Loading

08 March 2017

दस्तावेजों के अभाव में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता से वंचित पेंशनधारकों के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने की मांग


सिरसा, 8 मार्च। वार्ड 19 की पार्षद नीतू सोनी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दस्तावेजों के अभाव में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता से वंचित रहे पेंशनधारकों के लिए नि:संतान व अविवाहितों की तर्ज पर मेडिकल बोर्ड का तुरंत प्रभाव से गठन करने की मांग की है। 
    मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर को लिखे पत्र में पार्षद नीतू सोनी ने कहा कि सिरसा जिला में सैकड़ों की तादाद में ऐसे बुजुर्ग हैं जिनके पास न तो शैक्षणिक दस्तावेज हैं और न ही आयु संबंधी दस्तावेज। इसके साथ-साथ ऐसे कई बुजुर्ग दंपत्ति हैं जिनके शादी के काफी वर्ष बाद संतान हुई है। ऐसे में उन्हें वृद्धावस्था की प्रमाणिकता दर्शाने में काफी दिक्कतों से दोचार होना पड़ रहा है। सोनी ने कहा कि यदि ऐसे बुजुर्गों की सहायतार्थ राज्य सरकार की ओर से मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया जाए तो निश्चित ही पात्रों को इसका लाभ मिलेगा। श्रीमती सोनी ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से निसंतान एवं अविवाहित पेंशनधारकों के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया हुआ है और ऐसे में पात्र पेंशनधारकों को पेंशन दी जा रही है। इसी तर्ज पर दस्तावेजों के अभाव में वृद्धावस्था प्राप्त कर चुके पात्र व्यक्तियों को भी मेडिकल बोर्ड की मदद से वृद्धावस्था सम्मान पेंशन दिया जाना उचित है। उन्होंने कहा कि एक ओर राज्य सरकार बुजुर्गों को सम्मानजनक तरीके से पेंशन उपलब्ध कराने के दावे कर रही है वहीं दूसरी ओर से पात्र व्यक्तियों के पास दस्तावेजों की कमी के चलते उन्हें भटकने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उधर पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने भी मुख्यमंत्री से निशक्तता पेंशन के लिए निर्धारित 70 फीसदी अपंगता की शर्त को घटाकर 50 फीसदी तक करने की मांग की है। सोनी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में सभी प्रकार की पेंशनों की ऑनलाइन प्रक्रिया रद्द करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से ऑनलाइन के तौर पर जिस साइट को दर्शाया जा रहा है, वह पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है जिससे आवेदकों और पात्रों को काफी संकट का सामना करना पड़ रहा है। 

उन्नतीसवीं राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन वीरवार व शुक्रवार को


सिरसा 8 मार्च I चौ0 चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार के एगरीकलचरल इकॉनोमिकस विभाग द्वारा हरियाणा इकॉनोमिक एसोसिऐशन की उन्नतीसवीं राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन विश्वविद्यालय के सभागार में  वीरवार व शुक्रवार को होगा। 
हरियाणा इकॉनोमिक एसोसिऐशन के अध्यक्ष डॉ0 मनोज सिवाच ने यह जानकारी देते हुए बताया कि चौ0 चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार के द्वारा आयोजित इस राष्टीय संगोष्ठी में देश भर से 300 शोधार्थी प्राध्यापक व व्यावसायिक अपनी उपस्थिति दर्ज करेगें। उन्होनें कहा कि नाबार्ड व सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक द्वारा प्रायोजित इस संगोष्ठी के लिए लगभग 125 शोध प़त्र प्राप्त हो चुके है। वर्ष 2022 तक किसानों की आय में दोगुनी वृद्वि, राष्टीय अर्थव्यवस्था के समक्ष मौजूदा चुनौतियां तथा हरियाणा के अन्दर समाज कल्याण की विभिन्न योजनाओं विषयों पर केन्द्रित इस दो दिवसीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में चौ0 चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति प्रो0 के0 पी0 सिंह मुख्य अतिथि होंगें और भारतीय इकॉनोमिक एसोसिऐशन के राष्ट्रीय महासचिव एंवम् कोषाध्यक्ष डॉ0 अनिल ठाकुर अध्यक्षता करेंगें । सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष डॉ0 एम0 पी0 सिहं विशिष्ट अतिथि होंगें। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भारतीय ऐग्रों इकॉनोमिकस रिसर्च सेंटर पुणे महाराष्ट के डॉ0 राहुल शिन्दे मुख्य वक्ता होंगें । 
उन्होनें बताया कि इस अवसर पर प्रो0 एस0 डी0 चमोला द्वारा प्रोेफेशनल एथिक्स पर लिखी पुस्तक व हरियाणा इकॉनोमिक एसोसिऐशन की शोध पत्रिका कौटिल्य  के हाल ही में प्रकाशित संस्करण का विमोचन भी होगा। प्रो0 सुरेन्द्र कुमार व प्रो0 टी0 आर0 कूण्डू सहित अनेक विषय विशेषज्ञय तकनीकों सत्रों की अध्यक्षता करेंगें। उन्होने बताया कि इस संगोष्ठी के समापन सत्र में चौ0 देवी लाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 विजय कायत मुख्य अतिथि होंगें और इसकी अध्यक्षता प्रो0 एस0 डी0 चमोला करेंगें। 

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सम्मान समारोह आयोजित

सिरसा। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमन चोपड़ा ने की। कार्यक्रम में सबसे पहले भाजपा जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष नताशा सिहाग, नगर पार्षद सुमन बामनिया, नगर पार्षद रेणु बाला, जिला महामंत्री दर्शना बामनिया को युवा मोर्चा की ओर से भारत माता की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमन चोपड़ा ने कहा कि युवा मोर्चा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को सार्थक करते हुए भाजपा में महत्वपूर्ण पदों पर रहकर समाजसेवा करने वाली महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा की जिला इकाई इस पावन एवं प्रोत्साहित करने वाले आयोजन के लिए साधुवाद व बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि आज नारी शक्ति न केवल देश व समाज के विकास में अपनी महती भूमिका पूरी कर्मठता और ईमानदारी के साथ निभा रही है अपितु हर क्षेत्र की चुनौतियों को पूरी ताकत के साथ सामने करते हुए आगे बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं में हमेशा अच्छे संस्कार दिए हैं जिसमें नारी सम्मान सर्वोच्च है। संगठन में अपनी आंतरिक संरचना में महिलाओं को विशेष स्थान दिया है और उन्हें पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने सभी महिलाओं को महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस दिन से और अधिक प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुनील बामनिया ने कहा कि महिला शक्ति ने हमेशा जीवन को सार्थक किया है और अनेक बलिदान देकर परिवार व समाज के उत्थान में योगदान दिया है। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नताशा सिहाग ने युवा मोर्चा के इस भव्य आयोजन की सराहना की और कहा कि युवाओं ने महिला शक्ति के महत्व को समझने का सार्थक प्रयास किया है इससे समाज के अन्य वर्गों में भी जागृति आएगी। कार्यक्रम में गुरजिंद्र चेयरमैन, नछतर सिंह जिलाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा, महामंत्री जिकेश मेहता, मंडल अध्यक्ष सिरसा नीरज बंसल व तरुण गुलाटी, मंडल अध्यक्ष कालांवाली मनीष जिंदल, कृष्ण मेहता, राजेन्द्र लोहिया मंडल महामंत्री, महेन्द्र हांडा, अशोक मोती, अमित मेहता, कर्ण दुग्गल, मंडल अध्यक्ष युवा प्रथम व सोनू वर्मा मंडल अध्यक्ष युवा द्वितीय, जोगेन्द्र सोनी महामंत्री, रोहित मेहता, तरसेम सामा सहित युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।

15 मार्च को उपायुक्त घग्घर बांध पर बांढ बचाव से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगी

सिरसा, 8 मार्च। उपनिदेशक कृषि श्री बाबू लाल ने बताया कि कीटनाशक अधिनियम 1968 की धारा 29(1) की उल्लंधना करने पर श्री संदीप कुमार पुत्र श्री राय सिंह प्रो. मैसर्ज कड़वासरा पैस्टीसाईडस गांव फरवाईकलां जिला सिरसा व निर्माता कंपनी मै. अतुल लिमिटिड अतुल जिला वलसाद (गुजरात) के जिम्मेवार व्यक्ति श्री नीरज अरविंद भाई शाद पुत्र श्री अरविंद भाई नटवरलाल शाह को माननीय मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सिरसा के 22 फरवरी 2017 के अनुसार क्रमश: 10000/- व 10000/- जुर्माना अदा करने के आदेश दिए हैं जुर्माना अदा न करने व एक मुश्त में राशि अदा न करने की सूरत में प्रत्येक को एक-एक माह की जेल के आदेश दिए है।
-----------
सिरसा, 8 मार्च। पुलिस विभाग द्वारा गत माह जिला में आपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत 297 अभियोग दर्ज किए गए है। विभिन्न चोरियों की गुत्थी सुलझाते हुए 7 लाख 33 हजार रुपए की चोरीशुदा संपत्ति भी बरामद करने में पुलिस विभाग ने सफलता हासिल की है।
यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सतेन्द्र गुप्ता ने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत 17 अभियोग दर्ज किए गए जिसमें 291.25 बोतल शराब ठेका देसी, 96 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। उन्होंने बताया कि जिला में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापामारी की और नारकोटिक अधिनियम के तहत 12 अभियोग दर्ज किए गए जिसमें लगभग 46 किलोग्राम चूरापोस्त, 12.5 ग्राम स्मैक, 2.395 ग्राम अफीम, 0.250 ग्राम गाजा, 18.83 ग्राम हिरोईन बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि शस्त्र अधिनियम के तहत 3 अभियोग दर्ज किए गए जिसमें 3 पिस्तोल, 3 कारतूस बरामद की गई। उन्होंनेे बताया कि जुआ अधिनियम के तहत 32 अभियोग दर्ज किए गए जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर सट्टे खाईवाली करते हुए व जुआ खेलते लोगों से एक लाख 30 हजार 447 रुपए की राशि बरामद की गई है।
-----------
सिरसा, 8 मार्च। आगामी 15 मार्च को प्रात: 7 बजे उपायुक्त श्रीमती शरणदीप कौर बराड़ घग्घर बांध पर बांढ बचाव से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेगे।
यह जानकारी देते हुए जिला राजस्व अधिकारी श्री नौरंगदास ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा है कि वे गांव मुसाहिबवाला (घग्घर बांध) में निश्चित समय व स्थान पर पहुंचे।

श्री चिद्म्बरानंद सरस्वती की स्मृति में कार्यक्रम का आयोजन

संकीर्तन व संत समाज के लिए लगा विशाल भंडारा
सिरसा, 08 मार्च। श्रीश्री 108 स्वामी श्री चिद्ïम्बरानंद सरस्वती (बड़े गुरुजी) की पावन स्मृति में आंवला एकादशी के अवसर पर हरिद्वार स्थित हरिपुर कलां में श्री चिन्मय कुटि भण्डारा समिति रजि. की ओर से कई आयोजन करवाए गए। हरिद्वार में सर्वप्रथम स्वामी जी के समाधि स्थल पर भक्तों ने पूजा-अर्चना की। आयोजन में राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हरिपुर कलां में श्री चिन्मय कुटि भण्डारा समिति की ओर से विशाल भंडारा लगाया गया। हरिद्वार के संत समाज ने बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में भाग लेकर भंडारे की शोभा बढ़ाई। श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में पहुंचे संतों का सम्मान किया। साथ ही उन्हें  भंडारे का प्रसाद ग्रहण करवाया। इस अवसर पर भजन कीर्तन भी हुए जिसमें ईश्वर की स्तुति श्रद्धालुओं ने मंत्रमुग्ध करने वाले भजनों के द्वारा की। इस मौके पर भंडारा समिति के संरक्षक केके बंसल एवं प्रधान सुरेश सतनालीवाला ने भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी श्री चिद्म्बरानन्द जी सरस्वती एवं गुरूजी श्री चिन्मयानन्द जी सरस्वती द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गुरु का दर्जा सबसे ऊपर है। गुरु ही मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने अध्यात्म और भगवत चिंतन को वर्तमान में जरूरी बताया। साथ ही श्रद्धालुओं का आह्वान किया कि कलयुग में भंडारे इत्यादि का समय-समय पर आयोजन किया जाना चाहिए। इससे भंडारों के आयोजन करने वालों और प्रसाद ग्रहण करने वालों का कल्याण होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आह्वान किया कि वे सदैव सामाजिक, आध्यात्मिक और धार्मिक कार्यों में अग्रसर होकर कार्य करें। विशेष रूप से निस्वार्थ भाव से भंडारों का आयोजन करें। श्री चिन्मयकुटि भंडारा समिति द्वारा विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया जाता है। साथ ही विभिन्न सामाजिक कार्यों का सम्पादन भी समिति कर रही है। इस मौके पर राधेश्याम दाधीच, हरीश गोयल, शैली गोयल, हिमांशु दाधीच, महेश फुटेला, अतुल तिवाड़ी, रवि फुटेला, नरेन्द्र मेहता, अरूण सरावगी, कान्हा गोयल सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे भक्तजन मौजूद थे।