Loading

16 May 2017

प्रत्येक कार्य नैतिक जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए : कृष्ण बेरवाल

रावमावि ओढ़ां में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर शुरू
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में एनएसएस प्रभारी मांगे राम की देखरेख व प्राचार्य सुभाष फुटेला की अध्यक्षता में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित ग्राम पंचायत ओढ़ां की ओर से सरपंच प्रतिनिधि कृष्ण बेरवाल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया।


इस अवसर पर उन्होंने शिविर में शामिल 50 के लगभग स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा योजना शिविर समाजसेवा पर आधारित कार्यों के लिए जाने जाते हैं तथा इसमें भाग लेने से छात्र छात्राओं में आपसी समझबूझ से मिलजुलकर कार्य करने की प्रतिभा का विकास होता है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता अत: प्रत्येक कार्य नैतिक जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य सुभाष फुटेला ने स्वयंसेवकों को एनएसएस के महत्व, गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
एनएसएस प्रभारी मांगेराम ने स्वयंसेवकों को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए शिविर के दौरान हर प्रकार की गतिविधियों का चालन अनुशासन में रहकर करने के निर्देश दिए। शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेवकों ने श्रमदान के अंतर्गत विद्यालय प्रांगण की साफ सफाई करने के साथ साथ अनेक कक्षा कक्षों की सफाई का कार्य किया। इस मौके पर कृष्ण कुमार, राजेंद्र कुमार, सुभाष कुमार और मांगेराम सहित अन्य स्टाफ सदस्य व स्वयंसेवक मौजूद थे।

एक परिवार एक परिंदा कार्यक्रम के तहत लगाए पानी के सकोरे

ओढ़ां
एक परिवार एक परिंदा कार्यक्रम के तहत ओलंपिंक फुटबॉल एंड स्पोर्टस युवा क्लब तथा ग्राम सुधार युवा मंडल द्वारा कबीर धर्मशाला पन्नीवाला मोटा में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था के अंतर्गत पेड़ों पर पानी सकोरे लगाने की मुहिम चलाई गई।
इस अवसर पर क्लब प्रधान भजनलाल व मंडल प्रधान संदीप कुमार ने कहा कि गर्मियों में पशु पेड़ व परिंदे प्यासे न रहें इसलिए क्लब सदस्यों द्वारा पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्यासे की प्यास बुझाना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वेअपने घरों की छतों व बगीचों में पानी के सकोरे रखकर उनके लिए पानी का प्रबंध करें। ग्रामीणों ने इस कार्य की प्रशंसा करते हुए सभी को इसमें सहयोग देने की अपील की। इस मौके पर क्लब प्रवक्ता राकेश वर्मा, नवाब खान, रामकुमार, राजेश कुमार, अजय कुमार, शंकरलाल, बंसीलाल, महेश कुमार, प्रवीण कुमार, प्रदीप कुमार, रोहताश कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।

निगाहेवाला के गद्दीनशीन राजू बाबा का ओढ़ां में भव्य स्वागत

लंगरहॉल का निरीक्षण करते हुए लंगर व्यवस्था के बारे में जानकारी ली
ओढ़ां
बाबा हैदरशेख मीरां साहिब निगाहे वाला पंजाब के गद्दीनशीन राजू बाबा के रविवार को पीरखाना ओढ़ां पहुंचने पर पीरखाना के गद्दीनशीन बाबा सोहनलाल गर्ग व श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर उनके द्वारा पीरखाना ओढ़ां के बारे में जानकारी लिए जाने पर बाबा सोहनलाल गर्ग ने बताया कि दिवंगत बाबा सरूपचंद गर्ग जी ने लगभग 50 वर्ष पूर्व पीरखाना की स्थापना की तथा वे ताउम्र पीरखाना की सेवा में लगे रहे।
उन्होंने बताया कि पीरखाना में हर बृहस्पतिवार को सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं तथा अब यह पीरखाना श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया है। इस अवसर पर राजू बाबा ने पीरखाना की लंगर व्यवस्था के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी लेते हुए रसोईघर व लंगरहॉल का निरीक्षण किया और इस संबंध में सेवादारों से अनेक सवाल पूछे। उन्होंने उपस्थित सौ के लगभग श्रद्धालुओं का परिचय लेते हुए उन्हें शुभ आशीर्वाद से नवाजा। इस मौके पर बाबा सतीश गर्ग, लभूराम गर्ग, राजेश कुमार, वेदप्रकाश गोयल, कृष्णलाल, रघुनाथ गर्ग, मनोहर लाल, हरीराम गोयल, पिरथीचंद, सतीश कांसल, फकीरचंद, बंता गोयल और मोहन लाल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद थे।

चोरी के मोटरसाइकिल सहित 3 गिरफ्तार

ओढ़ां
ओढ़ां पुलिस ने एक चोरी के मोटरसाइकिल सहित 3 लोगों को काबू किया है। थाना प्रभारी बलवंत जस्सू ने बताया कि गत रात्रि 3 व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्थानीय ख्योवाली रोड पर संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। जब पुलिस ने शक के आधार पर उनसे पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। पुलिस ने जब सख्ती के साथ पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे यह मोटरसाइकिल बेचना चाहते हैं। जांच किए जाने पर उक्त मोटरसाइकिल जोड़कियां पंजाब से चोरी किया हुआ पाया गया। उक्त लोगों की पहचान गांव कलालवाला थाना तलवंडी साबो पंजाब निवासी संदीप उर्फ हैंटी, महकदीप गोरा तथा रिदीप सिंह के रूप ें हुई जिन्हें डबवाली स्थित उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया है।

नौवीं की 20 रिक्त सीटों के लिए आवेदन आमंत्रित

ओढ़ां
जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां में कक्षा नौवीं में लेटिरल प्रवेश परीक्षा 20 रिक्त स्थानों के लिए नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2017 हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की जन्मतिथी एक मई 2001 से 30 अप्रैल 2005 के मध्य होनी चाहिए। यह जानकारी देते हुए प्राचार्या सुनीता शर्मा ने बताया कि आवेदन पत्र 29 मई 2017 तक जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां में जमा करवाए जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 24 जून 2017 को होगी। विस्तृत जानकारी आवेदन पत्र के साथ उपलब्ध्ध है।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र जवाहर नवोदय विद्यालय एवं क्षेत्रिय कार्यालय की बेबसाईट से डाउनलोड किए जा सकते हैं तथा आवेदनपत्र की फोटोस्टेट भी मान्य है। उन्होंने बताया कि आवेदन फार्म पंजीकृत डाक द्वारा या व्यक्तिगत रूप से भी जमा करवाए जा सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा तथा डाक में देरी के लिए भी कार्यालय जिम्मेदार नहीं होगा।