Loading

25 April 2017

समाचार

  • केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा - केन्‍द्र, वाम उग्रवाद के खिलाफ अपनी रणनीति की समीक्षा करेगा। श्री सिंह ने छत्‍तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्‍सली हमले में सीआरपीएफ के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय ने 2008 के मालेगांव विस्‍फोट मामले में साध्‍वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की जमानत मंजूर की। सह-अभियुक्‍त लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित को कोई राहत देने से न्‍यायालय का इंकार। 
  • भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने संरक्षणवाद के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा - प्रतिभावान लोगों की वजह से ही आईबीएम और एप्‍पल कंपनियां दुनियाभर में टिकी है। 
  • कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा - देश का खाद्यान्‍न उत्‍पादन वर्ष 2017-18 में रिकॉर्ड 27 करोड़ 30 लाख टन होने की संभावना। 
  • उत्‍तर कोरिया के परमाणु परीक्षण से चिंतित अमरीकी पनडुब्‍बी दक्षिण कोरिया पहुंची। 
  • सेंसेक्‍स में 150 से अधिक अंकों की बढ़त। रूपया डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत।
------
केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि वाम उग्रवाद के खिलाफ अपनी रणनीति की समीक्षा के लिए केन्‍द्र सरकार अगले महीने की आठ तारीख को एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक करेगी। रायपुर में आज सवेरे संवाददाताओं से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि माओवादी हिंसा की बार-बार होने वाली घटनाओं को देखते हुए यदि जरूरी समझा गया तो रणनीति में संशोधन किया जाएगा।
केन्‍द्र सरकार और राज्‍य सरकार साथ मिलकर हम कार्रवाई करेंगे हमारे सीआरपीएफ के बहादुर जवानों का यह बलिदान किसी भी सूरत में हम लोग व्‍यर्थ नहीं जाने देंगे। हमने इसे चुनौती के रूप में स्‍वीकार किया है। इसीलिए यह भी फैसला किया है कि हमारी जो एल डब्‍ल्‍यू ई की स्‍ट्रेटेजी है, उसको हम पुन: रिव्‍यू करने जा रहे हैं जरूरत होगी तो हम उसे रिवाइज भी करेंगे और आठ मई को दिल्‍ली में वह बैठक मैंने बुलाई है।
सुकमा में कल केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल - सी आर पी एफ पर हमले में 25 जवानों के शहीद होने की घटना को उन्‍होंने माओवादियों द्वारा किया गया जघन्‍य हत्‍याकांड बताया। गृह मंत्री ने कहा कि माओवादी अनुसूचित जातियों और गरीबों के सबसे बड़े दुश्‍मन हैं और वे नहीं चाहते कि इन लोगों को विकास हो।
वामपंथी उग्रवादियों के द्वारा किया गया यह कोल्‍ड ब्‍लडेड मर्डर है और आदिवासियों को अपनी ढाल बनाकर विकास के खिलाफ अभियान छेड़ने की यह उनके द्वारा कोशिश की जा रही है। आदिवासियों के और गरी‍बों के सबसे बड़े दुश्‍मन इस देश में यदि कोई है, तो यह हमारे वामपंथी उग्रवादी हैं।
राज्‍य के मुख्‍यमंत्री रमणसिंह ने मी‍डिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्‍य में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और इन समस्‍याओं का डटकर मुकाबला किया जाएगा।
ये सुकमा की लड़ाई है इस नक्‍सली पूरे देश के आंदोलन की सबसे बड़ी लड़ाई है और इस पूरे मामले में हमने भी तय किया है कि उस इलाके में न केवल इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर बनाएंगे मजबूती के साथ, बल्कि आने वाले समय में और सफलतापूर्वक और भी ऑपरेशन चलाएंगे। विकास के काम बहुत तेजी के साथ बस्‍तर में न केवल सुकमा में दंतेवाड़ा, मिर्जापुर, नारायणपुर में चल रहा है।
इससे पहले, श्री राजनाथ सिंह ने छत्‍तीसगढ़ के सुकमा जिले में कल नक्‍सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में शहीद हुए सी आर पी एफ के 25 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस हमले में सी आर पी एफ के सात जवान घायल भी हुए।
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री और राज्‍य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जवानों पर हुए नक्सली हमले की कड़ी निंदा की है।
प्रधानमंत्री ने इसे कायरतापूर्ण कृत्‍य बताया है। श्री मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा कि केंद्र स्थिति पर कड़ी नजर रखे है और शहीदों का बलिदान व्‍यर्थ नहीं जाएगा।
------
सूचना और प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया  नायडु ने कहा है कि नक्‍सलवाद एक बहुत बड़ी गंभीर समस्‍या है और सुकमा में हमला करने वालों को बख्‍शा नहीं जाएगा। नई दिल्‍ली में आज एक कार्यक्रम के अवसर पर संवाददाताओं से अलग से बातचीत में श्री नायडु ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ केन्‍द्र और राज्‍य द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गंभीर समस्‍या है, इसको समाधान करने के लिए केन्‍द्र सरकार, प्रदेश सरकार मिलके पूरा प्रयास कर रहे हैं। आने वाले दिनों में और भी कॉर्डोनेट तरीका से इस चुनौती को स्‍वीकार करेंगे हम लोग। मानवता विरोधी है नक्‍सलवादी। इन लोगों को किसी हालत में छोड़ना नहीं चाहिए।
------
बंबई उच्च न्यायालय ने आज 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की जमानत मंजूर कर ली है, लेकिन सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित की जमानत की अपील खारिज कर दी। साध्वी प्रज्ञा को तीन शर्तों पर जमानत दी गई है, जिसमें पांच लाख रुपये के व्यक्तिगत मुचलके, गवाहों को प्रभावित न करने और पासपोर्ट राष्ट्रीय जांच एजेंसी के पास जमा कराना शामिल है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि एनआईए ने आरोप पत्र में उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप हटा लिए थे।
बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय के निर्णय का स्‍वागत करते हुए साध्‍वी प्रज्ञा के वकील ने कहा कि यह केस राजनीति से प्रेरित है, पर अब साध्‍वी जेल से रिहा हो पाएंगी। उन्‍होंने आगे कहा कि कोर्ट ने डाले हुए निर्बंधों का साध्‍वी पालन करेंगी। गौरतलब है कि राष्‍ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने कोर्ट को बताया था कि उन्‍हें साध्‍वी की जमानत पर आपत्ति नहीं है, क्‍योंकि मकोका के प्रावधानों का साध्‍वी के केस में कोई संबंध नहीं है। एनआईए ने यह भी कहा कि एटीएस की जांच दोषपूर्ण है, क्‍योंकि जांच के दौरान कई गवाहों ने उनके बयान बार बार बदले हैं। सोनाली घडियाल पाटिल, आकाशवाणी समाचार, मुम्‍बई।
एनआईए ने कर्नल पुरोहित के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम, विस्फोटक सामान रखने संबंधी कानून और शस्त्र अधिनियम के तहत आरोप लगाए थे।
----
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में बढ़ती संरक्षणवादी प्रवृति के प्रति सचेत किया है। उन्होंने कहा कि अमरीका में शेयर बाजारों और घरेलू आपूर्ति जैसे मामलों में संरक्षणवाद की मांग बढ़ी है, जिससे घरेलू राजस्व नीति और कराधान तथा आय के स्थानांतरण के माध्यम से निपटा जाना चाहिए। न्यूयॉर्क में कोलंबिया विश्वविद्यालय में व्याख्यान में रिजर्व बैंक के गवर्नर ने कहा कि संरक्षणवाद के लिए व्यापारिक साधनों का इस्तेमाल किसी देश को विकास की बजाए अलग रास्ते पर ले जा सकता है।
श्री पटेल ने कहा कि एप्‍पल, सिस्‍को और आई बी एम जैसे विशाल अमरीकी निगमों ने दुनियाभर से सर्वोत्‍तम उत्‍पादों और प्रतिभाओं को न लिया होता, तो ये निगम कहां होते? उन्‍होंने कहा कि अमरीका सहित विश्‍व में सबसे कुशल निगमों के शेयर मूल्‍य वैश्विक आपूर्ति व्‍यवस्‍था की वजह से ही बढ़े हैं। 
----
सरकार ने कहा है कि अच्छे मानसून की संभावना से वर्ष 2017-18 में 27 करोड़ 30 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान है। कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने बताया है कि वर्ष 2016-17 में 27 करोड़ 19 लाख टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य रखा गया था। नई दिल्ली में खरीफ मौसम की खेती पर आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन में श्री सिंह ने कहा कि यह पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन से पांच दशमलव आठ दो प्रतिशत अधिक है।
जून में समाप्त वर्ष 2016-17 फसल वर्ष में गेहूं का 9 करोड़ 80 लाख टन रिकॉर्ड उत्पादन होने का अनुमान है। 
श्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए उनके मंत्रालय ने सभी राज्यों से इस दिशा में काम करने का आग्रह किया है।
-----
आवास और शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडु ने आवास और शहरी विकास निगम - हुडको से कहा है कि वह सभी के लिए आवास के सपने को साकार करने के उद्देश्‍य से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, कम आय और मध्‍यम आय समूहों के वास्‍ते ऋण से जुड़ी सबसिडी योजना के अंतर्गत कम से कम पचास-पचास हजार लाभार्थियों को फायदा पहुंचाए। श्री नायडु आज नई दिल्‍ली में हुडको के 47 वां स्‍थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर श्री नायडू ने आवास और ढांचागत क्षेत्र में सर्वोत्‍तम तौर तरीके अपनाने और बेहतरीन काम कर दिखाने के लिए शहरी स्‍थानीय निकायों, निगमों, बैंकों और वास्‍तुकारों को पुरस्‍कार भी प्रदान किए।
श्री नायडू ने हुडको के इस प्रयास की सराहना की कि उसने पिछले 47 वर्षों में एक करोड़ साठ लाख से अधिक आवासीय इकाइयों में 92 प्रतिशत के निर्माण में सहायता उपलब्‍ध कराई। इससे आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों और मध्‍य आय समूहों को फायदा पहुंचा। उन्‍होंने लोगों के कल्‍याण के लिए अनुशासन बनाए रखने और समय के बेहतर प्रबंधन की आवश्‍यकता पर भी जोर दिया। इस अवसर पर श्री नायडू ने आवास और शहरी ढांचागत क्षेत्रों के बारे में हुड़को के विभिन्‍न प्रकाशनों का लोकार्पण किया। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।
-------
राजस्‍व सचिव डॉ. हसमुख अढि़या ने आशा व्‍यक्‍त की है कि इस महीने के अंत तक सभी राज्‍य अपनी विधानसभाओं में राज्‍य वस्‍तु और सेवाकर - जीएसटी कानून की पुष्टि कर देंगे। आज नई दिल्‍ली में जीएसटी के बारे में एक सम्‍मेलन में डॉ. अढि़या ने कहा कि 70 प्रतिशत व्‍यापारियों ने नई प्रणाली को स्‍वीकार कर लिया है। राजस्‍व सचिव ने कहा कि जीएसटी से पूरे देश को फायदा होगा और इससे उद्योग, सरकार तथा उपभोक्‍ताओं को लाभ पहुंचेगा।
एक टैक्‍स के ऊपर दूसरा टैक्‍स लगे, उसको हम कॉसकेडिंग ऑफ टैक्‍स कहते है, तो जीएसटी का एक फायदा ये है कि ये जो कॉसकेडिंग हो रहा था अलग-अलग, वो कॉसकेडिंग को खत्‍म हम कर रहे हैं इस प्रणाली के द्वारा और कितने सारे अलग-अलग टैक्‍सेज जो सैन्‍ट्रल गर्वनमेंट ने लगाए थे और कुछ टैक्‍सेज जो स्‍टेट ने लगाए थे वो सबको एक टैक्‍स में मर्ज करने की बात है यहां।
-----

बम्‍बई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में तीसरे पहर के कारोबार में डेढ सौ से अधिक अंक का उछाल आया है। अब से कुछ देर पहले सेंसेक्‍स 178 अंक की वृद्धि के साथ 29 हजार 833 पर था।
नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 49 अंक बढ़कर नौ हजार 267 पर आ गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में रूपया डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर की कीमत 64 रूपये 24 पैसे बोली गई।
------
उत्तर कोरिया के एक और मिसाइल तथा परमाणु परीक्षण की आशंका को देखते हुए अमरीका की पनडुब्बी दक्षिण कोरिया पहुंच गयी है। मिसाइल और अन्य हथियारों से लैस यूएसएस मिसिगन नाम की यह पनडुब्‍बी लड़ाकू विमान कार्ल विन्सन के नेतृत्व में युद्धक बेड़े में शामिल होगी। उत्तर कोरिया आज अपनी सेना का 85वां स्थापना दिवस मना रहा है। उत्तर कोरिया ने इससे पहले भी कई मिसाइल परीक्षण किए हैं।  अमरीका और उत्तर कोरिया की ओर से पिछले सप्ताह से भड़काउ बयानबाजी से कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव बढ़ गया है।
इस बीच, एक अन्य घटनाक्रम में उत्तर कोरिया के मुद्दे पर विचार के लिए व्हाइट हाउस में बैठक बुलाई गई है, जिसमें सीनेट के सभी सदस्यों को शामिल होने के लिए कहा गया है। 
-------
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने अमरीका के रक्षा मंत्री जेम्स मट्टिस से भेंट की। आतंकवाद की समस्या से जूझ रहे अफगानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की संख्या बढ़ाने के संबंध में फैसला करने से पहले श्री मट्टिस अफगानिस्तान की यात्रा पर हैं।
-------
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि विश्व में आतंकवाद की अधिकांश घटनाओं का पाकिस्तान से कोई न कोई संबंध रहा है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव के लिये पाकिस्तान को दोषी ठहराया। न्यूयॉर्क में विदेश संबंध परिषद को संबोधित करते हुए श्री जेटली ने उन आतंकी हमलों का हवाला दिया जिनका संबंध पाकिस्तान से रहा है। अफगानिस्तान भी अपने देश में आतंकी हमलों के लिये पाकिस्तान स्थित आतंकी गुटों को ज़िम्मेदार ठहराता रहा है।
------
मिजोरम में हुई भारी वर्षा के कारण कई जगहों पर भूस्‍खलन हुआ है। राष्‍ट्रीय राजमार्ग 54 पर भूस्‍खलन के कारण  राज्‍य  का देश के अन्‍य हिस्‍सों से सम्‍पर्क कट गया है। मिजोरम आपदा प्रबंधन और पुनर्वास के निदेशक सी लालपेकसंगा ने बताया कि एक सप्‍ताह से हो रही बारिश के कारण भूस्‍खलन से कल से राजमार्ग बंद है।
------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज गोवा विश्‍वविद्यालय के 29वें वार्षिक दीक्षान्‍त समारोह को संबोधित करेंगे। यह समारेाह गोवा के बाम्‍बोलिम में डॉक्‍टर श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्‍टेडियम में शाम साढे चार बजे होगा। विश्‍वविद्यालय राष्‍ट्रपति को डॉक्‍टरेट की उपाधि से सम्‍मानित करेगा।
राज्‍यपाल मृदुला सिन्‍हा समारोह की अध्‍यक्षता करेंगी।  मुख्‍यमंत्री मनोहर परिकर समारोह में विशेष अतिथि होंगे।
------
श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे पांच दिन की भारत यात्रा पर आज नई दिल्‍ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कल उनकी बातचीत होगी। नई दिल्‍ली में श्री विक्रमसिंघे के प्रवास के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी उनसे मिलेंगे।
यात्रा पर आने से पहले श्री विक्रमसिंघे ने कहा कि वे भारत के साथ आर्थिक सहयोग मजबूत करना चाहते हैं।
--------
फिल्‍म अभिनेता आमिर खान को उनकी शानदार फिल्‍म दंगल के लिए 75वें मास्‍टर दीनानाथ मंगेशकर अवार्ड से सम्‍मानित किया गया है। राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने एक कार्यक्रम में कई क्षेत्र की हस्तियों को दीनानाथ मंगेशकर अवार्ड के विशेष पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया। पुरस्‍कार मिलने के बाद आमिर ने इस अवार्ड को फिल्‍म के पटकथा लेखकों को समर्पित किया। फिल्‍म के निर्देशक नितेश तिवारी ने फिल्‍म को हिट बनाने के लिए दर्शकों का आभार व्‍यक्‍त किया। क्रिकेटर कपिल देव को क्रिकेट में शानदान योगदान के लिए पुरस्‍कार से नवाजा गया।
--------
आज विश्‍व मलेरिया दिवस है। मच्‍छर जनित रोगों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए हर वर्ष यह दिन मनाया जाता है। विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन ने इस वर्ष का विषय रखा है - मलेरिया का जड़ से उन्मूलन।
--------

24 April 2017

समाचार

  • जम्‍मू कश्‍मीर की मुख्‍यमंत्री महबूबा मुफ्ती और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राज्‍य की मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।  सुश्री मुफ्ती ने कहा कि घाटी में बातचीत का माहौल होना चाहिए।
  • तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्‍ना डी एम के दोनों विरोधी धड़ों के विलय के मुद्दे पर गतिरोध जारी।  ओ0 पन्‍नीरसेल्‍वम गुट ने पूर्व मुख्‍यमंत्री जे0 जयललिता की मृत्‍यु की सी बी आई जांच की अपनी मांग दोहराई।
  • उच्‍चतम न्‍यायालय ने केरल सरकार को पूर्व पुलिस महानिदेशक टी. पी. सेन कुमार को बहाल करने का निर्देश दिया। श्री सेनकुमार को पिछले वर्ष पुटिंगल मंदिर अग्नि त्रासदी के बाद हटा दिया गया था।
  • सेन्‍सेक्‍स में दोपहर बाद के कारोबार में ढाई सौ  से अधिक अंकों का उछाल।
  • अफगानिस्‍तान के सेना प्रमुख और रक्षामंत्री ने हाल में मजार-ए-शरीफ सेना छावनी पर हुए हमले के मद्देनजर त्‍यागपत्र दिया।
  • आईपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता में मुम्‍बई इंडियंस का सामना राइजिंग पुणे सुपरजांयट से मुम्‍बई में आज शाम होगा।
-----------------------------------------------
जम्‍मू कश्‍मीर की मुख्‍यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की और राज्‍य की मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सुश्री मुफ्ती ने कहा कि उन्‍होंने प्रधानमंत्री को बताया कि केंद्र सरकार को राज्‍य के कल्‍याण के बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए और इसके लिए बातचीत के अलावा कोई विकल्‍प नहीं है। उन्‍होनें कहा कि घाटी में बातचीत का माहौल बनाया जाना चाहिए।
डायलॉग के लिए एक माहौल हम किस तरह बनायें कि क्‍योंकि पहले हमें एक माहौल पैदा करना है जम्‍मू कश्‍मीर में। जिसमें बातचीत हो, जहां पर आपस में कंसन्‍टेशन हो एक तरफ से पथराव दूसरी तरफ से गोली तो उसमें शायद बातचीत मुमकिन नहीं है, तो हमने सब डिसकस किया कि किस तरह हम मिलजुल के जम्‍मू कश्‍मीर में एक ऐसा माहौल बनायें जहां गवर्नेस भी पोसेबल हो, डेवलप्‍मेंट भी पोसेबल हो और डायलॉग भी पोसेबल हो।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कश्‍मीर नीति का हवाला देते हुए सुश्री मुफ्ती ने कहा कि श्री वाजपेयी के शासन में जिस बिंदु पर यह प्रक्रिया रूक गई थी वहां से दोबारा शुरू की जानी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि वाजपेयी सरकार में हुर्रियत और अन्‍य संगठनों के साथ भी बातचीत हुई थी।  सुश्री मुफ्ती ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बार बार कहा कि वे श्री वाजपेयी का अनुसरण करेंगे। दोनों नेताओं ने राज्‍य में पी डी पी - भाजपा गठबंधन के बारे में भी चर्चा की। सुश्री मुफ्ती ने कहा कि श्रीनगर में हाल के उपचुनाव में बहुत कम लोगों के वोट देने का मुद्दा तथा सिंधु नदी जल समझौते से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। उन्‍होंने कहा कि जल संसाधनों पर राज्‍य का नियंत्रण नहीं है इसलिए सिंधु जल समझौते  से राज्‍य को होने वाले 20 हजार करोड़ रूपये के नुकसान की भरपाई के तरीकों पर भी प्रधानमंत्री के साथ  बातचीत हुई।
जहां तक इंडैक्‍स वार्टर ट्रीटी का सवाल है जहां विरासत को  नुकसान होता है। उसकी भरपाई के वो जरूरी कोई न कोई कदम उठाएंगे साथ ही बातचीत के लिए माहौल साजगार होने के बाद बातचीत का भी इरादा रखते हैं।  
बाद में सुश्री मुफ्ती गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी मिली और उनके साथ राज्‍य की सुरक्षा स्थिति पर विचार- विमर्श किया। मुलाकात के बाद सुश्री मुफ्ती ने कहा कि उनकी सरकार राज्‍य में पहले सामान्‍य स्थिति बहाल करेगी इसके बाद ही सभी संबद्ध पक्षों से बातचीत हो सकती है।   
-----------------------------------------------
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्‍ली में एक उच्‍च स्‍तरीय बैठक में शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ कश्‍मीर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार  अजि‍त डोभाल, खुफिया विभाग प्रमुख और गृहसचिव मौजूद थे।
सूत्रों ने बताया है कि श्री सिंह ने 9 अप्रैल को श्रीनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में हुई हिंसा के मद्देनज़र राज्‍य की ताजा स्थिति की विस्‍तृत जानकारी दी। गृहमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अंतर्राष्‍ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर गहन सतर्कता सुनिश्चित करे ताकि गर्मियों के दौरान आतंकवादी जम्‍मू और कश्‍मीर में घुसने की कोशिश न करें।
-----------------------------------------------
जम्‍मू कश्‍मीर के पुलवामा जिले में सत्‍तारूढ़ पीपुल्‍स डेमोक्रेटिक पार्टी के जिला अध्‍यक्ष अब्‍दुल गनी डार आज एक आतंकवादी हमले में घायल हो गए । उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। किसी भी आतंकवादी संगठन ने हमले की जिम्‍मेदारी नहीं ली है।
-----------------------------------------------
तमिलनाडु में एआईएडीएमके के दो विरोधी गुटों के बीच विलय को लेकर गतिरोध जारी है। ओ. पन्‍नीरसेल्‍वम गुट ने अपनी इस मांग को दोहराया है कि अगर राज्‍य सरकार दिवंगत नेता जे. जयललिता की रहस्‍यमयी मौत की सीबीआई जांच कराने की सिफा‍रिश करती है तभी विलय की कोई गुंजाइश है। एआईएडीएमके पुरचिथालीवी अम्‍मा गुट के कोर ग्रुप सदस्‍य श्री के. पी. मुनूसामी ने आज चेन्‍नई में संवाददाताओं को बताया कि विलय पर कोई सार्थक वार्ता होने से पहले वी. के. ससिकला को पूरी तरह से हटा दिया जाना चाहिए।
इस बीच, मुख्‍यमंत्री और एआईएडीएमके अम्‍मा पार्टी नेता ई के पलनीसामी अपने कैबिनेट सहयोगियों और अन्‍य प्रमुख नेताओं के साथ राज्‍य की राजधानी में पार्टी मुख्‍यालय में चर्चा कर रहे हैं।
-----------------------------------------------
बिहार विधानमंडल ने आज सर्वसम्‍मति से बिहार वस्‍तु और सेवा कर - जीएसटी विधेयक2017 और बिहार कराधान संशोधन विधेयक 2017 पारित कर दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि जीएसटी लागू होने से राज्‍य और केन्‍द्र के अलग-अलग करों  के स्‍थान पर देश में एक कर प्रणाली लागू हो जायेगी। 
जीएसटी विधेयक की विशेषताओं की चर्चा करते हुए वाणिज्‍य कर मंत्री विजेन्‍द्र प्रसाद यादव ने कहा कि इससे कर व्‍यवस्‍था आसान हो जायेगी, जिससे आम लोगों को काफी फायदा होगा। श्री यादव ने कहा कि एक जुलाई को जीएसटी कानून लागू हो जाने के बाद बिहार को अतिरिक्‍त राजस्‍व का भी लाभ मिलेगा। नेता प्रतिपक्ष वीरेन कुमार ने जीएसटी विधेयक पारित करने के लिए मुख्‍यमंत्री नि‍तिश कुमार और महागठबंधन सरकार के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया। दूसरी ओर कांग्रेस नेता सदानंद सिंह ने जीएसटी विधेयक के लिए केन्‍द्र की एनडीए सरकार को धन्‍यवाद दिया।
इससे पहले संसद केंद्र सरकार के चार विधेयकों- केंद्रीय जीएसटी, एकीकृत जीएसटी, राज्‍य क्षतिपूर्ति जीएसटी तथा केन्‍द्र शासित प्रदेश जीएसटी विधेयक पारित कर चुकी है।
-----------------------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पंचायतें ग्रामीण भारत के लोगों की आकाक्षांए पूरी करने के कारगर माध्‍यम है और वे देश के परिवर्तन में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहीं है। पंचायती राज दिवस के अवसर पर अपने अनेक ट्वीट संदेशों में श्री मोदी ने देशभर में पंचायती राज संस्‍थाओं के जरिए लोगों की सेवा कर रहे मेहनती व्‍यक्तियों की सराहना की।
-----------------------------------------------
उत्‍तर प्रदेश में आज राष्‍ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में भव्‍य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्राम पंचायतों के लिए अनुदान राशि बढ़ा दी है और पंचायतों के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी।
गांव के लिए एक अच्‍छा अवसर है जब देश के प्रधानमंत्री का केन्‍द्र बिन्‍दु ही गांव का विकास हो और तब मैं उत्‍तर प्रदेश के 59 हजार गांवों का आह्वान करूंगा कि प्रधानमंत्री जी के सम्‍मान के साथ हम सब जुड़ें। आपके पास संसाधनों की कमी नहीं है। मुझे लगता है कि जिस गांव की आबादी दो हजार होगी। बीस लाख रूपये उस गांव को विकास के लिए मिल जायेंगे। प्रदेश सरकार भी देगी। विकास का पैसा अगर हम सही मायने में लगायेंगे। तो कुछ गांव का भाग्‍य बदल जायेगा।   
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि अक्‍टूबर 2018 तक वे सभी ग्राम पंचायतों को खुले में शौच के प्रचलन से मुक्‍त कर देंगे। 
स्‍वच्‍छता अभियान के साथ जुड़ करके 2018 तक का हमारा जो लक्ष्‍य है प्रदेश के सभी 59 हजार ग्राम पंचायतें हमलोग खुले में शौच -- घोषित करने की प्रक्रिया के साथ जुड़ सकें। हर व्‍यक्ति को अनुशासन की अमन्‍य कल्‍याणकारी योजनाओं का लाभ दे सकें। हमारी ग्राम पंचायत साक्षर हो सकें। इस पूरे अभियान को अगर हम लेकरके चलेंगे तो वास्‍तव में आदर्श ग्राम पंचायत कहलाने का अधिकारी होंगे। ।  
केंद्रीय पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्‍द्र सिंह तोमर ने कहा कि विकास के लिए ग्राम पंचायतों का डिजिटीकरण करना होगा और उन्‍हें तकनीकी ज्ञान उपलब्‍ध कराना होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पंचायती राज दिवस कार्यक्रम के अवसर पर बेहतरीन काम करने वाले दो सौ नौ पंचायत संस्‍थानों को पुरस्‍कार दिया गया। इनमें उत्‍तर प्रदेश की 24 ग्राम पंचायतें, 4 क्षेत्र पंचायतें और दो जिला पंचायतें शामिल हैं।
-----------------------------------------------
उच्‍चतम न्‍यायालय ने केरल सरकार को पूर्व पुलिस महानिदेशक टी. पी. सेन कुमार को बहाल करने का निर्देश दिया है। श्री टी. पी. सेन कुमार को एलडीएफ सरकार के समय में पद से हटा दिया गया था। न्‍यायालय ने कहा कि श्री सेन कुमार ने 2016 में पुटिंगल मंदिर अग्नि त्रासदी के दोषी पुलिस अधिकारियों का बचाव किया था। इस त्रासदी में 110 लोग मारे गए थे।
शीर्ष न्‍यायालय ने आज बताया कि उनका मनमाने ढंग से तबादला कर दिया गया था। न्‍यायमूर्ति एम. बी. लोकुर और दीपक गुप्‍ता की  खंडपीठ ने इनके बहाली के निर्देश दिये।
-----------------------------------------------
उपराष्‍ट्रपति मोहम्‍मद हामिद अंसारी आज अर्मेनिया और पोलेंड की पांच दिन की यात्रा पर जा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान श्री अंसारी दोनों देशों के प्रमुख नेताओं से विभिन्‍न मुद्दों पर बातचीत करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उपराष्‍ट्रपति की इस यात्रा का उद्देश्‍य दोनों देशों के साथ सदभावपूर्ण संबंधों को ओर मजबूत करना तथा आपसी हित के मुद्दों पर साझेदारी और सहयोग बढाना है।
उपराष्‍ट्रपति की यूरेशियाई देश अर्मेनिया और पूर्वी यूरोपीय देश पौलैंड़ की यात्रा का उद्देश्‍य क्षेत्र में सहयोग और भागीदारी विकसित करना तथा अंतर्राष्‍ट्रीय मंच संयुक्‍त राष्‍ट्र और न्यूक्लियर सप्लायर्स ग्रुप पर उनका समर्थन और सहयोग जुटाना है। यात्रा के पहले पड़ाव में श्री अंसारी यरावान पहुंचेंगे और अर्मेनिया के राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री तथा विदेश मंत्री से बातचीत करेंगे। उपराष्‍ट्रपति की अर्मेनिया यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत उसके साथ अपने राजनयिक संबंधों की रजत जयंती मना रहा है। अपनी यात्रा के दूसरे चरण में उपराष्‍ट्रपति वर्साव पहुंचेंगे और पौलैंड़ के राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री और सीनेट के अध्‍यक्ष के साथ विचार-विमर्श करेंगे। उनकी पौलैंड़ यात्रा का उद्देश्‍य दोनों देश के आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाना है। भारत-पौलैंड़ को अच्छा व्‍यापारिक भागीदार मानता है। दोनों देश के बीच एक वर्ष के भीतर आपसी व्‍यापार में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मीकात हाशमी आकाशवाणी दिल्‍ली। 
-----------------------------------------------
अफगानिस्‍तान में हाल में तालिबान की ओर से किए गए   हमले के बाद देश के रक्षा मंत्री अब्‍दुल्‍ला हबीबी और सेना प्रमुख कदम शाह शाहीम ने इस्‍तीफा दे दिया है। अफगानि‍स्‍तान के राष्‍ट्रपति भवन ने बताया है कि राष्‍ट्रपति अशरफ गनी ने इन दोनों के इस्‍तीफे स्‍वीकार कर लिए है। उत्‍तरी शहर मजारे ए शरीफ में हुए इस हमले को अफगानिस्‍तान के किसी सैनिक ठिकाने पर अब तक का सबसे भयानक हमला माना जा रहा है।  अफगानिस्‍तान के गृह उपमंत्री तारिक शाह बहरामी को देश का कार्यवाहक रक्षा मंत्री तथा जनरल शरीफ यफताल को नया सेनाध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है।
-----------------------------------------------
अफगानिस्‍तान में अमरीकी नीति का खाका तैयार करने के इरादे से अमरीका के रक्षा मंत्री जिम मेटिस आज काबुल पहुंचे। अफगानिस्‍तान में तालिबानी आतंकवादियों की बढ़ती गतिविधियों के मद्देनजर राष्‍ट्रपति डोनल्‍ड ट्रंप का प्रशासन इस युद्धग्रस्‍त देश को लेकर अपनी रणनीति की समीक्षा कर रहा है।
-----------------------------------------------
बम्‍बई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज तीसरे पहर के कारोबार में ढाई सौ से अधिक अंक का उछाल आया है। अब से कुछ देर पहले सेंसेक्‍स दो सौ 85 अंक की वृद्धि के साथ 29 हजार 650 पर था।
नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 94 अंक बढ़कर नौ हजार 213 पर आ गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में रूपया आज डॉलर के मुकाबले 14 पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर की कीमत 64 रूपये 47 पैसे बोली गई।
-----------------------------------------------
नोबेल शांति पुरस्‍कार विजेता कैलाश सत्‍यार्थी ने किशोर न्‍याय कानून को कड़ाई से लागू करने के लिए कहा है। उन्‍होंने बताया कि इस कानून के अंतर्गत एक महत्‍वपूर्ण प्रावधान है, जिससे बच्‍चों के प्रति आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सकता है। श्री सत्‍यार्थी आज कोलकाता में संवाददाता सम्‍मेलन में किशोर अपराध दर के बढने के संबंध में एक प्रश्‍न का उत्‍तर दे रहे थे।
-----------------------------------------------
त्रिपुरा में पिछले तीन दिनों से अगरतला सहित पूरे राज्‍य में लगातार भारी वर्षा हो रही है। पिछली मध्‍य रात्रि से बारिश के साथ हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में गरज के साथ छींटें पड़ने की चेतावनी दी है।
-----------------------------------------------
आईपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता में आज रात आठ बजे मुम्‍बई में मुम्‍बई इंडियंस का सामना राइजिंग पुणे सुपरजांयट से होगा। कल हुए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 82 रन से हराया।
अंक तालिका में मुम्‍बई इंडियंस 12 अंक के साथ सबसे उपर है। कोलकाता नाइट राईडर्स दूसरे और सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे स्‍थान पर है।
-----------------------------------------------
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा है कि स्‍वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान भारत रत्‍न से सम्‍मानित किया जाना चाहिए। वे कल ठाणे में  तीन दिन के सावरकर सम्‍मेलन में बोल रहे थे। उन्‍होंने कहा कि वीर सावरकर के प्रत्‍येक प्रशंसक को इसके लिए प्रयास करने चाहिएं।
-----------------------------------------------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है : चुनावों में वी वी पी ए टी का उपयोग।
कार्यक्रम एफ एम गोल्ड और अतिरिक्त मीटरों पर रात  साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा।
-----------------------------------------------

पंखुड़ी सिंगला ने किया शीतल जल सेवा का शुभारंभ

ओढ़ां
सालासर यात्री संघ ओढ़ां द्वारा गर्मी के मद्देनजर ओढ़ां में अपने स्तर पर शीतल जल सेवा का शुभारंभ बस स्टेंड पर पानी की टंकी रखकर किया गया। यात्री संघ द्वारा शीतल जल सेवा का शुभारंभ एक अबोध बालिका पंखुड़ी सिंगला के हाथों करवाया गया।

इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित संघ के प्रधान मास्टर हरीराम गोयल ने कहा कि संघ सदस्यों द्वारा अपनी सामर्थ अनुसार समाज की छोटी सी सेवा का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने बताया कि सालासर यात्री संघ का एक जत्था हर महीने पूर्णिमा के अवसर पर सालासर जाता है। बालाजी के दर्शनों के अभिलाषी गरीब श्रद्धालु जो सालासर जाना चाहते हैं वे अपना नाम संघ सचिव के पास नोट करवा सकते हैं ताकि उनको बालाजी के दर्शनों का लाभ दिया जा सके। उन्होंने कहा कि वे अपनी ओर से समाज की सेवा में योगदान देते रहेंगे। इस मौके पर सुरेंद्र बांसल, राजेश गोयल, कृष्ण गर्ग, राधेश्याम गोयल, सुधीर सैन, रामलाल गर्ग, सुखजीवन सिंगला, जसपाल तगड़, अमित झूंझ, सुखराम गोयल, रामनिवास, दर्शन गर्ग, बंटी गोयल, बुगली खुराना तथा आर.ओ गिल सहित अन्य सदस्य लोग मौजूद थे।

23 April 2017

समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी नीति आयोग संचालन परिषद की बैठक की अध्‍यक्षता कर रहे हैं। श्री मोदी ने राज्‍यों से पूंजीगत व्‍यय और बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने को कहा।
  • तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री ई0 के0 पलनीसामी नई दिल्‍ली में जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे राज्‍य के किसानों से मिले। ऋण माफी सहित उनकी मांगें प्रधानमंत्री के समक्ष रखने का आश्‍वासन दिया।
  • सूचना और प्रसारण मंत्री वैंकेयानायडू ने गैर हिन्‍दी भाषी लोगों पर हिन्‍दी थोपने के आरोपों का खंडन किया।
  • दिल्‍ली नगर निगम चुनाव में अब तक मतदान धीमा।
  • फ्रांस में  राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी।
  • मोन्‍टे कार्लो मास्‍टर्स टेनिस प्रतियोगिता के डबल्‍स  फाइनल में रोहन बोपन्‍ना और पाबलो क्‍येवास का मुकाबला फेलिसियानो और मार्क लोपेज से।
--------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि नये भारत की परिकल्‍पना सम्‍मिलित प्रयासों तथा सभी राज्‍यों और मुख्‍यमंत्रियों के प्रयासों और सहभागिता से ही संभव है। नई दिल्‍ली में नीति आयोग की संचालन परिषद की तीसरी बैठक के उदघाटन भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक बार फिर टीम इंडिया बदलते वैश्‍विक परिवेश के अनुकूल भारत में बदलाव को लेकर मंथन में जुटी है। उन्‍होंने कहा कि यह बैठक नीतियों और उसके कार्यान्‍वयन पर विचारों को साझा करने का अवसर है।
वस्‍तु और सेवाकर - जीएसटी संसद में पारित होने की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर बनी सहमति को इतिहास में सहकारी संघवाद के एक बड़े उदाहरण के रूप में देखा जायेगा। उन्‍होंने इस मुद्दे पर एकजुटता दर्शाने के लिए सभी मुख्‍यमंत्रियों का आभार व्‍यक्‍त किया। श्री मोदी ने कहा कि जीएसटी एक राष्‍ट्र - एक आकांक्षा और एक निश्‍चय की भावना प्रकट करता है। उन्‍होंने लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एकसाथ कराने पर भी चर्चा का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2022 के भारत की परिकल्‍पना  साकार करना हम सब की जिम्‍मेदारी है। 2022 में स्‍वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ होगी। उन्‍होंने कहा कि नीति आयोग 15 वर्ष के दीर्घकालिक दृष्‍टिपत्र के साथ ही सात वर्ष और तीन वर्ष की कार्ययोजनाओं पर काम कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि इस प्रयास में राज्‍यों के समर्थन की आवश्‍यकता है।  उन्‍होंने राज्‍यों से पूंजीगत व्‍यय और बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने को कहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्‍द्र संचालित योजनाओं, स्‍वच्‍छ भारत, कौशल विकास ओर डिजिटल लेनदेन जैसे मुद्दों पर मुख्‍यमंत्रियों के एक समूह ने महत्‍वपूर्ण सुझाव दिये हैं।
--------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुशासन और विकास के मुद्दे पर आज भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और संगठन के शीर्ष नेताओं को संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी इन नेताओं से बातचीत करेंगे। 
पार्टी महासचिव भूपेन्द्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री इन नेताओं को समाज के वंचित वर्गों के कल्‍याण पर विशेष ध्‍यान देने और विकास का एजेंडा सुनिश्चित करने को कहेंगे। ऐसी ही एक बैठक पिछले साल अगस्त में भी हुई थी।
--------------
प्रधानमंत्री कार्यालय -पीएमओ ने सभी मंत्रालयों और विभागों से कहा है कि वे और ज्‍यादा विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए उदार एफडीआई नीति के अनुरूप अपने नियमों में आवश्‍यक संशोधन करे। सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि हाल ही में पीएमओ द्वारा बुलाई गई वरिष्‍ठ अधिकारियों की एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक में ये निर्देश दिये गए। सूत्रों के अनुसार बैठक में वित्‍तीय सेवाएं, उपभोक्‍ता मामले, रक्षा, गृह, वाणिज्‍य और उद्योग, अंतरिक्ष और दवा सहित विभिन्‍न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
--------------
तमिलनाडु के  मुख्‍यमंत्री ई0 के0 पलनीसामी ने दिल्‍ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे राज्‍य के किसानों से आज भेंट की। श्री पलनीसामी ने किसानों की मांगें प्रधानमंत्री के समक्ष  रखने का आश्‍वासन दिया और उनसे विरोध प्रदर्शन समाप्‍त करने की अपील की। किसानों की मांग है कि उनके कर्ज उत्‍तरप्रदेश की तरह तत्‍काल माफ कर दिए जाएं। 40 हजार करोड़ रूपये का सूखा राहत पैकेज देने और केन्‍द्र द्वारा कावेरी प्रबंधन बोर्ड गठित करने की मांग भी है।
---------------
सरकार ने इस वर्ष से फसल बुआई क्षेत्र का चालीस प्रतिशत हिस्‍सा फसल बीमा योजना के दायरे में लाने का लक्ष्‍य रखा है। कृषि मंत्रालय के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अनुपालन के पहले वर्ष  में अच्‍छी प्रगति हासिल की गयी है। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2017-18के लिए बीमा वाले  क्षेत्र का लक्ष्‍य कुल फसल क्षेत्र का लगभग चालीस प्रतिशत निर्धारित किया गया है, जो लगभग सात करोड़ 76 लाख हेक्‍टेयर होगा।
मौजूदा समय में फसलों का, पुनर्गठित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा किया जा रहा है। पिछले वर्ष से शुरू प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों द्वारा चुकाई जाने वाली फसल बीमा राशि का प्र‍ीमियम कम रखा गया है और इससे संबंधित दावों का निपटारा भी जल्‍द ही किया जाता है।
--------------
ओडिसा सरकार ने भद्रक हिंसा के पीडि़तों के लिए आज विशेष मुआवजा पैकेज की घोषणा की।  सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि हिंसा पीडि़तों को  अधिकतम 2 लाख रूपये और कम से कम 15 हजार रूपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। दंगाइयों ने व्‍यापारिक प्रतिष्‍ठानों, दुकानों और मकानों सहित साढ़े चार सौ संस्‍थानों को क्षति पहुंचाई जिससे 9 करोड़ रूपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। हमारी संवाददाता ने खबर दी है कि जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर मुआवजे के लिए पहले चरण में लगभग 4 सौ 43 लोगों की पहचान की गई है।
भद्रक शहर में हालात धीरे धीरे सामान्‍य हो रहे हैं। पिछले सप्‍ताह के दौरान किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं हैं। जिला प्रशासन ने आज सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक 14 घंटे के लिए करफर्यू में ढील दी है। सोशल मीडिया पर देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्‍पणी के बाद फैली हिंसा के कारण 7 अप्रैल से कफर्यू लगाया गया था। इस बीच मामले की जांच कर रही ओडीसा अपराध शाखा ने आपत्तिजनक सामग्री पोस्‍ट करने वाले लोगों की पहचान कर ली है। ओ‍डीसा पुलिस ने हिंसा के आरोप में डेढ़ सौ से ज्‍यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
भुवनेश्‍वर से एस एन पटनायक की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा
--------------
सूचना और प्रसारण मंत्री एम0 वेंकैया नायडू ने इन आरोपों से इंकार किया है कि केन्‍द्र गैर-हिन्‍दी भाषी लोगों पर हिन्‍दी को थोपने की कोशिश कर रहा है। चेन्‍नई में पत्रकारों से बातचीत में श्री नायडू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के समय से चली आ रही भाषा नीति ही अभी तक लागू है। हालांकि उन्‍होंने कहा कि हिन्‍दी सीखना लोगों के हित में है लेकिन इसे किसी पर थोपा नहीं जाएगा। तमिलनाडु में पूर्णकालिक राज्‍यपाल की नियुक्ति के बारे में उन्‍होंने कहा कि नियुक्ति संबंधी फैसला जल्‍द ही किया जाएगा।
----------------
सूचना और प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि केन्‍द्र  ग्रामीण इलाकों में और ज्‍यादा टेलीमेडिसन केन्‍द्र स्‍थापित कर रहा है। चेन्‍नई में श्री रामचन्‍द्र विश्‍वविद्यालय के रजत जयन्‍ती दीक्षान्‍त समारोह में श्री नायडू ने कहा कि टेलीमेडिसन केन्‍द्रों को प्रतिष्‍ठित चिकित्‍सा संस्‍थानों से जोड़ा जायेगा ताकि ग्रामीण इलाके के गरीब लोग भी जानेमाने विशेषज्ञों की सलाह ले सकें। उन्‍होंने कहा कि डॉक्‍टरों से समय लेने तथा चिकित्‍सा और निदान रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शुरू किया गया है। उन्‍होंने कहा कि 24 घंटे चलने वाली एक राष्‍ट्रीय चिकित्‍सा हेल्‍पलाइन भी जल्‍दी शुरू की जायेगी। श्री नायडू ने कहा कि अब भी देश में प्रति एक हजार सात सौ लोगों पर एक चिकित्‍सक उपलब्‍ध है जबकि विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन के अनुसार एक हजार लोगों पर एक चिकित्‍सक होना चाहिए।
India should aim at having one doctor for every 1000. A high-level committee of NITI Aayog recommends setting up of 187 more medical college by 2022. The Prime Minister is keen to have one medical college for each district of the country. "
श्री नायडू ने उच्‍च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले चिकित्‍सकों से आग्रह किया कि वे शिक्षा प्राप्‍ति के बाद अपने देश वापस आएं और लोगों की सेवा करें। दीक्षान्‍त समारोह में तीन सौ 65 चिकित्‍सा स्‍नातकों को डिग्री दी गई।
--------------
दिल्‍ली नगर निगमों के चुनाव में दोपहर 12 बजे तक लगभग 20 प्रतिशत से अधिक मतदान होने की खबर है।
उपराज्‍यपाल अनिल बैजल, मुख्‍यमंत्री अरविन्‍द केजरीवाल और केन्‍द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन उन मतदाताओं में हैं जिन्‍होंने शुरूआती घंटों में ही वोट डाले।
इस बीच, पूर्वी दिल्‍ली में मौजपुर और उत्‍तरी दिल्‍ली में सराय पीपल वार्डों में दो उम्‍मीदवारों के निधन के कारण चुनाव स्‍थगित कर दिए गए हैं। अब मौजपुर में अगले महीने की 14 तारीख और सराय पीपल में 21 मई को मतदान होगा।
तीनों नगर निगमों के 2 सौ 70 वार्डों में शाम साढ़े पांच बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। हमारे संवाददाता के अनुसार, दिल्‍ली नगर निगमों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होता नज़र आ रहा है।
नगर निगम चुनाव पर सबकी पैनी नजर है क्‍योंकि इसके नतीजों का असर राष्‍ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती इलाकों पर भी होगा। राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद अरविंद केजरीवाल सरकार की भी इस चुनाव में कड़ी परीक्षा है। पिछले दस साल से स्‍थानीय निकायों पर कब्‍जा रखने वाली भारतीय जनता पार्टी ने सत्‍ता बरकरार रखने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। अंदरूनी कलह का सामना कर रही कांग्रेस भी इन चुनावों के जरिए दिल्‍ली की राजनीति में वापसी की कोशिश में लगी हुई है। जाकिर नजीर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं सौरभ अग्रवाल।
--------------
फ्रांस में आज राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए पहले दौर का मतदान हो रहा है। तीन दिन पहले पेरिस पुलिस पर हुए हमले के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव कराया जा रहा है। ग्‍यारह उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आज के मतदान में अगर इनमें से किसी एक को पचास प्रतिशत से अधिक वोट नहीं मिलते हैं तो सर्वाधिक वोट प्राप्‍त करने वाले दो प्रत्‍याशियों को एक पखवाड़े के भीतर दूसरे दौर के मतदान का सामना करना पड़ेगा।
--------------
नेपाल में संयुक्त लोकतांत्रिक मधेसी मोर्चा सरकार के साथ विभिन्‍न मसलों पर सहमति के बाद स्‍थानीय चुनावों में हिस्‍सा लेने पर सहमत हो गया है। प्रधानमंत्री पुष्‍प कमल दहाल के आवास पर बातचीत के बाद मधेसी और जनजातीय पार्टियों के संघीय गठबंधन तथा सत्‍तारूढ़ दलों के बीच कल रात सहमति बनी। सरकार ने प्रांतीय सीमाओं के परिसीमन, अधिक प्रतिनिधित्‍व, भाषा और नागरिकता की गठबंधन की मांगें स्‍वीकार कर ली हैं।
--------------
मोंटे कार्लो मास्‍टर्स टेनिस टूर्नामेंट के पुरूष डबल्‍स फाइनल में आज भारत के रोहन बोपन्‍ना और ऊरुग्‍वे के पाब्‍लो क्‍यूवास का मुकाबला  स्‍पेन के फेलिसियानो और मार्क लोपेज से होगा। बोपन्‍ना का इस साल यह तीसरा अंतरराष्‍ट्रीय फाइनल मुकाबला होगा। टूर्नामेंट के सिंगल्‍स फाइनल में चौथी वरीयता प्राप्‍त राफेल नडाल का सामना एल्‍बर्ट विनोलास से होगा।
--------------
आई पी एल क्रिकेट में आज राजकोट में किंग्स इलेवन पंजाब का मुकाबला गुजरात लॉयन्स से होगा, जबकि कोलकाता में कोलकाता नाइटराइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर आमने-सामने होंगे।
--------------
त्रिपुरा में कल राजधानी अगरतला सहित कई स्‍थानों में मूसलाधार वर्षा से आम जीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो गया। मौसम विभाग के हवाले से हमारे संवाददाता ने कहा है कि अगले 24 घंटों में त्रिपुरा के कुछ और इलाकों में मूसलाधार या सामान्‍य वर्षा हो सकती है।  
काफी बड़े इलाके में कृषि क्षेत्र में फसलों का बड़़ा नुकसान हुआ है क्‍योंकि पिछले दो-तीन दिनों में विभिन्‍न जिले जैसे कि गोमती, सिपाईजला, खोवाई, उत्‍तरी त्रिपुरा और पश्चिम त्रिपुरा में लगातार बारिश हुई है। हावड़ा, गोमती, मनु और खोवाई नदियों का जलस्‍तर खतरे के निशान के करीब बह रहा है। आज सुबह साढ़े आठ बजे तक क्षेत्रीय मौसम विभाग ने त्रिपुरा में 80 दशमलव एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की है और मानसून पूर्व वर्षा 431 मिलीमीटर पहुंच गई है। क्षेत्रीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि आज भी बादल छाए रहने की संभावना है और कई इलाकों में बारिश हो सकती है या गरज के साथ छीटें पड़ सकते हैं।नीशित जोशी, आकाशवाणी समाचार, अगरतला।
--------------
राजस्‍थान के अधिकतर हिस्‍सों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे आने से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है।
--------------

अनियंत्रित ट्रैक्टर नहर में गिरा, चालक की मौत

ओढ़ां
गांव बनवाला में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा जिसके कारण ट्रैक्टर चला रहे व्यक्ति की मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव बनवाला में चक्कां रोड पर स्थित एक ढाणी निवासी भजन लाल पुत्र जयवीर ढाणी से दूसरे खेत में काम करने हेतु ट्रैक्टर के साथ हल आदि लेकर जा रहा था कि नहर के निकट पहुंचने पर अचानक ट्रैक्टर भजन लाल के नियंत्रण से बाहर हो गया तथा नहर में जा गिरा। यह देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर आए और भजन लाल को नहर से निकाला तथा उपचार हेतु सिरसा भी लेकर गए लेकिन भजन लाल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक 30 वर्षीय भजन लाल अपने पीछे पत्नी सहित तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गया है।