Loading

14 February 2017

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को गति प्रदान करने के लिए

राज्य सरकार ने किया हरियाणा कन्या कोष सोसायटी का गठन

सिरसा, 14 फरवरी।
राज्य सरकार द्वारा लड़कियों के उत्थान के लिए चलाये गये बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को गति प्रदान करने के लिए हरियाणा कन्या कोष सोसायटी का गठन किया गया है।
यह जानकारी देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ श्रीमती दर्शना सिंह ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा द्वारा (हरियाणा कन्या कोष सोसायटी) की स्थापना कन्याओं के कल्याण हेतु राशि जमा करने हेतु की गई है। इस कन्या कोष सोसायटी का खाता नं 671410110011021 बैंक ऑफ इंडिया सैक्टर-16, पंचकूला है, तथा इस बैंक की शाखा का आईएफएससी कोड बीकेआईडी0006714 है। हरियाणा कन्या कोष सोसायटी के खाते का मुख्य संचालन अधिकारी निदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग होगी, जिनका दूरभाष नं 0172-2560349 व 0172-2560225 है तथा ई-मेल आईडीdgwcdhry@gmail.com है। उन्होंने जिला के अंतर्गत सभी सरकारी व गैर सरकारी संगठनों, स्वैच्छिक संस्थाओं व प्राईवेट तथा व्यक्तिगत / जन समुदाय से इस कोष में दान राशि जमा करने की अपील की है। उनहोंने बताया कि इस कोष में राशि डिमांड ड्राफ्ट व चैक दोनो के द्वारा स्वीकार्य होगी, जोकि हरियाणा कन्या कोष सोसायटी के नाम देय होगी।

सिरसा, 14 फरवरी।
उप निदेशक कृषि डा. बाबूलाल ने बताया कि कीटनाशक अधिनियम 1968 की धारा 29(1) की उल्लंघना करने पर श्री राजेंद्र कुमार पुत्र श्री राम प्रकाश प्रो. मैसर्ज आर.आर. एंट्रप्राईजिसस दुकान नं 27बी सैकिंड ऐडिशनल मंडी सिरसा व कीटनाशक निर्माता कम्पनी मै. ए.सी.टी. एग्रो कैम प्राईवेट लिमिटिड, सनकारदा जिला बड़ोदरा, गुजरात के जिम्मेवार व्यक्ति श्री प्रकाश भाई पुत्र श्री मोती भाई पटेल को मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सिरसा के 16 नवम्बर 2016 के फैसले अनुसार 15-15 हजार रुपये का जुर्माना अदा करने के आदेश दिये हैं। उन्होंने कहा कि जुर्माना अदा न करने व एक मुश्त राशि अदा न करने की सूरत में एक माह की जेल के आदेश दिये हैं।

सिरसा, 14 फरवरी।
जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक 16 फरवरी की बजाय अब 20 फरवरी को प्रात: 11 बजे स्थानीय पंचायत में आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए नगराधीश डा. वेद प्रकाश बैनिवाल ने बताया कि इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य संसदीय सचिव स्वास्थ्य विभाग डा. कमल गुप्ता करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला विकास एवं मोनेटरिंग कमेटी भी 20 फरवरी को प्रात: 12.30 बजे लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में मुख्य संसदीय सचिव डा. कमल गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों से कहा है कि वे निश्चित समय व स्थान पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

सिरसा, 14 फरवरी।
हरियाणा के कृषि मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ कल 15 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में शेक्सपीयर की रचनाओं पर आयोजित होने वाले सम्मेलन में भाग लेंगे। यह जानकारी देते हुए नगराधीश डा. वेद प्रकाश बैनिवाल ने दी।

विशेष कानूनी साक्षरता शिविर का आयोजन 15 फरवरी को


सिरसा, 14 फरवरी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सौजन्य से कल 15 फरवरी 2017 प्रात: 11 बजे जिला के गांव पनीहारी में (तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण के शिकार) विशेष कानूनी साक्षरता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर एडवोकेट श्री दीपांशुल मक्कड़ व पेरालीगल वालेंटियर जयों सिंह द्वारा कानूनी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे निश्चित समय व स्थान पर पहुुंचकर जागरूकता शिविर में कानूनी नियमों के बारे में जानकारी प्राप्त करें।

फ्री कैंसर जांच कैंप एवं कैंसर जागरुकता अभियान का आयोजन 15 से 19 फरवरी तक

कालांवाली, 14 फरवरी। उपायुक्त श्रीमती शरणदीप कौर बराड़ की प्रेरणा से सेठ प्रकाश चंद सुरतिया की सालाना बरसी के उपलक्ष्य में सुरतिरया ट्रस्ट द्वारा एजेजेएफ सिंह चैरिटेबल हस्पताल के तत्वावधान में 15 फरवरी से 19 फरवरी 2017 तक प्रात: 10 बजे से सांय 4 बजे तक सेठ प्रकाश चंद सूरतिया चैरिटेबल ट्रस्ट नजदीक रिलायंस पैट्रोलपंप रोड़ी रोड़ कालांवाली में फ्री कैंसर जांच कैंप एवं कैंसर जागरुकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। जिसका शुभारंभ अनुशासन समिति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. गणेशीलाल करेंगे।
यह जानकारी देते हुए श्री गुरदीप सिंह प्रधान एजेजेएफ चैरिटेबल हस्पताल ने बताया कि फ्री कैंसर जांच केंप में स्तन कैंसर, फेफड़ों, बच्चेदानी, सरवाइकल, मुख कैंसर व रक्त की जांच की जाएगी। इस कैंप में तपोवन ट्रस्ट गंगानगर की टीम द्वारा विशेष जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति अवश्य जांच करवाएं। इस कैंप में वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा जांच पड़ताल की जाएगी तथा तीन दिन की उपलब्ध दवाईयां भी मुफ्त प्रदान की जाएगी। उन्होंने आमजन से आग्रह किया है कि वे अपने आस पड़ोस के मौहल्लों में इस प्रकार का कोई रोगी हो तो उन्हें इस बारे प्रेरित करें ताकि कैंप में आकर जांच पड़ताल करवाएं।

पतली डाबर में डिजि बसंत मेला 2017 का आयोजन 17 फरवरी को

सिरसा, 14 फरवरी। आगामी 17 फरवरी को प्रात: 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पतली डाबर में डिजि बसंत मेला 2017 का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए उपमंडलाधीश श्री परमजीत सिंह चहल ने बताया कि इस मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉलें लगाई जाएगी जिनमें सभी विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी देंगे। इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोजित होने वाले इस बसंत मेलें में लोगों को कैशलेस लेनदेन के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त लोगों को दी जा रही नागरिक सेवाओं के विस्तार, आधार कैंप, ई-सेवाएं, ड्राईविंग लाईसैंस की ऑनलाईन पेमेंट, बैंक खाता खोलने, एटीएम मोबाईल वैन, मोबाईल एप के माध्यम से ट्रांजेक्शन, कैंशलेस मंडियां, बैंक अदायगी, जनधन खाता खोलने, सहकारी सेवाओं, मार्केट कमेटियों का लेनदेन, औद्योगिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों व विभिन्न संस्थाओं द्वारा की जाने वाली अदायगी को डिजीटल लेनदेन के माध्यम से करने के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त अटल सेवा केन्द्रों के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं के बारे में वीएलई द्वारा विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस मेले में सक्षम योजना के तहत जिला में कार्य कर रहे युवाओं द्वारा भी कैशलेस बारे जानकारी दी जाएगी। 
उपमंडलाधीश ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित स्टॉलो में योजनाओं के बारे मे पंपटेंट, पोस्टर, स्लोगन आदि लगवाएं व वितरित करें ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और आम आदमी इनका लाभ उठा सके।

विशेष बच्चों की दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक, क्रीड़ा एवं कला प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन

जिला के सातों ब्लॉक सिरसा, रानियां, नाथूसरी चौपटा, ऐलनाबाद, ओढ़ां, बड़ागुढा तथा डबवाली के लगभग 250 खिलाडी भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में 50 मीटर दौड़ (लड़के व लड़कियां), 100 मीटर दौड़ (लड़के व लड़कियां), लॉग जंप (लड़के), शॉट पुट (लड़के), कला व क्राफ्ट प्रतियोगिता, मिट्टी के मॉडलिंग बनाना, पोस्टर बनाना, चित्रकारी प्रतियोगिता, सोलो डांस (लड़के व लड़कियां), भाषण प्रतियोगिता, ग्रुप डांस आदि का आयोजन भी किया जा रहा है।

सिरसा, 14 फरवरी। समावेशित शिक्षा परियोजना के तहत कक्षा छठी से 12वीं तक के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक, क्रीड़ा एवं कला प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन स्थानीय शहीद भगत सिहं स्टेडियम में किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त एवं अध्यक्ष सर्व शिक्षा अभियान श्री अजय सिंह तोमर थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी डा. यज्ञदत्त वर्मा ने की। इस प्रतियोगिता में जिला के सातों ब्लॉक सिरसा, रानियां, नाथूसरी चौपटा, ऐलनाबाद, ओढ़ां, बड़ागुढा तथा डबवाली के लगभग 250 खिलाडिय़ों ने भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में 50 मीटर दौड़ (लड़के व लड़कियां), 100 मीटर दौड़ (लड़के व लड़कियां), लॉग जंप (लड़के), शॉट पुट (लड़के), कला व क्राफ्ट प्रतियोगिता, मिट्टी के मॉडलिंग बनाना, पोस्टर बनाना, चित्रकारी प्रतियोगिता, सोलो डांस (लड़के व लड़कियां), भाषण प्रतियोगिता, ग्रुप डांस आदि का भी आयोजिन किया जा रहा है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्री अजय सिंह तोमर ने संबोधित करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की इस प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है।
इस जिला स्तरीय प्रतिस्पर्धा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सोनीपत में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे इन बच्चों में विशेष गुण हैं। ये बच्चे भी अन्य बच्चों की अपेक्षा किसी क्षेत्र में कम नहंी है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि इन बच्चों में प्रतिभा की जरुरत है। इनकी प्रतिभा को निखारने की आवश्यकता है। हमें ऐसा नहीं सोचना चाहिए कि ये बच्चे हमारे पर बोझ है। यही बच्चे आगे चल कर ख्याति प्राप्त करेंगे तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई खेल नीति के तहत, ओलंपिक्स और परालिम्पिक्स खेलों में स्वर्ण पदक लाने वाले खिलाडिय़ों को छह करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी, पहले उन्हें पुरस्कार स्वरूप पांच करोड़ रुपये दिए जाते थे। इसी तरह, रजत पदक लाने वाले को एक करोड़ रुपये ज़्यादा मिलेंगे, जबकि कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 50 लाख रुपये ज्यादा दिए जाएंगे। वहीं एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों की पुरस्कार राशि को भी बढ़ा दिया गया है। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को अब दो की जगह तीन करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर 50 लाख रुपये ज्यादा मिलेंगे। ये नकद पुरस्कार राशि सिर्फ हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाडिय़ों को मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा ने खिलाडिय़ों के लिए पेंशन का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अर्जुन, ध्यानचंद और राजीव गांधी खेल रत्न जैसे पुरस्कारों से सम्मानित होने वाले खिलाडिय़ों को हरियाणा सरकार पेंशन देगी।
यह सहायता केंद्र सरकार कि तरफ से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर कि खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को सरकार नौकरी का अधिकार देगी। इस संबंध में सरकार कि मौजूदा नीति को ओर पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाएगा, ताकि किसी को शिकायत का मौका न मिले। प्रदेश की नई खेल नीति के तहत, खिलाडिय़ों के कोच को भी सम्मानित करने का प्रावधान किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी डा. यज्ञदत्त वर्मा ने अतिरिक्त उपायुक्त का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में इन बच्चों को अलग से देखते हैं लेकिन कला किसी अंग की मोहताज नहीं होती, ये बच्चे आम बच्चों की तरह ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेते हैं। जरुरत है इन बच्चों का होंसला बढ़ाने का। उन्होंने कहा कि इन बच्चों में वे सभी गुण हैं जो आम बच्चों में होते हैं। उन्होंने इन स्कूलों के बच्चों के अध्यापकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन बच्चों को आगे लाने के लिए जो अध्यापकों ने प्रयत्न किया है वे अध्यापक बधाई के पात्र हैं और ये बच्चे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी जलवा बिखेरेंगे। 
इस अवसर पर 100 मीटर की दौड़ का आयोजन किया गया जिसमें महावीर जैन स्कूल डबवाली के छात्र जयवीर ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ागुढा के सिमरजोत ने दूसरा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दड़बाकलां के ललित कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अतिरिक्त उपायुक्त ने विजेता प्रतिभागीयों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। 
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री देवेंद्र कुंड्डु ने सभी का स्वागत किया और कहा कि इन प्रतियोगिताओं में पूर्ण रुप से पारदर्शिता बरती जाएगी और सभी बच्चे खेल की भावना से खेलेंगे। इस मौके पर हेलन केलर विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत, दिशा संस्था के बच्चों ने भंगड़ा, आर.के.जी. संस्था के बच्चों ने हरिणावी नृत्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र बबलूू ने बिना हाथों के लाठी चलाने का प्रदर्शन तथा प्रयास संस्थान द्वारा एक्शन सांग प्रस्तुत किया गया। 
इस अवसर पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी श्री कृष्ण कुमार बेनीवाल, सहायक परियोजना अधिकारी श्री अमित देवगण, प्राचार्य श्री कुलवंत सिंह, डीपी श्री अनिल कुमार सहित बच्चों के अभिभावक व अध्यापक उपस्थित थे।