Loading

08 May 2017

गैस एजेंसी से सिलेंडर चुराने वाला पुलिस रिमांड पर

ओढ़ां
ओढ़ां की श्री खाटू श्याम गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर और चूल्हे चुराने वाले व्यक्ति को ओढ़ां पुलिस ने चोरी किए गए 7 सिलेंडरों सहित उसके घर से काबू कर लिया है। उल्लेखनीय है कि ओढ़ां निवासी जगसीर सिंह उर्फ गुगनी पुत्र चेतसिंह ने श्री खाटू श्याम गैस एजेंसी से रोशनदान के जरिए शुक्रवार रात्रि 7 सिलेंडर व दो चूल्हे चोरी कर लिए थे। जिस पर ओढ़ां पुलिस ने एजेंसी मालिक नुहियांवाली निवासी ओमप्रकाश पुत्र गोपीराम की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी थी। ओढ़ां पुलिस ने सिलेंडर चोर जगसीर उर्फ गुगनी को आज डबवाली स्थित उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर ले लिया है ताकि उसके अन्य साथियों तथा चोरी किए गए चुल्हों के बारे में जानकारी उगलवाई जा सके।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नुहियांवाली में जारी सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर

मनदीप कौर ने 'मेरे वीर भगत सिंह शेरा सुनाकर किया महान भारत के प्रति प्रेम का संचार
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नुहियांवाली में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के दूसरे दिन रविवार को शिविर का शुभारंभ प्रार्थना व व्यायाम के साथ किया गया।


प्रार्थना सभा के दौरान हिंदी प्रवक्ता पवन देमीवाल ने स्वयंसेवकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि गंदगी जनित बीमारियों व पर्यावरण प्रदूषण से बचाव हेतु हमें अपने आसपास स्वच्छता का माहौल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीमारियों को फैलाने में प्लास्टिक की अहम भूमिका है जो न तो गलता है और न ही जलता है अत: अब समय आ गया है कि प्लास्टिक की बजाय कागज अथवा कपड़े की थैलियों का प्रयोग किया जाए। श्रमदान के तहत गीता, सुमन, मनदीप कौर, प्रियंका, सर्वजीत कौर, अनिता, प्रोमिला, सोनू, भागवंती और साहिल, गौरीशंकर, अश्वनी, जसवंत, सुनील व रवि आदि स्वयंसेवकों ने विद्यालय प्रांगण व नालियों की साफ सफाई करते हुए सूखे पतों सहित अन्य अवांछित पदार्थ व कूड़ा कर्कट यथास्थान एक गड्ढे में डाला। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत मनदीप कौर ने देशभक्ति गीत 'मेरे वीर भगत सिंह शेरा सुनाकर स्वयंसेवकों में महान भारत के प्रति प्रेम का संचार किया। इस मौके पर एनएसएस प्रभारी रोहताश कुमार, बलविंद्र्र सिंह, पवन देमीवाल, माडूराम और रामेती देवी सहित अन्य स्टाफ सदस्य व स्वयंसेवक मौजूद थे।

सेचरडे जॉयफुल एक्टिविटी डे के अंतर्गत गतिविधियां आयोजित

ओढ़ां
राजकीय प्राथमिक पाठशाला ओढ़ां में सेचरडे जॉयफुल एक्टिविटी डे के अंतर्गत विद्यार्थियों को अनेक प्रकार की आनंद से परिपूर्ण गतिविधियां करवाई गई।
मुख्य शिक्षक रिछपाल गोदारा के निर्देशन में माता हरकी देवी संस्था की प्रशिक्षु छात्राओं के सहयोग से पेंटिंग सुलेख, रंगोली, मिट्टी के खिलौने व कागज के फूल बनाने तथा प्रश्नोत्तरी आदि प्रतियोगिताएं करवाई गई। विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में अतिउत्साह के साथ भाग लेते हुए आनंदित हुए। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ गुरदेव सिंह, सतीश शर्मा, रामसिंह कुलरिया, रमेशचंद्र, श्रीओम, एमएचडी अध्यापिकाएं रामेश्वरी व रानी कौर सहित सभी स्टाफ सदस्य मौजूद थे।

नए सत्र के उपलक्ष्य में श्री सुखमणि साहिब पाठ आयोजित

ओढ़ां


माता हरकी देवी सीनियर सैकेंडरी स्कूल ओढ़ां में नए सत्र के उपलक्ष्य में श्री सुखमणि साहिब पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था सचिव मंदर सिंह, स्कूल प्राचार्य डॉ. गुरदीप सिंह, तीनों संस्थानों के शिक्षक, गैर शिक्षक व विद्यार्थियों ने श्री गुरूग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेक सत्र 2017-18 निर्विघ्न पूर्ण होने की कामना के साथ गुरूजी का शुभ आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर हैडग्रंथी तीर्थपाल सिंह ने अपनी मधुर वाणी में शब्द कीर्तन के दौरान विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पधारे ज्ञानमंथन शिक्षण सोसाइटी के एडमिन जसविंद्र सिंह का स्वागत डॉ. गुरदीप सिंह ने उन्हें सिरोपा भेंट कर किया। इस अवसर पर संस्था सचिव मंदर सिंह ने बेहतर परीक्षा हेतु प्राचार्य, शिक्षकों, एडमिन व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी प्रशंसा की। डॉ. गुरदीप सिंह ने बताया कि स्कूल में विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता से युक्त शिक्षा के साथ साथ विभिन्न कौशलों के विकास हेतु विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण प्रदान कर सर्वांगीण विकास को तरजीह दी जाती है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष 5 विदेशी स्कूलों की सफल आइएसए गतिविधियां आयोजित की गई थी। काय्रक्रम के अंत में मंदर सिंह व डॉ. गुरदीप सिंह ने रागी जत्थों तथा कालांवाली से पधारी श्री सुखमणि साहिब सोसाइटी की पाठी बहनों को सिरोपा भेंट कर आभार व्यक्त किया

बिना बताए कहीं चले गए महिला व पुत्र

ओढ़ां
ओढ़ां पुलिस ने खंड के गांव जलालआना से एक महिला व उसके पुत्र की गुमशुदगी कर रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बलवंत जस्सू ने बताया कि गांव जलालआना से 4 दिन पूर्व एक महिला व उसका पुत्र बिना बताए कहीं चले गए और अब तक नहीं लौटे।
गांव जलालआना निवासी चरणजीत सिंह की पत्नी भिंद्र कौर व पुत्र गुरमीत सिंह 3 मई की सुबह 9 बजे के लगभग बिना किसी को कुछ बताए कहीं चले गए। परिजनों ने सभी रिश्तेदारियों में उनको तलाश किया जहां वे जा सकते थे लेकिन कुछ पता नहीं चला। भिंद्र कौर का रंग सांवला, चेहरा गोल, शरीर पतला आंखें काली, कद 5 फीट, सलवार कुर्ती पीले रंग की तथा पांव में हवाई चप्पल पहनी है। इसी प्रकार लड़के का रंग भी सांवला, चेहरा लंबा, शरीर पतला, उम्र 10 साल, कद 3 फीट, क्रीम कलर की लोहर व हरी कमीज तथा पांव में चप्पल पहनी है।