Loading

25 February 2017

जहां करोड़ों ब्रह्मांड राशियां सूक्ष्म रूप में दिखें वही है परमात्मा का परमधाम : नित्यानंद गिरी

ओढ़ां के राधाकृष्ण मंदिर में जारी श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह सम्पन्न

ओढ़ां
ओढ़ां की श्री श्री 108 बाबा संतोखदास गोशाला में स्थित राधाकृष्ण मंदिर में जारी श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के समापन पर ऋषिकेश से आमंत्रित कथा व्यास स्वामी नित्यानंद गिरी ने कृष्ण सुदामा की मैत्री कथा का वर्णन सुंदर शब्दों में करते हुये कहा कि 'देखि सुदामा की दीन दशा, करूणा करिके करूणानिधि रोये। पानी परात को हाथ छुओ नहीं, नैनन के जल सौं पग धोये।। अर्थात सुदामा की दीन दशा देखकर चरण धोने के लिये रखे गये जल को स्पर्श करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ी। करूणासागर के नेत्रों की वर्षा से ही मित्र के पैर धुल गये।
भक्तों के लक्षण गिनाते हुये उन्होंने कहा कि पृथ्वी से धैर्य, वायु से संतोष और निर्लिप्तता, आकाश से अपरिछिन्नता, जल से शुद्धता, अग्नि से निर्लिप्तता एवं माया, चन्द्रमा से क्षण भंगुरता, सूर्य से ज्ञान ग्राहकता तथा त्याग की शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए।
स्वामी जी ने बताया कि श्रीमद्भागवत पुराण में काल गणना अत्यधिक सूक्ष्म रूप से की गई है। वस्तु के सूक्ष्मतम स्वरूप को परमाणु, दो परमाणुओं से एक अणु और तीन अणुओं से मिलकर एक त्रसरेणु बनता है। तीन त्रसरेणुओं को पार करने में सूर्य किरणों को जितना समय लगता है, उसे त्रुटि कहते हैं। त्रुटि का सौ गुना कालवेध होता है और तीन कालवेध का एक लव, तीन लव का एक निमेष, तीन निमेष का एक क्षण तथा पांच क्षणों का एक काष्टा, पन्द्रह काष्टा का एक लघु, पन्द्रह लघुओं की एक नाडि़का या दंड तथा दो दंडों का एक मुहूर्त, छह मुहूर्त का एक प्रहर अथवा याम होता है। उन्होंने बताया कि एक चतुर्युग (सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग, कलियुग) में बारह हजार दिव्य वर्ष होते हैं और एक दिव्य वर्ष मनुष्यों के तीन सौ साठ वर्ष के बराबर होता है। प्रत्येक मनु 7,16,114 चतुर्युगों तक अधिकारी रहता है। ब्रह्मा के एक कल्प में चौदह मनु होते हैं जो ब्रह्मा जी की प्रतिदिन की सृष्टि है। सोलह विकारों से बना यह ब्रह्मांडकोश भीतर से पचास करोड़ योजन विस्तार वाला है जिसके ऊपर दस दस आवरण हैं। ऐसी करोड़ों ब्रह्मांड राशियां जिस ब्रह्मांड में परमाणु रूप में दिखाई देती हैं वही परमात्मा का परमधाम है। श्रीमद्भागवत कथा के समापन अवसर पर बाबा संतोखदास गोशाला की ओर से स्वामी जी ने एक एक श्रद्धालु को मंच पर बुलाकर स्मृतिचिन्ह प्रदान किये। इस मौके पर गोशाला प्रधान रूपिंद्र कुंडर, अमर सिंह गोदारा, तेजाराम, कृष्ण शर्मा, विजय गोयल, हंसराज, मदन गोदारा, कृष्ण गोयल, बसंत लाल शर्मा, जीत सिंह कुंडर और दर्शन सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।

महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में जागरण आयोजित

श्रद्धालुओं ने लगाये हर हर महादेव के जयकारे
ओढ़ां

ओढ़ां क्षेत्र के अनेक मंदिरों में गत रात्रि महाशिवरात्रि की धूम रही तथा पूरी रात श्रद्धालु भगवान शिव की महिमा श्रवण करते रहे।
खंड के अनेक गांवों के मंदिरों में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भगवान भोलेनाथ के जागरण तथा भजन कीर्तन आयोजित किये गये। नैशनल हाइवे पर स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर में आयोजित रात्रि जागरण में स्थानीय भजन गायकों ने शिव बाबा के भजनों तथा आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने झांकियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन गायक राधा सोनी और राजू सोनी द्वारा प्रस्तुत भजनों की लय पर झूमते हुये श्रद्धालुओं ने ओम नम: शिवाय, बम बम भोले तथा हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं दूसरी ओर बाबा संतोख दास गौशाला में शिवरात्रि के उपलक्ष्य में हवन यज्ञ में गोशाला पदाधिकारियों सहित गांववासियों ने आहुति डाली तथा इच्छापूर्ण भगवान शनिदेव मंदिर में आयोजित भजन कीर्तन में भजन गायक राधा सोनी व अन्य भजन गायकों द्वारा भालेनाथ के भजनों पर भी श्रद्धालुओं ने खूब जयकारे लगाये।

समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी के सत्‍ता में आने पर आर्थिक नाकेबंदी समाप्‍त करने का वायदा किया।
  • उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का प्रचार समाप्‍त। मतदान सोमवार को।
  • ऑस्‍ट्रेलिया ने पुणे क्रिकेट टेस्‍ट मैच में भारत को करारी मात दी।
  • प्रधानमंत्री कल आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में  अपने विचार साझा करेंगे।
  • अमरीका में व्‍हाइट हाउस में अनौपचारिक संवाददाता सम्‍मेलन में बीबीसी, सीएनएन, न्‍यू यार्क टाइम्‍स और अन्‍य समाचार संगठनों पर पाबंदी की मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया।
  • सीरिया में दो आतंकी हमलों में 42 लोगों की मौत।

--------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मणिपुर की कांग्रेस सरकार पर नगा शांति समझौते के बारे में झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया है। आज इम्‍फाल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि समझौते में एक भी शब्‍द मणिपुर के हित के खिलाफ नही है।
मैंने कांग्रेस के नेताओं को अकोर्ड में क्‍या है सारा बताया है और आज डेढ़ साल के बाद जब चुनाव घोषित हो गया तो झूठ फैलाकरके मणिपुर के लोगों को बांटने का पाप कर रहे हो। लेकिन मैं आपको विश्‍वास दिलाता हूं नौगांव के साथ जो अकोर्ड हुआ है इसमें कही भी मणिपुर के टेरिटेरी के साथ कोई भी धोखा करने की चर्चा नहीं है।
श्री मोदी ने कहा कि पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के विकास के बिना देश का विकास अधूरा है। उन्‍होंने कहा कि मणिपुर की एकता और विकास उनकी पार्टी का मुख्‍य उद्देश्‍य है। प्रधानमंत्री ने राज्‍य के मुख्‍यमंत्री इबोबी सिंह पर भ्रष्‍ट सरकार चलाने का आरोप लगाया। श्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के सत्‍ता में आने पर राज्‍य को नुकसान पहुंचा रही आर्थिक नाकेबंदी समाप्‍त करने का वायदा किया।
बाइट-पीएम-पंद्रह महीने-16 सै.
उनको आपने पन्‍द्रह साल दिये हैं, पन्‍द्रह साल में जो काम उन्‍होंने नहीं किया है, मैं आपको विश्‍वास दिलाता हूं भारतीय जनता पार्टी की यह सरकार पन्‍द्रह महीने में वो करके दिखायेगी आपको।
--------------------------------
मणिपुर में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं के राज्‍य में आगमन से विधानसभा चुनाव प्रचार जोरों पर है। राज्‍य में अगले महीने की चार और आठ तारीख को दो चरणों में मतदान होगा।
--------------------------------
उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का प्रचार आज शाम समाप्‍त हो गया। इस चरण में 11 जिलों की 51 सीटों के लिए सोमवार को वोट डाले जायेंगे।
निर्वाचन आयोग ने अम्‍बेडकर नगर जिले में अलापुर सीट का चुनाव स्‍थगित कर दिया है। यहां अगले महीने की 9 तारीख को मतदान होगा।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि सभी प्रमुख पार्टियों के  स्‍टार प्रचारक अपने-अपने उम्‍मीदवारों के पक्ष में जोर-शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं।
भारतीय जनता पार्टी, अपना दल और समाजवादी कांग्रेस गठबंधन के कई स्‍टार प्रचारकों ने रैलियों और जनसभाओं के माध्‍यम से मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश की है। भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष अमित शाह ने अंबेडकर नगर में कहा कि समाजवादी पार्टी के कथित कुशासन से लोग केन्‍द्र की लाभकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले रहे हैं।
अमित शाह:-क्‍या ये कांग्रेस 93 योजनाएं नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने लाई है, ये राहुल बाबा बोलते है तो इसलिए मैं पर्ची लेकर आया हूं। मगर आपको कुछ नहीं मिलने वाला है क्‍योंकि बीच में निकम्‍मी समाजवादी पार्टी की सरकार है। उन्‍होंने कुशीनगर, देवरिया, बलिया में भी जनसभाओं को संबोधित किया। समाजवादी पार्टी के नेता मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सिद्धार्थनगर, बस्‍ती, कबीरनगर की जनसभाओं में भारतीय जनता पार्टी पर झूठे वायदे करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
अखिलेश- इन्‍होंने धोखा देखने का काम किया, इन्‍होंने लाइन में लगाया और बार हमारे साथी फिर लाइन में लगेंगे और इस बार नोट के लिए नहीं मशीन पर साइकिल और चुनाव चिन्‍ह पंजा दबाने के लिए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गोण्‍डा, बहराइच और सुल्‍तानपुर में भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों की त्रणवापसी का उसका वायदा झूठा है।
राहुल-किसानों के दिल में जो दर्द है उसको कैसे मिटाया जाए। 2014 में आये थे कहा था 2 करोड युवाओं को मैं रोजगार दूंगा। मिलगया रोजगार, अच्‍छे दिन नहीं आये। बहुजन समाजवार्दी पार्टी प्रमुख मायावती ने देवरिया और महाराजगंज की सभाओं में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों की आलोचना की। मायावती- यह अन्‍य वायदों की तरह ही केवल हवा-हवाई, कोरी जुमलेबाज ही बनकर रहे गये, जिसकी वजह से अब लोग पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी को यहां भारतीय जुमला पार्टी भी कहने लगे हैं। और कहा कि राज्‍य की समाजवादी पार्टी की सरकार सभी मुद्दों पर असफल रही है। सुनील शुक्‍ल आकाशवाणी समाचार, लखनऊ
--------------------------------
उत्‍तर प्रदेश में इलाहाबाद पुलिस ने चुनाव आचार संहिता के उल्‍लंघन पर राज्‍य भाजपा अध्‍यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। श्री मौर्य पर आरोप है कि वे 23 फरवरी को अपनी जैकेट पर पार्टी चुनाव चिह्न लगाकर एक मतदान केन्‍द्र पर वोट डालने गए थे। श्री मौर्य ने कहा है कि यह जानबूझ कर नहीं किया गया और वे इस मामले में निर्वाचन आयोग के फैसले का सम्‍मान करेंगे।
--------------------------------
निर्वाचन आयोग ने बिना उसकी पूर्व अनुमति के उत्‍तर प्रदेश और मणिपुर विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के दिन और एक दिन पहले राजनीतिक पार्टियों और उम्‍मीदवारों के विज्ञापन प्रकाशित करवाने पर रोक लगा दी है।
उत्तर प्रदेश में छठे चरण और मणिपुर में पहले चरण का मतदान चार मार्च को होगा।
आयोग ने, उत्‍तर प्रदेश और मणिपुर के मुख्‍य चुनाव अधिकारियों को इस बारे में समाचार पत्रों, उम्‍मीदवारों और सभी राजनीतिक दलों को दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है।
--------------------------------
भारतीय जनता पार्टी, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों में हाल के स्‍थानीय निकाय चुनाव में शानदार जीत पर आज विजय उत्सव दिवस मना रही है। दिल्ली में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित विजय उत्सव कार्यक्रमों में भाग लिया।
भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस के नेतृत्व में मुंबई नगर निकायों के चुनाव में 82 सीटें प्राप्त कीं। हमारी संवाददाता ने खबर दी है कि पार्टी ने आज मुंबई में भी इस जीत को विजय उत्सव के रूप में मनाया।
पार्टी के मुख्‍यालय में मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस ने पार्टी प्रदेशाध्‍यक्ष रावसाहेब दानवे सहित पार्टी के प्रमुख नेता एवं  कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को बीजेपी की जीत को लेकर बधाई दी और खुशियां मनाई। मुख्‍यमंत्री ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को इस जीत को श्रेय देते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्‍होंने साफ तौर पर कांग्रेस से हाथ मिलाने की बात से इंकार कर दिया। सीएम ने यह कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्‍व में बीजेपी सही दि शा में काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। परणिका हेडवाकर, आकाशवाणी समाचार मुंबई
--------------------------------
ऑस्‍ट्रेलिया ने पुणे में पहले क्रिकेट टेस्‍ट मैच में भारत को 333 रन से करारी मात देकर चार मैचों की श्रृंखला में एक-शून्‍य की बढ़त बना ली है। 441 रन के लक्ष्‍य के जवाब में भारतीय टीम दूसरी पारी में केवल 107 रन पर सिमट गई। ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पहली पारी में छह विकेट लेने वाले स्पिनर स्‍टीव ओ कीफी ने दूसरी पारी में भी छह विकेट लिए। उन्‍हें प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
श्रृंखला का दूसरा मैच चार मार्च से बेंगलूरू में खेला जाएगा।
--------------------------------
अमरीका में व्‍हाइट हाउस में उन प्रमुख अमरीकी समाचार संगठनों की अनदेखी की जाने लगी है जो राष्‍ट्रपति की आलोचना करते रहे हैं। व्‍हाइट हाउस के प्रेस सचिव ने कल अपने संवाददाता सम्‍मेलन में सीएनएन, न्‍यूयार्क टाइम्‍स, पोलिटिको, दि लॉस एंजलिस टाइम्‍स और बजफीड के संवाददाताओं पर पाबंदी लगा दी। प्रेस सचिव स्‍यां स्‍पाइसर ने औपचारिक पत्रकार वार्ता के बजाय पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की और इस दौरान कैमरे का इस्‍तेमाल नहीं करने दिया गया। प्रेस सचिव ने प्रमुख पत्रकारों को नहीं बुलाने का कोई कारण नहीं बताया। व्‍हाइट हाउस के इस निर्णय का  मीडिया में व्‍यापक विरोध हो रहा है।
राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प पिछले कुछ समय से नियमित रूप से मीडिया की आलोचना करते रहे हैं। कल कट्टरपंथी कार्यकर्ताओं की सभा में उन्‍होंने समाचार संगठनों की आलोचना की और कहा कि वे फर्जी समाचार देते हैं। उन्‍होंने इन समाचार संगठनों को अमरीकी लोगों का दुश्‍मन बताया।
--------------------------------
सीरिया के पश्चिमी शहर होम्‍स में दो सुरक्षा कार्यालयों पर आतंकवादियों के आत्‍मघाती हमलों में बयालिस लोग मारे गए हैं। सीरिया में अंतर्राष्‍ट्रीय मानवाधिकार संगठन के अनुसार आज तड़के आतंकी हमले में सैन्‍य सुरक्षा प्रमुख सहित उन्‍तीस लोग  मारे गए। हमलावरों ने एक अन्‍य सुरक्षा कार्यालय में बारह लोगों को मार गिराया।
सीरिया के सरकारी टेलीविजन ने खबर दी है कि अल गौता और अल मोहता जिलों में इन सुरक्षा कार्यालयों पर आत्‍मघाती हमले से पहले, लड़ाई से अफरा तफरी मची थी।
--------------------------------
अमरीका समर्थित इराकी सेना ने मोसुल शहर के हवाई अड्डे को इस्‍लामिक स्‍टेट के कब्‍जे से वापस ले लिया है और शहर के पश्चिमी इलाके में आतंकवादियों के गढ़ में दूर तक पहुंच गई है। इराकी सेना दक्षिण में अधिक घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में भी आगे बढ़ गयी है।
इराकी सेना पुराने शहर मोसुल के उस मस्जिद से महज तीन किलोमीटर दूर है, जहां 2014 में इस्‍लामिक स्‍टेट के अबू बकर अल बगदादी को खलीफा घोषित किया गया था।
--------------------------------
कोलकाता में 2002 में अमेरिकन सेंटर पर आतंकी हमले के एक संदिग्‍ध आतंकी को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया गया। मगध क्षेत्र के पुलिसउप महानिरीक्षक सौरभ कुमार ने बताया कि गुजरात आतंकरोधी दस्‍ता, झारखंड पुलिस और बिहार पुलिस ने मोहम्‍मद सरवर को कल रात नीमचक बथानी पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
--------------------------------
नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा कल से संयुक्त अरब अमीरात- यू ए ई और ओमान की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय नौसेना संबंधों को मजबूत करना और सहयोग के नए क्षेत्र तलाश करना है।
--------------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में कल सुबह 11 बजे कई विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। मन की बात श्रृंखला का यह 29वां संस्‍करण होगा।
यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। यह प्रधानमंत्री कार्यालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा डी.डी न्यूज के यू-ट्यूब चैनलों पर भी उपलब्ध होगा।
--------------------------------
अल्पसंख्यक मामलों का मंत्रालय हमारी धरोहर योजना के तहत नई दिल्‍ली में सांस्कृतिक सौहार्द सम्मेलन आयोजित करेगा। सांस्कृतिक सौहार्द सम्मेलन से संबंद्ध समिति की पहली बैठक की अध्‍यक्षता करते हुए अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि देश में कला, संस्कृति, संगीत और साहित्य की विलक्षण प्रतिभाएं हैं। यह समृद्ध विरासत सामाजिक और सांस्कृतिक सौहार्द के लिए प्रभावशाली मिशन बन सकता है।
--------------------------------
केन्‍द्र ने तमिलनाडु में महात्‍मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना - मनरेगा के कार्य दिवसों की संख्‍या मौजूदा एक सौ से बढ़ाकर डेढ़ सौ करने की अनुमति दे दी है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि भीषण सूखे के कारण बेरोजगार हुए ग्रामीण कामगारों की सहायता के लिए कार्य दिवसों की संख्‍या बढ़ाई जा रही है।
--------------------------------
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए पहली मार्च से पंजीकरण शुरू होगा। विभिन्न राज्यों में पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू और कश्मीर बैंक तथा यस बैंक की 4 सौ 33 निर्धारित शाखाओं से पंजीकरण कराया जा सकेगा।
श्री अमरनाथ यात्रा बालताल और चन्‍दनबाडी मार्गों से 29 जून को शुरू होगी और 7 अगस्त को रक्षाबंधन पर संपन्न होगी।
--------------------------------
सीमा सुरक्षा बल ने भटक कर भारतीय सीमा में आ गए साठ वर्षीय एक पाकिस्तानी नागरिक को सद्भावना के तौर पर पाकिस्तानी रेंजर्स के हवाले कर दिया है।
पाकिस्‍तानी नागरिक मुरीद फकीर को कल अमृतसर सैक्टर की डोना राजा दीनानाथ सीमा चौकी के निकट अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में पंहुचने पर  गिरफ्तार किया गया था।
--------------------------------
दिल्ली सरकार ने कार्मिकों के लिए न्यूनतम वेतन में 36 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी का अनुमोदन कर दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने, आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओ से कहा कि अकुशल कार्मिकों का न्यूनतम वेतन 9 हजार 7 सौ 24 रुपये से बढ़ाकर 13 हजार 3 सौ 50 रुपये कर दिया गया है। अर्धकुशल कार्मिकों का वेतन 10 हजार 7 सौ 64 रुपये से बढ़ाकर 14 हजार 6 सौ 98 रुपये और कुशल श्रेणी का वेतन 11 हजार 8 सौ 30 रुपये से बढ़ाकर 16 हजार एक सौ 82 रुपये तक होगा। वेतन वृद्धि का प्रस्ताव मंजूरी के लिए उपराज्यपाल को भेजा जाएगा।
--------------------------------

धूमधाम से मना 'लॉरेंस ग्लोबल स्कूल' का वार्षिकोत्सव

सिरसा, 25 फरवरी।
 लॉरेंस ग्लोबल स्कूल ने अपना प्रथम वार्षिकोत्सव 24 फरवरी को बड़ी धूमधाम से मनाया। डॉ. हर्षमोहन भारद्वाज (सदस्य साक्षात्कार समिति हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग) व श्रीमती जसबीर कौर मान (प्रधानाध्यापिका, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथुसरी चौपटा) ने बतौर मुख्यातिथि दीप प्रज्जवलित कर उत्सव की शोभा बढ़ाई। इस इवसर पर अनेक गणमान्य अतिथिगणों की उपस्थिति में डॉ. हर्षमोहन भारद्वाज ने प्रथम वर्ष में ही विद्यालय द्वारा बनाए गए नए कीर्तिमानों पर बधाई देते हुए भविष्य में नई ऊंचाइयों को हासिल करने की कामना की।
श्रीमति जसकीर कौर मान ने अपने संभाषण में स्वच्छता व बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर लोगों को जागरूक करते हुए विद्यालय द्वारा किए गए प्रयत्नों की विशेष सराहना की। उत्सव में एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम किए गए, जिसमें विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति की झलक मिली। 'बापू सेहत के लिए' गाने पर नन्हे-नन्हें बच्चों ने सबका मन मोह लिया। पंजाबी भंगड़े व गिद्दों पर नाचते लड़के-लड़कियों ने आए हुए सभी अतिथियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। विद्यालय के संस्थापक अनिल बैनिवाल व विनोद कासनियाँ ने अभिभावकों व अन्य अतिथियों का धन्यवाद करते हुए विद्यालय की तरफ से निरन्तर शिक्षा, खेल व सांस्कृतिक क्षेत्र में नित नए-2 कीर्तिमान बनाने का विश्वास दिलाया। प्राचार्य अजयपाल ने वार्षिक वितरण देते हुए समस्त गतिविधियों को मिलाकर विजेता रहे चेतक हाउस व प्रात: कालीन प्रार्थना  सभा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर मयूरा हाउस को ट्राफी देकर सम्माानित किया। इस अवसर को प्रंशनीय व अत्यंत सराहनीय बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ व प्राथमिक विभाग के मुखिया राजीव शर्मा एंव मंजू शर्मा के साथ-2 समस्त कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ब्रिगेड ऑफिसर व वालंटियर शिविर का आयोजन किया


सिरसा, 25 फरवरी।    सैंट जॉहन एम्बुलैंस एसोसियेशन, जिला रैडक्रॉस सोसायटी द्वारा आज रैडक्रॉस कार्यालय में ब्रिगेड ऑफिसर व वालंटियर शिविर का आयोजन किया गया जिसमें जिला के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए छात्र छात्राओं ने कौंसलर सहित भाग लिया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुरेंद्र शर्मा थे।
    जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव श्री प्रदुम्र कुमार ने बताया कि शिविर का शुभारंभ रैडक्रॉस के जन्मदाता 'सर जीन हैनरी डयूना को माल्यार्पण करके किया गया। इस शिविर में विभिन्न स्थानों जैसे रैडक्रॉस सोसायटी हिसार से जिला प्रशिक्षण अधिकारी श्री सुरेंद्र श्योराण, नागरिक सुरक्षा विभाग से श्री राजेश कुमार बूमरा, रैडक्रॉस के जिला प्रशिक्षण अधिकारी श्री गुरमीत सिंह सैनी, सैंट जॉहन एम्बुलैंस एसोसिएशन सिरसा की प्राथमिक सहायता प्रवक्ता श्रीमती विनोद कुमारी तथा राजकीय उच्च विद्यालय शेखुपुरिया से श्री नरेश कुमार ग्रोवर विशेष वक्ता के रुप में उपस्थित थे।
    उन्होंने बताया कि उक्त शिविर में 12 टीमों के 70 प्रतिभागियों (छात्र-छात्राओं) ने उनके महिला व पुरुष कौंसलर सहित भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सुरेंद्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक संख्या में विभिन्न विद्यालयों के प्राथमिक सहायता व गृह परिचर्चा का प्रशिक्षण प्राप्त करके 'ब्रिगेड डिवीजन' की गतिविधियों को सुचारु रुप से चलाने में बढचढ कर भाग लें ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा के समय ब्रिगेड टीम की सेवाएं लेकर जरुरतमंदों को सहायता प्रदान की जा सके।



समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा--पूर्वोत्‍तर क्षेत्र की प्रगति के बिना देश का विकास अधूरा।
  • उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का प्रचार  आज शाम समाप्‍त। मतदान सोमवार को, राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को रिझाने के लिए रैलियां करने में व्‍यस्‍त।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में कल अपने विचार रखेंगे।
  • केन्‍द्र की तमिलनाडु में - मनरेगा के कार्य दिवसों की संख्‍या मौजूदा एक सौ से बढ़ाकर डेढ़ सौ करने को स्‍वीकृति।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा--मेक्सिको सीमा पर प्रस्तावित दीवार निर्माण का कामसमय से पहले शुरू किया जाएगा।
  • पुणे में पहले क्रिकेट टेस्‍ट मैच में ऑस्‍ट्रेलिया ने भारत के सामने 441 रन का लक्ष्‍य रखा।

<><><> 
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पूर्वोत्‍तर के विकास के बिना देश की प्रगति अधूरी है, इसलिए इस क्षेत्र पर प्रमुखता से ध्‍यान केन्द्रित किया जाना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि मणिपुर की एकता और विकास उनकी पार्टी का प्रमुख लक्ष्‍य है।
जिस सरकार ने सबसे पहली योजना लगाई, एक्‍ट ईस्‍ट पोलिसी। हमने कहा जब तक पूर्वी भारत, उत्‍तरी पूर्व ये विकसित नहीं होगा। हिन्‍दुस्‍तान का विकास अधूरा रह जाएगा।
इम्‍फाल पश्चिम जिले में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि केन्‍द्रीय योजनाएं लागू करने में मणिपुर सरकार की कोई दिलचस्‍पी नहीं है। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले 15 वर्ष में राज्‍य के लिए कुछ नहीं किया है। श्री मोदी ने मतदाताओं से कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी को सेवा का एक मौका दें। श्री मोदी ने कहा कि उनके दरवाजे हमेशा सबके लिए खुले हैं। उन्‍होंने राष्‍ट्रीय औसत के मुकाबले मणिपुर में ढाई गुणा से अधिक बिजली की कमी का जिक्र किया। हमारे संवाददाता ने बताया कि श्री मोदी ने वायदा किया कि भारतीय जनता पार्टी सत्‍ता में आई तो किसी तरह की नाकाबंदी नहीं होगी।
मणिपुर में इम्‍फाल में लेंगजिंग इचाउबा ग्राउंड में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि केन्‍द्र की एनडीए सरकार की मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता को प्रभावित करने वाले किसी भी बात से समझौता नहीं करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्‍द्र और एनएससीएन (आईएम) गुट के बीच समझौता का जो खाका तैयार किया गया है, उसमें क्षेत्रीय अखंडता को प्रभावित करने वाला एक भी शब्‍द नहीं है। उन्‍होंने राज्‍य की जनता को आश्‍वस्‍त किया कि यदि भाजपा सत्‍ता में आती है, तो मणिपुर को बंद और नाकेबंदी से स्‍वतंत्र कर देगी और अच्‍छा प्रशासन देगी। मणिपुर से इबोम्‍चा शर्मा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं विशाल शर्मा।
इस बीच केंद्र ने मणिपुर में विधानसभा चुनाव सुचारू रूप से कराने के लिए अर्धसैनिक बलों की 30 और कंपनियां तैनात की हैं।
<><><> 
मणिपुर में छह विद्रोही गुटों के शीर्ष निकाय के बंद के आह्वान का की सामान्‍य गतिविधियों पर व्‍यापक असर हुआ है। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए समूचे इम्‍फाल शहर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गये हैं।
<><><> 
उत्‍तर प्रदेश में पांचवें चरण के चुनाव के लिए प्रचार आज शाम 5 बजे समाप्‍त हो जाएगा। इस चरण में 11 जिलों की 51 सीटों पर सोमवार को वोट डाले जाएंगे। ये जिले हैं- बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, अम्‍बेडकर नगर, बहराइच, श्रावस्‍ती, सिद्धार्थ नगर, बस्‍ती, संत कबीरनगर, अमेठी और सुल्‍तानपुर। निर्वाचन आयोग ने अम्‍बेडकर नगर में अलापुर निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार की मृत्यु के कारण वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है। अब यहां 9 मार्च को वोट डाले जाएंगे।  
इस चरण में 45 महिलाओं समेत 618 उम्‍मीदवारों के बीच मुकाबला है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि भाजपा-अपना दल गठबंधन और कांग्रेस-समाजवादी पार्टी गठबंधन दोनों ही मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे।
भारतीय जनता पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह ने समाजवादी पार्टी -कांग्रेस गठबंधन और बहुजन समाज पार्टी पर तीखे हमले किये है और इन्‍हें प्रदेश की बदहाली के लिए जिम्‍मेदार ठहराया है। उन्‍होंने अंबेडकर नगर की रैली में कहा कि राज्‍य के लोग समाजवादी पार्टी के कथित कुशासन की वजह से मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई योजना का लाभ लेने से वंचित रह गये हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख और मुख्‍यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा है कि भाजपा नेता केवल झूठे वायदे करने और लोगों को गुमराह करने में लगे हुये है। उन्‍होंने कहा कि नोटबंदी से आम लोगों को नुकसान हुआ है। भारतीय जनता पार्टी अपना दल गठबंधन के कई नेता विभिन्‍न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार में जुटे हुये हैं। इनमें केन्‍द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्‍मृति जुबीन ईरानी, कलराज मिश्रा और प्रदेश अध्‍यक्ष केशव प्रसाद मौर्या शामिल है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बहराइच, गोंडा और सुल्तानपुर में जबकि बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती की देवरिया और महाराजगंज में रैलियां होनी है। सुनील शुक्‍ल, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
<><><> 
उधर, समाजवादी पार्टी प्रमुख और मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि श्री नरेन्‍द्र मोदी ने विमुद्रीकरण कर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। सिद्धार्थ नगर जिले के शोहरतगंज निर्वाचन क्षेत्र में चिलहिया में आज उन्‍होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए नौजवानों से मतदान करने को कहा।
मैं तो सिद्धार्थनगर के तमाम नौजवानों को कहना चाहता हूं कि जिन्‍होंने अपनी मेहनत करके पढ़ाई कर-करके पास किया हुआ नंबर पाये होंगे। उनको कम से कम इस चुनाव में मतदान कर-करके उनको जवाब देना चाहिए। कि यहां हम अपनी मेहनत से पढ़ करके पास हुए है।
श्री यादव ने श्री मोदी पर वायदे पूरे न करने का आरोप लगाया। श्री यादव ने कहा कि उनकी सरकार किसानों और गरीबों के लिए प्रतिबद्ध है। सिद्धार्थ नगर में मौजूद हमारे संवाददाता ने सोमवार को होने वाले मतदान तैयारियों का जायजा लिया।
भारत-नेपाल सीमा से लगे सिद्धार्थ नगर सहित बलरामपुर, श्रावस्‍ती और बहराइच में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। भगवान बुद्ध की जन्‍मस्‍थली के क्षेत्र में ''पहले मतदान, फिर जलपान'' के नारे कई जगह गूंजायमान सुनाई पड़े। जो मतदाता नेपाल में रह रहे है, वह भारत-नेपाल सीमा से सील होने से पहले वोट डालने के लिए अपने घरों में पहुंचना शुरू हो गये है। इस बीच, चुनाव कार्य में लगे कर्मियों का प्रशिक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। निर्वाचन अधिकारी स्‍वतंत्र, निष्‍पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रतिबद्ध दिखाई दे रहे हैं। रविन्‍द्रनाथ त्रिपाठी के साथ मैं मुलतान सिंह यादव, आकाशवाणी समाचार, सिद्धार्थ नगर।
<><><> 
महाराष्‍ट्र में नगर निकाय और जिला परिषद चुनाव में भारी जीत पर भारतीय जनता पार्टी आज विजय उत्‍सव मना रही है। मुख्‍य समारोह मुंबई में नरीमन प्वाइंट में पार्टी मुख्यालय में  दोपहर बाद आयोजित किया जाएगा।
<><><> 
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में कल सुबह 11 बजे कई विषयों पर अपने विचार देशवासियों के साथ साझा करेंगे। मन की बात श्रृंखला का यह 29वां संस्‍करण होगा।
यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। मन की बात कार्यक्रम के तुरन्‍त बाद इसका क्षेत्रीय प्रसारण किया जायेगा। यह प्रधानमंत्री कार्यालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा डी.डी न्यूज के यू-ट्यूब चैनलों पर भी उपलब्ध होगा।
मन की बात के पिछले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से परीक्षा को दबाव की तरह नहीं बल्कि एक पर्व के रूप में मनाने का अनुरोध किया था।
<><><> 
केन्‍द्र ने तमिलनाडु में महात्‍मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना - मनरेगा के कार्य दिवसों की संख्‍या मौजूदा एक सौ से बढ़ाकर डेढ़ सौ करने को अनुमति दे दी है। चेन्‍नई में जारी राज्‍य सरकार की विज्ञप्ति में कहा गया है कि भीषण सूखे के कारण बेरोजगार हुए ग्रामीण कामगारों  की सहायता के लिए कार्य दिवसों की संख्‍या बढ़ाई जा रही है। इससे तीन करोड़ और कार्य दिवसों के लिए रोजगार उपलब्‍ध कराया जा सकेगा।   
तमिलनाडु में यह योजना 12 हजार 500 से अधिक गांव में चलाई जा रही है।
<><><> 
डीएमके के कार्यवाहक अध्‍यक्ष एम के स्‍टालिन ने तमिलनाडु सरकार पर ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके की दिवंगत नेता जयललिता की जयन्‍ती मनाए जाने को लेकर निशाना साधा है। दिल्‍ली से वापस लौटने पर चेन्‍नई हवाई अड्डे पर उन्‍होंने कहा कि आय से अधिक सम्‍पत्ति मामले में जयललिता को उच्‍चतम न्‍यायालय ने दोषी करार दिया था, इसलिए राज्‍य सरकार द्वारा उनकी जयन्‍ती पर किसी प्रकार के समारोह का आयोजन सभी मानदण्‍डो के खिलाफ है।
<><><> 
नगालैंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री टी.आर. जेलियांग को राज्‍य सरकार का वित्‍त सलाहकार बनाया गया है। उन्‍हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्‍त हेागा। राज्‍यपाल पी वी आचार्य ने उनकी नियुक्ति की है। श्री जेलियांग ने शहरी निकाय चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के विरोध में संयुक्‍त समन्‍वय समिति और नगालैंड जनजाति कार्य समिति की मांग पर 19 फरवरी को इस्‍तीफा दे दिया था।
<><><> 
राजस्‍थान में जयपुर में राष्‍ट्रीय जांच एजेंसी की एक विशेष अदालत ने अजमेर दरगाह बम विस्‍फोट मामले में आज अपना फैसला टाल दिया। अक्‍तूबर 2007 में अजमेर में ख्‍वाजा  मोइनुद्दीन चिश्‍ती की दरगाह पर हुये बम विस्‍फोट में तीन लोग मारे गये थे और 15 से अधिक घायल हुये थे। इस घटना की जांच वर्ष 2011 में जांच एजेंसी को सौंपी गई थी। जांच के बाद एजेंसी ने असीमानन्‍द को विस्‍फोट का मुख्‍य साजिशकर्ता मानते हुए चार्जशीट दाखिल की थी।
<><><> 
ओडिशा विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज सत्‍तारूढ़ बीजू जनता दल और कांग्रेस के हंगामे के कारण अध्‍यक्ष को सदन की बैठक दोपहर बाद तीन बजे तक स्‍थगित करनी पड़ी। सदन की बैठक शुरू होते ही कांग्रेस के सदस्‍यों ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के उत्‍तर प्रदेश में कल एक चुनावी रैली में ओडि़शा की गरीबी पर की गई टिप्‍पणी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
<><><> 
भारत में अमरीकी दूतावास ने कंसास में गोलीबारी की घटना में एक भारतीय इंजीनियर के मारे जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। नई दिल्ली में अमरीकी दूतावास की वरिष्ठ अधिकारी मेरी के कार्लसन ने कहा है कि अमरीका प्रवासियों का देश है और वह विश्वभर से लोगों के रोजगार, अध्ययन और रहने के लिए आने वाले लोगों का स्वागत करता है।
<><><> 
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि मेक्सिको सीमा पर प्रस्तावित दीवार के निर्माण का काम समय सेपहले ही शुरू किया जाएगा। मेरीलैण्‍ड में कंज़रवेटिव पॉलिटिकल एक्शन कांग्रेस को संबोधित करते हुएउन्होंने कहा कि वो हमेशा अमरीकी नागरिकों को प्राथमिकता देंगे और सीमा पर विशाल दीवार बनाएंगे।
<><><> 
अमरीका में वर्जिनिया के गवर्नर टेरी मैकऑलिफे ने कहा है कि भारत, अमरीका का सबसे अधिक महत्‍वपूर्ण भागीदार है। उन्‍होंने कहा कि इससे अमरीका को प्रौद्योगिकी और चिकित्‍सा पेशेवरों को बढ़ावा देने में मदद मिलती है। श्री टेरी गवर्नरों के राष्‍ट्रीय संघ के अध्‍यक्ष भी है। उन्‍होंने कहा कि अमरीका, भारत की रणनीतिक महत्‍ता और भारत-अमरीकी संबंधों को अच्‍छी तरह समझता है। श्री टेरी गवर्नरों के राष्‍ट्रीय संघ के सदस्‍यों के सम्‍मान में अमरीका में भारतीय राजदूत नवतेज सरना द्वारा आयोजित स्‍वागत समारोह में बोल रहे थे। इस आयोजन में 25 राज्‍यों के गवर्नरों ने हिस्‍सा लिया जो एक रिकार्ड है। इस अवसर पर श्री सरना ने कहा कि वर्तमान में भारत और अमरीका के संबंध, एक बड़ी वैश्विक महत्‍वपूर्ण भागीदारी है।
<><><> 
सीरिया के अलबाब शहर में तुर्की की सीमा के निकट  इस्‍लामिक स्‍टेट गुट द्वारा किये गये कल एक आत्‍मघाती कार बम विस्‍फोट में 73 लोग मारे गये हैं। इनमें से अधिकांश विद्रोही गुट के हैं। आईएस ने अंकारा समर्थित आतंकवादियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में ये हमला किया है। 
<><><> 
चीन के पूर्वी तटीय इलाके झेजियांग में मछली पकड़ने वाली एक नौका के डूब जाने से उसमें सवार 13 सदस्‍य लापता हैं और सात अन्‍य लोगों को बचा लिया गया है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिनहुआ ने खबर दी है कि स्‍थानीय समुद्री विभाग के अनुसार नौका कल सुबह डूबी। चीन की नौसेना का दस्‍ता लापता लोगों की तलाश में मदद कर रहा है। नौसेना का एक हैलीकॉप्‍टर भी बचाव कार्य में लगा दिया गया है।
<><><> 
भारत-बांग्लादेश अंतरराष्‍ट्रीय सीमा पर अपराध रोकने के उद्देश्‍य से सीमा सुरक्षा बल और बंगलादेश सीमा रक्षक दल संयुक्‍त गश्‍त के लिए सहमत हो गये हैं।  सीमा सुरक्षा बल के मेघालय फ्रंटीयर के महानिरीक्षक पी.के. दुबे ने शिलांग में बताया कि मेघालय में 68 ऐसे जगहों की पहचान की गई हैं जहां अपराध होने की संभावना सबसे ज्‍यादा है।
<><><> 
पुणे में खेले जा रहे पहले क्रिकेट टैस्‍ट मैच के तीसरे दिन ऑस्‍टेलिया ने भारत के सामने जीत के लिए 441 रन का लक्ष्‍य रखा है। चायकाल तक भारत ने चुनौतीपूर्ण लक्ष्‍य के जवाब में 6 विकेट पर 99 रन बना लिए हैं। भारत को मैच में हार टालने के लिए 341 रन और बनाने हैं तथा उसके पास अब चार विकेट शेष हैं।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी दूसरी पारी में 285 रन बना ऑल आउट हो गई। ऑस्‍ट्रेलिया के कप्‍तान स्‍टीवन स्मिथ ने शानदार 109 रन बनाए। भारत के खिलाफ यह उनका लगातार पांचव टेस्‍ट शतक है। भारत के ओर से अश्विन ने 119 रन देकर चार और जडेजा ने 65 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
<><><> 
दिल्‍ली में आज सुहावनी सुबह के साथ साल में पहली बार न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य रहा। मौसम विभाग के अनुसार न्‍यूनतम तापमान 13 दशमलव पांच डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता साठ प्रतिशत है। अनुमान है कि दिन भर आसमान साफ रहेगा। कल न्‍यूनतम तापमान 12 दशमलव चार डिग्री और अधिकतम तापमान 25 दशमलव एक डिग्री रहा।

हरियाणा सरकार की खेल नीति का अनुसरण कर रहे हैं अन्य राज्य - मनीष ग्रोवर


सिरसा 25 फरवरी। युवा शक्ति को सही दिशा व दशा देने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। खेलों से व्यक्ति के सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है। खेलों के क्षेत्र में रोजगार की भी अपार सम्भावनाएं हैं। 
यह विचार हरियाणा के सहकारिता राज्य मंत्री श्री मनीष ग्रोवर ने चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित करके उद्घाटन करने के उपरान्त व्यक्त किए। श्री ग्रोवर ने खिलाडि़यों को कहा कि वह निर्धारित मानकों की अनुपालना करके बेहतर खेल का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि खेलों में जीत हार इतने मायने नहीं रखती बल्कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विभिन्न संस्कृतियों का मेल मिलाप भी होता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के पहलवानों का डंका बोलीवुड में भी बजता है और हरियाणवी विषयवस्तु एवं परिदर्शय पर आधारित हरियाणा की पहलवान गीता व बबीता फौगाट पर बनी फिल्म दंगल इस बात का अच्छा खासा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारे पारम्परिक खेलों में से एक है और हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए वचनबद्ध है और इसी उद्देश्य से राई स्पोर्ट्स स्कूल को खेल विश्वविद्यालय बनाया गया है। 


उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा खिलाडि़यों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए एक ऐसी खेल नीति शुरू की है जिसका देश के अन्य राज्य भी अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल व औजस्वी नेतृत्व में प्रदेशभर में स्वर्ण जयंती वर्ष धूम धाम से मनाया जा रहा है और लगभग सभी कार्यक्रम युवाओं के विकास पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि गुरू ग्राम व राई में कबड्डी प्रतियोगिता करवाई गई थी जिसमें विजेता टीमों को एक एक करोड़ रूपए की राशी ईनाम के तौर पर दी गई।
इसी प्रकार 23 मार्च को शहीदी दिवस के अवसर पर अम्बाला में भी कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसके लिए ईनाम राशी एक करोड़ रूपए रखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल नीति के कारण ही आज युवा नशे से दूर होकर खेलों में भाग ले रहे हैं। वर्तमान हरियाणा सरकार सबका साथ सबका विकास और हरियाणा एक हरियाणवी एक के मूल मंत्र को लेकर प्रदेश में विकास कार्य करवा रही है। श्री ग्रोवर ने विश्वविद्यालय की खेल परिषद के प्रबन्धन से खुश होकर 2 लाख 51 हजार रूपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की।  
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कायत ने कहा कि चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के लिए यह बड़ी खुशी की बात है कि देश भर के लगभग 173 विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी गरिको रोमन व फ्री स्टाइल कुश्ती में अपनी प्रतिभा का जोहर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के दौरान पूर्णतया पारदर्शिता बरती जाएगी और सभी प्रतियोगिताओं की वीडियोंग्राफी करवाए जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अन्दर दूध दही का खाना होता है और यहां की मुर्रा नस्ल की भैंसे विश्व प्रसिद्ध हैं और इन्हीं भैंसों का दूध पीकर यहां के चन्दगीराम, सुशील कुमार, संग्राम सिंह जैसे पुरूष पहलवानों ने राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा के जोहर दिखाकर प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां भी कुश्ती के क्षेत्र में अग्रणी है और हालही में हुए रियो ओलम्पिकस में साक्षी मलिक ने भारत का नाम विश्व में रोशन किया है। 
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. असीम मिगलानी ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों के बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि का स्वागत खेल परिषद की अध्यक्षा प्रो. मोनिका वर्मा व धन्यवाद परिषद की सचिव डा. ईश्वर मलिक ने किया। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भंगड़ा, हरियाणवी नृत्य व गिद्दा प्रस्तुत करके दर्शकों की खुब वाहवाही लूटी। 
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री यतीन्द्र सिंह एडवोकेट, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री गुरदेव सिंह राही, सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुरेन्द्र नेहरा, मनीष सिंगला, अमीर चन्द मैहता, प्रो. सुरेश गहलावत, प्रो. रवीन्द्र पाल, प्रो. दिलबाग सिंह, प्रो. सुल्तान सिंह, डा. अशोक मलिक, सतीश विज, मक्खन ख्योंवाली, विजय वधवा, विनोद स्वामी, करण दुग्गल, ललित गुलाटी, जगत कक्कड़, विजय वधवा, राजेन्द्र खत्री, रमेश भाटिया, शमशेर सिंह खट्टक, डा. बलदेव सिंह आदि उपस्थित थे।