Loading

15 April 2017

समाचार:

  • भारतीय जनता पार्टी की दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज से भुवनेश्वर में। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह बैठक में भाग लेंगे।
  • सरकार ने कहा पकिस्तान में मौत की सज़ा सुनाए गए कुलभूषण जाधव को बचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
  • तमिलनाडु में चेन्नई में आयकर अधिकारियों को छापे के दौरान बाधा डालने के आरोप में तीन मंत्रियों के खिलाफ मामला दर्ज।
  • दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा नगर निगमों के चुनाव के लिए ईवीएम मशीनें त्रुटि रहित और उनमें छेड़छाड़ संभव नहीं।
  • श्रीनगर लोकसभा सीट के उप-चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती शुरू।
  • सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज़ बैडमिंटन टूर्नामेंट में किदाम्बी श्रीकांत और बी. साई प्रणीत अपने अपने सेमी फाइनल खेलेंगे।
-----------------
भारतीय जनता पार्टी की दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज से भुवनेश्वर में शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता इस बैठक में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि श्री मोदी आज दिन में भुवनेश्वर पहुँचेंगे और राजभवन जाने के बाद जनता मैदान में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली और कई अन्य केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित रहेंगे।
पिछले पंचायत चुनाव में भारी सफलता और 2019 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों पर नजर रखते हुए भाजपा की तैयारियों के लिए सम्मेलन में अलग से सत्र होगा। राज्य में पार्टी की लहर में तेजी लाने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 2019 के विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी दल बीजू जनता दल को फिर से सत्ता में आने से रोकने के लिए आगामी चुनाव में ओडिसा पर ध्यान केन्द्रित करने को कहा है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में कई मुद्दों के अलावा 2018 में सात राज्यों में होने वाले चुनावों की तैयारी को लेकर भी चर्चा होगी। राज्य में भाजपा की सभी इकाइयों से आये लगभग एक लाख लोग आज दोपहर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भुबनेश्वर पहुंचने पर स्वागत करेंगे। भुबनेश्वर से एसएन पटनायक के साथ समाचार कक्ष से गौरव राघव।
-----------------
केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि केन्‍द्र, पाकिस्‍तान में मौत की सजासुनाये गए भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को बचाने केलिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा।
सारे एफर्टस हो रहे हैं और जाधव के साथ जस्टिस हो इसके लिए जिस हद तक जाना होगा भारत सरकार जाएगी।
कोलकाता में श्री सिंह ने कहा कि भारत, पाकिस्‍तान के साथ शत्रुता समाप्‍त करने के पक्ष में है, लेकिन अगर दूसरी ओर से हमला किया जाता है तो हमारा देश इसका मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्‍होंने यह भी कहा कि भारतीय सेना राष्‍ट्रीय सुरक्षा के मुददों पर कभी नरमी नहीं बरतेगी।
श्री सिंह ने कहा कि देश के किसी भी राज्‍य में कानून व्‍यवस्‍था बनाये रखना बहुत बड़ी चुनौती है।
-----------------
विदेश राज्‍य मंत्री वी के सिंह ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक संघर्ष है और आतंक से समूची मानवता  प्रभावित होती है। उन्‍होंने, अफगानिस्‍तान में इस्‍लामिक स्‍टेट परिसर पर अमरीका की बमबारी के बारे में कल मुंबई में यह बात कही।
-----------------
चेन्नई पुलिस ने तमिलनाडु में हाल के छापों के दौरान आयकर अधिकारियों के काम में बाधा डालने के आरोप में ऑल इंडिया अन्ना डी. एम. के. अम्मा पार्टी के तीन मंत्रियों पर एफ आई आर दर्ज की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सी विजय भास्कर और उनके निकट सहयोगियों के परिसरों में छापों के समय खाद्य मंत्री आर. कामराज और आवास मंत्री उदुमलईपेट्टाई राधाकृष्णन उनके आवास में घुस गए और उन्होंने आयकर अधिकारियों के साथ कथित रूप से बहस की थी।
इस महीने की सात तारिख को आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा छापे में जब्त किये दस्तावेजों से कथित रूप से पता चला था कि डॉक्टर राधाकृष्णन नगर विधानसभा क्षेत्र ने मतदाताओं को  बांटे जाने के लिए 89 करोड़ रुपये भेजे गए थे। यहां होने वाले उपचुनाव को धन-बल के इस्तेमाल के आरोपों के कारण रद्द कर दिया गया है। आयकर अधिकारियों ने छापों के दौरान तीन मंत्रियों और दो अन्य के व्यवहार को लेकर चेन्नई के पुलिस कमिश्नर को अवगत कराया था। चेन्नई से जयसिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वीरेन्द्र कौशिक।
-----------------
दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि नगर निगमों के चुनाव में इस्‍तेमाल के लिए लाई गईं जनरेशन-1 ई वी एम त्रूटिरहित हैं और इनके प्रोग्रेम के साथ  किसी प्रकार की छेडछाड़ नहीं की जा सकती। राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त एस के श्रीवास्‍तव ने कहा कि ऐसी कई मशीनों के जरिए मतदान की प्रक्रिया की भलीभांति जांच कर ली गई है। ब्यौरा हमारे संवाददात से।
राज्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार ये मशीनें किसी तार या बेतार के माध्यम से अन्य किसी मशीन या सिस्टम से जुड़ी नहीं है। इसलिए डेटा में जानबूझकर हेराफेरी किये जाने की कोई आशंका नहीं है। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कल मांग की थी कि ईवीएम के साथ मतदान की पुष्टि की व्यवस्था नहीं होने तक नगर निगम चुनावों को दो माह के लिए स्थगित कर दिया जाना चाहिए। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
-----------------
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर लोकसभा सीट के उपचुनाव की वोटों की गिनती श्रीनगर में लगभग इसी समय शुरू हो गई है। प्रवासी मतदाताओं के वोटों की गिनती भी जम्मू, उधमपुर और नई दिल्ली में की जा रही है।
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी शांतमनु ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हो रही है।
श्रीनगर लोकसभा सीट के उपचुनाव में नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अबदुल्ला समेत 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था।
-----------------
केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में सभी के लिए बिजली योजना के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि समझौते का उद्देश्य उपभोक्ताओं को किफायती दामों पर बिजली प्रदान करना है।
इस योजना के पूरा हो जाने पर लगभग एक करोड़ 86 लाख उन परिवारों को भी विद्युत कनेक्शन मिल जाएंगे, जो अभी तक इस सुविधा से वंछित हैं। इस परियोजना पर चालीस हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत संभावित है। जिसमें से बीस हजार करोड़ रुपये की धनराशि वर्ष 2018 तक खर्च होगी। पावर फॉर ऑल समझौते पर हस्ताक्षर के साथ ही प्रदेश में उजाला योजना की भी शुरुआत हो गई। जिसके अंतर्गत उपभोक्ताओं को ऊर्जा बचाने वाले सस्ती दरों पर एलएडी बल्व, ट्यूलाइट और पंखों का वितरण शुरू हो गया। मुलतान सिंह यादव आकाशवाणी समाचार लखनऊ
-----------------
चीन की विमान कंपनी एयर चाइना सोमवार से पेइचिंग से उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के बीच उड़ानें निलंबित कर रही है। एयरलाइंस के अधिकारियों ने सेवा निलंबित करने के बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
-----------------
ओड़िसा में जबरदस्‍त लू के प्रकोप से लोगों को कोई राहत नहीं मिली है। राज्‍य के अधिकतर भाग जबर्दस्त गर्मी का सामना कर रहे हैं। पश्चिमी ओडिसा के तितलीगढ़ कस्‍बे में सबसे अधिक 43 डिग्री सैल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। जबकि बोलनगीर में तापमान 42 दशमवल सात डिग्री सैल्सियस रहा।
इस बीच स्‍थानीय मौसम विभाग ने राज्‍य के तटीय और अंदरूनी जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा और गरज के साथ छींटें पड़ने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।
-----------------
के. श्रीकांत और बी. साई प्रणीत सिंगापुर ओपन सुपर सीरिज बैडमिंटन टूर्नामेंट में आज अपने-अपने सेमीफाइनल मैच खेलेंगे। श्रीकांत का सामना इंडोनेशिया के एंथनी गिनटिंग से और साइ प्रणीत दक्षिण कोरिया के ली डांग कियून से खेलेंगे।
-----------------
समाचार पत्रों से
आम्‍बेडकर जयंती के अवसर पर कल प्रधानमंत्री द्वारा आधार आधारित नया भीम एप लॉन्च किये जाने को सभी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। दैनिक जागरण ने इसे कैशलेस अर्थव्‍यवस्‍था की दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम बताया है। अमर उजाला का कहना है- अब अंगूठा लगाकर पेमेंट कर सकेंगे। नवभारत टाइम्‍स ने इसे भ्रष्‍टाचार के खिलाफ स्‍वच्‍छता का अभियान बताया है।  स्‍वच्‍छ धन अभियान का दूसरा चरण शुरू होने और जांच घेरे में साठ हजार लोगों के आने को राजस्‍थान पत्रिका ने आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई बताया है। दैनिक भास्‍कर के अनुसार सरकार को कैश खरीददारी में कालेधन की आशंका, एक साल लग सकता है जांच में।
केन्‍द्र और उत्‍तर प्रदेश सरकार के बीच हुआ करार, सबको बिजली 2018 तक राष्‍ट्रीय सहारा में सचित्र है। पत्र लिखता है कि सभी घरों में स्‍मार्ट मीटर कम ब्‍याज पर मुहैया कराये जाएंगे।
महापुरूषों की जयंती पर राज्‍य में नहीं होनी चाहिए छुट्टी, मुख्‍यमंत्री आदित्‍यनाथ योगी के इस बयान को जनसत्‍ता ने प्रमुखता से दिया है। दैनिक भास्‍कर ने लिखा है कि यूपी के स्‍कूलों में 220 दिन का सेशन, उसमें भी 80 दिन की छुट्टी , इनमें 42 महापुरूषों का नाम।
महाबम से अमरीका ने मारे 36 आतंकी दैनिक जागरण में है। पत्र ने अमरीकी राष्‍ट्रपति के इस बयान को भी दिया है कि उत्‍तर कोरिया इशारा न समझे तो यह उसकी समस्‍या है।
दैनिक जागरण की खबर है- विमानों की तरह ट्रेन में भी मिल सकेगी मनचाही सीट। अगले साल से शुरू हो सकती है रेलवे की यह सुविधा।
महाराष्‍ट्र के लातूर की एक लड़की ने लकी ग्राहक योजना के अंतर्गत जीते एक करोड़ रूपये को हरिभूमि ने सचित्र प्रकाशित किया है।
-----------------

बाबा साहेब भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत : सतिंद्र गर्ग

युवा मोर्चा ने मनाया बाबा साहेब का जन्मदिन
ओढ़ां
भारतीय जनता युवा मोर्चा ओढ़ां मंडल द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 126 वां जन्मदिन मनाते हुए स्थानीय पंचायत कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

युवा मोर्चा अध्यक्ष रणजीत सिंह तिगड़ी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा ओढ़ां मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए बीआर अंबेडकर के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब ने देश को जो दिया वो अमूल्य है तथा देश को आजाद करवाने में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब  द्वारा दिया गया नारा 'शिक्षित बनो संगठित रहोÓ आज भी प्रासंगिक है तथा भारत के हर युवा के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। इस मौके पर युवा मोर्चा के उपप्रधान गुरदीप सिंह जंडवाला, गुरप्रेम सिंह तिगड़ी, गुरविंद्र सिंह किंगरा व शीशपाल सिंह ओढ़ां, महासचिव गुरलाल शर्मा माखा व जगसीर सिंह चोरमार, कोषाध्यक्ष मनदीप शर्मा खोखर, सचिव रणजीत सिंह असीर, सुखराज सिंह चठ्ठा, गुरलाल गिल माखा, कुलदीप सिंह फुल्लो, कुलदीप सिंह ओढ़ां, बलकरण सिंह पाना, सुखविंद्र सिंह जंडवाला और जगजीत सिंह पिपली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

डॉ. भीमराव अम्बेडकर का 126वां जन्मदिवस मनाया

ओढ़ां
गांव पन्नीवाला मोटा में सविंधान रचियता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के 126वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ग्राम सुधार युवा मंडल व ओलिंपिक फुटबॉल एवं स्पोर्ट्स युवा क्लब द्वारा ग्राम पंचायत व ग्रामीणों के सहयाग से कार्यक्रम आयोजित करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित उनको भाववीनी श्रद्धाजलि दी।
इस अवसर पर सरपंच सतवीर कुमार तथा क्लब प्रधान संदीप बादल ने उपस्थितजनों को बाबा साहेब के जीवन से परिचित करवाते हुए कहा कि बाबा साहेब अपने समय के महान विद्वानों तथा शिक्षाविदों में से एक थे। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर सभी ने बाबा साहेब के दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए समाज को शिक्षित बनाने, समाज को संगठित करने तथा आपसी भाईचारा बढाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर  सरपंच सतवीर कस्वां ने क्लब कार्यालयों के लिए दो पंखें भेंट करने की घोषणा की। इस मौके पर ग्राम सचिव जगवीर सिंह,अजयपाल कस्वां, राजेन्द्र कस्वां, हनुमान कस्वां, पाला राम, लाला राम डूडी, राजेंद्र किराड़, जय प्रकाश, बंसी लाल आदि मौजूद रहे।

धूमधाम से मनाई बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 126 वीं जयंती

ओढ़ां
खंड के गांव रोहिडांवाली की एससी चौपाल में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 126 वीं जयंती बड़ी धूमधाम के साथ मनाई गई जिसमें अनेक गांववासियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने बाबा साहेब के जन्मदिन का केक काटकर समस्त गांववासियों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब के समाज सुधार के कार्यों के बारे में बताते हुए कहा कि बाबा साहेब ने भारत के संविधान का निर्माण किया। इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में दिया गया भाषण सभी उपस्थितजनों ने गहरी दिलचस्पी के साथ सुना। इस मौके पर पंच बिटूराम, क्लर्क बीर सिंह, भीमसैन तथा क्लब सदस्य और अनेक गांववासी मौजूद थे।

14 April 2017

समाचार

  • कृतज्ञ राष्ट्र की भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर की 126वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने के लिये कई नयी योजनाओं का शुभारम्भ करेंगे।
  • भारत का निर्यात पिछले वर्ष मार्च की तुलना में इस मार्च में 27 दशमलव छह प्रतिशत बढ़ा।
  • अमरीका ने अफगानिस्‍तान के नांगरहार प्रांत के अचिन ज़िले में इस्लामिक स्टेट के सुरंग परिसर पर अपना सबसे बड़ा गैर-परमाणु बम गिराया।
  • देश के कई हिस्सों में नववर्ष की धूम।
  • ईसा मसीह को सलीब पर लटकाने की स्मृति में दुनियाभर में आज गुडफ्राइडे।
  • और, सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज़ बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पी.वी. सिंधु, के. श्रीकांत, साईं प्रणीत का मुकाबला आज, मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में भी भारतीय चुनौती रहेगी।
------------------
राष्ट्र आज डॉक्टर बी आर आम्बेडकर की 126वीं जयंती मना रहा है। आज सुबह संसद भवन परिसर में बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। भारतीय संविधान के निर्माता डॉक्टर आम्बेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्यप्रदेश के महू में हुआ था। महू का नाम अब डॉक्टर आम्बेडकर नगर है। बाबा साहेब भारत के पहले विधि मंत्री भी थे।
------------------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आम्‍बेडकर जयंती पर आज नागपुर जा रहे हैं। हवाई अड्डे पहुंचने के तुरंत बाद वे पावन दीक्षा भूमि जाएंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्‍न डॉक्‍टर बाबा सा‍हेब आम्‍बेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
भीम ऐप्‍प के साथ जोड़कर व्‍यापारियों के लिए आधार परिचय व्‍यवस्‍था से संबंधित नई प्रणाली का आरंभ इस समय होगा। जिससे केवल आधार क्रमांक को लेकर भुगतान करना संभव होगा। भीम ऐप्‍प के माध्‍यम से भुगतान करने वाले ग्राहकों को बोनस तथा व्‍यापारियों को संबंधित व्‍यवहारों पर कैसबैक सुवि‍धा देने का प्रावधान इसमें होगा, साथ ही इस 100वें तथा अंतिम डिजिधन मेले में भाग्‍यशाली ग्राहक एवं डिजिधन व्‍यापार योजना में घोषित विजेताओं को पुरस्‍कार भी दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत महाराष्‍ट्र में विभिन्‍न जगहों पर बनाए जाने वाले निवासी संकुल निर्माण परियोजनाओं का भूमि पूजन श्री मोदी के कर-कमलों द्वारा होगा। आकाशवाणी समाचार के लिए नागपुर से सुनील डबीर।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक अन्‍य कार्यक्रम में दो विशेष स्‍मारक डाक टिकट जारी करेंगे। एक डाक टिकट में दीक्षा भूमि तथा दूसरे में भगवान गौतम बुद्ध और बाबा साहेब आम्‍बेडकर के चित्र होंगे।
महाराष्‍ट्र के राज्‍यपाल श्री सी. विद्यासागर राव, मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडनवीस और कई केन्‍द्रीय मंत्री इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
------------------
नागपुर में आज 100वें डिजीधन मेले के समापन समारोह  का आकाशवाणी नागपुर से 12 बजकर 15 मिनट से सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी दिल्ली और आकाशवाणी के सभी एफ एम रेनबो चैनलों से किया जाएगा। आकाशवाणी के सभी मल्‍टी चैनल केन्‍द्र अपने एक चैनल पर इसे रिले करेंगे।
------------------
डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर के जन्‍मस्‍थल मध्‍यप्रदेश में इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
इ्ंदौर के समीप स्थित यह छावनी आज यहां स्‍थापित अम्‍बेडकर स्‍मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने आ रहे अनुआयियों का स्‍वागत कर रहा है। दलित और पिछड़े वर्गो के कल्‍याण के लिए सामाजिक क्रांति में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाने वाली इस महान हस्ति को याद करने के लिए देश भर से लोगों के आने का तांता लगा हुआ है। प्रशासन ने स्‍मारक और उसके आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए हैं। मध्‍य प्रदेश में आज का दिन सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। महू में आयोजित होने वाले मुख्‍य कार्यक्रमों लोकसभा अध्‍यक्ष श्रीमति सुमित्रा महाजन, मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्‍द्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत भी उपस्थित रहेंगे। सुनील कुमार तिवारी, आकाशवाणी समाचार, इंदौर।
-------
भुवनेश्‍वर में भारतीय जनता पार्टी की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह बैठक जनता मैदान में कल से शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्‍तमंत्री अरूण जेटली और अन्‍य केन्‍द्रीय मंत्रियों सहित भाजपा के तीन सौ से अधिक प्रतिनिधि बैठक में शामिल होंगे।
-----
भारत ने इस वर्ष मार्च में 29 अरब 23 करोड़ डॉलर की चीज़ों का निर्यात किया। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 27 दशमलव 6 प्रतिशत अधिक है। पेट्रोलियम, वस्‍त्र, अभियांत्रिकी उत्‍पाद, रत्‍न और आभूषण जैसे क्षेत्रों में जबर्दस्‍त प्रदर्शन के कारण निर्यात बढ़ा।
वित्‍त वर्ष 2016-17 के दौरान निर्यात में 4 दशमलव 71 प्रतिशत की वृद्धि हुई और 274 अरब 64 करोड़ डॉलर का निर्यात हुआ। वर्ष 2015-16 में262 अरब 3 करोड़ डॉलर का निर्यात हुआ।
-----------------
अमरीकी सेना ने कल पूर्वी अफगानिस्‍तान में पाकिस्‍तानी सीमा के निकट इस्‍लामिक स्‍टेट की भूमिगत सुरंग पर अब तक का सबसे बड़ा गैर परमाणु बम गिराया। 21 हजार 600 पाउंड का जीपीएस निर्देशित यह बम अमरीका का सबसे शक्तिशाली गैर परमाणु बम है। पेंटागन प्रवक्‍ता एडम स्‍टंप ने बताया कि भारी नुकसान पहुंचाने वाला जीबीयू-43/बी बम अफगानिस्‍तान के नांगरहार प्रांत के अचिन जिले में आईएसआईएस-खोरासान सुरंग वाले परिसर पर गिराया गया।
अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने कहा कि उन्‍होंने अफगानिस्‍तान में इस बम के इस्‍तेमाल की अनुमति दी। श्री ट्रम्‍प ने कहा कि उन्‍हें नहीं मालूम कि इससे उत्‍तर कोरिया को कोई संदेश मिला या नहीं। उन्‍होंने उत्‍तर कोरिया को समस्‍या बताते हुए इससे निपटने की बात कही।
दैनिक संवाददाता सम्‍मेलन में वाइट हाउस के प्रेस सचिव सीन स्‍पाइसर ने कहा कि अफगानिस्‍तान में यह बम स्‍थानीय समय के अनुसार शाम के करीब सात बजे गिराया गया।
-------------------
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने बम गिराए जाने के अमरीका के फैसले की निंदा की है। उन्होंने कल ट्विटर पर इस बमबारी की कड़ी निंदा की। श्री करजई ने आरोप लगाया कि अमरीकी सेना नए हथियारों के परीक्षण स्थल के रूप में अफगानिस्तान का इस्तेमाल कर रही है।
------------------
देश के कई हिस्सों में आज नववर्ष की धूम है। असम, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में आज नववर्ष मनाया जा रहा है।
असम में यह दिन रोंगली बिहू के रूप में मनाया जाता है। हमारे संवाददाता ने बताया कि नववर्ष समारोह सप्ताह भर चलेंगे।
पूरे असम में रोंगाली बिहू का त्‍योहार पूरे उत्‍साह के साथ मनाया जा रहा है। आज सुबह गाय और भैंसों को तालाब या नदी में नहलाया गया है। शाम को बिहू नृत्‍य का आयोजन किया जाएगा। रोंगाली बिहू के अवसर पर औरतें  लाड़ू, पीठा जैसे पकवान बनाते हैं। असम के राज्‍यपाल बनवारीलाल पुरोहित, मुख्‍यमंत्री सर्बानन्‍द सोनोवाल ने रोंगली बिहू के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी है। मानस प्रतीम शर्मा आकाशवाणी समाचार, गुहावटी।
पश्चिम बंगाल में पोला बैशाख के अवसर पर सवेरे से ही दक्षिणेश्वर और कालीघाट मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
तमिलनाडु में भी पारंपरिक उल्लास के साथ नववर्ष मनाया जा रहा है।
केरल में विशु के अवसर पर विशुकणि के पावन दर्शन के लिए कृष्ण मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं।
------------------
आज गुडफ्राइडे है। इस दिन ईसा मसीह को सलीब पर लटकाया गया था।  इसके दो दिन बाद रविवार को ईसा मसीह पुनर्जीवित हो उठे थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईसा मसीह की सेवाओं और बलिदान को याद करते हुए ट्वीट संदेश में कहा कि उनका जीवन मानवीय पीड़ाओं को कम करने के लिए समर्पित था।
------------------
सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्‍वार्टर फाइनल में आज भारत की पी. वी. सिंधू, किदांबी श्रीकांत, बी. साई प्रणीत तथा अश्विनी पोनप्‍पा और सुमित रेड्डी की मिक्‍स्‍ड डबल्‍स जोड़ी के मैच होंगे।
महिला सिंगल्‍स में पी.वी. सिंधू का सामना कैरोलिना मारिन से होगा।
मिक्‍स्‍ड डबल्‍स में अश्विनी पोनप्‍पा और सुमीत रेड्डी की जोड़ी चीन के लु काई और च्‍नुआंग याकीओंग से खेलेगी।
-----------------
समाचार पत्रों से
धन्यवाद, लवलीन- दि‍ल्‍ली समेत आठ राज्‍यों की दस विधानसभा सीटों में से पांच पर भारतीय जनता पार्टी के परचम लहराने को सभी अखबारों ने पहली खबर बनाया है। दैनिक जागरण की सुर्खी है-दिल्‍ली में खिला कमल। आम आदमी पार्टी के प्रत्‍याशी की जमानत जब्‍त। अमर उजाला ने इसे फिर से मोदी मौजिक बताया है। देशबंधु को लगता है-भाजपा का डंका, आप को झटका।
कुलभूषण जाधव को लेकर भारत और पाकिस्‍तान के बीच कड़वाहट बढ़ी- को जनसत्‍ता ने प्रमुखता देते हुए लिखा है। सिंधु जल संधि पर सचिव स्‍तरीय वार्ता टली। नवभारत टाइम्‍स ने गृह मंत्रालय की इस रिपोर्ट को छापा है-गुमराह कर कश्‍मीरियों को भड़का रहा है पाकिस्‍तान।
अगले साल से उर्दू में भी कराना होगा नीट का आयोजन। दैनिक जागरण सहित कई अखबारों में है। पत्र लिखता है, फिलहाल इसका आयोजन दस भाषाओं में हो रहा है।
राष्‍ट्रपति ने किया 44 हस्तियों को सम्‍मानित। तीन को पदम विभूषण, चार पदम भूषण और 37 को पदम श्री पुरस्‍कार से नवाजे जाने को राष्‍ट्रीय सहारा सहित लगभग सभी अखबारों ने सचित्र दिया है। हरी भूमि की सुर्खी है- पदम से मिली गुमनाम चेहरों को पहचान।
भारतीय ने जीता संयुक्‍त राष्‍ट्र चैलेंज का शीर्ष पुरस्‍कार। इंजीनियर अब्‍दुल कादर राशिद बने ओपन सोर्स टूल प्रतियोगिता के विजेता को दैनिक जागरण ने उपलब्धि शीर्षक से प्रकाशित करते हुए लिखा है कि प्रोटोटाइप टूल से दुनिया देखेगी हमारी मेधा।
---------------