Loading
Showing posts with label राष्ट्रीय त्यौहार. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रीय त्यौहार. Show all posts

27 January 2011

62 वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया

 ओढां  न्यूज.
    ओढ़ां क्षेत्र में बुधवार को 62 वां गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम व उत्साह के साथ मनाया गया।
    62 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर खंड के गांव आनंदगढ़ में गांव के सरपंच बलवंत गोदारा ने कारगिल के शहीद मदनलाल माकड़ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि प्रदान की और फिर राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया। समारोह की अध्यक्षता मुख्याध्यापक हवा सिंह ने की और मुख्यातिथि के रूप में गांव के सरपंच बलवंत गोदारा उपस्थित हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसमें राष्ट्रीय गान, सरस्वती वंदना, हरियाणवी नृत्य, पंजाबी गिद्दा, दहेजप्रथा व वृद्धों पर अत्याचार आदि नाटक तथा देशभक्ति गीत व तराने प्रस्तुत करके श्रोताओं में जोश भर दिया। इस अवसर पर मंच का संचालन मास्टर शीशपाल गोदारा ने किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्याध्यापक ने सभी को धन्यवाद दिया और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर जनचेतना युवा क्लब के प्रधान ओमप्रकाश गोदारा, धन्नाराम माकड़, राजेंद्र गोदारा, अमर सिंह, अनिलबीर बैनिवाल, गंगाजल गोदारा, जगतपाल, संतलाल, राजेंद्र माकड़ पंच और राजेश कुमार सहित काफी संख्या में गांववासी और स्कूल स्टाफ के सभी लोग उपस्थित थे।
    जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां में विद्यालय के प्राचार्य जीके मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रुप में उपस्थित माता हरकी देवी महिला शिक्षा महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता स्याल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। संगीत अध्यापक मोहन लाल शर्मा नेतृत्व में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया और विद्यार्थियों ने परेड करते हुए उन्हें सलामी दी। इस अवसर पर सुनीता स्याल ने कहा कि हमें देश के नैतिक उत्थान की ओर अग्रसर होना चाहिए।
    खंड के गांव नुहियांवाली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उपप्राचार्य दयाकिशन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसी प्रकार गांव मलिकपुरा में सरपंच इकबाल सिंह ने, मिठडी में मुख्याध्यापक बलकरण सिंह ने, रोहिडांवाली में सरपंच मास्टर बनवारी लाल ने, पन्नीवाला मोटा के रावमा विद्यालय में प्राचार्य कृष्ण लाल वर्मा ने, गांव टप्पी में मुख्याध्यापक गुरदीप की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच भोली देवी ने झण्डा फहराया।

हुड्डा सरकार की शिक्षा नीतियों के कारण प्रदेश तरक्की की ओर अग्रसर

सिरसा
         प्रदेश की हुड्डा सरकार की शिक्षा नीतियों के कारण आज प्रदेश तरक्की की ओर अग्रसर है। आज केवल शहरों में ही नहीं अपितु ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाएं निकलकर सामने आ रहीं हैं। यह बात हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि पं. होशियारी लाल शर्मा ने ६२वें गणतंत्रता दिवस समारोह के दौरान गांव धिंगतानिया व ढाणी सावनपुरा के सरकारी स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि कही। इस मौके पर श्री शर्मा ने तिरंगा फहराया। स्कूली बच्चों द्वारा इस मौके पर राष्ट़ीय गान गाया गया।   
    ढाणी सावनपुरा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती दी गई। इसके बाद गांव धिंगतानिया के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर श्री शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यक्रम की शुरूआत स्कूल की लड़कियों द्वारा स्वागत गीत से हुई। उसके बाद साक्षरता में उड़े रे गुलाल, शिक्षा का अधिकार व हरियाणवी लोकगीतों के साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम पेश करके बच्चों ने आए हुए मेहमानों को मन मोह लिया। स्कूल के छात्र सीमाराम ने शराब की बुराई पर एक रागनी भी पेश की। इस दौरान बतौर मुख्अतिथि श्री शर्मा ने बच्चों को गणतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारे बुजुर्गों द्वारा आजादी के लिए लड़ी गई लड़ाई का ही नतीजा है कि आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की अखंडता व भाई चारे को कायम रखने के लिए हमें एकजुटता से राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से देश में सांप्रदायिक ताकतों के विरूद्ध एकजुटता की अपील की। श्री शर्मा ने कार्यक्रम आयोजनकर्ताओं को ३१०० रूपये नकद राशि का योगदान भी दिया। कार्यक्रम के दौरान स्कृल प्रबंधन व ग्राम पंचायत धिंगतानिया की ओर होशियारी लाल शर्मा व अन्य मेहमानो को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
    इस दौरान कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए स्कूली बच्चों के अलावा भारी संख्या में महिलाएं व पुरूष भी शामिल हुए। इस मौके पर श्री शर्मा के साथ मा. राजकुमार वर्मा, कांग्रेस के पूर्व युवा उपप्रधान नायब सिंह थिराज, गांव धिंगतानिया माध्यमिक स्कूल की मुख्य अध्यापिका कृष्णा बाना, गांव के सरपंच बलबीर सिंह, ढाणी सावनपुरा प्राथमिक विद्यालय के मुख्यअध्यापक सुशील, सरपंच देवेंद्र सेठी, अध्यापिका कृष्णा मलिक, सुषमा, पार्वती, किशोरी लाल, रोहताश, बीरबल, महावीर, रामचंद्र, जीवनराम, आसाराम शास्त्री, कुलदीप सिंह, मुख्तयार सिंह, अमी लाल भाकर, गंगाजल, मास्टर राजवीर, अध्यापिका राजबाला, रामेश्वर सैनी, सुरेश सैनी, अमी चंद सैनी, सुभाष सैनी, जुगलाल सहारण, नेकी राम खोड, छोटू राम, कन्नी राम, रामजी लाल, दलीप, बच्चा राम, लाल चंद्र सहित स्कूल स्टाफ व ग्रामीण मौजूद थे।

सोयाबीन की दाल से दूध व पनीर निर्माण संबंधी मशीनों को प्रदर्शित किया गया

सिरसा
            62 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज आयोजित जिला स्तरीय समारोह में गणतंत्र दिवस उपलक्ष में ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, पीटी शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत प्रदर्शित की गई विभिन्न विभागों की झांकियों में उद्योग विभाग द्वारा प्रदर्शित की गई झांकी आज चर्चित रही क्योंकि इस झांकी में सोयाबीन की दाल से दूध व पनीर आदि के निर्माण संबंधी मशीनों को प्रदर्शित किया गया था।
    स्थानीय बरनाला रोड पर सोया स्टार नाम से उद्योग चला रहे विक्रम कुमार ऊर्फ विक्की कंबोज ने बताया कि सोयाबीन की दाल मुनष्य के स्वास्थ्य के काफी लाभदायक है तथा इसके मद्देनजर ही उन्होंने सोयाबीन की दाल से तोफू नाम से प्रसिद्ध पनीर का निर्माण शुरू किया है तथा सोयाबीन के दाल से वे दूध का भी वे उत्पादन कर रहे हैं। विक्रम कंबोज ने बताया कि कम फेट व कोलस्टॉल फ्री तोफू (पनीर) व दूध पूर्ण प्रोटीन युक्त आहार है तथा विशेषकर बच्चों गर्भवती महिलाओं व माताओं तथा बुर्जुगों के लिए यह उत्पाद विशेष लाभदायक है। उन्होंने बताया कि शुद्ध शाकाहारी तोफू (पनीर) सोयाबीन के दूध  में शरीर वर्धक मांसपेशियों को पूरी तरह पोषण देने वाले वह सभी नौ तत्व मौजूद है जो स्वास्थ्य के लाभ के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सोयाबीन की दाल से उन द्वारा बनाए जाने वाला दूध व तोफू (पनीर) उपभोक्ताओं द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है क्योंकि यह पोष्टिक होने के साथ-साथ पशु द्वारा दिए जाने वाले दूध व उससे बनने वाले पनीर के दामों की तुलना में सस्ता भी है तथा उनसे अधिक शक्तिवर्धक है।
जारीकर्ता भारत भूषण 9992599410
फोटो 
सोयाबीन की दाल से निर्मित किए जाने वाले दूध व तोफू (पनीर) बनाए जाने की मशीनों की गणतंत्र दिवस के अवसर पर उद्योग विभाग द्वारा प्रदर्शित की गई झांकी का दृश्य

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान मलकीयत सिंह खोसा ने ध्वजारोहण किया

सिरसा
    जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से स्थानीय कांग्रेस भवन में 62 वां गणतंत्र दिवस श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान मलकीयत सिंह खोसा ने सैंकड़ों कांग्रेसजनों के साथ ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रगान के साथ देश भक्तों को सलाम किया। इस अवसर पर शहरी ब्लाक प्रधान भूपेश मेहता, ग्रामीण ब्लाक प्रधान सुरजीत सिंह भावदीन, बिक्रमजीत सिंह एडवोकेट, कृष्ण सिंगला, संजय चांवरिया, गोपीचंद कम्बोज, तिलकराज चंदेल, हनुमान दास पटीर, कैलाश रानी, जोगिन्दर कौर, सुखविंदर दुग्गल, राजू बजाज, संत गुम्बर, कुलवंतराय बैनीवाल, ओ.पी एंथौनी, श्रीराम सैनी, राम सिंह प्रचार मंत्री, सोहन सिंह थिराज, प्रेम सैनी, डा. राजकुमार धींगड़ा, जरनैल सिंह बराड़, विनोद भाटिया, रमेश गोयल, विनोद उपाध्याय, संगीत कुमार, पवन सिंगला, इसरान सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे। कार्यक्रम के समापन पर लड्डू वितरित किए गए।

महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. विजय अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया

सिरसा
    आयुज्योति आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल जोधपुरिया सिरसा में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. विजय अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया तथा जिला आर्गेनाईजिंग कमिश्नर स्काउट श्री ललित मोहन शास्त्री ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को गणतंत्र दिवस के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। इस समारोह में संस्थान के निदेशक संजीव अग्रवाल, प्राचार्या डॉ. आर.आर. मिश्रा, प्रशासक डॉ. जितेन्द्र शर्मा, डॉ. केवल अरोड़ा, डॉ. किरण कम्बोज, डॉ. जैसमीन मैहता, डॉ. सत्येन्द्र मिश्रा सहित समस्त स्टाफ व छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान का विधिवत गायन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय कैम्पस में लड्डू वितरित किये गये।

फोटो कैपशन : आयुज्योति आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विजय अग्रवाल गणतंत्र दिवस पर ध्वजा रोहण करते हुए।

जारीकर्ता : डॉ. केवल अरोड़ा
मो. न० 94666-83735

गणतंत्र दिवस पर सम्मानित


















झण्डारोहण ब्लाक ओढां के प्रधान जगसीर सिंह मिठड़ी ने किया

मण्डी डबवाली
        ब्लाक कांग्रेस मण्डी डबवाली द्वारा 62 वां गणतन्त्र दिवस कार्यक्रम गांधी चौक पर मनाया गया। इस समारोह की अध्यक्षता सरदार  निर्मल सिंह कण्डा ने की तथा झण्डारोहण ब्लाक ओढां के प्रधान जगसीर सिंह मिठड़ी ने किया। इस अवसर पर जगसीर सिंह मिठड़ी ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज झुककर सलाम करें उनको जिनके हिस्से ये मुकाम आता है, खुशनशीब है वो खून जो देश के काम आता है। उन्होंने कहा कि हमें शहीदों की शहादत का सम्मान करते हुए देश व प्रदेश के विकास में सहयोग करना चाहिए। उन्होने कहा कि हरियाणा के विकास पुरूष मुख्यमन्त्री चौधरी भुपेन्द्र सिंह हुड्डा की जनहितैषी नीतियों का हर वर्ग को फायदा मिल रहा है तथा आज हरियाणा की गिनती देश विकसित राज्यों मे हो रही है। इस अवसर पर नवप्रगति स्कूल के बच्चो द्वारा शानदार देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। मंच संचालन केशव शर्मा ने किया तथा कार्यक्रम के अन्त में ब्लाक कांग्रेस मण्डी डबवाली के प्रधान पवन गर्ग ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया, इस अवसर पर लड्डु भी बांटे गये।
        इस समारोह में कर्मचन्द शर्मा, ग्रामीण प्रधान दरबारासिंह, पूर्व प्रधान रामजीलाल प्रजापत, पूर्व शहरी प्रधान नवरतन बांसल, बख्तावरमल दर्दी, प्रकाश चन्द बांसल, हेमराज जिन्दल, व्यापार मण्डल प्रधान ईन्द्र जैन, मौहन लाल कौशिक, जयदयाल मेहता, लेखराज धमीजा, डा.भारत भुषण, पार्षद विनोद बांसल, राकेश बबर, जगदीप सूर्या, जसवन्त सिंह बराड़, गुरतेज सिंह, हल्का युवा कांग्रेस के डेलीगेट संजय मिढा, शहरी युवा प्रधान अमन भारद्वाज, प्रशान्त गर्ग, सुखमन्द्र सिंह प्रधान, सुन्दर कण्डा, भारत भुषण सिंगला, बिमला महाशा, सन्नी बत्तरा सहित काफी संख्या मे कांगेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जिलास्तरीय समारोह में हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव श्री प्रहलाद सिंह गिल्लांखेड़ा ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया

सिरसा
                 आज 62 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव श्री प्रहलाद सिंह गिल्लांखेड़ा ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
    उन्होंने इस अवसर पर देश के जाने अनजाने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि हरियाणा प्रदेश वीरों की ऐतिहासिक भूमि रही है। यहां के स्वतंत्रता सेनानियों ने स्वतंत्रता संग्राम में बढ़ चढ़कर  भाग लिया। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों  व स्वतंत्रता सेनानियों  के संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली और भारत एक गणराज्य बना। देश को गणराज्य बने 61 वर्ष हो चुके है। उन्होंने कहा कि छह दशकों के इस काल में देश के विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। इस प्रगति को ओर आगे बढ़ाने के लिए सभी देशवासियों को मिलजुल कर कार्य करना होगा ताकि एक बार फिर भारत दुनिया का सिरमोर बने।
    श्री गिल्लांखेड़ा ने जिलावासियों के नाम अपने संदेश में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनवायी और कहा कि हरियाणा कई क्षेत्रों में देशभर में पहले स्थान पर है तो कई में नंबर वन स्थान प्राप्त करने के लिए तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय और प्रति व्यक्ति निवेश में देश में अव्वल होना प्रगति का एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक सुरक्षा एवं न्यूनतम मजदूरी की सर्वाधिक दर देने वाला भी हरियाणा देश का पहला राज्य है। इतना ही नहीं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों को विभिन्न तरह की रियायतें देने में भी हरियाणा प्रदेश ने एक पहचान कायम की है। किसानों के हित में लागू की गई भूमि अधिग्रहण नीति को और अधिक किसान मैत्री बनाने के लिए पुनर्वास एवं पुनस्र्थापना नीति भी बनाई गई है। किसानों को स्थान विशेष के आधार पर 40 लाख रुपए, 30 लाख रुपए, 25 लाख रुपए, 20 लाख रुपए एवं 12 लाख रुपए प्रति एकड़ का फ्लोर रेट दिया जा रहा है। हरियाणा में किसानो को गन्ने का 220 रुपए प्रति क्विंटल का सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है। हिसार में पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है।
    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण विकास पर भी विशेष बल दिया गया है। प्रदेश में ढांचागत एवं यातायात सुविधाएं प्रदान करने के लिए राज्य परिवहन के बेड़े में एसी तथा नॉन एसी बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। गुडग़ांव तक मैट्रो रेल सेवा शुरु हो चुकी है तथा प्रदेश में इस सेवा के विस्तार की योजना है। राज्य परिवहन की बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आधे किराए पर यात्रा करने की सुविधा दी गई है।
    श्री गिल्लांखेड़ा ने कहा कि प्रदेश में घटते लिंगानुपात को सुधारने के लिए लाडली स्कीम को पांच वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। इसके साथ-साथ इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी विवाह शगुन योजना तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के छात्रों के लिए डा. अंबेडकर मेधावी छात्र योजना जैसी स्कीमें बहुत लाभदायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धावस्था भत्ता योजना के अंतर्गत बुजुर्गों को 500 व 700 रुपए प्रति माह की दर से और विधवा पेंशन 750 रुपए प्रति मास दी जा रही है। स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी विधवाओं की पेंशन 6 हजार रुपए प्रतिमास से बढ़ाकर 11 हजार रुपए प्रतिमास की गई है। इसके अलावा सरकार द्वारा अनुसूचित जातियों, पिछड़े-ए वर्ग एवं बीपीएल परिवारों के स्कूल एवं कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों के लिए मासिक वजीफा स्कीमें भी शुरु की गई है।
    मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के बजट में कई गुणा वृद्धि की गई है। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए और डॉक्टर भर्ती किए जा रहे है। गरीब महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए मोबाइल वैन सेवा भी शुरु की गई है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के लिए निशुल्क सर्जरी पैकेज योजना आरंभ की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश के विद्यार्थियों को विश्वस्तर की शिक्षा सुविधाएं प्रदान करने के लिए कुंडली में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी स्थापित की जा रही है। सोनीपत जिले के खानपुर कलां में उत्तरी भारत का पहला महिला विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है।
    उन्होंने कहा कि पंडित बी.डी शर्मा स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, रोहतक को यूनिवर्सिटी ऑफ हैल्थ साईंसिज तथा मुरथल में दीनबंधु छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज को साईंस एवं टैक्रोलॉजी विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया है। तकनीकी संस्थानों में सीटों की संख्या में वृद्धि की गई है। जिला रोहतक के गरणावठी गांव में आईआईएम विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में बिजली की कमी एवं मांग को पूरा करने के लिए नए-नए थर्मल पावर प्लांट लगाए जा रहे है। फतेहाबाद में 2800 मेगावाट क्षमता का परमाणु सयंत्र स्थापित किया जा रहा है। दीनबंधु छोटूराम थर्मल प्लांट, यमुनानगर को इसके सर्वोतम प्रदर्शन के लिए केंद्रीय बिजली मंत्रालय द्वारा गोल्ड शिल्ड अवार्ड से पुरस्कृत किया गया है। राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट, खेदड़ के 600-600 मेगावाट की दोनों इकाईयों ने बिजली उत्पादन शुरु कर दिया है। इसके साथ-साथ प्रदेश सरकार ने विकलांगों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के विकास एवं उत्थान के लिए जवाहर सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन का शुभारंभ किया गया है, जिसके तहत जिला स्तर पर 150 करोड़ रुपए की लागत से विशेष स्कूल या संस्थान खोले जाएंगे।
    उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को भी विशेष प्रोत्साहन दे रही है। हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रमंडल एशियाई खेलों में भाग लेनें व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा करोड़ों रुपए के नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्होंने सरकारी, गैर सरकारी, समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 43 लोगों को सम्मानित किया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 125 खिलाडिय़ों को सम्मानित किया। इसके साथ-साथ उन्होंने परेड में प्रथम, द्वितीय व तृतीय तथा झांकी प्रदर्शन में अव्वल स्थान पाने वाले विभागों के अधिकारियों को सम्मानित किया। परेड में राजकीय उच्च विद्यालय सिकंदरपुर प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा द्वितीय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरपुर को तृतीय स्थान मिला। इसी प्रकार से झांकी प्रदर्शन में शिक्षा विभाग की झांकी प्रथम, कृषि विभाग की झांकी द्वितीय व वन विभाग की झांकी ने तृतीय स्थान हासिल किया।  गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए है। मुख्यातिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 51 हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने गांव बणी की पंचायत को भी गांव में लिंगानुपात सुधार की उपलब्धि के लिए एक लाख रुपए का चैक देकर सम्मानित किया।  इससे पूर्व मुख्य अतिथि श्री गिल्लांखेड़ा ने लघु सचिवालय परिसर स्थित स्वतंत्रता सेनानी व शहीद स्मारक स्थल पर भी पुष्पअर्जित कर शहीदों को याद किया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री सी.जी रजिनीकांथन, वायुसेना केंद्र के गु्रप कैप्टन श्री अनिल सभरवाल, पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती पंकज चौधरी, उपमंडल अधिकारी ना0 श्री एस.के जैन, नगराधीश एच.सी भाटिया, जिला कांग्रेस प्रधान मलकीत सिंह खोसा, कांग्रेस नेता एवं प्रमुख समाजसेवी गोबिंद कांडा, जिला महिला कांग्रेस प्रधान श्रीमती शिल्पा वर्मा, आनंद बियानी, सुरेश मेहता व स्थानीय वायुसेना केंद्र के अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
    इसी क्रम में जिला के ऐलनाबाद और डबवाली उपमंडल स्तर पर भी गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जहां संबंधित उपमंडलाधीश क्रमश: श्री रुप सिंह व श्री मुनीश नागपाल ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। इन समारोह में भी स्कूली बच्चों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एमएल रंगा ने ध्वजारोहण किया

हिसार
      गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में 62 वें गणतन्त्र दिवस के अवसर पर आज विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एमएल रंगा ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के उपरांत डॉ रंगा ने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के पंद्रह वर्षों में शोध व शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय तरक्की की है। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों व गैरशिक्षक कर्मचारियों की कड़ी मेहनत व लग्न का परिणाम है कि विश्वविद्यालय आज राज्य व देश में अपनी एक अलग पहचान बना पाया है।  उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सम्पूर्ण विकास के लिए भविष्य में भी प्रयासरत रहेगा। डॉ रंगा ने कामना की विश्वविद्यालय दिन-दौगुनी रात चौगुनी तरक्की करता रहेगा।
          इस अवसर पर कुलसचिव प्रो आरएस जागलान सहित विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मचारी सपरिवार उपस्थित थे।
     इस  अवसर पर विश्वविद्यालय के 9 कर्मचारियों को वर्ष 2010-11 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए कुलपति डॉ रंगा ने श्री राजेन्द्र पाल, सहायक-कम-डीईओ, श्रीमती इन्द्रपाल कौर, सहायक-कम-डीईओ, श्री राजबीर सिंह, क्लर्क-कम-जेडीईओ, श्री तारा चंद, चालक, श्री हरी लाल, सेवादार, श्री प्रदीप कुमार, सेवादार, श्री प्रमोद कुमार, सफाई कर्मचारी, श्री पाले राम, प्रोजेक्ट इंजीनियर व ईगल हन्टर के सुरक्षा अधिकारी श्री राजकुमार को 501 रूपये नकद व प्रशंसा पत्र देकर पुरस्कृत किया। 
      इस  अवसर पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के बच्चों के लिए दौड़ का आयोजन किया गया व कुलपति डॉ एमएल रंगा ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। 

फोटो कैप्शन :
फोटो -1- गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में 62वें गणतन्त्र दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एमएल रंगा ध्वजारोहण करते हुए।
फोटो -2 - गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में 62वें गणतन्त्र दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एमएल रंगा ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुए।
फोटो-3 - गुरू जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में 62वें गणतन्त्र दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एमएल रंगा दौड़ में प्रथम स्थान पाने वाले बच्चे को पुरस्कृत करते हुए।