Loading

05 February 2017

समाचार:-

  • आल इंडिया अन्ना डी एम के पार्टी की महासचिव शशिकला का पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद तमिलनाडु की मुख्यमंत्री बनना तय। 
  • वरिष्ठ भाजपा नेता श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-विमुद्रीकरण के बाद जब्त की गई धन राशि का इस्तेमाल युवाओं के लाभ के लिए किया जाएगा। कांग्रेस उपाध्याक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव ने कहा-वे युवाओं और किसानों के लिए काम करेंगे। 
  • उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर।
     
  • अफगानिस्तान में काबुल और देश के अन्य भागों में हिमस्खलन के कारण 54 लोगों के मारे जाने की आशंका। प्रमुख राजमार्ग बंद किए गए। 
  • केन्द्र सरकार ने खसरा और रुबेला से बचाव के लिए  टीकाकरण अभियान की शुरूआत की। 40 करोड़ से अधिक बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य। 
  • अमरीका की फेडरल अपीली अदालत ने संघीय न्यायाधीश द्वारा कुछ देशों के नागरिकों की अमरीका यात्रा पर लगाया गया प्रतिबंध हटाने का ट्रम्प प्रशासन का अनुरोध नामंजूर किया।
  • भारत ने डेविस कप टेनिस, एशिया ओशियानिया ग्रुप वन के पहले राउंड में न्यूजीलैंड पर4-1 की जीत दर्ज कर दूसरे दौर में।
------------------------------
तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी की महासचिव वी के शशिकला को पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उनका राज्य की मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है। वे जानकी रामचंद्रन और जे जयललिता के बाद राज्य की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
सुश्री शशिकला को चेन्नई में पार्टी मुख्यालय में हुई विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम ने किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार वी.केशशिकला बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। श्री पन्नीरसेल्वम को नए मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री का पद दिया जा सकता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सुश्री शशिकला के समर्थक उनके पार्टी की कमान संभालने के बाद से ही उन्हें मुख्यमंत्री बनाये जाने की मांग कर रहे थे।
सुश्री शशिकला के समर्थक लगातार कह रहे थे कि सत्ता के दो केन्द्रएक पार्टी के स्तर पर एक सरकार के स्तर पर उचित नहीं होंगे। और उनमें तालमेल भी नहीं बन पाएगा। सुश्री शशिकला ने अपने भाषण में आज कहा कि स्वर्गीय जयललिता के निधन के बाद पन्नीर सेल्वम पहले व्यक्ति थे जिन्होंने कहा था कि वो पार्टी की महासचिव व मुख्यमंत्री पद संभालें। शशिकला ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग का सम्मान करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री बनना स्वीकार किया है। चेन्नई से जयसिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शिव प्रकाश मिश्र
इस बीचराज्य के प्रमुख विपक्षी दल डीएमके पार्टी नेता एम के स्टॉलिन ने कहा कि शशिकला कभी भी जनता के साथ नहीं जुड़ पाएंगीक्योंकि उन्हें जनता ने नहीं चुना है।
------------------------------
उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आती जा रही है सभी राजनीतिक दलों के बडे नेता चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहले चरण में 11 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। मेरठ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ में आज एक जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि नोट बंदी से भ्रष्ट लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ हैइसलिए वे उन्हें मात देने के लिए लामबंद हो गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा खासतौर से महिलाओंछोटे कारोबारियों और किसानों के लिए संघर्ष कर रही हैजिनकी हालत उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा खराब है। नोटबंदी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार नोटबंदी की वजह से जब्त किए गए पैसों को युवाओं की बेहतरी के लिए इस्तेमाल करना चाहती है।
जब से आपने मुझे केन्द्र में बिठाया हैएक के बाद एक कदम उठाये हैं। ये राजनीतिक दल तो पहले भी थे, 14 के चुनाव में भी थेलेकिन इन सभी राजनैतिक दलों का गुस्सा अभी जितना नजर आता है पहले कभी इतना गुस्सा नजर आता थामोदी पर इतना गुस्सा करते थेये मिलजुलकरके रोज नया फतवा निकालते हैंकारण क्या है मालूम है मैं ऐसे स्क्रू टाइट कर रहा हूंऐसे स्क्रू टाइट कर रहा हूं।
राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादवकांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधीबहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्धिकी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित कई बड़े नेता चुनाव रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने आज शामली जिले में चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कैराना से लोगों के पलायन का मुद्दा उठाया और समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस गठबंधन की आलोचना की।
कानपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने संयुक्त रूप से एक रैली को संबोधित किया। कानपुर नगर के जी आई सी ग्राउंड में एक जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अभी तक कोई बड़ा काम नहीं किया है।
नौजवान सब लोग हमेशा साईकिल चलाते रहते हैंऔर अब तो कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस का हाथ भी आपके हैंडल पर है तो सोचो साईकिल की रफ्तार क्या होगी।
बाद में एक बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हम मिलकर युवाओं और किसानों के लिए काम करेंगे।
किसान के दिल में जो दर्द हैयुवाओं के दिल के अंदर जो हैमहिलाओं के अंदर जो दर्द है उनके लिए यह सरकार बनेगी।
श्री राहुल गांधी ने स्कैम टिप्पणी पर प्रधानमंत्री को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि गलत लोगों को हमेशा हर चीज गलत ही दिखाई देती है। इससे पहले उन्होंने सहारनपुर जिले के गान्गोह में भी एक रैली को संबोधित किया।  रैली में उन्होंने रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाये और कहा कि मेक इन इंडिया कार्यक्रम तभी सफल माना जाएगा जब उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों पर हमारे संवाददाता की
अलीगढ़ के विश्व प्रसिद्ध ताला उद्योग की बदहाली का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा इसके लिए प्रदेश सरकार की गलत नीतियां और बिजली की बेहद कमी जिम्मेदार हैवहीं आज कानपुर में अखिलेश यादव के साथ फिर से मंच साझा करने पहुंचे राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि वो चुनावों के बाद उत्तरप्रदेश को ऐसे भूल जाएंगे जैसे बिहार के चुनावों के बाद उसे भूल गये। इस बीचबहुजन समाजवादी पार्टी ने सपा-कांग्रेस गठजोड़भाजपा दोनों पर दलित और गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया। मिराजुद्दीन आकाशवाणी समाचार लखनऊ
------------------------------
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने राज्य में कांग्रेस नेताओं द्वारा युवाओं को रोजगार कार्ड बांटे जाने के लिए उन पर एफ आई आर दर्ज करने की मांग की है। राज्य के भाजपा प्रवक्ता देवेन्द्र भसीन ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने भाजपा की शिकायत पर इस सिलसिले में कांग्रेस को नोटिस जारी कर दिया हैइसके बावजूद कांग्रेस नेता विभिन्न स्थानों पर रोजगार कार्ड बांट रहे हैं।
इस बीचराज्य में 15 फरवरी की चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही चुनाव प्रचार तेज होता जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि आज वहां सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने रैलियों को संबोधित किया और एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
हरिद्वार में वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार राज्य में सभी मोर्चों पर नाकाम रही है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने हरिद्वार रोड शो में हिस्सा लियाबहुजन समाज पार्टी की अध्यक्षा मायावती ने सितारगंज में कहा उत्तराखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और समाज का हर वर्ग कांग्रेस सरकार की नीतियों से नाखुश है। शिशु शर्मा सांतल आकाशवाणी समाचारदेहरादून
------------------------------
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज बेंगलूरू में खसरा और रूबेला टीकाकरण अभियान की शुरूआत की। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने इसका शुभारंभ किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह अभियान कर्नाटकतमिलनाडुपुद्दुचेरीगोवा और लक्षद्वीप से शुरू होगा जिसमें लगभग तीन करोड़ साठ लाख बच्चों का टीकाकरण किया जायेगा।
इस अभियान का लक्ष्य देशभर के लगभग 41 करोड़  बच्चे हैंजो अब तक का सबसे बड़ा अभियान है। नौ महीने से लेकर 15 साल तक के बच्चों को खसरा का टीका सभी राज्यों में मुफ्त दिया जायेगा। खसरे का टीका अभी टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत दिया जाता है। रूबेला टीका इसमें नया जोड़ा गया है। खसरा एक घातक बीमारी है जो बच्चों की मौत का प्रमुख कारण होती है। इस रोग से 2015 में देश में पांच साल से कम उम्र के लगभग 49 हजार बच्चों की मौत हुई थी। हालांकि रूबेला संक्रमण से गर्भवती महिलाएं भी गंभीर रूप से प्रभावित होती हैं। समाचार कक्ष से नवीन सक्सेना
------------------------------
भुवनेश्वर में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो की विशेष अदालत ने चिटफंड घोटाला मामले में ग्रीन रे इंटरनेशनल कंपनी के प्रबंध निदेशक मीर शहीरूद्दीन को आज छह दिन की रिमांड पर भेज दिया है। शहीरूद्दीन को दो दिन पहले कोलकाता हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए भुवनेश्वर लाया गया था। कंपनी पर आरोप है कि उसने ओडिसा में करीब डेढ़ लाख लोगों का पांच सौ करोड़ रूपया हड़पा है। इसके अलावा कंपनी ने छत्तीसगढ़ में भी लोगों से दो सौ करोड़ रूपये इकट्ठा किए थे।
------------------------------
तमिलनाडु में मदुरै के पास अवनियापुरम में आज आयोजित सांडों को काबू करने के खेल जल्लिकट्ट में तीस से अधिक लोग घायल हो गये हैं। खेल स्थल पर लगाए गये स्वास्थ्य शिविर में सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि समय-समय पर देश में जन्में कई महान संतों ने सामाजिक बुराइयों को खत्म करने और लोगों को मोक्ष का मार्ग दिखाने का महान कार्य किया। श्री मोदी ने जगत गुरू माधवाचार्य के सातवें शताब्दी समारोह के अवसर पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भक्ति आंदोलन के समय देश के संत-महात्माओं ने जाति प्रथा और अस्पृश्यता जैसी सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने के लिए मिलकर काम किया और लोगों को इसके प्रति जागरूक बनाया।
हमारे संतों ने पूरे समाज को जात से जगत की ओरस्वर्ण से समस्त की ओरअहम से व्यम की ओरजीव से शिव की ओरजीवात्मा से परमात्मा की ओर जाने के लिए प्रेरित किया।
------------------------------
अफगानिस्तान में तीन दिनों से हो रही भारी बर्फबारी से  मरने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है। बचाव दल ने दूरदराज के इलाकों में सड़कों पर से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है।
प्राकृतिक आपदा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि हिमस्ख्ालन की वजह से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये और मध्य तथा उत्तर पूर्वी प्रांतों में सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गयी है।
------------------------------
अमरीका की एक संघीय अपीली अदालत ने ट्रंप प्रशासन के उस आग्रह को ठुकरा दिया जिसमें मांग की गई थी कि सात मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने के उसके फैसले पर लगाई गयी अस्थाई रोक को तत्काल हटाया जाए।
अपीली अदालत के इस फैसले के बाद ट्रंप प्रशासन द्वारा जारी यात्रा प्रतिबंध का आदेश तब तक स्थगित रहेगाजब तक इस पर पूरी सुनवाई नहीं हो जाती। अपीली अदालत ने इस बारे में अमरीकी सरकार से सोमवार तक और दलील पेश करने को कहा है।
------------------------------
भारत ने डेविस कप टेनिस एशिया-ओसेनिया ग्रुप वन के पहले दौर में न्यूजीलैंड पर 4-1 की जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। पुणे में पहले रिवर्स सिंगल्स में रामकुमार रामनाथन ने फिन टियर्नी को हराकर भारत को तीन एक की अजेय बढ़त दिला दी। दूसरे रिवर्स सिंगल्स में युकी भांबरी ने जोस स्टेथम को 7-5, 3-6, 6-4 से हराया।
उधरहांगकांग में भारत ने एशियाई जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में लड़कों की टीम वर्ग का खिताब जीत लिया है।
------------------------------
जम्मू कश्मीर में फिर बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कल शाम से आज सुबह तक पूरे कश्मीर क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई। भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से जम्मू प्रांत में डोडा-बटोटे रोड़ यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
------------------------------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से कल प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है : केन्द्रीय बजट 2017-18 आम लोगों के हित में।
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात  साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा।

भूकंप की अफवाह के चलते बाहर निकले नवोदय के सैकड़ों बच्चे

सैकड़ों बच्चे खुले आसमान के नीचे खड़े होकर भूकंप के आने की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन जब भूकंप नहीं आया तो वे वापिस छात्रावास में चले गये
ओढ़ां
रविवार की सुबह सबेरे साढ़े 3 बजे से लेकर 5 बजे तक जवाहर नवोदय विद्यालय के सैकड़ों बच्चे खुले आसमान के नीचे खड़े होकर भूकंप के आने की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन जब भूकंप नहीं आया तो वे वापिस छात्रावास में चले गये। हुआ दरअसल यह था कि शनिवार की रात्रि अपने घरों में चैन से सोये ओढ़ां क्षेत्र में अनेक गांवों के लोग उस समय अचानक उठ खड़े हुये जब सुबह 3 बजे के लगभग उनके पास पंजाब की रिश्तेदारियों से इस सूचना के फोन आने लगे कि 4 बजे भूकंप आयेगा। मोबाइलों के जरिये यह अफवाह शीघ्रता के साथ जहां तहां फैल गई और आधी रात को सभी लोग घरों से बाहर निकल आये। अनेक गांवों में इस सूचना की मुनादी गुरूद्वारा के स्पीकर पर भी करवा दी गई।
ओढ़ां के गुरूद्वारा से साढ़े तीन बजे जैसे ही यह सूचना अनाउंस की गई तो जवाहर नवोदय विद्यालय के चौकीदार मनजीत सिंह ने स्पीकर पर यह मुनादी सुनकर स्टाफ को बताया तथा स्टाफ ने बच्चों को, इस पर जवाहर नवोदय विद्यालय के सैकड़ों बच्चे छात्रावास के बाहर खुले में निकल आये तथा भूकंप आने की प्रतीक्षा करने लगे। चार बजे के बाद तक जब कुछ नहीं हुआ तो सभी वापिस अपने कमरों में गये।

डिग्गी में गिरी दो गाय और एक बछड़ा

ग्रामीणों ने रस्से की सहायता से तीनों को सकुशल निकाला
ओढ़ां
स्थानीय पुरानी मंडी रोड पर स्थित मुख्य जलघर में आज सुबह दो गाय और एक बछड़ा डिग्गी में गिर गए जिन्हें ग्रामीणों ने काफी मेहनत करते हुए रस्से की सहायता से सकुशल बाहर निकाल लिया।
दोनों गाय और बछड़े को बाहर निकालने वाले मौके पर मौजूद ग्रामीणों पप्पू गोदारा, मेवा सिंह, पंकज कुमार, फतेह सिंह, प्रवीण कुमार, पवनदीप, कुलवंत सिंह, बिटू सिंह, गोरा सिंह और नीटू सिंह आदि ने बताया कि वे काफी मेहनत के बाद रस्सों की सहायता से दोनों गाय और बछड़े को डिग्गी से सही सलामत बाहर निकालने में सफल हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि जलघर के पिछवाड़े बस स्टेंड से माता हरकी देवी कॉलेज रोड पर शनिदेव मंदिर के निकट जलघर की चारदीवारी काफी नीची है। जिसके कारण दो गाय और एक बछड़ा जब दीवार फांदकर जलघर में कूदे तो दीवार के साथ बनी डिग्गी में जा गिरे क्योंकि डिग्गी की चारदीवारी भी नीची है। तथा कूदते डिग्गी में जा गिरे। उन्होंने कहा कि इस ओर की चारदीवारी तथा डिग्गियों की चारदीवारी को ऊंचा किया जाना चाहिये। सरपंच लखबीर कौर ने बताया कि जलघर की चारदीवारी को ऊंचा करने हेतु प्रस्ताव पास करके भेजा हुआ है तथा ग्रांट आते ही चारदीवारी को ऊंचा कर दिया जायेगा।

ब्रह्मविद्या विहंगम योग आश्रम में मासिक सत्संग 

हमें जब भी कोई कार्य करना होता है तो चित मे एक विचार उठता है जिसको हमारा मन पकड़ता है तथा विश्लेषण करने के लिए बुद्धि को दे देता है और बुद्धि उसका विश्लेषण करती है कि इस कार्य को कैसे सम्पन्न करना है और अपना निर्णय पुन: मन को दे देती है। मन उस निर्णय के अनुसार उस कार्य को सम्पन्न करने का आदेश इन्द्रियों को देता है और इन्द्रियों के माध्यम से वह कार्य सम्पन्न होता है तथा कार्य सम्पन्न होने के बाद मन में यह विचार आना कि यह कार्य मैनें किया, यही अहंकार है।
ओढ़ां
इस तन में मन कहां बसे निकस जात किस ओर। गुरु गम हो तो परख ले नही तो गुरु कर और॥ अर्थात इस शरीर में मन का निवास कहां है, यह ज्ञान हो जाने पर ही इसको वश मे किया जा सकता है, जब तक हमे इसके निवास का ज्ञान ही नही होगा हम उसे वश मे कैसे कर सकतें हैं। अत: हमारे गुरु वह हो जिन्हे यह पता हो कि इस शरीर में मन का निवास कहां हैं। उसके बाद वह हमें बतलाए कि इसे कैसे वश मे किया जाये।
यह बात खंड के गांव रोहिडांवाली में स्थित ब्रह्मविद्या विहंगम योग आश्रम में मासिक सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए साधक राजाराम गोदारा ने कही। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में कंप्यूटर का महत्व और इसके कार्य करने का तरीका सभी जानते हैं। कंप्यूटर में एक हार्ड डिस्क, रैम, रोम, प्रोसेसर इत्यादि चीजें होती है तथा सभी का अपना कार्य होता है। कुछ इसी प्रकार हमारा शरीर भी कार्य करता है। उसमें भी मन, बुद्धि, चित व अहंकार ये चार अंत:करण है तथा पांच कार्मेन्द्रियां क्रमश: हाथ, पांव, पायू, उपस्थ और वाणी है तथा पांच ही ज्ञानेन्द्रियां क्रमश: नाक, कान, जीभ, आंख व त्वचा हैं जिनका सबका अपना अपना कार्य है।
उन्होंने कहा कि चित मानव शरीर में स्थापित एक हार्ड डिस्क है जो हमारे सामने आने वाले हर दृश्य, संवाद तथा विचार को हमारे ना चाहते हुए भी रिकॉर्ड कर लेता है। चित मे जो विचार संग्रहित होते है उनसे ही हमारे संस्कार बनते हैं तथा उसी के अनुसार हम अपना कर्म करते हैं। हमें जब भी कोई कार्य करना होता है तो चित मे एक विचार उठता है जिसको हमारा मन पकड़ता है तथा विश्लेषण करने के लिए बुद्धि को दे देता है और बुद्धि उसका विश्लेषण करती है कि इस कार्य को कैसे सम्पन्न करना है और अपना निर्णय पुन: मन को दे देती है। मन उस निर्णय के अनुसार उस कार्य को सम्पन्न करने का आदेश इन्द्रियों को देता है और इन्द्रियों के माध्यम से वह कार्य सम्पन्न होता है तथा कार्य सम्पन्न होने के बाद मन में यह विचार आना कि यह कार्य मैनें किया, यही अहंकार है। इसप्रकार जो कार्य किया गया उसका फल जैसा भी हो अच्छा या बुरा हमारी उस आत्मा को भोगना पड़ता है जिसकी इस कार्य को करने मे कोई भूमिका नहीं होती। उसका दोष केवल इतना होता है कि मन जिस शक्ति का उपयोग करता है वह आत्मा की होती है।
यदि हम अपने मन पर नियंत्रण स्थापित करलें तो यह कोई ऐसा काम नहीं करेगा जिसका फल अशुभ हो, लेकिन मन पर नियंत्रण करना इतना आसान नहीं है। इसके लिए हमे ऐसे गुरु की खोज करनी होगी जो यह बताये की मन पर नियंत्रण कैसे किया जा सकता है। इस मौके पर रामकुमार, लीलूराम, भागमल, लक्ष्मी यादव, जगदीश मायला और लक्ष्मी वर्मा सहित अनेक महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।
मजदूरों व कामगारों को करवाया अधिकारों से अवगत
निगरानी समिति प्रमुख पवन गर्ग ओढ़ां ने सरकार द्वारा कामगारों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए सभी कामगारों को स्वयं का पंजीकरण करवाने की सलाह दी ताकि हर सूचना उन तक पहुंच सके
ओढ़ां
प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा मजदूरों व कामगारों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनायें चलाई गई हैं जिनका ज्यादा से ज्यादा लाभ हमारे कामगार भाईयों को मिल सके इस हेतु ग्रामीण मजदूरों व कामगारों को जागरूक किया जा रहा है। यह बात बीओसीडब्ल्यू बोर्ड के मेंबर रोहताश जांगड़ा ने रविवार को ओढ़ां स्थित हलका डबवाली निगरानी कमेटी के अध्यक्ष पवन गर्ग ओढ़ां के कार्यालय परिसर में ओढ़ां क्षेत्र के मजदूरों और मिस्तरियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कामगारों को उनके अधिकारों तथा सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताते हुए कहा कि यदि आपका शोषण हो रहा है तो आप अधिकारपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठा सकते हैं। इस अवसर पर निगरानी समिति प्रमुख पवन गर्ग ओढ़ां ने सरकार द्वारा कामगारों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए सभी कामगारों को स्वयं का पंजीकरण करवाने की सलाह दी ताकि हर सूचना उन तक पहुंच सके। उनके अतिरिक्त बीएमसी के उपप्रधान ओपी मालिया ने भी मजदूरों व मिस्तरियों को संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग ओढ़ां, उपाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह, मिस्तरी राजा सिंह सालमखेड़ा, सुखदीप सिंह लकडांवाली, हरफूल सिंह, गुरदास सिंह, रमेश कुमार और काला सिंह सहित काफी संख्या में मिस्तरी और मजदूर मौजूद थे।