Loading

24 March 2017

जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक रद्द

सिरसा, 24 मार्च। आगामी 27 मार्च 2017 को स्थानीय पंचायत भवन में होने वाली जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक किसी कारणवश रद्द कर दी गई है।
यह जानकारी नगराधीश डा. वेद प्रकाश बेनीवाल ने दी।

स्कूलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट दो दिन के अंदर भिजवाना सुनिश्चित करें

सिरसा, 24 मार्च। स्कूलों में नया सत्र आरंभ होने जा रहा है, इसके मद्देनजर आमजन की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त श्रीमती शरणदीप कौर बराड़ ने अधिकारियों की एक कमेटी का गठन किया है। उन्होंने कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे स्कूलों का निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट दो दिन के अंदर भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इस कमेटी के अध्यक्ष श्री मोहम्मद ईमरान राजा सहायक आयुक्त (अण्डर ट्रेनिंग), कमेटी के सदस्य श्री प्रीतपाल सिंह जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, सदस्य सचिव श्री यज्ञदत्त वर्मा जिला शिक्षा अधिकारी, सदस्य तहसीलदार सिरसा तथा प्रधान स्कूल अभिभावक संघ सिरसा सदस्य होंगे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि वे सदस्य सचिव होने के नाते समस्त कार्यवाही करते हुए बिना किसी देरी के रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें।

बेटी पैदा नहीं होती बल्कि अवतारित होती है - प्रो. गणेशीलाल

सिरसा, 24 मार्च।  विचारों की असीम प्रकाष्ठा से पदार्थ का निर्माण होता है और पदार्थ से ऊर्जा का निर्माण होता है तथा इसी ऊर्जा से सृष्टि का निर्माण होता है। मानव जीवन की उत्पत्ति का आधार पुरुष व स्त्री न होकर आत्मा है। बेटी बचाने का नहीं बल्कि बेटी पूजन का समय है और बेटी पैदा नहीं होती बल्कि अवतारित होती है। 
यह विचार हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री व भाजपा अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. गणेशीलाल ने चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के सभागार में हरियाणा कला परिषद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 22 दिवसीय मातृशक्ति महोत्सव 2017 कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि यदि हम इतिहास के पन्नों की तरफ नजर डालेंगे तो पाएंगे कि प्रत्येक व्यक्ति की सफलता के पीछे उसकी माता का अहम योगदान होता है। अनेक विचारकों ने भी मातृशक्ति, महिला शक्ति व महिला त्याग संबंधित उद्गार अपनी लेखनी के माध्यम सें किये हैं। 
इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता दुग्गल ने कहा कि केंद्र व हरियाणा सरकार की बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ की महत्वाकांक्षी योजना की बदौलत प्रदेश के लिंगानुपात की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और यदि सिरसा की बात की जाए तो यह जिला भी इस मामले में प्रदेश भर में अग्रणिय है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा के अनुसार कार्य करके समाज के लिए रोलमॉडल बनें और भारतीय संस्कृति का प्रचार व प्रसार करें। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति विश्व की सर्वश्रेष्ठ संस्कृतियों में से एक है।
इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के  रुप में बोलते हुए चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कायत ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवा शक्ति को दिशा व दशा मिलती है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कृषि, बरतन बनाने व भोजन बनाने से लेकर वस्त्र बनाने का श्रेय नारी को जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, धर्म, न्याय जैसे मूल्यों की वजह से ही भारत को विश्वगुरु की संज्ञा दी गई है। 
इस अवसर पर हरियाणा कला परिषद के निदेशक श्री अजय सिंगल ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करवाने का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को निखारना है और युवाओं में अच्छे संस्कार पैदा करने है। उन्होंने कहा कि कला परिवर्तन का सशक्त माध्यम है और कला के माध्यम से ही विचारों की अभिव्यक्ति होती है और सशक्त समाज का निर्माण होता है। 
इस अवसर पर मंच का संचालन श्री उमाशंकर व विश्वविद्यालय की छात्रा अंशु तथा भावना ने किया और मेहमानों को स्वागत युवा कल्याण निदेशक डा. काशिफ किदवई द्वारा किया गया और धन्यवाद ऑर्ट फैक्ट्री सिरसा के विरेंद्र पाहवल द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि व अन्य मेहमानों को स्मृति चिह्न भी प्रदान किये गए। स्थानीय कलाकारों द्वारा पेश किये गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से बड़े ही बेहतरीन ढंग से महिला शक्ति व सामाजिक चेतना के बारे में प्रस्तुति दी गई और देश भक्ति से ओतप्रोत इस कार्यक्रम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 
इस मौके पर रजिस्ट्रार सीडीएलयू डा. आसीम मिगलानी, डीन अकेडमिक दीप्ति धर्माणी, डा. अमित सांगवान, डा. सुरेंद्र, श्री राजेश छिकारा, युवा भाजपा नेता श्री मनीष सिंगला, प्रदेश सचिव भाजपा युवा मोर्चा श्री विनोद स्वामी, श्री राजेश शर्मा, श्री विरेंद्र तिन्ना, श्री सुरेश पंवार, श्री सतेंद्र गर्ग, श्री तरुण गुलाटी, वार्ड न. 5 से पार्षद श्रीमती सुमन शर्मा, पारुल ढाका, श्री संजीव शाद, जिला परिषद सदस्य श्री नक्षत्र सिंह, श्री मुकेश कुमार, चेयरमेन नगर परिषद श्रीमती शीला सहगल, श्रीमती अंजुबाला, श्री हरप्रीत शर्मा सहित विश्वविद्यालय की छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति की एक बैठक आयोजित

सिरसा, 24 मार्च।  आज स्थानीय सिविल सर्जन कार्यालय में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति की एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में  भ्रूण जांच व अन्य अपंजीकृत अल्ट्रासाडंछ केंद्रों  से सम्बंधित 6 मामले रखे गए जिसपर  डीएसी व डीएए के सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। 
इस बैठक में सिविल सर्जन डा. सूरजभान कम्बोज, उप सिविल सर्जन डा. विरेश भूषण सहित कमेटी के अन्य सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया और सुझाव दिये। उन्होंने बैठक में विचार विमर्श किया कि पीएनडीटी एक्ट के तहत कोई भी चिकित्सक लिंग जांच बारे नहीं बता सकता। इसी प्रकार अन्य पीएनडीटी एक्ट के तहत  विशालअल्ट्रासाउंड केंद्र, रिद्धि सिद्धि डायोग्रोस्टि व श्री बाला जी अस्पताल को अल्ट्रासांउड मशीन के नवीनीकरण हेतु प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर भी कमेटी सदस्यों के सुझाव व अनुमति प्रदान की गई। इसी प्रकार जस्सी अस्पताल , चौटाला का आवेदन देरी से आने के कारण उनके आवेदन को विचारधीन रखा गया है तथा सदस्यों की सहमति से इन पर विचार विमर्श कर आगे कार्यवाही की जाएगी।  
इस अवसर पर सिविल सर्जन ने पीएनडीटी एक्ट के तहत सभी अल्ट्रासाउंड केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि जहां कहीं पर कोई भू्रण जांच की शिकायत या संदेह हो तो इस बारे कार्यवाही अमल में लाई जाए। डा. कम्बोज ने आमजन से अपील की है कि अगर कोई लिंग जांच बारे शिकायत मिले तो तुरन्त सिविल सर्जन को बताएं, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे सम्मानित भी करवाया जाएगा।
इस बैठक में  जिला न्यायवादी श्रीमती उषा बिश्रोई,डा सोनिया, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती सरोज रानी,भाई कन्हैया आश्रम के संचालक श्री गुरविन्द्र सिंह सहित जिला एडवाईजरी कमेटी के सदस्यगण उपस्थित थे।

विश्व टी.बी. दिवस मनाया गया

सिरसा, 24 मार्च। आज स्थानीय नागरिक हस्पताल स्थित जिला क्षयरोग केंद्र में सिविल सर्जन डा. सूरजभान कंबोज की अध्यक्षता में विश्व टी.बी. दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डा. सूरजभान कंबोज ने टी.बी. जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरुकता रैली शहर के बाजारों से होते हुए निकली व लोगों को जागरुक किया। इस मौके पर एक भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। 
जिला क्षय रोग अधिकारी डा. रोहताश कुमार ने बताया कि 1882 में रॉबर्ट कोच ने टी.बी. बैक्टेरिया खोज  की व टी.बी. रोग के लक्षणों, जांच व ईलाज के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2035 तक टी.बी. रोग को समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और यह तभी संभव है जब हम सब मिलकर प्रयास करें।
इस अवसर पर राजेंद्रा कॉलेज, लॉर्ड शिवा कॉलेज, राजकीय कॉलेज नर्सिंग की छात्राओं ने भाग लिया।