Loading

19 May 2017

सराहनीय परीक्षा परिणाम हेतु मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित

ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पन्नीवाला मोटा का दस जमा दो का विज्ञान संकाय का परीक्षा परिणाम 88.38 प्रतिशत, कामर्स संकाय का 93.75 रहा। विद्यालय प्राचार्य कृष्णलाल वर्मा ने बताया कि विज्ञान के 27 में 24 और कामर्स के 32 में से 30 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए जिनमें से 15 विद्यार्थियों ने मैरिट में स्थान बनाया।

उन्होंने बताया कि विज्ञान संकाय में कामना ने 500 में से 441 अंकों के साथ प्रथम, अमनदीप ने 427 अंकों के साथ द्वितीय व संदीप ने 417 अंकों के साथ तृतीय, कामर्स संकाय में आरजू व सुमन ने 434 अंकों के साथ प्रथम, एकता ने 416 अंकों के साथ द्वितीय एवं शर्मिला ने 413 अंकों के साथ तृतीय तथा कला संकाय में रमनदीप ने 428 अंकों के साथ प्रथम, राजेश ने 388 अंकों के साथ द्वितीय एवं नरेंद्र ने 379 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि विषयवार परीक्षा परिणाम के अनुसार हिंदी, कामर्स अकाऊटैंसी, अर्थशास्त्र, इतिहास, पंजाबी, बायोलॉजी, संस्कृत व शारीरिक शिक्षा में 100 प्रतिशत तथा भौतिकी में 93, रसायन शास्त्र में 92, भूगोल में 92 गणित में 90 तथा राजनीति शास्त्र में 87 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
सराहनीय परीक्षा परिणाम के लिए विद्यालय प्राचार्य, समस्त स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत पन्नीवाला मोटा की ओर से सरपंच सतबीर कस्वां ने, ग्राम सुधार युवा क्लब व ओलंपिक फुटबॉल एंड स्पोर्टस युवा क्लब की ओर से प्रवीण कस्वां तथा गांव के गणमान्य लोगों ने बधाईयां व शुभाकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता सम्मेलन कल

ओढ़ां
आरएमपी एसोसिएशन की ओर से खंड के गांव नुहियांवाली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता सम्मेलन का आयोजन कल रविवार को किया जाएगा। एसोसिएशन के प्रवक्ता डॉ. राजपाल ने बताया कि इस अवसर पर महिला विकास निगम की प्रदेशाध्यक्ष रेणु शर्मा मुख्यातिथि एवं सीएमओ डॉ. वीरेश भूषण, किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह व थाना प्रभारी बलवंत जस्सू विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान सिरसा से डॉ. रितेश शर्मा अपनी सेवाएं देंगे।

27 मई से करनाल में भूख हड़ताल करेंगे अनुदेशक

ओढ़ां
सर्व अनुबंध अनुदेशक संघ हरियाणा के बैनर तले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ओढ़ां के अनुदेशकों ने आईटीआई ओढ़ां में गेट मीटिंग की।
गेट मीटिंग में अजय कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अभी तक अनुबंध अनुदेशकों को 7वें वेतन आयोग में होने वाली वेतन वृद्धि से वंचित रखा हुआ है। उन्हें मात्र 14700 वेतन देकर उनका शोषण किया जा रहा है, जबकि माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें उतना ही वेतन मिलना चाहिये जितना की नियमित अनुदेशक को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इसको लेकर संगठन प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से कई बार मिल चुका है लेकिन उनको हर बार केवल आश्वासन ही मिले और धरातल पर कोई कार्यवाही नहीं की गई जिसके चलते अनुबंध अनुदेशकों में रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हरियाणा सरकार 26 मई तक उनके वेतन में वृद्धि नही करती है तो हरियाणा प्रदेश के सभी अनुदेशक मुख्यमंत्री के गृह जिला करनाल में 27 मई से 48 घण्टे की भूख हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि इस भीषण गर्मी में किसी भी साथी के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटती है तो उसके लिये पूर्ण रूप से हरियाणा सरकार जिम्मेवार होगी। उन्होंने बताया कि भूख हड़ताल को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं सभी ट्रेड यूनियनों द्वारा पूर्ण समर्थन दिया जा रहा है। इस मौके पर दिनेश कुमार, राकेश कुमार, सुरजीत सिंह, प्रमोद कुमार और ममता रानी सहित अन्य अनुदेशक मौजूद थे।

पेयजल को व्यर्थ बहाते रहे तो हम प्रकृति के इस अनमोल उपहार से वंचित हो जाएंगे : सुभाष फुटेला

रावमावि ओढ़ां में जारी है सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में बृहस्पतिवार को श्रमदान के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने स्थानीय मुख्य जलघर व डाकघर सहित विद्यालय भवन के साथ लगती गलियों में सफाई अभियान चलाते हुए साफ सफाई का कार्य किया।  

इस दौरान स्वयंसेवकों ने उक्त सभी जगहों पर मौजूद पत्थर, कंकर, कचरा, कागज, पॉलीथीन, प्लास्टिक के टुकड़ों, घासफूस व अन्य अवांछित मैटर को एकत्र कर यथास्थान कूड़ेदान अथवा गड्ढों में डाला तथा ऊंचे नीचे स्थानों को समतल करते हुए गड्ढों को मिट्टी से भरा।
जलघर में सफाई के दौरान प्राचार्य सुभाष फुटेला ने स्वयंसेवकों को जल का महत्व बताते हुए कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है और हमें इसका उपयोग बहुत सोच समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हम यूं ही पेयजल को व्यर्थ बहाते रहे तो शीघ्र ही प्रकृति के जल रूपी उपहार से वंचित हो जाएंगे अत: जल को बचाने की आदत डालें और दूसरों को भी प्रेरित करें। इस अवसर पर जलघर कर्मचारी देवीलाल ने स्वयंसेवकों को नहर से जलघर में पानी आने से लेकर घरों तक पानी पहुंचने की पूरी कार्यप्रणाली के बारे में सरल भाषा में समझाते हुए जल को साफ करने हेतु फिल्टर करने, दवा मिलाने, टंकी में चढ़ाने के लिए मोटरों के उपयोग तथा टंकी से गांव में जल को सप्लाई करने का तरीका विस्तारपूर्वक बताया।

एमीनेंट सिटीजन नियुक्त करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया

ओढ़ां
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने निगरानी कमेटी हलका डबवाली के अध्यक्ष पवन ओढ़ां, सदस्य सतीश गर्ग और सुनील जिंदल को एमीनेंट सिटीजन पर नियुक्त किया है। उक्त तीनों नेता सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों पर नजर रखेंगे तथा शिकायतों के निपटारे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भारतीय जनता पार्टी संगठन एवं हलके के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा उक्त नेताओं की नियुक्ति का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब सीएम विंडो पर भेजी गई शिकायतों के निपटान को गति मिलेगी।