Loading

02 March 2017

समाचार

  • उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण और मणिपुर के पहले चरण के लिए प्रचार कार्य आज शाम समाप्‍त। मतदान शनिवार को।
  • वित्‍तमंत्री अरुण जेटली ने भारत के लिए विश्‍व बैंक की हिस्‍सेदारी बढ़ाने की आवश्‍यकता पर जोर दिया।
  • सरकार ने कहा-गैर सबसिडी वाले एल पी जी गैस सिलेन्‍डर का मूल्‍य 86 रुपये बढ़ने से सबसिडी पाने वाले उपभोक्‍ता प्रभावित नहीं होंगे।
  • मुंबई उच्‍च न्‍यायालय ने ऑटो रिक्‍शा परमिट के लिए मराठी  भाषा के ज्ञान की महाराष्‍ट्र सरकार की पूर्व शर्त को खारिज किया।
  • और भारत ने कहा-पाकिस्‍तान ने भारत के खिलाफ जो आतंकी समूह तैयार किए हैं वो अब उसके लिए ही खतरा बने हुए हैं।

------------
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्‍त हो जाएगा। इस चरण में पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के सात जिलों में 49 सीटों के लिए शनिवार को मतदान होगा। ये जिले हैं- महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, आज़मगढ़, मऊ और बलिया।
इस चरण में 63 महिलाओं सहित कुल छह सौ 35 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह आज गोरखपुर में लंबा रोड शो कर रहे हैं। नितिन गडकरी, स्मृति जुबिन ईरानी, उमा भारती, साधवी निरंजन ज्योति, मनोज सिन्हा, कलराज मिश्र, केशव प्रसाद मौर्या और मनोज तिवारी की रैलियां और सभाएं विभिन्न जिलों में आयोजित हैं। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद गोरखपुर और महाराजगंज में रहेंगे। समाजवादी पार्टी के नेता मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का प्रचार अभियान बलिया में केंद्रित है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती की दो रैलियां आज चंदौली और संत रविदास नगर भदोही में हो रही हैं। सुनील शुक्ल, आकाशवाणी समाचार, वाराणसी।
------------
मणिपुर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए भी प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में राज्‍य के छह जिलों की 38 सीटों के लिए शनिवार को वोट डाले जाएंगे। शेष 22 सीटों के लिए दूसरे चरण में 8 मार्च को मतदान होगा। सभी पांच राज्‍यों में वोटों की गिनती 11 मार्च को होगी।
------------
वित्‍तमंत्री अरूण जेटली ने भारत में विश्‍व बैंक की हिस्‍सेदारी बढ़ाने की आश्‍वयकता पर जोर दिया है। विश्‍व बैंक की मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टिलीना आई जियोरजिवा के साथ कल बैठक के दौरान उन्‍होंने यह बात कही। श्री जेटली ने कहा कि भारत ने अब केवल अंतर्राष्‍ट्रीय पुनर्निर्माण और विकास बैंक-आईबीआरडी के माध्‍यम से ही विश्‍व वैंक से सहायता लेने का फैसला किया है। उन्‍होंने बैंक समूह में पूंजी बढ़ाए जाने की आवश्‍यकता पर भी बल दिया। भारत और विश्‍व बैंक के बीच दीर्घकालिक साझेदारी के बारे में बेहतर समझ बनाने तथा विश्‍व बैंक की नीति और कार्यक्रम पर चर्चा के लिए सुश्री जियोरजिवा दो दिन के आधिकारिक दौरे पर भारत में हैं।
------------
वित्तमंत्री अरूण जेटली एक दिन की यात्रा पर आज काठमांडू जाएंगे। वे आज शाम काठमांडू में नेपाल निवेश शिखर बैठक -2017 को संबोधित करेंगे। श्री जेटली नेपाल के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगे। एक रिपोर्ट -

वित्तमंत्री अरुण जेटली नेपाल निवेश सम्मेलन 2017 में मुख्य व्याख्यान देंगे। दो दिन के इस सम्मेलन में भारत सहित 20 से अधिक देशों के करीब ढाई सौ प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य नेपाल में निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ जलविद्य़ुत, आधारभूत संरचना तथा पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विदेशी निवेश की संभावनाएं तलाशना है। 2015 में संविधान लागू होने के बाद नेपाल में यह पहला निवेश सम्मेलन है। नेपाल सरकार को सम्मेलन से सौ अरब रुपए के निवेश की उम्मीद है। राजकुमार, आकाशवाणी समाचार, काठमांडू।
------------
सरकार ने कल कहा कि गैर सब्सिडी वाले एलपीजी गैस सिलेंडर के मूल्य में वृद्धि से रसोई गैस पर सब्सिडी पाने वाले उपभोक्ता प्रभावित नहीं होंगे। गैर सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कल से 86 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वैश्विक स्तर पर एलपीजी उत्पाद की कीमत बढ़ने से दाम बढ़े हैं। बयान में कहा गया है कि अब गैर सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 737 रुपये होगी जबकि सब्सिडी पाने वालों को उनके बैंक खाते में 303 रुपये मिलेंगे । इससे सब्सिडी प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं को घरेलु गैस सिलेंडर 434 रुपये की मौजूदा कीमत पर ही मिलेगा।
------------
बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय ने नये ऑटो रिक्‍शा परमिट के लिए मराठी भाषा के ज्ञान की राज्‍य सरकार की पूर्व शर्त को खारिज किया। न्‍यायमूर्ति ए एस ओक और न्‍यायमूर्ति अनुजा प्रभुदेसाई की खंडपीठ ने इस बारे में दायर याचिका पर बुधवार को फैसला सुनाया। एक रिपोर्ट-
मुंबई उच्च अदालत ने महाराष्ट्र सरकार के उस परिपत्र को अवैध बताया जिसमें ऑटोरिक्शा के परमिट प्रदान करने के लिए मराठी भाषा की जानकारी को अनिवार्य बताया गया था। इस मामले में मीरा भायन्डर ऑटोरिक्शा चालक संगठन ने एक याचिका दायर कर महाराष्ट्र सरकार द्वारा वर्ष 2016 में जारी परिपत्र को चुनौती दी थी। याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने बताया कि परमिट जारी करते हुए इस तरह की शर्त रखना सही नहीं है। साथ ही अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार को नए नियम बनाने का अधिकार जरूर है लेकिन वो परिपत्र द्वारा नए नियम नहीं ला सकती। शैलेश पाटिल, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
------------
संयुक्त राष्ट्र में भारत के दूत और स्थाई प्रतिनिधि अजीत कुमार ने कहा है कि पाकिस्‍तान ने भारत के खिलाफ आतंकी समूह तैयार किये जो अब उसके लिए ही खतरा बने हुए हैं। जिनेवा में मानवाधिकार परिषद के 34वें सत्र को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने घुसपैठ और सीमापार से आतंकवाद को बढ़ावा देकर तथा हिंसा का महिमा मंडन कर के जम्‍मू-कश्‍मीर में अस्थिरता पैदा करने के लिए पाकिस्‍तान की तीखी आलोचना की।
------------
भारत ने पाकिस्तान से कहा है कि वह 2008 के मुम्बई आतंकी हमले की फिर से जाँच करे और जमात-उद-दावा सरगना हाफिज़ सईद पर मुकदमा चलाए। पाकिस्तान के गृहमंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि भारत ने पाकिस्तान को दिए गये सुबूतों के आधार पर हाफिज़ सईद के अलावा लश्कर-ए-तैय्यबा के कमांडर ज़कीउर-रहमान लखवी पर भी मुकदमा चलाने की मांग की है। अधिकारी ने बताया है कि मुम्बई आतंकी हमले के मामले में 24 भारतीय गवाहों को बयान दर्ज करने के लिए भेजने के पाकिस्तान के अनुरोध के बाद भारत ने यह नई मांग की है।
------------
विदेश सचिव एस जयशंकर ने अमरीका के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल एच आर मैकमास्‍टर से मुलाकात की है। उन्‍होंने आतंकवाद से निपटने और भारत अमरीका संबंधों को आगे बढ़ाने सहित विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा की। विदेश सचिव एस. जयशंकर और लेफ्टिनेंट जनरल की यह बैठक महत्‍वपूर्ण मानी जा रही है क्‍योंकि श्री मैकमास्‍टर को अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने दस दिन पहले ही राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्‍त किया था।
------------
भारत और ओमान ने दोनों देशों की नौसेना के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों का पता लगाया है। नौसेना अध्‍यक्ष एडमिरल सुनील लांबा और ओमान के उच्‍च सैन्‍य अधिकारियों की बातचीत में इस मुद्दे पर विचार - विमर्श हुआ।  दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ओमान पहुंचे नौसेना प्रमुख एडमिरल लांबा ने वहां के रक्षा मंत्री बदर अल बुसैदी से मुलाकात की और कल ओमान के रॉयल नौसेना प्रमुख रियर एडमिरल अब्‍दुल्‍ला बिन खामिस अल रईसी से व्यापक विचार विमर्श किया।
------------
भारत ने सद्भावना के तौर पर देश की विभिन्‍न जेलों में बंद 39 पाकिस्‍तानी कैदियों को कल रिहा कर दिया। सीमा सुरक्षा बल ने इन्‍हें कल अटारी-वाघा सीमा पर पाकिस्‍तानी रेजरों को सौंपा। रिहा किए गये कैदियों में 14 ऐसे कैदी थे जिन्‍होंने अपनी सजा की अवधि काट ली थी।
------------
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज कोच्चि में तीसरी कोच्चि मुज़िरिस बिएनालेकला प्रदर्शनी देखने जायेंगे। यह देश की सबसे बड़ी  समकालीन कला प्रदर्शनी है। श्री मुखर्जी यहाँ सतत संस्कृति निर्माण के महत्व विषय पर सेमिनार का उद्घाटन भी करेंगे।
------------
सेना ने असम में पूर्वी कार्बी आंगलोंग जिले के घने जंगलों से आतंकवादियों के सफाए के लिए कल व्‍यापक अभियान चलाया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि स्‍थानीय लोग और प्रशासन आतंकवादी संगठन कुकी लिबरेशन फ्रंट की हरकतों से काफी परेशान हैं।
सेना और पुलिस द्वारा असम के कुछ हिस्सों के अलावा अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में उग्रवादियों के खिलाफ अभियान जारी है। असम के पूर्व कारपियांग जिले में सेना उग्रवादियों को जंगल से भगाने में सफल रहे। सेना के मुताबिक यहां उग्रवादी लोगों से जबरन वसूली कर रहे थे। ऊपरी असम के कुछ हिस्सों में भी सेना गश्त बनाए हुए है। मानस प्रतीम सरमा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
------------
समाचार पत्रों से
आज प्रकाशित अखबारों ने विधानसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए विभिन्न दलों के प्रचार अभियानों को विस्तार से दिया है।
नोटबंदी के आंकड़ों से उत्साहित प्रधानमंत्री के इस बयान को आज लगभग सभी अखबारों ने सुर्खियों में दिया है- हार्वर्ड पर हार्ड वर्क भारी पड़ा। जनसत्ता की पहली खबर है-मोदी ने जीडीपी आंकड़ों पर थपथपाई पीठ।
जनसत्ता सहित कई अखबारों ने आइसा समर्थकों पर हमले में एबीवीपी के दो कार्यकर्ता निलंबित करने की खबर को प्राथमिकता दी है।
भारत के कल इंटरसेप्टर मिसाइल के सफल परीक्षण पर वीर अर्जुन ने लिखा है- कम ऊंचाई पर आ रही शत्रु की किसी भी मिसाइल को नष्ट करने की क्षमता हासिल।
अमरीकी राष्ट्रपति के मेरिट पर आधारित आव्रजन प्रणाली की घोषणा भी अखबारों ने सुर्खी में दी है। दैनिक जागरण ने लिखा है- भारतीयों पर नरम पड़े ट्रम्प, एच-वन बी वीजा और सुरक्षा को लेकर रखा ख्याल। राजस्थान पत्रिका ने खबर का शीर्षक दिया है-चालीस दिन बाद दिल से बोले ट्रम्प, तो भारतीय पेशेवरों के चेहरे खिले।
दैनिक भास्कर, राजस्थान पत्रिका और हरि भूमि ने बाम्बे हाइकोर्ट की इस तल्ख टिप्पणी को पहली खबर बनाया है-दुष्कर्म पीड़िता को मुआवजा देना परोपकार नहीं, दायित्व है।
अमर उजाला ने प्रख्यात लेखक और नाटककार तारक मेहता के निधन के समाचार के साथ लिखा है-देहदान का सीधा चश्मा दिखा गए, उल्टे चश्मे वाले तारक मेहता।
------------

3 में से 2 मांगे मान ग्राम पंचायत ने दी मनरेगा मजदूरों को राहत

आज पुन: काम पर लौटेंगे मनरेगा मजदूर

ओढ़ां
ओढ़ां में मनरेगा मजदूरों द्वारा गत 10 दिनों से चले आ रहे विरोध प्रदर्शन का बुधवार को उस समय पटाक्षेप हो गया जब गांव के दर्जन भर गणमान्य लोगों ने मजदूरों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधि की उपस्थिति में बीच का रास्ता सुझाया।
जिस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताते हुये एक दूसरे के साथ सहयोग करने का निर्णय लिया तथा मनरेगा मजदूरों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
बुधवार को 50-60 मनरेगा मजदूरों गुरदित सिंह, बलबीर सिंह, काका सिंह, बहाल सिंह, हरमेश सिंह, हंसा सिंह, कृष्ण लवली, गुरमीत सिंह, प्रगट सिंह, मंगा सिंह, मैंगल सिंह, दुर्गा दास, निर्मल सिंह, गुरतेज सिंह, देवीलाल, जंटा सिंह, पप्पू सिंह, धरा सिंह, दर्शन सिंह, महेंद्र सिंह तथा अनेक महिलाओं सहित 5 दर्जन के लगभग मजदूरों ने अनुसूचित जाति की धर्मशाला में एकत्र होकर ग्राम पंचायत और गणमान्य लोगों से उनकी समस्या को हल करने की गुहार लगाई।
इस अवसर पर मजदूरों ने मुख्य रूप से 3 मांगे रखी जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें खोदी गई मिट्टी को डालने हेतु काफी दूर जाना पड़ता है जिस पर वहां मौजूद ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सीताराम ने कहा कि जहां आप मिट्टी की खुदाई करते हैं वहां पर ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर दी जायेगी और खोदी गई मिट्टी आप दूर जाने की बजाय ट्राली में डाल दिया करें। दूसरी मांग थी कि कार्यस्थल पर सहायक ज्यादा होते हैं जिसके कारण मजदूरों के काम में बाधा आती है। ग्राम पंचायत ने इस मांग को भी स्वीकार कर लिया कि आज के बाद कार्यस्थल पर दो ही सहायक रहेंगे। मजदूरों की तीसरी मांग थी कि काम पैमाईश से करवाने की बजाय दिहाड़ी पर करवाया जाये। इस मांग को पूरा करना ग्राम पंचायत के अधिकार क्षेत्र में नहीं था अत: मजदूरों की इस मांग को आगे फारवर्ड कर दिया जायेगा। मजदूरों की तीन में से दो मांगे पूरी हो जाने पर मजदूरों ने फिर से काम पर लौट आने का निर्णय लेते हुये कल से काम शुरू करने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि ओढ़ां में गोशाला के निकट स्थित मुख्य जोहड़ को गहरा करने हेतु ग्राम पंचायत द्वारा गत 17 फरवरी को काम शुरू किया गया था। दो दिन काम करने के बाद तीसरे दिन 19 फरवरी को दोपहर बाद मजदूरों ने मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुये काम बंद कर दिया था। उसके बाद मजदूर आये दिन अपनी मांग कभी एडीसी, कभी बीडीपीओ तथा कभी सरपंच के समक्ष रखते रहे लेकिन उन्हें कहीं राहत नहीं मिली। अत: मजदूरों ने आज आर या पार का निर्णय लेने का मन बना लिया था।

01 March 2017

समाचार

  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैंसेस शहर में भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचीभोटला की हत्या की निंदा की।
  • नवीनतम स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार एक हजार बालकों पर 919 लड़कियां के जन्म से लिंगानुपात में सुधार और बच्चों की मृत्यु दर में कमी आई।
  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे और मणिपुर के पहले चरण के लिए प्रचार चरम पर।
  • रूस और चीन ने रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सीरिया पर प्रतिबंध लगाने के संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को वीटो किया।
  • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पुणे में हुए पहले क्रिकेट टेस्ट में पिच की गुणवत्ता को रैफरी ने खराब बताया, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बीसीसीआई से 14 दिन में जवाब मांगा।

---------
अमरीका ने कैंसस शहर में पिछले सप्ताह भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुच्चिभोटला पर जानलेवा हमले की निंदा करते हुए इसे नस्‍ली घृणा से प्रेरित घटना बताया है। व्‍हाइट हाउस की प्रेस उप-सचिव  सारा सेन्‍डर्स ने बताया है कि जैसे तथ्‍य सामने आ रहे हैं, उनसे पता लगता है यह घटना नस्‍ली घृणा से प्रेरित थी। उन्‍होंने कहा ‍कि‍ अमरीकी राष्‍ट्रपति डोनल्‍ड ट्रम्‍प नस्‍लवादी भेदभाव से प्रेरित किसी भी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। श्रीनिवास कुच्चिभोटला की अमरीकी नौसेना के एक पूर्व सैनिक एडम प्‍यूरिन्‍टन ने गोली मारकर हत्‍या कर दी थी। इस गोलीबारी में एक और भारतीय आलोक मदासानी घायल हुआ था।
---------
नवीनतम सर्वेक्षण के अनुसार देश में लोगों के स्‍वास्‍थ्‍य की स्थिति में पिछले दशक में महत्‍वपूर्ण सुधार हुआ है। स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों में प्रसव की सुविधाएं बढ़ने और व्‍यापक टीकाकरण से नवजात बच्‍चों की मृत्‍यु दर में कमी आई है और लिंग अनुपात में सुधार हुआ है।
स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने वर्ष 2015-16 के लिए चौथा राष्‍ट्रीय परिवार स्‍वास्‍थ्‍य सर्वेक्षण जारी किया है। स्‍वास्‍थ्‍य सचिव सी. के. मिश्रा ने सर्वेक्षण का उल्‍लेख करते हुए कहा कि राष्‍ट्रीय स्‍तर पर पिछले दशक में एक हजार बालकों की तुलना में बालिका शिशुओं की संख्‍या नौ सौ चौदह से बढ़कर नौ सौ उन्‍नीस पहुंच गई है। केरल में स्थिति सबसे बेहतर रही जहां एक हजार बालकों के मुकाबले एक हजार 47 बालिकाओं का जन्‍म हुआ। अस्‍पतालों और स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों में पैदा होने वाले बच्‍चों की संख्‍या पिछले दशक के 38 दशमलव सात की तुलना में 78 दशमलव 9 प्रतिशत पर पहुंच गई। अतिरिक्‍त पोषक तत्‍व और बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं के फलस्‍वरूप कुपोषण में भी कमी आई है। समाचार कक्ष से चारु
---------
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान के लिए अब केवल दो दिन बचे हैं। इस चरण में राज्य के पूर्वी क्षेत्र के सात जिलों में 49 सीटों पर चार मार्च को वोट डाले जायेंगे। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज दो रैलियां देवरिया और महाराजगंज में हो रही हैं जबकि प्रचार के अंतिम दिन कल भारतीय जनता पार्टी अमित शाह गोरखपुर में रोड शो कर रहे हैं। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, मनोज सिन्हा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की कई सभाएं हो रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कुशीनगर में दो रैलियां आज आयोजित हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद गोरखपुर और महाराजगंज में रहेंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की देवरिया और मऊ में कई सभाएं निर्धारित हैं। बिहार से लगने वाले जिलों में राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कर रहे हैं। सुनील शुक्ल, आकाशवाणी समाचार, वाराणसी
---------
मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए अब कुछ ही दिन बचे हैं। राज्‍य में चुनाव प्रचार जोरों पर है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने जहां कल कंगपोकपी और मोइरंग में चुनावी सभाएं की, वहीं कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने इम्‍फाल में चुनावी रैली को संबोधित किया।
मणिपुर में पहले चरण का मतदान चार मार्च को और दूसरे चरण का मतदान आठ मार्च को होगा।
---------
रूस और चीन ने संयुक्त राष्ट्र के उस प्रस्ताव को वीटो कर दिया है जिसमें रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सीरिया पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई थी। सुरक्षा परिषद में ब्रिटेन, फ्रांस और अमरीका के इस प्रस्‍ताव के पक्ष में 9 वोट पड़े, जबकि चीन, रूस और बोलिविया ने इसका विरोध किया। कज़ाकिस्तान, इथियोपिया और मिस्र ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। संयुक्‍त राष्‍ट्र में किसी प्रस्‍ताव को पारित कराने के लिए प्रस्‍ताव के पक्ष में 9 वोटों की आवश्‍यकता होती है और उस पर किसी भी सदस्‍य का वीटो नहीं होना चाहिये।
सातवीं बार सीरिया के सबसे बड़े सैन्‍य सहयोगी रूस ने सीरियाई शासन के बचाव में अपनी वीटो शक्ति का इस्तेमाल किया है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि जि‍नेवा में जारी शांतिवार्ता के दौरान सीरिया पर प्रतिबंध लगाना पूरी तरह अनुचित है। इससे सीरिय़ा में 6 वर्ष से चल रहे युद्ध को समाप्त करने की प्रक्रिया बाधित होगी।
---------
पाकिस्‍तान ने अंतरराष्‍ट्रीय पुलिस-इंटरपोल से बलूचिस्‍तान रिपब्लिकन पार्टी के नेता बरहमदाग़ बुगती और उनके सहयोगी शेर मोहम्‍मद उर्फ शेरा के खिलाफ रेड-नोटिस जारी करने को कहा है। इन दोनों पर सूबे में आतंकवाद में शामिल होने का आरोप है।
पाकिस्‍तान ने इंटरपोल को बताया है कि इन दोनों के खिलाफ बलूचिस्‍तान में कई आतंकी हमलों में शामिल होने के मामले दर्ज हैं।
---------
जम्‍मू की एक अदालत ने पाकिस्‍तान के सियालकोट इलाके के अब्‍दुल कय्यूम को पिछले वर्ष सितम्‍बर में भारतीय सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने का दोषी पाये जाने पर तीन साल की कड़ी कैद की सज़ा सुनाई है और 10 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है।
अपर न्‍यायाधीश ने कहा कि जांच अधिकारी की रिपोर्ट में ऐसा कुछ नहीं पाया गया जिससे साबित होता हो कि अभियुक्‍त किसी अपराध के इरादे से भारतीय सीमा में आया था।    
---------
अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद-आईसीसी के मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच पुणे में खेले गये पहले टेस्‍ट मैच की पिच को खराब बताया है। पिच और आउट फील्‍ड निगरानी प्रक्रिया के तहत परिषद को सौंपी रिपोर्ट में श्री ब्रॉड ने पिच की गुणवत्‍ता पर चिंता व्‍यक्‍त की है। आईसीसी ने यह रिपोर्ट भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्डबीसीसीआई को भेज दी है और 14 दिन के अंदर जवाब मांगा है।
ऑस्‍ट्रेलिया ने पुणे टेस्‍ट तीसरे दिन ही 333 रन से जीत लिया था। नवम्‍बर 2015 में भी आईसीसी मैच रेफरी ने नागपुर की पिच को खराब बताया था, जिसपर दक्षिण अफ्रीका के साथ भारत का टेस्‍ट मैच तीन दिन में ही समाप्‍त हो गया था।
---------
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सत्र राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा और इसके दौरान सात अप्रैल तक सदन की 21 बैठकें होंगी और 18 से 26 मार्च तक अवकाश रहेगा।
इस बजट सत्र के हंगामेदार होने की संभावना है क्योंकि बेरोजगारी भत्ते, कथिक माफिया राज, विकास में भेदभाव और कानून व व्यवस्था की स्थिति जैसे मुद्दों पर सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को घेरने के लिए विपक्षी दल भाजपा तैयार है। सत्र के लिए विधानसभा परिसर के आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गये हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जिनके पास वित्त विभाग भी है 10 मार्च को अगले वित्त वर्ष का बजट प्रस्तुत करेंगे। शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, शिमला
---------
श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग आज लगातार दूसरे दिन भी बंद रहेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के रामबन सेक्टर के मेहार्ड क्षेत्र में चट्टाने खिसकने के कारण यातायात रोकना पड़ा था।
यातायात विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आकाशवाणी को बताया कि सड़क से भूस्खलन मलबा हटाने में अभी अधिक समय लगेगा। यात्रियों और चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज राजमार्ग पर दोनो छोड़ से वाहनों की आवाजाही की कोई अनुमति नहीं होगी। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर
---------
इस वर्ष की श्रीअमरनाथ यात्रा का पंजीकरण आज से शुरू हो रहा है। बालटाल और चंदनवाड़ी दोनों मार्गों से यात्रा के लिये पंजीकरण देश के किसी भी हिस्‍से से कराया जा सकेगा।
दोनों मार्गों से यह यात्रा 29 जून को शुरू होगी और सात अगस्‍त को रक्षा बंधन के दिन सम्‍पन्‍न होगी। पंजीकण की पूरी प्रक्रिया श्री‍अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की वेब-साईट shriamarnathjishrine.com पर उपलबध है।
13 वर्ष से कम और 75 वर्ष से अधिक उम्र के व्‍यक्ति तथा छह माह से अधिक गर्भवती महिलाओं का यात्रा के लिए पंजीकरण नहीं होगा। हेलिकॉप्‍टर से यात्रा के इच्‍छुक यात्रियों के लिए अग्रिम पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी और उनके हेलिकॉप्‍टर टिकट को ही पंजीकरण मान लिया जाएगा।
---------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में विकास दर का अनुमान और दिल्ली विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के प्रदर्शन को अखबारों ने अहमियत दी है।
बकौल दैनिक भास्कर- नोटबंदी को लेकर आशंकाएं गलत साबित हुईं, दिसम्बर तिमाही में सात प्रतिशत रही जीडीपी ग्रोथ, भारत विकास दर में दुनिया में अब भी सबसे आगे। द इकोनोमिक टाइम्स का कहना है--चुनावी मौसम में सरकार को मिला जीडीपी ग्रोथ का हथियार।
हिंदुस्तान ने आर्थिक मामलों के सचिव के हवाले से लिखा है--वस्तु और सेवा कर पूरे देश में एक जुलाई से लागू होगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज के विवाद के सियासी जंग में तब्दील होने पर नवभारत टाइम्स लिखता है--डीयू कैम्पस में लेफ्ट-राइट। जनसत्ता के शब्द हैं--रामजस मुद्दे पर सड़क पर आक्रोश। हरिभूमि की सुर्खी है--शहीद की बेटी मार्च से हटी, दिल्ली भी छोड़ी।
पेंशन खाते से निकासी के लिये आधार ज़रूरी नहीं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा अंशधारकों को आधार संख्या दिये बिना पेंशन खाते से पूर्ण निकासी की अनुमति दिये जाने की खबर अमर उजाला सहित अधिकांश अखबारों में है।
आतंकी फंडिंग पर पाकिस्तान को तीन महीने का अल्टीमेटम--दैनिक जागरण के अनुसार--अंतर्राष्ट्रीय संगठन फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स ने दिया नोटिस, तीन महीने के भीतर कार्रवाई नहीं की तो लगेंगे आर्थिक प्रतिबंध।
राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है--देश के पहले हेलीपोर्ट का दिल्ली में शुभारम्भ। इससे चिकित्सकीय आपात स्थिति में मरीज़ों को सेवा दी जा सकेगी।
---------

माता हरकी देवी कॉलेज में मनाया विश्व विज्ञान दिवस

ओढ़ां
माता हरकी देवी महिला शिक्षा महाविद्यालय ओढ़ां में विज्ञान क्लब प्रभारी प्राध्यापिका मनप्रीत कौर के निर्देशन में विश्व विज्ञान दिवस मनाया गया। विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में बीएड व डीएड की छात्राध्यापिकाओं को वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित 'वायुयानÓ नामक फिल्म दिखाई गई। इस अवसर पर मनप्रीत कौर ने अपने संबोधन में विज्ञान का महत्व बताते हुये कहा कि आज का दिन विज्ञान को समर्पित है। उन्होंने अनुरोध किया कि विज्ञान को मात्र मानव हित में प्रयोग किया जाये विनाश के लिये नहीं। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों व स्टाफ ने विज्ञान का प्रयोग मानव हित में करने की शपथ ली। इस मौके पर डीएड व बीएड का समस्त स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद थे।

ओढ़ां में एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 4 मार्च का

ओढ़ां
चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय से संबद्ध शिक्षण संस्थान माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढ़ां में हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी पंचकूला के सौजन्य से कूका आंदोलन का भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, साहित्य एवं समाज में योगदान विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 4 मार्च को होगा।
यह जानकारी देते हुये कॉलेज प्राचार्या डॉ. शमीम शर्मा व संयोजक डॉ. हरमीत कौर ने बताया कि हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी पंचकूला के उपाध्यक्ष नरिंद्र सिंह विर्क की अध्यक्षता में आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजय कायत मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित होंगे। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में डॉ. सुखदेव सिंह प्रौफेसर पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़, डॉ. तारा सिंह संधु सुविख्यात लेखक मोगा पंजाब, डॉ. हरपाल सिंह सेवक श्री भैणी साहिब तथा स्वर्ण सिंह विर्क सुप्रसिद्ध इतिहासविद् करीवाला जीवननगर सहित अन्य अनेक वार्ताकार भी शिरकत करेंगे।