Loading

17 March 2011

भूर्टवाला के राजकीय विद्यालय में आडोल्सेंस एजूकेशन प्रोग्राम आयोजित

मानवाधिकार पर भाषण देकर कैलाश रही फस्र्ट
सिरसा: जिले के गांव भूर्टवाला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आडोल्सेंस एजूकेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार, पर्यावरण, प्रधानमंत्री की स्थिति, मानवाधिकार जैसे विषयों पर खुलकर अपने वक्तव्य दिए। विद्यालय प्राचार्य सुरेन्द्र शर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए शिक्षा के साथ-साथ समाज में फैली कुरीतियों को भी दूर करें। उन्होंने कहा कि आज समाज में हमें सामाजिक शिक्षा व नैतिक कत्र्तव्य निभाने की जरूरत महसूस हो रही है। इसके बलबूते पर ही हमारा देश व समाज का समूचित उत्थान हो पाएगा।
किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम में मानवाधिकार पर उम्दा विचार प्रस्तुत कर दसवीं कक्षा की छात्रा कैलाश रानी ने पहला स्थान पाया वहीं दसवीं की ही प्रभा रानी भ्रष्टाचार तथा बारहवीं के रामनिवास ने नागरिक के अधिकार एवं कत्र्तव्यों के प्रति लोगों को जागरूक कर दूसरा व तीसरा स्थान पाया। इनके अलावा गोपाल, वी.पी.सिंह, सुनील, बजरंग, जमीला, बुधराम ने भी मंच पर लोगों के समक्ष अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्राध्यापिका अनीता, रामबीर, सतपाल, सुरेश शर्मा, अंकिता, मीना, बीना, शीतल, लखबीर, नीतिन कुमार, रोहित, बलराम सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
चित्र: प्रथम रही प्रतिभागी कैलाश को सम्मानित करते प्राचार्य सुरेन्द्र शर्मा तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागी एवं स्टाफ सदस्य।

25 लड़कियों की सामूहिक शादियां 19 को

सिरसा, 16 मार्च। निकटवर्ती गांव मलेवाला के डेरा बाबा भूमण शाह में आगामी 19 मार्च को डेरे के महन्त बाबा सेवादास की अगवाई में शहीद उधम सिंह कम्बोज धर्माथ ट्रस्ट नई दिल्ली के द्वारा 25 जरूरतमंद परिवारों की लड़कियों की सामूहिक शादियां की जायेगी।
    यह जानकारी देते हुए संस्था के महासचिव कश्मीर चन्द बेगू ने बताया कि इन शादियों में आर्थिक सहयोग शहीद उधम सिंह कम्बोज धर्माथ ट्रस्ट नई दिल्ली द्वारा दिया जायेगा। यह शादियां संस्था के अध्यक्ष डॉ हंसराज की देखरेख में की जायेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस अवसर पर पहुंचकर वर वधू को आर्शीवाद दे तथा बाबा जी का आर्शीवाद प्राप्त करें।

पुलिस समाचार

सिरसा। जिला की सदर डबवाली पुलिस ने गांव चौटाला में  दो अबोध बच्चियों को रोता बिलखता छोड़कर जाने वाली इन बच्चियों की मां सुमन देवी व नानी प्रेमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि गांव चौटाला निवासी ओमप्रकाश का किसी बात पर अपनी पत्नी से कथित विवाद हो गया था जिसके बाद उसकी पत्नी करीब तीन माह पूर्व अपने दो बच्चियों 4 वर्ष की नीता व 2 वर्ष की गुनगुन को साथ लेकर मायके चली गई थी। आरोप है कि गत 11 मार्च को सुमन देवी अपनी मां प्रेमा देवी के साथ अचानक गांव चौटाला पहुंची और अपनी दोनों बच्चियों नीता व गुनगुन को खेत में बने मकान के पास छोड़कर चली गई। दोनों बच्चियां कई घंटों तक रोती बिलखती रही और फिर बेहोश हो गई। इन बच्चियों को बाद में अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। इस मामले में सदर पुलिस ने ओमप्रकाश की शिकायत पर उसकी पत्नी सुमन व सास प्रेमा देवी के खिलाफ धारा 317 व 34 के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में लड़कियों ने पिता औमप्रकाश ने आरोप लगाया था उसकी पत्नी व सास ने दोनो बच्चियों को त्यागने के उद्देश्य से उनको रोता बिलखता छोड़ मौके से फरार हो गई थी। चौटाला चौकी के प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने ओमप्रकाश के ससुराल हनुमानगढ़ (राजस्थान) में दबिश देकर वहां से सुमन व उसकी मां प्रेमा देवी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होने बताया कि दोनो बच्चियों की हालात फिलहाल ठीक है तथा संगरिया के निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। दोनों को मंगलवार को डबवाली में उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी महावीर सिंह की अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हे बोस्टल जेल हिसार भेज दिया गया है।

सिरसा। आईजी स्टाफ हिसार रेंज हिसार व जिला की डिटेक्टिव स्टाफ पुलिस ने मुखबरी के आधार पर गांव भंभूर क्षेत्र में छापेमारी करते हुए 10 पेटी शराब से लदी एक जीप सहित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए जिला के आबकारी व कराधान विभाग को सौंपा गया है। डिटेक्टिव स्टाफ के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र फौगाट ने बताया कि उनके नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त पर थी। उन्होने बताया कि इसी दौरान उन्हे मुखबरी मिली कि शराब से लदी एक जीप सिरसा से चलकर रानियां की तरफ जा रही है। स्टाफ प्रभारी ने बताया कि इस सूचना को पाकर उन्होने नाकेबंदी कर शराब से लदी जीप को काबू करके शराब तस्कर को भी काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सतबीर पुत्र सुल्तान सिंह निवासी पदमपुर राजस्थान के रूप में हुई है।

सिरसा। जिलाभर में अवैध असलाधारकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की रोड़ी पुलिस ने एक अवैध असलाधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए है। आरोपी के खिलाफ थाना रोड़ी में शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। रोड़ी थाना के उपनिरीक्षक कृष्णचंद्र ने गश्त व चैकिंग के दौरान आरोपी को अवैध पिस्तौल व कारतूसों के साथ गांव रोड़ी क्षेत्र से काबू किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरप्रीत पुत्र अवतार सिंह निवासी रघुआना थाना बडागुढा जिला सिरसा के रूप में हुई है।
वहीं शहर डबवाली पुलिस ने सट्टाखाईवाली करने के आरोप में रवि पुत्र रौनक राम निवासी वार्ड 7 मंडी डबवाली को 435 रूपए की सट्टाराशि के साथ मंडी डबवाली से काबू किया है।

ऑटो मार्केट में विकास कार्य तीव्र गति से किये जा रहे हैं

सिरसा, 16 मार्च। ऑटो व्यवसायियों की मांग अनुसार ऑटो मार्केट में विकास कार्य तीव्र गति से किये जा रहे हैं। ऑटो मार्केट में सीवरेज, फुटपाथ, शैड, पार्किंग, डिवाइडर, स्ट्रीट लाईट व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था सहित सभी आधारभूत सुविधाएं 15 अप्रैल तक उपलब्ध करवा दी जाएंगी। उपरोक्त शब्द हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने शूकैंप कार्यालय में ऑटो व्यवसाय से जुड़े मिस्त्रियों और दुकानदारों से कहे। श्री कांडा ने कहा कि हालांकि पिछले 27 वर्षों से ऑटो मार्केट के विकास की अनेक घोषणाएं की गई और योजनाएं बनाई गई, परंतु अब सभी कार्य मूर्त रूप ले रहे हैं। गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा द्वारा ऑटो व्यवसायियों से किये गये वायदे अनुसार 51एकड़ से अधिक भूमि में बनने जा रही इस एशिया की सबसे भव्य ऑटो मार्केट को किसी भी मूलभूत सुविधाओं से महरूम नहीं रहने दिया जाएगा। श्री कांडा ने कहा कि ऑटो मार्केट में  पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट और दो सर्विस स्टेशनों के स्थान की नीलामी के बाद होने वाली करोड़ों रुपये की आय को इस मार्केट के विकास पर ही खर्च किया जाएगा। ऑटो व्यवसायियों की मांग पर श्री कांडा ने कहा कि जिन दुकानदारों और मिस्त्रियों ने प्लाट के मालिकाना हक ट्रांसफर करवाते वक्त नगर सुधार मंडल में दिये गये शपथपत्र अनुसार यदि एक अप्रैल तक अपनी दुकानों का निर्माण नहीं किया तो उनकी अलॉटमेंट रद्द कर दी जाएगी। श्री कांडा ने कहा कि आर.ओ.बी. के दोनों तरफ सर्विस लेन (सड़क) का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। श्री कांडा ने कहा कि शहर के अनेक स्थानों पर स्कूटर-मोटरसाइकिल, कार-जीप और ट्रैक्टर आदि के स्पेयर पार्ट्स विक्रेताओं,मिस्त्रियों और इनसे संबंधित संडे बाजार लगाने वालों को अपना व्यवसाय एक अप्रैल तक ऑटो मार्केट में स्थानांतरित करना होगा, अन्यथा प्रशासन उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करेगा। श्री कांडा ने ऑटो व्यवसायियों को आश्वासन दिया कि ऑटो मार्केट में गलत तरीके से खड़े होने वाले ट्रकों और अन्य वाहनों को निर्धारित स्थल पर ही पार्किंग के लिए ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के साथ बैठक कर समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर ऑटो मार्केट के प्रधान रोशन लाल डांग, ऑटो व्हीकल व कमर्शियल यूनियन के प्रधान अनिल बांगा, भूपेश गोयल विजय पाल अरोड़ा, महेन्द्र सेठी, हरस्वरूप सोढी, मोती सैनी, देवेन्द्र सिंह, हीरा लाल, कृष्ण कुमार सहित अनेक ऑटो व्यवसायी और मिस्त्री मौजूद थे।

कुएं में दबकर किसान की मृत्यु

 ओढां,
    खंड के गांव मिठडी में कुएं में पाइप का टी प्वाइंट ठीक करते समय ऊपर से मिट्टी खिसकने के कारण मिट्टी के नीचे दबकर एक किसान की दर्दनाक मृत्यु हो गई। बुधवार की दोपहर करीब एक बजे मिठडी का किसान 30 वर्षीय सरदूल सिंह पुत्र जीत सिंह जब अपने खेत में स्थित कच्चे कुएं में पाइप ठीक करने हेतु उतरा तो ऊपर से मिट्टी खिसक गई और वो मिट्टी के नीचे दब गया। कुएं के ऊपर खड़े उसके चाचा मलकीत सिंह व जगसीर सिंह ने शोर मचाया तो आसपास के किसान एकत्रित हो गए। किसानो ने उसे निकालने की कोशिश की लेकिन निकाल नहीं पाए। सूचना मिलने पर गांववासी, ओढ़ां थाना प्रभारी हीरा सिंह, तहसीलदार डबवाली राजेंद्र सिंह, डीएसपी बाबू लाल, डाक्टरों की टीम और एंबूलेंस आदि मौके पर पहुंचे। इतने में मटदादू के दो कुआं खुदाई करने वाले भी पहुंचे और उनकी मदद से प्रशासन व गांववासियों ने सरदूल सिंह को निकालने में सफलता तो प्राप्त कर ली लेकिन वे उसे बचा नहीं पाए। सरदूल सिंह को कुएं से निकालकर तुरंत एंबूलेंस द्वारा डबवाली के सामान्य अस्पताल में ले जाया गया और वहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ओढ़ां पुलिस ने मृतक के चाचा मलकीत सिंह के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।