Loading

18 January 2014

समाचार :

  • केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा थरूर दिल्ली के होटल में मृत पाई गई।
  • भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की दो दिन की बैठक आज से नई दिल्ली में।
  • आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली पुलिस को प्रदेश सरकार के नियंत्रण में लाने की मांग की।
  • अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने सहयोगी देशों के नेताओं के बारे में खुफिया जानकारी जुटाने पर रोक लगाने के आदेश दिए।
  • पुरुष हॉकी विश्व लीग फाइनल्स के खिताब के लिए आज न्यूजीलैंड का सामना हॉलैंड से। भारत ने जर्मनी को हराया।
------
केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर कल रात दिल्ली में एक होटल में मृत पाई गईं। दिल्ली पुलिस के अनुसार ५२ वर्षीया पुष्कर का शव होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सुनंदा एक उद्यमी थीं जिनका अगस्त २०१० में श्री थरूर से विवाह हुआ था। श्री थरूर के निजी सचिव अभिनव कुमार ने कहा कि श्री थरूर और उनकी पत्नी बृहस्पतिवार से होटल में रह रहे थे क्योंकि उनके घर पर रंग-रोगन का काम चल रहा था। उन्होंने कहा कि श्री थरूर दिनभर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति-ए. आई. सी. सी. की बैठक में थे। जब वह रात साढ़े आठ बजे होटल लौटे तो उन्होंने सुनंदा का कमरा अंदर से बंद पाया। उन्हें लगा कि वह सो रही होंगी लेकिन बाद में वे मृत पायी गईं।

श्री थरूर ने कल अपने दिन के आखिरी ट्विटर पोस्ट में कहा था कि अपनी पत्नी की बीमारी की वजह से वह जयपुर साहित्य उत्सव में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

राजनीतिक नेताओं और जानीमानी हस्तियों ने श्रीमती सुनंदा की मौत पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने श्री थरूर से बात की और उनकी पत्नी की मौत पर दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने भी श्री थरूर से बात की और उनकी पत्नी के निधन पर संवेदना व्यक्त की।
------
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की दो दिन की बैठक आज नई दिल्ली में होगी जिसमें देश की राजनीतिक और आर्थिक स्थिति पर पार्टी के प्रस्तावों को पारित किया जाएगा। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कल राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने इन प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया।

पार्टी की राज्य इकाइयां लोकसभा चुनाव और मतदान केंद्र के स्तर पर समितियां बनाने की तैयारियों के बारे में भी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।
------
कांगे्रस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा है कि वह साम्प्रदायिक उन्माद फैलाने और एक-दूसरे को लड़ाने में विश्वास करती है। कल नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांगे्रस समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि एक व्यापक आधार वाला भ्रष्टाचार विरोधी तंत्र बनाने के लिए कांगे्रस अगले तीन महीने में संसद में लंबित भ्रष्टाचार निरोधी छह विधेयक पारित कराने के पक्ष में है।

बैठक के अंत में कांगे्रस ने धर्म-निरपेक्षता, भ्रष्टाचार, सुरक्षा, मूल्यवृद्धि, अर्थव्यवस्था, रोजगार और महिलाओं के बारे में प्रस्ताव भी पारित किया।
------
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मांग की है कि दिल्ली पुलिस को प्रदेश सरकार के नियंत्रण में लाया जाए। मुख्यमंत्री ने अपने तीन मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात की। बैठक के बाद दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि गृह मंत्री से आग्रह किया गया है कि दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार के अधीन काम करने की अनुमति दी जाए। सिसोदिया ने बताया कि यदि ऐसा व्यावहारिक नहीं समझा जाता तो नई दिल्ली नगर पालिका परिषद - एनडीएमसी के क्षेत्र को छोड़ कर  राजधानी के बाकी इलाकों के लिए पुलिस को दिल्ली सरकार के नियंत्रण में लाया जाए। एनडीएमसी क्षेत्र में केंद्र सरकार का मुख्यालय और कार्यालय है।

मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे से उन चार पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने को कहा है जिन्होंने कानून मंत्री सोमनाथ भारती के कहने पर कथित रूप से बिना वारंट छापा मारने से इन्कार किया था।

बाद में दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने कहा कि उपराज्यपाल नजीब जंग ने कर्मचारियों को निलंबित किए जाने के मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।

इस मुद्दे के उपर इंक्वाएरी होगी। और उस इंक्वाएरी बारे में जो पाया जाएगा, उसके हिसाब से कार्रवाई की जायेगी। इसकी जो एक निष्पक्ष जांच हो रही है, यह बड़ा ही खुशी की बात है। इससे पूरा दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा।
------
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास चकां दा बाग़ में कल भारत और पाकिस्तान के बीच ब्रिगेड कमान्डरों की फ्‌लैग मीटिंग हुई। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने संघर्षविराम समझौते से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के बीच मौजूदा संचार व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर चर्चा की।

बैठक में सेना ने अपने पाकिस्तानी जोड़ीदारों के साथ पुन्छ क्षेत्र में होने वाले संघर्षविराम की उल्लघनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज करवाया। इसमें इस सप्ताह हुई सोमवार वाली संघर्षविराम की घटना विशेष रूप से शामिल थी। सूत्रों ने बताया है कि भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तानी अधिकारियों को सचेत किया कि संघर्षविराम की किसी भी घटना का सीमा पर तैनात जवान मुंह जोड़ जवाब देंगे। बैठक सैहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। योगेश शर्मा आकाशवाणी समाचार जम्मू।
------
असम के कोकराझार जिले में नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैन्ड संगबिजित गुट के संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा कल रात सार्वजनिक बस के मुसाफिरों पर की गई गोलीबारी में पांच लोग मारे गए। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इस गोलीबारी में दो व्यक्ति घायल हो गए जबकि दो अब भी लापता हैं।

यह घटना सेरफंगुरी पुलिस चौकी के अंतर्गत आथियाबरी तिनाली में घटी सूत्रों के अनुसार हथियार बंद उग्रवादी बस में सवार कुछ लोगों को नीचे आने को कहा और फिर अंधाधुंध गोलियां चलाई सरकारी सूत्रों ने यह भी संदेह व्यक्त किया है कि कल दोपहर मोइनागुडी क्षेत्र में मुठभेड़ में एक एनडीएफबी कैडर की मौत हुई थी और इसके प्रतिशोध में एनडीएफबी के संगबिजित गुट ने बस पर हमला किया। मानस प्रतिम शर्मा आकाशवाण्णी समाचार गुवाहाटी।
------

आकाशवाणी के क्षेत्रीय और राष्ट्रीय समाचार सुनने के लिए किसी भी एंड्रॉय्‌ड मोबाइल फोन पर गूगल प्ले स्टोर से ऑल इंडिया रेडियो न्यूज एप्लीकेशन डाउनलोड करें। यह सेवा निःशुल्क है।
------
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने देश और विदेश में अमरीकी  खुफिया एजेंसियों द्वारा टेलीफोन इस्तेमाल करने वालों की बातचीत से बड़े पैमाने पर जानकारी एकत्रित करने पर रोक लगा दी है। वाशिंगटन में राष्ट्रपति ने अपने देश के सहयोगियों को भरोसा दिलाया कि अमरीका, फोन पर बातचीत तब तक नहीं सुनेगा जब तक सुरक्षा संबंधी कोई बड़ी जरूरत नहीं होगी। हालांकि नागरिक अधिकार संगठनों ने यह भी कहा है कि खुफिया तंत्र में यह परिवर्तन काफी नहीं रहेगा। श्री ओबामा ने यह घोषणा अमरीकी निगरानी कार्यक्रमों से जुड़े दस्तावेज लीक होने के बाद भड़के आक्रोश के बाद की है।
------
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के अत्यंत सुरक्षित राजनयिक इलाके में एक रेस्तरां में आत्मघाती हमले में १६ लोग मारे गये और कई अन्य घायल हो गये। पुलिस के अनुसार विस्फोटकों और स्वचालित हथियारों से लैस तीन आतंकियों ने शहर के वज+ीर अकबर खान इलाके में स्थित और विदेशियों के लोकप्रिय रेस्तरां पर हमला किया। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि संयुक्त राष्ट्र के चार कर्मचारी भी लापता बताये गये हैं।

काबुल में यह इस साल का तीसरा और सबसे भीषण आतंकी हमला है। इससे यु+द्ध से तबाह देश में अंतर्राष्ट्रीय सेना की वापसी से होने वाली सुरक्षा जिम्मेदारी के बदलाव और आगामी राष्ट्रपति चुनाव से होने वाले राजनीतिक बदलाव के लिए चुनौतियों का पता चलता है। आत्मघाती हमलें और धमाके अफगास्तिान के लोगों के लिए कोई नई बात नहीं है लेकिन इस साल देश में राष्ट्रपति चुनाव और विदेशी सेनाओं की अफगास्तिान से वापसी के मद्देनजर राजधानी में इस तरह के हमलें होना गम्भीर चिंता का विषय है। राजेन्द्र उपाध्याय आकाशवाणी समाचार काबुल।
------
श्रीलंका की ओर से पिछले दो दिन में रिहा किए गए १२१ भारतीय मछुआरों को कुछ ही दिनों में स्वदेश भेज दिया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मछुआरों की नौकाएं भी मुक्त कर दी जाएंगी।

श्रीलंका की अदालतों ने भारतीय मुछआरों को रिहा करना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों में त्रिंकोमाली और मन्नार की अदालतों ने १२१ मछुआरों की रिहाई के आदेश दिये और बाकी मछुआरों के मामलों को भी अदालतों में अगले कुछ दिनों में पेश किया जाएगा। अगले कुछ दिनों में दोनों देशों के अधिकारी और मछुआरों के प्रतिनिधियों के बीच बैठकें आयोजित की जायेगी। इसमें मछली पकड़ने के वैकल्पिक तरीकों को प्रोत्साहित करने और बोटम ट्रॉलिंग और समुंद्री सीमा का उल्लंघन करने जैसे अवैध गतिविधियों को रोकने पर जोर दिया जायेगा। अभिषेक दयाल आकाशवाणी समाचार कोलम्बो।
------
पुरुषों की हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल्स के खिताब के लिए आज रात आठ बजे न्यूजीलैंड का सामना हॉलैन्ड से होगा। पांचवें और छठे स्थान के लिए भारत बेल्जियम से खेलेगा। कल भारतीय टीम ने जर्मनी को ५-४ से हराया।
------
अभी-अभी प्राप्त समाचार के अनुसार  महाराष्ट्र में मुम्बई में मालाबार हिल इलाके में भगदड़ में कम से कम १७ लोग मारे गए और ५८ घायल हुए हैं। पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार दाउदी बोहरा समुदाय के दिवंगत आध्यात्मिक गुरु डॉ सैयदना मोहम्मद बुर्हानुद्दीन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के समय भगदड़ हुई। एक सौ दो वर्ष के आध्यात्मिक गुरू का कल दक्षिण मुम्बई स्थित उनके निवास में दिल का दौरा पड़ने से देहांत हुआ था।
------
समाचार पत्रों से
आज प्रकाशित अखबारों ने कल रात केन्द्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी की संदिग्ध मौत की खबर को सुर्खियों में दिया है। नई दुनिया ने रहस्यमय मौत से पहले के कुछ घटनाक्रम का बॉक्स में उल्लेख किया है। राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है- हंसते हुए जाएंगे, सुनंदा का आखिरी ट्वीट। अमर उजाला, दैनिक भास्कर, नवभारत टाइम्स और दैनिक जागरण सभी ने सोशल मीडिया में उनके बयानों और हाल फिलहाल के दिनों में हुए कुछ विवादों की बातें लिखी हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन में पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आक्रामक अंदाज और संदेश को भी सभी अखबारों ने अहमियत दी है। अमर उजाला ने लिखा है- राहुल ने कांग्रेस में फूंका जोश। जनसत्ता लिखता है- चुनावी संग्राम के लिए कांग्रेस तैयार।
हरिभूमि ने चुनाव तैयारियों में लगी भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह के इस बयान को अहमियत दी है कि विदेशी ताकतें नहीं चाहती देश में मजबूत सरकार।
दिल्ली की केजरीवाल सरकार और दिल्ली पुलिस के बीच बढ़ते विवाद की खबर भी अखबारों में पहले पन्ने पर है।
अनुसंधान शीर्षक से राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- चीन ने परखी चांद की मिट्टी। पत्र लिखता है- चीन के सरकारी मीडिया का दावा है कि चांद की सतह पर उसके यान ने भूमि परीक्षण का अपना काम पूरा किया।
नवभारत टाइम्स ने विदेशी पर्यटक के साथ दुष्कर्म के संबंध में लिखा है- विदेशी महमानों के लिए हर कदम पर जाल फैला है जो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लेकर पहाड़गंज और कनॉट प्लेस में सक्रिय है।
बिजनेस भास्कर लिखता है- केबल टीवी का लुत्फ उठाने वालों को २७ जनवरी तक सदस्यता का पूरा ब्यौरा देना होगा।
हरिभूमि के पहले पन्ने की खबर है- आकाशवाणी के पूर्व महानिदेशक लीलाधर मंडलोई भारतीय ज्ञानपीठ के नए निदेशक होंगे।
अखबारों ने बंगला फिल्मों की मशहूर अदाकारा सुचित्रा सेन के अभिनय जगत को दिए उनके योगदान को चित्रों सहित याद किया है। दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है- वक्त की आंधी में खो गई पारो।
पहाड़ों पर हिमपात और मैदानों में बारिश के बाद गिरता पारा भी अखबारों में है। हिन्दुस्तान और दैनिक भास्कर ने लिखा है- दिल्ली में शुक्रवार का दिन इस सर्दी का सबसे ठण्डा दिन रहा। दैनिक जागरण ने लिखा है- दिल्ली एनसीआर में कहीं-कहीं बारिश के साथ ओले भी पड़े।
------

No comments:

Post a Comment