Loading

04 August 2017

खेल भावना के साथ बिना किसी ईष्र्या व द्वेष के भागीदारी निभाएं : मधु जैन

तीन दिवसीय फुटबॉल क्रीड़ा स्पर्धा शुरू
ओढ़ां
जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां में नवोदय विद्यालय समिति जयपुर संभाग की ओर से तीन दिवसीय फुटबॉल क्रीड़ा स्पर्धा का शुभारंभ हुआ।

उद्घाटन कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी ओढ़ां मधु जैन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुई। क्रीड़ा स्पर्धाओं में हरियाणा, राजस्थान व दिल्ली के विभिन्न नवोदय विद्यालयों से कुल तीन संकुलों जोधपुर, सवाई माधोपुर व करनाल के खिलाडिय़ों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस खेल स्पर्धा में अंडर 17 व अंडर 19 छात्र व छात्रा वर्ग में खेले जा रहे हैं। उद्घाटन मैच अंडर 19 छात्र वर्ग जोधपुर और सवाई माधोपुर की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें जोधपुर की टीम ने सवाई माधोपुर की टीम को 1-0 से मात दी।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यातिथि मधु जैन, प्राचार्या सुनीता शर्मा व उपप्राचार्य रामसिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्राचार्या ने अतिथियों का स्वागत और खिलाडिय़ों ने मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर विद्यालय कप्तान मास्टर जगसीर ने खिलाडिय़ों को ईमानदारी व निष्ठा की शपथ दिलवाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया। मुख्यातिथि ने अपने वक्तव्य में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए खेल भावना के साथ बिना किसी ईष्र्या व द्वेष के अपनी भागीदारी निभाने के लिए कहा। कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों व कर्मचारी उपस्थित रहे।

उद्यान विकास अधिकारी डॉ. नरेंद्र बैनिवाल ने बताया बाग कैसे लगाएं

ऑरोही सीनियर सैकेंडरी स्कूल जलालआना में कृषि गोष्ठी
ओढ़ां
ऑरोही सीनियर सैकेंडरी स्कूल जलालआना में कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में फल उत्कृष्टता केंद्र मांगेआना से उद्यान विकास अधिकारी डॉ. नरेंद्र बैनिवाल ने बच्चों को बाग लगाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अगस्त, सितंबर व अक्टूबर माह बाग लगाने का उपयुक्त समय है और इस समय हमें फलदार पौधे लगाने चाहिए क्योंकि इनसे हमें ऑक्सीजन और पोषक तत्व मिलते हैं और प्रदूषण में कमी आती है। इच्छुक किसान को किनू, बेर और अमरूद आदि के बाग विभाग द्वारा सुलभ करवाए जाते हैं। इसके अतिरिक्त जैविक खेती के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अधिक पुरानी गोबर की खाद, कैंचुआ खाद तथा बायोगैस से प्राप्त खाद सलरी का खेत में अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए क्योंकि इससे वातावरण में शुद्धता बनी रहती है। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी फसलें रोजगार का एक साधन हैं। इस मौके पर प्राचार्या बलविंद्र कौर ने उद्यान विकास अधिकारी को धन्यवाद देते हुए विद्यालय परिसर में एक उद्यान वाटिका तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा।

बाल कटने की घटनाओं से फैलते अंधविश्वास व टोटकों के प्रति

लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से तर्कशीलों ने लगाई वर्कशॉप
ओढ़ां
ओढ़ां क्षेत्र में महिलाओं और लड़कियों के बाल कटने की घटनाओं से समाज में उपजे भय से लोगों को निजात दिलाने के उद्देश्य से तर्कशील सोसाइटी की टीम ने जागरूकता अभियान चलाया।
टीम में शामिल मास्टर शमशेर चोरमार, मलकीत सिंह और अजायब सिंह जलालआना ने आदर्श हाई स्कूल ओढ़ां, गल्र्ज हाई स्कूल तथा चौपाल में बाल कटने की घटनाओं के बारे में वर्कशॉप लगाई। सोसाइटी द्वारा समय समय पर अंधविश्वास के विरुद्ध व वैज्ञानिक विचारों के प्रचार प्रसार के लिए प्रोग्राम पेश किये जाते है। इन स्थानों पर तर्कशीलों ने बाल कटने की घटनाओं को मानसिक तनाव व शरारती तत्वों द्वारा किये गए कार्य बताया। उन्होंने कहा कि अक्सर गर्मी के दिनों में मानसिक तनाव से ग्रस्त लोगों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे रोगियों की गिनती बढऩे से बाबा गिरी करने वाले लोगों की मार्किट भी चमक उठती है। कारण साधारण इन्कम वाले लोग अस्पतालों में ईलाज करवाने की बजाय इन्हें ढोंगी बाबाओं, तांत्रिको, मौलवियों व ओझाओं के पास जाते हैं जो बाल कटने की घटना को बढ़ा चढ़ाकर पेश करते हैं। लोगों को इसका हल अनाप शनाप तरीकों जैसे घर के गेट पर मेंहन्दी या सिन्दूर का पंजा लगाना, नीम टांगना आदि बताते हैं जो अवैज्ञानिकता का प्रमाण है। जब एक दो घटनाओं के बाद मीडिया या अन्य कॉमनीकेशन के माध्यम से लोगों में ऐसी अफवाह फैलती है तो अंधविश्वासी लोग इसका शिकार बनते हैं। इसे मनोविज्ञान की भाषा में मॉस हिस्टीरिया या फोबिया (सामाजिक समूह डर) कहा गया है। जगह जगह चर्चाएं होती हैं और धीरे धीरे पूरा समाज इसकी जद में आ जाता है। मानसिक रोग से पीडि़त व्यक्ति जिसकी अपनी पर्सनल समस्या होती है वो अपनी बात को रखने या अपनी तरफ ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसी नैगेटिव अप्रोच को अपनाता है और घटना को स्वंय ही कर लेता है। या यूं कहें मानसिक समस्या ग्रस्त व्यक्ति दूसरों को समस्या में डालकर स्वंय सुख महसूस करता है। इस अवसर पर बच्चों व आम लोगों का डर दूर करने के लिए जादू के ट्रिक्स दिखाकर और विभिन्न प्रकार के चमत्कारों को पेश करके उन्हें जागरूक किया गया। उन्होंने लड़कियों को विशेष रूप से ऐसी घटनाओं से निपटने व समझने के लिए सुझाव दिए गए तथा वर्षों से समाज में फैल रहे अंधविश्वासों की असलियत बताई।

03 August 2017

समाचार

  • उच्चतम न्यायालय का गुजरात राज्यसभा चुनाव में नोटा विकल्प की अनुमति देने की  निर्वाचन आयोग की अधिसूचना पर रोक लगाने से इंकार।
  • कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री डी के शिवकुमार के बंगलूरू और दिल्ली आवास पर आयकर विभाग के छापे दूसरे दिन भी जारी।
  • जम्मू-कश्मीर में शोपियां जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक मेजर सहित दो सैन्यकर्मी शहीद।   कुलगाम जिले में एक अन्य मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर।
  • चीन ने आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को आतंकवादी घोषित करने के संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव को तकनीकी आधार पर फिर रोका।
  • कोलम्बो में श्रीलंका के साथ दूसरे क्रिकेट टैस्ट के पहले दिन भारत ने ताजा समाचार मिलने तक तीन विकेट पर 207 रन बनाये।
  • एच एस प्रणॉय और सौरभ वर्मा न्यूजीलैंड ओपन बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में।
--------------------------------------------
उच्चतम न्यायालय ने गुजरात में राज्यसभा के आगामी चुनावों में नोटा विकल्प की अनुमति देने की  निर्वाचन आयोग की अधिसूचना पर रोक लगाने से इंकार कर दिया है। न्यायालय ने यह आदेश गुजरात कांग्रेस के मुख्य सचेतक शैलेश मनुभाई परमार की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। श्री परमार ने मंगलवार की अधिसूचना को लागू करने पर अस्थाई रोक लगाने का अनुरोध किया था। न्यायालय ने कहा कि वह इस कार्रवाई को नहीं रोकेगा बल्कि अधिसूचना की संवैधानिक वैधता की जांच करेगा। सर्वोच्च न्यायालय गुजरात सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के इस तर्क से सहमत नहीं था कि नोटा के इस्तेमाल से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।
निर्वाचन आयोग ने उच्चतम न्यायालय के 2014 के उस निर्णय के आधार पर नोटा प्रावधान लागू किया है जिसमें आयोग से मतदाता को नोटा विकल्प देने पर विचार करने को कहा गया था।
इससे पहलेकांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से  अनुरोध किया था कि चुनाव में नोटा का इस्तेमाल रोका जाए। उसने तर्क दिया था कि इस विकल्प से संविधान और चुनाव कानूनों का उल्लंघन होता है। लेकिन निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस की मांग अस्वीकार कर दी और कहा कि नोटा का प्रावधान रहेगा। मतदान आठ अगस्त को होना है।
--------------------------------------------
कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री डी के शिवकुमार के बंगलूरू और  दिल्ली के सफदरजंग स्थित आवासों पर आयकर विभाग के छापे आज दूसरे दिन भी जारी हैं। कर चोरी के आरोप में आयकर विभाग ने कल 64 स्थानों और श्री शिव कुमार की सम्पत्तियों पर छापे मारे थे। आयकर विभाग के अधिकारी ने बताया कि इन छापों में करीब दस करोड़ रूपये नकद और बड़ी मात्रा में आभूषण भी बरामद किये गये। श्री शिवकुमार पर कथित रूप से कर चोरी और बड़ी मात्रा में रीयल ईस्टेट तथा अन्य क्षेत्रों में अघोषित निवेश का आरोप है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इन छापों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया।
--------------------------------------------
संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने कहा है कि कांग्रेस को भ्रष्टाचार और कालेधन का समर्थन करने की बजाय उनके खिलाफ लड़ाई में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रखेगी।
--------------------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा सासंदों से समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए काम करने को कहा है। आज सवेरे नई दिल्ली में अपने निवास पर महाराष्ट्र और गोवा के पार्टी सांसदों के साथ अनौपचारिक बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि उन्हें किसानों को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी अन्य योजनाओं के तहत लाने के प्रयास करने चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जनता की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए हमें राजनीतिक सोच से ऊपर उठकर लोगों के कल्याण को ध्यान में रखना चाहिए।
--------------------------------------------
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि वन अधिकारियों को संरक्षण जरूरतों और विकास आवश्यकताओं के बीच संतुलन बनाना होगा। श्री कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में भारतीय वन सेवा 2016 बैच के प्रोबशनर अधिकारियों के साथ मुलाकात के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे वनों के आसपास रह रहे लोगों को वनों के प्रबंधन में भागीदार बनाए और उन्हें घुसपैठिए के रूप में न देंखे।
--------------------------------------------
जम्मू-कश्मीर में शोपियां जिले में मुठभेड़ में एक मेजर और एक सैनिक शहीद हो गए तथा दो सैनिक घायल हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज़ायपोरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी का सुराग मिलने के बाद सेना ने  रात में तलाशी और घेराबंदी शुरू की। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान आतंकवादियों ने सेना पर गोलियां चलाईंजिसमें चार सैनिक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाने पर मेजर कमलेश पांडेय तथा एक सैनिक ने दम तोड़ दिया। ज़ायपोरा में तलाशी  कार्रवाई अब भी जारी है।
एक अन्य मुठभेड़ में आज तड़के कुलगाम जिले में दो आतंकवादी ढेर हो गए। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि गोपालपोरा में आतंकवादियों का सुराग मिलने पर सुरक्षाबलों ने कार्रवाई शुरू की।  दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो आतंकवादी मारे गए। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एस पी वैद्य ने बताया कि मारा गया एक आतंकवादी पुम्बई कुलगाम में एक कैश वैन पर हुए हमले में शामिल था।
एक्चेंज ऑफ फायर में दोनों टेररिस्ट ढेर हुए जिसमें एक आरटीबी टू है और एक अनआइएडेंटीफाइड है। आरटीबीटू जो है वह बम्बई में कैश वेन अटैक में इन्वोल्व था जिसमें सात लोग जो पुलिस के और बैंक के एमप्लॉय थे वो शहीद हुए थे और जे के बैंक की डकैती में भी वो इन्वोल्व थे। वहीं हमें आज सवेरे आर्मी की एक सर्च पार्टी किसी इंफोरमेशन पर जा रही थी। जीरपुरा गांव जो कुलगाम-शोपियां बार्डर पर है। आर्मी पार्टी पर टेररिस्ट का फायर आयाआर्मी ने जवाबी कार्रवाई की।        
--------------------------------------------
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि भारत ने श्रीलंका के साथ मछुआरों का मुद्दा ऊंचे स्तर तक उठाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वर्ष मई में कोलम्बो यात्रा के दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया। इस वर्ष अप्रैल में भारत आए श्रीलंका के प्रधानमंत्री और जून में विदेश मंत्री के साथ भी मछुआरों का मुद्दा रखा गया। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर में श्रीमती स्वराज ने कहा कि सरकार मछुआरों की जल्द रिहाई और स्वदेश लौटने का मसला लगातार श्रीलंका की सरकार के साथ उठा रही है।
प्रधानमंत्री जी के अपने स्तर पर राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना के साथ प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के साथ जितने भी मीटिंग्  हुए हैहर बार यह विषय उठाया जाता है और उसी का यह परिणाम है कि हम 42 बोट्स भी छुड़ाकर लाये हैं और हम 251 मछुआरे भी छुड़ाकर लाये हैं और जिनके बारे में खुद राजाजी ने पूछा था उनको भी समय से पहले छुड़ाकर लाए।
श्रीमती स्वराज ने कहा कि सरकार ने 28 जुलाई को सात मछुआरों को सुरक्षित छुड़वाया था। विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार मछली पकड़ने की पारम्परिक पद्धति को प्रोत्साहित करेगी और एक हजार पांच सौ करोड़ का बजट रखा गया है।
--------------------------------------------
वित्तमंत्री अरूण जेटली ने कहा है कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनकर्मियों के सावधि जमा पर निर्धारित आठ प्रतिशत की ब्याज दर सुनिश्चित करेगी। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायेन ने कहा था कि नोटबंदी और जीएसटी लागू होने के बाद ब्याज दरों में कमी आई है जिससे पेंशनकर्मियों और गरीबों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। जवाब में श्री जेटली ने कहा कि जीवन बीमा निगम ने आठ प्रतिशत की गारंटी योजना शुरू की थी।
जब ऋण देने की दर कम होगी तो ऋण लेने की दर भी कम हो जाएगी। क्योंकि ये एक दूसरे से जुड़ी होती है। इसलिए सावधि जमा की ब्याज दर उतनी ही रहेगी जितनी थी। ये दर सेवानिवृत्त और पेंशनधारकों पर सबसे ज्यादा असर डालती है और इस सरकार ने उनका ध्यान रखते हुए पहली बार आठ फीसदी गारंटिड रिटर्न योजना शुरू की है जिसमें बदलाव नहीं होगा।  
--------------------------------------------
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन छोड़ने से पहले मिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पत्र आज ट्वीटर पर साझा किया। श्री मुखर्जी ने कहा कि श्री मोदी के पत्र ने उनका दिल छू लिया। श्री मोदी ने अपने पत्र में श्री मुखर्जी को पिता तुल्य बताया और उनके बहुमूल्य परामर्श के लिए आभार व्यक्त किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री मुखर्जी की बुद्धिमतापूर्ण सलाह हमेशा उनके और उनकी सरकार के लिए मददगार रही।
--------------------------------------------
उत्तरप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यमंत्री इन्द्रजीत सरोज ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। श्री सरोज कौशाम्बी से चार बार विधायक रह चुके हैं। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशाम्बी जिले से ही हैं। श्री सरोज ने इस्तीफा देने के बाद आरोप लगाया कि बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने उनसे 15 लाख रूपये मांगे थे और मना करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी।
--------------------------------------------
नगालैंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ नगा पीपुल्स फ्रंट के अध्यक्ष डाक्टर शुरहोजेली लिजित्सू ने दस उत्तरी अंगामी-1 विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीत लिया है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार खेखरी योम को हराया।
--------------------------------------------
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए दो बार के पैरालम्पिक जैविलिन थ्रो स्वर्ण पदक विजेता देवेन्द्र झाझरिया के नाम की सिफारिश की गई है। वे इस पुरस्कार के लिए नामित होने वाले पैरालम्पिक खिलाड़ी हैं। हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह की भी देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए सिफारिश की गई है। सेवा निवृत्त न्यायमूर्ति सी के ठक्कर की अध्यक्षता में पुरस्कार चयन समिति ने दोनों को संयुक्त रूप से खेल रत्न दिए जाने की सिफारिश की है। इस पर अंतिम निर्णय खेल मंत्रालय लेगा।
इसके अतिरिक्त समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए 17 नामों की सिफारिश की है। इसमें क्रिकेट खिलाड़ी चेतेश्वर पुजाराहरमनप्रीत कौरपैरालम्पिक विजेता मरियप्पन तांगवेलू और वरूण भट्टीगॉल्फ खिलाड़ी एस एस पी चौरसिया तथा हॉकी खिलाड़ी एस वी सुनील शामिल हैं।
--------------------------------------------
चीन ने जैश ए मोहम्मद के सरगना और पठानकोट हमले के षड्यंत्रकारी मसूद अजहर को आतंकवादी घोषित करने का संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव मानने के लिए तीन महीने का और समय मांगा है। न्यूयॉर्क में समाचार एजेन्सी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले  से खबर दी है कि चीन ने अमरीकाफ्रांस और ब्रिटेन के समर्थन वाले इस प्रस्ताव को मानने के लिए दो नवम्बर तक की छूट मांगी है। पहले उसने तकनीकी कारणों से ही दो अगस्त तक का समय मांगा था। इसी वर्ष फरवरी में संयुक्त राष्ट्र में अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने के प्रस्ताव पर चीन ने वीटो कर दिया था। अजहर को आतंकवादी घोषित कराने के भारत के प्रयासों का चीन बार बार विरोध करता आ रहा है।
--------------------------------------------
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने उस विधेयक पर स्वीकृति दे दी है जिसके तहत देश में वैध रूप से आने वाले विदेशियों की संख्या काफी कम की जा सकेगी। इससे योग्यता के आधार पर वीजा देने की योजना लागू की जा सकेगी जिससे भारत जैसे देशों के उच्च शिक्षा प्राप्त लोगों और टैक्नोलॉजी विशेषज्ञों को फायदा होगा।
--------------------------------------------
भारत के एच एस प्रणय और सौरभ वर्मा ने आज न्यूजीलैंड ओपन बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऑकलैंड में चौथी वरीयता प्राप्त प्रणय ने प्री क्वार्टर फाइनल में  दसवीं वरीयता प्राप्त हांगकांग के नान वेई को हराया। सौरभ ने अपने ही देश के पारूपल्ली कश्यप 21-18, 13-21, 21-16 से पराजित किया। सीरिल वर्मा को प्री क्वार्टर फाइनल में चीनी ताईपे के चिया हंग लू से 13-21, 14-21 से हार का सामना करना पडा। क्वार्टर फाइनल मुकाबले कल खेले जायेंगे।
पी वी सिंधुसायना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत प्रतियोगिता में नहीं खेल रहे।
--------------------------------------------
भारत ने कोलंबो क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन आज श्रीलंका के साथ ताजा समाचार मिलने तक विकेट पर 227 रन बना लिए थे। चेतेश्वर पुजारा 84 और अजिंक्या रहाणे 36 रन बना कर क्रीज पर है। शिखर धवन 35 रन बना कर दिलरूवान परेरा की गेंद पर एल बी डब्लयू आउट हुए। लोकेश राहूल रन आऊट हुएउन्होने 57 बनाये। विराट कोहली13 रन बना पाए। उन्हें रंगणा हेराथ की गेंद पर मैथ्थयू ने कैच किया।
भारत तीन मैचों की इस श्रृंखला में 1-0 से आगे है। गॉल टेस्ट मैच में भारत ने 304 रन से जीत दर्ज की थी।
--------------------------------------------
गुजरात सरकार ने बाढ़़ प्रभावित बनासकांठा और पाटण जिलों में बड़े स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया है। सूत्रों के अनुसार धानेरा तालुका से पांच हजार टन से ज्यादा और शहरी इलाकों से सात हजार टन कचरा साफ किया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सूरत के नगर निगम आयुक्त एन थेनारासन बनासकांठा जिले के धानेरा में सफाई अभियान का निरीक्षण कर रहे हैं।
--------------------------------------------
बम्बई शेयर बाजार के तीसरे पहर के कारोबार में संवेदी सूचकांक 169 अंक घटकर 32 हजार 307 पर आ गया। सवेरे यह उन्यासी अंक की गिरावट के साथ 32 हजार 398 पर खुला था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 45 अंक की गिरावट के साथ 10 हजार 35 पर आ गया।
अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में आज डॉलर के मुकाबले रूपया सात पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर 63 रूपये 63 पैसे का बोला गया। बैंकों और निर्यातकों की ओर से डॉलर की बिकवाली से रूपया मजबूत हुआ।
--------------------------------------------

कोई चमत्कार या दैवीय प्रकोप नहीं है : अजायब जलालआना

दहशत से छूटकारे के लिए लिया जा रहा है टोटकों का सहारा
ओढ़ां
ओढ़ां में गत दिवस एक 16 वर्षीय छात्रा गगनदीप कौर के बाल काटे जाने की घटना के बाद क्षेत्र भर के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है जिससे छुटकारा पाने के लिए लोगों द्वारा टोटकों का सहारा लिया जा रहा है।
अनेक लोगों ने अपने घरों के मुख्य द्वार पर नीम की टहनियां और नींबू आदि बांध रखे हैं और इसके साथ साथ यह भी कहा जा रहा है कि मेहंदी के घोल को हाथों पर लगाकर जिस घर के गेट पर पंजे के निशान बना दिए जाते हैं उस घर में इस प्रकार की घटनाएं होने का भय नहीं रहता। लोग अपने दूर दराज के रिश्तेदारों को भी इस प्रकार के टोटके अपनाने की सलाह दे रहे हैं। इस प्रकार इन अफवाहों बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस विषय में तर्कशील सोसाइटी से मास्टर अजायब सिंह जलालआना ने कहा कि बाल कटने की घटनाएं समाज में सामुहिक भय का वातावरण बना रही हैं जिसके कारण कमजोर मानसिकता वाले लोगों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोग इन घटनाओं को सत्य मानकर अर्धचेतन अवस्था में स्वयं को इससे पीडि़त महसूस करते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें अपने साथ भी बाल कटने की घटना होने जैसा अहसास होता है जबकि वास्तव में ऐसा कुछ होता नहीं है। उन्होंने कहा कि ये कोई चमत्कार अथवा दैवीय प्रकोप नहीं है अत: डरने जैसी कोई बात नहीं है। इस विषय में लोगों में जागरूकता लाने तथा वैज्ञानिक द़ष्टिकोण के प्रचार प्रसार की आवश्यकता है।
ओढ़ां में बाल कट जाने की घटना के बारे में थाना प्रभारी ओढ़ां जगदीश जोशी से बात किए जाने पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से लोग बेवजह भ्रम का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने अपील की कि लोग इस प्रकार की घटनाओं पर ध्यान ना दें क्योंकि इनमें कोई सच्चाई नहीं है इसलिए सभी लोग इस प्रकार की घटनाओं से भयमुक्त रहें।