Loading

25 July 2017

समाचार

  • श्री रामनाथ कोविंद भारत के 14वें राष्‍ट्रपति बने । प्रधान न्‍यायाधीश जे एस खेहर ने संसद के केन्‍द्रीय कक्ष में भव्‍य समारोह में उन्‍हें पद की शपथ दिलाई।
  • राष्‍ट्रपति ने कहा कि राष्‍ट्र निर्माण केवल सरकारों से ही नहीं होता बल्कि इसमें समाज की उद्यमशीलता और रचनात्‍मकता का योगदान होता है ।
  • राष्‍ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर तक स्‍थगित।
  • रक्षामंत्री अरूण जेटली ने राज्‍यसभा में आश्‍वासन दिया-देश ने रक्षा से संबंधित सामान की खरीद के क्षेत्र में पर्याप्‍त प्रगति की है। सेना के पास पर्याप्‍त साजो-सामान है।
  • जाने- माने वैज्ञानिक और शिक्षाविद प्रोफेसर यशपाल का निधन।
  • प्रधानमंत्री का आज गुजरात में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण।
--------------
श्री रामनाथ कोविंद ने भारत के 14वें राष्‍ट्रपति का पदभार संभाल लिया है। उन्‍हें आज संसद के केन्‍द्रीय कक्ष में आयोजित भव्‍य समारोह में प्रधान न्‍यायाधीश जे एस खेहर ने पद की शपथ दिलाई। उन्‍हें 21 तोपों की सलामी दी गई। श्री कोविंद, श्री के आर नारायण के बाद दूसरे दलित राष्‍ट्रपति बने हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में निवर्तमान राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्‍ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी तथा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, पूर्व प्रधानमंत्री-मनमोहन सिंह तथा एच डी देवगौडा, वरिष्‍ठ भाजपा नेता लाल कृष्‍ण आडवाणी, भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी तथा अन्‍य दलों के नेता, सांसद और समाज के विभिन्‍न वर्गों से गणमान्‍य व्‍यक्ति उपस्थित थे।
राष्‍ट्रपति श्री कोविंद ने शपथ ग्रहण  के बाद अपने संबोधन में कहा कि21वीं सदी का भारत प्राचीन मूल्‍यों का पालन करते हुए चौथी औद्योगिक क्रांति प्रोत्‍साहित करेगा । उन्‍होंने कहा कि भारत को परम्‍पराओं तथा प्रोद्योगिकी और प्राचीन भारत तथा आधुनिक भारत के वैज्ञानिक ज्ञान के साथ आगे बढ़ना होगा।
21वीं सदी का भारत ऐसा भारत होगा जो हमारे पुरातन मूल्‍यों के अनुरूप होने के साथ ही चौथी औद्योगिक क्रांति को भी विस्‍तार देगा। इसमें न कोई विरोधाभास है और न ही किसी तरह के विकल्‍प का प्रश्‍न उठता है, हमें अपनी परंपरा और प्रौद्योगिकी, प्राचीन भारत विज्ञान और समकालीन भारत के विज्ञान का साथ लेकर चलना है। 
राष्‍ट्रपति ने कहा कि राष्‍ट्रों का निर्माण केवल सरकारों से नहीं होता बल्कि उसमें समाज की उद्यमशीलता और उसकी रचनात्‍मक प्रवृत्ति का भी योगदान होता है और देश का हर नागरिक राष्‍ट्र निर्माता है। उन्‍होंने कहा कि भारत का आर्थिक शक्ति और नैतिकता का आदर्श उदाहरण के रूप में करने  की आवश्‍यकता है।
राष्‍ट्र निर्माण अकेले सरकारों द्वारा नहीं किया जाता, सरकार सहायक हो सकती है, वो समाज के उद्यमी और रचनात्‍मक प्रवृतियों को दिशा दिखा सकती है, प्रेरक बन सकती है। राष्‍ट्र निर्माण का आधार है राष्‍ट्रीय गौरव। हमें गर्व है भारत की मिट्टी और पानी पर। हमें गर्व है भारत की विविधता, सर्वधर्म सम्‍भाव और समावेशी  विचारधारा पर, हमें गर्व है भारत की संस्‍कृति, परंपरा  एवं अध्‍यात्‍म पर। हमें गर्व है देश के प्रत्‍येक नागरिक पर। हमें गर्व है अपने कर्तव्‍यों के निर्वहन पर।
श्री कोविंद ने कहा कि देश की सफलता उसकी विवधिता में है और यह उसे अनूठा बनाती है। उन्‍होंने कहा कि भारत में विभिन्‍न राज्‍य, क्षेत्र, धर्म, भाषाएं, संस्‍कृति, जीवनशैली बहुत कुछ है। उन्‍होंने कहा कि आज दुनिया में भारत की आवाज सुनी जाती है। पूरी दुनिया आतंकवाद , मनी लांड्रिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी अंतर्राष्‍ट्रीय समस्‍याओं के समाधान के लिए भारत की ओर देख रही है। उन्‍होंने कहा कि अब जब पूरा विश्‍व एक हो रहा है तो भारत की जिम्‍मेदारियां भी वैश्विक हो गई हैं।
विश्‍व समुदाय अंतर्राष्‍ट्रीय समस्‍यों के समाधान के लिए हमारी तरफ देख रहा है। चाहे आतंकवाद हो, कालेधन का लेनदेन हो, या फिर जलवायु परिवर्तन हो। वैश्विक परिदृश्‍य में हमारी जिम्‍मेदारियां भी वैश्विक हो गई हैं। यही भाव हमें, हमारे वैश्विक परिवार से विदेश में रहने वाले मित्रों और सहयोगियों से दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में रहकर अपना योगदान दे रहे प्रवासी भारतीयों से जोड़ता है।
राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत ने एक राष्‍ट्र के रूप में बहुत कुछ हासिल किया है लेकिन अभी और पाने के लिए तथा बेहतर करने के लिए तेजी से बिना रूके आगे बढने की जरूरत है। उन्‍होंने कहा कि इस बात का हमें लगातार ध्‍यान रखना होगा कि हमारे प्रयास से समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े उस व्‍यक्ति के लिए और गरीब परिवार की उस आखिरी बेटी के लिए भी नई संभावनाओं और नये अवसरों के दरवाजे खुलें।        
हमें इस बात का लगातार ध्‍यान रखना होगा कि हमारे प्रयास से समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े उस व्‍यक्ति के लिए और गरीब परिवार की उस आखिरी बेटी के लिए भी नई संभावनाएं और नये अवसरों के द्वार खुले। हमारे प्रयत्‍न आखिरी गांव के आखिरी घर तक पहुंचने चाहिए, इसमें न्‍याय प्रणाली के हर स्‍तर पर  तेजी के साथ कम खर्च पर न्‍याय दिलाने वाली व्‍यवस्‍था को भी शामिल किया जाना चाहिए।
श्री कोविंद ने कहा कि तेजी से विकसित होने वाली एक मजबूत अर्थव्‍यवस्‍था और समान अवसर देने वाले शिक्षित समाज का निर्माण करना होगा।
इससे पहले श्री कोविंद, निवर्तमान राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी के साथ राष्‍ट्रपति भवन से परम्‍परागत विधि विधान के साथ संसद के केन्‍द्रीय हॉल पहुंचे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले वे राजघाट गए और राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री कोविंद का जन्‍म एक अक्‍तूबर 1945 को उत्‍तर प्रदेश के कानपुर देहात‍ जिले के पारौख गांव में हुआ। उन्‍होंने कानपुर कॉलेज से कानून में स्‍नातक डिग्री हासिल की। श्री कोविंद ने सिविल सेवा की परीक्षा पास की लेकिन  अलाइड सर्विस  में चुने जाने के कारण नौकरी का इरादा छोड़कर वकालत करने लगे। वे 1991 में भाजपा में शामिल हो गए। श्री कोविंद1998 से 2002 तक पार्टी के दलित मोर्चा के अध्‍यक्ष रहे। वे 1994 से2006 तक राज्‍यसभा के सदस्‍य रहे।
--------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री रामनाथ कोविंद को राष्‍ट्रपति पद की शपथग्रहण करने पर बधाई दी है। एक ट्वीट संदेश में श्री मोदी ने कहा कि राष्‍ट्रपति कोविंद का संबोधन बड़ा प्रेरणादायक था। उन्‍होंने भारत की शक्ति, लोकतंत्र और विवधिता के सार को बड़े सुन्‍दर ढंग से प्रस्‍तुत किया।
---------------
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही राष्‍ट्रपति शपथ ग्रहण समारोह के कारण दोपहर तक स्‍थगित कर दी गई है। लोकसभा की कार्यवाही  तीन बजे तक और राज्‍यसभा की दो बजे तक स्‍थगित की गई। लोकसभा की कार्यवाही आज सवेरे शुरू होते ही कांग्रेस सदस्‍य, भीड़ द्वारा पीट पीटकर मारे जाने की घटनाओं पर चर्चा की मांग करते हुए प्रश्‍नकाल स्‍थगित करने की मांग करने लगे। सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने स्‍थगन प्रस्‍ताव पेश किया। उन्‍होंने इसे पढ़ने की कोशिश की लेकिन अध्‍यक्ष ने इसकी अनुमति नहीं दी।
--------------
राज्‍यसभा में सदन के नेता और रक्षामंत्री अरूण जेटली ने  आश्‍वासन दिया है कि देश ने रक्षा से संबंधित सामान की खरीद और रक्षा तैयारियों के क्षेत्र में पर्याप्‍त प्रगति की है। ऐसा प्रक्रिया को और सरल बनाने तथा अधिकारों के केन्‍द्रीकरण से संभव हुआ है। उन्‍होंने राज्‍यसभा में कहा कि सशस्‍त्र सेनाएं पर्याप्‍त रूप से और कुशलता के साथ साज-सामान से लैस हैं। श्री जेटली ने समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव के एक प्रश्‍न के उत्‍तर में यह जानकारी दी। श्री यादव ने नियंत्रक और महालेखाकार-सीएजी की रिपोर्ट का जिक्र किया, जिसमें कहा गया है कि देश में अस्‍त्र-शस्‍त्र और गोलाबारूद का केवल दस दिनों तक का भण्‍डार है। रक्षामंत्री ने कहा कि 2013 की सीएजी की रिपोर्ट का संबंध एक खास समय से है।
-------------
लोकसभा से कांग्रेस के छह सदस्‍यों को पांच दिन के लिए निलंबित किये जाने के खिलाफ  विपक्षी नेताओं ने संसद भवन परिसर में महात्‍मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी उनके साथ थे और इन नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्‍होंने देश के विभिन्‍न भागों में भीड़ की हिंसक कार्रवाइयों के सिलसिले में सरकार की आलोचना की। जनता दल युनाइटेड के शरद यादव, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, राष्‍ट्रीय जनता दल के जयप्रकाश नारायण यादव, तृणमूल कांग्रेस के कल्‍याण बनर्जी और अन्‍य नेता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
-------------
ये समाचार आप आकाशवाणी से सुन रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारी वेबसाइट newsonair.nic.in पर लॉग कर सकते हैं।  
Gong
-------------
जाने- माने वैज्ञानिक और शिक्षाविद प्रोफेसर यशपाल का कल रात उत्‍तरप्रदेश में नोएडा में उनके आवास पर निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका दाह संस्‍कार आज तीसरे पहर नई दिल्‍ली के लोधी रोड़ शवदाहग़ृह पर किया जायेगा। 
                 
प्रोफेसर यशपाल को विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में योगदान के लिए जाना जाता है। विज्ञान से जुड़ी मुश्किल बातों को आसान भाषा और सहज तरीके से समझाने के चलते व विज्ञान के छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय थे। वे दूरदर्शन पर टर्निंग प्‍वाइ्ंट नाम के  विज्ञान से संबंधित कार्यक्रम में आते थे और बच्‍चों को विज्ञान के बारे में बताते थे। प्रोफेसर यशपाल को कॉस्मिक किरणों पर रिसर्च के लिए भी जाना जाता है। वे 1986 से 1991 तक विश्‍वविद्यालय अनुदान  आयोग के अध्‍यक्ष के अलावा  जवाहरलाल नेहरू विश्‍वविद्यालय में कुलाधिपति रहे। देश के बड़े वैज्ञानिकों में शुमार प्रोफेसर यशपाल को भारत सरकार द्वारा  1976 में पदमभूषण और2013 में पदम विभूषण से अलंकृत  किया गया था

प्रधानमंत्री ने प्रोफेसर यशपाल के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। श्री नरेन्‍द्र मोदी ने  ट्वीट कर कहा है कि प्रोफेसर यशपाल के निधन से देश ने एक  प्रतिभाशाली वैज्ञानिक और शिक्षाविद खो दिया है।
-------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि स्‍वाधीनता के बाद से भारत नई ऊचांइयों पर पहुंचा है और यह निश्‍चित है कि 2022 तक वह एक शक्तिशाली देश के रूप में उभरेगा। श्री मोदी ने आज नई दिल्‍ली में भारतीय जनता पार्टी के संसदीय दल की बैठक में कहा है कि वे विकास के लाभ अंतिम व्‍यक्ति तक पहुंचाने का संकल्‍प लें।
संवाददाताओं से बातचीत में संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्‍वाधीनता के 70 वर्षों की भी चर्चा की और कहा कि इस अवसर पर 9 अगस्‍त से एक सप्‍ताह का समारोह होगा। श्री अनंत कुमार के अनुसार श्री मोदी ने यह भी कहा कि 15 अगस्‍त से 30 अगस्‍त तक राष्‍ट्रव्‍यापी संकल्‍प यात्रा आयोजित की जाएगी।
---------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि उत्तरी गुजरात के बनासकांठा और पाटन जिलों में भारी वर्षा से बाढ़ आ गई है। राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और बाढ़ राहत कार्यों के लिए सेना, वायुसेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को बुलाया गया है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में स्थिति की समीक्षा की थी। श्री रूपाणी ने कहा कि पड़ोसी राज्य राजस्थान में भारी वर्षा से राज्य की नदियों और बांधों का जल स्तर बढ़ने से ये समस्या उत्पन्न हुई है। श्री रूपाणी ने कहा कि दांतीवाड़ा और सीपु बांधों में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।
--------------
राजस्थान में जालौर, पाली, सिरोही, जोधपुर और बाड़मेर  सहित कई जिलो में भारी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। वर्षा से जुड़ी घटनाओं में कल चार लोगों की मृत्यु हो गई।  जालौर और सिरोही में दो हजार से अधिक लोगों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया। भारी वर्षा से बाड़मेर और पड़ोसी गुजरात के बीच सड़क संपर्क टूट गया है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बाढ़ प्रभावित जिलों के प्रभारी मंत्रियों और अधिकारियों को बाढ़ग्रस्त इलाकों में जाकर तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। रेल मार्गों पर पानी भर जाने के कारण उत्तर-पश्चिम रेलवे ने तीन रेलगाड़ियां रद्द कर दी हैं और पांच के मार्ग बदले गए हैं। भारी वर्षा की चेतावनी के बाद आज जोधपुर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
--------------
असम में हाल में आई बाढ़ की स्थिति और भूमि कटाव से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए गृह मंत्रालय के संयुक्‍त सचिव वी शशांक शेखर के नेतृत्‍व में एक अंतर मंत्रालय केन्‍द्रीय दल आज गुवाहाटी गया है। यह दल शुक्रवार तक वहां रहेगा। राज्‍य के मुख्‍य सचिव वी के पेपरसेनिया ने बताया कि बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए आज यह दल उनके साथ बैठक करेगा।
-------------
मुंबई में घाटकोपर इलाके में आज सवेरे चालीस साल पुरानी एक चार मंजिला इमारत ढह गई। मलबे में 60 लोगों के दबे होने की आशंका है। चार लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है। एक रिपोर्ट--
बृहन् मुम्‍बई महानगर पालिका फायर ब्रिगेड विभाग के प्रमुख पी एस राहंगडाले ने बताया कि बचाव दल, फायर ब्रिगेड जवान और बीएमसी के अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी घटनास्‍थल पहुंच चुके हैं और बचाव कार्य युद्धगति पर चालू है। सभी आवश्‍यक एजेंसियों के साथ एम्‍बुलेंस और दमकल घटनास्‍थल पर पहुंच गए थे। सभी घायलों को राजावाडी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। आज सुबह, साईदर्शन नाम बिल्डिंग से थोड़ा धुआं उठता दिखाई दिया और उसके तुरंत बाद की पूरी बिल्डिंग ढह गयी। इस इमारत के तीन मंजिलों पर करीब 20 परिवार रहते थे। सोनाली घडि़यालपाटिल, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
------------
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने आज शुरूआती कारोबार में दस हजार के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर लिया।अब से कुछ देर पहले यह 9 हजार 967 पर था।  बंबई शेयर बाजार का सूचकांक 32 हजार 262 पर आ गया।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे कमजोर हुआ। एक डॉलर 64 रुपये 39 पैसे का बोला गया।
------------------
काठमांडू में एशियाई युवा और जूनियर भारोत्तोलन प्रतियोगिता के पहले दिन थाइलैंड के तीरपत चौमचेन ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है। 16 वर्षीय तीरपत ने 50 किलोग्राम भारवर्ग में क्लीन और जर्क श्रेणी में एक सौ 27 किलोग्राम भार उठाकर यह रिकॉर्ड बनाया। भारत की कोनसाम उर्मिला देवी ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
-----------

खरगोश को मारकर मीट बनाने वाले काबू

ओढ़ां
गांव टप्पी में रात के समय पशुओं की रखवाली करने वाले दो व्यक्तियों द्वारा दो खरगोशों की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। उक्त व्यक्तियों द्वारा खरगोशों को मारकर मीट बनाने की भनक लगने पर जीव जंतु वन्य विभाग लीलूराम उप निरीक्षक व देवेंद्र कुमार उप निरीक्षक टीम लेकर मौके पर पहुंचे तो बारू पुत्र ज्ञानी बावरिया ओर कुकी पुत्र प्रभाती दोनों निवासी गांव भानी जिला फतेहाबाद हाल टप्पी फरार हो गए।
मीट, खरगोश के अंगों तथा उन्हें काटने के औजारों को वन्य विभाग ने ग्राम पंचायत की मौजूदगी में कब्जे में लेकर वैटनरी सर्जन डॉ. धर्मवीर पोटलिया से मीट का निरीक्षण करवाकर मीट और खरगोश के अंगों को सरपंच व वेटनरी सर्जन के सामने दफना दिया गया। फरार हुए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम 1972 की धारा 39 व 9 के तहत मामला दर्ज कर तत्परता दिखाते हुए रेड मारकर दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। उन्हें सिरसा कार्यालय भेजा गया है जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जुर्माना न भरने की दशा में 3 से 7 वर्ष तक सजा का प्रावधान है।
इस संबंध में गांव के सरपंच धमेंद्रपाल शर्मा से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि उक्त आरोपी गांव में दो वर्ष से पशुओं की रखवाली के लिए पशु अस्पताल में रह रहे हैं। उन्होंने जो काम किया है वो निंदनीय है और अब इनको गांव में नहीं रहने दिया जाएगा।

सवा लाख महामृत्युंजय जाप व महायज्ञ में डाली 2501 आहुतियां

स्वाहा का निर्धारित अर्थ सही रीति से पहुंचाना होता है : दीपक भृगुवंशी
ओढ़ां
गोशाला रोड पर स्थित इच्छापूर्ण भगवान शनिदेव मंदिर ओढ़ां में अखिल विश्व कल्याण एवं रोग शांति हेतु श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री रूद्राभिषेक सवा लाख महामृत्युंजय जाप व महायज्ञ में नौवें दिन पंडित दीपक भृगुवंशी की देखरेख में अन्य ब्राह्मणों ने जजमानों के हाथों मंत्रोच्चार के मध्य विधिवत पूजा अर्चना के साथ पूजन करवाते हुए 2501 आहुतियां पूर्णाहुति से पूर्व डालवाई।
इस अवसर पर उपस्थित अमित झूंझ, वीरपाल कौर, सीताराम थोरी, सरजो थोरी, चरणजीत सिंधू, गगन खुरल, रमनदीप सिमरा और बेलिया गोदारा सहित सभी श्रद्धालुओं को हवन यज्ञ के बारे में जानकारी देते हुए पंडित दीपक भृगुवंशी ने बताया कि हवन यज्ञ के दौरान मंत्र पाठ करते हुए स्वाहा का उच्चारण कर निर्धारित हवन सामग्री का भोग अग्नि के माध्यम से देवताओं को पहुंचाया जाता है और स्वाहा का निर्धारित अर्थ सही रीति से पहुंचाना होता है। कोई भी यज्ञ तब तक सफल नहीं माना जा सकता है जब तक कि हविष्य का ग्रहण देवता न कर लें। किंतु देवता ऐसा ग्रहण तभी कर सकते हैं जबकि अग्नि के द्वारा स्वाहा के माध्यम से अर्पण किया जाए। यहां अग्नि और स्वाहा संबंधी पौराणिक आख्यान भी बेहद रोचक हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार स्वाहा दक्ष प्रजापति की पुत्री और अग्निदेव की पत्नी थी तथा रोचक तथ्य है कि अग्निदेव अपनी पत्नी स्वाहा के माध्यम से ही हविष्य ग्रहण करके प्रसन्न होते हैं। इससे पूर्व शुभारंभ पर श्री गणेश गौरी पूजन तथा अंत में सामुहिक आरती एवं यज्ञ भस्म प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।

प्रभजोत कौर बनी मिस तीज

माता हरकी देवी कॉलेज ओढ़ां में तीज पर रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित
ओढ़ां
माता हरकी देवी कॉलेज ओढ़ां में हरियाली तीज महोत्सव उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर अन्तर्राष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी मनदीप जांगड़ा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुये तथा समारोह की अध्यक्षता सचिव मंदर सिंह और कोषाध्यक्ष रामकुमार नैन ने की।




इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. शमीम शर्मा ने कहा कि आस्था, उमंग और प्रकृति प्रेम के इस पर्व पर युवतियां सबसे ज्यादा आनंदित होती हैं। क्योंकि कुदरत और युवतियां दोनों ही श्रृंगार प्रेमी हैं और सावन का महीना प्राकृतिक छटाओं से ओतप्रोत है। झूले के महत्व को रेखांकित करते हुये शमीम शर्मा ने कहा कि झूले हमें जीवन के उतार-चढ़ावों से रूबरू करवाते हैं। वर्षा की बौछारें धरती को नव रूप प्रदान करती हैं। वैसे ही संबंधों में प्रेम तथा आस्था की बरसात रिश्तों को प्रगाढ़ करती है। इस अवसर पर मुख्यातिथि मनदीप जांगड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहरों में भले ही तीज की छटा कुछ कम हुई है पर ग्राम्यांचल में तीज अति मनमोहक त्योहार है जिसमें हर छात्रा शिरकत करती है। उन्होंने कहा कि पारंपरकि ढंग से त्योहार मनाकर ही अपनी संस्कृति और परम्पराओं को अक्षुण्ण रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मैं माता हरकी देवी कॉलेज में सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण स्वयं दूंगा। 
तीज महोत्वस पर कॉलेज में 'मिष्ठान बनाओÓ तथा 'सेवियां बनाओÓ के रोचक मुकाबले हुये जिसमें छात्राओं ने कई प्रकार के हलवे, बर्फी, गुजिया और खीर पूड़े बनाये तथा हाथ से बेहद महीन ढंग की सेवियां बंटकर सबको चकित कर दिया। इसके अलावा केश सज्जा व 'नेल आर्टÓ कम्पीटीशन में भी छात्राओं ने रुचिपूर्वक हिस्सा लिया। मेहंदी लगाओÓ प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा भागीदारी रही। हथेलियों पर बेल बूटे, मोर-पपीहे से लेकर झूला झूलती नार तक छात्राओं ने उकेरी और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस अवसर पर 'मिस तीजÓ का कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें लगभग 50 छात्राओं ने हिस्सा लिया जो हरे रंग के परम्परागत परिधानों में सजधज कर मंच पर आईं और नृत्य एवं गायन से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आज तीज के दिन सुबह से दोपहर तक छात्राओं ने पींग का पूर्ण आनंद लिया और सावन के लोकगीत गाकर बादल बूंदों का अभिनन्दन किया तो लगा कि समूचा वातावरण ही श्रृंगार से अभिभूत हो उठा है।
अन्त में सभी प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया।  बीए द्वितीय वर्ष की प्रभजोत कौर 'मिस तीजÓ बनी। उसे मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया और इसी मुकाबले में दूसरे स्थान पर एमए फाइनल की सतबीर कौर रही तथा तृतीय स्थान बीए फाइनल हरप्रीत कौर ने हासिल किया। अन्य प्रतियोगिताओं में से गायन प्रतियोगिता में नीलम प्रथम, मनजिंद कौर द्वितीय और मानसी तृतीय, सेवइयां बनाओ प्रतियोगिता में अमनदीप कौर प्रथम, रमनदीप कौर द्वितीय और ललिता तृतीय, नेल आर्ट प्रतियोगिता में दीक्षिता प्रथम, राजवीर कौर द्वितीय, और पूनम तृतीय, मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता में वंदना प्रथम, सुमन द्वितीय और रवीना तृतीय, केश विन्यास प्रतियोगिता में दीक्षिता प्रथम, सुनीता द्वितीय और हरबंस कौर तृतीय, मिष्ठान प्रतियोगिता में गुरजीत कौर प्रथम, जसवीर कौर और प्रदीप कौर द्वितीय तथा सुनीता तृतीय स्थान पर रही। तीज कार्यक्रम का आयोजन एवं मंच संचालन डॉ. हरमीत कौर ने विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर बलविंद्र सिंह, कुलदीप कौर, डॉ. अभिलाशा शर्मा, मीनाक्षी जैन, रजनी मेहता, डॉ. मोनिका गिल समेत समूह स्टॉफ  सदस्य एवं छात्राएं मौजूद रहीं। 

समाचार

  • श्री रामनाथ कोविंद आज देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे।
  • निवर्तमान राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी का हिंसा मुक्‍त लोक-संवाद और वित्‍तीय रूप से समावेशी समाज बनाने का आहवान।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- चुनावी फायदे के लिए लोकलुभावन आर्थिक फैसलों से राष्‍ट्र को लाभ नहीं।
  • उच्‍चतम न्‍यायालय का भोपाल में सिमी के आठ कार्यकर्ताओं की कथित पुलिस मुठभेड़ में हत्‍या की अदालत की निगरानी में जांच कराने की याचिका पर केन्‍द्र, मध्‍य प्रदेश सरकार और सी बी आई को नोटिस।
  • इराक सरकार ने कहा- 39 लापता भारतीयों के बारे में कोई ठोस प्रमाण नहीं।
  • केन्‍द्रीय दल बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए आज से असम के दौरे पर।
  • भारत की कोनसाम देवी ने नेपाल में एशियाई युवा और जूनियर भारोत्‍तोलन प्रतियोगिता में स्‍वर्ण जीता।
-----------
श्री रामनाथ कोविंद आज भारत के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति जे एस खेहर संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित विशेष समारोह में श्री कोविंद को पद की शपथ दिलाएंगे।
समारोह से पहले श्री कोविंद का राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने राजघाट जाने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण से श्री कोविंद और श्री मुखर्जी एक भव्य काफिले में संसद भवन पहुंचेंगे, जहां उप-राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन दोनों की अगवानी करेंगे। नए राष्ट्रपति को शपथ दिलाए जाने के बाद 21 तोपों की सलामी दी जाएगी और फिर श्री कोविंद का संबोधन होगा। इसके बाद नए राष्ट्रपति और श्री प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति भवन की ओर प्रस्थान करेंगे, जहां निवर्तमान राष्ट्रपति नए राष्ट्रपति को उनके सरकारी निवास स्थल ले जाएंगे। गार्ड ऑफ ऑनर पेश किए जाने के बाद श्री मुखर्जी उनके नए आवास 10 राजाजी मार्ग के लिए प्रस्थान करेंगे। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली
-----------
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार श्री कोविंद को बृहस्पतिवार को देश का नया राष्ट्रपति चुना गया था। उन्होंने विपक्षी दलों की उम्मीदवार मीरा कुमार को बड़े अंतर से हराया था। श्री कोविंद का संक्षिप्त जीवन परिचय-
श्री रामनाथ कोविंद का जन्म पहली अक्तूबर, 1945 को उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के परौंख गांव में हुआ था।  श्री कोविंद ने कानपुर के एक कॉलेज से विधि में स्नातक किया था। वकालत शुरू करने से पहले श्री कोविंद ने लोकसेवा परीक्षा पास की, लेकिन नौकरी नहीं की। 1991 में श्री कोविंद भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। 1998 से 2002 के बीच वे  भारतीय जनता पार्टी, दलित मोर्चा के अध्यक्ष रहे। वे बिहार के 35वें राज्यपाल बनाए गए थे। 1994 से 2006 तक वे राज्यसभा सांसद भी रहे। समाचार कक्ष से अलका सिंह।
-----------
आाकाशवाणी से नव-निर्वाचित राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शपथग्रहण समारोह का ग्यारह बजकर 35 मिनट से राष्ट्रपति भवन से सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसे देखते हुए दिन के साढ़े 12 बजे से एक बजे तक के क्षेत्रीय भाषाओं के  बुलेटिनों के समय में परिवर्तन किया गया है।
-----------
उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों ने निवर्तमान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को उनके पांच साल के कार्यकाल की समाप्ति पर कल विदाई दी। प्रधान न्यायाधीश जे.एस. खेहर और अन्य न्यायाधीशों ने उच्चतम न्यायालय परिसर में श्री मुखर्जी के सम्मान में भोज आयोजित किया।
-----------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने हिंसा मुक्‍त लोक-संवाद और वित्‍तीय रूप से समावेशी समाज बनाने का आहवान किया है। कल अपने कार्यकाल के समापन के अवसर पर विदाई भाषण में श्री मुखर्जी ने कहा कि भारत की आत्‍मा बहुलतावाद और सहिष्‍णुता में निवास करती है।
The sole of India resides in pluralism and tolerance. India is not just a geographical entity, it carries a history of ideas, philosophy, intellect, industrial genius, craft, innovation and experience. Plurality of our society has come about through assimilation of ideas over centuries. The multiplicity in culture, faith and language is what makes India special.
-----------
राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए के उपराष्‍ट्रपति पद के उम्‍मीदवार एम वेंकैया नायडू ने भूमि के मामले में  गड़बड़ी के आरोपों का खंडन किया है। श्री नायडू ने कहा है कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश के आरोप पूरी तरह झूठे हैं। उन्‍होंने कहा कि उप राष्‍ट्रपति पद के चुनाव से कुछ दिन पहले इन मुद्दों को उठाया जाना ये साबित करता है कि ये राजनीति से प्रेरित और शरारत भरे हैं।
-----------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि चुनावी फायदे के लिए लोकलुभावन आर्थिक फैसलों से देश को और देश के एक अरब 25 करोड़ लोगों को लाभ नहीं होग। राजस्‍थान के भाजपा सांसदों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग ईमानदार सरकार चाहते हैं और वे सरकार की नीति में पूरा विश्‍वास रखते हैं। उन्‍होंने कहा कि लोगों ने नोटबंदी और वस्‍तु और सेवाकर - जीएसटी लागू किए जाने का भरपूर समर्थन किया है।
-----------
उच्चतम न्यायालय ने भोपाल में जेल तोड़कर भागे इस्लामिक स्टूडेंट मूवमेंट ऑफ इंडिया-सिमी के आठ कार्यकर्ताओं की कथित पुलिस मुठभेड़ में हत्या की जांच की मांग करने वाली याचिका पर केंद्र, मध्यप्रदेश सरकार और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो- सी.बी.आई. से जवाब मांगा है। याचिकाकर्ता ने इस मुठभेड़ की अदालत की निगरानी में विशेष जांच दल या सी.बी.आई. जैसे स्वतंत्र संगठन से जांच कराने की मांग की है।
-----------
भारत की यात्रा पर आए इराक के विदेश मंत्री इब्राहीम अल जाफरी ने कहा है कि उनका देश 2014 में इस्लामिक स्टेट आतंकवादी गुट द्वारा मोसल में बंधक बनाए गये 39 भारतीयों का पता लगाने की पूरी कोशिश करेगा। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में श्री अल जाफरी ने कहा इन भारतीयों के मारे जाने या उनके जीवित होने के बारे में उनके पास कोई ठोस प्रमाण नहीं है। 
-----------
गृहमंत्रालय के संयुक्‍त सचिव वी शशांक शेखर के नेतृत्‍व में केन्‍द्र का एक दल आज से 28 जुलाई तक असम के बाढ़ग्रस्‍त क्षेत्रों का दौरा करेगा और स्‍थति का जायजा लेगा।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानन्द सोनोवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से दिल्ली में की गई मुलाकात के एक सप्ताह के अंदर केन्द्रीय दल असम आ रहे हैं। इस दल में गृह मंत्रालय, सड़क परिवहन, जल संसाधन और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यह दल विश्वनाथ, लखीमपुर, माजुली, बरपेटा जैसे क्षेत्रों का दौरा करके बाढ़ और भू-कटाव की स्थिति का जायज़ा लेंगे। असम में लगभग 19 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित होने के अलावा बाढ़ के कारण 70 से अधिक लोगों की मौत हुई है। मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
-----------
झारखंड में भारी वर्षा के बाद पूर्वी सिंहभूम प्रशासन ने जल जमाव वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सतर्क कर दिया है। पिछले 48 घंटों में हुई भारी वर्षा से जमशेदपुर के विभिन्न हिस्सों में पानी भर गया है।
-----------
पंजाब में आलू की खेती करने वाले किसानों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिन्‍दर सिंह ने राज्‍य की  सहकारी मंडी संघ मार्कफेड से कहा है कि वह स्‍कूलों के दोपहर के भोजन के लिए तुरंत 300 टन आलू की खरीद करे। राज्‍यभर में किसान आलू के कम दामों की वजह से संकट का सामना कर रहे हैं।
-----------
भारत की कोनसाम उर्मिला देवी ने नेपाल के काठमांडु में एशियाई युवा और जूनियर भारोत्‍तोलन चैम्पियनशिप में स्‍वर्ण पदक जीता है। भारतीय भारोत्‍तोलन संघ ने कहा कि मणिपुर की भारोत्‍तोलक ने 44 किलोग्राम वर्ग में कुल 126 किलोग्राम भार उठाया। उन्‍होंने स्‍नेच में 56 किलोग्राम तथा  क्‍लीन और जर्क में 70 किलोग्राम भार उठाया।
-----------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
"देश की आत्‍मा में सहिष्‍णुता" -राष्‍ट्रपति के रूप में देशवासियों को अंतिम संबो‍धन में प्रणब मुखर्जी का अहिंसा पर जोर जनसत्‍ता सहित कई अखबारों की सुर्खी है। अमर उजाला लिखता है- हिंसा मुक्‍त समाज हमारी असली ताकत।
बोफोर्स और गोरक्षा के नाम पर हिंसा के मुद्दे पर संसद में हंगामे को अधिकांश अखबारों ने अहमियत दी है। हरिभूमि का कहना है- स्‍पीकर पर उछाले कागज, छह कांग्रेसी नेता सस्‍पेंड।
दैनिक जागरण की सुर्खी है- आतंकी फंडिंग में अलगाववादी नेता गिलानी के दामाद सहित सात गिरफ्तार। वीर अर्जुन के शब्‍द हैं- हुर्रियत पर चला एन आई ए का डंडा।
चीन की फिर धमकी- पहाड़ हिलाना आसान, हमें नहीं- डोकलाम में सीमा विवाद पर चीनी रक्षा मंत्रालय के बयान को राजस्‍थान पत्रिका ने प्रमुखता दी है। वहीं हिन्‍दुस्‍तान ने तीन बार चीन की हेकड़ी ढीली कर चुके भारतीय जवानों के दमखम के बारे में बताया है।  
अमर उजाला ने अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्राकोष के हवाले से लिखा है- विकास की दौड़ में भारत बना रहेगा चीन से आगे।
निठारी कांड में कोहली और पंढेर को सी बी आई की विशेष अदालत से फांसी की सजा और लेबर सेस नहीं चुकाने पर आम्रपाली बिल्‍डर के सी ई ओ समेत दो की गिरफ्तारी की खबर नवभारत टाइम्‍स सहित ज्‍यादातर अखबारों में है।
देश का पहला उपग्रह आर्यभट्ट बनाने वाले वैज्ञ‍ानिक यू आर राव के निधन का समाचार दैनिक भास्‍कर में है। पत्र लिखता है- टीन से बने घर में देशभर के इजीनियरों और वैज्ञानिकों की मदद से 36 महीने में बनाया था आर्यभट्ट, नासा के लिए उपकरण भी बनाये।
तम्‍बाकू नियंत्रण में भारत वर्ल्‍ड लीडर- दैनिक जागरण के अनुसार विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन की एक रिपोर्ट में तम्‍बाकू नियंत्रण में भारत के उपायों की सराहना की गई है।
-----------

पौधारोपण के प्रति जागरूकता हेतु डाली 2351 आहुतियां

श्री रूद्राभिषेक सवा लाख महामृत्युंजय जाप व महायज्ञ में
ओढ़ां
गोशाला रोड पर स्थित इच्छापूर्ण भगवान शनिदेव मंदिर ओढ़ां में अखिल विश्व कल्याण एवं रोग शांति हेतु श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री रूद्राभिषेक सवा लाख महामृत्युंजय जाप व महायज्ञ में आठवें दिन पंडित दीपक भृगुवंशी की देखरेख में उपस्थित ब्राह्मणों ने जजमानों के हाथों मंत्रोच्चार के मध्य विधिवत पूजा अर्चना के साथ पूजन करवाया।
आज पौधारोपण के प्रति समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य को लेकर 18 जजमानों सीताराम बेरवाल, मोहित गर्ग, अमृत सिद्धू, सुखजीवन सिंगला, ज्योति सिंगला, पंखुड़ी सिंगला, मनमोहन अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, शिवा पांडे, मीनाक्षी पांडे, प्रख्यात पांडे, पिंकी कश्यप, अनीता कश्यप, लक्ष्मी औलख, पूजा रानी, ममता रानी, सालमखेड़ा से ईश्वर दास मेहता और पूनम मेहता के हाथों हवन महायज्ञ में 2351 आहुतियां पूर्णाहुति से पूर्व डालवाई गई। इस अवसर पर पंडित दीपक भृगुवंशी ने बताया कि हिंदू संस्कृति में पेड़ पौधों को संरक्षण देने के उद्देश्य से ही विभिन्न पेड़ों की पूजा की जाती है और उन्हें देवतुल्य माना जाता है। वर्तमान परिस्थितियों में पर्यावरण पर मंडराते खतरे के मद्देनजर आज प्रत्येक व्यक्ति का पौधारोपण के प्रति जागरूक होना अति आवश्यक है। इस अवसर पर मिष्ठान और फल वितरण सीताराम बेरवाल की ओर से किया गया। इससे पूर्व शुभारंभ पर श्री गणेश गौरी पूजन तथा अंत में सामुहिक आरती एवं यज्ञ भस्म प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर राम सोनी की ओर से श्रद्धालुओं को फल व मिष्ठान वितरित किया। इस मौके पर काफी संख्या में महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।