Loading

28 January 2020

धूमधाम व उत्साह से मनाया 71 वां गणतंत्र दिवस

ओढां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढां में 71 वां गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बेटी का सलाम राष्ट्र के नाम के अंतर्गत गांव की शिक्षित बेटी कमलजीत कौर पुत्री भोला सिंह ने ध्वजारोहण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसे विद्यालय के संगीत प्रवक्ता गुरप्रीत सिंह ने तैयार करवाया था।
ओढां में ध्वज फहराती शिक्षित बेटी कमलजीत कौर।
मंच का संचालन पंजाबी प्रवक्ता जितेंद्र गर्ग ने किया। ध्वजारोहण की रस्म को विद्यालय डीपी बलविंदर सिंह द्वारा करवाई गई। इस अवसर पर प्राचार्य बिक्रमजीत ने बच्चों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और स्टाफ द्वारा प्रसाद वितरित करवाया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता कृष्ण कुमार व मिडिल हेड कृष्ण सिंह ने भी बच्चों को संबोधित किया। कार्यक्रम में फूल सिंह, सुभाष शर्मा, रिछपाल गोदारा, डॉक्टर संदीप शर्मा, बलविंदर सिंह, जगदीश शास्त्री, रामस्वरूप, मांगेराम व अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। इसी प्रकार गणतंत्र दिवस के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय ओढां में कार्यवाहक प्राचार्य राम सिंह ने ध्वजारोहण किया। माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढां में एजुकेशन सोसाइटी की ओर से मंदर सिंह सरां ने, जेके मेमोरियल पब्लिक स्कूल में डॉक्टर पालाराम ढाका ने तथा एलडीएम लाली देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल पन्नीवाला मोटा में प्रिंसिपल रेणु सेठी की अध्यक्षता में शिक्षित बेटी जसप्रीत कौर पुत्री बलदेव सिंह ने ध्वज फहराया।

25 January 2020

ओढां में महिला सद्भावना क्रिकेट मैच आयोजित

ओढां
माता हरकी देवी महिला शिक्षण महाविद्यालय ओढां के शिक्षण विभाग की और से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु गार्गी हाउस ओर कुस्तुरबा हाउस की छात्राध्यापिकाओ के मध्य मैत्रीपूर्ण सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित क्रिकेट मैच में प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्र ने टॉस करवाया। गार्गी हाउस की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। गार्गी हाउस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाए। वही लक्ष्य का पीछा करते हुए कुस्तुरबा हाउस की टीम निर्धारित 15 ओवरों में 75 रन पर आल आउट हो गयी। गार्गी हाउस की टीम में सबसे ज्यादा रन निशा ने बनाये। निशा ने अपनी 39 रन की पारी में 4 चौके ओर 2 छक्के लगाए। वही कुस्तुरबा हाउस की टीम में रवीना ने ताड़तबोड बल्लेबाजी करते हुए 37 रनों की शानदार पारी खेली। अंपायर की भूमिका अटलवीर श्योराण ने निभाई। प्राचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षण महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

छायाचित्र: मैच के उपरांत प्राचार्य व स्टाफ के साथ विजेता टीम।

महिला महाविद्यालय ओढां में राष्ट्रीय मतदाता दिवस आयोजित

ओढां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढां में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर छात्राओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भी किया गया।

छात्राओं ने एकत्रित होकर शपथ ली की वे अपने मत का उचित उपयोग करके देश के विकास में अपनी भागीदारी निश्चित करेंगी। इस अवसर पर एन. एस. एस. प्रभारी रजनी मेहता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मत का प्रयोग करते समय धर्म, जाति व समुदाय विशेष जैसी संकीर्ण भावनाओं का त्याग कर देश के हित को ध्यान में रखते हुए सही व्यक्ति का चुनाव करना चाहिए, जिससे हमारा समाज व देश विकास के मार्ग पर अग्रसर हो सके । शपथ ग्रहण समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अभिलाषा शर्मा सहित शिक्षक वर्ग के सभी सदस्य व छात्राएं विशेष रूप से उपस्थित रहे।

छायाचित्र: ओढां में मत के उचित उपयोग की शपथ लेने का दृश्य।

महिला महाविद्यालय ओढां में राष्ट्रीय बालिका दिवस आयोजित

ओढां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढां में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी प्रोफेसर रजनी मेहता ने मैच का आयोजन कुशलतापूर्वक करवाया।

कॉलेज प्रांगण में आयोजित इस मैच का दर्शक छात्राओं ने भरपूर आनंद लेते हुए खिलाड़ी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। मैच का उद्देश्य ग्रामीण आंचल में छात्र छात्राओं के भेदभाव को समाप्त करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यकारी प्राचार्या डॉ.अभिलाषा शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि क्रिकेट केवल लड़कों तक सीमित नहीं है अपितु वर्तमान समय में लड़कियां भी इसमें बढ़ चढ़कर भाग ले रही हैं तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहीं हैं। प्रो. रजनी मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि लड़कियां अब किसी भी क्षेत्र में पिछड़ी हुई नहीं है। हमें उन्हें और आगे बढऩे के लिए प्रेरित व उत्साहित करना चाहिए। इस अवसर पर प्रो. मीनाक्षी जैन और प्रो. कविता छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के लिए विशेष रूप से उपस्थित रही।

छायाचित्र: ओढां में लड़कियों के क्रिकेट मैच का दृश्य।

20 January 2020

किशोरियों को जीवन कौशल बढ़ाने की ट्रेनिंग दी

ओढां
सीडीपीओ सतिंद्र कौर की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय ओढां में ब्लॉक स्तर पर 11 से 14 वर्ष तक की स्कूल ना जाने वाली किशोरियों को अपना जीवन स्तर बेहतर बनाने हेतु व जीवन कौशल बढ़ाने हेतु ट्रेनिंग दी गई। सीडीपीओ सतिंदर कौर ने सभी किशोरियों को व्यक्तिगत सफाई जैसे दांत साफ रखना, बालों की साफ सफाई, खाना खाने से पूर्व व बाद में हाथ धोना, मासिक धर्म के दौरान बहुत अधिक साफ सफाई रखना, साफ और सूती कपड़े का प्रयोग करना तथा खाने में पौष्टिक आहार पर्याप्त मात्रा में लेने के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

सभी किशोरियों को ओढां के एसबीआई बैंक का दौरा भी करवाया गया। भारतीय स्टेट बैंक ओढां के मैनेजर सुखविंद्र सिंह ने सभी किशोरियों को विभिन्न प्रकार के खातों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि हम बचत खाता खुलवाकर अपनी छोटी-छोटी बचत को भी बड़ी रकम में बदल सकते हैं। बैंक मैनेजर ने सभी किशोरियों को जलपान व नाश्ता भी करवाया। सीडीपीओ सतिंद्र कौर के साथ सुपरवाइजर सुखमंदर कौर व सुनीता रानी तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। अंत में सभी किशोरियों को किराये के साथ पर्सनल स्वच्छता व अन्य उपयोग लायक सामग्री की किट दी गई।

छायाचित्र: किशोरियों को संबोधित करते बैंक मैनेजर सुखविंद्र सिंह।