Loading

20 January 2020

किशोरियों को जीवन कौशल बढ़ाने की ट्रेनिंग दी

ओढां
सीडीपीओ सतिंद्र कौर की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय ओढां में ब्लॉक स्तर पर 11 से 14 वर्ष तक की स्कूल ना जाने वाली किशोरियों को अपना जीवन स्तर बेहतर बनाने हेतु व जीवन कौशल बढ़ाने हेतु ट्रेनिंग दी गई। सीडीपीओ सतिंदर कौर ने सभी किशोरियों को व्यक्तिगत सफाई जैसे दांत साफ रखना, बालों की साफ सफाई, खाना खाने से पूर्व व बाद में हाथ धोना, मासिक धर्म के दौरान बहुत अधिक साफ सफाई रखना, साफ और सूती कपड़े का प्रयोग करना तथा खाने में पौष्टिक आहार पर्याप्त मात्रा में लेने के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

सभी किशोरियों को ओढां के एसबीआई बैंक का दौरा भी करवाया गया। भारतीय स्टेट बैंक ओढां के मैनेजर सुखविंद्र सिंह ने सभी किशोरियों को विभिन्न प्रकार के खातों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि हम बचत खाता खुलवाकर अपनी छोटी-छोटी बचत को भी बड़ी रकम में बदल सकते हैं। बैंक मैनेजर ने सभी किशोरियों को जलपान व नाश्ता भी करवाया। सीडीपीओ सतिंद्र कौर के साथ सुपरवाइजर सुखमंदर कौर व सुनीता रानी तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। अंत में सभी किशोरियों को किराये के साथ पर्सनल स्वच्छता व अन्य उपयोग लायक सामग्री की किट दी गई।

छायाचित्र: किशोरियों को संबोधित करते बैंक मैनेजर सुखविंद्र सिंह।

19 January 2020

फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत अनेक गांवों में साइकिल रेस आयोजित

ओढां
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को खंड ओढां के अनेक गांवों में साइकिल रेस का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ओढां बलराज सिंह मलेठिया की देखरेख में गांव ओढां, रोहिडांवाडी, नुहियांवाली, ख्योवाली, घुकांवाली, चकेरियां, सालमखेड़ा, पन्नीवाला मोटा और मलिकपुरा सहित दर्जन भर गांवों में साइकिल दौड़ में गांवों के सरपंचों, पंचों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और गांववासियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। गहरी धुंध के कारण कुछ गांवों में दोपहर को साइकिल रेस करवाई गई। खंड कार्यालय के ग्राम सचिवों व अन्य कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। इसी प्रकार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढां, मिठड़ी, चोरमार, जवाहर नवोदय विद्यालय ओढां, आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल जलालआना और एमएम मैमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ओढां में भी फिट इंडिया कार्यक्रम आयोजित किए गए। बीडीपीओ बलराज सिंह मलेठिया ने बताया कि साइकलिंग करने से पर्यावरण के साथ शरीर भी स्वस्थ रहता है तथा ईंधन की बचत होती है।

छायाचित्र: फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत साइकिल रेस का दृश्य।

फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत दौड़ आयोजित

ओढां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढां में एनएसएस प्रभारी रजनी मेहता के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत छात्राओं की दौड़ का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मोनिका गिल, डॉ. इंदु सहारण व शारीरिक विज्ञान के प्रो. आशी विशेष रूप से उपस्थित रही। कार्यकारी प्राचार्या डॉ. अभिलाषा शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ जीवन में व्यायाम व योग के महत्व से संबंधित जानकारी छात्राओं को दी। रजनी मेहता ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शरीर स्वस्थ होगा तो परिवार व समाज स्वस्थ होगा जिससे हम अपने देश को भी पूर्ण रूप से स्वस्थ बना सकते हैं।

छायाचित्र: दौड में भाग लेती छात्राएं।

बच्चों को स्टेशनरी वितरित कर मनाया जन्मदिन

ओढां
राजकीय प्राथमिक पाठशाला ओढां के मुख्य शिक्षक रिछपाल सिंह गोदारा ने अपने जन्म दिवस के उपलक्ष में विद्यालय के सभी बच्चों को स्टेशनरी वितरित करते हुए बताया कि गरीब बच्चों के पास स्टेशनरी का अभाव रहता है जिस कारण वे अभ्यास नहीं कर पाते।
इसके साथ ही उन्होंने सभी बच्चों को टाफियां भी बांटी तथा स्टाफ सदस्यों को जलपान करवाया। विद्यालय के सभी अध्यापकों ने उनको धन्यवाद देते हुए भगवान से उनकी लंबी आयु की कामना की। इस अवसर पर स्टाफ सदस्य राम सिंह, गुरदेव सिंह, सतीश शर्मा, श्रीओम, रेनू देवी, रजनी देवी और नीलम रानी उपस्थित रहे।

छायाचित्र: बच्चों को स्टेशनरी वितरित करते मुख्य शिक्षक।

17 January 2020

ओढां में मनाया राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह

ओढां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढां में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कार्यक्रम के अंतर्गत स्लोगन व काव्य पाठ का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। काव्य पाठ के अंतर्गत छात्राओं ने अपनी कविताओं से यातायात के नियमों के बारे में समझाने का प्रयास किया।
एनएसएस की छात्रा निशा ने कविता फिर से देखो दाएं बाएं, अगर जो मोटर गाड़ी आए, हॉर्न घंटी पड़े सुनाई, तभी जरा रुक जाना भाई, द्वारा सड़क क्रॉसिंग के नियमों से अवगत कराया। एकता तथा अन्य छात्राओं ने अपने स्लोगन के माध्यम से यातायात से संबंधित नियमों की जानकारी दी जिनमें हेलमेट का करें उपयोग, नियम पालन में करें सहयोग, तथा वाहन की तेज गति के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्लोगन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। वाहन कभी भी तेज ना चलाएं, अपनी मंजिल को जीवन की आखरी मंजिल न बनाएं। एनएसएस प्रभारी रजनी मेहता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करें व सुरक्षित रहें। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्य डॉ. अभिलाषा शर्मा व कॉलेज स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहा।

छायाचित्र: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का दृश्य।