Loading

02 February 2017

पूर्वांचल समिति ने बंसत पंचमी पर किया भव्य जागरण
सिरसा। पूर्वांचल सेवा समिति सिरसा द्वारा बीती रात बसंत पंचमी के अवसर पर स्थानीय अनाजमंडी में भव्य जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पार्षद विकास गुज्जर ने मुख्यअतिथि के रुप में शिरकत की तथा समिति के प्रधान विद्यार्थी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। संस्था के सचिव मोहन ङ्क्षसह ने बताया कि पूर्वांचल सेवा समिति वर्ष 2008 से समाज में जनहित के काम कर रही है जिनमें रक्तदान शिविर, कन्या बचाओ कन्या पढाओ अभियान तथा समाज में शिक्षा के प्रचार-प्रसार के आयोजन शामिल हैं।
उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था से जुड़ा हुआ प्रत्येक सदस्य सक्रियता से समाजसेवी कार्यों को संपन्न कर रहा है। सबसे पहले मां सरस्वती का पूजन किया गया और मुख्यअतिथि विकास गुज्जर ने जागरण की पावन ज्योति प्रज्जवलित की। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल सेवा समिति ने क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई है ओर संस्था से जुड़े हुए लोग निरंतर समाज की सेवा कर रहे हैं। आज बसंत पंचमी के अवसर पर संस्था ने यह पावन जागरण आयोजित करके लोगों में आध्यात्मिकता का संदेश देने का सार्थक कार्य किया है। इसके बाद भजन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सिरसा के गायक कलाकार सुमन सुरीला व सिवान बिहार से आए सिकेन्द्र सोहना ने गणेश वंदना के बाद मां सरस्वती को समर्पित एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों व कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा संस्था में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में राम सुमिरन, विजय शंकर वर्मा, शैलेश पाठक, राजेश भारती, लखन लाल साह, शंभू यादव, जितेन्द्र ठाकुर, अशोक यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक 16 फरवरी को
सिरसा, 2 फरवरी
        आगामी 16 फरवरी 2017 को प्रात: 11 बजे स्थानीय पंचायत भवन में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए नगराधीश डा. वेद प्रकाश बैनिवाल ने बताया कि इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य संसदीय सचिव स्वास्थ्य विभाग डा. कमल गुप्ता करेंगे। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों से कहा है कि वे निश्चित समय व स्थान पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
पशुपालन को व्यवसाय के रुप में अपनाकर अपने पैरों पर खड़ी हो सकती है महिलाएं - बिमला सिंवर

सिरसा, 2 फरवरी

लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय हिसार की ओर से खंड नाथुसरी चौपटा में 10 एकड़ भूमि उपलब्ध होने पर पशुओं का रिर्सज सैंटर खोला जाएगा। इसके खुलने से आस पास के गांव के लोगों के लोगों को लाभ पहुंचेगा।
उक्त जानकारी मुख्य अतिथि लाला लाजपत राय विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति मै. जनरल श्रीकांत ने विश्वविद्यालय की ओर से गांव लुदेसर में महिलाओं का तीन दिवसीय पशुपालन प्रशिक्षण शिविर में दी। इस प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इस शिविर का लगभग 50 महिलाओं ने लाभ उठाया व प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर गांव लुदेसर में स्थापित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से खंड नाथुसरी चौपटा में 10 एकड़ भूमि उपलब्ध होने पर पशुओं का रिर्सज सैंटर खोला जाएगा। उन्होंने पशुपालन के महत्व एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिविर में अच्छी नस्ल के पशुओं के महत्व को बताया तथा पशुओं में होने वाले रोग के नुकसान एवं बचाव की जानकारी दी। इस अवसर पर पशु प्रजनन, पशुओं के टीकाकरण, पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाकर उससे आमदनी बढ़ाने की जानकारी दी। 

विटा मिल्क प्लांट की महिला उत्थान अधिकारी श्रीमती बिमला सिंवर ने शिविर में आई हुई महिलाओं को पशुओं के स्वास्थ्य, प्लांट में रजिस्टर्ड सरस्यों के लिए चलाई जा रही योजनाएं जैसे कौशल कन्या योजना, प्लांट से जुड़े दुग्ध उत्पादकों के बच्चों के परीक्षाओं में अच्छे अंक आने पर उन्हें 2100 से लेकर 5100 रुपये की छात्रवृति तथा 5 लाख रुपये का दूर्घटना बीमा बारे विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं पशुपालन को व्यवसाय के रुप में अपना कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पशुपालन एक ऐसा व्यवसाय है जिसमें मुनाफा मिलना स्वाभाविक ही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार की योजनाओं के द्वारा लोन लेकर पशुपालन का रोजगार शुरू कराया जा सकता है।

इस अवसर पर डा. सुधीर नंदन, डा. रविंद्र ने पशुओं की बीमारी एवं उनके रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डा. बी.एस. श्योकंद ने पशुओं की देखरेख, दूध को कैसे बढ़ाया जाए, पशुओं के लिए संतुलित आहार बारे विस्तार पर पूर्वक जानकारी दी गई। 
इस अवसर पर सरपंच योगेश गाट, अर्चना, भाजपा नेता विनोद नागर, रमेश गाट, राय सिंह, डा. पवन चीमा, चोखा राम सहित भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं व पुरुष उपस्थित थे।

01 February 2017

समाचार
  • 2017-18 के केंद्रीय बजट में ग्रामीण, सामाजिक और बुनियादी ढांचा के विकास के लिए आवंटन में भारी बढ़ोत्तरी। 
  • पांच लाख रुपये से कम आय और मध्‍यम तथा लघु उद्योगों पर करों में कमी। पचास लाख से एक करोड़ रुपये तक आय पर दस प्रतिशत अधिभार। 
  • सेवा कर की दरों में कोई कमी नहीं। सीमा शुल्‍क और उत्‍पाद करों में मामूली संशोधन।
  • दो वर्षों में सभी रेल गाडि़यों में जैव शौचालय। मेट्रो रेल में अधिक निजी भागीदारी। 
  • राजनीतिक चंदे की प्रक्रिया में सुधार की योजना। अधिकतम नकद चंदे की सीमा दो हजार रुपये। 
  • आधार युक्‍त भुगतान प्रणाली, आधार पे कार्ड शुरू होगा। 
  • कालेधन को रोकने के लिए नकद लेन-देन की सीमा तीन लाख रुपये निर्धारित। डिजिटल अर्थव्‍यवस्‍था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम। 
  • विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड समाप्त होगा। भगोड़े आर्थिक अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का कानून लाने का प्रस्ताव।
  • किफायती आवास और अचल संपत्ति को बढ़ावा देने के लिए रियायतें। ग्रामीण क्षेत्रों में 2019 तक बेघर लोगों के लिए एक करोड़ मकान। 
  • रक्षा के लिए दो लाख 74 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान। 
  • रेलवे, मेट्रो रेल, सड़क विकास और अन्‍य ढांचागत परियोजना के लिए करीब चार लाख करोड़ रुपये का आवंटन।
  • विकास दर में वृद्धि के लिए और उपाय, स्‍टार्टअप के लिए कर छूट अवधि में बढ़ोत्तरी।
  • युवा कल्‍याण और कौशल विकास के नये उपाय। 
  • गैर निष्‍पादित संपत्तियों के लिए बैंकों के कर दायित्‍व में कमी। 
  • मनरेगा और अन्‍य कल्‍याण कार्यक्रमों के लिए आवंटन में वृद्धि। 
  • धूम्रपान करने वालों को अधिक खर्च करना होगा। पान मसाला भी महंगा हुआ। 
  • नवीकरणीय ऊर्जा उपकरणों की लागत कम होगी। मोबाइल फोन की कीमत बढ़ेंगी। 
  • विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग के कामकाज में सुधार, सभी प्रवेश परीक्षाओं के लिए एकल प्रणाली लागू होगी। 
  • वित्तीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का तीन दशमलव दो प्रतिशत। 
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह गांवों, किसानों और गरीबों को समर्पित है।
  • और सेंसेक्स में तीन सौ से अधिक अंकों की बढ़ोत्तरी।
..................
वित्‍तमंत्री अरूण जेटली ने लोकसभा में 2017-18 का रेल बजट के साथ आम बजट पेशकरते हुए कहा कि अगले वर्ष के लिए सरकार का एजेंडा टैक इंडिया यानी  देश का कायाकल्‍पकरना और उसे ऊर्जावान तथा स्‍वच्‍छ बनाना है।  इसका उददेश्‍य प्रशासन और लोगों केजीवन स्‍तर  में सुधार करना, समाज के विभिन्‍न वर्गों को सशक्‍त बनाना और देश कोभ्रष्‍टाचार और कालेधन से मुक्‍त कराना है। वित्‍तमंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि इसबजट में ग्रामीण क्षेत्रों, बुनियादी ढांचे और गरीबी उन्‍मूलन पर जोर दिया गया है।
श्री जेटली ने कहा कि ढाई लाख रुपये तक की आमदानी वाले व्यक्तिगत करदाताओं से कोई कर नहीं लिया जाएगा। श्री जेटली ने ढाई लाख से पांच लाख रुपये तक आमदनी वाले व्यक्तिगत करदाताओं की मौजूदा दर को दस प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है।
5 लाख से 10 लाख रुपये तक आयकर की मौजूदा दर बीस प्रतिशत और दस लाख रुपये से अधिक की आय पर 30 प्रतिशत पूर्ववत रखी गई है।
वित्तमंत्री ने कर में राहत से होने वाली राजस्व हानि की भरपाई के लिए उन व्यक्तियों पर देय कर का दस प्रतिशत अधिभार लगाने का प्रस्ताव किया है। जिनकी वार्षिक कर योग्य आय 50 लाख से एक करोड़ रुपये के बीच में है। एक करोड़ से अधिक अर्जित करने वाले व्यक्तियों पर कर का मौजूदा 15 प्रतिशत अधिभार जारी रहेगा।
सरकार कर आधार को और व्यापक बनाने के लिए व्यावसायिक आय से अलग 5 लाख रुपये तक कर योग्य आय वाले व्यक्तियों के लिए आयकर रिटर्न के लिए एक पृष्ठ का फार्म लाएगी।
सरकार ने बजट में सस्ते आवास और रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 80-1बी ए से सेक्शन में संशोधन का प्रस्ताव किया है। लाभ से सम्बद्ध आयकर रियायतें शामिल हैं। इस श्रेणी में 30 और 60  वर्ग मीटर निर्मित क्षेत्र की बजाए फर्श क्षेत्रफल की गणना की जाएगी।
बजट में ग्रामीण क्षेत्रों में 2019 तक बेघर लोगों के लिए एक करोड़ मकान देने का लक्ष्य है।
सरकार ने पिछले वर्ष कुछ शर्तों के साथ स्टार्टअप कम्पनियों को आयकर में रियायत दी थी। लेकिन अब ये रियायत स्टार्टअप शुरू करने के सात में से तीन वर्षों के लिए होगी।
वित्तमंत्री ने न्यूनतम वैकल्पिक कर-मैट की रियायत वर्तमान में 10 वर्ष की बजाए 15 वर्ष की अवधि तक करने का प्रस्ताव किया है। श्री जेटली  ने मध्यम और लघु उद्योगों के लिए कर ढांचे को आसान बनाने की घोषणा की है।
सरकार ने बैंकिंग क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए डूबे कर्जों के संदर्भ में रियायत का प्रावधान साढ़े सात प्रतिशत से बढ़ाकर साढ़े आठ प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है।
वित्तमंत्री ने कहा कि सरकार ने कालेधन के लिए गठित किए गए विशेष जांच दल के इस सुझाव को स्वीकार किया है कि तीन लाख रुपये से अधिक का लेन-देन  नकदी में करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। सरकार ने कैशलेस लेने देन में प्रयुक्‍त होने वाले उपकरणों के निर्माण को देश में प्रोत्साहन देने के लिए शुल्क में छूट का प्रस्ताव किया है। इनमें पी ओ एस मिनी कार्ड रीडर माइक्रो ए टी एम फिंगर प्रिंट रीडर स्केनर और आइरिश स्केनर पर छूट शामिल है। 
केन्द्र सरकार ने चुनावी चंदे में पारदर्शिता लाने के प्रयास किए हैं। निर्वाचन आयुक्त के सुझाव के अनुसार कोई भी राजनीतिक दल नकद चंदे के रूप में दो हजार रुपये से अधिक की राशि नहीं प्राप्त कर सकता।     
तम्बाकू और तम्बाकू उत्पादों पर कर बढ़ाने से वे अब महंगी हो गई हैं। पान मसाले पर जहां शुल्क दर छह प्रतिशत से बढ़ाकर नौ प्रतिशत कर दिया गया है, वहीं कच्ची तम्बाकू पर चार दशमलव दो प्रतिशत से बढ़ाकर आठ दशमलव तीन प्रतिशत कर दिया गया है। खैनी, गुटका और जर्दे पर शुल्क दर दोगुना करते हुए छह प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया है।
बजट में कृषि और संबंधित कार्यों के लिए 56 हजार 992 करोड रूपये का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2017-18 के लिए कृषि ऋण के लिए रिकॉर्ड दस लाख करोड रूपयों का प्रावधान किया गया है।
सरकार ने पिछडे इलाकों, पूर्वोत्‍तर और जम्‍मू कश्‍मीर के किसानों के लिए विशेष रूप से कर्ज की व्‍यवस्‍था की है।
वित्‍तमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में महात्‍मा गांधी की 150वीं जयन्‍ती तक देश के एक करोड परिवारों को गरीबी से छुटकारा दिलाने के लिए अन्‍त्‍योदय मिशन शुरू किया जाएगा। देश की 50 हजार ग्राम पंचायतों को गरीबी मुक्‍त बनाने का संकल्‍प लिया गया है। मनरेगा के लिए 48 हजार करोड रूपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।
बजट में युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास को विशेष महत्‍व दिया गया है।
वित्‍तमंत्री ने बताया कि देश में छह सौ से ज्‍यादा जिलों में प्रधानमंत्री कौशल केन्‍द्रों का विस्‍तार किया जाएगा।
सरकार के सबका साथ सबका विकास के संकल्‍प को रेखांकित करते हुए बजट में गरीबों और वंचित वर्गों के लिए खास उपाय किये गये हैं। गांव स्‍तर पर 14 लाख आंगनवाडी केन्‍द्रों में पांच सौ करोड रूपये से महिला शक्ति केन्‍द्र स्‍थापित किये जाएंगे। झारखण्‍ड और गुजरात में दो नये अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान की स्‍थापना के साथ ही किफायती दरों वाली जेनेरिक दवाओं को बढावा देने के लिए औषधि और सौंदर्य प्रसाधन नियमावली में संशोधन को प्रावधान है। अनुसूचित जातियों के लिए 52 हजार 393 करोड रूपये और अनुसूचित जनजातियों के लिए 31 हजार 920 करोड रूपये का प्रावधान किया गया है। अल्‍पसंख्‍यकों के लिए चार हजार 195 करोड रूपये का प्रावधान है।
रेलवे बजट में इस बार जहां एक ओर यात्री किराये और मालभाड़े में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है वहीं किसी नयी रेलगाड़ी को चलाने का एलान भी नहीं किया गया है। रेलवे की कुल पूंजी और विकास संबंधी व्‍यय एक लाख 31 हजार करोड रूपये रखे गये हैं। इसमें सरकार द्वारा उपलब्‍ध कराये गये 55 हजार करोड रूपये शामिल हैं। यात्री सुरक्षा के लिए पांच वर्ष की अवधि में एक लाख करोड रूपये का प्रस्‍ताव है। ब्रॉडगेज लाइनों पर मानव रहित लेवल क्रासिंग को2020 तक समाप्‍त कर दिया जाएगा। वर्ष 2019 तक भारतीय रेल के सभी डिब्‍बों में जैव शौचालय बनाए जाएंगे।
आईआरसीटीसी के जरिये आरक्षित किये गये ई-टिकटों पर लगाया जाने वाला सेवा प्रभार जहां समाप्‍त कर दिया गया है, वहीं नकदी रहित आरक्षण 58 प्रतिशत से बढाकर 68 प्रतिशत कर दिया गया है।
बजट में मैट्रो रेल प्रणाली को शहरी परिवहन का मुख्‍य साधन करार देते हुए इसके मानकीकरण और स्‍वदेशीकरण के नये मॉडल पर फोकस किया गया है। इस संबंध में एक नई मैट्रो रेल नीति की घोषणा की जाएगी।
श्री जेटली ने बताया कि राजमार्गों को वर्ष 2016-17 के 57 हजार 976 करोड रूपये के बजट अनुमान से बढाकर वर्ष 2017-18 में 64 हजार नौ सौ करोड रूपये किया गया है।
मोबाइल फोनों के विनिर्माण में उपयोग होने वाले प्रिन्टेड सर्किट बोर्ड दो प्रतिशत सीमा शुल्क लगाया गया है।
वर्ष 2017-18 के बजट में राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद के तीन दशमलव दो प्रतिशत तक करने का लक्ष्य रखा गया है।
वित्तमंत्री ने रक्षामंत्रालय के लिए 2 लाख 74 हजार 114 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, इसके अलावा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग 48 हजार 853 करोड़ रुपये और मानवसंसाधन विकास मंत्रालय को 79 हजार 686 करोड़ दिए गए हैं।
केन्द्रिय बजट की अन्य विशेषताएं हैं।
-आधार युक्‍त भुगतान प्रणाली, आधार पे कार्ड शुरू होगा।
-सेवा कर की दरों में कोई कमी नहीं। सीमा कर और उत्‍पाद करों में मामूली संशोधन। 
-विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड समाप्‍त होगा, भगोड़े आर्थिक अपराधियों की संपत्ति जब्‍त करने का कानून लाने का प्रस्‍ताव।
-विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग का पुनर्गठन होगा। और सभी परीक्षाओं के लिए एकल प्रणाली लागू होगी। 
..................
वित्‍तमंत्री के बजट भाषण के बाद बंबई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में चार सौ से अधिक अंक का उछाल आया है।
आज सुबह यह 64 अंक की बढ़त के साथ 27 हजार 720 पर खुला था। 
नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 8 हजार 689 पर आ गया।
अन्‍तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में आज डॉलर के मुकाबले रूपया 24 पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर 67 रूपये 63 पैसे का बोला गया।
..................
आकाशवाणी समाचार सेवा प्रभाग रात साढ़े नौ बजे से साढ़े दस बजे तक बजट पर विशेष लाइव रेडियो ब्रिज कार्यक्रम का प्रसारण होगा। इसे आकाशवाणी के सभी केन्‍द्रों और एफ एम गोल्‍ड नेटवर्क पर सुना जा सकता है।
..................
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि आम बजट विकास को तेजी प्रदान करेगा और इसमें सभी वर्गों की अपेक्षाओं का ध्‍यान रखा गया है। उन्‍होंने कहा कि वित्‍त मंत्री ने एक शानदार बजट पेश किया है जो गांवों, किसानों, गरीबों और युवाओं के  कल्‍याण के लिए समर्पित है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्‍य किसानों की आमदनी दोगुनी करना है और महिला सशक्‍तीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बजट से आवास क्षेत्र को बहुत लाभ पहुंचेगा। उन्‍होंने यह भी कहा कि रेल बजट के आम बजट में विलय से परिवहन क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
इस बजट में हाईवे भी बनें, आय व्‍यय भी बढ़े, दाल के दाम से लेकर डेटा की स्‍पीड तक, रेलवे के मॉर्डनाइजेशन से लेकर के सरल इक्‍नोमिक निर्माण करने की दिशा में, शिक्षा से लेकर के स्‍वास्‍थ्‍य तक, उद्यमी से लेकर के उद्योग तक, टैक्‍सटाइल मैन्‍युफैक्‍चरिंग से लेकर के, टैक्‍स रिडेक्‍शन तक, हर किसी के सपने को साकार करने का ठोस कदम इस बजट में साफ-साफ नजर आता है।  
..................
कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि बजट में दूरदृष्टि का अभाव है और इसमें किसानों के लिए कुछ भी नहीं है।
एक्‍सपेक्‍टेशन थी कि किसानों के लिए, गरीब लोगों के लिए, युवाओं के लिए, बेरोजगार लोगों के लिए कुछ किया जाए, मगर कोई क्‍लीयर वीजन नहीं दिख रहा है। पोलिटिकल फंडिंग को साफ करने के लिए स्‍टेप्‍स लिए जाएंगे, हम उनको सपोर्ट करेंगे। किसान रो रहा है। किसान को कर्जा माफ करने की जरूरत है। बड़े-बड़े भाषण दिए, किसानों की सरकार, किसानों की सरकार, कुछ नहीं किया, तो ये बेसिक फंडामेंटल इशुज हैं। 
19 वां मूर्ति स्थापना दिवस 11 फरवरी को
ओढ़ां
स्थानीय नैशनल हाइवे पर स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में 19 वां मूर्ति स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम व उत्साह के साथ मनाया जायेगा। यह जानकारी देते हुए श्री हनुमत सेवा समिति के प्रधान जोतराम शर्मा ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर बालाजी की प्रतिमा को दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से स्नान करवाकर नए वस्त्र धारण करवाते हुए उनका श्रृंगार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस पर प्रतिवर्ष की भांति हवन यज्ञ और भंडारा होगा तथा बालाजी का जागरण आयोजित किया जायेगा जिसमें चुनीराम सिहाग एवं भजन मंडल बालाजी का गुणगान करेंगे।


आरोही मॉडल स्कूल में उद्यान प्रशिक्षण दिवस आयोजित
ओढ़ां
आरोही मॉडल स्कूल जलालआना में फल उत्कृष्टता केंद्र मांगेआना की ओर से उद्यान प्रशिक्षण दिवस का आयोजन किया गया जिसमें उद्यान विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र बैनिवाल ने विद्यार्थियों को खेती के साथ साथ बागवानी करने के संबंध में आवश्यक टिप्स देते हुए उद्यानिक फसलों के बारे में बताया। स्कूल के कृषि संकाय के मेघावी विद्यार्थियों सहित अन्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि कृषि के साथ साथ बागवानी भी हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। इससे जहां एक ओर आपको पोषक तत्व प्राप्त होते हैं वहीं दूसरी ओर आप इसके माध्यम से अधिकतम आय भी प्राप्त कर सकते हैं तथा अब बाग लगाने का भी उपयुक्त समय आ चुका है। उन्होंने बताया कि किसानों को खेती के साथ साथ बागवानी करने की दिशा में अग्रसर करने हेतु सरकार द्वारा नि:शुल्क बाग स्कीम चलाई जा रही हैं जिनका लाभ किसान ले सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों को किचन गार्डन लगाने के बारे में विस्तार से बताया और विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए अनेक प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल बलविंद्र कौर ने नरेंद्र बैनिवाल को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अध्यापक नवीन सिंगला, वरूण बजाज, रमेश कुमार, आमीन खान, राकेश कुमार, कुलदीप कुमार, अध्यापिका अरूणा देवी, शमा, रजनी देवी, सुमनलता, अरूणा देवी और परमजीत कौर सहित कक्षा नौवीं व दसवीं के विद्यार्थी मौजूद थे।


शहीद मदन लाल माकड़ मैमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता
अरनियांवाली, झुनीर और मौजगढ़ की टीमें अगले राउंड में
ओढ़ां
खंड के गांव आनंदगढ़ में जनचेतना युवा क्लब द्वारा गांववासियों के सहयोग से आयोजित शहीद मदन लाल माकड़ मैमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को अनेक टीमों के मध्य संघर्षपूर्ण क्रिकेट देखने को मिली। आज खेले गए मैचों में अरनियांवाली ने सुखचैन को, झुनीर ने कालूआना को तथा मौजगढ ने किराडकोट को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। पहला मैच गांव सुखचैन और अरनियांवाली की टीमों के मध्य खेला गया। इस मैच में अरनियांवाली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 36 रन बनाये जिसमें बल्लेबाज हिम्मत ने 20 रनों का योगदान दिया।
वहीं सुखचैन के गेंदबाज रमेश ने 2 ओवरों में 9 रन देकर 2 विकेट लिये। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी सुखचैन की टीम निर्धारित ओवरों में मात्र 26 रन ही बना सकी। इस प्रकार अरनियांवाली की टीम ने यह मैच 10 रनों से जीतकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया।
पंजाब के गांव झुनीर की टीम के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कालूआना की टीम ने कुल 53 रन बनाये जिसमें कुलवंत ने 17 गेंदो में 33 रनों और हैप्पी ने 7 गेंद में 12 रनों का योगदान दिया। वहीं झुनीर के गेंदबाज हक ने 2 ओवरों में 10 रन देकर 2 विकेट लिये। इसके जवाब में बल्लेबाजी करते हुए झुनीर की टीम ने अपने बल्लेबाज मल के 15 गेंदों में 40 रनों और बिल्ला के 6 गेंदों में 11 रनों की बदौलत आसानी के साथ 54 रनों का लक्ष्य पार करते हुए मैच जीत लिया। वहीं गांव मौजगढ़ और किराडकोट की टीमों के मध्य खेले गये एक मैच में मौजगढ़ की टीम ने अपनी प्रतिद्वंदी टीम को कड़ी टक्कर देते हुए 5 रनों से मैच जीता। इस मौके पर जनचेतना युवा क्लब के प्रधान ओमप्रकाश गोदारा, विक्की गोदारा, संतलाल गोदारा, कुलबीर माकड़, सुरेंद्रपाल गोदारा, रणवीर भडिय़ा, बजरंग लाल, जसवंत सिंह और मुकेश गोदारा सहित अनेक खेलप्रेमी गांववासी मौजूद थे।

छायाचित्र: 1ओडीएन1.जेपीजी-ओढ़ां। क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान एक मैच का दृश्य।


अदालत ने बाबा को न्यायिक हिरासत में भेजा
ओढ़ां
लड़का होने की दवाई और तावीज के बदले रूपये लेने के आरोपी बाबा बकील दास को ओढ़ां पुलिस ने डबवाली स्थित उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया जहां से उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आज बाबा बकील दास के समर्थन में गांव मिठडी, मलिकपुरा, किंगरा व टप्पी के अनेक लोग सीएमओ सूरजभान कंबोज को गुहार लगाने गए और बताया कि धार्मिक प्रवृति के बाबा बकील दास निर्दोष हैं उन्हें किसी साजिश के तहत फंसाया गया है। उल्लेखनीय है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरसा के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की ओढ़ां के एसएमओ डॉ. भूषण गर्ग एवं माधो सिधाना के एसएमओ डॉ. राजकुमार तथा डॉ. गौरव भाटी पर आधारित टीम ने एक महिला को बेटा होने की दवा व तावीज लेने बाबा के पास भेजा और उनके बदले रूपये लेते समय बाबा को पकड़ पुलिस थाना ओढ़ां में लाकर बाबा के खिलाफ पीएनडीटी व आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया था।


आरोही मॉडल स्कूलों में तीन महीनों से वेतन ना मिलने के कारण निराशा का माहौल
ओढ़ां
प्रदेश के आरोही मॉडल स्कूलों में कार्यरत अध्यापक पिछले तीन महीनों से वेतन ना मिलने के कारण निराशा के माहौल में जीने पर मजबूर हैं। खंड ओढ़ां के गांव जलालआना में स्थित आरोही मॉडल स्कूल सहित खंड बड़ागुढ़ा के गांव झिड़ी, खंड डबवाली के गांव कालूआना, खंड नाथूसरी के गांव चोपटा, खंड ऐलनाबाद के गांव खारी सुरेरां तथा खंड रानिया के गांव महमदपुरिया में स्थित आरोही मॉडल स्कूलों के अनेक अध्यापकों ने बताया कि गत नवंबर, दिसंबर और जनवरी माह का वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक हालत अति दयनीय हो गई है।
गौरतलब है कि सरकार ने आरोही मॉडल स्कूलों की स्थापना प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के उद्देश्य से की है तथा इन स्कूलों में विशेष प्रतिभा सम्पन्न अध्यापकों को नियुक्त किया गया है, लेकिन विभागीय तालमेल के अभाव का खामियाजा पूर्ण दृढ़ता के साथ कर्तव्य निर्वहन करने वाले अध्यापकों को भुगतना पड़ रहा है। इन अध्यापकों को अभी तक सातवें वेतन आयोग का लाभ भी प्रदान नहीं किया गया है जबकि प्रदेश के लगभग सभी विभागों के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ दो महीने पूर्व दिया जा चुका है।
सत्र 2011-12 में प्रारंभ हुए आरोही मॉडल स्कूल वार्षिक परीक्षा परिणाम के साथ साथ अन्य गतिविधियों में भी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां प्राप्त कर रहे हैं फिर भी इन विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों को वेतन के लिए प्रतिवर्ष लंबा इंतजार आखिर क्यूं करना पड़ता है? उन्होंने मांग की कि उन्हें वेतन अन्य विभागों की भांति समय पर मिलना चाहिए।
इस विषय में आरोही मॉडल स्कूल जलालआना की प्रिंसिपल बलविंद्र कौर से बात किये जाने पर उन्होंने बताया कि वेतन निकालने के ऑर्डर आ चुके हैं लेकिन आज ट्रेजड़ी की साइट बंद है, जिस कारण आज वेतन नहीं निकाला जा सकता। उन्होंने बताया कि एक दो दिन में वेतन निकालते ही सभी को दे दिया जाएगा।


ट्रैक्टर ट्राली से कार भिड़ी, 5 घायल
ओढ़ां
नैशनल हाइवे पर गांव चोरमार के निकट एक कार व ट्रैक्टर ट्राली के भिड़ जाने से हुए हादसे में कार में सवार 3 महिलाओं सहित 5 लोग घायल हो गए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रैफर कर दिया गया। सिरसा निवासी रानी देवी अपने रिश्तेदारों शारदा देवी, दर्शना देवी निवासी सिरसा और बुढलाडा निवासी प्रदीप कुमार के साथ कार में बठिंडा के मैक्स अस्पताल में दाखिल अपने भाई का हालचाल जानने जा रही थी तथा कार को रानी देवी का पुत्र अक्षय चला रहा था। गांव चोरमार के निकट धुंध के कारण आगे जा रही ट्रैक्टर ट्राली से हो गई। धमाका सुनकर एकत्र हुए लोगों ने डबवाली अस्पताल से एंबूलेंस मंगवा घायलों को अस्पताल भेजा जहां से प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें सिरसा रैफर कर दिया गया।



क्लब सदस्यों ने 320 बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की
ओढ़ां
पल्स पोलियो अभियान के तहत उपस्वास्थ्य केंद्र नुहियांवाली के सहयोग से शिव शक्ति क्लब नुहियांवाली ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया कुल 320 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई। इस अभियान का क्रियांवयन अपनी देखरेख में करवाते हुए क्लब प्रधान अनिल परिहार ने अभिभावकों को पालियो के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को नियमित समय पर पोलियो ड्रॉप्स पिलाना कभी ना भूलें। उन्होंने बताया कि पोलियो बहुत खतरनाक बीमारी है और अपने बच्चों को इस बीमारी से बचाने के लिए सरकार द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत बच्चों को समय समय पर पोलियो की बूंदे अवश्य पिलायें
।
अभियान के प्रथम दिवस क्लब सदस्यों ने उपस्वास्थ्य केंद्र में बूथ पर बच्चों को पोलियो की बूंदे पिलाई, उसके बाद गांव के आसपास स्थित 75 ढाणियों में सोमवार व मंगलवार को गांव में घर घर जाकर नौनिहालों को जिंदगी की दो बूंद पिलाई। क्लब सदस्यों द्वारा अपने स्तर पर चलाये गए इस अभियान में एएनएम, आशा वर्कर और आंगनबाड़ी वर्करर्स ने भी अपना अमूल्य योगदान दिया। इस मौके पर क्लब प्रधान अनिल परिहार, विनोद कुमार, एएनएम, आशा वर्कर व आंगनबाड़ी वर्करों सहित सुमित्रा, कमलेश, सीमा, रीना, विद्या देवी सहित अनेक ग्रामीणों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

छायाचित्र: 31ओडीएन2.जेपीजी-ओढ़ां। एएनएम से बच्चे को पोलियो की बूंदे पिलवाते क्लब अध्यक्ष अनिल परिहार।