Loading

01 April 2017

शिक्षा व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित

स्कूल का वार्षिक पारितोषिक सम्मान समारोह आयोजित
ओढ़ां


गांव पन्नीवाला मोटा के आदर्श मिडल पब्लिक स्कूल का वार्षिक पारितोषिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित पूर्व सरपंच दाताराम नंबरदार ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। मुख्यातिथि द्वारा प्रत्येक कक्षा में वर्ष 2015-16 प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर प्राप्त करने तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रतिभा सभी में होती है, आवश्यकता है उस प्रतिभा को सामने लाने तथा प्रोत्साहित करने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा में निखार लाने तथा उन्हें आगे बढऩे के उचित अवसर प्रदान करने में वे हमेशा तत्पर रहेंगे। उनके अतिरिक्त प्रदीप बैनिवाल, महेन्द्र कुमार और शकर लाल ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ की ओर से अतिथियों, गणमान्य ग्रामीणों व अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन व आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। इससे पूर्व छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस मौके पर समाज सेवी दीपक, सुरेश, संदीप, जगदीश, शिशपाल, नरेश, महेन्द्र, बलराम, विनोद, सुरेन्द्र, विनोद, सुरेन्द्र, रवि सहित गोल्डन स्टार युवा कल्ब सदस्य, ओलंपिक फुटबाल एंड स्पोर्टस युवा कल्ब सदस्य, स्कूल स्टाफ, गणमान्य ग्रामीण, अभिभावक तथा विद्यार्थी मौजूद थे।

वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित

ओढ़ां
गांव पन्नीवाला मोटा के जय भारत हाई स्कूल में मार्च माह में आयोजित सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित करते हुए स्कूल मुख्याध्यापक कुलदीप सिंह सहारण ने नर्सरी से 10 वीं तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाईयां और शुभकामनाएं दी गई।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जो बच्चे इस बार पोजीशन हासिल करने से वंचित रह गए, वे निराश न होकर सकारात्मक उर्जा के साथ अगली कक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर करते हुए लक्ष्य को प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए नियमित कक्षाएं आज से प्रारंभ हो रही हैं। इस मौके पर स्कूल स्टाफ विनोद कस्वां, अमर सिंह भारी, राकेश वर्मा, प्रवीन कस्वां, सतवीर भारी, नवाब, पूजा, संतोष, हिना और कविता सहित विद्यार्थी व अभिवावकगण मौजूद थे।

चबूतरे पर चढ़ी पिकअप, दो युवक घायल

ओढ़ां
गांव बनवाला में शुकवार की सुबह सवा नौ बजे के लगभग रिसालियाखेड़ा की ओर से आ रही एक डीजे वाली पिकअप के चालक को नींद आने के कारण बेकाबू हुई पिकअप एक दुकान के बाहर स्थित चबूतरे पर जा चढ़ी और वहां बैठे दो युवाओं को घायल दिया जबकि पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
आसपास के घरों दुकानों से दौड़कर आए ग्रामीणों ने घायल युवकों को ओढ़ां अस्पताल पहुंचाते हुए हादसे की सूचना पुलिस को दी। घायल युवाओं 17 वर्षीय लखन पुत्र सुभाष और 20 वर्षीय अजय पुत्र इंद्र उर्फ कालू को ओढ़ां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया है जहां से उन्हें सिरसा रैफर कर दिया गया। एक युवक के सिर में चोट आई है तथा दूसरे का पैर टूट गया है। ओढ़ां पुलिस के एएसआई चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस ने पिकअप अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा आगामी कार्रवाई घायलों के बयान दर्ज होने के बाद की जाएगी।

31 March 2017

समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी सांसदों से डिजिटल तकनीक के जरिए जनता तक पहुंचने को कहा।  इसे पारदर्शी और प्रतिक्रिया लेने वाला बताया।
  • राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा - अनेकता में एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति।
  • गुजरात विधानसभा ने पशु संरक्षण संशोधन विधेयक निर्विरोध पारित। गायों की तस्‍करी और गौवध के खिलाफ कड़े प्रावधान।
  • उच्‍चतम न्‍यायालय ने 20 हजार तक की आबादी वाले क्षेत्रों में राष्‍ट्रीय राजमार्ग से शराब की दुकानों की दूरी को 500 मीटर से घटाकर 220 मीटर किया।
  • देश की अर्थव्‍यवस्‍था में आठ प्रमुख क्षेत्रों में वृद्धि दर पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष फरवरी में एक प्रतिशत कम।
  • पाकिस्‍तान में उत्‍तरी पश्चिमी जनजातीय बहुल प्रांत के भीड़भाड़ वाले बाजार में एक कार बम विस्‍फोट में 25 लोगों की मौत। 65 घायल।
  • इंडियन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में पी. वी. सिंधू, सानिया नेहवाल को कड़े मुकाबले में हराकर सेमीफाइनल में। 

--------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी सांसदों से जनता से संपर्क करने के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग करने को कहा है।  उन्‍होंने कहा है कि सोशल मीडिया और मोबाइल फोन ने संचार का तरीका ही बदल दिया है। छह राज्‍यों के सांसदों के साथ बैठक में श्री मोदी ने कहा कि सांसदों और जन प्रतिनिधियों को सरकार के विकास कार्यक्रमों के लिए सोशल मीडिया के प्रारूपों का इस्‍तेमाल सक्रियता से करना चाहिए।
श्री मोदी ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और मनरेगा के बारे में भी चर्चा की और सांसदों से इनका भरपूर प्रचार करने को कहा। उन्‍होंने सांसदों से विभिन्‍न राज्‍यों की सांस्‍कृतिक और सामाजिक विशेषताओं के बारे में भी लोगों को जागरूक बनाने को कहा।
--------------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी स्‍मार्ट इंडिया हैकॉथान  के प्रतिभागी विद्यार्थियों को कल वीडियो कांफ्रेंस के जरिए सम्‍बोधित करेंगे। हैकॉथान का उददेश्‍य युवाओं विशेषकर इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को लीक से हट कर सोचने की क्षमता और नवाचार को प्रोत्‍साहन देना है। यह विश्‍व का सबसे बड़ा हैकॉथान है।
--------------------------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि अनेकता में एकता भारत की बहुत बड़ी शक्ति है। श्री मुखर्जी ने कहा कि देश में विभिन्‍न जाति और समुदाय के लोगों की भारतीय संविधान और तिरंगा ध्‍वज में गहरी आस्‍था है। गुवाहाटी में नमामी ब्रह्मपुत्र उत्‍सव का उदघाटन करते हुए राष्‍ट्रपति ने कहा कि हमारे देश के लोगों की रगों में सहिष्‍णुता है। उन्‍होंने कहा कि नदियां सभ्‍यताओं की वाहक होती हैं। ब्रह्मपुत्र के तट के किनारे पूर्वोत्‍तर भारत की संस्‍कृति और अर्थव्‍यवस्‍था पनपी है।
--------------------------
अर्थव्‍यवस्‍था के आठ प्रमुख क्षेत्रों की वृद्धि दर फरवरी में गिरकर एक प्रतिशत रह गई है।  कच्‍चे तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्‍पाद, उर्वरक, सीमेन्‍ट और बिजली के क्षेत्रों में गिरावट की वजह से ऐसा हुआ है। वाणिज्‍य और उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष इसी अवधि में आठ बुनियादी क्षेत्रों की वृद्धि दर नौ दशमलव चार प्रतिशत थी।
इन प्रमुख क्षेत्रों का कुल औद्योगिक उत्‍पादन में योगदान 38 प्रतिशत है। अप्रैल से फरवरी तक की अवधि में इन क्षेत्रों में चार दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे पिछले वित्‍त वर्ष की इसी अवधि में यह वृद्धि दर साढ़े तीन प्रतिशत थी।
--------------------------
गुजरात विधानसभा में आज पशु संरक्षण संशोधन विधेयक 2017 विपक्ष की गैर-मौजूदगी में सर्वसम्‍मति से पारित कर दिया गया। विधेयक में गौवध और बूचड़खानों के लिए गायों को लाने ले जाने पर सजा के कड़े प्रावधान हैं। प्रावधानों के अनुसार सरकारी प्रशासन द्वारा जारी परमिट पर ही गायों को एक स्‍थान से दूसरे स्‍थान पर ले जाया जा सकेगा। लेकिन रात के समय परमिट के बावजूद गायों को लाने ले जाने की अनुमति नहीं होगी। गौवध के लिए दोषी पाए जाने पर अधिकतम दस साल की कैद का प्रावधान है।
--------------------------
उच्‍चतम न्‍यायालय ने राष्‍ट्रीय और राज्‍यों के राजमार्गों के 500 मीटर दायरे में शराब की दुकानें न खोलने  के अपने पहले के निर्णय में संशोधन किया है। न्‍यायालय ने 20 हजार तक की जनसंख्‍या वाले क्षेत्रों के लिए यह दूरी घटाकर 220 मीटर कर दी है।
प्रधान न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति जे एस खेहर की अध्‍यक्षतावाली पीठ ने यह स्‍पष्‍ट किया कि शेष अन्‍य इलाकों के लिए उसका पिछले वर्ष 15 दिसम्‍बर का आदेश यथावत लागू रहेगा। जिसके तहत राष्‍ट्रीय और राज्‍यों के राजमार्गों के 500 मीटर दायरे में शराब की दुकाने नहीं खोली जा सकेंगी।
न्‍यायालय ने स्‍पष्‍ट किया है कि जो लाइसेंस 15 दिसम्‍बर से पहले जारी किए गए हैं, वे इस वर्ष 30 सितम्‍बर तक जारी रहेंगे। शेष शराब की दुकानों को कल से बंद करना होगा।
--------------------------
लोकसभा अध्‍यक्ष सुमित्रा महाजन बंगलादेश की राजधानी ढाका में कल से शुरू हो रहे अंतर संसदीय संघ आई पी यू के 136वें अधिवेशन में भाग लेने के लिए रवाना हो गई है। उनके साथ नौ सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भी गया है। लोकसभा के महासचिव अनूप मिश्रा भी साथ गये हैं।
पाकिस्‍तान ने बंगलादेश पर दुष्‍प्रचार करने का आरोप लगाते हुए इस सम्‍मेलन में भाग न लेने की घोषणा की है। पाकिस्‍तान द्वारा 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान जमाते-ए-इस्‍लामी के नेताओं को युद्ध अपराध के लिए मौत की सजा दिये जाने पर व्‍यक्‍त प्रतिक्रिया की बंगलादेश ने आलोचना की है।
--------------------------
 नोटबंदी के बाद किसानों की कर्ज माफी का कोई प्रस्‍ताव सरकार के पास नहीं है। कृषि, सहकारिता और किसान कल्‍याण  मंत्री पुरूषोत्‍तम रूपाला ने आज राज्‍यसभा में एक लिखित उत्‍तर में बताया कि किसानों के लिए विशेष पैकेज घोषित करने का कोई प्रस्‍ताव नहीं है। उन्‍होंने कहा कि सरकार खेती को व्‍यवहारिक रूप से लाभप्रद बनाने के लिए किसानों के कल्‍याण पर जोर दे रही है।
--------------------------
सरकार ने आज व्‍यक्तिगत करदाताओं के लिए आकलन वर्ष 2017-18 के वास्‍ते सरलीकृत नया सरल आयकर रिटर्न फार्म अधिसूचित किया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने जानकारी दी कि ये विवरणी सिर्फ एक ही पृष्ठ की है और इसका नाम सहज रखा गया है। फार्म कोई भी ऐसा व्‍यक्तिगत करदाता इस्‍तेमाल कर सकता है जिसकी आय 50 लाख रूपये है। यह आमदनी वेतन, एक आवासीय संपत्ति और ब्याज समेत अन्य स्रोतों से हो सकती है।
--------------------------
पाकिस्‍तान में उत्‍तर पश्चिमी अशांत कबायली इलाके खुर्रम एजेंसी के भीड़ भरे बाजार में एक कार बम विस्‍फोट में 25 लोग मारे गये हैं। विस्‍फोट से 65 अन्‍य लोग घायल हुए हैं। पाकिस्‍तान तालिबान से अलग हुए गुट जमात-उल-एहरात ने हमले की जिम्‍मेदारी ली है।
--------------------------
सी बी आई ने हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनकी पत्‍नी के खिलाफ आय से अधिक सं‍पत्ति के मामले में दिल्‍ली की विशेष अदालत में आज आरोप पत्र दाखिल कर दिया। इससे पहले दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय ने उन्‍हें कोई राहत देने से इंकार कर दिया और उनकी पूछताछ या गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक हटा ली थी।
--------------------------
उधर, कांग्रेस प्रवक्‍ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह को पद से नहीं हटाया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि यह राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई है।
--------------------------
पी. वी. सिंधू ने सायना नेहवाल को आज दिल्ली में इंडिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में 21-16, 22-20 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। किसी भी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में सिंधू की सायना पर यह पहली जीत है। अंतिम चार में कल सिंधू का मुकाबला दक्षिण कोरिया की सुंग जी ह्यून से होगा। पुरूष वर्ग में समीर वर्मा की हार के साथ ही भारत की चुनौती समाप्त हो गई है। समीर को पुरूष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन ने 22-24, 19-21 से हराया।
--------------------------
आर्थिक जगत की खबरों के साथ सोनू सूद:-
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स दशमलव एक प्रतिशत की मंदी से 27 अंकों की मामूली गिरावट दर्ज करता हुआ 29 हजार 621 पर आ गया। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी बिना किसी बदलाव के नौ हजार 174 पर बंद हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रूपया डालर के मुकाबले सात पैसे मजबूत हुआ और एक डालर की कीमत 64 रूपये 85 पैसे दर्ज हुई। जो रूपये का 17 महीने का ताजा उच्‍चतम स्‍तर है।  
--------------------------
विमुद्रीकरण के दौरान जो भारतीय विदेश में थे, उनके लिए 500 और एक हजार रूपये के रद्द नोटों को बदलने की सीमित अवधि आज समाप्‍त हो गई। हालांकि, प्रवासी भारतीयों-एन आर आई के पास अभी भी तीन महीने की और अवधि बाकी है जिसमें वे प्रति व्‍यक्ति 25 हजार रूपये तक के नोटों की बदली कर सकते हैं। प्रवासी भारतीयों के लिए नोट बदली की ये सुविधा तीस जून तक उपलब्‍ध है।
--------------------------

चिता मृत देह को जलाती है तथा चिंता जीवित शरीरों को जला देती है : स्वामी विजयानंद गिरी

नुहियांवाली की श्रीरामभक्त हनुमान गोशाला में श्रीरामकथा एवं दुर्लभ सत्संग

ओढ़ां
खंड के गांव नुहियांवाली में जारी श्रीरामकथा एवं दुर्लभ सत्संग के दौरान श्रीरामकथा में ऋषिकेश से कथा व्यास स्वरूपदास महाराज ने शुक्रवार को भगवान श्रीराम के माता सीता से विवाह का सुंदर वर्णन सुनाते हुए श्रद्धालुओं को भक्तिरस की फुहारों से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने श्रीराम विवाह के उपलक्ष्य में कथास्थल पर विशेष सजावट कर वहां किसी भव्य शादी समारोह सा दृश्य प्रस्तुत कर दिया।
वहीं दूसरी ओर दुर्लभ सत्संग के दौरान स्वामी विजयानंद गिरी ने आज सभी उपस्थितजनों को चिंतामुक्त कर दिया। प्रवचन फरमाते हुए उन्होंने कहा कि चिता वो होती है जो मृत शरीरों को जलाती है तथा चिंता जीवित शरीरों को जला देती है। वर्तमान में प्राणी की चिंता ये है कि परिस्थितियां कैसे अनुकूल हों तथा प्रतिकूल ना रहें लेकिन प्रारव्ध के अनुसार जो होना है वो होकर रहेगा तथा जो नहीं होना वो कदापि नहीं होगा अत: अच्छे काम करते रहो और चिंता न करो। विश्व की सर्वोत्तम ग्रंथ गीता कहती है कि कर्म पर आपका अधिकार है परिणाम पर नहीं अत: चिंता करना जीव का नहीं भगवान का कार्य है।
स्वामी जी ने कहा कि चिंता बुद्धि को खा जाती है तथा जीव की हालत गैरेज में स्र्टाट खड़ी गाड़ी जैसी हो जाती है जो ना दौड़ते हुए भी पैट्रोल पी रही है तथा चिंतामुक्त जीव की हालत उस गाड़ी जैसी होती है जो ढलान पर जा रही है तथा चालक ने इंजन बंद कर दिया गाड़ी फिर भी दौड़ रही है। अर्थात सुखी जीवन का सरल सा उपाय ये है कि भगवान से अभी बोल दो कि हम कर्म करते हैं चिंता आप करो। उन्होंने बताया कि दो विभाग हैं एक करने का दूसरा होने का, करना हमारे हाथ में है तथा होना भगवान के हाथ में। सुखी रहने का छोटा सा मंत्र है 'करने में सावधान तथा होने में प्रसन्नÓ। जैसे हमारा काम है घर को अच्छे से ताला लगाकर जाना यदि फिर भी चोरी हो जाए तो प्रसन्न हो जाओ कि वाह प्रभु बड़ी कृपा कर दी आपने। ये हंसने का नहीं चिंतन का विषय है क्योंकि भगवान तो कभी गलत कर ही नहीं सकते अत: उस चोरी में भी अप्रत्यक्ष रूप से हमारा कल्याण निहित होता है।
स्वामी जी ने कहा कि भगवान का काम है कृपा करना, वे कृपा से बने कृपानिधान हैं। जीव कुछ भी करते समय सावधानी ये रखे कि  शास्त्रानुसार कुछ गलत न करे तथा अच्छा या बुरा जो भी हो उस पर चिंता करने की बजाय प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रभु को धन्यवाद दे। अंत में स्वामी जी ने जब कहा कि अब भी किसी को चिंता है, तब एक गांववासी तपाक से बोला हां मुझे अभी भी चिंता है। वो ये कि मुझे झूठ बोलने की आदत है बहुत बार बोला है अब चिंता है कि प्रायश्चित कैसे हो। स्वामी जी बोले भरी सभा में स्वीकृति भी किसी प्रायश्चित से कम नहीं फिर भी शंका है तो सबके सामने फिर कभी झूठ न बोलने की शपथ ले लो तथा उसके उच्च स्वर में शपथ लेते ही गोशाला की फिजा तालियों की गडग़ड़ाहट से गुंज उठी। इस मौके पर प्रधान बलराम सहारण, सूरजभान, रामप्रताप, मनोज कुमार, विजय कुमार, भगवान सिंह, दुलाराम, महेंद्र सिंह दलीप सोनी और इंद्रपाल सहित महिला पुरूष श्रद्धालु मौजूद थे।