Loading

01 April 2017

समाचार

  • वित्‍त मंत्री अरूण जेटली ने कहा-- 2017-18 में भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था की वृद्धि दर सात दशमलव दो प्रतिशत रहने का अनुमान।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा-- स्‍मार्ट इंडिया हैकेथॉन देश के युवाओं के कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन; सीखने और नवाचार का एक बड़ा अवसर। 
  • प्रवर्तन निदेशालय ने 16 राज्‍यों में एक सौ स्‍थानों पर फर्जी कंपनियों के परिसरों पर छापे मारे।
  • दिल्‍ली पुलिस ने समय पर परियोजना पूरी न करने और ग्राहकों को पैसे न लौटाने पर यूनिटेक बिल्‍डर के प्रबंध निदेशक संजय चन्‍द्रा और उसके भाई अजय चन्‍द्रा को गिरफ्तार किया।
  • सानिया मिर्जा मायामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला डबल्‍स फाइनल में।
  • इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमी फाइनल में आज पी वी सिंधु का मुकाबला दक्षिण कोरिया की सुंग ही ह्यून से।
--------------------------------
वित्‍तमंत्री अरूण जेटली ने कहा कि अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्राकोष के अनुमानों के अनुसार भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था की वृद्धि दर 2017-18 में सात दशमलव दो प्रतिशत रहेगी। आज नई दिल्‍ली में न्‍यू डेवलपमेंट बैंक के गवर्नर बोर्ड की दूसरी वार्षिक बैठक में उन्‍होंने ये बात कही।
भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था की वृद्धि दर 2016 में 6 दशमलव 6 प्रतिशत थी , 2018-19 में 7 दशमलव 7 प्रतिशत होने का अनुमान है। हमने सफलतापूर्वक सुधार किए गए उपायों को लागू किया है।
श्री जेटली ने भारत की बेहतर वृद्धि की संभावनाओं का श्रेय अप्रत्‍यक्ष कर संग्रह की जीएसटी प्रणली, प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश के नियमों को उदार बनाने और नकली नोटों से निबटने जैसे ठोस उपायों को दिया। श्री जेटली ने कहा कि विकसित देशों में मांग स्थिर रहने के बावजूद ब्रिक्‍स जैसी उभरती अर्थव्‍यवस्‍थाओं में वृद्धि जारी है। उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत को बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अगले कुछ वर्षो में 646 अरब डॉलर की जरूरत होगी।
--------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि वे आज स्‍मार्ट इंडिया हैकेथॉन में शामिल युवा प्रतिभाओं के साथ चर्चा करेंगे। श्री मोदी ने ट्वीट संदेश में आशा व्‍यक्‍त की है कि कई मुद्दों पर नए विचारों के आदान-प्रदान का मौका मिलेगा। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हैकेथॉन देश की युवा प्रतिभाओं को अपने कौशल के प्रदर्शन का अवसर देगा और यह सीखने तथा नवाचार का एक बड़ा मौका है।  
इस बीच, मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने आज मुम्‍बई में स्‍मार्ट इंडिया हैकेथॉन की शुरूआत की। हमारी संवाददाता ने बताया है कि देश के अलग-अलग शहरों में हो रहे दो दिन के इस आयोजन में देशभर के अलग-अलग इंजीनियरिंग संस्‍थानों से लगभग 32 हजार विद्यार्थी हिस्‍सा ले रहे हैं।
दुनिया का सबसे बड़ा हैकेथॉन स्‍मार्ट इंडिया हेकेथॉन आज से देश के 26 जगहों पर शुरू हुआ।  स्‍मार्ट इंडिया हैकेथॉन को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी  आज रात दस बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करेंगे।  इसमे भाग लेने वाले छात्र केंद्र सरकार के उन 30 विभागों ने जो 598 समस्‍याओं की पहचान की है उन समस्‍याओं का डिजिटल समाधान करेंगे। इस हेकेथॉन का उद्देश्‍य इन्‍वेशन को बढ़ावा देना है। लगातार 36 घंटे तक चलने वाले डिजिटल प्रोग्रामिंग प्रतियोगिता की जिम्‍मेदारी एक केंद्रीय विभाग या मंत्रालय की होगी। लुबना युसुफ मूसा, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
--------------------------------
देश में राजमार्गों के पांच सौ मीटर के दायरे में शराब की दुकाने बंद करने के उच्‍चतम न्‍यायालय के निर्देश के बाद आज से राजमार्गों पर शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
उच्‍चतम न्‍यायालय ने राजमार्गों के पांच सौ मीटर के दायरे में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध के आदेश में कल संशोधन करते हुए हिमाचल प्रदेश और बीस हजार तक की आबादी वाले इलाकों में ये दायरा घटाकर 220 मीटर कर दिया है। शेष इलाकों में दिसम्‍बर 2016 का आदेश लागू रहेगा। एक रिपोर्ट-
सिक्किम और मेघालय  को इस प्रतिबंध से मुक्‍त रखा गया है। पीठ ने स्‍पष्‍ट किया कि 15 दिसम्‍बर के आदेश से पहले शराब विक्रेताओं को दिये गये लाइसेंस इस साल 30 सितम्‍बर तक वैध रहेंगे। प्रधान न्‍यायाधीश जे एस खेहर की अध्‍यक्षता वाली पीठ ने  कहा कि चूंकि शराब पीकर गाड़ी चलाने से घातक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, इसलिए यह निर्णय राजमार्गों के पास के बार, पब और उन रेस्‍त्रों पर भी लागू होगा, जहां शराब परोसी जाती है। समाचार कक्ष से मैं कनकलता।
उच्‍चतम न्‍यायालय ने यह महत्‍वपूर्ण आदेश, 15 दिसम्‍बर 2016 के फैसले में संशोधन करने की विभिन्‍न राज्‍यों की याचिका पर दिया।      
--------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल जम्‍मू कश्‍मीर राष्‍ट्रीय राजमार्ग के चेनानी-नाशरी सड़क-खंड पर बनी सुरंग का उद्घाटन करेंगे। यह भारत की सबसे लम्‍बी राजमार्ग सुरंग है, जिसमें यातायात नियंत्रण प्रणाली-आईटीसीएस, वीडियो निगरानी प्रणाली, अग्नि शमन व्‍यवस्‍था और एफएम प्रसारण प्रणाली मौजूद है। इस सुरंग से रोजाना 27 लाख रुपये के ईंधन की बचत होगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह सुरंग 12 सौ मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और राष्‍ट्रीय राजमार्ग-44 पर जम्‍मू तथा श्रीनगर के बीच भारतीय राष्‍ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की परियोजना का हिस्‍सा है।
पांच साल से अधिक समय में ढाई हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित  नौ दशमलव दो किलोमीटर लंबी दो ट्यूब वाली चेनानी-नाशरी टनल जम्‍मू और श्रीनगर के बीच कम से कम तीस किलोमीटर दूरी कम करेगा। इससे कम से कम दो घंटों की यात्रा का समय भी कम हो जाएगा। किश्‍तवाड़, डोडा और भद्रवा के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क प्राप्‍त रहेगा। टनल में ताजा हवा की आपूर्ति के लिए वेंटिलेशन प्रणाली मौजूद है। तारिक राथेर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
प्रधानमंत्री जम्‍मू डिवीजन में ऊधमपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
--------------------------------
मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रज्‍जाक और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज शिष्‍टमण्‍डल स्‍तर की वार्ता  में आतंकवाद सहित द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करेंगे। दोनों देशों के बीच आपसी हितों और वाणिज्यिक समझौतों पर हस्‍ताक्षर होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नजीब रज्‍जाक के उच्‍चस्‍तरीय प्रतिनिधिमण्‍डल में कई कैबिनेट मंत्री, वरिष्‍ठ अधिकारी और व्‍यापारिक  मण्‍डल शामिल हैं।
श्री रज्‍ज़ाक का आज राष्‍ट्रपति भवन में रस्‍मी स्‍वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उनका औपचारिक स्‍वागत किया। श्री रज्‍ज़ाक कल शाम चेन्‍नई से नई दिल्‍ली पहुंचे थे।
--------------------------------
प्रवर्तन निदेशालय ने देश भर में फर्जी कंपनियों पर बड़े पैमाने पर छापे की कार्रवाई शुरू की है। 16 राज्‍यों में एक सौ स्‍थानों पर छापे मारे गये हैं। अधिकारियों ने बताया कि निदेशालय के अनेक दलों ने दिल्‍ली, चेन्‍नई, कोलकाता, चण्‍डीगढ़, पटना, रांची, अहमदाबाद, भुवनेश्‍वर और बंगलूरू सहित कई स्‍थानों पर इन कंपनियों के तीन सौ परिसरों पर आज छापे मारे।
उन्‍होंने कहा कि ये कार्रवाई काला धन और अवैध विदेशी मुद्रा लेनदेन की जांच के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देश पर प्रवर्तन निदेशालय में विशेष कार्रवाई बल का गठन किया गया था।
निदेशालय ने हाल ही में ऐसी फर्मों की करोड़ों रूपये की सम्‍पत्ति जब्‍त की है।
फर्जी कंपनियां कोई कारोबार नहीं करती हैं। इनका इस्‍तेमाल दूसरी कंपनियों की अवैध गतिविधियों के लिए किया जाता है।
--------------------------------
दिल्‍ली पुलिस की आर्थिक अपराध जांच शाखा ने यूनिटेक के प्रबंधन निदेशक संजय चन्‍द्रा और उनके भाई अजय चन्‍द्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों भाईयों को परियोजना को समय पर पूरा न करने और पैसे वापिस करने में विफलता के कारण गिरफ्तार किया गया है।
नोएडा और गुरूग्राम में यूनिटेक की आवास परियोजनाओं के दो दर्जन से ज्‍यादा खरीददारों ने राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता विवाद निवारण आयोग से संपर्क किया था। उनका कहना था कि यूनिटेक उनको समय पर फ्लैट का कब्‍जा नहीं दे रहा है। कम्‍पनी ने 2012 में फ्लैटों का कब्‍जा देने का वायदा किया था लेकिन वह इसे देने में विफल रहा।
--------------------------------
नियंत्रक और महालेखा परीक्षक-सीएजी ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की राजकोषीय देनदारी बढ़कर इकतालीस हजार एक सौ सत्‍तानवे करोड़ रुपये हो गयी है। पिछले वित्‍त वर्ष में राज्‍य की आर्थिक स्थिति पर तैयार अपनी रिपोर्ट में सीएजी ने गंभीर चिंता व्‍यक्‍त की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह रिपोर्ट कल शिमला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पेश की।
इस रिपोर्ट के अनुसार राज्‍य को अगले सात वर्ष में 62 प्रतिशत कर्ज की अदायगी करनी है। वर्ष 2015-16 में वित्‍तीय देनदारियां 41 हजार 197 करोड़ रुपये तक बढ़ गई है जोकि पिछले वर्ष की तुलना में आठ प्रतिशत अधिक है। रिपोर्ट में कहा गया है कि देनदारियां राज्‍य सकल घरेलू उत्‍पाद का 37 प्रतिशत और राजस्‍व प्राप्तियों का 176 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले वर्ष मार्च में दस करोड़ रुपये का अधिक खर्च राज्‍य के वित्‍तीय नियमों के खिलाफ किया गया। शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
--------------------------------
हरियाणा सरकार ने आज से शुरू हो रहे रबी फसल खरीद के समुचित प्रबंध किए हैं। हरियाणा में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्‍ता कार्य राज्‍य मंत्री करणदेव कंबोज ने बताया कि सभी पांच सरकारी एजेंसियां एक हजार छह सौ पच्‍चीस रुपये प्रति क्विंटल के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य पर गेहूं की खरीद कर रही हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि सरकार ने किसानों को भुगतान के लिए रिजर्व बैंक से चार हजार नौ सौ करोड़ रुपये की व्‍यवस्‍था करने का अनुरोध किया है।
हरियाणा की मंडियों में गेंहू की खरीद शुरू होने से किसानों ने राहत की सांस ली है क्‍योंकि शुरू में ही गरमी बढ़ने से फसल पककर तैयार थी और किसानों ने कटाई भी शुरू कर दी थी।  जिन सरकारी एजेंसियों द्वारा गेंहू खरीदा जा रहा है उनमें नेफर्ड, हरियाणा गोदाम निगम, हरियाणा कृषि उद्योग निगम और भारतीय खाद्य निगम शामिल हैं। किसानों से गेंहू 1625 रुपये प्रति क्विंटल के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य पर खरीदा जा रहा है। अश्विनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार, चंडीगढ़।
--------------------------------
सभी तरह के भारत स्‍टेज बीएस-3 वाहनों की खरीद बिक्री पर प्रतिबंध के एक दिन बाद आज केन्‍द्रीय मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने भुवनेश्‍वर से वीडियो लिंक के जरिये देश भर में 12 विभिन्‍न स्‍थानों पर बीएस-4 ग्रेड ईंधन की औपचारिक शुरूआत की।
उन्‍होंने कहा कि स्‍वच्‍छ ईंधन के नये युग की शुरूआत हो गई है। इससे शहरों में प्रदूषण में काफी कमी आएगी। श्री प्रधान ने कहा कि उनके मंत्रालय का उद्देश्‍य 2020 तक देश में भारत स्‍टेज-6 के अनुरूप ईंधन उपलब्‍ध कराना है।
भारत ने योजना बनाई, प्रतिबद्धता दिखाई और प्रधानमंत्री जी ने वचन विश्‍व को देकर आये कि भारत आगे रहेगा, कार्बन एमिशन को घटाने में ग्रीन हाउस या एमिशन को घटाने में। दुनिया में जब बीएस-6 कई इलाका में आना बाकी रहेगा 2020 तक  भारत ऐसे ही एक अप्रैल को देश भर में बीएस-6 स्‍टेंडर्ड की ऑयल हम लेकर आएंगे यह हमारी कमिटमेंट है।
--------------------------------
नमामि ब्रह्मपुत्र महोत्‍सव का आज दूसरा दिन है। इस महोत्‍सव का आयोजन असम सरकार द्वारा 21 जिलों में किया गया है। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कल गुवाहाटी में इसका उद्घाटन किया था। आज गुवाहाटी में विश्‍वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ राज्‍य की प्रतिभाओं के बीच संवाद कार्यक्रम सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
--------------------------------
ओडिसा आज अपना 81वां स्‍थापना दिवस मना रहा है। इस दिन को उत्‍कल दिवस के रूप में भी जाना जाता है। आज पूरे राज्‍य में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 1936 में भाषा के आधार पर ओडिसा पहला राज्‍य बना था। इससे पहले यह बिहार का हिस्‍सा था।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उत्‍कल दिवस के अवसर पर ओडिसा के लोगों को बधाई दी है।
--------------------------------
भारत की सानिया मिर्ज़ा और चेक गणराज्य की बारबोरा स्ट्राइकोवा की जोड़ी मायामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला डबल्स के फाइनल में पहुँच गयी है।
फाइनल में सानिया और बारबोरा का मुक़ाबला ग़ैर वरीयता प्राप्त जोड़ी गैब्रिएला दाब्रोवस्की और सु यिफान से होगा।
--------------------------------
इंडियन ओपन सुपर सीरीज़ बैडमिंटन टूर्नामेंट में आज नई दिल्ली में  पी. वी. सिंधु दक्षिण कोरिया की सुंग ची ह्यून से सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगी।
सिंधु ने कल भारत की ही साइना नेहवाल को 21-16, 22-20 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
--------------------------------

स्कूल के नए सत्र के शुभारंभ हवन यज्ञ आयोजित

शत प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थी होंगे सम्मानित
ओढ़ां
राजकीय उच्च विद्यालय आनंदगढ़ के नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ पर ग्राम पंचायत द्वारा हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव की सरपंच दीपिका गोदारा, गांव के गणमान्य लोगों तथा उपस्थित अध्यापकों द्वारा हवन यज्ञ में आहुति डालकर स्कूल विद्यार्थियों व गांववासियों के लिए नववर्ष के मंगल की कामना की।
इस अवसर पर सरपंच दीपिका गोदारा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नारी शिक्षा को बढावा देने के लिए बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा दिया है तथा सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के लिए अनेक लाभ कारी योजनाएं शुरू की है जिनका अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु अभिभावकों को चहिए कि वे अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में करवाएं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्कूल का वार्षिक परीक्षा परिणाम संतोषजनक रहा है। इस अववर पर शिक्षा, खेलों व अन्य गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि नए सत्र के दौरान जिन विद्यार्थियों की विद्यालय में उपस्थिति शत-प्रतिशत होगी, ग्राम पंचायत उनको विशेष रूप से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करेगी। इस मौके पर पर विद्यालय की ओर से अभिभावकों व अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस मौके पर नंबरदार भोजराज, एसएमसी प्रधान हनुमान, शीशपाल, रिसाल सिंह, शेर सिंह और जगदीश गोदारा सहित सभी स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद थे।

शिक्षा व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित

स्कूल का वार्षिक पारितोषिक सम्मान समारोह आयोजित
ओढ़ां


गांव पन्नीवाला मोटा के आदर्श मिडल पब्लिक स्कूल का वार्षिक पारितोषिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित पूर्व सरपंच दाताराम नंबरदार ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। मुख्यातिथि द्वारा प्रत्येक कक्षा में वर्ष 2015-16 प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर प्राप्त करने तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रतिभा सभी में होती है, आवश्यकता है उस प्रतिभा को सामने लाने तथा प्रोत्साहित करने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा में निखार लाने तथा उन्हें आगे बढऩे के उचित अवसर प्रदान करने में वे हमेशा तत्पर रहेंगे। उनके अतिरिक्त प्रदीप बैनिवाल, महेन्द्र कुमार और शकर लाल ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ की ओर से अतिथियों, गणमान्य ग्रामीणों व अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन व आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। इससे पूर्व छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस मौके पर समाज सेवी दीपक, सुरेश, संदीप, जगदीश, शिशपाल, नरेश, महेन्द्र, बलराम, विनोद, सुरेन्द्र, विनोद, सुरेन्द्र, रवि सहित गोल्डन स्टार युवा कल्ब सदस्य, ओलंपिक फुटबाल एंड स्पोर्टस युवा कल्ब सदस्य, स्कूल स्टाफ, गणमान्य ग्रामीण, अभिभावक तथा विद्यार्थी मौजूद थे।

वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित

ओढ़ां
गांव पन्नीवाला मोटा के जय भारत हाई स्कूल में मार्च माह में आयोजित सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित करते हुए स्कूल मुख्याध्यापक कुलदीप सिंह सहारण ने नर्सरी से 10 वीं तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाईयां और शुभकामनाएं दी गई।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जो बच्चे इस बार पोजीशन हासिल करने से वंचित रह गए, वे निराश न होकर सकारात्मक उर्जा के साथ अगली कक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर करते हुए लक्ष्य को प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए नियमित कक्षाएं आज से प्रारंभ हो रही हैं। इस मौके पर स्कूल स्टाफ विनोद कस्वां, अमर सिंह भारी, राकेश वर्मा, प्रवीन कस्वां, सतवीर भारी, नवाब, पूजा, संतोष, हिना और कविता सहित विद्यार्थी व अभिवावकगण मौजूद थे।

चबूतरे पर चढ़ी पिकअप, दो युवक घायल

ओढ़ां
गांव बनवाला में शुकवार की सुबह सवा नौ बजे के लगभग रिसालियाखेड़ा की ओर से आ रही एक डीजे वाली पिकअप के चालक को नींद आने के कारण बेकाबू हुई पिकअप एक दुकान के बाहर स्थित चबूतरे पर जा चढ़ी और वहां बैठे दो युवाओं को घायल दिया जबकि पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
आसपास के घरों दुकानों से दौड़कर आए ग्रामीणों ने घायल युवकों को ओढ़ां अस्पताल पहुंचाते हुए हादसे की सूचना पुलिस को दी। घायल युवाओं 17 वर्षीय लखन पुत्र सुभाष और 20 वर्षीय अजय पुत्र इंद्र उर्फ कालू को ओढ़ां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया है जहां से उन्हें सिरसा रैफर कर दिया गया। एक युवक के सिर में चोट आई है तथा दूसरे का पैर टूट गया है। ओढ़ां पुलिस के एएसआई चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस ने पिकअप अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा आगामी कार्रवाई घायलों के बयान दर्ज होने के बाद की जाएगी।