Loading

08 March 2017

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गोष्ठी 10 को

युवक साहित्य सदन में महिला मोर्चा की ओर से होगा कार्यक्रम
सिरसा। भाजपा महिला मोर्चा सिरसा जिला की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अंतर्गत 10 मार्च को  जिलाध्यक्ष निताशा राकेश सिहाग की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मोर्चा की मीडिया प्रभारी सुमन वर्मा ने बताया कि 10 मार्च को दोपहर एक बजे सिरसा में जनता भवन रोड पर स्थित युवक साहित्य सदन में महिलाओं की गोष्ठी होगी जिसका विषय "वर्तमान परिदृश्य में महिलाओं की भागीदारी" रहेगा। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री सुनीता दांगी व जिला प्रभारी राजवंती काजला विशेष तौर पर पहुंचेगी। इसके साथ ही चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय से डाॅ. मोनिका वर्मा विषय पर प्रकाश डालने के लिए बतौर वक्ता शिरकत करेंगी।

भाजयुमो चामल मंडल की कार्यकारिणी का हुआ विस्तार

सिरसा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के चामल मंडल अध्यक्ष संदीप नढा ने अपने मंडल की कार्यकारिणी का विस्तार किया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हिसार विभाग प्रभारी अमन चोपड़ा, जिलाध्यक्ष सुनील बामनिया व मंडल कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श करने के बाद संदीप नढा ने विजय कुमार सरपंच, प्रमोद कुमार, राजेन्द्र कुमार, लखविन्द्र लीला व डॉ. रमेश को उपाध्यक्ष पद का दायित्व दिया है। इसी प्रकार श्याम ढिल्लो व रविन्द्र कम्बोज को महामंत्री, डॉ. बलविंद्र, सुरेन्द्र ढूकिया, तीर्थ कम्बोज, अशोक सेन, छिन्द्रपाल झोरडऩाली, संजय नैन को सचिव बनाया गया है। नढा ने बताया कि नई कार्यकारिणी में राजपाल को मीडिया प्रभारी, कृष्ण नायक व डॉ. नरेश शेखुपुरिया को सहमीडिया प्रभारी, रमेश अग्रवाल को प्रचार सचिव व जितेन्द्र कम्बोज को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ गुरमुख मिरोक को प्रवक्ता तथा विकास चामल को सहप्रवक्ता का दायित्व दिया गया है। नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संदीप नढा ने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं का सबसे बड़ा मंच है और सभी पदाधिकारी नए साथियों को इस मंच से जोडऩे का काम करें। केन्द्र व राज्य सरकार युवा शक्ति के लिए निरंतर कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं तथा कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि वे इन योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास करें।

समाचार

  • उत्तर प्रदेश और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए मतदान जारी।
  • सुरक्षा बलों ने लखनऊ के बाहरी इलाके में 12 घंटे की कार्रवाई के बाद इस्लामिक स्टेट का आतंकी मार गिराया।
  • आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस। राष्ट्रपति नई दिल्ली में नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री गांधी नगर में महिला सरपंचों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
  • ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरेज़ा मे को ऊपरी सदन में ब्रेग्ज़िट विधेयक पर दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा।
  • और आल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में आज पी.वी. सिंधू और सायना नेहवाल के मैच।

-------
उत्तर प्रदेश और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिये आज वोट डाले जा  रहे हैं। निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान के लिये सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं।
उत्तर प्रदेश में मतदान सवेरे सात बजे शुरू हुआ जो शाम  पांच बजे तक चलेगा। हालांकि नक्सलग्रस्त सोनभद्र ज़िले की रॉबर्ट्सगंज और दुद्धी तथा चंदौली ज़िले की चकिया सीट के लिये शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। इस चरण में पूर्वी उत्तर प्रदेश के सात ज़िलों की चालीस सीटों के लिये मतदान हो रहा है। ये ज़िले हैं--गाज़ीपुर, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, संत रविदास नगर-भदोही, सोनभद्र और मिर्ज़ापुर।
1. तो अधिक जानकारी के लिए वाराणसी में मौजूद अपने संवाददाता सुशील चंद्र से ताजा स्थिति जानते हैं। सुशील आखिरी चरण के लिए धुआंधार प्रचार हुआ। इस प्रचार का कितना असर आज के मतदान पर दिख रहा है।
देखिये प्रियंका यहां पर वाराणसी में चुनाव प्रचार जबर्दस्त हुआ और उसका असर मतदान पर भी देखने को मिल रहा है। लोगों में काफी उत्साह है वोट डालने के लिए। मैं यहां पर क्वीन कॉलेज जो कि वाराणसी उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है, वहां पर मौजूद हूं और लोग काफी उत्साह में सुबह से ही नजर आ रहे हैं। लोगों की कतारें दिख रही हैं और जैसे-जैसे वक्त बढ़ता जायेगा, इनके लंबे कतारे और लंबी होती जायेंगी। क्योंकि जैसा कि शहर का मिजाज है हर काम थोड़ा-सा धीरे रफ्तार में शुरू होता है और फिर तेज पकड़ता है। उस हिसाब से सुबह सात बजे वोटिंग थो़ड़ी-सी स्लो थी। लेकिन अभी लोगों की बड़ी तादाद पोलिंग सेंटर की तरफ बढ़ती नजर आ रही है।  जी प्रियंका

2. बड़े-बड़े दिग्गज नेताओं ने चुनावी रैलियों में राष्ट्रीय मुद्दे उठाये, तो क्या कुछ स्थानीय मुद्दे भी चर्चा का विषय रहे।
जी प्रियंका, सभी नेताओँ ने जो रैलियां कीं, जो रोड शो किये, उसमें राष्ट्रीय मुद्दों पर बड़ी चर्चा रही, लेकिन यहां के लोगों से जो हमारी बात हुई तो उनका यह कहना था कि स्थानीय मुद्दों को उतनी प्रमुखता नहीं दी गई। वह स्थानीय मुद्दे जो कि आम लोगों से जिनको दिक्कत होती है, जिनको परेशानी होती है, जैसे कि  सबसे बड़ी समस्या इस शहर की वह ट्रैफिक जाम की समस्या है। सड़कें चौड़ी नहीं है। यातायात का दवाब बहुत ज्यादा है। तो लोग ट्रैफिक जाम से परेशान हैं। सड़कों की स्थिति से परेशान हैं। इसके अलावा गंगा का प्रदूषण भी एक मुद्दा है। बिजली की समस्या काफी हद तक ठीक हुई है जैसे मेरी लोगों से बात हुई।  लेकिन उनलोगों का कहना है कि जो बुनकरों के इलाके हैं जहां पर बुनकर समुदाय के लोग रहते हैं वहां सिर्फ बिजली ही आई है। उसके अलावा उनके सामान को बेचने की, उनके लिए प्रमोशन की उसके इंतजाम उनको ये शिकायत थी कि उसके इंतजाम ठीक से नहीं किये गये हैं।
उधर, मणिपुर में दस ज़िलों की 22 विधानसभा सीटों के लिये कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो दोपहर तीन बजे तक चलेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उत्‍तर प्रदेश और मणिपुर में विधानसभा चुनाव में लोगों से बड़ी संख्‍या में मतदान करने का आग्रह किया है।
-------
उत्‍तराखंड में कर्णप्रयाग और उत्तर प्रदेश में आलापुर विधानसभा सीट के लिए मतदान कल होगा। इन दोनों सीटों पर उम्‍मीदवारों की मृत्‍यु के बाद मतदान कार्यक्रम नये सिरे से तय किया गया था।
-------
उत्‍तर प्रदेश में लखनऊ में काकोरी पुलिस थाने के ठाकुरगंज इलाके में 12 घंटे की आतंकरोधी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने देर रात एक आतंकवादी मार गिराया।
आतंकवाद निरोधक दस्‍ते के पुलिस महानिरीक्षक असीम अरुण ने पुष्टि की कि मारा गया आतंकवादी इस्‍लामिक स्‍टेट गुट का सक्रिय सदस्‍य था।
घेराबंदी करने के बाद में हमलोगों ने पूरे टैक्टिक्स का प्रयोग की इस एरिया में सैफुल्लाह को जीवित पकड़ा जाये, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया। प्रयास में हम लोगों ने चिली बम्स का भरपूर प्रयोग किया। उसको वार्निंग देने के बाद में उसने फायर किया एटीएस के कमांडोज के ऊपर और हमलोगों ने भी फायर किया और यहां पर सैफुल्लाह नाम का व्यक्ति वह मिला है और वह डेड है।
     -------
आज अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस है। अधिक समानता के साथ महिलाओं की उपलब्धियों को उजागर करने के लिए विश्‍वभर की सरकारें, एनजीओ और अन्‍य संगठन हर साल आठ मार्च को अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाते हैं।
भारत में इस अवसर पर राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी नई दिल्‍ली में नारी शक्ति पुरस्‍कार प्रदान करेंगे।
नारी शक्ति पुरस्‍कार प्रख्‍यात महिलाओं और संस्‍थानों को महिला सशक्तिकरण की दिशा में सेवाओं के लिए दिया जाता है। अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्‍या पर संदेश में श्री मुखर्जी ने कहा कि भारतीय महिलाओं ने पीढि़यों से देश के विकास और प्रगति में अमूल्‍य योगदान दिया है। उन्‍होंने कहा कि केन्‍द्र ने महिला सशक्तिकरण और राष्‍ट्र निर्माण में समानतापूर्ण भागीदारी के लिए ऐतिहासिक कानून बनाये हैं और दूरदर्शी कार्यक्रम लागू किये हैं। उन्‍होंने कहा कि 'बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं' कार्यक्रम कन्‍या भ्रूण हत्‍या रोकने की महत्‍वपूर्ण पहल है और इससे देश में बालिकाओं को शिक्षा के अवसर मिलते हैं। रक्षा मंत्रालय इस अवसर पर खून की कमी की समस्‍या पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। खेल और युवा मामलों से जुड़ा मंत्रालय भी देश में महिलाओं और खेलों पर सम्‍मेलन का आयोजन कर रहा है। समाचार कक्ष से भवतारिणी
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नारी शक्ति के अदम्‍य साहस, दृढ़ संकल्‍प और समर्पण को नमन किया है। उन्‍होंने ट्वीटर पर कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्‍त, आत्‍मनिर्भर और समाज में बराबरी का हिस्‍सा दिलाने के लिए कई प्रयास किए हैं।
     -------
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज गांधी नगर में महिला सरपंचों के राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन को सम्‍बोधित करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्‍न भागों से करीब छह हजार महिला सरपंच हिस्‍सा लेंगी।
इस सम्मेलन में भाग लेने देश के विभिन्न हिस्सों से गुजरात आई हुई चार हजार से अधिक महिला सरपंचों ने कल राज्य के गांधीनगर, अहमदाबाद, वड़ोदरा और कच्छ सहित आठ जिलों के गांव की मुलाकात ली। महिला सरपंचों ने गांव में जाकर महिलाओं द्वारा चलाये गये महिला स्वच्छ ग्राम मुहिम, कृषि मंडी, डेयरी फार्मिंग तथा हस्तकला मंडलियों जैसे कई प्रोजेक्ट की सफलता की कहानियों के बारे में जानकारी हासिल की। महिलाओँ द्वारा लिये गये इन प्रयासों को अपने इलाके में दोहराने में इन सरपंचों को मदद मिले इस हेतु से इस कार्यक्रम का अयोजन किया गया था। अपर्णा खुर्द, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद
     -------
अंतरराष्‍ट्रीय योग महोत्‍सव आज से नई दिल्‍ली में शुरू हो रहा है। सूचना और प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू तालकटोरा स्‍टेडियम में इस महोत्‍सव का उद्घाटन करेंगे।
योग गुरुओं, मास्टर्स और योग छात्रों सहित करीब 18 देशों के साढ़े तीन हजार से अधिक प्रतिनिधि इस वृहद आयोजन में हिस्‍सा लेंगे। इस दैरान योग कार्यशालाएं, व्‍याख्‍यान, सत्‍संग, सांस्‍कृतिक कार्यक्रम और योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा एक 50 स्‍टॉलों की प्रदर्शनी भी होगी जहां पर किताबें, डीवीडीज, योग से जुड़ी की सामग्रियां उपलब्ध होंगी। मोरारजी देसाई राष्‍ट्रीय योग संस्‍थान, भारतीय योग संघ के सहयोग से इस तीन दिन के कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से शशांक कुमार
-------
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीज़ा मे को संसद के उच्च सदन में ब्रेग्ज़िट विधेयक पर हार का सामना करना पड़ा है। ब्रेग्ज़िट विधेयक के विरोध में 366 वोट पड़े, जबकि पक्ष में 268 सांसदों ने वोट दिये। कल तीन घंटे तक चली बहस के बाद, एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार उच्च सदन ने विधेयक को संशोधित किया। इस विधेयक के ज़रिये टेरीजा मे ब्रिटेन के यूरोपीय संघ छोड़ने की प्रकिया को अधिसूचित करने के लिये अधिकृत हो जायेंगी। पहली मार्च को भी सुश्री टेरीज़ा मे को पहली बार ब्रेग्ज़िट विधेयक पर हार का सामना करना पड़ा था।
-------
इंग्लैंड के बर्मिंघम में ऑल इंग्‍लैंड बैडमिंटन टूर्नामेंट में मुख्‍य ड्रॉ के मैच आज से शुरू हो रहे हैं। महिला सिंगल्स में आज सायना नेहवाल का सामना मौजूदा चैम्पियन जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा। पी. वी. सिंधु का मैच मेटे पॉल्सन से होगा।
पुरुष सिंगल्‍स के पहले दौर में एच. एस. प्रणय का मैच कियाओ बिन और अजय जयराम का सामना हुआंग युजियांग से होगा। मिक्स्ड डबल्स में प्रणव जेरी चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी का सामना यू यिओन सियोंग और किम हा ना की जोड़ी से होगा। पुरूष डबल्स में मनु अत्री और बी. सुमित रेड्डी की जोड़ी क्वालीफाइंग जोड़ी से खेलेगी।
-------
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह आज स्‍वच्‍छ शक्ति दिवस मना रहा है। इस अवसर पर आज शाम टैगोर बीएड महाविद्यालय के सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्‍वच्‍छ भारत अभियान ग्रामीण से जुड़ी संक्षिप्‍त जानकारी दी जाएगी।
-------
समाचार पत्रों से
  • मध्‍यप्रदेश में आतंकी ब्‍लास्‍ट, उत्‍तर प्रदेश में हुआ एनकाउंटर- मध्‍यप्रदेश के शाजापुर में भोपाल-उज्‍जैन यात्री रेलगाड़ी में धमाका होने और उत्‍तर के लखनऊ में एक घर में  छिपे आतंकवादियों के साथ आतंकवाद रोधी दस्‍ते की मुठभेड़ की खबर नवभारत टाइम्‍स सहित सभी अखबारों में प्रमुखता से है। बकौल दैनिक जागरण उत्‍तर प्रदेश में आखरी चरण के चुनाव से पहले आतंकियों की बड़ी साजिश नाकाम। दैनिक भास्‍करलिखता है- इस्‍लामिक स्‍टेट मॉड्यूल का देश में पहली बार आतंकी हमला, मध्‍यप्रदेश में किया ट्रेन ब्‍लास्‍ट। पंजाब केसरी की सुर्खी है- देशभर में सुरक्षा अलर्ट।
  • नक्‍सली गठजोड़ में दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय के प्रोफेसर जी एन साईंबाबा को उम्रकैद की सजा सुनाये जाने को हिन्‍दुस्‍तान सहित अधिकांश अखबारों ने अहमियत दी है।
  • सरकारी योजनाओं के लिए आधार अनिवार्य नहीं- देशबंधु लिखता है- आधार नम्‍बर न मिलने तक पहचान वाले अन्‍य दस्‍तावेजों के जरिये भी सरकारी योजनाओं के लाभ लिये जा सकेंगे। 
  • दिल्‍ली वालों की सालाना कमाई तीन लाख रूपये से ज्‍यादा। इकनोमिक टाइम्‍स  ने दिल्‍ली विधानसभा में पेश आर्थिक सर्वेक्षण के अनुमान को छापा है, 2016-17 में दिल्‍ली में प्रतिव्‍यक्ति आय करीब 12 प्रतिशत बढ़ी है। 
  • आज अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दैनिक भास्‍कर ने गुलाबी स्‍याही से सुर्खी दी है- मणिपुर का 484 साल पुराने इमा बाजार देश का अकेला ऐसा बाजार है जिसे सिर्फ महिलाएं ही चलाती हैं।
  • अमर उजाला की टिप्‍पणी है- आधी आबादी जागरूक हुई, पोलिंग बूथ पर कतारें भी लम्‍बी हो गई, पर नहीं बढ़ा सियायत में दखल।
-------

बच्चों के स्वास्थ्य की जांच हेतु समय-समय पर कैंप लगायें : शरणदीप कौर बराड़

विद्यालय प्रबंधन कमेटी व सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
ओढ़ां
जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां में उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन कमेटी व विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक हुई जिसमें दोनों समितियों के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। 
बैठक में जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां की वर्ष 2016-17 की उपलब्धियों तथा पीने के पानी व गैस सिलेंडर उपलब्ध करवान बारे विचार विमर्श हुआ।

उपायुक्त ने प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय से कहा कि वे पीने के पानी की समस्या बारे जनस्वास्थ्य विभाग को आवेदन करें। इसके साथ ही गैस सिलेंडर संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
उपायुक्त ने जवाहर नवोदय विद्यालय में वर्ष 2017-18 के बच्चों के रजिस्ट्रेशन बारे कहा कि बच्चे विद्यालय में दाखिला लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाएं। जवाहर नवोदय विद्यालय में सभी सुविधाएं बच्चों को निशुल्क प्रदान की जाती है। शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों बारे भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
उपायुक्त ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि वे बच्चों के स्वास्थ्य बारे समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कैंप लगाएं तथा बच्चों में पाई जाने वाली बीमारियों बारे दवाईयां उपलब्ध करवाएं। इस अवसर पर मल्टीपर्पज हॉल व डायनिंग हॉल की छतों बारे भी विचार विमर्श किया और नवोदय विद्यालय के अंदर की सड़कों के बारे में भी विचार विमर्श किया गया तो उपायुक्त ने कहा कि इन कार्यों के लिए एक कमेटी बनाएं और कार्यों का पूरा विवरण उस कमेटी में पास करवाएं।
विद्यालय के वार्षिक उत्सव के बारे में भी चर्चा की गई। इसके साथ ही विद्यालय में कंडम सामान की निलामी बारे उपायुक्त ने कहा कि एक कमेटी गठित कर इसकी स्वीकृति प्राप्त करें। 

तत्पश्चात उपायुक्त ने विद्यालय में कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों से ज्ञानवर्धक जानकारी पूछी तथा उनकी पढ़ाई के बारे में भी पूछताछ की। इसके पश्चात उपायुक्त ने पुस्तकालय व कन्या छात्रावास का भी अवलोकन किया और छात्रावास में पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए हुए आरओ का भी निरीक्षण किया। 
बैठक में प्राचार्या सुनीता शर्मा ने स्कूल की वार्षिक, शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद गतिविधियों व अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा रेणू बाना सहित कमेटी के सदस्य व छात्रों के अभिभावक व गणमसन्य लोग उपस्थित थे।

शराबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज, जीएम को भेजी रिपोर्ट

सवारियां बोली.. रोडवेज का शराबी चालक अपने साथ हमें भी मरवायेगा
ओढ़ां
रोडवेज के चालकों द्वारा शराब पीकर बसों को चलाना आम बात है और दिन छिपने के बाद रात को चलने वाले चालक तो नशा करके बस चलाना अपना अधिकार समझते हैं। यह देखकर भी ज्यादातर लोग ये सोच कर अनदेखा कर देते हैं कि हमे क्या लेना? सवारियों की यह मूक स्वीकृति ही ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करती है तथा शराबी चालक निरंकुश होकर सरेआम नशा करके बसों को चलाते हैं।
ऐसा ही एक मामला सोमवार रात्रि 8 बजे ओढ़ां में नैशनल हाइवे नंबर 9 पर देखने को मिला। हरियाणा राज्य परिवहन निगम सिरसा की बस नंबर एचआर 57 8683 जो डबवाली से सिरसा की ओर जा रही थी, उस बस के चालक दिलेर सिंह पुत्र दियाल सिंह निवासी खैरपुर सिरसा ने शराब पी रखी थी जिसका साफ पता चल रहा था। बस के डबवाली से ओढ़ां तक आते आते अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित सवारियों के सब्र का बांध टूट गया।
ओढ़ां बस स्टेंड पर पहुंचते ही बस में सवार गांव सालमखेड़ा निवासी रवींद्र कुमार व अन्य लोगों ने इस बस में जाने से इंकार करते हुये हो हल्ला शुरू कर दिया तथा बस को ओढ़ां थाना में ले आये। थाना में पहुंचकर सवारियों ने कहा कि ये शराबी चालक स्वयं के साथ साथ हम सबको भी मरवायेगा अत: वे इस बस में नहीं जायेंगे। ओढ़ां पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओढ़ां में मौके पर मौजूद डॉ. अमित कुमार से बस चालक का मैडिकल करवाया जिसमें चालक के शरीर में अल्कोहल पाये जाने की पुष्टि हुई।
ओढ़ां पुलिस के हैडकांस्टेबल लाभ सिंह ने बताया कि पुलिस ने बस चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसका चालान काट दिया तथा सभी सवारियों को सिरसा की ओर जाने वाली रोडवेज की एक अन्य बस में चढ़ाया जिनमें अनेक महिलायें भी शामिल थी। लाभ सिंह ने बताया कि उसके बाद चालक की जमानत हो गई तथा इसकी रिपोर्ट सिरसा रोडवेज के जीएम को कर दी गई है।