Loading
Showing posts with label अंग्रेजी सीखें. Show all posts
Showing posts with label अंग्रेजी सीखें. Show all posts

14 February 2011

एक तीर से दो शिकार...


कश्मीरी चिड़िया
चिड़ियां प्रेम का भी तो प्रतीक होती हैं इसलिए शायद लव बर्ड का प्रयोग होता है
क्या आप को मालूम है कि अंग्रेज़ी में एक तीर से दो शिकार के लिए क्या प्रयोग करते हैं या फिर बर्ड्स ऑफ़ ए फ़ेदर फ़्लॉक टुगेदर का अर्थ क्या होता है. क्या आपको मालूम है कि चोर-चोर मौसेरे भाई के लिए अंग्रेज़ी में क्या प्रयोग करते हैं?
बर्ड्स ऑफ़ ए फ़ेदर फ़्लॉक टुगेदर के लिए मुझे एक शेर याद आ रहा है, लेकिन वह फ़ारसी में है, चलिए सुना देते हैं मतलब तो आप समझ ही जाएंगे.
कुनद हम जिंस बाहम जिंस परवाज़
कबूतर बा कबूतर बाज़ बा बाज़

यानी एक तरह की चीज़ एक साथ रहती है जैसे कबूतर कबूतर के साथ उड़ता है और बाज़ बाज़ के साथ.
आज की बैठक में हम चिड़ियों पर आधारित मुहावरे देखेंगे कि ये चिड़ियां क्या कहती हैं.
हम लोग आम तौर आम के आम गुठलियों के दाम के मुताबिक़ एक तीर से दो निशाना लगाना चाहते हैं और इसीलिए हम लाए हैं ये मुहावरों की श्रृंखला जिसके ज़रिए जहां आपके मुहावरों का भंडार बढ़ता है वहीं आप की शब्दावली और अंग्रेज़ी में निखार आने की संभावना बढ़ जाती है.

बर्ड शब्द वाले मुहावरे


हमने अपनी पहली बैठक में बताया था कि मुहावरे उन चीज़ों पर अधिक आधारित होते हैं जिनका हमारे जीवन में अधिक महत्व होता है या जिनसे हमारी नज़दीकियां काफ़ी होती हैं.
इसीलिए आप देखेंगे कि भारतीय भाषा में कंगारू पर या पेंडे पर या पेंगुईन पर कोई मुहावरा नहीं मिलता लेकिन जिस देश के लोगों से इनका संपर्क होता है वहां की भाषा में यह मौजूद हैं.
सारस
बर्ड्स ऑफ़ ए फ़ेदर फ़लॉक टुगेदर का अर्थ होता है एक प्रकार के लोग एक साथ रहते हैं
an early bird (ऐन अर्ली बर्ड) यानी सुबह जल्दी जागने वाला, सेहरख़ेज़. इसका प्रयोग एक कहावत में इस प्रकार है The early bird catches the worm यानी जो परिंदा सुबह सुबह जागता है कीड़े भी उसी को मिलते है.
as free as a bird (ऐज़ फ़्री ऐज़ बर्ड) चिड़िया की तरह आज़ाद यानी बिल्कुल ही आज़ाद, सारे दुख परेशानियों से दूर, निश्चिंत. वैसे भी चिड़ियों को आज़ादी का प्रतीक माना जाता है. She delayed marriage to remain free as bird for some more time.
the bird has flown (द बर्ड हैज़ फ़्लोन) यानी लकीर पीटने से क्या होगा सांप निकल गया है. चिड़िया उड़ चुकी है बेकार तलाश करने से कोई लाभ नहीं. There’s no use searching any more. The bird has flown. एक कहावत में हम कहते हैं अब पछताए क्या होत जब चिड़िया चुग गई खेत.
a bird in the hand is worth two in the bush (ए बर्ड इन द हैंड इज़ वर्थ टू इन द बुश) हम अपनी भाषा के मुहावरे में इसे नौ नक़द, न तेरा उधार या जो ही हाथ सो ही साथ के रूप में प्रयोग करते हैं. कहावत के रूप में भी इसका प्रयोग होता है.
a bird’s eye view (आँखों वाले मुहावरे में इसका अर्थ बताया जा चुका है) वैसे सरसरी तौर पर देखने के लिए इसका प्रयोग करते हैं.
a bird-brain (ए बर्ड ब्रेन) मूर्ख या बेवक़ूफ़ के लिए प्रयोग करते हैं, जैसे He’s just a bird-brain. He can’t get anything right (Informal) इसके लिए bird-brained का भी प्रयोग करते हैं.
the birds and the bees (द बर्ड्स एण्ड बीज़) अगर किसी से ख़ास तौर से बच्चों से पक्षी और मधुमख्खी की बात करें तो इसका मतलब है आप सेक्स के बारे में बात कर रहे हैं. My parents never actually sat down and told me about the birds and the bees.
birds of a feather (बर्ड्स ऑफ़ ए फ़ेदर) यानी एक ही प्रकार के लोग. एक कहावत में इसका प्रयोग इस प्रकार हुआ है. Birds of a feather flock together.
चिड़िया
कुनद हम जिंस बाहम जिंस परवाज़ कबूतर बा कबूतर बाज़ बा बाज़
eat like a bird (ईट लाइक ए बर्ड) यानी बहुत कम खाना, बस चुगना या सूंघना. She is on heavy diet these days. But she always ate like a bird and hardly talked during the meal.
kill two birds with one stone (किल टू बर्ड्स विथ वन स्टोन) यानी एक साथ दो काम कर लेना, एक तीर से दो निशाना लगाना या शिकार करना वग़ैरह. इसका अच्छा ख़ासा प्रयोग होता है कि लोग लगे हाथ दूसरा काम भी कर लेते हैं. I killed two birds with one stone as I went to take the train ticket I visited my friends shop in that area.
A little bird told me (so) (ए लिट्ल बर्ड टोल्ड मी) जब हम किसी को कुछ बताते हैं लेकिन अगर पूछा जाता है कि हमें कैसे मालूम हुआ तो हम कह देते हैं काले चोर ने बताया. उसी तरह अंग्रेज़ी में कहते हैं हमें नन्हीं चिड़िया ने बताया. “So who told you she is engaged?” “Oh, let’s just say a little bird told me so.”
for the birds (फ़ॉर द बर्ड्स) बहुत ही मामूली, जैसे हम अपने पेड़ों पर एक आध फल चिड़ियों के लिए छोड़ दें या फिर अपने छत की मुंडेर पर दाना पानी रख दें, काम चाहे महान हो उस चीज़ का मुल्य नहीं होता और हम कह देते हैं अरे चिड़ियों के लिए है. यह इसी आधार पर बना है और अर्थ है जिसका कोई महत्व न हो, मूर्खता भरा जैसे —“What do you think of the new arrangement?” “I think it’s for the birds — it won’t work.”
Birds of a feather flock together (बर्ड्स ऑफ़ ए फ़ेदर फ़्लॉक टुगेदर) हम अपनी भाषा में कहते हैं चोर चोर मौसेरे भाई.

कुछ और शब्द


bird eyed (बर्ड आईड) तेज़ नज़र वाला,
bird fancier (बर्ड फ़ैनसियर) पक्षी पालने वाला
bird witted (बर्ड विटेड) यानी चंचल, असंतुलित
get the bird (गेट द बर्ड) यानी नौकरी से निकाला जाना, बर्ख़ास्त होना.
like a bird (लाइक ए बर्ड) यानी ख़ुशी से, प्रसन्नता से
लव बर्ड भी तो कोई चीज़ है....

नॉर्मल और ऑर्डिनरी का फ़र्क़


तोता
तोता बड़ी जल्दी सीखने में माहिर है
एक मित्र का कहना है कि अंग्रेज़ी तो हमने स्नातक तक पढ़ी है लेकिन हमें एक ही प्रकार के शब्दों के उपयुक्त प्रयोग में कठिनाई होती है. मिसाल देते हुए कहा हमें पता नहीं चलता कि कहां नॉर्मल (Normal) का प्रयोग होगा और कहां ऑर्डिनरी (Ordinary) और कहां Usual (यूज़ुअल) का.
प्रश्न बहुत ही सहज था लेकिन जवाब उतना आसान नहीं था. सच बात तो यह है कि शब्द उस समय तक बेजान हैं जब तक उनका उपयुक्त प्रयोग नहीं हो.
शब्दों के फ़नकार ऐसे ऐसे क्रम में शब्दों को सजाते हैं कि शब्दों से शहनाइयों की गूंज से लेकर क़बर का सन्नाटा तक आंखों के सामने घूम जाता है.
इसी प्रकार यह भी सच है कि शब्दों के अर्थ उसके प्रयोग पर बदलते रहते हैं. अंग्रेज़ी भाषा में यह आम बात है जब शब्द अपना अर्थ बदल लेते हैं. ख़ैर इस बहस को बाद के लिए छोड़ देते हैं.
आज हम कुछ ऐसे शब्द लेकर आए हैं जिनका अर्थ लगभग एक हो लेकिन उनका प्रयोग अलग अलग जगह पर होता हो.
आज के शब्द हैं — नॉर्मल (Normal), ऑर्डिनरी (Ordinary) और यूज़ुअल (Usual). इस में आप दो और शब्द रेगुलर (Regular) और कॉमन (Common) को जोड़ सकते हैं.
इन सब शब्दों से आप भलिभांति परिचित होंगे और यह भी जानते होंगे कि आम तौर पर एक ही भाव की अभिव्यक्ति के लिए इनका प्रयोग किया जाता है. ऐसे शब्द एक दूसरे के पर्याय कहलाते हैं और अंग्रेज़ी में हम इन्हें SYNONYMS कहते हैं और इसके विपरीत यानी विप्रार्थक शब्दों को ANTONYMS कहते हैं.
अगर आप अंग्रेज़ी शब्दों में दिलचस्पी रखते हैं तो आपके लिए ज़रूरी है कि आप vocabulary collocation यानी शब्दों के समूहों में झांक कर देखें कि किस प्रकार शब्द झुंड में शिकार करते हैं. इसकी बात कभी और करेंगे.
एक ही प्रकार के शब्दों की तलाश में अक्सर ऐसा होता है कि आप की मुलाक़ात बहुत से ख़ूबसूरत शब्दों से होजाती है मानो समुद्र तट पर चलते चलते आप को मोती मिल जाए.
बात नॉर्मल (Normal), ऑर्डिनरी (Ordinary की
यानी जो चीज़ सामान्य या साधारण हो ख़ास या अद्भूत न हो. इसलिए अगर हम कहें कि We had a normal/ ordinary day in the office तो इसका अर्थ हुआ कि ऑफ़िस में सब कुछ सामान्य या मामूल पर रहा कोई अलग तरह की बात नहीं हुई.
लेकिन अगर हम इन्हीं दो शब्दों का इस प्रकार प्रयोग करें तो इसका अर्थ बदल जाता है. जैसे We had a normal/ ordinary meal in a restaurant यहां इसका अर्थ हुआ कि रेस्तुरॉं में हमने मामूली खाना खाया यानी वह अच्छा नहीं था तो बहुत बुरा भी नहीं था.
लेकिन इन्हीं शब्दों का प्रयोग जब लोगों के बारे में होता है तो अर्थ में भी ज़रा फ़र्क़ आ जाता है. नॉर्मल पीपुल (Normal people) और ऑर्डिनरी पीपुल (ordinary people) के भाव में फ़र्क़ साफ़ नज़र आता है.
जब हम नॉर्मल पीपुल (Normal people) कहते हैं तो हमारा मतलब होता है ऐसे लोग जो ठीक ढ़ंग से सोच विचार सकें और जिनका व्यवहार ठीक हो जैसा कि सारे लोगों के साथ सामान्य (common) है.
लेकिन जब हम ऑर्डिनरी पीपुल (ordinary people) कहते हैं तो हमारा मतलब होता है ऐसे लोग जो धनी-मनी नहीं हैं. यहां उनकी सामाजिक हैसियत झलकती है. जैसे-
Tata has launched the cheapest car in the world for ordinary people to buy.
इसमें कहीं न कहीं यानी ढ़के-छिपे अंदाज़ में ही सही कम धन-दौलत वाले लोगों की बात कही गई है. लेकिन इसी जगह हम इसे नॉर्मल के साथ प्रयोग नहीं कर सकते हां common (कॉमन) का प्रयोग कर सकते हैं
Tata has launched the cheapest car in the world for normal people to buy. ऐसा इसलिए नहीं होता है कि इस में धन-दौलत के बजाए स्वभाव और व्यवहार को दख़ल है.
यहीं पर अगर हम कहें कि His new shirt is very ordinary. तो इसका मतलब यह है कि हम उसका अपमान कर रहे हैं या उसकी क़मीज़ को घटिया और निम्न स्तर की बता रहे हैं.
यहीं पर अगर हम उसकी क़मीज़ के लिए extraordinary शब्द का प्रयोग करें तो इसका मतलब होगा वह शर्ट बहुत ही शानदार है. यहां पता चला कि ordinary का विपरीत extraordinary होता है.
अगर हम कहें He is a normal person lacking common sense तो इससे यह समझ में आया कि नॉर्मल के लिए बहुत सी चीज़ों का होना ज़रूरी है देखने में भी, चाल चलन में भी और सोच समझ में भी. और कॉमन का मतलब यहां हुआ बुनियादी, ज़रूरी (basic, simple, rudimentary) वग़ैरह.
फिर अगर हम यह कहें She is a normal girl with regular features. तो इसका मतलब हुआ कि वह साधारन नैन नक़्श वाली आम सी लड़की है. बहुत अच्छी नहीं मगर क़बूलसूरत है. यहां कॉमन फ़ीचर्स भी कह सकते हैं.
बात Usual की
इसे आम तौर पर वहां प्रयोग किया जाता है जहां आदत पाई जाती हो. जैसे My usual bus for the office is a white-line. मतलब यह हुआ कि वह बस जिस से हम रोज़ाना नियमित समय पर ऑफ़िस जाने के लिए प्रयोग करते हैं व्हाईट लाईन है.
हम usual का प्रयोग ऐसी स्थिति में करते हैं जो हमारी आदत से जुड़ी हो, जैसे my usual newspaper, my usual breakfast, वग़ैरह. यहां कॉमन, जेनेरल, ऑर्डिनरी का प्रयोग नहीं हो सकता.
Usual में इस बात की अभिव्यक्ति होती है कि पहले भी होता रहा है, साधारनतः होता रहा है, जैसे Do the work in your usual way. यानी अपने ढ़ंग से काम करते रहो.
अगर अपने पेय के बारे बात करें तो हम कह सकते हैं My usual drink या My regular drink. किसी रेस्तुरां में बराबर जाने वाले ग्राहक यानी Regular/ frequent customer यह कह सकते हैं Give me my regular यानी मेरा रोज़ का पेय दें.
याद रहे कि यहां हमने इन शब्दों के सिर्फ़ उन्हीं प्रयोग की बात की है जो आपस में गुडमुंड हो जाते हैं वैसे यह सारे शब्द अपने विशिष्ट प्रयोग में बहुत ही अलग अलग अर्थ देते हैं.
तो आपने देखा कि किस प्रकार साधारन, आम मामूली और की अभिव्यक्ति के लिए इतने सारे शब्द प्रयोग में आए. वैसे अभि इनके और भी पर्याय हैं लेकिन उनके अलग अलग आयाम हैं. इन सारे पर्याय को देखें और प्रयोग करें-
ordinary, everyday, familiar, usual, general, universal, natural, normal, customary, prevalent, prevailing, typical, conventional, routine, popular, of the folk, of the masses, habitual, frequent और भी हैं मगर बस करते हैं.

दुनिया के सात महापाप क्या हैं?


मोटापा
पेटूपन न सिर्फ़ बुराईयों की जड़ है यह आपका स्वास्थ भी ख़राब करता है
आप में से अकसर लोगों ने दुनिया के सात आश्चर्य के बारे में सुना पढ़ा और देखा होगा इन अजूबों में अब भारत का ताजमहल भी शामिल है, लेकिन क्या आप सात महापाप के बारे में भी जानते हैं?
नए साल से गले मिलने और साथ ही पुराने साल को अलविदा कहने का समय आ गया है. पूरे विश्व में इस वक़्त मस्ती और एक प्रकार के जश्न का माहौल है और लोग न जाने कितने प्रकार के संकल्प और प्रतिज्ञा के बारे में सोच रहे होंगे...
इस मौक़े पर हम लेकर आए हैं दुनिया के सात महापाप. क्या होते हैं ये सात महापाप? अंग्रेज़ी भाषा और पश्चिमी साहित्य एवं संस्कृति में इसे किस प्रकार देखा जाता है?
अंग्रेज़ी में इन्हें सेवेन डेडली सिंस (Seven deadly sins) या कैपिटल वाइसेज़ (Capital vices) या कारडिनल सिंस (Cardinal sins) भी कहा जाता है.
जब से मनुष्य ने होश संभाला है तभी से उनमें पाप-पुण्य, भलाई-बुराई, नैतिक-अनैतिक जैसे आध्यात्मिक विचार मौजूद हैं. सारे धर्म और हर क्षेत्र में इसका प्रचलन किसी न किसी रूप में ज़रूर है.
यह सेवेन डेडली सिंस (Seven deadly sins) या कैपिटल वाइसेज़ (Capital vices) या कारडिनल सिंस (Cardinal sins) इस प्रकार हैं:
लस्ट (Lust)
ग्लूटनी (Gluttony)
ग्रीड (Greed)
स्लौथ (Sloth)
रैथ (Wrath)
एनवी (Envy)
प्राइड (Pride)

यह सारे शब्द भाववाचक संज्ञा (Abstract Noun) के रूप हैं लेकिन इनमें से कई का प्रयोग क्रिया और विशेषण के रूप में भी होता है. अगर इन्हें ग़ौर से देखें तो पता चलता है कि इन सारे महापाप की हर जगह भरमार है और हम में से हर एक इसमें से किसी न किसी पाप से ग्रसित है.
पुराने ज़माने में इन सब को बड़े पाप में शामिल किया जाता था और उनसे बचने की शिक्षा दी जाती थी. पुराने ज़माने में ईसाई धर्म में इन सबको घोर पाप की सूची में रखा गया था क्यों की इनकी वजह से मनुष्य सदा के लिए दोषित ठहरा दिया जाता था और फिर बिना कंफ़ेशन के मुक्ति का कोई चारा नहीं था.
गे प्राइड
घमंड या अहंकार के न जाने कितने रूप हैं
लस्ट (Lust) यानी उत्कंठा, लालसा, कामुकता, कामवासना (Intense or unrestrained sexual craving) यह मनुष्य को दंडनिय अपराध की ओर ले जाते हैं और इनसे समाज में कई प्रकार की बुराईयां फैलती हैं. विशेषण में इसे लस्टफुल (lustful) कहते हैं
ग्लूटनी (Gluttony) यानी पेटूपन. इसे भी सात महापापों में रखा गया है. जी हां दुनिया भर में तेज़ी से फैलने वाले मोटापे को देखें तो यह सही लगता है की पेटूपन बुरी चीज़ हैं और हर ज़माने में पेटूपन की निंदा हुई है और इसका मज़ाक़ उड़ाया गया है. ठूंस कर खाने को महा पाप में इस लिए रखा गया है कि एक तो इसमें अधिक खाने की लालसा है और दूसरे यह ज़रूरतमंदों के खाने में हस्तक्षेप का कारण है.
मध्यकाल में लोगों ने इसे विस्तार से देखा और इसके लक्षण में छह बातें बताईं जिनसे पेटूपन साबित होता है. वह इस प्रकार हैं.
eating too soon--------------eating too eagerly
eating too expensively----- eating too daintily
eating too much-------------eating too fervently
ग्रीड (Greed) यानी लालच, लोभ. यह भी लस्ट और ग्लूटनी की तरह है और इसमें में अत्यधिक प्रलोभन होता है. चर्च ने इसे सात महापाप की सूची में अलग से इस लिए रखा है कि इस से धन-दौलत की लालच शामिल है (An excessive desire to acquire or possess more than what one needs or deserves, especially with respect to material wealth)
स्लौथ (Sloth) यानी आलस्य, सुस्ती और काहिली (Aversion to work or exertion; laziness; indolence). पहले स्लौथ का अर्थ होता था उदास रहना, ख़ुशी न मनाना और इसे महापाप में इसलिए रखा गया था कि इस से ख़ुदा की दी हुई चीज़ से परहेज़ करना. इस अर्थ का पर्याय आज melancholy, apathy, depression, और joylessness होगा. बाद में इसे इसलिए पाप में शामिल रखा गया क्योंकि इस की वजह से आदमी अपनी योग्यता और क्षमता का प्रयोग नहीं करता है.
रैथ (Wrath) ग़ुस्सा, क्रोध, आक्रोश. इसे नफ़रत और ग़ुस्से का मिला जुला रूप कहा जा सकता है जिस में आकर कोई कुछ भी कर जाता है. यह सात महापाप में अकेला पाप है जिसमें हो सकता है कि आपका अपना स्वार्थ शामिल न हो (Forceful, often vindictive anger)
एनवी (Envy) यानी ईर्ष्या, डाह, जलन, हसद. यह ग्रीड यानी लालच से इस अर्थ में अलग है कि ग्रीड में धन-दौलत ही शामिल है जबकि यह उसका व्यापक रूप है. यह महापाप इस लिए है कि कोई गुण किसी में देख कर उसे अपने में चाहना और दूसरे की अच्छी चीज़ को देख न पाना.
प्राइड (Pride) यानी घमंड, अहंकार, अभिमान को सातों माहापाप में सबसे बुरा पाप समझा जाता है और किसी भी धर्म में इसकी कठोर निंदा और भर्त्सना की गई है. इसे सारे पाप की जड़ समझा जाता क्योंकि सारे पाप इसी के पेट से निकलते हैं. इसमें ख़ुद को सबसे महान समझना और ख़ुद से अत्यधिक प्रेम शामिल है.
अंग्रेज़ी के सुप्रसिद्ध नाटककार क्रिस्टोफ़र मारलो ने अपने नाटक डॉ. फ़ॉस्टस में इन सारे पापों का व्यक्तियों के रूप में चित्रण किया है. उनके नाटक में यह सारे महापाप इस क्रम pride, greed, envy, wrath, gluttony, sloth, lust में आते हैं.
अब जबकि आपने सात अजूबों के साथ सात महापाप भी देख लिया तो ज़रा सात महापुण्य भी देख लें. यह इस प्रकार हैं.
लस्ट (Lust)--------- Chastity पाकीज़गी, विशुद्धता,
ग्लूटनी (Gluttony)-- Temperance आत्म संयम, परहेज़,
ग्रीड (Greed)-------- Charity यानी दान, उदारता,
स्लौथ (Sloth)--------Diligence यानी परिश्रमी,
रैथ (Wrath)--------- Forgiveness यानी क्षमा, माफ़ी
एनवी (Envy)---------Kindness यानी रहम, दया,
प्राइड (Pride)-------- Humility विनम्रता, दीनता, विनय
तो फिर क्या सोच रहे हैं. चलिए इस बार के रिज़ोल्युशन यानी संकल्प में इन महापापों से बचना और सदगुणों को अपनाना भी शामिल कर सकते हैं. वैसे जश्न के माहौल में कुछ ज़्यादा खाने से मना करने पर कहीं आप नाराज़ न हो जाएं. नव वर्ष की शुभ कामनाओं के साथ विदा लेते हैं....

Person और People में फ़र्क़


कोरियाई लोग
कोरियन पीपुल अपने अपने मग के साथ
आम तौर पर कुछ शब्द हमें परेशान तो नहीं करते लेकिन हम उनके इस्तेमाल के बारे में बहुत ज़्यादा आश्वस्त नहीं होते.
पीपुल (People) और पर्सन (Person) इसी प्रकार के शब्द हैं जो एक ही अर्थ देते हैं, लेकिन इनका प्रोयग ही इनके सही अर्थ का निर्धारण करता है.
तो आईए देखते हैं पीपुल (People) और पर्सन (Person) का प्रयोग.
हम पर्सन (Person) का प्रयोग किसी एक व्यक्ति के लिए करते हैं और आम तौर पर कई सारे लोगों के लिए पीपुल (People) का का प्रयोग करते हैं.
आम तौर पर मैन की जगह भी पर्सन का प्रयोग करते हैं. जैसे चेयरमैन (chairman) की जगह चेयरपर्सन (chairperson), या स्पोक्सपर्सन (spokesperson) या फिर सेल्सपर्सन (salesperson), sportsperson वग़ैरह. यानी इसका प्रयोग न्युटर जेंडर के रूप में बढ़ा है.
मुहावरे में हम इन पर्सन (in person) का प्रयोग करते हैं यानी स्वयं, बज़ाते-ख़ुद, स्वतः, व्यक्तिगत रूप से. वग़ैरह, जैसे In one’s physical presence, personally: जैसे- He applied for the job in person.
लेकिन फिर पीपुल्स (peoples) का प्रयोग कहाँ होता है? आम तौर पर किसी देश या दुनिया में विभिन्न प्रकार के समुदायों के लिए हम पीपुल्स शब्द का प्रयोग करते हैं.
इसे उदाहरण के साथ इस प्रकार समझा जा सकता है.
  • The peoples of the world must unite to tackle climate change.
  • The peoples of India include Hindus, Muslims, Sikhs and Christians.
पीपुल
आम जनता के लिए या किसी देश की जनता के लिए भी पीपुल का प्रयोग कर सकते हैं
बहरहाल इन दोनों स्थितियों में पीपुल्स के अलावा पीपुल का प्रयोग भी उचित है जैसे-
  • The people of the world must unite to tackle climate change.
  • The people of India include Hindus, Muslims, Sikhs and Christians.

पुराना प्रयोग

अगर देखा जाए तो पीपुल्स (peoples) ज़रा पुराना प्रयोग है और इनका प्रयोग आम तौर पर इन दिनों नहीं होता है, हां ये सही है कि सरकारी दस्तावेज़ में इनका प्रयोग ज़रूर मिल जाता है.
इसी प्रकार पर्सन्स (persons) भी काफ़ी औपचारिक समझा जाता है और आम तौर पर बात-चीत में इसका प्रयोग कम होता है.
यहां कुछ उदाहरण दिए जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि उनका कहां इस्तेमाल किया जाए.
We will be happy to accommodate up to four persons in each room.
As many as five persons were present to sign the contract.
आम तौर पर किसी कॉंट्रैक्ट या क़रार और अनुबंध में इसका प्रयोग किया जाता है.
I was approached by a group of persons unknown to myself.
पाकिस्तान के लोग
पाकिस्तान में वज़ीरिस्तान के डिसप्लेस्ड पीपुल
यह काफ़ी पुरानी ब्रितानी अंग्रेज़ी का नमूना है और आम तौर पर बात-चीत में इस्तेमाल नहीं होता है. हाँ, ये बात सही है कि ब्रितानिया के मुक़ाबले भारत में इसका प्रयोग आम तौर पर ज़्यादा देखा गया है.
पिपुल (people) का इस्तेमाल एक वचन संज्ञा के तौर पर भी किया जा सकता है जैसे-
The Canadians are a people who enjoy nature and spending time outside.
उसी एक स्थिति में आप पीपुल को एक वचन के तौर पर प्रयोग कर सकते हैं जब आप किसी राज्य या देश के शहरियों के बारे में बात कर रहे हों.
इस प्रकार देखें तो हम पीपुल और पर्सन दोनों का एक वचन में प्रयोग कर सकते हैं.
इसी तरह पीपुल, पर्सन्स और पीपुल्स का प्रयोग आम तौर पर बहुवचन संज्ञा के तौर पर होता है.
पीपुल (people) का एक वचन और पीपुल्स (peoples) और पर्सन्स (persons) का बहुवचन में प्रयोग कम प्रचलित है. यानी दूसरे अर्थों में people का बहुवचन में और person का एक वचन में ज़्यादा प्रयोग होता है.

फ़्रीडम शब्द कैसे बना और प्रचलित हुआ

फ़्रीडम का इज़हार
शायद ये अपनी आज़ादी का इज़हार कर रही हैं
हम तरह तरह की आज़ादी की बात करते हैं लेकिन क्या आपको मालूम है कि शब्द फ़्रीडम अंग्रेज़ी के सबसे अधिक लोकप्रिय शब्दों में से एक है.
आज की बैठक में हम फ़्रीडम शब्द के साथ उड़ने की कोशिश करेंगे, कुछ तो आज़ादी का लुत्फ़ हमें भी आए. आज का हमारा शब्द है फ़्री और फ़्रीडम. आपको पूरी फ़्रीडम है कि आप इसे फ़्री होकर पढ़ें.
फ़्री़डम Freedom (Free + dom) इसके अर्थ के लिए आप को स्वतंत्रता है, हम पहले इसके लंबे से इतिहास पर नज़र डालते हैं और फिर इसके प्रयोग को देखते हैं कि कितना फ़्री होकर इसका प्रयोग किया जा रहा है.
यह शब्द ऐंग्लो-सैक्सन भाषा का है जब जर्मनिक भाषाओं से अलग होकर ऐंगेल्स और सैक्सन ने नदी पार के इलाक़े ऐंगिल-लैंड (Angle-land) में क़दम रखा और इस प्रकार वह दूसरी जर्मैनिक क़ौम से अलग हो गए. उसके बाद से अंग्रेज़ी बोलने वालों के लिए कोई भी दूसरा शब्द इस से अधिक महत्वपूर्ण नहीं रहा है.
कहा जाता है कि यह शब्द वहां की क्षेत्रीय उपज है जो कि दो शब्दों फ़्री (Free) और डूम (doom) से बना है. फ़्री का प्रयोग उस समय प्रियतम या महबूब (beloved) के लिए होता था और जो प्रिय होगा वह फ़्रेंड होगा यानी कहीं न कहीं यह फ्रेंड (Friend) शब्द से जुड़ा हुआ है. डूम का अर्थ आज ज़रा कड़ा हो चुका है लेकिन शुरू में यह न्याय से जुड़ा हुआ था और आज डीम (deem) का लगभग वही अर्थ है. तो दोनों का मतलब हुआ न्यायिक रूप से आज़ाद.
888 वर्ष पूर्व सम्राट ऑलफ़्रेड ने ख़ुद इसका प्रयोग किया. सम्राट ऑलफ़्रेड एक मात्र अंग्रेज़ शासक हैं जिनके नाम के साथ ‘ग्रेट’ लगाया जाता है. बाक़ी सम्राटों के साथ ग्रेट लगाने के लिए आप आज़ाद हैं वैसे सिकंदर, अशोक और अकबर के साथ इस शब्द का प्रयोग देखा गया है.
888 वर्ष पूर्व सम्राट ऑलफ़्रेड ने ख़ुद इसका प्रयोग किया. सम्राट ऑलफ़्रेड एक मात्र अंग्रेज़ शासक हैं जिनके नाम के साथ ‘ग्रेट’ लगाया जाता है. बाक़ी सम्राटों के साथ ग्रेट लगाने के लिए आप आज़ाद हैं वैसे सिकंदर, अशोक और अकबर के साथ इस शब्द का प्रयोग देखा गया है.
हम कहां से कहां पहुंच गए, वापस चलते हैं किंग ऑलफ़्रेड के पास जिन्होंने रोमन बोथियस की किताब ‘कंसोलेशन ऑफ़ फ़िलॉस्फ़ी’ (Consolation of Philosophy) का अंग्रेज़ी भाषा में अनुवाद करते हुए यह शब्द दिया. उन्होंने लिखा: ‘on tham hehstan freodome,’ (प्राचीन अंग्रेज़ी) यानी ‘in the highest Freedom’ यानी कि न्यायपूर्ण राज ‘सबसे बड़ी आज़ादी’ है. वह फ़ुल फ़्री़डम ‘fulne friodom’(प्राचीन अंग्रेज़ी) या ‘full Freedom’ के बारे में लिखते हैं कि जो सांसारिक लाभ नहीं चाहता है वही पूरी तरह आज़ाद है.
बहुत बाद में 14वीं शताब्दी में फ़्रांसीसी शब्द लिबर्टी (Liberty) को लगभग उसी अर्थ में अपनाया गया लेकिन फ़्री़डम अंग्रेज़ी का मूल शब्द बना रहा. यह अमरीकियों के लिए ख़ास शब्द रहा है. अब्राहम लिंकन ने कहा ‘Those who deny Freedom to others, deserve it not for themselves.’ यानी वे आज़ादी के हक़दार नहीं हैं जो दूसरों को आज़ादी नहीं देते.
मार्टिन लूथर किंग जूनियर ने अपने प्रसिद्ध भाषण को समाप्त करते हुए कहा था ‘Let Freedom ring’ यानी आज़ादी को बजने दो.
फ़्री़डम (Freedom) का अर्थ और प्रयोग
पढ़ाई का लुत्फ़
ये आज़ादी कम लोगों को नसीब होती है
The condition of being Free of restraints रुकावटों से आज़ाद होने की स्थिति में जैसे Anil loves Freedom.
Liberty of the person from slavery, detention, or oppression, किसी व्यक्ति की ग़ुलामी, क़ैद और ज़ुल्म से आज़ादी, जैसे Freedom from slavery came with the passage of time.
Political independence राजनीतिक स्वतंत्रता, जैसे India attained Freedom on 15th August 1947 from British Raj.
Exemption from the arbitrary exercise of authority in the performance of a specific action; civil liberty किसी सामूहिक कार्य में सरकारी हस्तक्षेप से आज़ादी, शहरी आज़ादी, इकत्रित होने की आज़ादी, जैसे Freedom of assembly
Exemption from an unpleasant or onerous condition ख़राब स्थिति से छुटकारा, जैसे Freedom from want ज़रूरतों से आज़ादी
The capacity to exercise choice; Free will अपनी पसंद का कार्य करने की आज़ादी, अभिव्यक्ति की आज़ादी, जैसे We have the Freedom to do as we please all afternoon
Ease or facility of movement: चलने फिरने पहनने का आराम जैसे loose sports clothing, giving the wearer Freedom.
Frankness or boldness; lack of modesty or reserve: खुलापन, निर्भीकता या शालीनता की कमी जैसे the new Freedom in movies and novels
फ़्री के साथ यह भी तो आते हैं Free-living भोगविलासी, Free-lance स्वतंत्र (पत्रकार कलाकार वग़ैरह), Free-masonry गुप्त संसद, Free-ship निःशुल्कता, Free thinker स्वतंत्र विचारक, नास्तिक. आप कहेंगे कि Freedom Fighter यानी स्वतंत्रता सेनानी भी तो कुछ होता है.
The right to unrestricted use; full access: बे-रोक इस्तेमाल की इजाज़त, पुरी पैठ जैसे was given the Freedom of their research facilities.
The right of enjoying all of the privileges of membership or citizenship: किसी जगह की नाग्रिता का पूरा लाभ जैस the Freedom of the city.
A right or the power to engage in certain actions without control or interference: बिना-क़ाबू या रुकावट के किसी काम शामिल होने का हक़ या शक्ति जैसे the seductive Freedoms and excesses of the picaresque form
फ़्री (Free) से शुरू होने वाले कुछ मुहावरे
Feel Free संकोच न करना, इत्मीनान से होना
For Free मुफ़्त में, सबके लिए
Free and easy सहज, आसान
Free association भावना और चेतना का संयोगवश मिल जाना
Free enterprise स्वतंत्र व्यापार
Free fall स्वतः गिरना
Free fight खुला मुक़ाबला
Free from से मुक्त, से ख़ाली
Free from blame निर्दोष, दोषमुक्त
Free kick खेल में दंड के रूप में गेंद को मारने की खुली इजाज़त
Free love बिना शादी या बिना किसी बंधन के यौन संबंध बनाना
Free market खुला बाज़ार
Free of charge निशुल्क, मुफ़्त
Free pass सबके लिए जाने की अनुमति
Free rein पूरी आज़ादी, बिना लगाम
Free speech बोलने की आज़ादी
Free spirit आज़ाद तबियत, सारे रीति-रिवाज से आज़ाद
Free throw खेल में बिना बाधा फेंकने की इजाज़त
Free trade मुक्त व्यापार
Free up ख़ाली करना
Free vote स्वतंत्र मतदान
Free will स्वेच्छा
Give someone a Free hand खुली छूट देना
Make Free with घुल-मिल जाना
फ़्री के साथ यह भी तो आते हैं Free-living भोगविलासी, Free-lance स्वतंत्र (पत्रकार कलाकार वग़ैरह), Free-masonry गुप्त संसद, Free-ship निःशुल्कता, Free thinker स्वतंत्र विचारक, नास्तिक. आप कहेंगे कि Freedom Fighter यानी स्वतंत्रता सेनानी भी तो कुछ होता है.

अंग्रेज़ी में विशेषणों का इस्तेमाल

गृह
अंग्रेज़ी वाक्यों की तुलना करते हुए यह महसूस किया गया है कि अंग्रेज़ी वाक्यों में जटिल और एक से अधिक विचारों का एक ही साथ वर्णन किया जा सकता है जबकि हिंदी में क्रिया, कर्ता और कर्म के एक ख़ास क्रम में होने के कारण अलग-अलग विचारों को एक साथ व्यक्त करना मुश्किल होता है.
इसी कारण हिंदी में हम अपने विचार के विभिन्न आयामों का अलग अलग वाक्य में बयान करते हैं.
आज हम संज्ञा विशेषण पर बात करेंगे.
हिंदी में यदि दो से अधिक विशेषण एक साथ आ जाएँ तो वाक्य भारी लगने लगता है, लेकिन अंग्रेज़ी में एक वाक्य बड़ी सहजता से तीन-चार विशेषण को उठा लेता है.
यहाँ एक बात की व्याख्या ज़रूरी है कि यहाँ हमारा उद्देश्य अंग्रेज़ी भाषा की सराहना या हिंदी भाषा की आलोचना करना नहीं है बलकि इन दोनों भाषाओं में वाक्यों की रचना का अध्यन करना है.
तो आइए आज की बात की शुरूआत एक अनूठे शब्द से करते हैं, और वह शब्द है OPSHACOM
हिप्पो-इंग्लिश
अंग्रेज़ी में एक वाक्य बड़ी सहजता से तीन-चार विशेषण को उठा लेता है.
निश्चित ही आप इस शब्द का अर्थ नहीं जानते होंगे, और किसी डिक्शनरी में भी ढ़ूंढने की कोशिश भी मत कीजिएगा, क्योंकि यह वहाँ नहीं मिलेगा. इस शब्द का अविष्कार एक ख़ास उद्देश्य के लिए किया गया है.
अंग्रेज़ी वाक्य में अगर एक साथ कई विशेषण आ जाएं तो वे एक ख़ास क्रम में सामने आते हैं. उदाहरण स्वरूप यदि हमारे पास एक सुंदर छोटी नीली पेंसिल है जोकि जापान में बनी है तो इन विशेषण का प्रयोग इस क्रम में होगा-
A beautiful small blue Japanese pencil
आम तौर पर अंग्रेज़ी वाक्यों में तीन से अधिक विशेषण का प्रयोग नहीं किया जाता लेकिन विशेषण के प्रयोग के नियमों को समझने के लिए हम एक कृत्रिम वाक्य का निर्माण उदाहरण स्वरूप करते हैं
A beautiful long new black British plastic pen
इस वाक्य में क़लम की जो विशेषताएं बताई गई हैं वे एक ख़ास क्रम में आई हैं.
सब से पहले हमने पेन (क़लम) के बारे में विचार रखा है कि वह सुंदर है, फिर उसका साइज़ बताया है, उसके बाद उसके नए या पुराने होने कि बात कही है, फिर उसके रंग को बता कर वह स्थान का वर्णन किया है जहां कि वह बनी हुई है अथवा निर्मित है, और अंत में यह बताया गया है कि पेन किस वस्तु का बनी हुई है.
इन सब बातों को याद रखने के लिए हमें विशेषण के निम्नलिखित क्रम को याद रखना होगा.
OPinion—SHape—Age—Colour—Origin—Material—noun
शाही मग
अंग्रेज़ी में विशेषण का एक ख़ास पैटर्न है.
इस क्रम को याद रखने का सरल तरीक़ा है कि उपर्युक्त शब्दों के प्रारंभिक अक्षरों को लेकर जोड़ लिया जाए और उससे जो शब्द भी बने उसे याद कर लिया जाए.
अब आप समझ गए होंगे कि यह अजीबो-ग़रीब शब्द OPSHACOM किस प्रकार पैदा हुआ.
यह बात याद रखनी चाहिए कि यह क्रम सामान्य स्थिति के लिए है, ख़ास अवसर पर जब किसी विशेषता पर ज़्यादा ज़ोर डालना हो तो इस क्रम में उलट फेर कर लेते हैं.
अब हम अभ्यास के लिए कुछ वाक्य देते हैं, आप को इसमें प्रयुक्त विशेषण का क्रम ठीक करना है-- उदाहरण a (red lovely ) dress
इसका सही क्रम इस प्रकार होगा
A lovely red dress

अभ्यास

(British, new, fantastic) film
a (black, long) limousine
a/an (leather, brown, Italian) briefcase
a (new, terrible) play
a (green, large) garden
a (new, silly) television show
a (horrible, purple, long) coat
a/an (old, lovely, French) song
a (red, beautiful, British) bicycle
a/an (new, American, fibre-glass) racket

अंग्रेज़ी के उपनाम क्या कहते हैं?


फूल, गुलाब
शेक्सपियर ने कहा था नाम में क्या रखा है फूल को जिस नाम से पुकारो फूल तो फूल ही रहेगा. लेकिन यहां हम देखते हैं कि नामों में बहुत कुछ रखा है.
क्रिकेट प्रेमी डेविड शेफ़र्ड, इयान बिशप, कोर्टनी वाल्श, इलेस्टियर कैम्पबेल, ग्रैम स्मिथ, रसेल आर्नाल्ड, राबिन्सन जैसे नामों से भलिभांति परिचित होगें.
इसी प्रकार आप दत्ता, अग्रवाल, उपाध्याय, पांडे, त्रिवेदी, चतुर्वेदी, पाठक, अंसारी, ख़ान, सिंह, वर्मा, शुक्ला, तिवारी, बाटलीवाला, वग़ैरह से भी परिचित होंगे.
यह सारे उपनाम हमें किसी व्यक्ति की जाति, पेशे, स्थान इत्यादी के बारे में बताते हैं, इसी प्रकार हर क्षेत्र और हर भाषा में उपनाम हैं जो कुछ न कुछ बताते हैं. किसी शायर ने नामकरण के बारे में कहा था.
इस से ज़ेहनों की बुलंदी का पता चलता है
नाम ज़र्रों के तुम अपने महो-अख़्तर रखना

आज की बैठक में हम अंग्रेज़ी भाषा के उपनाम (Surname) देखते हैं. क्या कहते हैं यह उपनाम और उनका अर्थ क्या है.
विल स्मिथ
हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता विल स्मिथ
याद रहे कि अंग्रेज़ी भाषा की उत्पत्ति ऐंग्लो-सैक्सन के आम शब्दों से हुई है जिनमें घरबार के रोज़ाना इस्तेमाल की चीज़ें, शरीर के अंग, आम जानवरों के नाम, प्राकृतिक पदार्थ, अधिकतर सर्वनाम, पूर्वसर्ग, सहायक क्रिया वग़ैरह शामिल हैं.
अंग्रेज़ी के उपनाम (Surname) या ख़ानदानी या पारिवारिक नाम (Family name) के चार मुख्य स्रोत हैं. इनसे किसी व्यक्ति के पेशे का पता चलता है, उसके स्थाना का पता चलता है कि उसका संबंध कहां से है, उपनाम (nickname) और रिश्ते का पता चलता है.

पेशे के आधार पर उपनाम

आर्चर (Archer) तीर-धनुष का प्रयोग करने वाला (bow and arrow user) यानी शिकारी
बिशप (Bishop) यानी बिशप का आदमी (bishop's man)
बुचर (Butcher) मांस का काम करने वाला (meat worker ) यानी क़स्साब या कसाई
कार्पेन्टर (Carpenter) पहियों की मरम्मत करने वाला (wheel repairer) यानी बढ़ई
फ़्लेचर (Fletcher) तीर बनाने वाला (arrow maker) यानी तीर साज़
फ़ुलर (Fuller) कपड़ा साफ़ करने वाला (cloth cleaner) यानी धोबी
स्मिथ धातु का काम करने वाला यानी शिल्पी या लोहार, आम तौर पर हर धातु के साथ स्मिथ जोड़ कर उसे विशिष्ट कर दिया जाता है जैसे गोल्ड स्मिथ यानी सुनार, ब्लैक या आइरन स्मिथ लोहार वग़ैरह
मिलर (Miller) अनाज पीसने वाला (grain grinder) यानी पिसनहारा
शेफ़र्ड (Shepherd) भेड़ पालने वाला (herder of sheep) यानी गडरिया या चरवाहा
स्मिथ (Smith) धातु का काम करने वाला (metal worker) यानी शिल्पी या लोहार, आम तौर पर हर धातु के साथ स्मिथ जोड़ कर उसे विशिष्ट कर दिया जाता है जैसे गोल्ड स्मिथ यानी सुनार, ब्लैक या आइरन स्मिथ लोहार वग़ैरह.

स्थान के आधार पर उपनाम

डेवनशायर (Devonshire) इंग्लैंड का एक गांव (an English county) जैसे डेवनशायर एलिस जिन्होंने डेज़न शिरा की स्थापना की.
लिंकन (Lincoln) अंग्रेज़ों का एक शहर (an English city) जैसे अमरीका के राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन.
केंट (Kent) इंग्लैंड का एक शहर (an English county) जैसे मैरी केंट
स्कॉट (Scott) स्कॉटलैंड से (from Scotland) जैसे प्रसिद्ध उपन्यासकार सर वाल्टर स्कॉट
वॉल्श (Walsh) वेल्स से (from Wales) जैसे प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी कोर्टनी वॉल्श

उपनाम या मुंहबोलानाम (Nicknames) के आधार पर

शेक्सपियर
शेक्सपियर ने कहा था कि नाम में क्या रखा है, फूल को जिस नाम से पुकारो फूल ही रहेगा.
आर्मस्ट्रॉंग (Armstrong) मज़बूत बाज़ू (strong armed) जैसे नील आर्मस्ट्रॉग
कैम्पबेल (Campbell) वक्र मुंह वाला (crooked mouth) जैसे क्रिकेट खिलाड़ी इयन कैम्पबेल
गोल्ड वाटर (Goldwater) पेशाब (urine) चिढ़ाने के लिए (derogatory)
केनेडी गैलिक (Kennedy Gaelic) ख़राब सिर वाला (ugly head)
मॉर्गन वेल्श (Morgan Welsh) सफ़ेद बालों वाला (white haired)
रसेल फ़्रेंच (Russell French) लाल बालों वाला (red haired)
व्हिस्लर (Whistler) सीटी मारने वाला (one who whistles)
व्हाइटहेड (Whitehead) सफ़ेद सिर वाला (white headed)

रिश्तों (Relations) के आधार पर उपनाम

जॉनसन (Johnson) जॉन का बेटा (son of John)
मैक्डोनाल्ड (MacDonald) डोनल्ड का बेटा (son of Donald) यह स्कॉट (Scottish) में प्रयुक्त है
ओकौन्नर (O'Connor) कौन्नर का बेटा son of Connor आयरलैन्ड में प्रयुक्त (Irish)
रॉबिन्सन (Robinson) रॉबिन का बेटा (son of Robin)
आप जबतक अपनी जानकारी के हिसाब से उपनामों को सजाएं हम आपकी दिलचस्पी की कुछ और मालूमात इकठ्ठा करते हैं.

बिल्ली और चूहे पर बने रोचक मुहावरे


चूहा-बिल्ली
आपने लोगों को अक्सर कहते सुना होगा या ख़ुद ही इन वाक्यों का प्रयोग किया होगा ‘नौ सौ चूहे खाके बिल्ली चली हज को’, या ‘बिल्ली के भागो छींका टूटा’ या ‘बिल्ली बख़्शे चूहा लिंडोरा ही भला’, या ‘बिल्ली के गले घंटी कौन बांधे’, या ‘बिल्ली रास्ता काट गई’ वग़ैरह.
हम प्रायः पशु, पक्षियों और कीड़ों-मकोड़ों के हवाले से अपनी बात कहते हैं और जो जानवर मनुष्य से जितना क़रीब होता है, उसका उतना ही प्रयोग होता है. हर भाषा में पशु, पक्षियों और कीड़ों मकोड़ों के हवाले से मुहावरे और कहावतें मौजूद हैं.
आज हम बिल्ली (cat) और चूहे (rat or mouse) के हवाले से कुछ महावरों को देखेंगे कि उनका अर्थ क्या है और हम अपने दैनिक जीवन में उनका प्रयोग किस प्रकार करते हैं.
बिल्ली और चुहे अपनी विशिष्ट प्रवृति के लिए जाने जाते हैं और उनके विशेष चरित्र के आधार पर ही उनसे संबंधित मुहावरे बनते हैं और हम उनका प्रयोग करते हैं. लोक कथाओं में तो यह पशु अपनी हैसियत रखते ही हैं और इन दोनों को आपस में ज़ालिम और मज़लूम के तौर पर देखा गया है.
बिल्ली और चुहे अपनी विशिष्ट प्रवृति के लिए जाने जाते हैं और उनके विशेष चरित्र के आधार पर ही उनसे संबंधित मुहावरे बनते हैं और हम उनका प्रयोग करते हैं.
इसी लेख से
कॉमिक्स की किताबों में इन दोनों के संबंध से काफ़ी रोचक बातें देखने को मिलती हैं जिनमें इनकी मूल प्रवृति को बदलने की कोशिश की गई है. मिसाल के तौर पर टॉम एण्ड जेरी में चूहे को बिल्ली पर भारी दिखाया जाता रहा है जब्कि मिकी माउस में या स्टूवार्ट लिटिल में चूहे को मासूम और सबके चहेते के रूप में दिखाया गया है.
ख़ैर हम इनकी कहानियों को छोड़ इनसे संबंधित मुहावरों को देखते हैं कि अंग्रेज़ी भाषा में बिल्ली और चुहे से संबंधित मुहावरों का मतलब क्या है और इनका प्रयोग क्या है.

कुछ मुहावरे

ऐज़ कंसीटेड ऐज़ ए बारबर्स कैट (as conceited as a barber’s cat) का अर्थ है अत्यधिक अहंकारी.
My friend became as conceited as a barber’s cat after she won the award at school.
ऐज़ वीक ऐज़ ए किटेन (as weak as a kitten) का अर्थ है कमज़ोर, बीमार
The girl is as weak as a kitten and cannot carry her school bag.
कैट गेट्स वन्स टंग (cat gets one’s tongue) का अर्थ है शर्मीलेपन के कारण न बोल पाना
The cat got the woman’s tongue and she could not say anything at all.
टॉम और जेरी
बिल्ली और चूहे को आधार बनाकर टॉम एंड जेरी नीम का प्रसिद्ध कार्टून वजूद में आया.
ए कैट नैप (a cat nap) का अर्थ है झपकी लेना (दिन में) थोड़ी देर सो जाना
I had a cat nap during the afternoon so that I would feel refreshed in the evening party.
ए कैट ऑन ए हॉट टिन रूफ़ (a cat on a hot tin roof) बेचैन, घबराया हुआ या चिंतित. इसे लाई ए कैट ऑन हॉट ब्रिक्स (like a cat on hot bricks) भी कहते हैं.
She has been like a cat on a hot tin roof ever since she heard her lover is back in town.
ए कॉपीकैट (a copycat) का अर्थ है नक़लची.
The boy is a copycat according to the other students in the class.
क्युरिऑसिटि/ केयर किल्ड द कैट (curiosity/care killed the cat) का अर्थ है चिंता चिता समान, अत्यधिक चिंता के कारण परेशानी में पड़ जाना.
You should not worry about what your friend is doing. Remember, curiosity killed the cat.
लेट द कैट ऑउट ऑफ़ द बैग (let the cat out of the bag) का अर्थ है राज़ खोल देना.
The leader let the cat out of the bag when he began talking about the plans for the new stadium.
प्ले कैट एण्ड माउस (play cat and mouse) का अर्थ है परेशान करना, मूर्ख बनाना, तरह तरह के उपाय करना, लुका-छुपी, आम तौर पर विथ (with) के साथ प्रयोग होता है.
Some actors and actresses spent a large proportion of their time playing cat and mouse with the press.
पुट द कैट अमॉंग द पीजन्स (put the cat among the pigeons) का अर्थ है परेशानी बढ़ाना.
Sending the bad supervisor to talk to the angry workers was like putting the cat among the pigeons.
रेन कैट्स एण्ड डॉग्स (rain cats and dogs) का अर्थ है मूसलाधार बारिश होना
It has been raining cats and dogs all day and there could be flood like Bihar anytime.

चूहे पर मुहावरे

बिल्ली और चूहा
रैट रेस का अर्थ होता है बेतहाशा होड़, अंधी दौड़, बे मक़्सद की भाग दौड़.
रैट ऑन (rat on) का अर्थ होता है चुग़ली खाना, शिकायत करना, प्रायः किसी के साथ
The little boy ratted on his friend at school.
रैट आउट ऑन (rat out on) का अर्थ होता है साथ छोड़ देना, धोखा देना. (someone)
The boy ratted out on his friends and now they won’t talk to him.
रैट रेस (rat race) का अर्थ होता है बेतहाशा होड़, अंधी दौड़, बेमक़्सद की भाग दौड़.
My uncle is tired of being in the rat race every day and he plans to quit his job soon and do something else.
स्मेल ए रैट (smell a rat) का अर्थ होता है दाल में काला होना, संदेह होना.
I smell a rat. There is something wrong with the offer of a free credit card.
बी ऐज़ क्वाईट ऐज़ माउस (be as quiet as a mouse) का अर्थ होता है बहुत ख़ामोश होना, बिलकुल चुप-चाप, शर्मीला.
She was as quiet as a mouse. I didn’t even know she’d come in.
ऐज़ पूअर ऐज़ ए चर्च माउस (as poor as a church mouse) का अर्थ है बहुत ग़रीब, निर्धन.
My cousin is as poor as a church mouse and never has any money to spend.
व्हेन द कैट्स अवे, द माईस विल प्ले (when the cat’s away, the mice will play) जब कोई निगरानी करने वाला न हो तो मनमानी करना.
When the cat’s away, the mice will play and when the teacher left the classroom the students began to move around.

26 January 2011

डिक्शनरी के ढेरों फ़ायदे


डिक्शनरी
किसी शिक्षक या सीनियर की उपस्थिति में क्षात्र सामान्य रूप से डिक्शनरी अथवा शब्द-कोश के प्रयोग से कतराते हैं और जिस शब्द का अर्थ मालूम नहीं हो अपने शिक्षक से ज़बानी पूछ लेते हैं.
देखा जाए तो यह महज़ सुस्ती और आलस्य का प्रदर्शन है.
अगर किसी शब्द का मतलब बताने वाला कोई व्यक्ति मौजूद है तब भी शब्दकोश से सहायता ज़रूर लेनी चाहिए, इस के बहुत से कारण हैं, उदाहरणस्वरूप कोश में आप को शब्दों के सही उच्चारण मिल जाएंगे.
यदि शब्द किसी और अर्थ में भी प्रयुक्त होता है तो कोश में उसका विवरण भी मौजूद होगा.
अगर कोई लंबा और जटिल शब्द है तो कोश में उसके भाग को अलग अलग करके उसका सही उच्चारण भी दिया होगा और अगर वह शब्द संज्ञा और क्रिया दोनों प्रकार से प्रयोग में आता है तो दोनों का उच्चारण अलग अलग दिया हुआ होगा.
एक ही शब्द शिक्षा और कला के विभिन्न विभागों में अलग-अलग अर्थों में इस्तेमाल हो सकता है, कोश में इस का ब्योरा भी मौजूद होता है.
व्याकरण के अनुसार शब्द जिस वर्ग में आता है उसका विवरण भी कोश में दिया होता है.
संख्या और लिंग के लिहाज़ से यदि किसी शब्द में कोई परिवर्तन होता है या एकवचन और बहुवचन या स्त्रीलिंग और पुलिंग में बनावट का बुनियादी अंतर है तो हर अच्छे कोश में उसका विवरण भी दिया होता है.
पर्यायवाची शब्दों के साथ साथ विपरीतार्थक शब्द भी एक अच्छे कोश में दिए गए होते हैं.
हर अच्छा कोश आप को शब्द के उच्चारण बताने के साथ साथ उसके मूल और विषयी तक भी ले जाता है और शब्द की जड़ तक पहुंचने के बाद आप उसी परिवार या वंश के और भी शब्दों से परिचित हो जाते हैं. (इस विषय की व्याख्या आगे चल कर होगी)
विस्तृत कोश में शब्दों का अर्थ उसके उपयुक्त प्रयोग से भी स्पष्ट कर दिया जाता है. और शब्दों का वाक्य में सही इस्तेमाल भी बताया जाता है.
कुछ कोश में शब्दों के साथ साथ उस से जुड़े प्रसिद्ध व्यक्तियों और स्थानों का भी ज़िक्र कर दिया जाता है.
इन सारे बिंदुओं के व्यावहारिक उदाहरण के लिए आइए हम अंग्रेज़ी का एक शब्दकोश कहीं से भी खोलते हैं ---- और जो शब्द हमारे सामने आ रहा है वह है ‘डाटा’.

DATA

इस शब्द का अर्थ ‘इंग्लिश टू इंग्लिश’ कोश में इस प्रकार है.
data (dá/ tə) n. orig. pl. of datum. Facts or figures from which conclusions may be drawn
Those who continue to regard data as a Latin plural use it with a plural verb (These data are new) but its use with a singular verb for example, This data is new is widespread
(L, neut. pl. of datus, pp of dare = to give)
अगर हम कोश से सहायता लेने के आदी ना हों तो इस व्याख्या के कई आयाम हमारी समझ में नहीं आ सकेंगे.

उच्चारण

मिसाल के तौर पर शब्द के तुरंत बाद कोष्ठ में उसका उच्चारण दिया गया है, उच्चारण की व्याख्या के लिए विभिन्न स्वर सिद्धांत मौजूद हैं और हर कोश के प्रारंभ में उसकी कुंजी-सुची मौजूद होती है, इस लिए कोश में किसी शब्द को खोजने से पहले हमें उस कुंजी का अध्ययन अवश्य कर लेना चाहिए.
‘डाटा’ का उच्चारण देने के बाद हमें बताया गया है कि वह शब्द ‘नाउन’ अथवा संज्ञा है और वास्तव में यह ‘डैटम’ का बहुवचन है. इस के बाद ‘डेटा’ का मतलब बतलाया गया है यानी वह वास्तविकता या आँकड़े जिन की बुनियाद पर हम नतीजे या निष्कर्ष निकालते है.
प्राथमिक अर्थ बताने के बाद यह व्याख्या भी कर दी गई है कि यह मूल रूप से बहुवचन है, और लातीनी व्याकरण के मानने वाले बुज़ुर्ग लोग आज भी इसका प्रयोग सिर्फ बहुवचन में ही करते हैं.
फिर भी नए प्रयोग में यह शब्द एकवचन के तौर पर भी इस्तेमाल होता है. अंत में यह बताया गया है कि लातीनी भाषा में इस शब्द का मूल क्या है.
आइए अब एक और शब्द का उदाहरण लेते हैं. और यह शब्द है ‘ज्यॉग्रफ़ी’ या Geography
कोश में इसका ब्यौरा इस प्रकार है:
geography (jē. og/ rə fē) n. pl. phies
The science that describes the surface of the earth and the associated physical, biological, economic, political and demographic characteristics (2) The natural aspects features, etc. of a place or area: the geography of Northern India. Abbr. geog
L. geographia GK, gē = earth + graphein = to write, describe.
यह विवरण देखने से बड़ा ही जटिल दिखाई देता है लेकिन ज़रा ध्यान दीजिए तो सारी गुत्थी सुलझ जाती है.
एक बार कोश देखने की कुछ बुनियादी चीज़ें समझ ली जाएं तो फिर जीवन भर कोश से सहायता लेना सरल हो जाता है. उपर जो उदाहरण दिया गया है उसे ध्यान से देखें.
इस में सब से पहले ज्यॉग-र-फ़ि का अंग्रेज़ी उच्चारण दिया गया है, फिर बताया गया है कि यह एक संज्ञा है और बहु-वचन में उसे ‘ज्यॉगरफ़ीज़’ geographies कहेंगे.
फिर इस शब्द का अर्थ इस प्रकार बयान किया गया:
वह ज्ञान जो भू-भाग और उसके भौतिक, प्राकृतिक, आर्थिक, राजनैतिक और जनसांख्यिकीय पक्ष या पहलू की व्याख्या करता है.
इस के पश्चात इस शब्द का दूसरा अर्थ भी दिया गया है, यानी किसी ख़ास स्थान की भौगोलिक स्थिति, जैसे उत्तर भारत का भूगोल.
अंत में उस शब्द का मूल दिया गया है कि अंग्रेज़ी में यह शब्द लातीनी भाषा से आया है, जहां उसका रुप जोगराफ़िया था, लेकिन ख़ुद लातीनी में यह शब्द यूनानी भाषा से आया है, जहां ‘जिओ’ का अर्थ है ज़मीन और ‘ग्राफ़ीन’ का मतलब है व्याख्या अर्थात यूनानी भाषा में इसका शाब्दिक अर्थ है—ज़मीन के बारे में व्याख्या
अब सवाल यह है कि शब्द का मूल तलाश करते हुए उसकी जड़ तक पहुंचने पर क्या साधारण पाठक को कोई लाभ हो सकता है?
जी हां लातीनी भाषा के उपसर्ग (Prefix) और अंतसर्ग (Suffix) याद हो जाएँ तो हमें दूसरे शब्दों के अर्थ का अंदाज़ा आसानी से हो जाता है.
उदाहरणस्वरूप यदि हमें ‘जिओ’ का अर्थ मालूम है तो हम ‘जिओफ़िज़िकल’ और ‘जिओपॉलिटिकल’ के बारे में अनुमान लगा सकते हैं.
इसी प्रकार यदि हमें ‘ग्राफ़ी’ का अर्थ मालूम है तो हम ‘फ़ोटोग्राफ़ी’, ‘आ़डियोग्राफ़ी’ या ‘बायोग्राफ़ी’ के बारे में अनुमान लगा सकते हैं.
बाज़ार में इस समय अनगिनत अंग्रेज़ी के शब्दकोश मौजूद हैं लेकिन विद्यार्थियों के लिए कौन सी डिक्शनरी उत्तम है और जो लोग अंग्रेज़ी शब्द का अर्थ हिंदी में समझना चाहते हैं उन्हें कौन सी डिक्शनरी का प्रयोग करना चाहिए?
अगले किसी लेख में हम इसी संदर्भ में बात करेंगे और यह भी देखेंगे कि इंटरनेट हमारी इस संदर्भ में क्या सहायता कर सकता है.

अंग्रेज़ी में रंगों के मुहावरे


रंग
हिंदी में मुहावरा है लाल-पीला होना
हिंदी में लाल – पीला होने का अर्थ है क्रोधित होना और स्याह और सफ़ेद मालिक वो व्यक्ति होता है जिसके क़ब्ज़े में सब कुछ आ जाए.
अंग्रेज़ी भाषा में भी ऐसे रंगीन मुहावरों की कमी नहीं है. आज हम सफ़ेद और लाल रंग से संबंध रखने वाले अंग्रेज़ी मुहावरों पर एक नज़र डालेंगे.
आइए पहले white यानी सफ़ेद रंग को लेते हैं. Go as white as a sheet का मतलब है – रंग उड़ जाना. He went as white as a sheet when he read the telegram यानी तार पढ़कर उसका रंग उड़ गया.
white coffee का मतलब है वो क़ॉफ़ी जिसमें दूध मिलाया गया हो, हालाँकि दूध मिलाने से उसका रंग सफ़ेद नहीं बल्कि गहरा भूरा हो जाता है. लेकिन मुहावरों में उसे white coffee ही कहा जाता है.
White-collar worker ऊँचे दर्जे की नौकरी करने वाले को कहते हैं जो साफ़ सुथरा लिबास पहनकर दफ़्तर में मेज़ कुर्सी पर बैठ सके, जबकि फ़ैक्टरियों और कारख़ानों में शारीरिक परिश्रम करने वाले नौकरीपेशा लोग blue collar worker कहलाते हैं.
मसलन, ये वाक्य देखिए – He has not finished even high school and is looking for a white collar job; he will be lucky to get a blue collar one.
और अब एक ऐसा मुहावरा जिसका प्रयोग हमारे यहाँ अक्सर ग़लत किया जाता है. यानी अंग्रेज़ी का सफ़ेद झूठ जोकि हिंदी के सफ़ेद झूठ से बिल्कुल भिन्न बात है.
अंग्रेज़ी में white lie का अर्थ है – ऐसा झूठ जो किसी को नुक़सान पहुँचाने के लिए नहीं बल्कि परेशानी से बचाने के लिए बोला जाए.
Whiter than white का मतलब है – ऐसा व्यक्ति जिससे कभी किसी ग़लत काम की अपेक्षा नहीं की जा सकती. मसलन - In his entire working life he has never harmed a fellow worker, he is whiter than white.
और सफ़ेद के बाद आइए अब लाल रंग के मुहावरों पर नज़र डालते हैं. इस रंग को आमतौर पर ख़तरे और ग़ुस्से का प्रतीक माना जाता है और बरतानियाँ में सुर्ख़ बालों वाले लोग (red heads) तुनकमिज़ाज और तेज़तर्रार समझे जाते हैं.
लाल रंग से संबंध रखने वाले कुछ मुहावरे नीचे दिए गए हैं, उन्हें पढ़कर आप ख़ुद मतलब तलाशने की कोशिश कीजिए. बाद में हम इसकी जानकारी देंगे.
Be in the red
See red
Roll out the red carpet
Paint the town red
A red letter day
अगर बैंक में हमारे सब पैसे ख़र्च हो जाएं और हमें over draft लेने की ज़रूरत पड़े तो कहा जा सकता है कि हम red में चले गए हैं. She is always in the red, never in the black. No overdraft would ever be big enough for her.
अचानक ग़ुस्से हो जाने या भिन्ना उठने के लिए see red का मुहावरा इस्तेमाल होता है. When she realised that no housework had been done all week, she saw red and banished us from her home. यानी जब उसे मालूम हुआ कि हफ़्ता भर घर का कोई काम नहीं किया गया तो वह क्रोधित हो गई और उसने हमें घर से बाहर निकाल दिया.
स्वागत करने के लिए लाल क़ालीन का इस्तेमाल अंग्रेज़ी में बहुत आम है. यहाँ इसी सिलसिले का एक मुहावरा पेश है – It will be time to roll out the red carpet when Naveen Kumar returns home. We haven’t seen him for twenty years.
नवीन कुमार बीस वर्ष के बाद ब्रिटेन से लौट रहे हैं और गाँव वाले उनके भव्य स्वागत की तैयारी कर रहे हैं.
अगर ये गाँव पंजाब के के बजाय ब्रिटेन या अमरीका में होता तो लोग नवीन कुमार की आमद का जश्न क्लबों और शराबख़ानों में धूम – धड़ाके से मनाते और उनके इरादों को इस तरह बयान किया जा सकता – They have decided to paint the town red.
और चूँकि गाँववालों की ज़िंदगी में ये एक ख़ुशियों भरा दिन है, इसलिए इसे एक red letter day भी कहा जा सकता है.

अंग्रेज़ी भाषा को शेक्सपियर का योगदान


शेक्सपियर
शेक्सपियर को अंग्रेज़ी के 1600 से अधिक शब्द को पहली बार इस्तेमाल करने का श्रेय जाता है
क्या आप को मालूम है, अंग्रेज़ी के महान कवि और नाटक कार विलियम शेक्सपियर ने अंग्रेज़ी भाषा को कितने नए शब्द दिए हैं. आप को यह जान कर आश्चर्य होगा कि शेक्सपियर को अंग्रेज़ी के 1600 से अधिक शब्द को पहली बार इस्तेमाल करने का श्रेय जाता है.
आप को यह जानकर कोई हैरत नहीं होगी कि सबसे अधिक लोकप्रिय वाक्य भी उन्हीं के नाम जाते हैं और उन्हीं के कथनों को सबसे ज़्यादा उदाहरण के रूप में पेश किया जाता रहा है.

आज की बैठक में हम उन दस शब्दों पर नज़र डालेंगे जो शेक्सपियर ने बनाए और इस्तेमाल किए. ये सारे शब्द बहुत लोकप्रिय हैं और 400 वर्ष बीत जाने के बाद आज भी प्रयोग में हैं.

यहां यह याद रहे कि शेक्सपियर ने ये सारे शब्द यूंही नहीं गढ़े हैं बल्कि इन्हें लातीनी, यूनानी एवं दूसरी भाषाओं से लेकर उसके मुनासिब इस्तेमाल से उसे जीवंत बना दिया है.

शेक्सपियर ने जो शब्द गढ़े उनमें बेडरूम (bedroom), ब्लैंकेट (blanket), बर्थ-प्लेस (birth-place), चैम्पियन (champion), बेट (bet), क्रीटिक (critic), एलबो (elbow), और लोनली (lonely) जैसे लोकप्रिय शब्द भी शामिल हैं.

शेक्सपियर के गढ़े रोज़ाना के जीवन में प्रयोग होने वाले शब्दों में से ये दस शब्द लेकर हाज़िर हैं.

Addiction, (ऐडिक्शन) आदत, लत, इसका पर्याय Habit है Compulsive physiological and psychological need for a habit-forming substance: a drug used in the treatment of heroin addiction.
शेक्सपियर ने अपने नाटक किंग हेनरी पंचम के पहले दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
Since his addiction was to courses vain,
His companies unletter'd, rude and shallow

Amazement, (अमेज़मेंट) अचंभा, हैरत, विस्मय, हक्का-बक्का इत्यादि A state of extreme surprise or wonder; astonishment. पुराना प्रयोग Bewilderment; perplexity.
शेक्सपियर ने अपने नाटक किंग जॉन पंचम के पहले दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
And wild amazement hurries up and down
The little number of your doubtful friends

Countless, (काउंटलेस) का अर्थ है असंख्य, अंगिनित, गिनती में न आना इत्यादि Incapable of being counted; innumerable
शेक्सपियर ने अपने नाटक टाइटस ऐन्ड्रोनिकस के पांचवें भाग के तीसरे दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
Thy brother Marcus tenders on thy lips:
O were the sum of these that I should pay
Countless and infinite, yet would I pay them!
शेक्सपियर
शेक्सपियर ने जो शब्द गढ़े उनमें bedroom, blanket, birth-place, champion, जैसे लोकप्रिय शब्द भी शामिल हैं.
Critic, (क्रीटीक) का अर्थ है आलोचक, समालोचक, समीक्षक, दोष ढ़ूंढ़ने वाला, One skilled in judging of the merits of literary or artistic works; a connoisseur; an adept; hence, one who examines literary or artistic works, etc., and passes judgment upon them; a reviewer.
शेक्सपियर ने अपने नाटक लव्स लेबर लॉस्ट के तीसरे भाग के पहले दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
A very beadle to a humorous sigh;
A critic, nay, a night-watch constable;
A domineering pedant o'er the boy;

Excitement
(एक्साइटमेंट) का अर्थ है उत्तेजना, क्षोभ, आवेश, जोश इत्यादि the act or an instance of exciting, the condition of being excited; something that excites: the dancing tigers and other circus excitements.
शेक्सपियर ने अपने प्रसिद्ध नाटक हैमलेट के चौथे भाग के चौथे दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
How stand I then,
That have a father kill'd, a mother stain'd,
Excitements of my reason and my blood,
And let all sleep?

Frugal, (फ़्रूगल) का अर्थ है मिताहारी, किफ़ायत करने वाला, कम ख़र्च वाला, Economical को भी इसी अर्थ में प्रयोग करते हैं Practicing or marked by economy, as in the expenditure of money or the use of material resources. See synonyms at sparing. Costing little; inexpensive: a frugal lunch. इसका विपरीत जेनरस है.
शेक्सपियर ने अपने नाटक मेरी वाईफ़्स ऑफ़ विंडसर के दूसरे भाग के पहले दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
Why, he hath not been thrice in my company! What
should I say to him? I was then frugal of my
mirth: Heaven forgive me!

Generous, (जेनरस) का अर्थ है उदार उदारचेत, दानी, सख़ी, भरपूर परिपूर्ण इत्यादि,
Liberal in giving or sharing; See synonyms at liberal; Characterized by nobility and forbearance in thought or behavior; magnanimous; marked by abundance; ample: a generous slice of cake. इसका विपरीत है फ़्रूगल.
शेक्सपियर ने अपने नाटक लव्स लेबर लॉस्ट के चौथे भाग के पहले दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
The posterior of the day, most generous sir, is
liable, congruent and measurable for the afternoon:
the word is well culled, chose, sweet and apt, I do
assure you, sir, I do assure.

Majestic, (मैजेस्टिक) का अर्थ है प्रतापी, तेजस्वी, राजसी, शाहाना, शानदार इत्यादि
Having or showing lofty dignity or nobility; stately; see synonyms at grand. ऐडवर्ब के रूप में यह majestically है.
शेक्सपियर ने अपने प्रसिद्ध नाटक जूलियस सीज़र के पहले भाग के दूसरे दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
As a sick girl.--Ye gods, it doth amaze me,
A man of such a feeble temper should
So get the start of the majestic world,
And bear the palm alone.

Obscene, (ऑबसीन) का अर्थ है अश्लील, नग्न, खुला हुआ, नंगा, इत्यादि
Offensive to accepted standards of decency or modesty; inciting lustful feelings; lewd; Repulsive; disgusting: “The way he writes about the disease that killed her is simply obscene”
शेक्सपियर ने अपने नाटक लव्स लेबर लॉस्ट के पहले भाग के पहले दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
Then for the place where; where, I mean, I did encounter
that obscene and preposterous event, that draweth
from my snow-white pen the ebon-coloured ink, which
here thou viewest, beholdest, surveyest, or seest;

Radiance (रेडियेंस) का अर्थ है चमक, कांति, चमक दमक, the quality or state of being radiant भौतिक विज्ञान में इसका अर्थ है the radiant energy emitted per unit time in a specified direction by a unit area of an emitting surface.
शेक्सपियर ने अपने नाटक ऑल्स वेल दैट एंड्स वेल के पहले भाग के पहले दृश्य में इसे इस प्रकार प्रयोग किया है.
And think to wed it, he is so above me:
In his bright radiance and collateral light
Must I be comforted, not in his sphere.

शेक्सपियर के नाटक ऑल्स वेल दैट एंड्स वेल का हिंदी अनुवाद है अंत भला तो सब भला. आप को शेक्सपियर के गढ़े हुए ये शब्द कैसे लगे हमें लिखें.

फ़्रीडम शब्द कैसे बना और प्रचलित हुआ


फ़्रीडम का इज़हार
शायद ये अपनी आज़ादी का इज़हार कर रही हैं
हम तरह तरह की आज़ादी की बात करते हैं लेकिन क्या आपको मालूम है कि शब्द फ़्रीडम अंग्रेज़ी के सबसे अधिक लोकप्रिय शब्दों में से एक है.
आज की बैठक में हम फ़्रीडम शब्द के साथ उड़ने की कोशिश करेंगे, कुछ तो आज़ादी का लुत्फ़ हमें भी आए. आज का हमारा शब्द है फ़्री और फ़्रीडम. आपको पूरी फ़्रीडम है कि आप इसे फ़्री होकर पढ़ें.
फ़्री़डम Freedom (Free + dom) इसके अर्थ के लिए आप को स्वतंत्रता है, हम पहले इसके लंबे से इतिहास पर नज़र डालते हैं और फिर इसके प्रयोग को देखते हैं कि कितना फ़्री होकर इसका प्रयोग किया जा रहा है.
यह शब्द ऐंग्लो-सैक्सन भाषा का है जब जर्मनिक भाषाओं से अलग होकर ऐंगेल्स और सैक्सन ने नदी पार के इलाक़े ऐंगिल-लैंड (Angle-land) में क़दम रखा और इस प्रकार वह दूसरी जर्मैनिक क़ौम से अलग हो गए. उसके बाद से अंग्रेज़ी बोलने वालों के लिए कोई भी दूसरा शब्द इस से अधिक महत्वपूर्ण नहीं रहा है.
कहा जाता है कि यह शब्द वहां की क्षेत्रीय उपज है जो कि दो शब्दों फ़्री (Free) और डूम (doom) से बना है. फ़्री का प्रयोग उस समय प्रियतम या महबूब (beloved) के लिए होता था और जो प्रिय होगा वह फ़्रेंड होगा यानी कहीं न कहीं यह फ्रेंड (Friend) शब्द से जुड़ा हुआ है. डूम का अर्थ आज ज़रा कड़ा हो चुका है लेकिन शुरू में यह न्याय से जुड़ा हुआ था और आज डीम (deem) का लगभग वही अर्थ है. तो दोनों का मतलब हुआ न्यायिक रूप से आज़ाद.
888 वर्ष पूर्व सम्राट ऑलफ़्रेड ने ख़ुद इसका प्रयोग किया. सम्राट ऑलफ़्रेड एक मात्र अंग्रेज़ शासक हैं जिनके नाम के साथ ‘ग्रेट’ लगाया जाता है. बाक़ी सम्राटों के साथ ग्रेट लगाने के लिए आप आज़ाद हैं वैसे सिकंदर, अशोक और अकबर के साथ इस शब्द का प्रयोग देखा गया है.
888 वर्ष पूर्व सम्राट ऑलफ़्रेड ने ख़ुद इसका प्रयोग किया. सम्राट ऑलफ़्रेड एक मात्र अंग्रेज़ शासक हैं जिनके नाम के साथ ‘ग्रेट’ लगाया जाता है. बाक़ी सम्राटों के साथ ग्रेट लगाने के लिए आप आज़ाद हैं वैसे सिकंदर, अशोक और अकबर के साथ इस शब्द का प्रयोग देखा गया है.
हम कहां से कहां पहुंच गए, वापस चलते हैं किंग ऑलफ़्रेड के पास जिन्होंने रोमन बोथियस की किताब ‘कंसोलेशन ऑफ़ फ़िलॉस्फ़ी’ (Consolation of Philosophy) का अंग्रेज़ी भाषा में अनुवाद करते हुए यह शब्द दिया. उन्होंने लिखा: ‘on tham hehstan freodome,’ (प्राचीन अंग्रेज़ी) यानी ‘in the highest Freedom’ यानी कि न्यायपूर्ण राज ‘सबसे बड़ी आज़ादी’ है. वह फ़ुल फ़्री़डम ‘fulne friodom’(प्राचीन अंग्रेज़ी) या ‘full Freedom’ के बारे में लिखते हैं कि जो सांसारिक लाभ नहीं चाहता है वही पूरी तरह आज़ाद है.
बहुत बाद में 14वीं शताब्दी में फ़्रांसीसी शब्द लिबर्टी (Liberty) को लगभग उसी अर्थ में अपनाया गया लेकिन फ़्री़डम अंग्रेज़ी का मूल शब्द बना रहा. यह अमरीकियों के लिए ख़ास शब्द रहा है. अब्राहम लिंकन ने कहा ‘Those who deny Freedom to others, deserve it not for themselves.’ यानी वे आज़ादी के हक़दार नहीं हैं जो दूसरों को आज़ादी नहीं देते.
मार्टिन लूथर किंग जूनियर ने अपने प्रसिद्ध भाषण को समाप्त करते हुए कहा था ‘Let Freedom ring’ यानी आज़ादी को बजने दो.
फ़्री़डम (Freedom) का अर्थ और प्रयोग
पढ़ाई का लुत्फ़
ये आज़ादी कम लोगों को नसीब होती है
The condition of being Free of restraints रुकावटों से आज़ाद होने की स्थिति में जैसे Anil loves Freedom.
Liberty of the person from slavery, detention, or oppression, किसी व्यक्ति की ग़ुलामी, क़ैद और ज़ुल्म से आज़ादी, जैसे Freedom from slavery came with the passage of time.
Political independence राजनीतिक स्वतंत्रता, जैसे India attained Freedom on 15th August 1947 from British Raj.
Exemption from the arbitrary exercise of authority in the performance of a specific action; civil liberty किसी सामूहिक कार्य में सरकारी हस्तक्षेप से आज़ादी, शहरी आज़ादी, इकत्रित होने की आज़ादी, जैसे Freedom of assembly
Exemption from an unpleasant or onerous condition ख़राब स्थिति से छुटकारा, जैसे Freedom from want ज़रूरतों से आज़ादी
The capacity to exercise choice; Free will अपनी पसंद का कार्य करने की आज़ादी, अभिव्यक्ति की आज़ादी, जैसे We have the Freedom to do as we please all afternoon
Ease or facility of movement: चलने फिरने पहनने का आराम जैसे loose sports clothing, giving the wearer Freedom.
Frankness or boldness; lack of modesty or reserve: खुलापन, निर्भीकता या शालीनता की कमी जैसे the new Freedom in movies and novels
फ़्री के साथ यह भी तो आते हैं Free-living भोगविलासी, Free-lance स्वतंत्र (पत्रकार कलाकार वग़ैरह), Free-masonry गुप्त संसद, Free-ship निःशुल्कता, Free thinker स्वतंत्र विचारक, नास्तिक. आप कहेंगे कि Freedom Fighter यानी स्वतंत्रता सेनानी भी तो कुछ होता है.
The right to unrestricted use; full access: बे-रोक इस्तेमाल की इजाज़त, पुरी पैठ जैसे was given the Freedom of their research facilities.
The right of enjoying all of the privileges of membership or citizenship: किसी जगह की नाग्रिता का पूरा लाभ जैस the Freedom of the city.
A right or the power to engage in certain actions without control or interference: बिना-क़ाबू या रुकावट के किसी काम शामिल होने का हक़ या शक्ति जैसे the seductive Freedoms and excesses of the picaresque form
फ़्री (Free) से शुरू होने वाले कुछ मुहावरे
Feel Free संकोच न करना, इत्मीनान से होना
For Free मुफ़्त में, सबके लिए
Free and easy सहज, आसान
Free association भावना और चेतना का संयोगवश मिल जाना
Free enterprise स्वतंत्र व्यापार
Free fall स्वतः गिरना
Free fight खुला मुक़ाबला
Free from से मुक्त, से ख़ाली
Free from blame निर्दोष, दोषमुक्त
Free kick खेल में दंड के रूप में गेंद को मारने की खुली इजाज़त
Free love बिना शादी या बिना किसी बंधन के यौन संबंध बनाना
Free market खुला बाज़ार
Free of charge निशुल्क, मुफ़्त
Free pass सबके लिए जाने की अनुमति
Free rein पूरी आज़ादी, बिना लगाम
Free speech बोलने की आज़ादी
Free spirit आज़ाद तबियत, सारे रीति-रिवाज से आज़ाद
Free throw खेल में बिना बाधा फेंकने की इजाज़त
Free trade मुक्त व्यापार
Free up ख़ाली करना
Free vote स्वतंत्र मतदान
Free will स्वेच्छा
Give someone a Free hand खुली छूट देना
Make Free with घुल-मिल जाना
फ़्री के साथ यह भी तो आते हैं Free-living भोगविलासी, Free-lance स्वतंत्र (पत्रकार कलाकार वग़ैरह), Free-masonry गुप्त संसद, Free-ship निःशुल्कता, Free thinker स्वतंत्र विचारक, नास्तिक. आप कहेंगे कि Freedom Fighter यानी स्वतंत्रता सेनानी भी तो कुछ होता है.

'ब्लॉकबस्टर' और 'ब्लूमून' का मतलब..?


मून बलून
आप ने बॉलीवुड और हॉलीवुड की फ़िल्मों के बारे में अक्सर ‘ब्लॉकबस्टर’ शब्द का प्रयोग देखा होगा लेकिन क्या आपको मालूम है कि ये होता क्या है?
नीचे लिखे वाक्यों को देखें कि इनमें किस तरह ‘ब्लॉकबस्टर’ शब्द का प्रयोग हुआ है
Kate Winslet came into prominence from starring in the Hollywood blockbuster Titanic. या फिर Ramgarh Ke Sholay is a parody of the 1975 Bollywood blockbuster Sholay.
इन वाक्यों में आपने देखा कि किस प्रकार की फ़िल्मों के लिए ब्लॉकबस्टर का प्रयोग किया गया है. इन दोनों वाक्यों को हिंदी में इस प्रकार लिखेंगे:
केट विंस्लेट हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर टाईटैनिक में अभिनय के बाद मशहूर हुईं. रामगढ़ के शोले 1975 की बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर शोले की नक़ल है.
फ़िल्म ‘शोले’ या ‘टाईटैनिक’ के संदर्भ में यह बात सामने आ चुकी है. यानी हम बहुत ही मशहूर, चर्चित और हिट फ़िल्म, किताब और नाटक के लिए इसका प्रयोग करते हैं.
इसी लेख से
आप अब तो ‘ब्लॉकबस्टर’ का मतलब ज़रूर समझ गए होंगे कि इसका प्रयोग बहुत ज़्यादा हिट और लोकप्रिय चीज़ों के लिए होता है. लेकिन क्या आप को मालूम है कि यह शब्द कैसे बना और इसका और क्या प्रयोग है.
ब्लॉकबस्टर
आज का हमारा पहला शब्द है ब्लॉकबस्टर (Blockbuster). Blockbuster दो शब्दों ‘ब्लॉक’ और ‘बस्ट’ (block and bust) से मिलकर बना है और इसका तीन अर्थों में प्रयोग होता है
इसका पहला इस्तेमाल दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान हुआ था. ब्लॉकबस्टर इतने बड़े बम को कहा जाता था जिसमें एक शहर को बरबाद करने की क्षमता हो.
यह पहली बार शहरों के एक क्षेत्र या इलाक़े जिसे ब्लॉक कहा जाता है उसे ‘बस्ट’ (bust) या ध्वस्त करने के शाब्दिक अर्थ में प्रयोग किया गया.
लेकिन जल्द ही इसका दूसरा अर्थ सामने आया और इसे किसी मूवी, किताब या नाटक की बहुत ज़्यादा शोहरत/ख्याति के लिए प्रयोग किया जाने लगा. इसका प्रयोग भी बड़े धमाके के तौर पर ही लिया गया जिसकी चपेट में बहुत से लोग आए हों.
फ़िल्म ‘शोले’ या ‘टाईटैनिक’ के संदर्भ में यह बात सामने आ चुकी है. यानी हम बहुत ही मशहूर, चर्चित और हिट फ़िल्म, किताब और नाटक के लिए इसका प्रयोग करते हैं.
केट विंस्लेट
लोकप्रिय और सफल फ़िल्मों के लिए ब्लाकबस्टर शब्द का प्रयोग किया जाता है.
इसका तीसरा प्रयोग ज़मीन और मकान बेचने वाले रियल स्टेट एजेंट के लिए होता है. ब्लॉकबस्टर ऐसे एजेंट को कहते हैं जो गोरे लोगों के इलाक़े, कालोनी या ब्लाक में किसी काले परिवार के हाथों मकान या ज़मीन बेचता है.
अगर एक बार किसी ब्लॉक में सेंध पड़ गई यानी एक काले या किसी दूसरे अल्पसंख्यक परिवार के हाथ गोरे लोगों के ब्लॉक, कॉलोनी या मुहल्ले में मकान या ज़मीन बेच दी गई तो दूसरे मकानों और ज़मीनों की क़ीमत में भारी गिरावट आ जाती और उसे दूसरे अल्पसंख्यक परिवार को बेचा जाने लगता. यहां भी इसका ‘ब्लॉक’ और ‘बस्ट’ के शाब्दिक अर्थों में प्रयोग हुआ है.
वैसे आजकल ब्लॉकबस्टर शब्द का प्रयोग मुक्केबाज़ी के मुक़ाबले में भी काफ़ी लोकप्रिय है.
ब्लूमून
दूसरा शब्द है ब्लूमून (Blue Moon)
आपने नीला आकाश तो ज़रूर देखा होगा लेकिन क्या आपने कभी नीला चांद देखा है. नीले रंग के मुहावरे वाले लेख में ‘ब्लू’ शब्द वाले कई मुहावरों के बारे में बताया जा चुका है. आप को वे सारे प्रयोग याद होंगे, उसके आधार पर आप समझ सकते हैं कि यहां ‘ब्लू मून’ का मतलब नीला चांद नहीं बल्कि कुछ और है.
पहले पहले ब्लू मून को एक ही महीने में दो बार दिखाई देने वाले दूसरे पूर्णिमा को कहा जाता था जोकि बहुत ही कम मौक़ों पर संभव है.
अंग्रेज़ी महीना प्रायः 30.5 दिन का होता है और चाँद का महीना 29.5 दिन का, इस प्रकार सौ साल में ऐसा 41 बार होता है जब एक ही महीने में दो बार पूर्णिमा हो. आज इसका प्रयोग किसी घटना के बहुत कम घटित होने के लिए होता है यानी इसका इस्तेमाल विरल या not often, और rare के लिए होता है.
चांद
ब्लूमून कभी देखा गया था लेकिन इसका प्रयोग सिर्फ़ मुहावरे में होता है.
इसका प्रयोग किसी ऐसी घटना के बारे में भी होता है जो कभी न घटित हो क्योंकि हम कभी ऐसा चाँद नहीं देखते हैं जो नीला हो. लेकिन वास्तव में चाँद उस वक़्त नीला हो सकता है जब वातावरण में बहुत सारा गर्द-ग़ुबार या धुआं फैल जाए जैसा कि वर्ष 1951 में कनाडा के जंगल में लगने वाली आग या वर्ष 1883 में कराकटवा में ज्वालामुखी के फटने के बाद चांद नीला दिखने लगा था.
इस से बनने वाला एक और मुहावरा है Once in a blue moon (वंस इन ए ब्लू मून). उर्दू और हिंदी में ‘ईद का चांद’ के रूप में इसका प्रयोग करते हैं.
ईद के चाँद
अगर आपको कोई यह कहे कि ‘भाई आप तो ईद का चांद हो गए हैं’ तो इसका मतलब है आप दिखाई नहीं देते हैं. ईद का चांद देखने के लिए मुसलमान आसमान पर टकटकी लगाए देखते रहते हैं लेकिन वह कभी दिखता है और कभी नहीं दिखता है.
ऑक्सफ़ोर्ड डिक्शनरी के मुताबिक़ इसे पहली बार वर्ष 1528 में इस प्रकार इस्तेमाल किया गया.
If they say the moon is blue,
We must believe that it is true
(अगर वे कहते हैं कि चांद नीला है, तो हमें विश्वास करना चाहिए कि यह सही है)
लेकिन इसका आधुनिक प्रयोग वर्ष 1821 में शुरू हुआ और इस का प्रयोग हर उस अवसर की अभिव्यक्ति के लिए किया जाने लगा जो विरल और कम घटित होने वाला हो.
19वीं शताब्दी में एक और मुहावरा प्रयोग किया जाने लगा until a blue moon (अंटिल ए ब्लू मून) जिसका अर्थ था कभी नहीं, Never.

डन्स (Dunce) शब्द की उत्पत्ति कैसे हुई?


डन्स
डन्स कैप उनको पहनाई जाती है जिनकी बुद्धी मंद होती है जैसे तस्वीर में नज़र आ रहा छात्र
आपने हमारे पहले के लेख में 'बॉयकॉट' शब्द की उत्पत्ति के बारे में पढ़ा होगा और आपने शब्दों के महाजाल में उन शब्दों के बारे में भी पढ़ा होगा जो अब बिल्कुल ही उल्टे अर्थ में प्रयुक्त हैं.
आज हम जिस शब्द की बात कर रहे हैं वह हमारे दैनिक जीवन की शब्दावली में शामिल है और वह शब्द है ‘डन्स’ जिसका अर्थ तो न बदला है लेकिन जिस व्यक्ति के नाम पर उसे रखा गया है उसके साथ बड़ी नाइंसाफ़ी हुई है.
किसी शायर ने इसकी अभिव्यक्ति के लिए कितना ख़ूबसूरत शेर कहा है....
ख़िरद का नाम जुनूं रख दिया जुनूं का ख़िरद
जो चाहे आप का हुस्न-ए-करिशमा-साज़ करे

यहां ख़िरद का अर्थ होशियारी है और जुनूं का मतलब पागलपन और हुस्ने-करिशमा-साज़ का अर्थ हुआ करिश्मा करने वाला सौंदर्य है. अब किसी प्रकार की व्याख्या की ज़रूरत तो नहीं है.
तो बात करते हैं डन्स (dunce) की
डन्स की उत्पत्ति उस व्यक्ति के नाम पर है जिसका शुमार अपने ज़माने के सबसे होशियार आदमी में होता था, और 13वीं शताब्दी के उस धर्मशास्त्री और बुद्धिजिवी का नाम था जॉन डन्स स्कॉटस. धर्मशास्त्र, दर्शन और तर्कशास्त्र पर उनकी किताबें विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाती थीं.
अंग्रेज़ी में इसके पर्याय के रुप में stupid, dolt, donkey, ass, duffer, loon, moron, fool, simpleton, dimwitted, unintelligent, brainless, blockhead, bonehead, dunderhead, hammerhead, knucklehead, loggerhead, muttonhead, numskull, dullard, poor fish, pudding head, इतने सारे शब्दों का प्रयोग होता है. इसके अलावा बहुत से अप-शब्द यानी सलॉंग और भी है.
इसकी उत्पत्ति उस व्यक्ति के नाम पर है जिसका शुमार अपने ज़माने के सबसे होशियार आदमी में होता था, और 13वीं शताब्दी के उस धर्मशास्त्री और बुद्धिजिवी का नाम था जॉन डन्स स्कॉटस. धर्मशास्त्र, दर्शन और तर्कशास्त्र पर उनकी किताबें विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाती थीं.
आप सोचेंगे कि उन्होंने ऐसा क्या कर दिया कि लोगों ने उनके नाम को मूर्खता का पर्याय मान लिया. तो सुन लिजिए उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया और अपने जीवन में नाम और मान के साथ रहे.
उनके दर्शन, धर्मशास्त्र और तर्कशास्त्र को मानने वालों को ‘डन्सेज़’ या ‘डन्समेन’ कहा जाता था और जिनकी बाल की खाल निकालने वाली प्रक्रिया को नकार दिया गया. बहुत से मामलों पर उनके तर्क को ख़ारिज कर दिया गया लेकिन वह अपनी बात पर सख़ती से डटे रहे.
सुधारकों ने उनकी हठधर्मी से तंग आकर उनके लिए यह कहना शुरू कर दिया कि ‘वे डन्स लोग हैं’ वे कहां समझेंगे जिससे यह अभिप्राय होता था कि डन्स सिद्धांत को मानने वाले आम तौर पर मूर्ख हैं, उनके पास भेजा नहीं है.
डन्स कैप
टॉम एंड जेरी
टॉम और जेरी नामक कार्टून में दोनों पात्र एक दूसरे को मूर्ख बनाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
डन्स सिर्फ़ एक शब्द नहीं है बल्कि अपने आप में एक परंपरा है, जिस तरह आज हॉल ऑफ़ फ़ेम और हॉल ऑफ़ शेम दोना प्रकार का पुरस्कार दिया जाता है और आलोचना के लिए विभिन्न प्रकार के तरीक़े अपनाए जाते हैं उसी प्रकार पश्चिमी देशों के स्कूलों में मंद बुद्धि के छात्रों को सज़ा के तौर पर डन्स कैप यानी एक शंक्वाकार टोपी पहनाई जाती थी ताकि उसे कुछ शर्म आए.
अब तो यह परंपरा आम नहीं है लेकिन आप कार्टूनों में देखेंगे कि किस प्रकार टॉम जेरी को डन्स कैप पहनाता है और जेरी टॉम को. या फिर टीवी शो के दौरान देखेंगे कि किसी के बेवक़ूफ़ बन जाने पर उसके सर पर एक कोनीकल टोपी पहना दी जाती है जिस पर डन्स या सिर्फ़ डी (D) लिखा होता है.
यह भी अजीब बात है कि जॉन डन्स स्कॉटस का विचार था कि शंकूनुमा टूपी पहनने से दिमाग़ में ज्ञान की कुछ रौशनी ज़रूर जाती है. लेकिन 16वीं शताब्दी में उनके विचार का इतना विरोध हुआ कि उनके नाम पर उसी प्रकार की टोपी प्रचलित हो गई और उसका मतलब यह निकाला गया कि जिसके दिमाग़ में ज्ञान न घुस पाए.
हालांकि मूर्ख और मंदबुद्धि के रूप में डन्स का प्रयोग और प्रचलन बहुत पहले हो गया था लेकिन इसका लिखित प्रमाण 1624 से पहले सामने नहीं आता है जब जॉन फ़ोर्ड ने अपने नाटक ‘संस डार्लिंग’ में मंदबुद्धि के छात्रों के लिए ‘डन्स टेबुल’ का प्रयोग किया जहां उन्हें सबसे अलग रखा जाता था.
इसी प्रकार ‘डन्स कैप’ का पहली बार प्रयोग 1840 में सामने आता है जब प्रसिद्ध उपन्यासकार चार्ल्स डिकेंस अपने उपन्यास ‘ओल्ड क्यूरियोसिटी शॉप’ में इसका प्रयोग करते हैं.
इस से जुड़े शब्द
डन्स कैप
डन्स कैप पुराने ज़माने में स्कूलों में प्रचलित थी.
डन्स का प्रयोग शुरू में तो अपमानित करने के लिए किया गया लेकिन बाद में हर प्रकार के मूर्खों के लिए होने लगा. फिर क्या था उनकी श्रेणियां भी बनने लगीं और फिर आया शब्द duncedom यानी wisdom का विपरीत और उसी से फिर बना duncery यानी मूर्खता, मूढ़ता, विदूषकत्व,
अंग्रेज़ी के महान कवि, सबसे बड़े वयंगकार और आलोचक अलेक्ज़ैन्डर पोप (मई 1688- मई 1744) ने अपने ज़माने के घटिया लेखकों और आलोचकों का चित्रण अपनी किताब ‘द डन्सियाड’ (The Dunciad) में किया है मानो वह मंदबुद्धियों पर लिखा गया महाकाव्य है.
‘डन्सियाड’ तीन बार में प्रकाशित हुआ जिसमें प्रसिद्ध कवि, व्यंगकार और आलोचक जॉन ड्राईडेन की किताब ‘मैक-फ़्लेकनो’ (MacFlecknoe) के अंदाज़ में पोप ने अपने ज़माने के निम्नस्तर के लेखकों और स्क्रिबलेरियन कलब के सदस्यों को निशाना बनाया गया है.
जॉन ड्राईडेन ने अपनी किताब ‘मैक-फ़्लेकनो’ में बेवक़ूफ़ी का ताज अपने प्रतिद्वंदी कवि थॉमस शैडवेल के सर पर रखा है तो पोप ने सुस्सती और मंदबुद्धि का सेहरा स्क्रिबलेरियन कलब के सदस्यों के सर किया है.
हमारे यहां भी एक मुहावरा मश्हूर होता जा रहा है टोपी पहनाना, यानी चूना लगा देना, यानी बेवक़ूफ़ बनाना या ठग लेना. तो यह टोपी पहनने और पहनाने का काम तो चलता रहेगा और शायद इसी लिए उर्दू के प्रसिद्ध कवि मीर ने कहा है कि अपनी दस्तार यानी पगड़ी यानी टोपी को ठीक से पकड़ें.
मीर साहब ज़माना नाज़ुक है
दोनों हाथों से थामिए दस्तार

Movie शब्द का प्रचलन कैसे शुरू हुआ?


मूवी
अगर आप से ये पूछा जाए कि आपकी पसंदीदा वीटास्कोप क्या है तो आप शायद इसका जबाव न दे पाएँ. लेकिन अगर इसके बजाए ये पूछा जाए कि आपकी पसंदीदा मूवी कौन सी है तो आप तुरंत ही किसी फ़िल्म का नाम लेंगे.
फ़िल्मों को लेकर कहीं न कहीं हम मूवी शब्द का प्रयोग करते हैं लेकिन क्या आपको मालूम है कि फ़िल्मों को मूवी का नाम कैसे दिया गया.
आज हम जिस शब्द की चर्चा कर रहें हैं वह शब्द है:

MOVIE (मूवी)

1912 में न्यूयॉर्क के एक प्रकाशन में "Movies' and the Law" के शीर्षक को इस बात का श्रेय जाता है कि वहीं मूवी शब्द पहली बार प्रयोग में आया और फिर लोगों ने फ़िल्मों को आम तौर पर मूवी कहना शुरू कर दिया.
इसी लेख से
हिंदी में हमने इसका सीधा सीधा अनुवाद चलचित्र के तौर पर कर लिया है लेकिन पहली बार इसका प्रयोग अमरीका के लोगों ने किया था.
नामकरण या नाम रखने को हमारे समाज में काफ़ी महत्वपूर्ण माना जाता है और जब ये किसी आविष्कार को लेकर हो तो उसकी अहमियत और भी बढ़ जाती है और बहुत सोच बिचार के बाद ही नाम रखा जाता है.
लेकिन कभी कभी ऐसा भी होता है कि मज़ाक़-मज़ाक में कोई नाम चल निकलता है और वही उसकी पहचान बन जाता है.
1912 में न्यूयॉर्क के एक प्रकाशन में "Movies' and the Law" के शीर्षक को इस बात का श्रेय जाता है कि वहीं मूवी शब्द पहली बार प्रयोग में आया और फिर लोगों ने फ़िल्मों को आम तौर पर मूवी कहना शुरू कर दिया.
फ़िल्म निर्माण की कला से जुड़े लोगों, ख़ास कर फ़िल्म निर्माताओं ने अपनी इस उत्कृष्ट कला को ऐसे बाज़ारी और चालू नाम दिए जाने पर खेद प्रकट किया.
उन्होंने मूवी शब्द को अपनाने से इंकार कर दिया क्योंकि 19वीं शताब्दी में नाम रखने का अपना ही भव्य अंदाज़ था.
19वीं सदी में काफ़ी आविष्कार हुए और उनके महत्व को दिखाने और उन्हें क्लासिकी रंग देने के लिए उनके नाम रखने में यूनानी शब्दों के प्रयोग को बहुत अहमियत दी जाती थी.

नामकरण

कैमरा
थॉमस एडीसन ने जब कैमरे (Camera) का आविष्कार किया तो अपने कैमरे का नाम काइनेटोग्राफ़ (kinetograph) रखा
इसी लिए थॉमस एडीसन ने जब कैमरे (Camera) का आविष्कार किया तो अपने कैमरे का नाम काइनेटोग्राफ़ (kinetograph) रखा, जोकि यूनानी मूल के शब्द ‘Kinetic’ (गति) और ‘graph’ (लिखने) को मिला कर बनाया गया था.
इसी प्रकार जब उन्होंने प्रॉजेक्टर बनाया तो उसका नाम काइनेटोस्कोप (kinetoscope) रखा जो कि यूनानी मूल के शब्द ‘kinetic’ (गति) और ‘scope’ (दृश्य) को मिला कर बनाया गया था.
एक दशक बाद एक और यंत्र बना जिसे बॉयोग्राफ़ (biograph) कहा गया जो ‘जीवन’ (bio) और ‘लिखने’ (graph) को लेकर बना था.
उन्नीसवीं शताब्दी में नामकरण की यही प्रथा प्रचलित रही और हमें टेलीग्राफ़ (telegraph -1805), फ़ोटोग्राफ़ (photograph -1839), टेलीफ़ोन (telephone -1876), फ़ोनोग्राफ़ (phonograph -1877), काईनेटिक्स (kinetics -1864), काईनेसिओलोजी (kinesiology -1894), लीथोग्राफ़ (lithograph -1825), सीज़मोग्राफ़ (seismograph -1858), कैलेडिस्कोप (kaleidoscope -1817), पेरिस्कोप (periscope -1879) आदि शब्द मिले जो यूनानी मूल से बने हैं.
1920 के दशक में टॉकीज़ शब्द का इस्तेमाल कम हो गया और फिर जब हर फ़िल्म में आवाज़ का इस्तेमाल होने लगा तो फिर से फ़िल्मों के लिए आम तौर पर ‘मूवी’ शब्द का ही प्रयोग होने लगा.
इसी लेख से
हालांकि मोशन पिक्चर का आविष्कार 1889 में हो चुका था लेकिन थॉमस एडीसन ने इसे अपने आविष्कार को वीटास्कोप (Vitascope) नाम दिया था जिसका मूल यूनानी भाषा में था.
लेकिन सारी कोशिशों के बाद भी फिल्मों को दिखाने और बनाने वाले इसे इसके नए नाम मूवी को नहीं हटा सके.
कुछ दिनों बाद उन्होंने अपनी फ़िल्मों में आवाज़ भी शामिल कर दी. इसके बाद फ़िल्मों को कुछ दिनों तक टाकीज़ (talkies) कहा जाने लगा.
1920 के दशक में टॉकीज़ शब्द का इस्तेमाल कम हो गया और फिर जब हर फ़िल्म में आवाज़ का इस्तेमाल होने लगा तो फिर से फ़िल्मों के लिए आम तौर पर ‘मूवी’ शब्द का ही प्रयोग होने लगा.
1920 के ही दशक में फ़िल्म जगत से जुड़े लोगों ने ‘अकादमी ऑफ़ मोशन पिक्चर आर्ट एंड साइंस’ (Academy of Motion Picture Arts and Sciences) की स्थापना की और हर वर्ष उसी की ओर से ऑस्कर पुरस्कार दिया जाने लगा.
सिनेमा एक ऐसी कला है जिसका संबंध आम लोगों से ज़्यादा है और ये वो माध्यम है जो उत्कृष्ट लोगों से ज़्यादा आम जनता के लिए है.
इसी लिए आज भी उस पर जनता का दिया हुआ नाम ‘मूवी’ यूनानी मूल के नाम ‘वीटास्कोप’ या ‘बाईस्कोप’ से ज़्यादा फबता है.

ओके का कैसे हुआ चलन?


ओके
हेलो (Hello) के बाद अंग्रेज़ी का सब से ज़्यादा प्रयोग में आने वाला शब्द शायद ‘ओके’ (OK) है. और अगर इस शब्द की पृष्ट-भूमि खंगालिए तो विचित्र कहानियाँ सुनने को मिलती हैं.
हालांकि आज कल ओके को छोटा बड़ा हर कोई बिना हिचक बड़ी सहजता से प्रयोग में लाता है, लेकिन हम अपने नवयुवक पाठकों को इस बात से अवगत करा दें कि कुछ दशक पहले इस शब्द के साथ ऐसी स्थिति नहीं थी.
ख़ुद मेरे छात्र-जीवन के समय इस शब्द को बाज़ारी समझा जाता था.
हमें याद है कि हमारे दर्शनशास्त्र की कक्षा के प्रोफ़ेसर शाहिद अली ने एक छात्र को एक सौ बार ‘All Right’ लिखने और फिर उसको सौ बार बोलने की सज़ा दी थी, क्योंकि उस छात्र ने प्रोफ़ेसर साहेब की आज्ञा के पालन के लिए ‘OK Sir’ कह दिया था.
बाद में प्रो. शाहिद अली ने सारी क्लास को चेतावनी देते हुए कहा था कि ‘अगर किसी और ने भी अधिक ‘YANKEE’ बनने की कोशिश की तो उसकी भी वैसी ही दुर्दशा होगी’.
वैसे तो ‘यांकी’ शब्द ख़ुद भी अपना एक दिलचस्प इतिहास रखता है लेकिन उस पर आगे कभी बात करेंगे, आज हम अपनी बात ओके तक ही सीमित रखते हैं.

शुरुआत

ऐंड्रियु जैकसन
कहा जाता है कि अमरीकी राष्ट्रपति जैकसन ने इसका प्रयोग किया था.
इस शब्द की शुरूआत के बारे में सबसे आम ख़्याल तो यह है कि अमरीकी राष्ट्रपति ऐड्रू जैक्सन ने All Correct के स्थान पर उसके संक्षिप्त रूप oll correct के ग़लत हिज्जे अथवा ओके का चलन किया.
यह कहानी जब भारत और पाकिस्तान तक पहुंची तो लोगों ने राष्ट्रपति का पात्र बदल कर वहां जार्ज वाशिंगटन या अब्राहम लिंकन को ला बिठाया.
यह कहानी जितनी पॉपुलर है उतनी ग़लत भी है क्योंकि किसी अमरीकी राष्ट्रपति के संदर्भ में इस प्रकार की किसी हरकत का प्रमाण नहीं मिलता है.
इस से ज़रा अच्छी और विश्वसनिय कहानी राष्ट्रपति पद के एक उम्मीदवार के बारे में है जिसका चुनाव अभियान सन 1800 ई. के क़रीब शुरू हुआ था.
उम्मीदवार का पुश्तैनी गांव न्युयार्क राज्य में था और उसका नाम था Old Kinderhook. इसलिए उसके समर्थकों ने उसी नाम के प्रारंभ के अक्षरों को लेकर एक OK ग्रुप बना लिया, और हर ओर इसी शब्द को ख्याति दी.
अमरीकी रेलवे के शुरू के समय में एक पोस्टल कलर्क की भी दास्तान मिलती है जिसका नाम Obaidiah Kelly था और हर पार्सल पर निशानी के लिए वह अपने नाम के प्रारंभ के अक्षर OK दर्ज कर देता था और वहीं से इस शब्द ने प्रसिद्धि प्राप्त की.

मज़बूत दलील

रेड इंडियन
एक मज़बूत दलील ये भी है कि ओके किसी रेड इंडियन भाषा से आया है.
लेकिन इन कहानियों से कहीं अधिक सशक्त दलील यह मालूम होती है कि OK किसी रेड इंडियन भाषा का शब्द है.
ज्ञात रहे कि अमेरिका में आज तक रेड इंडियन भाषा के बहुत से शब्द प्रयोग किए जाते हैं. ख़ुद अमेरीकी राज्यों में से आधे राज्यों का नाम रेड इंडियन है. उदाहरणस्वरूप ओकलाहामा, डकोटा, उडाहो, विस्किनसन, उहायो, टेनेसी—यह सब रेड इंडियन नाम हैं.
कहा जाता है कि रेड इंडियन क़बीले चटकाव का सरदार एक दिन क़बीले के प्रतिनिधियों की बात सुन रहा था और हर बात पर ‘ओके, ओके’ कहता जाता था जिस का अर्थ था ‘हां ठीक है’.
किसी अमेरीकी पर्यटक ने इस घटना को देख लिया और फिर अपने साथियों में इस शब्द को प्रचलित कर दिया.
OK एक ऐसा शब्द है जिसे अमरीका वाले शुद्ध अमरीकी शब्द मानेते हैं क्योंकि यह शब्द अंग्रेज़ी भाषा के साथ इंगलिस्तान से वहां नहीं पहुंचा था बलकि यह अमेरीका की अपनी पैदावार है.
अगरचे पिछले तीस-चालीस वर्षों में इस शब्द को बाज़ारी बोलचाल से संजीदा लेखन में आने का रुतबा मिल चुका है और अब कोई शिक्षक उसके प्रयोग करने पर किसी क्षात्र को सज़ा नहीं देता है लेकिन कुछ शरारती क्षात्रों ने उस्तादों को गुस्सा दिलाने के लिए इस की बिगड़ी हुई शक्ल ‘ओकी’ और ‘ओकी.डोकी’ जैसे ऊटपटांग शब्द गढ़ लिए हैं.