Loading

22 March 2017

अग्निशमक यंत्रों की जानकारी प्रदान करने हेतु कार्यशाला आयोजित

ओढ़ां
राजेन्द्रा पब्लिक स्कूल पंजुआना में अग्निशमक यंत्रों की जानकारी प्रदान करने के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। विद्यालय के सभी अध्यापकगणों, बस चालकों ओर परिचालकों को इन यंत्रों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

अग्रवाल फायर फाईटिंग बेगु रोड सिरसा से आए दीपक अग्रवाल ने इन यंत्रों की जानकारी प्रदान की। अग्निशमन के लिए विद्यालय भवन और विद्यालय वाहनो मे अग्निशामन सिलेंडरों की व्यवस्था की गयी है। आग लगने की स्थिति में इन सिलेंडरों का प्रयोग कैसे करना चाहिए इसके बारे में सभी को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष रस्तोगी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा की घर की रसोई मे कार्य करते समय, विद्यालय में और अन्य सभी स्थानो पर सावधानी पूर्वक काम करना चाहिए तथा आग लगने पर सही तरीके से अग्निशमन यंत्रों अथवा रेत का प्रयोग करना चाहिए।

रक्तदान कर किसी की जान बचाना शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि : दलेराम महला

ओढ़ां
शहीद भगत सिंह युवा क्लब जलालआना की टीम ने शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में गांव के राजकीय उच्च विद्यालय में नौवां रक्तदान शिविर आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
क्लब के प्रधान कुलदीप सिंह की देखरेख व ग्राम सरपंच अमनदीप पाली की अध्यक्षता में आयोजित इस रक्तदान शिविर में थाना प्रभारी ओढ़ां दलेराम महला ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लेते हुए शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर के दौरान शिव शक्ति ब्लड बैंक सिरसा की टीम ने डॉ. शेर सिंह के नेतृत्व में कुल 33 यूनिट रक्त संग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने रक्तदान करने वाली महिलाओं सहित सभी रक्तदाताओं को प्रशंसापत्र व स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया। 
इस अवसर पर मुख्यातिथि दलेराम महला ने कहा कि रक्तदान करके किसी की जान बचाना ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि किसी को नया जीवन देकर जो आत्मिक आनंद प्राप्त होता है उसका न तो मूल्य आंका जा सकता है और न ही उसे शब्दो में व्यक्त किया जा सकता है। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान करने को प्रेरित किया। डॉ. शेर सिंह ने रक्तदान के विषय में आवश्यक जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमी नहीं आती क्योंकि हमारे शरीर में नए रक्त के निर्माण की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है। उनके अतिरिक्त सरपंच अमनदीप पाली और क्लब अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने भी अपने संबोधन शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए सभी को रक्तदान के प्रति जागरूक किया। शिविर के आयोजन में क्लब सचिव जगतार सिंह, हैप्पी सिंह, गुरदीप सिंह, गोरा सिंह और हरदीप आदि ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया।

कृषि शिखर सम्मेलन में ग्रामीणों को मिले नए अनुभव

ओढ़ां
ओढ़ां के ग्राम सचिवों, सरपंचों ग्रामीणों तथा खारिया के किसानो व पशुपालकों ने सूरजकुंड फरीदाबाद में आयोजित तीन दिवसीय कृषि शिखर सम्मेलन में भाग लेकर सरकार द्वारा उनके किसानों व पशुपालकों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
फरीदाबाद गए दल का नेतृत्व करने वाले डॉ. तरूण सरदाना ने बताया कि पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुशील गोदारा के मार्गदर्शन में ग्रामीणों के दल ने नए अनुभव प्राप्त किए। सम्मेलन के अनुभव सांझा करते हुए तरूण सरदाना ने ग्रामीणों को नए अनुभवों एवं प्राप्त जानकारी को धरातल पर लागू करने का संकल्प दोहराया। सम्मेलन में जयपाल महला, विनोद कुमार, मेनपाल, ओमप्रकाश, विकास गौतम, गोपीराम, धनराज और सतबीर सहित अनेक ग्रामीणों ने भाग लिया।

बैठकों में महिला सरपंच स्वयं भाग लें उनके प्रतिनिधि नहीं : शरणदीप कौर बराड

ओढ़ां
उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ओढ़ां का निरीक्षण के दौरान निर्देश देते हुए कहा कि खंड कार्यालय में होने वाली बैठकों में महिला सरपंचों का भाग लेना सुनिश्चित करें और उनकी जगह उनका प्रतिनिधि नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत सभी गांवों को साफ सुथरा बनाया जाए, गांवों में स्वच्छता की जांच करने के बाद ही उनको एक लाख रूपये की राशी दी जाएगी।
उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिये कि वे अपने कार्यालय के कर्मचारियों की हाजिरी बायोमीट्रिक प्रणाली से लगाना सुनिश्चित करें तथा कोई भी कर्मचारी व अधिकारी क्षेत्रीय दौरे पर जाए तो बायोमीट्रिक प्रणाली से हाजिरी लगाकर जाएं। उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों के बारे में पूछताछ करते हुए सचिव कार्यालय खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ओढ़ां को मकान के किराए की बकाया राशि देने के निर्देश दिये। उन्होंने मनरेगा, एचआरडीएफ, पीएवाई और एमपी लैड आदि योजनाओं द्वारा करवाए गए कार्यों की समीक्षा की और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशासनिक अधिकारी से कहा कि वे इन योजनाओं के तहत करवाए गए कार्यों का निरीक्षण करें।
उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिये कि वे सीएम विंडो की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें और कोई भी शिकायत लंबित न रहें। उन्होंने आरटीआई एक्ट के तहत मांगी गई रिपोर्ट तुरंत देने को कहा। महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत करवाए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इस योजना के तहत कार्यों को पूर्ण करवाने, विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र भिजवाने तथा पंचायती भूमि से अवैध कब्जे हटाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन गांवों में स्वच्छ भारत अभियान के तहत पुरस्कार राशि प्राप्त हुई है उन गांवों को यह राशि भिजवाना सुनिश्चित करें और गांवों में विकास कार्यांे पर खर्च करवाएं। उन्होंने कहा कि वे पंच, सरपंचों व पंचायत समिति की बैठकों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों को भी बुलाएं। उन्होंने खंड कार्यालय में रंग रोगन करवाने, सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने तथा कार्यालय प्रांगण में हरे भरे पेड़ पौधे लगाने को कहा ताकि प्रांगण सुंदर नजर आए। उन्होंने पंचायत समिति अध्यक्ष से कहा कि वे नियमित रुप से पंचायत समितियों की बैठकें करवाने और बैठकों में प्रतिनिधियों की बजाय महिला सदस्यों का स्वयं आना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कार्यालयों के कर्मचारियों की संख्या, सर्विस बुक व भ्रमण रजिस्टर को अपडेट रखने के भी निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी व अधिकारी आपसी तालमेल बना कर मेहनत व ईमानदारी से कार्य करें। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद ईमरान राजा, विकास यादव, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बलराज सिंह, अभिनव मेहता, वेदपाल, एसडीओ पंचायती राज शेषकरण बिश्नोई, पंचायत समिति अध्यक्ष मनोज शर्मा, लखाकार बिकर सिंह, राजेश सारस्वत व गुरविंद्र सिंह सहित पंचायत सचिव जगबीर सिंह व कृष्ण बेरवाल अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय में रक्तदान उत्सव आयोजित

ओढ़ां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढ़ां में एनएसएस यूनिट की ओर से आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में रक्तदान उत्सव आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए शिक्षाविद् डॉ. आत्मप्रकाश नन्दा ने स्वयंसेवकाओं को शिक्षा व खेलकूद के साथ सामाजिक सरोकार के लिए रक्तदान करने को प्रेरित किया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव मंदर सिंह, डीएड प्राचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र और जसबीर जस्सा भी उपस्थित रहे।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. शमीम शर्मा ने 39 वीं बार रक्तदान करते हुए रक्तदान को महायज्ञ की संज्ञा दी तथा स्वयंसेविकाओं को इस यज्ञ में आहुति डालने का आह्वान किया। शिविर में हिन्दी विभाग की प्राध्यापक इन्दु सहारण व कॉलेज कर्मचारियों कुलविन्द्र सिंह, गुरप्रीत शर्मा, विजेन्द्र, रमेशचन्द्र, विरेन्द्र गोदारा व सतीश आदि ने भी रक्तदान किया। इस शिविर में लगभग 60 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। हालांकि 100 से अधिक छात्राओं ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया लेकिन अनेक छात्राएं रक्त की कमी के कारण रक्तदान नहीं कर सकीं।
इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग, रक्तदान और देशप्रेम पर आधारित कविता पाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। पोस्टर मेकिंग में बीए प्रथम वर्ष की पनवीर कौर ने प्रथम व बीए द्वितीय वर्ष की गीतू रानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कविता प्रतियोगिता में मनप्रीत ने कविता के माध्यम से रक्तदान का महत्व बताकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुनीता ने कश्मीर की तत्कालीन परिस्थितियों से जुडी कविता सुनाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रूपिन्द्र ने पति परमेश्वर नहीं असीं नर ते मादा हां कविता सुनाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। मंच का संचालन डॉ. हरमीत कौर ने किया। गीत प्रतियोगिता में मानसी ने रंग दे बसंती चोला के साथ प्रथम, सुनीता ने हे ईश्वर हे अल्लाह ये पुकार सुन के साथ द्वितीय एवं आकांक्षा ने तू ना जाने आसपास है खुदा नामक गीत सुनाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं के अभिभावकों ने भी रक्तदान उत्सव में रक्तदान किया।