Loading

17 February 2018

निगरानी समिति विधानसभा हलका डबवाली की बैठक सम्पन्न

प्रदेश में 2019 में भी भाजपा की सरकार बनना तय : पवन गर्ग
ओढ़ां
सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का निपटारा करने के उद्देश्य से निगरानी समिति विधानसभा हलका डबवाली के चेयरमैन पवन गर्ग ओढ़ां की अध्यक्षता में समिति की बैठक खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ओढ़ां में आयोजित की गई।
बैठक में कोआप्रेटिव बैंक के वाईस चेयरमैन गुरचेत सिंह रोड़ी, सदस्य अशोक बांसल, वरिष्ठ कार्यकर्ता जगराज सिंह, धर्मवीर जाखड़ और लीलूसिंह सहित शिकायतकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अनेक कार्यकर्ता उपस्थित हुए। इस बैठक में सिंचाई व अन्य विभागों संबंधी लगभग दर्जन भर शिकायतों का निपटारा किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन पवन गर्ग ओढ़ां ने जींद में आयोजित की गई युवा हुंकार रैली को सफल बनाने हेतु कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए सार्थक सहयोग के लिए कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि इतिहास का हिस्सा बनने जा रही युवा हुंकार रैली की सफलता ये दर्शाती है कि हरियाणा की जनता 2019 में एक बार पुन: भारतीय जनता पार्टी को सत्तासीन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की बेदाग छवि तथा प्रदेश में भाजपा सरकार के चलते भ्रष्टाचार पर अंकुश आदि अनेक ऐसे कारण हैं जिनके चलते प्रदेश में 2019 में भी भाजपा की सरकार बनना तय है।

16 February 2018

मनरेगा मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

ओढ़ां
मनरेगा मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर देहाती मजदूर सभा के बैनर तले खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ओढ़ां में धरना प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भवन निर्माण यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मंगत राम ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि आज न तो मनरेगा मजदूरों को काम दिया जा रहा है और न ही किए गए काम की मजदूरी, इसलिए मजदूरों की हालत बहुत खराब है तथा मजदूरों के लिए सरकार या प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि गत 8 दिसंबर को भी मनरेगा मजदूरों ने धरना दिया था लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। यदि अब खाली सीजन में मजदूरों के काम पर ध्यान नहीं दिया गया तो सभी मजदूर 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर धरना देंगे। इस मौके पर बलतेज, बलवीर, जगजीत, दिलावर, दर्शन, सुखदेव, पिरथी, हरपाल, निरंजन, गुरमेल, जलौर, जगतार व जगसीर मिठडी तथा जगदीश, हनुमान व सोहन नुहियांवाली सहित अनेक मजदूर मौजूद थे।

शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा पैदा करने की आवश्यकता है : जगदीश नेहरा

ओढ़ां
''शिक्षित देश ही सही मायने में प्रगति करता है लेकिन हमारे देश में काफी बड़ी जनसख्या अशिक्षित है अत: हमें शिक्षा का विस्तार करने, शिक्षा का स्तर सुधारने तथा शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा पैदा करने की आवश्यकता है''

उक्त विचार श्री बालाजी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा ने गांव खाई शेरगढ़  के हाई स्कूल व भागसर के प्राइमरी स्कूल में विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहे। इस मौके पर उन्होंने बच्चों में ज्यादा से ज्यादा प्रतिस्पर्धा पैदा करने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप गांव खाई शेरगढ़ को 3100 रुपये और गांव भागसर में 1100 रुपये उन बच्चों के लिए श्री बालाजी चेरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से प्रतिवर्ष दिए जाने की घोषणा की जो बच्चे स्कूल में सबसे ज्यादा नम्बर लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से बच्चों में पढ़ाई के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
उन्होंने समाज के सम्रद्ध लोगों व सामाजिक संस्थाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे इस तरह से कार्य करें कि देश व समाज का भला हो। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार, सहीराम सहारण, सुभाष कस्वां, सुखदेव सिंह, कुम्भाराम, रामेश्वर घोटिया, रामेश्वर सहारण, दर्शन सिंह, महावीर ढाका, छोटूराम, मुख्याध्यापक महेंद्र डूडी, सुभाष चंद्र, बृजलाल, मलजीत सिंह और किरणजीत कौर सहित गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।

जल स्वच्छता समिति सदस्यों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

सबसे बड़ी आवश्यकता जल की शुद्धता पर ध्यान देना : लक्ष्मीकांत भाटिया
ओढ़ां
जल हमारे जीवन की प्रथम प्राथमिकता व आवश्यकता है लेकिन हमारी मानसिकता में इसका महत्व ना के बराबर है इसलिए आज पेयजल के प्रति हम संवेदनशील नहीं हैं।

यह बात हरियाणा जल एवं स्वच्छता संगठन के राज्य सलाहकार लक्ष्मीकांत भाटिया ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ओढ़ां में जल स्वच्छता समिति सदस्यों को क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी आवश्यकता जल की शुद्धता पर ध्यान देने की है ताकि अशुद्ध जल से पनपने वाले रोगों पर अंकुश लगाकर हम शारीरिक व आर्थिक नुकसान से बच सकें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश भर में अप्रैल माह से ग्रामीण जल संरक्षण अभियान चलाकर हर घर तक पर्याप्त शुद्ध जल पहुंचाने का प्रशंसनीय प्रयास किया जा रहा है तथा जिसके लिए समितियों का सहयोग अत्यावश्यक है।
जिला सलाहकार राकेश सोगलान ने बताया कि खंड ओढ़ां में लगभग 400 समिति सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे ग्रामीण जल प्रणाली के बारे में जागरूक होकर प्रत्येक घर तक शुद्ध जल पहुंचाने में सहयोग कर सकें। कैमिस्ट संतोष कुमारी ने पानी में कैमिकल विषय पर विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सदस्यों को खंड संसाधन संयोजक प्रदीप बैनिवाल द्वारा जिम्मेदारियां व कर्तव्य, डॉ. बलदेवराज द्वारा स्वच्छता, प्रेम सहारण द्वारा जल संरक्षण, हरीसिंह द्वारा ऑपरेशन व मेंटीनेंस तथा राजेश द्विवेदी द्वारा जल में किटाणु विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस मौके पर पंचायत समिति अध्यक्ष मनोज शर्मा ने खंड ओढ़ां में प्रशिक्षण देने और जल संरक्षण व स्वच्छता विषय पर जागरूक करने पर जल स्वच्छता सहायक संगठन का आभार व्यक्त किया।

15 February 2018

ओढ़ां अनाज मंडी से जींद के लिए रवाना हुए हजारों कार्यकर्ता

कांग्रेस मुक्त और लोकदल लुप्त का कार्य करेगी यह रैली : देवकुमार शर्मा

जींद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बाइक रैली में शामिल होने के लिए डबवाली विधानसभा क्षेत्र से 500 के लगभग बाइकों पर हजारों कार्यकर्ता ओढ़ां की नई अनाज मंडी से जींद के लिए रवाना हुए। इस बाइक जत्थे के साथ एक अग्निशमन वाहन, एक एंबूलेंस और पुलिस पीसीआर भी रवाना हुई।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को रवाना करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता देवकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा के लिए यह रैली मात्र रैली न होकर कुंभ का मेला है जिसमें अमित शाह के मार्गदर्शन में उनके वचनों की गंगा में डुबकी लगाकर कार्यकर्ता उनके विचारों को जन जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी दल ऊल जलूल बातें बनाकर व रैली न होने का बयान देकर तथा जनता के बीच जाति पाति का नारा देकर रैली को कमजोर करने की साजिश कर रहे थे जिसे जनता ने नकार दिया। उन्होंने कहा कि डबवाली विधानसभा क्षेत्र के लिए जींद सबसे दूर का रास्ता है फिर भी डबवाली के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता है। अमित शाह के आने के बाद यह रैली कांग्रेस मुक्त और लोकदल लुप्त का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने हर क्षेत्र में रिकार्ड तोड़ा है। ईमानदाी में नंबर वन, भ्रष्टाचार मुक्ति में नंबर वन और आज होने वाली रैली में भी हरियाणा नंबर वन रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को उनके अलावा जिला महामंत्री विजय वधवा और मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर निगरानी कमेटी के चेयरमैन पवन गर्ग ओढ़ां, विस्तारक वासूदेव शर्मा, सुनील जिंदल, सतीश जग्गा, बलदेव सिंह मांगेआना, मीडिया प्रभारी जसपाल तगड़, धमेंद्रपाल शर्मा टप्पी, सुरेंद्र चेयरमैन, अमीलाल पारीक, गौरव मोंगा, प्रेम शर्मा, पिरथीचंद गर्ग, जोतराम शर्मा, दर्शन सालमखेड़ा, सूरजभान नुहियांवाली, रणजीत तिगड़ी, मनदीप शर्मा, बूटा सिंह हैबूआना, विकास कालूआना, अंग्रेज चोरमार, शामलाल कुकड़, बलजीत सिंह पार्षद और मास्टर जगदीश शर्मा सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।