Loading

04 June 2017

तम्बाकू का सेवन मौत को निमत्रंण के समान- देमीवाल

रावमावि नुहियांवाली में मनाया गया विश्व तंबाकू निषेध दिवस
ओढ़ां
खंड के गांव नुहियांवाली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर हिंदी व्याख्याता पवन देमीवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि 31 मई को प्रतिवर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। यह दिवस मनाने का उद्देश्य आमजन को तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों, हानियों और बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान के रूप में तंबाकू नामक जहरीले पदार्थ के धुएं का सेवन व्यक्ति को समय से पहले मृत्यु के द्वार तक ले जाता है। इसके अतिरिक्त गुटखा, जर्दा अथवा किसी भी रूप में तंबाकू का सेवन व्यक्ति के शरीर के साथ साथ सामाजिक व आर्थिक स्थिति को भी कमजोर बना देता है। वर्तमान में तंबाकू के सेवन से लाखों लोग विभिन्न गंभीर बीमारियों के शिकार होकर असमय मौत के मुँह में जा रहे हैं। तंबाकू को खतरनाक, जानलेवा और धीमा जहर बताते हुए उन्होंने कहा कि इसका सेवन मौत को निमंत्रण देने के समान है। तंबाकू सेवन गले, जीभ, मसूढे, गाल, फेफड़े और मुंह के कैंसर तथा दमा व अल्सर बीमारियों का कारण बनता है। तंबाकू में मौजूद निकोटीन एक रासायनिक यौगिक है जो एक शक्तिशाली परानुकंपीसम अल्कलॉयड तथा उद्दीपक ड्रग है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार विश्वभर में प्रतिवर्ष 50 से 60 लाख लोगों की मृत्यु तंबाकू के सेवन से होती है जिनमें 20 प्रतिशत भारतीय होते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार पूरी दुनिया में आठ सेकेण्ड में एक मौत तम्बाकू के कारण और पांच मौतों में से एक मौत तम्बाकू के कारण होती है। अगर यही स्थिति रही तो 2030 तक यह आंकड़ा एक करोड़ प्रतिवर्ष तक पहुंच जाएगा। अकेले भारत में 15 करोड़ से अधिक व्यक्ति धूम्रपान करते है जिससेबचने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति का होना अनिवार्य है। इसके साथ ही चिकित्सीय विधियों को अपनाकर एवं नशामुक्ति केन्द्र में उपचार करवाकर भी इस लत से घुटकारा पाया जा सकता है। अर्थशास्त्र प्रवक्ता बुटा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 2 अक्तूबर 2008 से पूरे देश में तम्बाकू नियत्रंण कानून लागू किया गया है जिसके अनुसार अस्पताल, स्कूल, होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सिनेमा हाल व पार्क आदि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया है। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करता हुआ पाया जाता है तो उसको 200 रुपए अर्थदंड का प्रावधान है। इस मौके पर बुटा सिंह, विजयपाल, बलविन्द्र सिंह, हरपाल सिंह, रागेश जैन, विजय भांभू, रोहताश, अजीत सिंह, प्रतीम सिंह, नील किरण शर्मा, सरोज बाला, कीर्ति बाला, प्रीतिजैन, सीमा, बलजीत कौर, विनोद सोनी सहित अन्य स्टॉफ सदस्य मौजूद थे।

30 May 2017

सेठ रामजीदास की स्मृति में हवन यज्ञ, पौधारोपण व भजन कीर्तन आयोजित

ओढ़ां
समाजसेवी व पर्यावरण प्रेमी सेठ रामजीदास गर्ग की प्रथम पूण्यतिथि के अवसर पर हवन यज्ञ, पौधारोपण व भजन कीर्तन आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंडित दिगंबर शर्मा ने परिजनों के हाथों मंत्रोच्चारण के मध्य विधिवत हवन यज्ञ करवाया जिसमें सभी उपस्थितजनों ने आहुति डाली। तदुपरांत निगरानी कमेटी के प्रमुख पवन ओढ़ां व मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग के नेतृत्व में परिजनों व समाजसेवियों द्वारा श्री दुर्गा मंदिर परिसर में नीम, शीशम, पीपल व डैक आदि के पौधे रोपित करके सेठजी को श्रद्धांजलि दी गई।

धार्मिक प्रवृति के सेठ रामजीदास गर्ग की स्मृति में भजन कीर्तन भी आयोजित किया गया जिसमें भजन गायिका राधा सोनी व अन्य भजन गायकों द्वारा तूने खूब रचा भगवान खिलौना माटी का, मत कर मोह तूं हरि भजन को मान रे तूं, नयन दिए दर्शन करने को श्रवण दिए सुन ज्ञान रे तूं, लोकां दे सहारे होर होणगे, मेरा तां सहारा श्याम तू, जो तूझको भूल जाए वो दिल कहां से लाऊं, प्रभु जी मोरे अवगुण चित ना धरो, समदर्शी प्रभु नाम तिहारो, चाहो तो पार, प्रभु जी मोरे अवगुण चित ना धरो.. आदि अनेक भजन सुनाए। इस अवसर पर अशोक कुमार, सतीश कुमार, प्रौ. जितेंद्र गर्ग, संदीप कुमार, मोहित गर्ग, केतन गुप्ता, वासूदेव अग्रवाल, हरीराम, अमित कुमार, ओमप्रकाश, कौशल्या देवी, संतोष, कमलेश, मंजूबाला, मोनिका, बिमला, कमला, रानी, ज्योति, सुमन व लता सहित अनेक लोग मौजूद थे।

बारहवीं के परीक्षा परिणाम में राजेंद्रा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया अच्छा प्रदर्शन

ओढ़ां
सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणाम में राजेंद्रा पब्लिक स्कूल पंजुआना के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। विज्ञान वर्ग के विद्यार्थी अंशदीप सिंह ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय मे प्रथम स्थान, वाणिज्य वर्ग की छात्रा स्नेहप्रीत कौर ने 79.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में दूसरा स्थान तथा कला वर्ग की छात्रा एकता व जोबनपुनीत कौर ने 77.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय मे तीसरा स्थान प्राप्त किया।



इसी प्रकार अंग्रेजी में अंशदीप, राजवीर कौर और पारुल ने 90 अंक, हिन्दी में एकता ने 93 अंक, स्वास्थ्य एव शारीरिक शिक्षा में स्नेहप्रीत ने 95 अंक, इतिहास में एकता ने 91 अंक, रसायनशास्त्र में अंशदीप ने 80 अंक राजनीति विज्ञान में हरिंदर ने 80 अंक भौतिक विज्ञान में अंशदीप ने 83 अंक, जीव विज्ञान में पारुल नेहरा ने 77 अंक, अर्थशास्त्र में स्नेहप्रीत ने 79 अंक, लेखांकन में स्नेहप्रीत ने 77 अंक, व्यावसायिक अध्ययन में नवजोत कौर ने 82 अधिकतम अंक प्राप्त किए। विद्यालय प्रधानाचार्य आशुतोष रस्तोगी ने सभी अध्यापकों ओर विद्यार्थियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई दी एंव सभी विद्यार्थियो को उनके सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनायें दी।

29 May 2017

महाराणा प्रताप को याद कर चित्र पर पुष्प अर्पित किए

ओढ़ां
गोल्डन स्टार युवा क्लब पन्नीवाला मोटा के सदस्यों ने महाराणा प्रताप की जन्म शताब्दी के अवसर पर महाराणा प्रताप को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गये।

इस अवसर पर सरस्वती मिडल स्कूल के संचालक सुरेंद्र भारी ने महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उदयपुर मेवाड़ के शिशोदिया राजवंश के राजा महाराणा प्रताप का नाम इतिहास में वीरता और दृढ प्रण के लिये अमर है। उन्होंने मुगल सम्राट अकबर के साथ संघर्ष किया और अनेक बार मुगलो को युद्ध में हराया। राजस्थान के कुम्भलगढ में महाराणा उदयसिंह एवं माता राणी जीवत कंवर के घर जन्मे महाराणा प्रताप ने 1576 के हल्दीघाटी युद्ध में 20,000 राजपूतों को साथ लेकर मुगल सरदार राजा मानसिंह की 80,000 की सेना का सामना किया था। इस अवसर पर कार्तिक बेनीवाल ने कहा कि एक सच्चे राजपूत, शूरवीर, देशभक्त, योद्धा और मातृभूमि के रखवाले महाराणा प्रताप का नाम सदैव अमर रहेगा। इस अवसर पर क्लब के पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, पूर्व महासचिव सुरेंद्र ढाका, क्लब प्रधान कार्तिक बेनीवाल, रविकुमार, हरिओम, पवन कुमार और राहुल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

खंड शिक्षा अधिकारी ने किया गतिविधियों का अवलोकन

रावमावि नुहियांवाली में मनाया गया हर्षित गतिविधि दिवस
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नुहियांवाली में जॉयफुल एक्टिविटी (हर्षित गतिविधि दिवस) विद्यालय प्रधानाचार्य अमनपाल की अध्यक्षता में मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के छठी से आठवीं और नौवीं से बारहवीं तक दो समूह बनाए गए।


इस दौरान करवाई गई विभिन्न गतिविधियों में भाषण, मैथ क्विज, मेहंदी, सुलेख, सामान्य ज्ञान, सांस्कृतिक कार्यक्रम व पैंटिग आदि अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी बडागुड़ा पवन सुथार ने निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार कैरियर चुनने के बारे में बताया तथा पूरे दिन विद्यालय में रहकर गतिविधियों का अवलोकन किया।
प्रतियोगिता परिणाम के अनुसार कक्षा नौवीं से बारहवीं समूह की भाषण प्रतियोगिता में ग्यारहवीं की दीपिका नेहरा ने प्रथम, नौवीं की निशु ने द्वितीय और बारहवीं की छात्रा सुनीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तो वहीं मैथ क्विज में आठ नंबर टीम ने प्रथम, तीन नंबर टीम ने द्वितीय व चार नंबर टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में बारहवीं छात्रा भावना प्रथम, बारहवीं की कोमल द्वितीय व दसवीं की सुमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा छठी से आठवीं समूह में हिंदी सुलेख में छठी की बाला प्रथम, सातवीं की पूजा द्वितीय व सातवीं की ही पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार पंजाबी सुलेख में छठी की संध्या प्रथम, आठवीं की ईशा द्वितीय व आठवीं की ही रेखा ने तृतीय स्थान पाया। भाषण में ईशा ने प्रथम, अलका ने द्वितीय व मुस्कान ने तृतीय स्थान पाया। पैंटिग में बिमला प्रथम, मनोज द्वितीय व दिनेश तृतीय स्थान पर रहा। इस मौके पर बुटा सिंह, बलविन्द्र सिंह, विजयपाल, राजेश जैन, पवन देमीवाल, रोहताश कुमार, विजय भांभू, प्रीतम सिंह, अजीत सिंह, नीलकिरण शर्मा, सरोज बाला, कीर्तिबाला, सीमा देवी और बलजीत कौर सहित अन्य स्टॉफ सदस्य मौजूद थे।