Loading

08 August 2017

नशों का बच्चों के भविष्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है : डॉ. शमशेर सिंह

नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कैंप आयोजित
ओढ़ां
जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र द्वारा चाईल्ड सर्वाइवल इंडिया एंड सेव चिल्ड्रन के सहयोग से नशामुक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता कैंप का आयोजन राजकीय माध्यमिक विद्यालय खुईयां नेपालपुर में किया गया।
इस कैंप में नशामुक्ति केंद्र की तरफ से प्रोजेक्ट कॉर्डीनेटर डॉ. शमशेर सिंह ने उपस्थित जनों को नशे के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि नशा भयंकर रूप धारण करता जा रहा है, इससे बचने व बचाने की हम सबकी सांझी जिम्मेवारी बनती है। इससे आर्थिक व सामाजिक नुकसान के साथ साथ बच्चों के भविष्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। हमें नशे के पहले पायदान जैसे तंबाकू उत्पाद आदि से बचकर ही दूसरे बड़े नशों से बचा जा सकता है बच्चों को सफाई व पौधारोपण के बारे भी प्रेरणा दी गई। नशा छोडऩे के लिए उन्होंने नशामुक्ति केंद्र कालांवाली की सेवाएं लेने का आह्वान करते हुए बताया कि वहां नि:शुल्क उपचार द्व्रारा नशा छुड़वाया जाता है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा भी नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसने हेतु संपर्क सूत्र 88140 56100 दिया है जिस पर आप गुप्त रूप से सूचना देकर समाज को नशामुक्त करने में सहयोग दे सकते हैं।
इस अवसर पर चाईल्ड सर्वाइवल इंडिया एंड सेव चिल्ड्रन के डीए राजेश कुमार सैन व अरविंद सहारण ने बच्चों को उनके अधिकारों से अवगत करवाते हुए कहा कि अभिभावक अपने 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को नशा खरीदने न भेजें। इसके अतिरिक्त उन्होंने बाल मजदूरी, बाल विवाह और पोक्सो एक्ट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी बच्चे के साथ किसी भी प्रकार की छेड़खानी होती है तो वो इसकी सूचना शिकायत पेटिका में डाल सकते हैं या 1098 पर कॉल भी कर सकते हैं। अंत में मुख्याध्यापक राजेंद्र कुमार डुडी ने नशामुक्ति केंद्र की टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर नशामुक्ति केंद्र से राजेंद्र सिंह साइकोलाॉजिस्ट, गुलाब सिंह सोसल वर्कर, आत्मप्रकाश, विनोद कुमार, विकास कुमार, कमल कुमार, शालिनी देवी और सुमन रानी सहित सभी स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी, अभिभावक व गणमान्य ग्रामीण मौजूद थे।

रेखा प्रथम, पूनम द्वितीय व प्रियंका तृतीय रही

राखी बनाओ व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित
ओढ़ां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में प्रधानाचार्य सुभाष फुटेला की अध्यक्षता में राखी बनाओ प्रतियोगिता व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का मुख्य थीम स्वतंत्रता दिवस व जन्माष्टमी थी। इस अवसर पर कक्षा ग्यारहवीं व बारहवीं की छात्राओं ने पौधारोपण किया जिसका उद्देश्य पर्यावरण को दूषित होने से बचाना रहा। राखी बनाओ प्रतियोगिता में रेखा प्रथम, पूनम द्वितीय व प्रियंका तृतीय रही। पोस्टर मेकिंग में मनप्रीत, शबीना व अंजना प्रथम, पूनम व किरण द्वितीय और सीता तृतीय रही। महेंद्र व इकबाल को सांत्वना पुरस्कार मिले। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन में सुमन रानी, सीमा देवी, रिछपाल सिंह, दीपक कुमार, जितेंद्र गर्ग, अजायब सिंह, सुरेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, मांगेराम, राजविंद्र सिंह, प्रह्लाद मल्हान, कमलजीत शर्मा और बजीर सिंह सहित सभी स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद थे।

'मत काटो मुझे मैंने तुझे फल फूल छाया दी'

वन महोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित
ओढ़ां
माता हरकी देवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ओढ़ां में वन महोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्या सुनीता शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित सरपंच लखबीर कौर और संस्था सचिव मंदर सिंह ने अपने हाथों प्रथम पौधा रोपकर वृक्षारोपण का शुभारंभ किया।
इस मौके पर सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम मनभावन भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में दसवीं के लक्ष्य ने भाषण के माध्यम से वृक्षों की अनिवार्यता पर बल देते हुए कहा कि भविष्य को संकट से बचाने हेतु अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे। दसवीं के पंकज ने कविता के माध्यम से पेड़ों को वनों का परिधान बताया जिसका रहना आवश्यक है। नौवीं के कर्ण शर्मा ने घटते पेड़ बढ़ता प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान एवं भविष्य की खुशहाली के लिए वन महोत्सव को आंदोलन के रूप में अपनाते हुए पृथ्वी को हरा भरा बनाना होगा। इस अवसर पर कक्षा पांचवीं व छठी के विद्यार्थियों पर आधारित अमूलिक व उसके सहयोगियों की टीम ने लघु नाटिका के माध्यम से वृक्ष लगाओ पृथ्वी बचाओं का संकल्प लिया तथा पेड़ों के क्षोभ को व्यक्त करते हुए कहा 'मत काटो मुझे मैंने तुझे फल फूल छाया दीÓ।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्राचार्या कुलदीप कौर ने शिक्षाप्रद कहानी के माध्यम से संदेश दिया कि अपने चारों ओर वातावरण को साफ सुथरा बनाना है और प्रकृति को बचाना है क्योंकि प्रकृति से ही जीवन संभव है जिसके बदले हमें उसका सम्मान करना होगा। सरपंच लखबीर कौर और संस्था सचिव मंदर सिंह ने बच्चों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। वन महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टाफ व विद्यार्थियों ने सार्थक सहयोग दिया।

पब्लिक स्पीकिंग कामयाबी का मूल मंत्र-- सतीश वर्मा

जय भारत स्कूल पन्नीवाला मोटा में सेमिनार आयोजित
ओढ़ां
जय भारत स्कूल पन्नीवाला मोटा में फ्यूचर एक्सपर्ट संस्था की तरफ से विद्यार्थियों के लिए पब्लिक स्पीकिंग विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। संस्था की ओर से सतीश वर्मा (मोटिवेशनल स्पीकर तथा कार्यक्रम आयोजक) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक समय में पब्लिक स्पीकिंग अर्थात् लोगों के समक्ष अपनी अभिव्यक्ति देने की क्षमता बहुत कम बच्चों में पाई जाती हैं। बच्चो  को किसी कार्यक्रम में अपने विचार प्रस्तुत करने अथवा कार्यक्रम का मंच संचालन करने में संकोच होता हैं, जिसके चलते वे नेतृत्व की भावना को आत्मसात करने से वंचित रह जाते हैं। बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को निखारने हेतु एक मंच की आवश्यकता होती हैं और उसका आधारभूत कदम पब्लिक स्पीकिंग ही है। कार्यक्रम में बच्चों ने भी उत्सुकता से उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब दिया और अपना परिचय करवाते हुए अभिव्यक्ति देने की कोशिश की। बच्चों की रूचि को देखते हुए सतीश वर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्कूल में उनके द्वारा महीने में 3-4 बार आयोजित होंगे ताकि बच्चों को पूरे विषय से रूबरू होने का अवसर मिले। उन्होंने बच्चों से स्कूल में प्रतिदिन प्रार्थना सभा में भाषण के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति देने का आग्रह किया। मुख्याध्यापक कुलदीप सिंह सहारण ने भी कार्यक्रम के आयोजन हेतु संस्था का धन्यवाद किया और बच्चों से कहा कि विद्यार्थी जीवन में किताबी शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को सर्वांगीण विकास की ओर बढ़ते हुए ऐसे कार्यकमों में स्वरुचि से हिस्सा लेना चाहिए। इसी दिशा में विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अतिरिक्त गतिविधियां समय-समय पर आयोजित की जाती हैं।
इस अवसर पर मुख्याध्यापक कुलदीप सिंह सहारण, अध्यापक विनोद कस्वां, अमर सिंह भारी, राकेश वर्मा, प्रवीण कस्वां, सतबीर भारी, मैडम ममता, संतोष, पूजा, हीना, मोनिका, प्रोमिला आदि उपस्थित रहे।

विशेष अवसरों को पौधारोपण कर मनाएं : निकूराम

ओढ़ां
राजकीय प्राथमिक पाठशाला सालमखेड़ा द्वारा चलाए गए पौधारोपण अभियान का शुभारंभ विद्यालय के मुख्याध्यापक निकूराम ने विद्यालय प्रांगण में त्रिवेणी लगाकर किया।
इस अवसर पर उन्होंने पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि विशेष अवसर पर सभी के जीवन में आते हैं और उन अवसरों को यदि पौधारोपण करके मनाया जाए तो यह मानवता के हित में होगा। इस अभियान में सुखदर्शन सिंह, संदीप कुमार, रवींद्र कुमार, अमित गोयल, कर्मवीर बूरा, इंदू मैडम और गोलो देवी सभी स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों ने समयसमय पौधारोपण करते रहने का संकल्प लिया।