Loading

09 April 2017

समाचार

  • लोकसभा के श्रीनगर और आठ राज्यों में दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरू।
  • बांग्लादेश ने तीस्ता जल मुद्दे का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वचनबद्धता का स्वागत किया।
  • प्रधानमंत्री कार्यालय ने सरकार के महत्‍वाकांक्षी कार्यक्रम '2022 तक सबके लिए आवास' में निजी रिएल एस्‍टेट कंपनियों को शामिल करने के तौर-तरीके पर चर्चा की।
  • राष्‍ट्रपति भवन में लकी ग्राहक योजना और डिजी धन व्‍यापार योजना के ड्रॉ आज निकाले जाएंगे।  
  • ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल भारत की यात्रा पर आज शाम नई दिल्‍ली पहुंचेंगे, नवीकरणीय ऊर्जा, कोयले से स्‍वच्‍छ ऊर्जा, जैव ईंधन क्षेत्र में सहयोग चर्चा के अहम मुद्दे।
  • आज महावीर जयंती है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को बधाई दी।
  • भारतीय ओलिम्पिक एसोसिएशन ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को संबंद्धता की मंजूरी दी।
---------
जम्‍मू-कश्‍मीर में श्रीनगर लोकसभा सीट और आठ राज्‍यों में दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरु हो गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि मतदान केन्‍द्रों को संवेदनशील या अत्‍यधिक संवेदनशील घोषित किया गया है।
साठ हजार से अधिक महिला मतदाताओं सहित करीब 12 लाख 60 हजार वोटर श्रीनगर लोकसभा सीट के लिए नौ उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। आज के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार डॉ फारूख अब्दुल्ला की हार-जीत पर खास नज़र रहेगी। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आधी रात से चुनावी क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। तारिक राठौर आकाशवाणी समाचार श्रीनगर        
हमारे संवाददाता ने बताया है कि दिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। इस सीट के लिए छह प्रत्‍याशी मैदान में हैं। यहां सभी एक सौ 66 मतदान केन्‍द्रों पर मतदाताओं द्वारा वोट की पुष्टि के लिए वीवीपीएटी प्रणाली का प्रयोग किया जा रहा है।
ये उपचुनाव दिल्ली के तीनों नगर निगमों के होने वाले चुनाव के पहले बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये सीट आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के इस्तीफा देने से खाली हुई थी। भाजपा शिरोमणि अकाली दल ने संयुक्त रूप से मनजींदर सिंह सिरसा को, कांग्रेस ने मीनाक्षी चंदेला को और आम आदमी पार्टी ने हरजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है। संत बहादुर के साथ शशांक कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
उधर, मध्‍य प्रदेश में उमरिया जिले में बांधवगढ़ और भिण्‍ड में अटेर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों हिमाचल प्रदेश में भोरांज सीट के लिए मतदान और पश्चिम बंगाल में कंठी दक्षिण विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनेंगे।
उधर, असम में धीमाजी सीट के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
राजस्‍थान में धौलपुर विधानसभा सीट के लिए मतदान शुरू हो गया है, यहां पहली बार मतदाता वीवीपीएटी मशीनों के प्रयोग से वोट डालने के बाद उसकी पुष्टि भी कर सकेंगे।
कर्नाटक में, नंजनगुड और गुंडलूपेट विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है।
वहीं, झारखंड में लिटीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान हो रहा है।
इन सभी सीटों के लिए मतगणना 13 अप्रैल को होगी।
---------
झारखंड में लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान दोपहर बाद तीन बजे तक चलेगा।
---------
राजस्‍थान में धौलपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मतदाता पहली बार  डाले गए अपने वोट की वीवीपीएटी मशीनों के जरिए पुष्टि कर सकेंगे। इस सीट के लिए पन्‍द्रह उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
धौलपुर विधानसभा सीट से बासपा के पूर्व विधायक बनवारी लाल गुप्ता को हत्या के मामले में दोषी पाए जाने और जेल होने के बाद उनकी विधानसभा से सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। भारतीय जनता पार्टी ने उनकी पत्नी शोभा रानी को पार्टी में शामिल कर उन्हें अपने उम्मीदवार के रूप में यहां  मैदान में उतारा है। दूसरी और कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बनवारी लाल पर दाव लगाया है। मुख्यमंत्री का यह घरेलू क्षेत्र होने के कारण चुनाव काफी महत्वपूर्ण हो गया है। मुरारी गुप्ता आकाशवाणी समाचार जयपुर।
---------
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बैठक में सरकार के महत्‍वाकांक्षी कार्यक्रम "2022 तक सबके लिए आवास" में निजी रिएल एस्‍टेट कंपनियों का सहयोग लेने के तौर-तरीके पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव नृपेन्‍द्र मिश्रा ने कल किफायती आवास पर ब्‍याज की सब्सिडी का फायदा आवास विक्रेताओं को शीघ्र पहुंचाने पर चर्चा की।  2022 में देश अपना 75वां स्‍वतंत्रता दिवस मनाएगा।
बैठक में  दो प्रमुख रिएल इस्‍टेट कंपनियों सीआरईडीएआई- क्रेडाई और एनएआरडीसीओ-नारेडको के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा टाटा हाउसिंग के अधिकारी भी शामिल हुए।
---------
बांग्लादेश ने तीस्ता जल मुद्दे का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वचनबद्धता का स्वागत किया है। बांग्लादेश के विदेश सचिव शाहिदुल हक ने कल नई दिल्ली में कहा कि भारत की यात्रा पर आई  प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ संयुक्त वक्तव्य में श्री मोदी की यह टिप्पणी बहुत महत्वपूर्ण है।
इससे पहले कल श्री मोदी ने कहा था कि तीस्ता जल मुद्दा दोनों देशों के लिए अहम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री भी इसका समर्थन करेंगी।
श्री हक ने बताया कि दोनों प्रधानमंत्रियों के विचार-विमर्श के दौरान भारत ने कहा कि जल संसाधन, दोनों देशों को जोड़ने में सहायक होना चाहिए।
भारत और बांग्लादेश ने रक्षा और असैन्य परमाणु ऊर्जा समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में 22 समझौतों पर हस्ताक्षर किये।
---------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी आज राष्‍ट्रपति भवन में  लकी ग्राहक योजना और डिजी धन व्‍यापार योजना के ड्रॉ निकालेंगे।   सौवें मेगा ड्रा में ग्राहकों के लिये एक करोड़ रूपए, पचास लाख और 25 लाख रूपए के तीन बड़े पुरस्‍कार घोषित किये जायेंगे। इसके साथ ही व्यापारियों के लिये 50 लाख, 25 लाख और 12 लाख रूपए के तीन अन्‍य पुरस्‍कारों की घोषणा भी की जायेगी।  अम्‍बेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को नागपुर में प्रधानमंत्री इस लकी ड्रॉ में विजयी व्‍यक्तियों को सम्‍मानित करेंगे।
---------
ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल आज भारत की चार दिन की यात्रा पर नई दिल्‍ली आ रहे हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान नवीकरणीय उर्जा, कोयले से स्‍वच्‍छ ऊर्जा, जैव ईंधन में सहयोग सहित सुरक्षा, पर्यावरण, खेल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर होने की आशा है उनके साथ शिक्षा के क्षेत्र के लिए गठित एक उच्‍च स्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है।
---------
24वें और अंतिम तीर्थांकर भगवान महावीर की जयंती आज देशभर में मनाई जा रही है।
राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने महावीर जयंती पर लोगों को बधाई दी है। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि भगवान महावीर के सत्य, करुणा और अहिंसा के विचार मौजूदा समय में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
उपराष्‍ट्रपति मोहम्‍मद हामिद अंसारी ने कहा कि अहिंसा और करूणा के अपने उपदेशों से भगवान महावीर ने सौहार्द और मानवता की प्रगति के मार्ग को प्रकाशवान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी लोगों को बधाई दी है।  उन्होंने भगवान महावीर की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि ये सभी पीढि़यों का मार्गदर्शन करती है।
---------
दुनिया भर में ईसाई आज पाम संडे मना रहे हैं। तमिलनाडु में वेलंकन्‍नी, तिरूचिरापल्‍ली नागरकोइल और तिरूनेलवल्‍ली में वि‍शेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं।
पाम संडे ईसाई धर्म के अनुयायियों के प्रमुख त्यौहारों में से एक माना जाता है। इस दिन को ईसाई समुदायों के लोग प्रभु यीशू के येरूशलम में विजयी प्रवेश के रूप में मनाते है। इसे पवित्र सप्ताह की शुरूआत के रूप में भी मनाया जाता है। इसका समापन ईस्टर के रूप में होता है। तमिलनाडू के सभी गिरजाघरों में विशेष आयोजन किया जा रहे हैं। इस अवसर पर अंग्रेजी, तमिल, हिन्दी और मलयालम जैसी भाषाओं में भी विशेष प्राथनाएं की जा रही है। के. देवी पद्मनाभन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं फरहत नाज़।
---------
भारतीय ओलिंपिक संघ-आईओए ने कई महीनों की चर्चा के बाद भारतीय मुक्केबाजी परिसंघ-बीएफआई को संबद्धता दे दी है। आईओए ने अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के निर्देशों के अनुसार संबद्धता देने के लिए बीएफआई को पूर्ण रूप से मान्यता प्राप्त संस्था मान लिया है।
इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन और खेल मंत्रालय के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराये गये चुनाव के बाद बीएफआई के कामकाज संभालने के दिन से दोनों संगठनों के बीच गतिरोध बना हुआ था। पिछले वर्ष सितंबर में शुरू हुआ यह मसला अब सुलझा है।
---------
आईपीएल में कल रात बैंगलूरू के एम चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडियम में रॉयल चैलेजर्स बैंगलोर ने डेल्‍ही डेयर डेविल्‍स को 15 रन से हरा दिया।
एक अन्‍य मैच में इंदौर में किंग्‍स इलेवन पंजाब ने राइजिंग पुणे जाएंट्स को छह विकेट से हराया।  
आईपीएल में आज हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्‍ट्रीय स्‍टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला गुजरात लॉयन्‍स से होगा। दूसरे मैच में वानखेडे स्‍टेडियम में मुम्‍बई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे।
---------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
आज प्रकाशित अधिकांश अखबारों ने भारत और बंगलादेश के बीच रिश्‍तों को व्‍यापक बनाते हुए किये गए समझौतों को सुर्खियों में दिया है।
मुख्‍य न्‍यायाधीश जे एस खेहर के राजनीतिक दलों से जवाबदेह बनने के बयान को आज अ‍खबारों ने प्रमुखता दी है। नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- चीफ जस्टिस ने कहा- कागज का टुकड़ा न बने मैनिफेस्‍टो।
राजस्‍थान पत्रिका ने अपने पहले पन्‍ने पर जी एस टी की विस्‍तार से विवेचना की है।
---------

सड़क के बीचोंबीच दीवार खड़ी करने का मामला


सोमवार को की जाएगी प्लाटों की निशानदेही 
ओढ़ां
गांव बनवाला में प्लाट नंबर 317 के मालिकों द्वारा सड़क मार्ग के बीचोंबीच दीवार खड़ी किए जाने के मामले में गांववासियों द्वारा निशानदेही करवाने के लिए एसडीएम सुनीता तेतरवाल के समक्ष गुहार लगाए जाने के बाद एसडीएम ने तहसीलदार को तथा तहसीलदार ने कानूनगो मोहनलाल को निशानदेही करने के आदेश दे दिए हैं। कानूनगो के अनुसार सोमवार को निशानदेही की जाएगी। गांववासियों जसवंत जाखड़, मोहन लाल, अंकित कुमार, राकेश कुमार, सुरेश कुमार और बालूराम सहित अन्य गांववासियों के अनुसार इस दीवार के कारण किसानों को अपनी फसल खेत से घर लाने, बच्चों की स्कूल बस गली में आने तथा श्रद्धालुओं को श्री गोगा मैड़ी मंदिर में जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि थाना क्षेत्र के गांव बनवाला में गत 4 मार्च को प्लाट नंबर 317 के मालिकों द्वारा मुख्य सड़क मार्ग के बीचोंबीच 300 फीट लंबी दीवार खड़ी कर दी गई थी। जिससे परेशान ग्रामीणों बनवारी लाल, बालूराम, शीशपाल, पतराम, साहिब राम, राजेश कुमार, राय सिंह, जयवीर सिंह और मोहन लाल बांसल तथा सरपंच सुमन कासनिया ने उसके साथ लगते पंचायती प्लाट नंबर 318 व अन्य प्लाटों की निशानदेही शीघ्र किये जाने की मांग करते हुए तहसीलदार को 16 मार्च को एक पत्र सौंपा था लेकिन निशानदेही न होने पर ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष गुहार लगाई थी।

पूर्णिमा के अवसर पर गोगामैड़ी मंदिर में जागरण 11 को

ओढ़ां
थाना क्षेत्र के गांव बनवाला के श्री गोगा मैड़ी मंदिर में पूर्णिमा के अवसर पर समस्त गांववासियों के सहयोग से जागरण आयोजित किया जाएगा। गोगामैड़ी के सेवादार भगत नानकराम ने बताया कि जागरण में बनवाला की संदीप एण्ड पार्टी द्वारा गोगाजी का सुंदर गुणगान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के पशुओं में महामारी फैलने के चलते गांववासियों द्वारा श्रीगोगा मैड़ी मंदिर में बैठक बुलाई गई जिसमें गांव के गांव के अनेक गणमान्य लोगों द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में सुख शांति की कामना को लेकर पूर्णिमा के अवसर पर श्रीगोगा मैड़ी मंदिर में जागरण आयोजित किया जाए जिस पर समस्त गांववासियों ने सहमति व्यक्त की।

08 April 2017

समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के बीच नई दिल्‍ली में प्रतिनिधिमंडल स्‍तर की वार्ता के बाद 22 समझौतों पर हस्‍ताक्षर।
  • बंगलादेश में विकास परियोजनाओं के क्रियान्‍वयन के लिए साढ़े चार अरब डॉलर का रियायती कर्ज देने का श्री मोदी की घोषणा। कहा - भारत और बंगलादेश के बीच भागीदारी से लोगों का सशक्तिकरण होगा, शेख हसीना ने भारत-बंगलादेश सीमा को आपराधिक गतिविधियों और आतंकवाद से मुक्‍त कराने का आश्‍वासन दिया।
  • वाशिंगटन में 26 वर्षीय भारतीय नागरिक की मौत, विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने कहा- मामले की जांच में भारत सरकार अमरीकी जांच एजेंसियों के संपर्क में।
  • हरियाणा में पहली बार लिंग अनुपात एक हजार बालकों पर 950 बालिका के स्‍तर पर पहुंचा।
  • सीरिया में इदलिब सूबे में रसायनिक हमले के मद्देनजर अमरीका उस पर और प्रतिबंध लगायेगा। 
  • भारतीय मुक्‍केबाज के. श्‍याम सुंदर ने थाईलैंड इंटरनेशनल टूर्नामेंट में स्‍वर्ण पदक जीता।
-------------
भारत और बंगलादेश के बीच 22 समझौतों पर हस्‍ताक्षर किये गये हैं। इनमें से चार समझौतों पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के बीच नई दिल्‍ली में हुई प्रतिनिधिमंडल स्‍तर की वार्ता के बाद हस्‍ताक्षर किये गये। इन समझौतों में द्विपक्षीय न्‍यायिक क्षेत्र, पृथ्‍वी विज्ञान, नौसंचालन, बाह्य अंतरिक्ष का शांतिपूर्ण इस्‍तेमाल, समुद्र तटीय और प्रोटोकॉल रास्‍तों पर यात्री और पोत विहार सेवायें तथा मोटर वाहन यातायात शामिल है।
एक संयुक्‍त बयान में श्री मोदी ने बंगलादेश को रक्षा खरीद के लिए 50 करोड़ डॉलर की कर्ज सुविधा की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बढ़ता कट्टरतावाद और उग्रवाद भारत, बंगलादेश और समूचे क्षेत्र के लिए गम्‍भीर खतरा है। श्री मोदी ने शेख हसीना की आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति की जोरदार प्रशंसा की। उन्‍होंने कहा कि कोलकाता और खुलना के बीच बस और रेल सेवाओं की शुरूआत से एक नये युग का प्रवर्तन होगा। श्री नरेन्‍द्र मोदी ने बंगलादेश को प्राथमिकता वाले क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए साढ़े चार अरब डॉलर की रियायती कर सुविधा की भी घोषणा की। उन्‍होंने दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक संबंधों को बहुआयामी रूप देने की अपील की।
श्री मोदी ने कहा कि सफल आपसी संबंधों के लिए दोनों देशों के बीच सम्‍पर्क महत्‍वपूर्ण है। श्री मोदी ने सम्‍पर्क के महत्‍व पर जोर दिया और कोलकाता-खुलना तथा राधिकापुर-बिरोल के बीच बस और रेल सेवायें बहाल किये जाने का स्‍वागत किया। प्रधानमंत्री ने बंगलादेश के 2021 तक सभी को बिजली देने के लक्ष्‍य में भारत की भागीदारी की घोषणा की।
तीस्‍ता जल बटवारे के मुद्दे पर श्री मोदी ने कहा कि केवल भारत और बंगलादेश की सरकारें ही मिल बैठकर इस मुददे का हल निकाल सकती हैं।
सुश्री शेख हसीना ने अपने संयुक्‍त वक्‍तव्‍य में कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उनके देश की कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति है।
उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के विकास के लिए और अधिक सम्‍पर्क महत्‍वपूर्ण है।
दोनों नेताओं ने वीडियो कान्‍फ्रेंसिंग के जरिये दो रेल और सड़क परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। उन्‍होंने बंग बंधु की किताब - द अनफिनिश्‍ड मेमोर्स के हिन्‍दी अनुवाद का विमोचन भी किया। भारत-बंगलादेश प्रगाढ़ मैत्री संबंधों का सम्‍मान करते हुए दोनों नेताओं ने बंग बंधु की स्‍मृति में दिल्‍ली में एक सड़क समर्पित की।
इससे पहले आज सुबह राष्‍ट्रपति भवन में बंगलादेश की प्रधानमंत्री का रस्‍मी स्‍वागत किया गया। सुश्री हसीना ने राजघाट पर राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
-------------
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सरकार की किफायती दाम पर आवास उपलब्‍ध कराने की योजना की समीक्षा के लिए आज नई दिल्ली में बैठक बुलाई है। सरकार ने 2022 तक सभी के लिए आवास का लक्ष्य तय किया है। सूत्रों ने बताया कि ऐसी आवास परियोजनाओं की शुरुआत करने में रीयल एस्टेट क्षेत्र को हो रही कठिनाइयों से अवगत कराने के लिए सदस्‍य रियल एस्‍टेट डेवलपर्स और राष्‍ट्रीय अचल सम्‍पत्ति विकास परिषद को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है।
-------------
केंद्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय को बताया है कि उसने चलन से बंद किये गये करेंसी नोट बदलने की समय-सीमा पिछले वर्ष तीस दिसम्बर से आगे न बढ़ाने का फैसला सोच-समझकर लिया था। अनिवासी भारतीयों के लिये यह समय-सीमा 31 मार्च को समाप्त हो गई। वित्त मंत्रालय ने कई व्यक्तियों और एक कम्पनी की याचिका के जवाब में दाखिल शपथपत्र में यह बात कही।
-------------
असम में रक्षा मंत्रालय ने सिल्‍चर में कुंभिग्राम हवाई अड्डे पर विमानों के आगमन और प्रस्‍थान के समय को बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में दक्षिण असम की बाधाओं के बावजूद रात में सम्‍पर्क की आवश्‍यकताओं को देखते हुए सिल्‍चर हवाई अड्डे का समय रात आठ बजे तक बढ़ाया गया है।
-------------
विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने कहा है कि उनके मंत्रालय को वाशिंगटन में गोलीबारी की घटना में एक भारतीय नागरिक विक्रम जारयाल की दुखद मृत्‍यु की रिपोर्ट मिल गई है। सिलसिलेवार ट्वीट संदेशों में श्रीमती स्‍वराज ने कहा है कि मंत्रालय जांच एजेंसी के सम्‍पर्क में है और अधिकरियों ने सीसीटीवी फुटेज प्राप्‍त कर लिये हैं। अपराधियों की धरपकड के लिये कार्रवाई जारी है। उन्‍होंने बताया है कि सैन फ्रांसि‍स्‍को में  भारतीय वाणिज्‍य दूतावास मृतक के परिजनों की मदद कर रहा है और पुलिस अधिकरियों के सम्‍पर्क में है।  
श्रीमती स्‍वराज ने बताया कि 26 वर्षीय यह युवक 25 दिन पहले अमरीका आया था और एक पारिवारिक मित्र के गैस स्‍टेशन पर काम कर रहा था।
बृहस्‍पतिवार तड़के डेढ बजे दो बदमाशों ने गैस स्‍टेशन में घुसकर उससे नकदी छीन ली थी और सीने में गोली मार दी थी जिससे उसकी मृत्‍यु हो गयी।
-------------
विदेशमंत्री सुषमा स्‍वराज ने दिल्‍ली में जर्मनी की महिला पर हुए हमले की रिपोर्ट मांगी है। एक ट्वीट में श्रीमती स्‍वराज ने बताया कि उन्‍होंने दिल्‍ली सरकार से जर्मन महिला को बेहतर चिकित्‍सा सुविधा उपलब्‍ध कराने को कहा है।
19 वर्षीय जर्मन महिला बैंजामिन स्‍कॉल्‍ट पर कल नई दिल्‍ली की गीता कॉलोनी में हमला किया गया था।
-------------
हरियाणा में राज्‍य के इतिहास में पहली बार लिंग अनुपात एक हजार बालकों पर 950 बालिका के स्‍तर पर पहुंच गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल ने कल बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के हरियाणा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की शुरूआत के बाद राज्‍य ने लिंग अनुपात में सुधार लाने की चुनौती को स्‍वीकारा था।
प्रदेश में पी सी एंड पी एंड डी टी कानून और एमटीपी कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इन कानूनों के तहत लगभग दो वर्ष में 430 मामले दर्ज कर कन्‍या भ्रूण हत्‍या पर अंकुश लगाया गया है। इसके अलावा सरकार ने लड़कियों को जन्‍म लेने के लिए, प्रोत्‍साहित करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया है और बालिकाओं को विभिन्‍न कार्यक्रमों के माध्‍यम से न केवल सम्‍मानित किया है बल्कि उनकी शिक्षा के लिए भी प्रोत्‍साहन दिया जा रहा है। अश्विनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार चंडीगढ़।
-------------
हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि किसानों के ऋण माफी का मामला सरकार के विचाराधीन है। वे रोहतक जिले में सुनारिया के पुलिस प्रशिक्षण केन्‍द्र में कल रंगरूटों की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण कर रहे थे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मनोहर लाल ने पुलिस में 14 हजार खाली पदों को भरने की भी घोषणा की है।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री मनोहर लाल ने बताया कि राज्‍य में गुरूग्राम में पहला साइबर अपराध पुलिस थाना बनाया जाएगा और कुंडली-मानेसर-पलवल एक्‍सप्रैस वे पर हर दस किलोमीटर पर पुलिस चौकी स्‍थापित की जाएगी। उन्‍होंने कहा कि कानून और व्‍यवस्‍था सुनिश्चित करने के लिए दिल्‍ली-अम्‍बाला राजमार्ग पर सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मुख्‍यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के लिए साप्‍ताहिक अवकाश की भी घोषणा की और कहा कि पुलिसकर्मी 12 घंटे की शिफ्ट में काम कर सकेंगे। उन्‍होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों को आवास संबंधी समस्‍या के समाधान के लिए राज्‍य सरकार ने तीन हजार छह सौ नये मकानों के निर्माण की स्‍वीकृति दी है। समाचार कक्ष से मैं निखिल कुमार।
-------------
उत्‍तरप्रदेश में सरकार ने किसानों को उनके उत्‍पादन की बेहतर कीमत दिलाने के लिए एक लाख मीट्रिक टन आलू खरीदने का फैसला किया है। सरकार ने आलू की कीमत 487 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित की है। ये निर्णय बाजार हस्‍तक्षेप योजना के आधार पर लिया गया है। सरकार ने नैफेड सहित तीन सरकारी संस्‍थानों को निर्धारित दर पर आलू खरीदने के लिए अधिकृत किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आलू उत्‍पादक किसानों की समस्‍याओं से निपटने और उनको अपने उत्‍पाद की बेहतर कीमत दिलाने के लिए राज्‍य मंत्रिमंडल ने तीन सदस्‍यों वाली मंत्रिमंडलीय समिति गठित कर दी है।
योगी मंत्रिमंडल ने अपनी पहली बैठक में ही आलू उत्‍पादक किसानों की समस्‍याओं के सामाधान और उनकी उपज का लाभकारी मूल्‍य दिलाने के लिए उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्‍यक्षता में तीन सदस्‍यीय मंत्री स्‍तर की समिति गठित की थी। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कामकाज में पारदर्शिता के लिए मंडी परिषद में कंप्‍यूटर के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए कहा है और चेतावनी दी है कि किसानों के उत्‍पीड़न की एक भी शिकायत स्‍वीकार्य नहीं है। उन्‍होंने परिषद में किसानों के लिए एक हेल्‍पलाइन नंबर शुरू करने के लिए भी कहा है। सुनील शुक्‍ल,आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
-------------
सीरिया में सफल सैन्‍य अभियान के बाद अमरीका ने कहा है कि रसा‍यनिक हमले के मद्देनजर दमिश्‍क पर और प्रतिबंध लगाये जायेंगे। अमरीकी वित्‍तमंत्री स्‍टीव म्‍नुचिन ने फ्लोरीडा में मार-ए-लागो रिजोर्ट में यह बात कही। उन्‍होंने कहा कि सीरिया पर अतिरिक्‍त प्रतिबंध इस प्रकार की गतिविधियों को रोकने के लिए जारी अमरीका के प्रयासों का हिस्‍सा होगा। अमरीकी विदेश मंत्री रेक्‍स टिलरसन ने दावा किया है कि कल का सैन्‍य अभियान जबर्दस्‍त सफल रहा। हालांकि उन्‍होंने स्‍वीकार किया कि मिसाइल हमले में सीरिया के रनवे नष्‍ट नहीं किये जा सके। 
-------------
अमरीकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रम्‍प और चीन के राष्‍ट्रपति षी जिनपिंग, चीन के साथ अमरीका के व्‍यापार घाटे को कम करने के लिए एक सौ दिन की योजना लागू करने पर सहमत हो गये हैं। दोनों नेताओं के बीच इससे पहले फ्लोरीडा में मार-ए-लागो रिजोर्ट में वार्ता हुई थी।
-------------
संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंटोनियो गुतरेस ने नोबेल शांति पुरस्‍कार से सम्‍म‍ानित मलाला युसुफजई को संयुक्‍त राष्‍ट्र शांतिदूत के रूप में चुना है। वे अब तक की सबसे युवा शांतिदूत होंगी। विश्‍व के किसी नागरिक को संयुक्‍त राष्‍ट्र प्रमुख की तरफ से दिया जाने वाला यह सर्वोच्‍च सम्‍मान है।
19 वर्षीय मलाला लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विश्‍व हस्‍ती बन गई हैं।
-------------
भारतीय मुक्‍केबाज के0 श्‍याम कुमार ने बैंकॉक में खेले जा रहे थाईलैण्‍ड इंटरनेशनल टूर्नामेंट में 49 किलोग्राम भार वर्ग में स्‍वर्ण पदक जीत लिया है। श्‍याम को फाइनल में उजबेकिस्‍तान के ओलम्पिक चैम्पियन हसनबॉय दस्‍मातोफ के साथ खेलना था लेकिन चोट के कारण दस्‍मातोफ खेल से बाहर हो गये और भारतीय खिलाड़ी को दूसरा स्‍वर्ण पदक मिला। श्‍याम को 2015 में भी स्‍वर्ण पदक मिला था।
-------------
आईपीएल क्रिकेट में आज इंदौर में चार बजे किंग्स इलेवन पंजाब का मुकाबला राइजि़ंग पुणे सुपरजाइंट से होगा, रात आठ बजे बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का मुकाबला डेल्‍ही डेयरडेविल्‍स से होगा।      
-------------
जम्‍मू-कश्‍मीर में झेलम और उसकी सहायक नदियों का जलस्‍तर घटने से लोगों को राहत मिली है। पिछले दो दिनों से यहां बाढ़ का खतरा बना हुआ था। चार दिनों के बाद आज वर्षा थमी हुई है।
मौसम विभाग ने कश्‍मीर घाटी के कई हिस्‍सों में हल्‍की वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि अनुमान में यह भी कहा गया है कि घाटी में मंगलवार तक मौसम साफ रहेगा।
दक्षिण कश्‍मीर के संगम गेज पर पानी खतरे के निशान से नीचे बह रहा है। दाहम राम मुंशी बाग श्रीनगर गेज पर पानी धीरे धीरे सुरक्षित स्‍तर तक पहुंच रहा है। इस बीच तीन रोज तक लगातार बंद रहने के बाद श्रीनगर जम्‍मू राष्‍ट्रीय राजमार्ग आज सुबह 11 बजे से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। कई रोज से राजमार्ग के चंद्रकोट, बटोट, पटनीटोप और रामबन स्‍थानों पर करीब डेढ़ हजार फंसे यात्री और आवश्‍यक वस्‍तुओं से भरे वाहनों को श्रीनगर की ओर आने की अनुमति दी गई। दाहम राजमार्ग पर किसी भी छोर से वाहनों की ताजा आवाजाही की आज कोई अनुमति नहीं होगी। तारिक राथेर, आ‍काशवाणी समाचार, श्रीनगर।
-------------

सरकार निशक्तजनों के लिए हरसम्भव सहायता कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे में प्रयासरत : उपायुक्त

207 निशक्तजनों को 13 लाख 13 हजार 306 रूपये के 688 सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित
ओढ़ां
खंड के गांव मिठडी में भारतीय रैडक्रास सोसायटी व अलीम्को कानपुर के क्षेत्रीय उत्पादन केन्द्र चनालोन व मोहाली पंजाब के संयुक्त प्रयास से दिव्यांग जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर के आयोजन में सेवानिवृत आईएएस श्री हरभजन सिंह का विशेष सहयोग रहा है। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि उपायुक्त श्रीमती शरणदीप कौर बराड़ ने 207 निशक्तजनों को 13 लाख 13 हजार 306 रूपये के 688 सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित किये। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत आईएएस श्री हरभजन सिंह ने यह बहुत ही सराहनीय कार्य किया है, उनके सहयोग से आज गांव मिठड़ी के निवासियों को बहुत लाभ मिला है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उनका इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने 207 निशक्तजनों को 688 कृत्रिम अंग हाथ, पैर, श्रवण यंत्र एवं वैसाखियों आदि वितरित किये। जिनमें 39 तिपहिया साईकिलें, 8 व्हील चेयर, 296 श्रवण यंत्र एवं अन्य कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित किए गए। 
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार निशक्तजनों के लिए हरसम्भव सहायता कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे में प्रयासरत है। सरकार ने निशक्तजनों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई हुई हैं। जिसमें विकलांग पैंशन योजना, विकलांग कर्मचारियों के लिए सम्मान भत्ता तथा अन्य कई प्रकार की सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के उपक्रम रैडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से जिन व्यक्तियों के हाथ-पैर इत्यादि कट जाते हैं या श्रवण शक्ति खत्म हो चुकी हो, को निशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपक्रम मुहैया करवाती है। इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. सूरजभान कंबोज, आईआरएस स. बीएस रत्न, बीडीपीओ ओढां श्री बलराज सिंह, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधु मित्तल, सचिव रैडक्रॉस श्री प्रदुम्र कुमार, श्री जगसीर सिंह मिठड़ी मौजूद थे।