग्रेस ने वोट के लिए दलिताें को पीछे रखा। क्योंकि, उन्हें पता था कि ये लोग दलित पढ़-लिख जाएंगे तो नौकरी और विकास मांगेंगे। वित्तमंत्री ने कहा कि आज कुछ लोग सरकार को अव्यवस्थित करने में लगे हैं। ऐसे लोग प्रदेश में भाईचारा खत्म करना चाहते हैं। ऐसे लोगों को हमारी चुनौती है कि सामने आकर राजनीतिक लड़ाई लड़ें।

आर्य समाज मंदिर में आरंभ हुआ यर्जुवेद पारायण यज्ञ

9 फरवरी तक निरंतर प्रात: 8 बजे से 11 बजे तक यजुर्वेद पारायण यज्ञ चलेगा और इस दौरान आर्य समाज से संबंधित विभिन्न प्रतिष्ठितजन मुख्य यजमान के रुप में शिरकत करेंगे। मुख्य समारोह 10 फरवरी से आरंभ होगा और 12 फरवरी तक आर्य समाज का 125वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा
सिरसा। आर्य समाज सिरसा का 125वें वार्षिकोत्सव के संदर्भ में आज से मंदिर प्रांगण में 4 दिवसीय यजुर्वेद पारायण यज्ञ का शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध सन्यासी स्वामी विदेह योगी कुरुक्षेत्र के पावन मार्गदर्शन में गुरुकुल आर्य नगर हिसार के ब्रह्मचारी वेदपाठी विद्यार्थियों ने हवन यज्ञ किया। इस यज्ञ में दलकिशन बामल, उमेद सिंह सहारण व सोहन लाल सिद्धू कैरांवाली ने सपत्नीक यजमान के रुप में भूमिका निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज के प्रधान युद्धवीर सिंह आर्य ने की। यह जानकारी देते हुए मंत्री भीषम शास्त्री ने बताया कि गाय के शुद्ध घी से यज्ञ में आहूतियां डाली गई और विश्व कल्याण की कामना से आयोजित इस यज्ञ में आर्य समाज से जुड़े सैकड़ों लोगों ने आहूतियां देकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। यज्ञ के दौरान स्वामी विदेह योगी ने आर्य समाज की समृद्ध परम्पराओं की विस्तार से चर्चा की तथा उपस्थित लोगों को यज्ञ के महत्व के बारे में सूक्ष्म जानकारियां प्रदान की। मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञशाला का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक रस से सराबोर रहा। यज्ञ के पश्चात प्रसिद्ध आर्य समाजी भजनोपदाक ज्ञानेन्द्र तेवतिया द्वारा आर्य समाज की शिक्षाओं से ओतप्रोत तथा जीवन को सकारात्मक दिशा में ले जाने की प्रेरणा देने वाले भजन व उपदेश प्रस्तुत किए। शास्त्री ने बताया कि 9 फरवरी तक निरंतर प्रात: 8 बजे से 11 बजे तक यजुर्वेद पारायण यज्ञ चलेगा और इस दौरान आर्य समाज से संबंधित विभिन्न प्रतिष्ठितजन मुख्य यजमान के रुप में शिरकत करेंगे। मुख्य समारोह 10 फरवरी से आरंभ होगा और 12 फरवरी तक आर्य समाज का 125वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शेर सिंह, रामदेव शास्त्री, बालचंद आर्य, कुलदीप सिंह, प्रहलाद आर्य, केसर आर्य सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।

समाचार

  • तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री ओ. पन्‍नीरसेल्‍वम ने अपने पद से इस्‍तीफा देकर पार्टी प्रमुख वी के शशिकला के मुख्‍यमंत्री बनने का रास्‍ता साफ किया।
  • नगालैंड मंत्रिमंडल ने राज्‍य को स्‍थानीय निकायों से संबद्ध संविधान के भाग-9 ए के प्रावधान से मुक्‍त करने के लिए एक अध्‍यादेश का ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपने का निर्णय लिया।
  • केन्‍द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय परीक्षाएं कराने के लिए राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी का गठन करेगा।
  • झारखंड में सरकारी नौकरियों में खिलाडि़यों को दो प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
  • अमरीका के राष्‍ट्रपति डोनल्‍ड ट्रम्‍प ने कहा कि अमरीका और रूस के सहयोग से आतंकी गुट इस्‍लामिक स्‍टेट का सफाया संभव।
  • अफगानिस्‍तान में कई दिनों से जारी भारी हिमपात के कारण चट्टानें खिसकने से एक सौ से ज्‍यादा लोगों की मौत।
  • दृष्टि-बाधित व्‍यक्तियों के ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्‍वकप क्रिकेट में भारत ने ऑस्‍ट्रेलिया को 128 रन से हराया।
-------------
तमिलनाडु में सत्‍तारूढ़ आल इंडिया अन्‍ना डी एम के महासचिव वी.के. शशिकला को राज्‍यपाल विद्यासागर राव की दिल्‍ली से वापसी के बाद अगले कुछ दिनों में राज्‍य के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ दिलायी जायेगी। श्रीमती वी.के. शशिकला को कल पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुख्‍यमंत्री ओ पन्‍नीरसेल्‍वम ने अपना इस्‍तीफा राज्‍यपाल को सौंपकर उन्हें राज्‍य की जिम्‍मेदारी सौंपने का रास्‍ता साफ कर दिया है।
तमिलनाडु में राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। चेन्नई में राज्यपाल के दिल्ली से लौटने का इंतजार किया जा रहा है।   ताकि सुश्री वी.के. शशिकला के नेतृत्व में नई सरकार को अंतिम रूप दिया जा सके। शशिकला के समर्थकों की मांग है कि पार्टी और सरकार के स्तर पर सत्ता का एक ही केन्द्र होना चाहिए। अभी यह देखना बाकी है कि सुश्री शशिकला दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता की आर.के. नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ती हैं या किसी अन्य सीट से। चेन्नई से जयसिंह कि रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अलका सिंह।
तमिलनाडु की राजनीति में इन घटनाक्रम पर मिलीजुली प्रतिक्रिया हुई है। विपक्षी डीएमके पार्टी के कार्यकारी अध्‍यक्ष एम.के. स्‍टालिन ने कहा है कि यह लोगों के साथ धोखा है। भारतीय जनता पार्टी के राज्‍य इकाई के नेता डाक्‍टर तामलीसाई सौन्‍दराराजन ने कहा है कि प्रशासनिक कुशलता के मामलों में सुश्री शशिकला की तुलना स्‍वर्गीय नेता जयललिता से नहीं की जा सकती। प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष तिरूनवुक्‍करसु  ने कहा है कि राज्‍य की जनता सुश्री शशिकला को राज्‍य के मुख्‍यमंत्री के रूप में स्‍वीकार नहीं करेंगी। मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी नेता जी. रामाकृष्‍णन ने सुश्री शशिकला को बधाई देते हुए कहा है कि वह जन आकांक्षाओं पर खरी उतरेंगी।
-------------
नगालैंड मंत्रिमंडल ने स्थानीय निकायों से संबद्ध संविधान के भाग-9 ए के प्रावधान से मुक्‍त करने के लिए एक अध्‍यादेश जारी करने से संबंधित ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपने का निर्णय लिया है। यह निर्णय राज्‍य मंत्रिमंडल की आपात बैठक में किया गया।
विभिन्‍न जनजातीय संगठन शहरी स्‍थानीय निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ चुनाव कराने का विरोध कर रहे हैं। उन्‍होंने इस मुद्दे पर मुख्‍यमंत्री टी.आर. जेलियांग और उनकी मंत्रिपरिषद से इस्‍तीफे की मांग की है।
-------------
उत्‍तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नेपाल से जुड़ी अंतरराष्‍ट्रीय सीमा और अन्‍य अंतर्राज्‍यीय सीमाओं पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये जा रहे हैं। राष्‍ट्र विरोधी तत्‍वों की घुसपैठ और मादक पदार्थों तथा हथियारों की तस्‍करी पर अंकुश लगाना सुरक्षाबलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं।
इस बीच, दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल - भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख प्रचारक जनसभाओं और रोड-शो के जरिये मतदाताओं को लुभाने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं।  
करीब तिरपन हजार चार सौ तिरासी वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस पहाड़ी प्रदेश में उन्नयासी अंतर्राज्यीय सीमाएं और इकहत्तर अन्य अंदरुनी रास्ते हैं। राज्य में उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और चम्पावत जिलों में नेपाल व चीन के साथ लगती करीब पाँच सौ पचास किलोमीटर लम्बी अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर हाई-एलर्ट घोषित किया गया है। आई.टी.बी.पी, एस.एस.बी और राज्य पुलिस इस लम्बी सीमा की चौकसी कर रहे हैं और यहां अनेक संवेदनशील स्थान हैं। सुरक्षा एजेंसियों को अंतर्राष्ट्रीय सीमा से आने-जाने वाले हर व्यक्ति की तलाशी लेने की सलाह दी गई है। शिशु शर्मा शांतल, अकाशवाणी समाचार, देहरादून।
-------------
केन्‍द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय उच्‍च और माध्‍यमिक शिक्षा की परीक्षाएं कराने के लिए राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी -एनटीए गठित करेगा। यह निर्णय इस बात को ध्‍यान में रखकर किया गया है कि इन परीक्षाओं का आयोजन केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड कर रहा है, जिसमें प्रतिमाह करीब 10 लाख विद्यार्थी हिस्‍सा लेते हैं और यह बहुत बड़ी संख्‍या है। केन्‍द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कल नई दिल्‍ली में कहा कि केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड अनेक परीक्षाएं आयोजित कर रहा है, जबकि इसका मुख्‍य उद्देश्‍य शिक्षा प्रणाली में सुधार लाना है।
श्री जावडेकर ने कहा कि शुरू में राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी आई आई टी, एन आई टी और विश्‍वविद्यालय परीक्षाएं आयोजित करेगी। बाद में, इसे माध्‍यमिक स्‍तर की परीक्षाएं भी सौंप दी जायेंगी।
-------------
झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि राज्‍य में सरकारी नौकरियों में खिलाडि़यों को दो प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा। उन्‍होंने कहा कि खिलाडि़यों को पौष्टिक भोजन उपलब्‍ध कराने के भी प्रयास किये जा रहे हैं। श्री दास ने एक बयान में कहा कि फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए कमल क्‍लब गठित किये जा रहे हैं और इसके लिए सरकार खिलाडि़यों को किट उपलब्ध करायेगी।
-------------
उत्‍तर प्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय ने अनुभव मित्‍तल और उसकी कंपनियों द्वारा कथित रूप से किये गए नोएडा ऑन लाइन घोटाले की जांच शुरू कर दी है। निदेशालय ने धनशोधन निवारण कानून के तहत मामला दर्ज करने के बाद नोएडा, गाजियाबाद और कानपुर में पांच स्‍थानों पर मित्‍तल और उसकी कंपनियों के परिसरों पर छापे मारे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्‍तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल ने सबसे पहले इस कथित घोटाले का पता लगाया था।
शनिवार तक एस.डी.एम को ढाई हजार से ज्यादा शिकायतें अपने ईमेल-reportfraud@upsdm.com पर प्राप्त हो चुकी थी। जिसे एस.डी.एम ने ठगे गए निवेशकों की मदद के लिए जारी किया है। प्रवर्तन निदेशालय, मित्तल और उसकी कंपनियों द्वारा बनाई गई सभी संपत्तियों की जाँच करेगा और मुजरिमाना तौर पर अर्जित संपत्ति के रूप में उनको चिन्हित करते हुए उन्हें अटैच करने की कार्रवाई करेगा। वेब-साइटों की लिंक देकर उन्हें लाइक करने पर पैसा कमाने का झूठा आश्वासन देकर मित्तल और उसके साथियों ने कथित रूप से साढ़े छह लाख लोगों से तीन हजार सात सौ छब्बीस करोड़ रूपयों का फ्रॉड किया है। मेराजुद्दीन, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
-------------
भारतीय तटरक्षक बल और संयुक्‍त अरब अमारात का तटरक्षक बल आज से संयुक्‍त अभ्‍यास में भाग लेगा और संचालन विशेषज्ञता साझा करेगा। भारतीय तटरक्षक पोत समुद्र पावक सदभावना यात्रा पर दुबई पहुंच गया है और राशिद बंदरगाह पर खड़ा है।
समुद्र पावक को देश के समुद्री हितों  की रक्षा के लिए उत्‍तर-पश्चिम समुद्री सीमा पर व्‍यापक रूप से तैनात किया जाता रहा है। हमारी संवाददाता ने यह बताया है कि यह भारतीय पोत बाद में ओमान, कतर और सऊदी अरब जायेगा।
-------------
अफगानिस्तान में बर्फ की चट्टानें खिसकने से एक सौ से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई है। मृतकों में एक ही गांव के पचास लोग  हैं। अफगानिस्तान में कई दिनों से भारी हिमपात हो रहा है। मध्य और उत्‍तर-पूर्वी प्रांतों में पिछले तीन दिन से जारी हिमपात के कारण बर्फ की चट्टानें खिसकने से 168 मकान नष्ट हो गए हैं और कई सौ मवेशियों की मौत हो गई है।
-------------
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका और रूस के बीच अच्‍छे संबंधों से आतंकी गुट इस्लामिक स्टेट का सफाया करने में मदद मिलेगी। कल फॉक्स समाचार चैनल के साथ एक साक्षात्कार में रूस के राष्ट्रपति का सम्मान करने के प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री ट्रम्प ने कहा कि रूस के साथ अच्छे संबंधों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मदद मिलेगी।
-------------
दृष्टि-बाधित जनों की ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 128 रन से हरा दिया। कोच्चि में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 272 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जबाव में ऑस्ट्रेलिया की टीम छह विकेट पर 144 रन ही बना सकी।
-------------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है : केन्‍द्रीय बजट 2017-18 आम लोगों के हित में।
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा। श्रोता टोल फ्री नंबर 1 8 0 0-1 1-5 7 6 7 पर स्टूडियो में मौजूद विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं। आप हमारे स्टूडियो में 011-2331-4444 पर भी कॉल कर सकते हैं ।
-------------

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

धन्यवाद विमलेंदु। तमिलनाडु में आल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी की महासचिव शशिकला नटराजन के विधायक दल का नेता चुने जाने को अखबारों ने अहमियत दी है। राष्ट्रीय सहारा लिखता है-शशिकला के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ। अंग्रेजी दैनिक हिंदू का कहना है डी एम के और भाजपा ने की आलोचना। हरिभूमि की टिप्पणी है-तमिलनाडु में चिन्नमा राज।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार में राजनीतिक दलों के नेताओं के शब्दबाण अखबारों के मुखपृष्ठ पर हैं। जनसत्ता ने केंद्रीय विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद के हवाले से लिखा है - तीन तलाक पर बड़ा कदम उठा सकता है केंद्र। यह धार्मिक या आस्था से जु़ड़ा मुद्दा नहीं, नारी सम्मान का मुद्दा है।
अमर उजाला की बड़ी खबर है - तीन लाख से अधिक नकद लेने पर अब सौ प्रतिशत जुर्माना, राजस्व सचिव हंसमुख अढिया बोले - पहली अप्रैल से लागू होगा नियम। सभी बड़े लेनदेन पर नजर रखेगी सरकार।
अंग्रेजी दैनिक टाइम्स ऑफ इंडिया ने दिल्ली में मंदबुद्धि विकास गृह-आशा किरण होम में भारी अनियमितताओं का उल्लेख किया है - दो महीने में ग्यारह लोगों की मौत। एक बिस्तर पर चार मरीज़। महिलाओं की सीसीटीवी मानिटरिंग करते हैं पुरुष।
दैनिक जागरण की अहम खबर है - इस्लामाबाद में हुआ पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन। कश्मीर दिवस पर कश्मीरियों ने पाकिस्तान को उसके घर में ही किया बेनकाब। कश्मीर में आतंकी भेजने वाले पाकिस्तान की असलियत फिर सामने आई।
उधर अमरीका में मुस्लिम बहुल देशों के प्रवासियों पर राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के वीज़ा प्रतिबंध पर बड़ी अदालत के फैसले पर नवभारत टाइम्स का शीर्षक है - ट्रम्प को कोर्ट से फिर झटका।