Loading

10 April 2017

समाचार

  • निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को बड़े पैमाने पर धन बांटने के आरोपों के बाद चेन्‍नई में आर के नगर विधानसभा सीट का उपचुनाव रद्द किया। तमिलनाडु के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री सी विजय भास्‍कर को उनके परिसरों पर छापों के सिलसिले में आज आयकर विभाग ने तलब किया।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, आज नई दिल्‍ली में ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के साथ प्रति‍निधिमंडल स्‍तर की वार्ता करेंगे। रक्षा, सुरक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग पर प्रमुख रूप से चर्चा की संभावना।
  • पाकिस्‍तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने गुजरात तट से दूर 42 भारतीय मछुआरों को पकड़ा।
  • रूस और ईरान ने सीरिया पर अमरीकी मिसाइल हमले को सम्‍प्रभुता का उल्‍लंघन बताते हुए सीरिया का समर्थन किया।
  • मिस्र ने दो गिरजाघरों पर कल के हमलों में 44 लोगों के मारे जाने के बाद देश में तीन महीने के आपातकाल की घोषणा की।
  • आईपीएल क्रिकेट में कल रात मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चार विकेट से हराया।
---------
निर्वाचन आयोग ने चेन्नई में आर के नगर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव रद्द कर दिया है। आयोग ने कल देर रात जारी आदेश में कहा है कि चुनाव आचार संहिता के बड़े पैमाने पर उल्लंघन और मतदाताओं को धन बांटने के आरोपों के मद्देनजर बुधवार को होने वाला यह उपचुनाव रद्द कर दिया गया है।
ऑल इंडिया अन्ना डीएमके नेता जयललिता के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी।
---------
इस बीच, चेन्नई में आयकर अधिकारियों ने तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री सी. विजय भास्कर को समन जारी किया है। पिछले शुक्रवार को उनके परिसरों पर छापों के सिलसिले में श्री राव को आज आयकर विभाग में उपस्थित होने को कहा गया है। छापे के दौरान उनके परिसरों से आर.के.नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 89 करोड़ रुपए भेजने से संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज और साढे पांच करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई थी। आयकर विभाग ने अभिनेता से राजनेता बने शरद कुमार और डाक्टर एम.जी.आर. चिकित्सा विश्वविद्यालय की कुलपति डाक्टर गीतालक्ष्मी को भी जांच के सिलसिले में बुलाया है।
---------
केरल में मल्‍लपुरम लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए प्रचार आज समाप्‍त हो जाएगा। यूनाईटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट-यूडीएफ, लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट-एलडीएफ और भारतीय जनता पार्टी सहित करीब सभी राजनीतिक दलों के नेता मल्‍लपुरम में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। उपचुनाव बुधवार को होगा।
जम्‍मू-कश्‍मीर में अनंतनाग संसदीय सीट के उपचुनाव के लिए भी प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा। यहां भी बुधवार को वोट डाले जाएंगे।
उधर सिक्किम में ऊपरी बरतुक विधानसभा क्षेत्र के लिए भी बुधवार को ही उपचुनाव होगा।
---------
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन - एनडीए के नेताओं की आज नई दिल्ली में बैठक होगी। 32 दलों के प्रतिनिधियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। वर्ष 2014 में एनडीए  के सत्ता में आने के बाद हो रही इस दूसरी बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
बैठक में मौजूदा राजनीतिक स्थिति का जायजा लिया जाएगा और गठबंधन की भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।
---------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मेल्कॉम टर्नबुल के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत होगी।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मेल्कॉम टर्नबुल की यह पहली भारत यात्रा है। इससे पहले जी-20 सम्मेलन के दौरान 2015 में अंताल्या में और 2016 में हांग्जू में श्री मोदी के साथ उनकी बैठक हो चुकी है। दोनों देशों के बीच रक्षा औऱ ऊर्जा सहयोग से लेकर पर्यावरण, जल प्रबंधन, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक संबंध हैं। दोनों पक्षों के बीच आर्थिक और वाणिज्यिक क्षेत्र में संबंध और मजबूत होने की संभावना है। श्री टर्नबुल कल मुंबई जायेंगे और प्रमुख व्यापार प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के अलावा कई कार्यक्रम में शामिल होंगे। ऑस्ट्रेलिया  ने भारत में तकरीबन सात अरब डॉलर का निवेश किया है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का आज राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में स्वागत किया जाएगा। श्री टर्नबुल महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने राजघाट भी जाएंगे।
---------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में चम्पारण सत्याग्रह एक व्यापक ऐतिहासिक आंदोलन था और इसका जनमानस पर गहरा प्रभाव था। श्री मोदी ने कई ट्वीट संदेशों में कहा कि वे चम्पारण सत्याग्रह के एक सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज नई दिल्ली में स्वच्छाग्रह-बापू को कार्यांजलि प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी ने देशवासियों से स्वच्छाग्रही बन कर स्वच्छ भारत का निर्माण करने की अपील की है।
राष्ट्रीय अभिलेखागार के महानिदेशक राघवेंद्र सिंह ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि स्वच्छता महात्मा गांधी को अत्यंत प्रिय थी और यह प्रदर्शनी स्वच्छता की मूल भावना पर फिर से बल देने का प्रयास है।  
आज के युग को जो़ड़ने की कोशिश यह प्रदर्शनी कर रहा है। बच्चे हों चाहे हमारे जो यंगर जेनरेशन हैं वह जब देखेगा इस प्रदर्शनी को, तो उसको इस बात का आभास होगा कि जैसे जल है या सानिटेशन है या हाईजीन है, इस तरह की भी चीजें जो हैं एक इंपैक्टफुल तरीके से हमलोगों ने इस प्रदर्शनी में दर्शाने की कोशिश की है।
---------
मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि उनका मंत्रालय राष्ट्रीय महत्व के 20 विश्वविद्यालयों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए उनके पंजीकरण के बारे में जल्द ही फैसला करेगा। कल पुणे में एक समारोह में 20 विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित करने के बारे में बातचीत करते हुए श्री जावड़ेकर ने कहा कि इस सूची में दस सरकारी और दस प्राइवेट विश्वविद्यालय हैं।
---------
पाकिस्‍तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने गुजरात तट से दूर 42 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया है और सात नौकाएं जब्त कर ली हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि 18 मछुआरों और तीन नौकाओं को शनिवार रात जबकि 24 मछुआरों और चार नौकाओं को कल रात पकड़ा गया।
यह सभी मछुआरे सौराष्ट्र के ओखा और मांगरौल बंदरगाह के रहने वाले हैं और उन्हें अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के निकट से पकड़ा गया है। इसी महीने यह ऐसा पहला वाकया है। पिछले महीने पाकिस्तान द्वारा 40 नौकाओँ के साथ 231 भारतीय मछुआरों को पकड़ा गया था जबकि भारतीय तटरक्षक बल द्वारा नौ पाकिस्तानी मछुआरों को पकड़ा गया था। योगेश पांड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद
---------
रूस और ईरान ने सीरिया सरकार का एक बार फिर पूरा समर्थन व्‍यक्‍त किया है। दोनों देशों ने कहा कि सीरिया पर अमरीकी मिसाइल हमला उसकी संप्रभुता का उल्‍लंघन है।
उधर, अमरीका ने कहा है कि विद्रोहियों के कब्‍जे वाले शहर खान शेखों पर पिछले सप्‍ताह किये गये स्नायु गैस हमले के जवाब में उसने मिसाइल हमला किया था। सीरिया की सरकार ने रासायनिक हथियार इस्‍तेमाल करने की बात से इन्‍कार किया है। 
---------
मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अलसीसी ने दो गिरजाघरों पर कल के हमलों के बाद तीन महीने के आपातकाल की घोषणा की है। इन हमलों में 44 लोग मारे गए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद आपात स्थिति की घोषणा की।
इस्लामिक स्टेट आतंकवादी गुट ने सिकंदरिया और तांता में गिरजाघरों पर कल के विस्फोटों की जिम्मेदारी ली है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने हमले को घृणित और कायराना बताते हुए इसकी निंदा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इन आतंकी हमलों की निंदा की है। कल रात ट्वीट संदेश में श्री मोदी ने कहा कि उन्हें इस घटना से गहरा दुख पहुंचा है। उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं।
---------
आईपीएल क्रिकेट में कल रात वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में मुम्बई इंडियन्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चार विकेट से हरा दिया। रोमांचक मैच में मुम्बई इंडियन्स ने सिर्फ एक गेंद शेष रहते छह विकेट खोकर जीत के लिए 179 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
आज इंदौर से किंग्स इलेवन पंजाब का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर से होगा।
---------
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है : भारतीय वीज़ा प्राप्‍त करने के नये उदारीकृत और युक्‍तिसंगत नियम।
यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जायेगा।
---------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
श्रीनगर लोकसभा उप-चुनाव में हिंसा अखबारों की बड़ी खबर है। राजस्थान पत्रिका का कहना है- लोकतंत्र को कमजोर करने की पत्थरबाजों की साजिश, 30 साल में पहली बार सबसे कम मतदान, आठ की मौत। भारत के वीर नामक वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री के बयान पर हिंदुस्तान के शब्द हैं- कुछ भटके हुए लोग जवानों पर करते हैं पथराव, लेकिन देश उन जवानों को करता है सलाम, जो पथराव करने वालों को बाढ़ जैसी मुसीबत से बचाते हैं। श्री राजनाथ सिंह ने कहा- ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले सैनिकों के परिवारों को न्यूनतम एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने का सरकार कर रही है प्रयास।
केंद्र में एन डी ए सरकार के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हर केंद्रीय मंत्री से पांच प्रमुख उपलब्धियों का आंकड़ों सहित तुलनात्मक ब्यौरा देने की खबर दैनिक जागरण के मुखपृष्ठ पर है।
गोहत्या पर पूरे देश में प्रतिबंध के राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर जनसत्ता लिखता है- गोरक्षा समूहों की हिंसा गलत।
अंतर्राज्यीय परिषद की बैठक में राज्यपालों की भूमिका पर चर्चा दैनिक जागरण की अहम खबर है, शीर्षक है- राजनीति से दूर रहें राज्यपाल।
तीस्ता नदी जल मुद्दे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दोटूक पर जनसत्ता की सुर्खी है- बांग्लादेश को छोटी नदियों का ही देंगे पानी, ममता ने बांग्लादेश को बिजली देने की भी की पेशकश।
राजमार्गों पर शराब की दुकानों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की काट पर राजस्थान पत्रिका की टिप्पणी है- वही हाईवे, वही दुकानें, बस रास्ते कर दिए लंबे। हाईवे की तरफ खुलने वाले मुख्य प्रवेश द्वारा को बंद कर पीछे की तरफ खोला नया गेट।
---------

स्वच्छता तथा प्राणायाम जैसी आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं : नरेंद्र यादव

'जय स्वच्छता' एवं 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' विषयों पर सेमिनार तथा 'तिरंगा यात्रा' आयोजित
ओढ़ां
ओलंपिक फुटबॉल एंड स्पोर्टस युवा क्लब एवं ग्राम सुधार युवा मंडल पन्नीवाला मोटा द्वारा नेहरू युवा केंद के तत्वाधान में गांव की राजकीय प्राथमिक पाठशाला में 'मेरा गांव मेरी पहचान' अभियान के अंतर्गत 'जय स्वच्छता' तथा 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' विषयों पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला में सेमिनार तथा तिरंगा यात्रा का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर क्लब प्रवक्ता राकेश वर्मा तथा क्लब प्रधान भजनलाल सिंहमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नेहरू युवा केंद्र के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित जिला युवा समन्वयक नरेंद्र यादव ने युवाओं को नारी शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वास्थ्य एवं विद्यार्थी जीवन के लक्ष्यों के प्रति प्रेरित करते हुए स्वच्छता तथा प्राणायाम जैसी आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उनके अतिरिक्त राष्ट्रीय युवा अवार्डी अनिल ढिढारिया, प्रदीप बैनिवाल, अमर सिंह भारी और सुरेश लुटासरा ने भी संबोधित किया। तदुपरांत राजकीय प्राथमिक पाठशाला से चली तिरंगा यात्रा गांव की चौपाल, फिरनी, कबीर धर्मशाला और कुम्हार धर्मशाला होते हुए महाराज चौक सहित गांव के सभी मुख्य बाजारों व गली मोहल्लों का राउंड लगाकर वापिस पाठशाला पहुंची। तिरंगा यात्रा के दौरान यात्रा में शामिल युवाओं ने गांव के सभी गली, मोहल्लों व बाजारों को साफ सुथरा करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया।
कार्यक्रम के समापन पर क्लब प्रधान संदीप किराड़, प्रवीण कस्वां व नवाब सर ने उपस्थितजनों को धन्यवाद देते हुए आयोजित कार्यक्रम के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बताए गए आदर्शों को आत्मसात करने तथा अपने जीवन में अपनाने का आग्रह किया। इस मौके पर क्लब सदस्य विजयपाल सोढ़ी,  सुनील, रवि, मनीष, राजेश, हरिओम, पलक, सोनिया, नीतू,  प्रिया, शहनाज, सुरेंद्र भारी, मदन मेहता, पृथ्वीराम डुडी, प्रह्लाद डुडी, दीपक महेश्वरी, मनीष बैनिवाल, रामेकुमार पेंटर, राजविंद्र सिंह, शीशपाल सेठ, जयभारत मिडल स्कूल, सरस्वती मिडल स्कूल व आदर्श मिडल स्कूल के स्टाफ सदस्यों, गोल्डन स्टार युवा क्लब सदस्यों सहित अनेक गणमान्य लोगों तथा अभिभावकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

09 April 2017

समाचार

  • लोकसभा के श्रीनगर और आठ राज्यों में दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरू।
  • बांग्लादेश ने तीस्ता जल मुद्दे का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वचनबद्धता का स्वागत किया।
  • प्रधानमंत्री कार्यालय ने सरकार के महत्‍वाकांक्षी कार्यक्रम '2022 तक सबके लिए आवास' में निजी रिएल एस्‍टेट कंपनियों को शामिल करने के तौर-तरीके पर चर्चा की।
  • राष्‍ट्रपति भवन में लकी ग्राहक योजना और डिजी धन व्‍यापार योजना के ड्रॉ आज निकाले जाएंगे।  
  • ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल भारत की यात्रा पर आज शाम नई दिल्‍ली पहुंचेंगे, नवीकरणीय ऊर्जा, कोयले से स्‍वच्‍छ ऊर्जा, जैव ईंधन क्षेत्र में सहयोग चर्चा के अहम मुद्दे।
  • आज महावीर जयंती है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को बधाई दी।
  • भारतीय ओलिम्पिक एसोसिएशन ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को संबंद्धता की मंजूरी दी।
---------
जम्‍मू-कश्‍मीर में श्रीनगर लोकसभा सीट और आठ राज्‍यों में दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरु हो गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि मतदान केन्‍द्रों को संवेदनशील या अत्‍यधिक संवेदनशील घोषित किया गया है।
साठ हजार से अधिक महिला मतदाताओं सहित करीब 12 लाख 60 हजार वोटर श्रीनगर लोकसभा सीट के लिए नौ उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। आज के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार डॉ फारूख अब्दुल्ला की हार-जीत पर खास नज़र रहेगी। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आधी रात से चुनावी क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। तारिक राठौर आकाशवाणी समाचार श्रीनगर        
हमारे संवाददाता ने बताया है कि दिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। इस सीट के लिए छह प्रत्‍याशी मैदान में हैं। यहां सभी एक सौ 66 मतदान केन्‍द्रों पर मतदाताओं द्वारा वोट की पुष्टि के लिए वीवीपीएटी प्रणाली का प्रयोग किया जा रहा है।
ये उपचुनाव दिल्ली के तीनों नगर निगमों के होने वाले चुनाव के पहले बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये सीट आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के इस्तीफा देने से खाली हुई थी। भाजपा शिरोमणि अकाली दल ने संयुक्त रूप से मनजींदर सिंह सिरसा को, कांग्रेस ने मीनाक्षी चंदेला को और आम आदमी पार्टी ने हरजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है। संत बहादुर के साथ शशांक कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
उधर, मध्‍य प्रदेश में उमरिया जिले में बांधवगढ़ और भिण्‍ड में अटेर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों हिमाचल प्रदेश में भोरांज सीट के लिए मतदान और पश्चिम बंगाल में कंठी दक्षिण विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनेंगे।
उधर, असम में धीमाजी सीट के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
राजस्‍थान में धौलपुर विधानसभा सीट के लिए मतदान शुरू हो गया है, यहां पहली बार मतदाता वीवीपीएटी मशीनों के प्रयोग से वोट डालने के बाद उसकी पुष्टि भी कर सकेंगे।
कर्नाटक में, नंजनगुड और गुंडलूपेट विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है।
वहीं, झारखंड में लिटीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान हो रहा है।
इन सभी सीटों के लिए मतगणना 13 अप्रैल को होगी।
---------
झारखंड में लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान दोपहर बाद तीन बजे तक चलेगा।
---------
राजस्‍थान में धौलपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मतदाता पहली बार  डाले गए अपने वोट की वीवीपीएटी मशीनों के जरिए पुष्टि कर सकेंगे। इस सीट के लिए पन्‍द्रह उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
धौलपुर विधानसभा सीट से बासपा के पूर्व विधायक बनवारी लाल गुप्ता को हत्या के मामले में दोषी पाए जाने और जेल होने के बाद उनकी विधानसभा से सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। भारतीय जनता पार्टी ने उनकी पत्नी शोभा रानी को पार्टी में शामिल कर उन्हें अपने उम्मीदवार के रूप में यहां  मैदान में उतारा है। दूसरी और कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बनवारी लाल पर दाव लगाया है। मुख्यमंत्री का यह घरेलू क्षेत्र होने के कारण चुनाव काफी महत्वपूर्ण हो गया है। मुरारी गुप्ता आकाशवाणी समाचार जयपुर।
---------
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बैठक में सरकार के महत्‍वाकांक्षी कार्यक्रम "2022 तक सबके लिए आवास" में निजी रिएल एस्‍टेट कंपनियों का सहयोग लेने के तौर-तरीके पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव नृपेन्‍द्र मिश्रा ने कल किफायती आवास पर ब्‍याज की सब्सिडी का फायदा आवास विक्रेताओं को शीघ्र पहुंचाने पर चर्चा की।  2022 में देश अपना 75वां स्‍वतंत्रता दिवस मनाएगा।
बैठक में  दो प्रमुख रिएल इस्‍टेट कंपनियों सीआरईडीएआई- क्रेडाई और एनएआरडीसीओ-नारेडको के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा टाटा हाउसिंग के अधिकारी भी शामिल हुए।
---------
बांग्लादेश ने तीस्ता जल मुद्दे का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वचनबद्धता का स्वागत किया है। बांग्लादेश के विदेश सचिव शाहिदुल हक ने कल नई दिल्ली में कहा कि भारत की यात्रा पर आई  प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ संयुक्त वक्तव्य में श्री मोदी की यह टिप्पणी बहुत महत्वपूर्ण है।
इससे पहले कल श्री मोदी ने कहा था कि तीस्ता जल मुद्दा दोनों देशों के लिए अहम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री भी इसका समर्थन करेंगी।
श्री हक ने बताया कि दोनों प्रधानमंत्रियों के विचार-विमर्श के दौरान भारत ने कहा कि जल संसाधन, दोनों देशों को जोड़ने में सहायक होना चाहिए।
भारत और बांग्लादेश ने रक्षा और असैन्य परमाणु ऊर्जा समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में 22 समझौतों पर हस्ताक्षर किये।
---------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज राष्‍ट्रपति भवन में  लकी ग्राहक योजना और डिजी धन व्‍यापार योजना के ड्रॉ निकालेंगे।   सौवें मेगा ड्रा में ग्राहकों के लिये एक करोड़ रूपए, पचास लाख और 25 लाख रूपए के तीन बड़े पुरस्‍कार घोषित किये जायेंगे। इसके साथ ही व्यापारियों के लिये 50 लाख, 25 लाख और 12 लाख रूपए के तीन अन्‍य पुरस्‍कारों की घोषणा भी की जायेगी।  अम्‍बेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को नागपुर में प्रधानमंत्री इस लकी ड्रॉ में विजयी व्‍यक्तियों को सम्‍मानित करेंगे।
---------
ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल आज भारत की चार दिन की यात्रा पर नई दिल्‍ली आ रहे हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान नवीकरणीय उर्जा, कोयले से स्‍वच्‍छ ऊर्जा, जैव ईंधन में सहयोग सहित सुरक्षा, पर्यावरण, खेल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर होने की आशा है उनके साथ शिक्षा के क्षेत्र के लिए गठित एक उच्‍च स्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है।
---------
24वें और अंतिम तीर्थांकर भगवान महावीर की जयंती आज देशभर में मनाई जा रही है।
राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने महावीर जयंती पर लोगों को बधाई दी है। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि भगवान महावीर के सत्य, करुणा और अहिंसा के विचार मौजूदा समय में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
उपराष्‍ट्रपति मोहम्‍मद हामिद अंसारी ने कहा कि अहिंसा और करूणा के अपने उपदेशों से भगवान महावीर ने सौहार्द और मानवता की प्रगति के मार्ग को प्रकाशवान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी लोगों को बधाई दी है।  उन्होंने भगवान महावीर की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि ये सभी पीढि़यों का मार्गदर्शन करती है।
---------
दुनिया भर में ईसाई आज पाम संडे मना रहे हैं। तमिलनाडु में वेलंकन्‍नी, तिरूचिरापल्‍ली नागरकोइल और तिरूनेलवल्‍ली में वि‍शेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं।
पाम संडे ईसाई धर्म के अनुयायियों के प्रमुख त्यौहारों में से एक माना जाता है। इस दिन को ईसाई समुदायों के लोग प्रभु यीशू के येरूशलम में विजयी प्रवेश के रूप में मनाते है। इसे पवित्र सप्ताह की शुरूआत के रूप में भी मनाया जाता है। इसका समापन ईस्टर के रूप में होता है। तमिलनाडू के सभी गिरजाघरों में विशेष आयोजन किया जा रहे हैं। इस अवसर पर अंग्रेजी, तमिल, हिन्दी और मलयालम जैसी भाषाओं में भी विशेष प्राथनाएं की जा रही है। के. देवी पद्मनाभन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं फरहत नाज़।
---------
भारतीय ओलिंपिक संघ-आईओए ने कई महीनों की चर्चा के बाद भारतीय मुक्केबाजी परिसंघ-बीएफआई को संबद्धता दे दी है। आईओए ने अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के निर्देशों के अनुसार संबद्धता देने के लिए बीएफआई को पूर्ण रूप से मान्यता प्राप्त संस्था मान लिया है।
इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन और खेल मंत्रालय के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराये गये चुनाव के बाद बीएफआई के कामकाज संभालने के दिन से दोनों संगठनों के बीच गतिरोध बना हुआ था। पिछले वर्ष सितंबर में शुरू हुआ यह मसला अब सुलझा है।
---------
आईपीएल में कल रात बैंगलूरू के एम चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडियम में रॉयल चैलेजर्स बैंगलोर ने डेल्‍ही डेयर डेविल्‍स को 15 रन से हरा दिया।
एक अन्‍य मैच में इंदौर में किंग्‍स इलेवन पंजाब ने राइजिंग पुणे जाएंट्स को छह विकेट से हराया।  
आईपीएल में आज हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्‍ट्रीय स्‍टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला गुजरात लॉयन्‍स से होगा। दूसरे मैच में वानखेडे स्‍टेडियम में मुम्‍बई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे।
---------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
आज प्रकाशित अधिकांश अखबारों ने भारत और बंगलादेश के बीच रिश्‍तों को व्‍यापक बनाते हुए किये गए समझौतों को सुर्खियों में दिया है।
मुख्‍य न्‍यायाधीश जे एस खेहर के राजनीतिक दलों से जवाबदेह बनने के बयान को आज अ‍खबारों ने प्रमुखता दी है। नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- चीफ जस्टिस ने कहा- कागज का टुकड़ा न बने मैनिफेस्‍टो।
राजस्‍थान पत्रिका ने अपने पहले पन्‍ने पर जी एस टी की विस्‍तार से विवेचना की है।
---------

सड़क के बीचोंबीच दीवार खड़ी करने का मामला


सोमवार को की जाएगी प्लाटों की निशानदेही 
ओढ़ां
गांव बनवाला में प्लाट नंबर 317 के मालिकों द्वारा सड़क मार्ग के बीचोंबीच दीवार खड़ी किए जाने के मामले में गांववासियों द्वारा निशानदेही करवाने के लिए एसडीएम सुनीता तेतरवाल के समक्ष गुहार लगाए जाने के बाद एसडीएम ने तहसीलदार को तथा तहसीलदार ने कानूनगो मोहनलाल को निशानदेही करने के आदेश दे दिए हैं। कानूनगो के अनुसार सोमवार को निशानदेही की जाएगी। गांववासियों जसवंत जाखड़, मोहन लाल, अंकित कुमार, राकेश कुमार, सुरेश कुमार और बालूराम सहित अन्य गांववासियों के अनुसार इस दीवार के कारण किसानों को अपनी फसल खेत से घर लाने, बच्चों की स्कूल बस गली में आने तथा श्रद्धालुओं को श्री गोगा मैड़ी मंदिर में जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि थाना क्षेत्र के गांव बनवाला में गत 4 मार्च को प्लाट नंबर 317 के मालिकों द्वारा मुख्य सड़क मार्ग के बीचोंबीच 300 फीट लंबी दीवार खड़ी कर दी गई थी। जिससे परेशान ग्रामीणों बनवारी लाल, बालूराम, शीशपाल, पतराम, साहिब राम, राजेश कुमार, राय सिंह, जयवीर सिंह और मोहन लाल बांसल तथा सरपंच सुमन कासनिया ने उसके साथ लगते पंचायती प्लाट नंबर 318 व अन्य प्लाटों की निशानदेही शीघ्र किये जाने की मांग करते हुए तहसीलदार को 16 मार्च को एक पत्र सौंपा था लेकिन निशानदेही न होने पर ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष गुहार लगाई थी।

पूर्णिमा के अवसर पर गोगामैड़ी मंदिर में जागरण 11 को

ओढ़ां
थाना क्षेत्र के गांव बनवाला के श्री गोगा मैड़ी मंदिर में पूर्णिमा के अवसर पर समस्त गांववासियों के सहयोग से जागरण आयोजित किया जाएगा। गोगामैड़ी के सेवादार भगत नानकराम ने बताया कि जागरण में बनवाला की संदीप एण्ड पार्टी द्वारा गोगाजी का सुंदर गुणगान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के पशुओं में महामारी फैलने के चलते गांववासियों द्वारा श्रीगोगा मैड़ी मंदिर में बैठक बुलाई गई जिसमें गांव के गांव के अनेक गणमान्य लोगों द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में सुख शांति की कामना को लेकर पूर्णिमा के अवसर पर श्रीगोगा मैड़ी मंदिर में जागरण आयोजित किया जाए जिस पर समस्त गांववासियों ने सहमति व्यक्त की।