Loading

06 January 2020

ब्रह्मविद्या विहंगम योग आश्रम रोहिडांवाली में सत्संग आयोजित

ओढां
ब्रह्मविद्या विहंगम योग आश्रम रोहिडांवाली में आयोजित रविवारीय सत्संत के दौरान प्रवचन पढ़ते हुए साधक राजाराम गोदारा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया कि बुद्धि चित्त अहंकार जो पंचभूत का काज, सारा पिंड ब्रह्मांड है जड़ माया का साज। अर्थात कार्य को निश्चय करने वाली वस्तु, समस्त प्राकृतिक विषयों को संचित करने वाला अंत:करण कर्तापन का भाव, जिसके द्वारा जगत के कार्यों को करने की प्रवृत्ति दृढ़ होती है। चारों अंत: करण अलग-अलग है कोई किसी का कार्य या रूपांतर रूप नहीं। मन बुद्धि चित्त एवं अहंकार इन के अलग-अलग कार्य और शरीर में स्थान है। इनके अलग-अलग लक्षण और प्रयोजन है इसलिए एक ही कारण के अवस्था भेद से चार अंत:करण नहीं होते हैं। आत्मा के ब्राह्य प्रवाह के प्रवाहित होने के लिए जड़ जगत के चार अंत:करणों की उत्पत्ति होती है। बिना अंतरण की प्रेरणा से बाह्य करण अर्थात पांच ज्ञानेंद्रियां और पांच कर्मेंद्रियां कार्य नहीं कर सकती। अतएव इन चतुर्दश करणों द्वारा ही आत्मा प्राकृतिक कर्मों का कर्ता और उपभोक्ता होती है। बुद्धि, चित्त और अहंकार ये तीनों करण पंच तत्वों से बनते हैं। समस्त शरीर की रचना पंचतत्व से होती है। स्थूल शरीर पार्थिव है परंतु इसमें सभी तत्वों के अलग-अलग कार्य दिखाई पड़ते हैं। बिना पंचतत्व के कोई एक तत्व से इस विशाल जगत का निर्माण नहीं कर सकता। अनंत ब्रह्मांड सृष्टि पंचभूत द्वारा ही निर्मित होती है। समस्त जड़ अनित्य जगत इस परिणामिनी माया के द्वारा ही बना हुआ है। जगत का उपादान कारण प्रकृति है एवं प्रकृति का कार्य यह पंचभूत जड़ अनित्य जगत है। चित्त, अहंकार और बुद्धि यह पंचभूत से बनते हैं। इसलिए इनका कारण पंचतत्व है।

श्री गुरू गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर निकाला भव्य नगर कीर्तन

ओढां
गांव ओढां के गुरुद्वारा सिंह सभा की प्रबंधक कमेटी व ग्राम वासियों के सहयोग से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी खालसा पंथ के सिरजनहार प्रथम पिता गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा सिंह सभा में तीन दिन पूर्व रखे गए श्री अखंड पाठ के भोग के उपरांत पांच प्यारों की अगुवाई में विशाल नगर कीर्तन निकाला गया।
जिसमें समस्त ग्राम वासियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारे कर रहे थे, उनके पीछे श्रीगुरु ग्रंथ साहब की पालकी चल रही थी। उनके पीछे रागी जत्था भाई जीत सिंह रघुआना वाले श्री गुरु गोविंद सिंह जी के इतिहास को सुनाते हुए संगतो को निहाल करते हुए साथ साथ चल रहे थे। उनके पीछे पंजाब का प्रसिद्ध कवीश्री जत्था अवतार सिंह शेखपुरा वाले कविश्री द्वारा गुरुजी का इतिहास सुना रहे थे। गली मोहल्लों में खुली जगहों पर बाबा बंदा सिंह बहादुर गतका अखाड़ा, जिसमें दस से बारह वर्ष के बच्चे और बच्चियां शामिल थे उन्होने अपने गतका के जौहर दिखाकर लोगों को दांतो तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया। नगर कीर्तन का अनेक गली मोहल्लों में फूल मालाओं व रंग बिरंगी झंडियां लगाकर स्वागत किया गया। कई मोहल्लों में चाय, समोसे, दूध, ब्रेड और पकोड़े आदि के लंगर लगाकर लोगों ने अपनी सेवा भावना व्यक्त की। नगर कीर्तन में चल रही लगभग 10-12 ट्रालियों में बैठे हुए बच्चों महिलाओं ने भी वाहेगुरु वाहेगुरु जपते हुए साथ पैदल चल रही अन्य संतों का भी उत्साह बढ़ाया। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहब से चलकर मराजका मोहल्ला, गोगामेडी मोहल्ला, मलकाना मोहल्ला, कुंडरों वाली गली, भोला सिंह आरे वाली गली, ग्रीन मार्केट व पुरानी अनाज मंडी की अनेकों गलियों से होते हुए वापिस गुरुद्वारा साहब पहुंचा।

छायाचित्र: ओढां में नगर कीर्तन की अगवानी करते पांच प्यारे।

05 January 2020

नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ओढां
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार ओढां पुलिस की ओर से चलाई गई यातायात एवं नशामुक्ति मुहिम के अंतर्गत आईटीआई ओढां में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी ओढां निरीक्षक कृष्ण लाल ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ओढां को नशा मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी लेकिन समाज को अपराध मुक्त बनाने के लिए जन सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अपराध मुक्त समाज बनाने के लिए कटिबद्ध है लेकिन जन सहयोग के बिना यह संभव नहीं। इसलिए पुलिस को हरसंभव सहयोग करें। गैर कानूनी धंधा करने वालों की सूचना बेझिझक पुलिस को दें, ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। थाना प्रभारी ने कहा कि ओढां को नशा मुक्त करवाने का मैंने प्रण लिया है और आप सभी के सहयोग से यह कार्य सफल हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को सफल बनाने के लिए विद्यार्थियों की भागीदारी भी भी रंग ला सकती है इसलिए विद्यार्थी को अपने घरों में जाकर के अपने परिवार वालों को और आसपास के लोगों को नशे के प्रति जागरूक करना चाहिए।
जो लोग नशा करते हैं उनको नशे के अवगुण बता कर नशा छुड़वायें। जिस व्यक्ति को इसमें मेरी आवश्यकता पड़े तो मैं भी उस गली मोहल्ले में जाकर के समझा सकता हूं। मुझे बढ़ते हुए अपराधों के बारे में गुप्त सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। कोई व्यक्ति किसी प्रकार का नशा बेचता है या किसी प्रकार का गलत कार्य करता है तो उसकी सूचना गुप्त तरीके से हमें दे। नशेडी अपना मानसिक संतुलन खो देता है और अपने परिवार से बुरा व्यवहार करता है। नशे से शरीर कमजोर होकर बीमारियों का शिकार होता है। बुढ़ापे में ऐसे व्यक्ति की जिंदगी बहुत दुखदाई हो जाती है। वो नशे के लिए चोरी करता है, अपने घर के बर्तन बेच देता है तथा नशा करने वाले व्यक्ति का परिवार कभी सुखी नहीं रह पाता। इस अवसर पर उन्होंने सर्दी के मौसम में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह देते हुए यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर आईंटीआई स्टाफ की ओर से राजेंद्र पाल, मैनपाल, दिनेश कुमार, रणजीत सिंह, राकेश कुमार, महेंद्र सिंह, ममता रानी, सुरजीत कुमार, गुरदास सिंह और पवन कुमार आदि ने थाना प्रभारी को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।


छायाचित्र: संबोधित करते थाना प्रभारी एवं उपस्थित विद्यार्थी।

शिविर का शुभारंभ प्रार्थना और व्यायाम के साथ हुआ

ओढां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नुहियांवाली में चल रहे सात दिवसीय शीतकालीन राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के अंतर्गत चौथे दिन का शुभारंभ प्रार्थना और व्यायाम के साथ हुआ। शिविर प्रभारी हिंदी प्रवक्ता पवन कुमार ने कहा कि व्यायाम से शरीर निरोग रहता है, मानसिक विकास होता है, तनाव को रोकता है तथा सुबह जल्दी उठने में सहायक है।
आज स्वयंसेवकों ने कक्षा-कक्ष की साफ सफाई करते हुए मकड़ी के जाले उतारे और बरामदों की सफाई की। प्राचार्य रोहताश ने कहा कि सफाई का हमारे जीवन में विशेष महत्व है अत: हमें अपनी तथा अपने आसपास सफाई रखनी चाहिए। सफाई रखने से बीमारियां नहीं फैलती। हमें अपने घर, मौहल्ले व गलियों को स्वच्छ रखना चाहिए तथा सफाई के प्रति सभी को जागरुक करना चाहिए।

छायाचित्र: नुहियांवाली शिविर में सफाई करती स्वयंसेविकायें।

शीतकालीन राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर चौथा दिन

ओढां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढां में एनएसएस की 50 वर्षगांठ पर आयोजित सात दिवसीय शीतकालीन राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के अंतर्गत चौथे दिन नोडल अधिकारी डॉ संदीप शर्मा के कुशल नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने खेल मैदान की सफाई और पेड़ों की कटाई छंटाई कर श्रमदान किया।
शिविर में आज मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए रेडक्रॉस सिरसा से राजेंद्र कुमार ने स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना हो जाने पर आपात स्थिति में चिकित्सक के आने से पूर्व हम किस प्रकार प्राथमिक उपचार करके मरीज को होने वाले परिणाम में बदलाव कर सकते हैं और अनेक बार तो मरीज की जान भी बचा सकते हैं। उन्होंने चोट लगने, कीटनाशक का प्रभाव होने, सांप के डसने, उल्टी दस्त लगने तथा चक्कर आने पर क्या करें तथा किस प्रकार घरेलु नुस्खों की सहायता से प्राथमिक उपचार कर सकते हैं। विद्यालय प्राचार्य विक्रमजीत सिंह ने भी इस विषय पर अपने विचार रखे। डॉ. संदीप शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर में स्वयंसेवकों सहित पंजाबी प्रवक्ता जितेंद्र गर्ग, मौलिक मुख्याध्यापक कृष्ण सिंह, एसएसएम हरपाल सिंह व राजविंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

छायाचित्र: स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार के गुर सिखाते राजेंद्र कुमार