Loading

13 March 2017

समाचार : -

  • भाजपा के वरिष्‍ठ नेता मनोहर पर्रिकर कल शाम गोवा के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रक्षा मंत्री के पद से श्री पर्रिकर का इस्‍तीफा स्‍वीकार किया। वित्‍त मंत्री अरुण जेटली को रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्‍त प्रभार सौंपा।
  • गोवा में भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने के राज्‍यपाल के फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने उच्‍चतम न्‍यायालय का दरवाज खटखटाया। कल सुनवाई की संभावना।
  • मणिपुर में सरकार गठन के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों के प्रयास जारी। मुख्‍यमंत्री इबोबी सिंह ने कहा- वे कल तक इस्‍तीफा दे देंगे। एन. बिरेन सिंह को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।
  • बचत बैंक खातों से नकदी निकालने की सीमा आज से खत्‍म।
  • पाकिस्‍तानी सेना की भारी गोलाबारी से नियंत्रण रेखा पर सुविधा केन्‍द्र को नुकसान पहुंचने के बाद भारत ने पुंछ के रास्‍ते पाकिस्‍तान के लिए सीमापार बस सेवा स्‍थगित की।
  • देश के विभिन्‍न भागों में रंगों के त्‍योहार होली की धूम।
  • आई सी सी टेस्‍ट क्रिकेट रैंकिंग में कप्‍तान विराट कोहली एक पायदान नीचे आकर चौथे स्‍थान पर और आर. अश्विन शीर्ष ऑल राउंडर।      

---------
भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोहर पर्रिकर को कल गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वे कल शाम पणजी में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
आईआईटी स्‍नातक मनोहर पर्रिकर मुख्‍यमंत्री के रूप में और एक बार गोवा के प्रगति और प्रशासन की जिम्‍मेवारी लेने के लिए तैयार हैं। भाजपा विधायक और समर्थन देने वाले पक्ष एवं निर्दलीय उम्‍मीदवारों ने उनका प्रशासन का अनुभव और कुशलता ध्‍यान में रखकर उनके नेतृत्‍व की कड़ी मांग की थी। इसी कारण पक्षीय सृष्‍टि उन्‍हें गोवा में भेजने के लिए राजी हो गए हैं। गोवा मंत्रिमंडल में कुल 12 मंत्री हो सकते हैं। अभी तक नए मंत्रिमंडल का ढांचा और रचना स्‍पष्‍ट नहीं है।  समाचार संध्‍या के लिए पणजी से मुकेश थली।
श्री पर्रिकर के साथ लगभग आठ विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। भारतीय जनता पार्टी की राज्‍य इकाई के अध्‍यक्ष विजय तेंदुलकर ने बताया कि तीन या चार  विधायकों के साथ गोवा फारवर्ड पार्टी और महाराष्‍ट्रवादी गोमांतक पार्टी के दो-दो विधायक तथा दो निर्दलीय विधायक शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल का विस्‍तार बाद में किया जाएगा। 
----------
श्री पर्रिकर ने 40 सदस्‍यों की विधानसभा में 21 सदस्‍यों के समर्थन का दावा किया है। नवनिर्वाचित विधानसभा में भाजपा के 13 सदस्‍य हैं और पार्टी ने महाराष्‍ट्रवादी गोमंतक पार्टी और गोवा फारवर्ड पार्टी के तीन-तीन सदस्‍यों और दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन का दावा किया है। कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की है और विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद बहुमत के लिए आवश्‍यक समर्थन हासिल नहीं कर सकी। इस कारण पार्टी के कुछ नवनिर्वाचित विधायकों ने पार्टी नेतृत्‍व के प्रति नाराजगी जाहिर की है।
---------
कांग्रेस ने गोवा में भारतीय जनता पार्टी के नेता मनोहर पर्रिकर को सरकार गठन का निमंत्रण देने के राज्‍यपाल के फैसले को उच्‍चतम न्‍यायालय में चुनौती देने की तत्‍काल सुनवाई के लिए याचिका दायर की है। एजेंसी की खबरों के अनुसार न्‍यायालय कल इस याचिका पर सुनवाई कर सकता है।
---------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने श्री मनोहर पर्रिकर का केन्‍द्रीय मंत्री पद से इस्‍तीफा मंजूर कर लिया है। राष्‍ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के अनुसार वित्‍तमंत्री अरूण जेटली रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्‍त कार्यभार संभालेंगे।
---------
मणिपुर में आज भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित 21 विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकों और परामर्श के बाद  श्री नोंगथोमबाम बिरेन सिंह को सर्वसम्‍मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष विनय सहस्‍त्रबुद्धे,समन्‍वय कार्य के महासचिव राममाधव और राज्‍य में चुनाव प्रभारी और केन्‍द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, केन्‍द्रीय बिजली मंत्री पीयूष गोयल, पार्टी के राज्‍य प्रभारी प्रहलाद पटेल, उत्‍तर पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन के संयोजक और असम के वित्‍तमंत्री हेमंत विस्‍बा सरमा इन बैठकों में उपस्थित थे। श्री बिरेन सिंह ने राज्‍य में नई सरकार के गठन का दावा पेश कर दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री बिरेन सिंह ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कहा कि भाजपा के सत्‍ता में आने पर राज्‍य के लोगों को एक अच्‍छी सरकार मिलेगी।
श्री विरेन ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के स्‍वच्‍छ प्रशासन वाला मॉडल यहां भी देखने को मिलेगा। दूसरी तरफ निवर्तमान मुख्‍यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने कहा कि वे कल अपने पद से त्‍याग पत्र दे देंगे। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से कुछ विधायकों के हटने की खबर पूरी तरह निराधार है। इम्‍फाल से इबोमचा शर्मा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं चंद्रिका जोशी।
मणिपुर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 28 सीटें जीतीं हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 21 सीटें मिली हैं।  नेशनल पीपुल्‍स पार्टी और नगा पीपल्‍स फ्रंट को चार-चार सीटें मिली हैं, जबकि लोकजनशक्ति पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती है।
----------
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि गोवा और मणिपुर में सरकार गठन के लिए उसके पास आवश्‍यक विधायकों का वैध समर्थन है। उधर, कांग्रेस ने इन कोशिशों को लोकतंत्र की हत्‍या बताया है। भाजपा प्रवक्‍ता जी वी एल नरसिम्‍हा राव ने एक निजी टी वी चैनल को बताया कि पार्टी के पास अपने और सहयोगी दलों के विधायकों का विश्‍वसनीय समर्थन है। ये सहयोगी दल गोवा में पिछली सरकार में शामिल थे। उधर, कांग्रेस नेता पी.चिदम्‍बरम ने भारतीय जनता पार्टी पर गोवा और मणिपुर का जनादेश चुराने का आरोप लगाया। उन्‍होंने टविट् कर कहा है कि चुनाव नतीजों में जो पार्टी दूसरे स्‍थान पर है, उसे सरकार बनाने का कोई अधिकार नहीं है।
--------
अबुधाबी के युवराज शेख मोहम्‍मद बिन जायद अल नहियान ने आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से फोन पर बात की। उन्‍होंने चुनावों में बड़ी सफलता के लिए श्री मोदी को बधाई दी।
---------
बचत बैंक खातों से नकद निकालने पर लगे सभी प्रतिबंध आज से हटा लिये गये हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले महीने इस बारे में घोषणा की थी। इससे पहले बैंक ने पहली फरवरी से एटीएम से नकद निकासी की सीमा खत्‍म कर दी थी। पिछले वर्ष आठ नवम्‍बर को 500 और एक हजार रूपये के नोट बंद करने की घोषणा के बाद रिजर्व बैंक ने नकद निकासी पर रोक लगाई थी और इसकी सीमा तय कर दी थी।
--------
पाकिस्‍तानी सेना की भारी गोलाबारी से नियंत्रण रेखा पर सुविधा केन्‍द्र को नुकसान पहुंचने के बाद भारत ने पुंछ के रास्‍ते  पाकिस्‍तान के लिए सीमापार बस सेवा स्‍थगित कर दी है। जिले के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी के बाद एहतियातन पुंछ-रावलाकोट बस सेवा से सीमापार यात्रा स्‍थगित की गई है। रक्षा प्रवक्‍ता के हवाले से हमारे संवाददाता ने बताया कि पाकिस्‍तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा के निकट नागरिक इलाकों और भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर आज सुबह फिर गोलाबारी की।
सीमा रेखा पर तैनात जवानों ने भी असरदार ढ़ंग से जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्‍तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों ओर से गोलाबारी का सिलसिला रूक- रूक कर शाम तक जारी था। गोलाबारी में मोर्टार व स्‍वचलित हथियारों के इस्‍तेमाल की बात कही जा रही है। भारतीय ओर से किसी के हताहत अथवा घायल होने की कोई सूचना नहीं है। कल भी पाकिस्‍तानी दलों ने साथ लगते कृष्‍णाघाटी और चकमदाबाद  सेक्‍टरों में गोलाबारी की थी। योगेश शर्मा, आकाशवाणी समाचार जम्‍मू।
---------
श्रीनगर-जम्‍मू राष्‍ट्रीय राजमार्ग के आसपास कुछ स्‍थानों पर फिर चट्टानें खिसकने से इस मार्ग को आज फिर से बंद कर दिया गया है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि घाटी को देश के बाकी हिस्‍सों से जोड़ने वाले एकमात्र संपर्क मार्ग के चार दिन बंद रहने के बाद कल इसे एकतरफा यातायात के लिए खोला गया था।   
राजमार्ग पर रामवन चंद्रपुर उर्फ पीरा इलाके में पांच सौ से अधिक यात्री और हल्‍के वाहन कल दोपहर से फंसे हुए हैं। इस राजमार्ग पर फंसे यात्रियों ने सडक साफ करने के अधूरे संचालन के बावजूद यातायात की अनुमति के निर्णय पर प्रशासन की कड़ी निन्‍दा की है। उन्‍होंने कहा कि भोजन और होटलों में रहने के लिए पैसे की कमी के अलावा यात्रियों को सापेक्ष पहाड़ी राजमार्ग पर कठिन परिस्‍थितियों का सामना करना पड़ रहा है। तारिक राथर आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।
---------
ठाणे पुलिस ने भिवंडी में एक कांग्रेस नेता की हत्‍या के मामले में कथित रूप से शामिल 19 अभियुक्‍तों के खिलाफ मकोका के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इन पर पहले से ही भारतीय दंड संहिता और शस्‍त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज है। अब उनके खिलाफ मकोका के तहत भी कार्रवाई होगी।
---------
स्‍कॉटलैंड की शीर्ष मंत्री निकोला स्‍टर्जन ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वे ब्रिटेन से स्‍कॉटलैंड की आजादी के लिये जनमत संग्रह कराने के वास्ते स्‍कॉटलैंड की संसद से अनुमति का अनुरोध करेंगी। सुश्री स्‍टर्जन ने कहा कि वे यह जनमत संग्रह 2018 की शरद ऋतु और आगामी बसंत ऋतु के बीच कराने की इच्‍छुक हैं। अगर इसे संसदीय अनुमति मिल जाती है तो ब्रिटेन का हिस्‍सा बने रहने की आम सहमति के बाद वर्ष 2014 में स्‍कॉटलैंड की आजादी के लिए ऐसा दूसरा जनमत संग्रह होगा।
--------
रंगों का त्‍यौहार होली आज देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में हर्षिल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मथुरा, वृंदावन और बरसाने सहित पूरी बृज भूमि में होली मनाने के लिए हजारों की संख्‍या में दूर-दूर से आये श्रद्धालुओं का तांता लगा है।
---------
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि यह त्योहार सब के जीवन में शांति, सद्भाव, समृद्धि और खुशहाली लाएगा।
---------
भारतीय कप्तान विराट कोहली दुबई में आज जारी आई.सी.सी. की नई टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में एक स्थान के नुकसान से चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। इस बीच आर. रविचंद्रन अश्विन ने साकिब अल हसन को पछाड़कर आलराउंडरों की सूची में एक बार फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
---------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम 'पब्लिक स्पीक' का विषय हैः मातृत्व एवं शिशु सुरक्षा।
---------

No comments:

Post a Comment