Loading

17 March 2011

अनुदान राशि हेतु 20 मार्च तक आवेदन आमंत्रित

सिरसा, 16 मार्च। अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग से संबंधित संस्थाओं, समितियों के सामुदायिक भवनों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सामाजिक उद्देश्य हेतु प्रयोग किए जाने वाले भवनों के निर्माण, भवन पूरे करने/मरम्म्त करवाने/संस्थानों के पुस्तकालय हेतु पाठ्य पुस्तके तथा शिक्षा संबंधी सामग्री खरीदने हेतु दो लाख रुपए की अनुदान राशि दी जाती है।
    यह जानकारी देते हुए सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस योजना के तहत संबंधित वर्ग के लोगों, संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए है। आवेदन आगामी 20 मार्च तक विभाग के मुख्यालय चंडीगढ़ में भिजवाने है। इसलिए इच्छुक संस्थाएं शीघ्र उपायुक्त कार्यालय में आवेदन कर सकती है।

अस्वच्छ व्यवसाय में लगे व्यक्तियों के बच्चों के लिए स्कूल चलाए जा रहे है

सिरसा, 16 मार्च। राज्य में अस्वच्छ व्यवसाय में लगे व्यक्तियों जैसे सफाई करने वाले, चमड़ा रंगने वाले तथा खाल उतारने वाले व्यक्तियों के बच्चों के लिए स्कूल शिक्षा विभाग तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा अंबाला, रोहतक, रेवाड़ी तथा करनाल में छात्रावास चलाए जा रहे है जिनमें रहने वाले प्रत्येक बच्चे को 700 रुपए प्रति माह की दर से छात्रवृति के स्थान पर खाना तथा एक हजार रुपए प्रतिवर्ष अनुदान दिया जाता है।
    उक्त जानकारी देते हुए सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि छात्रावास में रहने वाले पढ़ाई में कमजोर बच्चों को गणित तथा विज्ञान पढ़ाने के लिए विभाग द्वारा अध्यापकों का प्रबंध भी किया हुआ है। जो व्यक्ति अस्वच्छ व्यवसाय में लगे हुए है उनसे अपील है कि वे अपने बच्चों को छात्रावास में दाखिला दिलवाने हेतु अंबाला, रोहतक, करनाल तथा रेवाड़ी जिला के जिला कल्याण अधिकारियों से संपर्क कर सकते है। इसके साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के बच्चों को पहली से दसवीं तक 110 रुपए प्रति माह छात्रवृति व 750 रुपए प्रति वर्ष अनुदान भी दिया जाता है।
    उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग के बच्चे जो छात्रावास में दाखिल नहीं हो सकते है उनके अभिभावक छात्रवृति लेने हेतु संबंधित राजकीय स्कूलों के प्राचार्यो से संपर्क कर सकते है।

कन्या भ्रूणहत्या के विरुद्ध स्पैशल जागरुकता शिविर का आयोजन

सिरसा, 16 मार्च। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशन में जिला सिरसा के खंड सिरसा शहरी परियोजना के अंतर्गत कन्या जन्म को प्रोत्साहन एवं कन्या भ्रूणहत्या के विरुद्ध स्पैशल जागरुकता शिविर का आयोजन श्रीमती दर्शना सिंह सीडीपीओ की अध्यक्षता में सिरसा शहरी के कार्यालय परिसर में किया गया। इस शिविर में श्रीमती साधना मित्तल, जिला सरंक्षण अधिकारी सिरसा एवं डा. रोहताश कुमार द्वारा कैंप में उपस्थित महिलाओं को जागरुक किया गया
    इस शिविर में आंगनवाड़ी वर्करज के अलावा 50 स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया। 0 से 1 आयु वर्ग की कन्याओं के मध्य हैल्थी बेबी शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कन्या शिशुओं को पुरस्कृत भी किया गया तथा कन्याओं को जन्म देने वाली माताओं का भी उत्साहवर्धन किया गया। हैल्थी बेबी शो में प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार हरलीन सुपुत्री विक्रम ढिल्लो द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त किया गया। इसी प्रकार तमन्ना सुपुत्री जगजीत ने द्वितीय व पूजा सुपुत्री श्री कालुराम ने तृतीय स्थान हासिल किया।

अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के पोस्ट मैट्रिक स्कोलरशिप के आवेदन पत्र अधूरे है

सिरसा, 16 मार्च। जिला कल्याण अधिकारी श्रीमती सुमित्रा मेहता ने बताया कि तकनीकी एवं व्यावसायिक संस्थाओं द्वारा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के पोस्ट मैट्रिक स्कोलरशिप के आवेदन पत्र संबंधित कार्यालय में भेजे गए थे वे सभी अधूरे है। उन्होंने बताया कि छात्रवृति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के बैंक खाते भी नहीं है जिससे छात्रवृति स्वीकृत करने में असुविधा आएगी।
    उन्होंने सभी विद्यार्थियों व संबंधित शिक्षण संस्थाओं से अनुरोध किया है कि वे अपने अधूरे आवेदन संबंधित कार्यालय से प्राप्त करके व पूर्ण करके आगामी 21 मार्च तक वापिस कार्यालय में जमा करवाए अन्यथा उनकी छात्रवृति स्वीकृत नहीं की जाएगी।

प्रादेशिक समाचारः-16.03.2011

 मुख्य समाचारः

* केंद्र सरकार से जाट नेताओं की बातचीत के बाद भी जाट आंदोलन जारी, सरकार ने फैसले के लिए तीन दिन का समय मांगा।
* हरियाणा सरकार प्रदेश के पांच जिलों में किसान मॉडल स्कूल खोलेगी।
* गुड़गांव की एक अदालत ने लिंग जांच मामलें में पांच डॉक्टरों को तीन तीन वर्ष कैंद और एक एक हजार रूपये जुर्माने की सजा सुनाई।
* हाइड्रोलिक मशीन से सड़कों की सफाई करने के मामलें में करनाल प्रदेश का पहला जिला बना।

    आरक्षण के लिये विभिन्न राज्यों में आंदोलन कर रहे जाटों की 14 सदसीय समिति की केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम और सामाजिक न्यायमंत्री मुकुल वासनिक से हुई बातचीत के बाद सरकार ने जाट नेताओं से तीन दिन का समय मांगा है। समिति के एक प्रमुख नेता यशपाल मलिक ने कहा है कि सरकार ने इस मुद्दे पर कानून मंत्रालय से विचार विमर्श के लिए समय मांगा है और उन्हें आंदोलन स्थगित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन स्थगित करने का फैसला उनकी कोर समिति करेंगी। उधर जाट नेता महेंद्र सिंह पुनिया ने कहा है कि जब तक आरक्षण नहीं मिलता उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि केवल एक रेलवे पटरी को छोड़ कर शेष सभी रेल मार्ग जाम कर दिये गए है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि 84 खापों की महापंयाचत की बैठक के बाद लोहारू-दिल्ली और लोहारू-जयपुर रेल मार्ग को भी आंदोलनकारियों ने जाम कर दिया है।

    रेल सेवा चरमरा गई है। हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन के चलते रेल सेवा ठप्प हो गई है। यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों का सहारा ले रहे है। भीड़ के चलते बसें न मिलने और निजी बस चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूल करने के कारण यात्री बेहाल है। जींद से हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक ने बताया है कि अधिक सवारी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बसें लगाई गई है लेकिन यहां भी यात्री बसें न मिलने की शिकायत कर रहे है। उधर हड़ताल की वजह से कारखानो को कच्चे माल की आपूर्ति न होने से उद्योग भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा हैं खेदड़ ताप बिजली संयंत्र के बाद प्रदेश के कई तेल शोधक कारखाने भी बंद होने की कगार पर है।

    हरियाणा सरकार ने यमुनानगर, करनाल, जींद, झज्जर व महेंद्रगढ़ जिलों में किसान माडल स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। इन स्कूलों में ग्रामीण छात्रों को साईस, गणित एवं वाणिज्य विषयों की गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के साथ साथ सहपाठ्यक्रम गतिविधियां जैसे पेंटिग व कम्प्यूटर आदि की शिक्षा की भी सुविधा उपलब्ध होगी। शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने बताया कि किसान माडल स्कूल में सत्र 2011 में नौंवी एवं ग्यारहवीं कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा तथा दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा 24 मार्च को 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक होगी। इसके लिए आवेदनपत्र जिला शिक्षा अधिकाारी कार्यालय से 10 रूपये शुल्क देकर प्राप्त किया जा सकता है। जो विद्यार्थी इस समय आठवीं एवं दसवीं कक्षा में पढ़ रहे है इस परीक्षा में भाग ले सकते है।

    राज्य की सहकारी चीनी मिलों ने चालू पेराई सत्र में अब तक पन्द्रह करोड़ क्विंटल से गन्ने की पेराई करके साढ़े सोलह लाख क्विटल से अधिक चीनी का उत्पादन किया है। सहकारी चीनी मिल प्रसंघ के प्रवक्ता ने बताया कि गत वर्ष इस अवधि के दौरान लगभग साढ़े उन्यासी लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करके तकरीबन छ लाख चालीस हजार क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया था। उन्होंन यह भी बताया कि शाहबाद चीनी मिल ने सर्वाधिक चालीस लाख 18 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई की।

    करनाल जिला प्रशासन ने करनाल मे सोलह लाख रूपए की लागत से सड़को की सफाई के लिए एक हाइडॉलिक मशीन खरीदी है, जो तकरीबन 25 किलोमीटर तक सड़कों की सफाई कर सकती है। डी सी नीलम प्रदीप कासनी ने बताया कि अगर यह प्रयोग सफल रहा तो अन्य जिलों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। इस मशीन की क्षमता चार टन प्रतिदिन कचरा उठाने की है। एक अनुमान के अनुसार करनाल में प्रतिदिन 90 टन कचरा निकलता है।

    गुड़गांव की एक अदालत ने पी एन डी टी अधिनियम के तहत पांच डॉक्टरों जे एल महाजन, एम एस तालेकर, पी बी लाल, डी बी लाल और के के सारसवत को दोषी ठहराते हुये एक एक हजार रूपये जुर्माना सहित तीन तीन साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। जुर्माना न भरने पर उन्हें और 15 दिन की कैंद की सजा काटनी पड़ेगी। गुड़गांव की न्यायिक मजिस्टेट अर्चना यादव ने इस मामले की सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। इन डाक्टरों को जनवरी 2002 में गुड़गांव के उद्योग विहार में एक अस्पताल में प्रसव पूर्व निदान करते हुए पकड़ा गया था।

    सासद दीपेन्द्र हुडडा ने कहा है कि राज्य सरकार की खेल नीति से खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा मिला हैं। सांसद दीपेन्द्र हुडडा कल रोहतक जिले के गॉंव खिडवाली में एक खेल समारोह में बोल रहे थे। उन्होने कहा कि राज्य सरकार की खेल नीति की बदौलत ही कॉमनवेल्थ गेम्स में राज्य के खिलाड़ियों ने सबसे अधिक पदक जीते। इसके इलावा खिलाड़ियो ने एशियाई खेलो में भी बेहतर प्रदर्शन किया। दीपेन्द्र हुडडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं ।

    कुरूक्षेत्र प्रशासन शहर में प्रदूषण फैला रहे और बिना रजिस्ट्रेशन या फर्जी कागजात से चल रहे थ्रीव्हीलर चालकों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चला रहा है। इसके तहत सभी थ्रीव्हीलर चालकों के कागजातों की जॉच की जा रही है और सभी कागजात पूरे पाए जाने पर ही नम्बर प्लेट लगाए जा रहे है। एस एस पी सुलतान सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास है कि सड़क दुर्घटनाए कम कम हों और जानी नुकसान को रोका जाए।
    कृषि वैज्ञानिकों ने कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित संकर बाजरा की एच एच बी 24 किस्म को देश के ए-जान में बिजाई के लिए अनुमोदित कर दिया है। बाजरा वैज्ञानिकों की 46 वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डा के एस खोखर ने बताया कि ए जोन के तहत राजस्थान, हरियाणा और गुजरात के हिस्सें आते हैं जहॉं साल में 400 मिलीमीटर से कम बारिश होती है। उन्होने बताया कि इस संकर किस्म की यह विशेषता है कि सूखे की परिस्थिति में भी इसका उत्पादन अधिक होता है। बैठक में सूखे की स्थिति के अनुकूल और रोगरोधी संकर किस्म विकसित किए जाने पर जोर दिया गया।