Loading

17 January 2020

ओढां में मनाया राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह

ओढां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढां में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कार्यक्रम के अंतर्गत स्लोगन व काव्य पाठ का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। काव्य पाठ के अंतर्गत छात्राओं ने अपनी कविताओं से यातायात के नियमों के बारे में समझाने का प्रयास किया।
एनएसएस की छात्रा निशा ने कविता फिर से देखो दाएं बाएं, अगर जो मोटर गाड़ी आए, हॉर्न घंटी पड़े सुनाई, तभी जरा रुक जाना भाई, द्वारा सड़क क्रॉसिंग के नियमों से अवगत कराया। एकता तथा अन्य छात्राओं ने अपने स्लोगन के माध्यम से यातायात से संबंधित नियमों की जानकारी दी जिनमें हेलमेट का करें उपयोग, नियम पालन में करें सहयोग, तथा वाहन की तेज गति के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्लोगन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। वाहन कभी भी तेज ना चलाएं, अपनी मंजिल को जीवन की आखरी मंजिल न बनाएं। एनएसएस प्रभारी रजनी मेहता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करें व सुरक्षित रहें। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्य डॉ. अभिलाषा शर्मा व कॉलेज स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहा।

छायाचित्र: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का दृश्य।

16 January 2020

जेएनवी में फहराया जाएगा 30 फीट ऊंचा तिरंगा

ओढां
जवाहर नवोदय विद्यालय ओढां में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर 30 फीट ऊंचा 4 गुणा 6 फीट का झंडा अरावली वरिष्ठ सदन के छात्रावास के उद्यान में फहराया जाएगा। इसकी तैयारी शिव कुमार मीना पीजीटी इतिहास के नेतृत्व में चल रही है।
बच्चों व अभिभावकों के सहयोग से जो विद्यालय परिसर में बनाये गए सुंदर पार्क में राष्ट्रीय तिरंगा फहराया जाएगा ताकि छात्रावास के बच्चों में अपने राष्ट्र के राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना जागृत होगी तथा देश एवं मातृभूमि के प्रति लगाव, क्रांतिकारियों व शहीदों के प्रति सम्मान का भाव जागृत हो सकेगा। ये अनूठी पहल एस. के मीना के नेतृत्व में की गई है जिसकी प्रशंसा करते हुए विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य राम सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान और मातृभूमि के प्रति लगाव जैसे संस्कार विकसित करने के लिए तिरंगे का अविरल लहराना सराहनीय कदम है। विद्यालय के वरिष्ठ  शिक्षक डॉ. अखिलेश कुमार अग्रवाल, नवीन लांबा, चरित्र नारंग, मनीषा,  सुखप्रीत, भारती, अमृत, छोटू राम और छात्र अमित, अमनदीप, शुभम, सनी और आदित्य सहित अन्य उपस्थित थे।

छायाचित्र: तिरंगा दिखाते अध्यापक व विद्यार्थी।

नरमे से भरी ट्रैक्टर ट्राली के पलटने से रास्ता अवरुद्ध

ओढां
ओढां में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर एक नरमे से भरी ट्रैक्टर ट्राली के पलटने से रास्ता अवरुद्ध हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों की मेहनत के बाद क्रेन की सहायता से ट्रैक्टर ट्राली व कार को हटवा कर रास्ता खुलवाया। बुधवार की सुबह एक नरमे से भरी ट्राली जो आसाखेड़ा से ओढां आ रही थी, पैट्रोल पंप के निकट वो जैसे ही नुहियांवाली रोड से नेशनल हाईवे पर चढ़ी तो सिरसा से अबोहर जा रही इनोवा कार ट्राली से जा टकराई और ट्राली पलट गई। इस दुघर्टना में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई तथा ट्रैक्टर चालक बलवंत सिंह बाल बाल बचा। राहगीरों ने उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है।

छायाचित्र: ओढां में नैशनल हाईवे से कार को हटाती क्रेन।

10 से 3 बजे तक बाधित रहेगी बिजली सप्लाई

ओढां
वीरवार को 220 केवी सबस्टेशन चोरमार से 33 केवी सबस्टेशन पिपली की बिजली बंद रहेगी। कनिष्ठ अभियंता रणवीर सिंह ने बताया कि बीरवार की सुबह 10 बजे से बाद दोपहर 3 बजे तक 33 केवी उपकरणों की मरम्मत करवाने के दौरान चार फीडरों की बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान 11 केवी पिपली अर्बन, 11 केवी पाना डीएस, 11 केवी माखा एपी तथा 11 केवी असीर एपी की बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।

14 January 2020

हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक

ओढां
माता हरकी देवी महिला महाविद्यालय ओढां में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कार्यक्रम में प्रभारी रजनी मेहता ने छात्राओं को हेंडगियर, सीट बेल्ट व सही तरीके से हेलमेट लगाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसमें छात्राओं को बताया गया कि हेलमेट व सीट बेल्ट ड्राइविंग के दौरान कितना आवश्यक है और इनके माध्यम से दुर्घटना को कैसे रोका जा सकता है। वाहन चालकों के लिए हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. अभिलाषा ने बताया कि जीवन बहुमूल्य है और सावधानी हटी, दुर्घटना घटी। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक है। सुगम व सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। थोडी सी लापरवाही आपके परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकती है। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाना और वाहन चलाते समय गति सीमा पर ध्यान न देना खतरनाक है।

छायाचित्र: छात्रा को सीट बैल्ट की जानकारी देती प्रभारी।