Loading

20 February 2017

समाचार:-

  • नगालैंड़ में सत्‍तारूढ़ नगा पीपुल्‍स फ्रंट के अध्‍यक्ष शुरहोजेली लियेजित्‍सु सर्वसम्‍मति से विधायक दल के नये नेता चुने गये। वे राज्‍य के नये मुख्‍यमंत्री होंगे।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर बुंदेलखंड की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा- भारतीय जनता पार्टी अगर सत्‍ता में आई तो वह इस क्षेत्र का कायाकल्‍प करेगी।
  • तमिलनाडु में मुख्‍यमंत्री ई. के. पलनीसामी के विश्‍वास प्रस्‍ताव के खिलाफ डी एम के ने मद्रास उच्‍च न्‍यायालय में अपील की, सुनवाई कल।
  • सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में एक कार बम विस्‍फोट में 34 लोगों की मौत।
  • आई पी एल के खिलाडि़यों की नीलामी में पुणे ने इंग्‍लैंड़ के बेन स्‍टोक्‍स को साढ़े14 करोड़ रूपये में खरीदा। मोहम्‍मद नबी आई पी एल में खेलने वाले पहले अफगान खिलाड़ी बने। सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेंलेगे। 

------------------------------------------------------
नगालैण्‍ड में सत्‍तारूढ़ नगा पीपुल्‍स फ्रंट के अध्‍यक्ष शुरहोजेली लियेजित्‍सु को सर्वसम्‍मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया है और वे राज्‍य के नये मुख्‍यमंत्री बनेंगे। मुख्‍यमंत्री टी आर जेलियांग के इस्‍तीफे के बाद आज कोहिमा में हुई विधायक दल की बैठक में उन्‍हें नया नेता चुना गया। मुख्‍यमंत्री कार्यालय ने आकाशवाणी को बताया कि राज्‍यपाल पी बी आचार्य के कोहिमा वापस आने के बाद बाकी सारी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि नगा पीपुल्‍स फ्रंट की बैठक के बाद अब कोहिमा में डेमोक्रेटिक अलायंस ऑफ नगालैण्‍ड की बैठक होगी।
------------------------------------------------------
उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है। इस चरण में पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के 40 निर्वाचन क्षेत्रों में आठ मार्च को वोट डाले जाएंगे।
चौथे चरण के लिए प्रचार कल समाप्‍त हो जाएगा। इस चरण में चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि बुंदेलखण्‍ड के लिए यह चुनाव काफी महत्‍वपूर्ण है। उत्‍तरप्रदेश में जालोन में एक चुनावी जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी दोनों ने ही बुंदेलखण्‍ड इलाके की लगातार उपेक्षा की है।
सपा हो, बसपा हो, कांग्रेस हो ये सभी एक ही सिक्‍के के अलग अलग पहलू है और इसलिए भाइयों और बहनों अब बुंदेलखंड को किसी की बात मानने की जरूरत नहीं है। आप अपनी आत्‍मा से पूछो कि क्‍या आपके साथ अन्‍याय हुआ है कि नहीं हुआ। आपको उपेक्षित रखा गया है कि नहीं रखा गया।
श्री मोदी ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में सत्‍ता में आती है, तो इस इलाके को विकास से जोड़ा जाएगा। बसपा को निशाने पर लेते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह अब बहुजन समाज पार्टी नहीं, बल्कि बहनजी सम्‍पत्ति पार्टी बन गई है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि इलाहाबाद के 12 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 181 उम्‍मीदवार मैदान में हैं और कहीं सीधा तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला है।
आज भी राज्‍य में कई चुनावी सभाएं हो रही है। प्रधानमंत्री इलाहाबाद में भी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। कमोवेश यहां भी वहीं मुद्दे है जो राज्‍य के बाकी इलाकों में हैं। पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में कृषि पर आधारित किसान तमाम मुश्किलें झेलते हैं। उद्योंगो, स्‍वरोजगार के कम अवसर होने के कारण नौकरियों के लिए लोग लंबी कतारें लगाते हैं। संजय प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, इलाहाबाद।  
------------------------------------------------------
उधर, मणिपुर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नाम वापस लेने की आज आखिरी तारीख है। इस चरण में 22 सीटों के लिए आठ मार्च को वोट डाले जाएंगे।     
------------------------------------------------------
तमिलनाडु में विपक्षी डीएमके पार्टी ने आज राज्‍य विधानसभा में शनिवार को पास कराए गये विश्‍वास प्रस्‍ताव को रद्द कराने के लिए मद्रास उच्‍च न्‍यायालय का दरवाजा खटखटाया है। कार्यकारी मुख्‍य न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति एच जी रमेश और न्‍यायमूर्ति आर महादेवन की पीठ कल इसकी सुनवाई करेगी।
मुख्‍य विपक्षी डीएमके पार्टी के सदस्‍यों को सदन से बाहर निकाले जाने और कई विपक्षी पार्टियों के बर्हिगमन तथा शोर-शराबे के बीच शनिवार को ई के पलनीसामी ने 234 सदस्‍यों वाली विधानसभा में 11 के मुकाबले 122 मतों से विश्‍वास प्रस्‍ताव जीत लिया था।विपक्षी सदस्‍य गुप्‍त मतदान की मांग कर रहे थे, जिसे अध्‍यक्ष श्री धनपाल ने खारिज कर दिया था।
------------------------------------------------------
इस बीच, तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री ई. के. पलनीसामी ने राज्‍य में चल रही पांच सौ शराब की दुकानों को तुरंत प्रभाव से बंद करने की घोषणा की। श्री पलनीसामी ने पिछले शनिवार को विश्‍वासमत हासिल करने के बाद आज सुबह मुख्‍यमंत्री का कार्यभार संभाला। बाद में, उन्‍होंने कहा कि ये प्रतिबंध चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्‍यमंत्री ने आज कई लोक लुभावन घोषणाएं की।
मुख्‍यमंत्री इडडापडी के पलनीसामी ने आज पांच घोषणाएं की जिनका पिछले वर्ष जारी पार्टी घोषणा पत्र में जिक्र किया गया था। श्री पलनीसामी ने सूखा प्रभावित किसानों को तुरंत राहत पहुंचाने का वादा किया। उन्‍होंने कहा कि लोकायुक्‍त की व्‍यवस्‍था करने पर विचार किया जाएगा। लोकप्रिय योजनाओं को लागू करने के‍ लिए राज्‍य सरकार आवश्‍यक संसाधन कहा से जुटाएंगी। ये अपने आप में एक पेचिदा सवाल है, क्‍योंकि राज्‍य पर पहले से ही कर्ज का भारी बोझ है। चेन्‍नई से जयसिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं विशाल शर्मा।
------------------------------------------------------
सोमालिया में राजधानी मोगादिशु में कार बम विस्‍फोट में मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 39 हो गई है और 27 लोग घायल हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्‍फोट मदीना जिले के एक बाजार में खड़ी कार में हुआ। सोमालिया में इस महीने की शुरूआत में मोहम्‍मद अब्‍दुल्‍लाही मोहमद के नये राष्‍ट्रपति निर्वाचित होने के बाद यह पहला बड़ा हमला है। हालांकि किसी आतंकवादी गुट ने अभी इस हमले की जिम्‍मेदारी नही ली है लेकिन लगता है कि अल-शबाब गुट के आतंकवादियों ने ये हमला किया। राष्‍ट्रपति मोहमद अब्‍दुल्‍लाही मोहमद ने ट्वीटर के जरिए विस्‍फोट की निंदा की है और कहा है कि यह अल-शबाब की क्रूरता को दिखाता है। विस्‍फोट के कुछ समय पहले ही अल-शबाब ने नये राष्‍ट्रपति की निंदा करते हुए उन्‍हें गैर मजहबी बताया और उनकी सरकार के विरूद्ध संघर्ष जारी रखने का संकल्‍प जताया।
------------------------------------------------------
विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता विकास स्‍वरूप ने कहा है कि जमात-उद-दावा सरगना हाफिज सईद एक अंतर्राष्‍ट्रीय वांछित आतंकवादी है और वह मुम्‍बई हमले सहित कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है।
श्री स्‍वरूप ने कहा कि सईद को जल्‍द से जल्‍द न्‍याय के कठघरे में खड़ा करने की जरूरत है। उन्‍होंने कहा कि सईद और उसके आतंकवादी संगठनों और साथियों के खिलाफ अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर कार्रवाई इस दिशा में पहला कदम होगा, जिससे आतंकवाद से छुटकारा मिल सकेगा।
------------------------------------------------------
चीन ने कहा है कि उपग्रह प्रक्षेपण प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने में भारत ने चीन की तुलना में बेहतरकाम किया है।  सूक्ष्‍म उपग्रह शंघाई प्रौद्योगिकी केन्‍द्र के नव तकनीकी विभाग के निदेशक जियांगयोंग ने बिजिंग में कहा कि प्रक्षेपण इस बात का संकेत है कि भारत कम खर्चें में वाणिज्यिक उपग्रहअंतरिक्ष में भेज सकता है और तेजी से बढ़ते वाणिज्यिक अंतरिक्ष कारोबार के लिए वैश्‍विक दौड़ मेंप्रतिस्‍पर्धात्‍मकता बनाए रख सकता है।
------------------------------------------------------
संचार मंत्री मनोज सिन्‍हा ने कहा है कि भारत और आसियान देशों के बीच डिजीटल संपर्क व्‍यवस्‍था भारत की प्राथमिकता है ताकि सभी के लिए आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिल सके। उन्‍होंने आज नई दिल्‍ली में आसियान-भारत डिजीटल संपर्क शिखर सम्‍मेलन में यह बात कही। एक रिपोर्ट
श्री सिन्‍हा ने यह भी कहा कि दक्षिण-पूर्व एशियाई क्षेत्र में डिजीटल संपर्क व्‍यवस्‍था कायम करने और वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए भारत कम कीमत वाले दूरसंचार उत्‍पादों के निर्माण  और सेवाओं के अपने अनुभव में हिस्‍सा बटाने को तैयार है। उन्‍होंने कहा कि पिछले दशक में दूरसंचार क्षेत्र में देश ने बहुत प्रगति की है और केन्‍द्र का लक्ष्‍य है कि भारत में हर व्‍यक्ति डिजीटल व्‍यवस्‍था से जुड़ जाये। दो दिन के सम्‍मेलन में आसियान और भारत के बीच संवाद में हिस्‍सेदारी की 25वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। शिखर सम्‍मेलन उद्देश्‍य भारत के छोटे और मझौले उद्योगों के लिए आसियान देशों में बाजार तलाशना है। समाचार कक्ष से मैं निखिल कुमार।
------------------------------------------------------
उपराष्‍ट्रपति हामिद अंसारी ने महिलाओं और बच्‍चों सहित निर्दोष लोगों की याद में रवांडा में बनाये गए किगाली स्‍मारक पर पुष्‍प अर्पित किये। श्री अंसारी आज सीनेट के अध्‍यक्ष बर्नाड मकूज़ा और रवांडा के राष्‍ट्रपति पॉल कगामे से मिलेंगे। और ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से। 
किगाली नरसंहार स्‍मारक रवांडा में 1994 में हुए तुत्‍सी समुदाय के ढ़ाई लाख से ज्‍यादा असहाय लोगों के नरसंहार का प्रतीक है। यह स्‍मारक 2004 में आम लोगों के लिए खोला गया था। किगाली नरसंहार स्‍मारक तीन अस्‍थायी प्रदर्शनियों में वि भाजित है। इनमें सबसे बड़ी और मुख्‍य प्रदर्शनी में 1994 के नरसंहार दस्‍तावेजों को प्रदर्शित किया गया है। यहां बच्‍चों का एक स्‍मारक और दुनियाभर अब तक हुए नरसंहारों के इतिहास पर एक प्रदर्शनी भी है। शिक्षा केंद्र, उद्यान और नरसंहार संग्रहालय के कारण यह स्‍थल न केवल मारे गए लोगों के प्रति सच्‍ची श्रद्धांजलि है। बल्कि आगुंतकों के लिए एक सार्थक , शैक्षणिक केंद्र भी है। इस स्‍मारक में बच्‍चों वाला भाग तुत्‍सी समुदाय के खिलाफ नरंसहार में मारे गए बच्‍चों की स्‍मृति को समर्पित है। यह खंड दिखाता है कि कैसे एक तुत्‍सी के सपनों को नरसंहार ने बर्बाद कर दिया। किगाली से आकाशवाणी समाचार के लिए मैं संजीव शर्मा।
------------------------------------------------------
उच्‍चतम न्‍यायालय ने प्रमुख रियल स्‍टेट कंपनी यूनीटैक से कहा है कि 39 फ्लैट खरीददारों के जमा किये गए 16 करोड़ 55 लाख रूपये की मूल राशि पर वह 14 प्रतिशत ब्‍याज जमा करे। यह ब्‍याज पहली जनवरी 2010 से लगाया जायेगा। यूनीटैक को यह निर्देश भी दिया गया है कि आठ सप्‍ताह में ब्‍याज की राशि जमा कर दी जाये। उच्‍चतम न्‍यायालय की रजिस्‍ट्री से यह भी कहा है कि वह 39 फ्लैट खरीददारों को उनकी 90 प्रतिशत रकम लौटाये।
नोएडा और गुडगांव में यूनीटैक की आवास परियोजनाओं के अंतर्गत मकान खरीददारों ने राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता विवाद  आयोग से संपर्क किया था क्‍योंकि इससे पहले यह कंपनी निर्धारित अवधि के भीतर उन्‍हें फ्लैटों का कब्‍जा देने में विफल रही थी।
------------------------------------------------------
उच्‍चतम न्‍यायालय ने नदियों में कूड़ा फैंकने से संबंधित एक जनहित याचिका पर जवाब दाखिल नहीं करने को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार की खिंचाई की है। प्रधान न्‍यायाधीश जे एस खेहर की अध्‍यक्षता वाली पीठ ने राज्‍य के पर्यावरण सचिव को 22 फरवरी को व्‍यक्तिगत रूप से न्‍यायालय में हाजिर होने का आदेश दिया है।
------------------------------------------------------
आगामी इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट के लिए आज बैंगलूरू में लगभग साढ़े तीन सौ खिलाडि़यों की नीलामी चल रही है। नीलामी के पहले दौर में इंग्‍लैंड के ऑल राउंडर खिलाड़ी बेन स्‍टोक्‍स की साढ़े 14 करोड़ रूपये की बोली लगी और वे राइजिंग पुणे सुपरजाइन्‍ट्स के लिए खेलेंगे।
बैंगलूरू की टीम रॉयल चैलेंजर्स ने बायें हाथ के स्पिन बॉलर पवन नेगी को एक करोड़ रूपये में खरीदा जबकि उनका आधार मूल्‍य 30 लाख रूपये से शुरू हुआ था। न्‍यूज़ीलैंड के हरफनमौला खिलाड़ी कोरे एंडरसन को डेलही डेयरडेविल्‍स ने एक करोड़ रूपये के आधार मूल्‍य की बोली लगाकर हासिल किया।
उधर, मुंबई इंडियंस ने दो करोड़ रूपये में स्पिनर कृष्‍णप्‍पा गौतम को खरीदा जो उनके 10 लाख रूपये के आधार मूल्‍य से 20 गुना अधिक है। 
दूसरी ओर, एक पूर्व भारतीय ऑल राउंडर इरफान पठान की नीलामी नहीं हो सकी। उनका आधार मूल्‍य 50 लाख रूपये था। मोहम्‍मद नबी आई पी एल में खेलने वाले पहले अफगान खिलाड़ी बने हैं। वे सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेंलेगे।
भारतीय तेज गेंदबाज वरूण एरॉन को किंग्‍स इलेवन पंजाब ने दो करोड़ 80 लाख रूपये में खरीदा। आई.पी.एल. श्रृखंला पांच अप्रैल से शुरू होकर 21 मई तक जारी रहेगी।
------------------------------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्‍थापना दिवस पर इन राज्‍यों की जनता को बधाई दी है। कई ट्वीट में श्री मोदी ने उम्‍मीद जताई  कि अरुणाचल प्रदेश भविष्‍य में विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा। प्रधानमंत्री ने मिजोरम की जनता को आने वाले वर्षों में राज्‍य की अपार प्रगति के लिये शुभकामनाएं दी। 
------------------------------------------------------
रिजर्व बैंक ने बचत बैंक खातों से नकदी निकासी की सीमा आज से 24 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी है। रिजर्व बैंक ने कहा है कि बचत बैंक खातों से नकदी निकासी की सभी सीमाएं 13 मार्च से समाप्‍त हो जाएंगी। 
------------------------------------------------------
बम्‍बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज शुरूआती कारोबार में 40 अंक की गिरावट के साथ 28 हजार 429 पर खुला। लेकिन बाद में इसमें वृद्धि होने लगी अब से कुछ देर पहले ये 128 अंक बढ़कर 28 हजार 597 पर था। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 41 अंक की वृद्धि के साथ आठ हजार --862 पर पहुंच गया।
अन्‍तर बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में शुरूआती कारेाबार में रूपया चार पैसे कमजोर हुआ। बाद में इसमे सुधार आया और यह पांच पैसे मजबूत हो गया। एक डॉलर 66 रूपये 96 पैसे का बोला गया।
------------------------------------------------------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है : ईंधन संरक्षण में जन-भागीदारी।
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर आज रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा। श्रोता टोल फ्री नंबर 1 8 0 0-1 1-5 7 6 7 पर स्‍टूडियो में मौजूद विशेषज्ञों से सवाल पूछ सकते हैं। नम्बर एक बार फिर सुन लें 1 8 0 0 -1 1- 5 7 6 7 आप हमारे स्‍टूडियो में 011-2331-4444 पर भी कॉल कर सकते हैं ।
आप हमारे ट्वीटर हैंडल @airnews alerts पर भी #tag आस्क एआईआर का इस्तेमाल कर अपने सवाल पोस्‍ट कर सकते हैं। यह कार्यक्रम दूरदर्शन की डीटीएच -डीडी डायरेक्‍ट प्‍लस पर भी उपलब्‍ध रहेगा।
------------------------------------------------------
मध्‍यप्रदेश में विश्‍वविख्‍यात खजुराहो नृत्‍य समारोह आज शाम शुरू हो रहा है। सात दिन के इस आयोजन के दौरान भारत के  शास्त्रीय नृत्‍यों के प्रसिद्ध कलाकार भाग लेंगे।
------------------------------------------------------
दिल्‍ली में आज सुबह मौसम गर्म रहा। न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से पांच डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार न्‍यूनतम तापमान 16 दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रहा।
------------------------------------------------------

पंचों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय ओढ़ां के सभागार में नवनिर्वाचित पंचों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी से आये प्रशिक्षकों सतीश कौशिक और बहादुर सिंह ने खंड के चार गांवों चोरमार, ओढ़ां, पन्नीवाला मोटा और जलालआना के पंचों को पंचायतीराज की जानकारी दी। उन्होंने पंचों को हरियाणा पंचायती राज अधिनियम की विशेषताओं, ई-पंचायत, ग्रामसभा व ग्राम पंचायत की बैठकों की जानकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, ग्राम फंड व ग्राम पंचायत की शक्तियों आदि के बारे में बताया। इसके अतिरिक्त उन्होंने पंचों के कर्तव्यों, जिम्मेवारी और ग्रामीण विकास को गति प्रदान करने हेतु उनकी भागीदारी के बारे में बताया ताकि गांवों को सतत् विकास की ओर अग्रसर किया जा सके तथा ग्रामीण भारत शांति व समृद्धि प्राप्त कर नये भारत का निर्माण कर सके। इस मौके पर ग्राम सचिव जगबीर सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे।

भक्तों की भक्ति को पुष्टता प्रदान करती है भागवत : नित्यानंद गिरी

ओढ़ां के राधाकृष्ण मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह

ओढ़ां
ओढ़ां स्थित श्री श्री 108 बाबा संतोखदास गोशाला के प्रांगण में स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के दौरान ऋषिकेश से आमंत्रित कथा व्यास स्वामी नित्यानंद गिरी ने कथा महात्म्य के अंतर्गत बताया कि भक्ति महारानी अपने पुत्रों ज्ञान और वैराग्य के साथ पुष्ट होती है। भागवत भक्तों की भक्ति को पुष्टता प्रदान करती है जिससे ज्ञान और वैराग्य पुष्ट होते हैं अत: बिना ज्ञान और वैराग्य के भक्ति को बांझ कहा गया है।

उन्होंने बताया कि भागवत सप्ताह श्रवण से धुंधुकारी जैसा प्रेत भी सद्गति को प्राप्त हुआ अत: पापी से पापी व दुराचारी व्यक्ति भी भगवान की शरणागति एवं भागवत श्रवण से पापमुक्त हो सद्गति को प्राप्त होता है। भक्ति के बिना ज्ञान रूपी फल की प्राप्ति संभव नहीं तथा ज्ञान का फल वैराग्य है जिसका अर्थ परिवार को छोडऩा नहीं है बल्कि परिवार रूपी कमल को खिलाना है। आत्मज्ञान प्राप्त करने का सबसे सहज मार्ग गीता है। जब हम आत्मदर्शन का प्रयास करेंगे तो परमात्मा का दर्शन होगा और जिसने आत्मा का दर्शन किया उसे परमात्मा का भी दर्शन हुआ है परंतु मन पर नियंत्रण के बिना यह संभव नहीं है जैसे आप क्रोध नहीं करना चाहते लेकिन फिर भी हो जाता है तथा बाद में अफसोस भी होता है। उन्होंने कहा कि कलियुग में सत्संग दुर्लभ है क्योंकि पाखंड की अधिकता है। तुलसीदास जी संत और असंत की तुलना हंस और बगुले से करते हुये कहा है कि संत वह है जो जीव मात्र का संबंध भगवान से करवाये लेकिन जो जीव का संबंध मात्र अपने जोड़कर अपनी पूजा करवाये अथवा छायाचित्र पुजवाये वह असंत है। कथा के दौरान उन्होंने भजनों.. नटवर नागर नंदा, भजो रे मन गोबिंदा और गोबिंद मेरो है गोपाल मेरो है आदि से गोशाला के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर श्री हनुमत सेवा समिति के प्रधान जोतराम शर्मा, गोशाला समिति सदस्य, विजय गोयल, राजू सोनी, महावीर प्रसाद, रमेश कुमार, मनीराम, रामकुमार और अशोक कुमार सहित अनेक महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।