Loading

06 April 2017

समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज झारखंड में गंगा नदी तट पर मल्‍टी-मोडल टर्मिनल की आधारशिला रखेंगे।
  • राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा- भारत की नवाचार नीति, समावेशी विकास पर केन्द्रित होनी चाहिए।
  • उत्‍तर प्रदेश सरकार ने गोमती नदी तट के विकास  परियोजना में कथित अनियमितता की जांच के लिए न्‍यायिक समिति गठित की। 
  • भारतीय रिजर्व बैंक आज नये वित्‍तवर्ष की पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।
  • केन्‍द्र ने उच्‍चतम न्‍यायालय को बताया कि उसने देश में स्‍वयंसेवी और गैरसरकारी संगठनों के लिए दिशा निर्देश बना लिये हैं।
  • अमरीका ब्रिटेन और फ्रांस ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में सीरिया में हुए संदिग्‍ध रासायनिक हमले की पूर्ण जांच की मांग का मसौदा पेश किया। रूस ने इसे नामंजूर किया।
  • और आईपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता के शुरूआती मैच में मौजूदा चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर को 35 रन से हराया।

--------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज झारखण्‍ड के साहेबगंज में गंगा नदी पर मल्‍टी-मॉडल टर्मिनल की आधारशिला रखेंगे। 280 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बनाया जाने वाला यह अत्‍याधुनिक टर्मिनल वाराणसी से हल्दिया तक राष्‍ट्रीय जलमार्ग-1 के विकास का एक महत्‍वपूर्ण भाग है।  राष्ट्रीय जलमार्ग-1 को भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण की विकास परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री यहां और भी कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री आज बिहार से लगते झारखंड के साहेबगंज में गंगा नदी पर बनने वाले फोर लेन पुल का शिलान्यास करेंगे। साथ ही वे गंगा नदी पर बनने वाले बहुआयामी बंदरगाह का भी शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री 311 किलोमीटर लंबे गोविंदपुर-जामतारा-दुमका-साहेबगंज हाइवे का लोकार्पण करेंगे और लेस कैश झारखंड कार्यक्रम के तहत सखी मंडल महिला उद्यमियों के बीच एक लाख स्मार्ट फोन का वितरण करेंगे। प्रधानमंत्री साहेबगंज जिला न्यायालय परिसर में 90 किलो वाट तथा सदर अस्पताल में 70 किलो वाट सौर ऊर्जा यूनिट का लोकार्पण करेंगे और 956 नवनियुक्त पहाड़िया आदि जनजाति के विशेष बटालियन के आरक्षियों के बीच प्रमाणपत्र का वितरण भी करेंगे। राजेश सिन्हाआकाशवाणी समाचाररांची।
------------------
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि भारत की कोई भी नई पहल ऐसे विचारों पर केन्द्रित होनी चाहिए जो समाज के सभी  वर्गों के विकास को बढ़ावा दें। श्री मुखर्जी कल राष्ट्रपति भवन में समावेशी विकास के लिए स्मार्ट ग्राम में उभरते उद्यमियों के मार्ग दर्शन संबंधी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की 68 प्रतिशत आबादी अब भी ग्रामीण इलाकों में है इसलिए स्मार्ट विकास तभी संभव है जब गांव और ग्रामवासी स्मार्ट बनें।
गुरूग्राम में पांच गांवों को स्मार्ट गांव बनाने की राष्ट्रपति भवन की पहल के बारे में श्री मुखर्जी ने कहा कि इन गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के साथ-साथ साझा सेवा केन्द्र, प्रशिक्षण केन्द्र, चिकित्सा और कल्याण केन्द्र होंगे।
--------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम सरकार को राज्य में स्कूली शिक्षा का स्तर सुधारने के गुणोत्सव कार्यक्रम शुरू करने के लिए बधाई दी है। ट्वीटर पर श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रयास से राज्य के शिक्षा मानकों में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर के आंकलन के लिए गुणोत्सव एक महत्वपूर्ण पहल है तथा इससे शिक्षकों और  विद्यार्थियों को बहुत फायदा होगा।
            ---------------
उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ में गोमती नदी तट विकास परियोजना में धन के कथित दुरुपयोग की जांच के लिए उच्च स्तरीय न्यायिक समिति गठित की है। सरकारी प्रवक्ता के हवाले से हमारे संवाददाता ने बताया है कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यों की समिति बनाई गई है।
न्यायिक समिति से कहा गया है कि वह 45 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। यह समिति परियोजना के कई पक्षों की जांच करेगी जिसमें कार्य होने के विलंब के कारण पर्यावरण संरक्षण के दृश्य से परियोजना का औचित्य, 90 प्रतिशत से अधिक धनराशि देय हो जाने के बावजूद कार्य का पूरा न होना हुए कार्यों की गुणवत्ता और परियोजना को क्रियान्वित करने में कथित अनियमितताएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने हाल के स्थलीय भ्रमण के दौरान परियोजना को लागू किये जाने के तौर-तरीकों पर असंतोष व्यक्त किया था। सुनील शुक्ल, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
----------------
केन्द्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय को बताया है कि उसने देश में 32 लाख से अधिक स्वयं सेवी और गैर सरकारी संगठनों की गतिविधियों, उनके पंजीकरण और उन्हें अनुदान देने के दिशा-निर्देश बना लिये हैं। एडिशनल सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने प्रधान न्यायाधीश जे एस खेहर की अध्यक्षता वाली पीठ को कल बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए ग्रामीण विकास मंत्रालय के पूर्व सचिव एस विजय कुमार की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने ये  दिशा निर्देश तैयार किये हैं।     
गैर सरकारी संगठनों के पंजीकरण और प्रत्यायन के लिए नीति आयोग को समन्वय एजेंसी नियुक्त किया गया है।
            ------------
भारतीय रिज़र्व बैंक आज नए वित्‍त वर्ष की पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा। हमारी संवाददाता ने बताया है कि रिज़र्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल की अध्‍यक्षता में मौद्रिक नीति समिति की दो दिन की बैठक कल शुरू हुई।
विशलेषक तथा विशेषज्ञों के मुताबिक रिजर्व बैंक इस दि्वमासिक समीक्षा में रैपो दरों में कोई बदलाव नहीं करेगी। अलग-अलग अनौपचारिक अनुमानों के मुताबिक बैंक व्यवस्था में तकरीबन 14 लाख करोड़ रुपयों की वृद्धि हुई है। विमुद्रीकरण बाद व्यवस्था में आई इस अतिरिक्त तरलता को समाने हेतु बैंक द्वारा कुछ और घोषणाएं की जा सकती हैं। अपनी पिछली दि्वमासिक समीक्षा में रिजर्व बैंक ने प्रमुख ब्याज दरें 6 दशमलव 25 पर बरकरार रखी थीं। माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।
------------
आयकर विभाग ने स्‍पष्‍ट किया है कि दो लाख रुपये से अधिक नकद लेन-देन पर लगा प्रतिबंध बैंक और डाकघर बचत खातों से निकासी पर लागू नहीं होगा। वित्‍त अधिनियम 2017 के माध्‍यम से सरकार ने दो लाख रुपये से अधिक के लेन-देन पर प्रतिबंध लगा दिया है। दो लाख से अधिक राशि प्राप्‍त करने वाले पर इतनी ही राशि का जुर्माना लगाया जाएगा।
केन्‍द्रीय प्रत्‍यक्ष कर बोर्ड का कहना है कि इस बारे में जरूरी अधिसूचना जारी की जाएगी।
------------
दिल्‍ली की आम आदमी पार्टी सरकार के फैसलों की जांच के लिए पूर्व उप-राज्‍यपाल नजीब जंग द्वारा गठित शुंगलू समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि दिल्‍ली सरकार ने अधिकारों का व्‍यापक दुरुपयोग किया। रिपोर्ट में मोहल्‍ला क्‍लीनिक परियोजना में स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सत्‍येन्‍द्र जैन की पुत्री सौम्या जैन तथा आम आदमी पार्टी के कई तथाकथित पदाधिकारियों की सलाहकारों के रूप में नियुक्ति सहित कई नियुक्तियों पर प्रश्‍न खड़े किए गए हैं।
------------
अमरीका, ब्रिटेन और फ्रांस ने मंगलवार को सीरिया में हुए संदिग्‍ध रासायनिक हमले की पूर्ण जांच की मांग की है। इस हमले में कम से कम 72 लोग मारे गए थे। कल रात ब्रिटेन और फ्रांस के अनुरोध पर बुलाई गई संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में इन देशों ने प्रस्‍ताव का मसौदा पेश किया।
सीरिया के सहयोगी देश रूस ने प्रस्‍ताव के मसौदे को अस्‍वीकार्य बताते हुए नामंज़ूर कर दिया है। राजनयिकों ने बताया कि रूस ने बातचीत के दौरान प्रस्‍ताव का अलग मसौदा पेश किया। इसमें सीरिया से जांच में सहयोग करने की अलग से कोई मांग नहीं की गई थी।
------------
अमरीकी राष्ट्रपति ने अपने करीबी सहयोगी स्टीव बेनन को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद से हटा दिया है। यह परिषद राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के मामलों पर राष्ट्रपति को परामर्श देती है। इसमें वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकार और कैबिनेट अधिकारी शामिल होते हैं।
---------
आई.पी.एल. क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले मैच में कल सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर को 35 रन से हरा दिया। हैदराबाद में सनराइजर्स की टीम ने चार विकेट पर 207 रन बनाए।
जवाब में बैंगलौर की टीम 19 ओवर चार गेंद में 172 रन पर ही सिमट गई।
पुणे में आज रात आठ बजे राइजिंग पुणे सुपरजाएंट का मुकाबला मुम्‍बई इंडियंस से होगा।
--------
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्‍तान विराट कोहली को 2016 के लिए विज़डन क्रिकेटर ऑफ द ईयर घोषित किया गया है। कोहली ने पिछले वर्ष 75 दशमलव नौ तीन की औसत से टेस्‍ट मैचों में एक हज़ार 215 रन बनाए।
-------
भारत के जेरेमी लालरिननुंगा ने बैंकॉक में विश्व युवा भारत्तोलन प्रतियोगिता में रजत पदक जीत लिया है। अगले वर्ष युवा ओलंपिक खेलों के लिए यह क्वालिफांइग प्रतियोगिता है।
-------
समाचार पत्रों से
  • दलाई लामा की अरुणाचल प्रदेश में तवांग यात्रा पर चीन की टेड़ी नजर अखबारों की बड़ी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है - चिढ़े चीन ने भारतीय राजदूत को किया तलब। तिब्बती धर्म गुरु के अरुणाचल दौरे से भड़का चीन, जरूरी कदम उठाने की दी धमकी। दलाई लामा ने कहा - भारत ने कभी नहीं किया मेरा इस्तेमाल।
  • मध्यस्थता की अमरीकी पहल पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के दो टूक पर दैनिक जागरण की सुर्खी है - कश्मीर पर पाकिस्तान के साथ अमरीका को सख्त संदेश। श्रीमती स्वराज ने कहा - गिलगित-बल्तिस्तान समेत पूरा कश्मीर हमारा।
  • अलवर में गोरक्षा के नाम पर हत्या अखबारों की अहम खबर है। उधर, अमर उजाला का कहना है - शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने कहा - तीन तलाक हराम, गोहत्या पर भी लगे रोक। सती प्रथा की तरह तीन तलाक के खिलाफ भी बने सख्त कानून।
  • दैनिक भास्कर ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के हवाले से लिखा है - पसंद का खाना और कारोबार चुनना, जीवन के अधिकार। गोमांस पर भी पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगा सकते। खानपान की आदतें धर्म निरपेक्ष संस्कृति का अहम अंग।
  • आतंकियों की गोली से घायल 40 दिन कोमा में रहे सीआरपीएफ के कमांडिंग आफिसर चेतन चीता की इच्छाशक्ति पर राजस्थान पत्रिका के शब्द हैं - 9 गोलियों को मात देकर बोले चीता - आई एम रॉकिंग।
-----

श्री दुर्गा चालीसा का अखंडपाठ सम्पन्न

ओढ़ां
गांव बनवाला के श्री दुर्गा मंदिर में समस्त गांववासियों के सहयोग से आयोजित 24 घंटे के श्री दुर्गा चालीसा के अखंडपाठ का समापन बुधवार को सैकड़ों गाववासियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर श्रीदुर्गा भक्त महावीर व कालूराम ने बताया कि मां दुर्गा आदिशक्ति समस्त विश्व का कल्याण करने वाली है। उनकी अराधना व पूजा करने से सभी संकट टल जाते हैं, पाप धुल जाते हैं तथा हर प्रकार की बाधाएं हट जाती हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य जन्म बड़े भाग्य से मिलता है इसे व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए तथा व्यस्नों से दूर रहना चाहिए।
इस मौके पर गायत्री देवी, लक्ष्मी, कांता, कमला, बिमला, अनुसूईया, रेख, पूजा, कृष्ण कुमार, कालूराम, भूप सिंह, लालचंद और अशोक कुमार सहित अन्य अनेक ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद थे।

नकारात्मक सोच त्याग असंभव को संभव करने का प्रयास करें : राजेंद्र जोधपुरिया

एमएचडी स्कूल में विद्यार्थी अभिप्रेरणा कार्यक्रम आयोजित

ओढ़ां
माता हरकी देवी सीनियर सैकेंडरी स्कूल ओढ़ां में राजेंद्र जोधपुरिया द्वारा विद्यार्थी अभिप्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें वरिष्ठ विद्यार्थी वर्ग ने भाग लिया। विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता पर चर्चा के दौरान उन्होंने विचारों का आदान प्रदान करने तथा कैसा सोचें आदि के बारे में बताते हुए कहा कि हमें हमेशा अच्छा सोचना चाहिए। सबका अच्छा सोचें तथा मन में सकारात्मक विचारों को आने दें। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को अपना लक्ष्य निर्धारित करते हुए मन की तन्मयता व एकाग्रता से उसे प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमेशा अपने दायित्वों को समझें, स्वयं को व्यवहारशील बनाएं तथा दूसरों को समझते हुए उनकी भावनाओं का सम्मान करें। अच्छे साहित्य को पढ़कर अपने जीवन में अपनाएं, नकारात्मक सोच से बचें तथा हमेशा असंभव को संभव करने का प्रयास करें। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्राचार्य डॉ. गुरदीप सिंह ने राजेंद्र जोधपुरिया का धन्यवाद करते हुए उन्हें स्मृतिचिन्ह भेंट किया। डॉ. गुरदीप सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि मनुष्य का स्वभाव होता है कि वो स्वयं के लिए अच्छा करता है लेकिन दूसरों के लिए अच्छा नहीं सोचते, ऐसी स्थिति में सुंदर समाज का निर्माण संभव नहीं। सुंदर समाज व सुंदर राष्ट्र का निर्माण तभी होगा जब हम स्वयं के साथ साथ दूसरों के लिए भी भी अच्छा सोचें।

05 April 2017

क्लब सदस्यों ने बच्चों को पिलाई दो बूंद जिदगी की

ओढ़ां
शिव शक्ति क्लब नुहियांवाली ने तीन दिवसीय प्लस पोलियो अभियान के अंतर्गत महत्वपूर्ण योगदान दिया। तीन दिनों में क्लब सदस्यों ने नुहियांवाली के उपस्वास्थ्य केंद्र के बूथ पर और घर घर तथा ढाणियों में जाकर शून्य से पांच वर्ष तक आयु वर्ग के बच्चों को पालियो रोधक दवा पिलाई।
क्लब प्रधान अनिल परिहार ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि हमें अपने बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए इस अभियान को पूर्ण रूप से सफल बनाने हेतु समय समय पर जिंदगी की दो बूंदें अवश्य पिलानी हैं। उन्होंने बताया कि पोलियो एक लाईलाज बीमारी है जिसके कारण बच्चा कमजोर और अपंग होकर समाज की घृणा का शिकार हो जाता है अत: हमें किसी भी प्रकार की कोई चूक नहीं करनी है। इस दौरान तीन दिनों में पांच वर्ष तक के कुल 406 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। इस मौके पर अनिल परिहार, सुमित परिहार, विनोद कुमार, एएनएम आत्म, ममता रानी, आशा वर्कर सुमित्रा देवी सहित अन्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं गांव पन्नीवाला मोटा में ग्राम सुधार युवा मंडल तथा ओलंपिक फुटबॉल एवं स्पोर्ट्स युवा क्लब के सदस्यों ने भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वार्ड नंबर 8 की महिला पंच कांता देवी के नेतृत्व में चिकित्सकों, नर्सों, आशा वर्करस, प्रदीप कुमार, भजनलाल, संदीप बादल, प्रवीन कस्वां, दीपक महेश्वरी, सुरेन्द्र डूडी, रमन कस्वां, आंगनबाड़ी वर्कर सरना देवी, संतोष देवी, सुमित्रा देवी, कैलाश रानी, राज रानी, धापा देवी, नीलम देवी व सलमा आदि ने बच्चों को पालियो की दवा पिलाने में सराहनीय योगदान दिया।

जय और पराजय सांसारिक मार्ग में होती हैं परमार्थ के मार्ग में तो जय ही जय : विजयानंद गिरी

नुहियांवाली की श्रीरामभक्त हनुमान गोशाला में दुर्लभ सत्संग सम्पन्न

ओढ़ां
खंड के गांव नुहियांवाली की गोशाला में आयोजित दुर्लभ सत्संग के समापन पर प्रवचन फरमाते हुए स्वामी विजयानंद गिरी ने जीव के अंतिम पुरूषार्थ शरणागति का विवेचन करते हुए कहा कि भगवान अपने सहज कृपालु स्वभाव के चलते शरण में आए भक्त का घोर पाप भी क्षमा कर देते हैं।
शरणागति कर्म नहीं भाव है जो स्वतंत्रतापूर्वक किया जा सकता है लेकिन कर्म संगठन के माध्यम से और कर्मफल भविष्य में आदि मान्यताएं शरीर को लेकर हैं। मैं केवल प्रभु का और मेरे केवल प्रभु ये स्वीकृति ही शरणागति है। भगवान ने जीव को सबसे श्रेष्ठ मानव जीवन प्रदान कर स्वतंत्र बना दिया लेकिन जीव अपने रचयिता से विमुख और संसार के सम्मुख हो दुखों से ग्रस्त हो गया। जो प्रभु के सम्मुख रहता है या उसकी शरण में हो जाता है उसकी चिंता वे स्वयं करते हैं तथा जीव निर्भय, निश्चिंत, निसंग और नि:संकोच हो जाता है। जैसे शादी के बाद अजनवी पति के साथ जा रही बेटी क्या मां से कहती कि ना जाने पति रोटी दे या नहीं इसलिए दो किलो आटा साथ बांध दो? जब बेटी इतनी निश्चिंत है तो जीव के मन में अपने रचयिता के प्रति संशय क्यों?
स्वामी जी ने कहा कि जय और पराजय सांसारिक मार्ग में आती हैं परमार्थ के मार्ग में तो जय ही जय होती है क्योंकि प्रभु परमार्थी के वश में हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु से कुछ मांगे बिना निष्काम भाव से उसको याद करो तो वे भक्त के ऋणी हो जाते हैं। प्रभु से कुछ न मांगने वाले एक भक्त को प्रभु दिखाई नहीं देते थे जबकि दूसरे सभी बोलते देखो कितनी सुंदर प्रतिमा है। इस बात को लेकर उसकी व्याकुलता पर प्रभु ने किसी भक्त के माध्यम से उसको संदेश दिया कि फलां मार्ग पर चले जाओ, भक्त चला गया तो रास्ते में भगवान कोढ़ी बनकर बैठ गए और उसके पांव पकड़कर बोले कि एक बार बोल दो ये कोढ़ी ठीक हो जाए। भक्त बोला कि मुझे भगवान प्रतिमा में भी दर्शन नहीं देते मुझ जैसे के बोलने से क्या होगा। कोढ़ी रूपी भगवान बोले बस एक बार बोल दो। भक्त ने पीछा छुड़ाने हेतु जब बोला तो चमत्कार हो गया क्योंकि कोढ़ी तुरंत ठीक हो गया तथा दर्शन भी होने लगे अर्थात उसके ऋणी भगवान उसको कुछ देकर उसको मुंह दिखाने के काबिल हो गए थे।
स्वामी जी ने प्रभु की कृपा पाने का अचूक नुस्खा देते हुए कहा कि प्रभु से कुछ मांगते समय दृष्टि प्रभु की दयालुता पर होनी चाहिए कर्म को नजरअंदाज कर दो। जैसे भरत मिलाप से पूर्व श्रीराम के पास जाते समय जब भरत को माता कैकई के कर्म स्मरण हो आए तो उसकी चाल में धीमापन आ गया लेकिन जब उसने प्रभु के कृपालु स्वभाव का स्मरण किया तो उसके पांच तेजी से उठने लगे अर्थात सावधान प्रभु के समक्ष जाते समय अपने कर्मों से ध्यान हटाकर नजर को प्रभु के दयालु स्वभाव पर रखो। इस मौके पर गोशाला प्रधान बलराम सहारण, सरपंच बाबूराम गैदर, जोतराम ओढ़ां, महेंद्र नीमिवाल, रामेश्वर कूकना, महेंद्र गैदर, ओम सुमरा, बद्रीप्रसाद गैदर, उदयसिंह राजपूत, हंसराज निमीवाल, भागाराम नेहरा, मांगेराम कूकना, अमर सिंह, कृष्ण कूकना, असीर गैदर, दुलीचंद नेहरा और सेवादारों सहित अनगिनत महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।