Loading

20 March 2017

लायन्स रीजन कान्फ्रेंस रैपिड 2017 का भव्य आयोजन

सिरसा डायमंड को मिला बैस्ट क्लब का अवार्ड, रोनक मेहता लायन ऑफ रीजन अवार्ड से सम्मानित
सिरसा। लायन्स क्लब इंटरनेशनल जनपद 321 -ए3 के रीजन 5 की रीजन कान्फ्रेंस रैपिड 2017 का विशाल आयोजन स्थानीय निशुराज रिसोर्ट में रीजन चेयरमैन लायन जगदेव सरकारिया की अध्यक्षता में किया गया।
इस समारोह में पंजाब पुलिस के आईजी सरदार बलकार सिंह सिद्धू बतौर मुख्यअतिथि शामिल हुए व स्थानीय डीएसपी विजय कक्कड़ पूर्व जनपद अध्यक्ष, लायन चंद्रशेखर मेहता, लायन केएल खट्टर, लायन राकेश त्रेहान, कैबीनेट कोषाध्यक्ष, लायन गगनज्योत सिंह व इंस्पेक्टर यादवेन्द्र सिंह कुलार बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। कान्फ्रेंस में सिरसा, रानियां व डबवाली की कुल 13 क्लबों के सदस्यों, प्रतिनिधियों ने सपरिवार शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मास्टर गोपाल गांधी द्वारा ईश वंदना से किया गया। जोन चेयरमैन लायंस सुशील मेहता ने  अतिथियों का अभिनंदन किया। रीजन चेयरमैन जगदेव सरकारिया ने पूरे वर्ष में सभी 13 क्लबों द्वारा समाजसेवी कार्यों का पूर्ण विवरण प्रस्तुत किया। सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लायंस ब्लक के सदस्य निरंतर समाज के प्रति अपनी जिम्मेवारी को समझते हुए प्रत्येक क्षेत्र में अपना योगदान देते हैं। चाहे वो रक्तदान का क्षेत्र हो, पर्यावरण सुरक्षा का क्षेत्र हो, गरीब कन्याओं की शादी हो, गऊ सेवा हो, मेडिकल हैल्थ चैकअप कैंप हो, जिला कारागर में जरुरी सामग्री वितरण व गरीबों की सहायता जैसे सभी क्षेत्र शामिल हैं। इस अवसर पर मेडिकल हैल्थ चैकअप व पौधारोपण के क्षेत्र में सिरसा डायमंड, अन्न सहायता के लिए सिरसा सिटी, रोड सेफ्टी के लिए डबवाली अक्स, इमेज ऑफ लाइनिज्म के लिए सिरसा ब्राइट, स्वच्छ भारत अभियान के लिए सिरसा एक्टिव, गौ सेवा प्रोजेक्ट के लिए रानियां शाइन व शताब्दी प्रोजेक्ट के लिए सिरसा सेंट्रल को बैस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। लायन होशियार चंद शर्मा बैस्ट प्रेजीडेंट, डबवाली अक्स के लायन आशु लूना बैस्ट सचिव व सिरसा सेंट्रल के लायन पवन जैन को बैस्ट कोषाध्यक्ष चुना गया।  वर्ष का सबसे प्रेस्टीजीअस अवार्ड में लायन ऑफ द रीजन लायंस क्लब सिरसा रेपिड के अध्यक्ष लायन रोनक मेहता को मिला। इस अवसर पर मुख्यअतिथि बलकार सिंह सिद्धू ने लायंस क्लब की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें साधुवाद दिया व जिन्होंने समाजसेवी कार्य करते हुए अवार्ड प्राप्त किए उन्हें बधाई दी व जिन्हें अवार्ड नहीं प्राप्त हुए उन्हें अगले वर्ष के लिए बढ़चढ़कर सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अगल वर्ष उनका वर्ष होना चाहिए। मंच संचालन लायन संजय गांधी ने किया।  आयोजन में विशेष योगदान मेजबान क्लब, लायंस क्लब, सिरसा रेपिड व लायन हरदीप सरकारिया व उनकी टीम का रहा। अंत में पूर्व जनपद अध्यक्ष लायन चंद्रशेखर मेहता ने आए हुए सभी सदस्यों, मेहमानों का धन्यवाद किया।

बिन्द्र कौर व सर्वजीत कौर को बनाया बड़ागुढा मंडल का महामंत्री


बड़ागुढा। भाजपा महिला मोर्चा के बड़ागुढा मंडल की कार्यकारिणी घोषित कर दी है। जिलाध्यक्ष निताशा राकेश सिहाग, भाजपा मंडल अध्यक्ष गुरचरण मत्तड़, मंडल प्रभारी सुरेन्द्र कौर पूनिया व सह प्रभारी ममता रानी बप्पां से विचार-विमर्श करके मंडल अध्यक्ष अवतार कौर ने कार्यकारिणी का विस्तार किया है।
मोर्चा की जिला मीडिया प्रभारी सोनिया वर्मा ने बताया कि अवतार कौर ने अपनी कार्यकारिणी में बिन्द्र कौर शर्मा व सर्वजीत कौर को महामंत्री लिया है। जसविन्द्र कौर मलड़ी, परमजीत कौर, मंजू अरोड़ा व सर्वजीत रोड़ी को उपाध्यक्ष तथा अंजना रानी, चरणजीत कौर, सत्या देवी व रणजीत कौर सुरतिया को सचिव नियुक्त किया है। वहीं निर्मला गोयल को कोषाध्यक्ष, सर्वजीत कौर सोनी को मीडिया प्रभारी व कविता रानी को सह मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही मनजीत कौर, जसमेल कौर, रणजीत कौर, शांति देवी, वीरपाल कौर, रमनदीप कौर, कुलविन्द्र कौर, सुक्खी देवी, दर्शना देवी, कृष्णा देवी, हरप्रीत कौर, इंद्रजीत कौर, बलजीत कौर व माया देवी को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।

समाचार

  • मणिपुर में केंद्र, राज्य और नगा गुटों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता के बाद लगभग पांच महीने से जारी आर्थिक नाकेबंदी समाप्त। राज्य में भाजपा के नेतृत्व में नवगठित पहली सरकार का आज विधानसभा में बहुमत परीक्षण।
  • दिल्ली में जाट आरक्षण संघर्ष समिति का प्रस्तावित आंदोलन हरियाणा सरकार और जाट नेताओं के बीच बैठक के बाद टला।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया कार्यक्रमों के तहत रत्न आभूषण क्षेत्र में विकास और विस्तार की अपार संभावनाएं।
  • भारत और पाकिस्तान के स्थायी सिंधु जल आयोग की दो दिन की बैठक आज से इस्लामाबाद में।
  • अरुणाचल प्रदेश में तवांग के पास सेला दर्रे में बर्फीले तूफान से एक विदेशी पर्यटक की मृत्यु, 127 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
  • रांची में भारत के साथ तीसरे क्रिकेट टैस्ट मैच के अंतिम दिन आज आस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 2 विकेट पर 23 रन से आगे खेलेगा।

---------
मणिपुर में दो राष्‍ट्रीय राजमार्गों पर लगभग पांच महीने से जारी संयुक्‍त नगा परिषद की आर्थिक नाकेबंदी पिछली रात समाप्‍त हो गई। सेनापति जिला मुख्‍यालय में कल त्रिपक्षीय वार्ता में केंद्र, राज्‍य की नई सरकार और संयुक्‍त नगा परिषद के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिसमें नाकेबंदी समाप्त करने पर सहमति हुई। राज्‍य सरकार संयुक्‍त नगा परिषद के गिरफ्तार नेताओं को बिना शर्त छोड़ने को तैयार हो गई है। साथ ही नगा नेताओं और नगा छात्र नेताओं के खिलाफ आर्थिक नाकेबंदी से जुड़़े सभी मामले बंद किए जाएंगे। तीनों पक्ष एक महीने के भीतर त्रिपक्षीय वार्ता  के लिए सहमत हो गए हैं।
      ---------
मणिपुर में, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एन बिरेन सिंह की सरकार का आज इंफाल में विधानसभा में शक्ति परीक्षण होगा। भाजपा ने राज्‍य में पहली बार अपने 21 विधायकों तथा नेशनल पीपल्स पार्टी और नगा पीपल्स फ्रंट के चार-चार, लोक जनशक्ति पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के एक-एक विधायक के समर्थन से सरकार बनाई है। खबर है कि एक निर्दलीय विधायक भी सत्‍तारूढ खेमे को समर्थन दे रहा है। 60 सदस्‍यों की मणिपुर विधानसभा में कांग्रेस के 28 विधायक हैं। 
---------
दिल्‍ली में आज से प्रस्‍तावित जाट आंदोलन टाल दिया गया है। जाट नेताओं और हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल के बीच हुई बातचीत के बाद आंदोलन वापस लेने का फैसला किया गया।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की मांग कर रही है।
जाट नेताओं की जो मांगें मान ली गई है उनमें जाट आरक्षण विधेयक पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद संविधान की नौवीं सूची में डालने की प्रक्रिया शुरु करना, पिछले आंदोलन में मारे गये व्यक्तियों के आश्रितों और विकलांगों को सरकारी नौकरी देना, वर्ष 2010 से 2017 तक जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों की पुनः समीक्षा करना शामिल है। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री पी पी चौधरी ने सहमति जताई है कि राष्ट्रीय़ पिछड़ा आयोग के पदाधिकारियों के रिक्त पदों पर भर्ती के उपरांत यथाशीघ्र आरक्षण देने की विधि सम्मत प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी। अश्वनी कु्मार शर्मा, आकाशवाणी समाचार,चंडीगढ़
प्रस्‍तावित आंदोलन वापस ले लिये जाने के बाद मेट्रो, बस और स्‍थानीय रेल सेवाएं सामान्‍य रूप से चलेंगी हालांकि सुरक्षा प्रबंध पहले की तरह ही रहेंगे।
---------
उत्‍तर प्रदेश के नव-नियुक्त मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य का तेजी से विकास करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की पिछली सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश का काफी नुकसान हुआ है। उन्‍होंने, कानून और व्‍यवस्‍था की स्‍थिति बहाल करने और महिलाओं की सुरक्षा तथा रोजगार को प्राथमिकता देने का भी वायदा किया।
लोक कल्याण के प्रति समर्पित यह सरकार बगैर किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए समान रूप से कार्य करेगी। इसके लिए शासन, प्रशासन को संवेदनशील और जवाबदेह बनाया जायेगा।
मुख्‍यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को निर्देश दिया कि वे अपनी आय तथा चल और अचल सम्‍पत्‍ति का ब्‍यौरा दें।
---------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार देश को अन्‍तरराष्‍ट्रीय रत्‍न आभूषण कारोबार का केन्‍द्र बनाने पर खास ध्‍यान दे रही है। कल शाम मुंबई में आयोजित अन्‍तर्राष्‍ट्रीय रत्‍न आभूषण सम्‍मेलन को वीडियो कांफ्रेस के जरिए संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मेक इन इंडिया और स्‍किल इंडिया जैसे कार्यक्रमों के तहत रत्न और आभूषण क्षेत्र के कारोबार में विकास की अपार संभावनाएं हैं। 
Our aim is to make India a prefoured destination for manufacturing. In the last 15 years the jewels and jewellary sector as accounted for four hundred and seventy five billion dollor of export.
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कारोबार से जुड़ने वाले नये लोगों में आवश्यक कौशल विकसित करना है ताकि वे 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था में योगदान कर सकें। 
---------
भारत और पाकिस्‍तान के बीच आज इस्‍लामाबाद में स्‍थाई सिंधु जल आयोग की बैठक होगी। दो दिन की बैठक में भाग लेने 10 सदस्‍यीय भारतीय शिष्‍टमंडल कल इस्‍लामाबाद पहुंचा। भारतीय शिष्‍टमंडल का नेतृत्‍व भारत के सिंधु नदी आयुक्‍त पी.के. सक्‍सैना करेंगे। उनके अलावा विदेश मंत्रालय के अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ भी बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक लगभग छह महीने बाद हो रही है। भारत ने उड़ी आतंकी हमले के मद्दे नजर यह वार्ता रोक दी थी।
---------
अरूणाचल प्रदेश में तवांग के निकट सेला दर्रे में बर्फीले तूफान की चपेट में आने से बुलगारिया की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई, जबकि सेना की मदद से पांच विदेशी पर्यटकों सहित 127 लोगों को बचा लिया गया है। यह बर्फीला तूफान शनिवार दोपहर में आया और सेना की स्थानीय इकाई ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जापान, न्यूजीलैंड और बुलगारिया के पर्यटकों सहित कई लोगों को बचा लिया।
---------
हिमाचल प्रदेश में शिमला में कल डिजीधन मेले का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है और इससे डिजीधन प्रणाली ज्यादा से ज्यादा मजबूत हो रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस मेले में 19 से अधिक सरकारी और निजी बैंकों ने हिस्सा लिया।
फॉरगेट कैश गो डिजीटल शिमला में आयोजित इस पहले डिजीधन मेले का उद्देश्य रहा। हजारों लोगों व व्यापारियों ने इस एकदिवसीय मेले का दौरा किया और नगदी रहित विभिन्न प्रणालियों संबंधी जानकारी ली। उन्नीस राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के अधिकारियों ने नगदी रहित  प्रणाली और भुगतान के लिए विभिन्न इलेक्ट्रोनिक उपकरणों पर लोगों का मार्गदर्शन किया। शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, शिमला
---------  
प्रख्‍यात गुजराती कवि और गज़लकार चीनू मोदी का कल शाम अहमदाबाद में निधन हो गया वे 78 वर्ष के थे और दिल का दौरा पड़ने के बाद पिछले सप्‍ताह से अस्‍पताल में भर्ती थे।  श्री चीनू मोदी ने गुजराती कविता, नाटक, उपन्‍यास  और कहानियों में उल्‍लेखनीय योगदान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनू मोदी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन से गुजराती साहित्य को बहुत नुकसान हुआ है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट संदेश में कहा कि उनकी रचनाएं और कृतियां सदैव याद की जाएंगी।
---------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक का विषय है- नई राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति 2017
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्‍ड चैनल और अतिरिक्‍त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जाएगा।
श्रोता टोल फ्री नंबर 1XXX-XX-5767 पर स्‍टूडियों में मौजूद विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं। आप हमारे स्‍टूडियो में 011-2331-4444 पर भी कॉल कर सकते हैं।
---------
रांची में भारत के साथ तीसरे क्रिकेट टैस्ट मैच के अंतिम दिन आज आस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 23 रन से आगे खेलेगा। भारत ने कल अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 603 रन बना कर घोषित कर दी थी। चेतेश्वर पुजारा ने 202 और रिद्धिमान साहा ने 117 रन बना कर भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया।
आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 451 रन बनाए थे। पहली पारी के आधार पर भारत को 152 रन की बढ़त मिली है।
---------
विजय हजारे क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल आज नई दिल्‍ली में तमिलनाडु और बंगाल के बीच खेला जाएगा।
बंगाल और तमिलनाडु ने 2008-09 और 2009-10 में हुये फाइनल मैचों में सीमित ओवर के मैचों में अपनी योग्‍यता साबित की है। दोनों अवसरों पर तमिलनाडु ने आसानी से जीत दर्ज की थी।
---------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
उत्‍तर प्रदेश में भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण अखबारों की प्रमुख खबर है। दैनिक जागरण की सुर्खी है- आई योगी सरकार।  जनसत्‍ता की टिप्‍पणी है- योगी ने संभाला राजपाट, मंत्रियों से मांगा आय का ब्‍यौरा।नवभारत टाइम्‍स का कहना है- कमान संभालते ही साफ किया एजेंडा।
जाट आरक्षण आंदोलन स्‍थगित होने पर हिन्‍दुस्‍तान के शब्‍द हैं- राहत : जाटों ने दिल्‍ली कूच टाला। मेट्रो सेवाएं रहेंगी जारी।
जनसत्‍ता की अहम खबर है कमजोर प्रदर्शन वाले कॉलेजों पर गिरेगी गाज, हिन्‍दुस्‍तान का कहना है- विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग के परामर्श कार्यक्रम के बावजूद प्रदर्शन नहीं सुधारने वाले संस्‍थानों पर केन्‍द्र का हो सकता है- कड़ा रूख। सभी शिक्षण संस्‍थानों और विश्‍वविद्यालयों का ऑडिट होगा, गुणवत्‍ता पर रहेगा जोर।
अमर उजाला ने विधिमंत्री रविशंकर प्रसाद के हवाले से लिखा है- सरकारी विवाद सुलह से निपटाये, कोर्ट न जाएं। आखिरी विकल्‍प में ही ले आदलत की शरण। मुकदमों का बोझ घटाने के लिए विशेष मुहिम चलाने का किया आग्रह, 44 प्रतिशत लम्बित मुकदमें सरकारों के।
दैनिक भास्‍कर ने दिल्‍ली हाईकोर्ट के फैसले का उल्‍लेख किया है - बदसलूकी पर वयस्‍क बच्‍चों को निकाल सकते हैं माता-पिता। अदालत ने दो भाईयों की अपील पर किया फैसला।
राजस्‍थान पत्रिका की खबर है- आधार सत्‍यापन के लिए जून से नये मानक लागू, आधार प्रमाणन उपकरण के साथ छेड़छाड़ करना अब और भी कठिन होगा। भारतीय विशिष्‍ट  पहचान प्राधिकरण ने पहली जून से नये एनक्रेप्‍शन मानक को लागू करने का फैसला किया है।
---------

रणजीत सिंह ने जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का दिया निमंत्रण

ओढ़ां
कांग्रेस नेता रणजीत सिंह ने 23 मार्च को होने वाले जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर ओढ़ां क्षेत्र के गंावों में जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया। इस दौरान ओढ़ां में बस स्टेंड पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 23 मार्च को सिरसा की अनाजमंडी में कार्यकर्ता सम्मेलन में आप लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचें जिसमें जिला भर के कार्यकर्ता शामिल होकर अपनी एक राय बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसान वर्ग सबसे ज्यादा तंग और परेशान है। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल ने किसानों के हित में काम करते हुए किसानों के लिए अनेक नीतियां बनाई जिससे किसान को लाभ हुआ। उन्होंने कहा कि वे स्वयं चौ. देवीलाल की नीतियों का अनुसरण कर रहे हैं और उन्हीं की तर्ज पर किसान हित में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की बात करने वाले तो बहुत हैं लेकिन किसानों के हित में काम करना सभी के वश की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके सभी कार्यकर्ता कृषि से जुड़े हुए हैं और कार्यकर्ताओं से निरंतर इस बात पर चर्चा होती है कि किसानों के लिए चौ. देवीलाल की नीतियों को प्रभावशाली ढंग से लागू करने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में इन सभी विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा होगी। इस अवसर पर राम प्रसाद गोदारा, टेक चंद बनवाला, राजा कस्वां, गुरजंट सहू, कौर सिंह कुंडर, सुखदेव बैनिवाल, सुरेश कुमार पंच सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।

रक्तदान कर किसी की जान जान बचाने से अच्छा कुछ नहीं : दलेराम महला

ओढ़ां
शहीद भगत सिंह युवा क्लब जलालआना की ओर से शहीद भगत सिंह की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। क्लब के प्रधान कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस रक्तदान शिविर में ओढ़ां के थाना प्रभारी दलेराम महला ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। शिविर में शिव शक्ति ब्लड बैंक सिरसा की टीम ने डॉ. शेर सिंह के नेतृत्व में कुल 33 यूनिट रक्त संचित किया। शिविर के आयोजन में सरपंच पाली सिंह, क्लब सचिव जगतार सिंह, हैप्पी सिंह, गुरदीप सिंह, गोरा सिंह और हरदीप आदि ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। इस अवसर पर एसएचओ ओढ़ां दलेराम महला ने कहा कि रक्तदान करके हम किसी की जान बचा सकते हैं और किसी की जान बचाने से अच्छा कार्य और क्या हो सकता है। किसी को नवजीवन देकर जो आत्मिक आनंद प्राप्त होता है उसका न तो मूल्य आंका जा सकता है और न ही शब्दो में व्यक्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि आप चाहते हैं कि कोई सुहागिन विधवा न बने, वृद्ध मां बाप बेसहारा ना हों तथा खिलता यौवन काल कलवित न हो तो बिना किसी भय के नि:संकोच स्वैच्छिक रक्तदान करें।
इस अवसर पर डॉ. शेर सिंह ने रक्तदान के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि बहुत से लोगों में ये भ्रांति फै ली है कि रक्तदान करने से शरीर में खून की कमी हो जाती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। क्योंकि रक्त के कणों का जीवन मात्र 90 से 120 दिन का होता है अत: हमारे शरीर में रक्त का निर्माण और क्षय हमेशा चलता रहता है, इसलिए दान किए गए रक्त की पूर्ति स्वत: हो जाती है। उन्होंने बताया कि रक्त हमेशा उसी व्यक्ति का लिया जाता है जिसका स्वास्थ्य ठीक हो, आयु 18 से 60 वर्ष के मध्य हो और वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो। रक्तदाता को एचआईवी, हैपाटाइटस बी या सी जैसी बीमारी ना हो, उसने कम से कम 12 सप्ताह पहले तक रक्तदान ना किया हो और पिछले 12 महीनों में रक्त ना लिया हो। रक्त देने के स्थान पर घाव या निशान ना हो, हिमोग्लोबिन 12.5 से अधिक हो, शरीर के सभी अंग नियमित काम करते हों तथा रक्तदान से पूर्व भरपेट भोजन किया हो।