Loading

04 December 2010

विश्व विकलांग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

ओढ़ां न्यूज़ :-

    विश्व विकलांग दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता विद्यालय के संसाधन अध्यापक रजनीश अरोड़ा ने की। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए विकलांग छात्रों ने अपने जौहर दिखाते हुए भाषण व चित्रकारी प्रतियोगिता के प्रति जो रूचि दिखाई उसे देख संरक्षक व अध्यापक दंग रह गए। बच्चों ने अपंग लोगों के ऐसे ऐसे उदाहरण दिए जिन्हें एक स्वस्थ व्यक्ति भी नहीं कर सकता।
    इस अवसर पर सरकार द्वारा प्रदत्त राशी छात्रों को 3 हजार एवं छात्राओं को 5 हजार रुपए के चैक वितरित किए गए तथा प्राचार्य सुभाष फुटेला ने चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक दिया। चित्रलेखन में प्रथम स्थान पर लवप्रीत, द्वितीय स्थान पर कर्मजीत और तृतीय स्थान पर अशोक कुमार रहा जबकि भाषण प्रतियोगिता में रमनदीप ने प्रथम, सुमनदीप ने द्वितीय और अवतार सिंह व अनु रानी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंत में प्रवक्ता रघुवीर चंद, नीलकंठ शर्मा, अंजू देवी, निर्मल कौर एवं अभिभावक वर्ग के लोगों ने अपने अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

सलाद की साज सज्जा के प्रदर्शन का आयोजन

सलाद साज सज्जा की जानकारी देते जोगा सिंह
ओढ़ां न्यूज़ :-

    माता हरकी देवी कन्या शिक्षण महाविद्यालय ओढ़ां में महाविद्यालय के मनोरंजन क्लब द्वारा पाक कला में सलाद की साज सज्जा के बारे में प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता स्याल की अध्यक्षता में मनोरंजन क्लब की अध्यक्षा राजरानी एवं प्रवीण ने किया। इस कार्यक्रम में जालंधर से आए हुए सिम्मा इंटरप्राइजिज के क्षेत्र निरीक्षक जोगा सिंह ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए छात्राध्यापिकाओं को बताया कि केवल स्वादिष्ट भोजन बनाने से ही कार्य पूरा नहीं होता बल्कि उसकी प्रस्तुति भी शानदार होनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में प्रवक्ता राजरानी ने जोगा सिंह का धन्यवाद किया। इस अवसर पर स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित थे।

छात्राध्यापिकाओं का शिक्षण प्रशिक्षण शुरू

ओढ़ां न्यूज़ :-

    माता हरकी देवी कन्या शिक्षण महाविद्यालय ओढ़ां की छात्राध्यापिकाओं के शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या सुनीता स्याल की अध्यक्षता में खंड शिक्षा अधिकारी ओढां मंजू जायसवाल की अनुमति से क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में किया जा रहा है जो 21 दिसंबर तक चलेगा। महाविद्यालय की छात्राएं ओढां के राजकीय स्कूलों जैसे सीनियर सैकंडरी स्कूल, राजकीय उच्च एवं राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, राजकीय प्राथमिक एवं कन्या प्राथमिक पाठशाला ओढ़ां, राजकीय उच्च विद्यालय आनंदगढ़ एवं ख्योवाली, राजकीय मिडल स्कूल रोहिडांवाली तथा राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल पन्नीवाला मोटा आदि स्कूलों में शिक्षण विद्याओं का प्रशिक्षण लेंगी। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्रवक्ता दीप्ति रेडू द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अलग अलग स्कूलों में महाविद्यालय के अलग अलग स्टाफ सदस्य इंचार्ज रहेंगे।

03 December 2010

ओढ़ां की छात्राओं ने ऐलनाबाद में परचम फहराया

विजेता छात्राएं प्राचार्या सुनीता स्याल के साथ।
ओढां न्यूज़ :—

    विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जनता कॉलेज ऐलनाबाद द्वारा आयोजित पोस्टर-मेकिंग प्रतियोगिता में माता हरकी देवी शिक्षण महाविद्यालय ओढ़ां के रेड रिबन क्लब द्वारा प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु भेजी गई प्रतिभागियों में से मोहिनी कामरा ने प्रथम एवं जसबीर कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता स्याल, माता हरकी देवी एजूकेशन सोसाइटी के प्रधान हरदयाल सिंह गदराना, कोषाध्यक्ष मंदर सिंह सरां, सचिव ओमप्रकाश पोटलिया, सदस्य बलविंद्र सिंह सालमखेड़ा सहित अन्य सदस्यों एवं समस्त स्टाफ ने रेड रिबन क्लब और विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनका हार्दिक स्वागत किया।

ख्योवाली पहुंचे इजराइली बागवानी विशेषज्ञ


ओढां न्यूज़ :-

ख्योवाली फार्म का निरीक्षण करते इजराइली विशेषज्ञ
   खंड ओढ़ां के गांव ख्योवाली में प्रगतिशील किसान रमन गोदारा के फार्म का इजराइल के बागवानी विशेषज्ञ श्रीमान डूबी तथा योशफ ने दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ सिरसा के डीएचओ आत्मप्रकाश, एचडीओ नरेंद्र सिंह, सतबीर शर्मा, लालचंद और अमीलाल आदि अधिकारी भी पहुंचे। इस अवसर पर अनेक किसान भी उपस्थित थे।
    ख्योवाली पहुंचकर उन्होंने प्रगतिशील किसान रमन गोदारा के फार्म हाउस का निरीक्षण व अवलोकन किया तथा उनके द्वारा बागवानी में प्रयोग की गई नवीनतम तकनीकों का बारीकी से अध्ययन किया। बाग में इस समय पौधों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस मौसम में डोर एवं विंडो प्रयूमिंग करने के लिए कहा। इस अवसर पर उन्होंने तरल खाद के विषय में विस्तार से जानकारी दी जो कि भारत में उपलब्ध नहीं है, इसके स्थान पर उन्होंने ग्रानूलर खाद का प्रयोग करने के लिए कहा।
    रमन गोदारा ने इस विषय में उपस्थित किसानों को संबोधित किया और उनको दरपेश समस्याओं का जिक्र इजराइली विशेषज्ञों के समक्ष करते हुए इस संदर्भ में चर्चा की तथा उन्हें फर्टिगेशन तकनीक के बारे में समझाते हुए कृषि के नए तरीके आजमाने के बारे में विचार विमर्श किया।