Loading

16 April 2011

प्रादेशिक समाचारः-15.04.2011

मुख्य समाचारः
* राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस महासचिव वीरेंद्र सिंह ने संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने पर बल दिया।
* हरियाणा में बारिश होने की भविष्यवाणी के दृष्टिगत कृषि विभाग ने किसानों को संभावित नुकसान से बचने का प्रबंध करने की सलाह दी।
* प्रदेश में चीनी का उत्पादन गत दो सालों की तुलना में तीन गुणा हो गया है।
* जींद में सरकारी एजेंसियों द्वारा गेहूं की खरीद न होने के विरोध में किसानों ने जींद रोहतक मार्ग जाम किया।
* हिसार केंद्रीय कारागार से पेशी के लिये लाये गये 6 कैदी फरार हो गये।

    राज्य सभा सदस्य एवं कांग्रेस महासचिव चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा है कि देश में भ्रष्टाचार का जो मुद्दा उठा है उससे देश की दिशा और दशा का आकलन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दो को उठाने वालों की भूमिका सही है या नही यह देखा जाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोगों का संसदीय लोकतंत्र में विश्वास कम होना ठीक नही हैं और आवश्यकता राजतंत्र को नही लोकतंत्र को मजबूत करने की है। उन्होंने कहा कि राजनेताओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और त्रुटियों को दूर करने के लिए राजनीतिक पार्टियों को आगे आना चाहिए। श्री सिंह ने आज चंडीगढ़ में इन मुद्दों पर बातचीत करते हुए यह विचार व्यक्त किए।
    चौधरी वीरेंद्र सिंह ने हरियाणा में पार्टी संगठन की स्थिति पर पुछे प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि अगर आम कार्यकर्ता हतोत्साहित है और कारगुजारी से खुश नही है तो पार्टी का कमजोर होना निश्चित है और संगठन इतना मजबूत होना चाहिए कि पार्टी के कार्यकर्ता को पहचान दिला सके। उतराखंड, हिमाचल में उन्होंने कांग्रेस की स्थिति को मजबूत बताया और आने वाले विधानसभा चुनावों में अच्छे परिणामों की उम्मीद जताई। गौरतलब है कि वे उतराखंड, हिमाचल और दिल्ली के प्रभारी भी है। श्री सिंह ने कहा कि वे हरियाणा की राजनीति में भी सरगर्म रहेगे। हरियाणा में विकास पर उन्होंने कहा कि मानव संसाधन विकास और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के क्षेत्र में बहुत कुछ करना अभी बाकी है।

    चौधरी वीरेंद्र सिंह ने आज भ्रष्टाचार पार्टी संगठन के अलावा कृषि एवं किसानों की स्थिति पर भी चर्चा की।  उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिक विश्व भर में खाद्य पदार्थों की हो रही कमी को रोकने के लिए किसानों को नई तकनीके व नए बीज उपलब्ध करवाने में नाकामयाब रहे है। उन्होंने इस बात पर भी चिंता व्यक्त कि की पंजाब व हरियाणा जैसे कृषि प्रधान राज्यों में लोग कृषि के धंधे से बाहर निकल रहे है और कृषि अधीन रकवा कम हो रहा हैं। उन्होंने भूमि अधिग्रहण नीति को बढ़िया तो बताया लेकिन किसानों की उपजाउ भूमि का उद्योग एवं गृह परियोजनाओं के लिए अधिग्रहण करने को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि क्यों न उद्योग तराई व कण्डी ईलाकों में लगाए जाए । यहां भूमि सस्ती भी है और उपजाउ भी कम है। हालांकि उन्होंने विशेष परिस्थितियों में अस्पतालों, सड़कों व नहरों आदि के लिए भूमि अधिग्रहण को जायज ठहराया।

    हरियाणा के राज्यपाल श्री जगन्नाथ पहाड़िया ने आज मुख्य चुनाव अधिकारी एवं कमिश्नर सुश्री सुमिता मिश्रा की लाईफ आफ ए लाईट नामक पुस्तक का विमोचन किया। सुश्री मिश्रा की यह पहली काव्य पुस्तक है जिसमें संग्रहित कविताएं महिलाओं एवं युवाओं के लिए प्रासंगिक होने के साथ साथ प्ररेणा स्त्रोत भी है। पुस्तक का विमोचन करते हुए श्री पहाड़िया ने सुश्री सुमिता मिश्रा को भारत की अनेक महान कवयित्रियों के पुंज में एक नए सितारे का उदय बताया और कहा कि उनकी यह काव्य पुस्तक लोगों को कविता के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की अंतरदृष्टि प्रदान करेगी। सुश्री मिश्रा ने अपनी पुस्तक के बारे में बताते हुए कहा कि इस पुस्तक में उन्होंने ने एक महिला के रूप में अपने विचारों को व्यक्त किया है। यह कविताएं उन भावनाओं का आईना है जो उन्होंने अपने जीवन में महसूस की है। प्रसिद्ध स्तभ्कार एवं लेखक खुशवंत सिंह ने उनकी लेखनी को सादगी एवं गहराई का शक्तिशाली एवं स्थाई मिश्रण बताया है।

    मौसम विभाग ने आने वाले दो तीन दिनों में हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश होने और कहीं बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस भविष्यवाणी के दृष्टिगत राज्य के कृषि महानिदेशक अशोक यादव ने किसानों को फसलों को किसी भी संभावित नुकसान से बचाने के लिये आवश्यक प्रबंध कर लेने की सलाह दी है। उन्होंने किसानों को पराली व फसलों के बचे अवशेषों को न जलाने की सलाह दी है। क्यूंकि ये भूमि की उपजाऊ शक्ति के लिये नुकसान देह है। श्री यादव ने किसानों को समर मूंग और डैचा की बिजाई करने की भी सलाह दी है क्योंकि ये दोनों फसले मिट्टी में पर्यावरणिक नाइट्रोजन बनाये रखने और मिट्टी की उपजाउ क्षमता को बढ़ाने में मददगार है।

    जींद मंडी में सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा गेहूं की खरीद न किये जाने के विरोध में किसानों ने कल शाम जींद-रोहतक राष्ट्रीय मार्ग पर जाम लगा दिया जो कई घंटे तक जारी रहा। किसानों का आरोप था कि सरकारी खरीद एजेंसियों वाले उनकी गेहूं में नमी बताकर खरीद नही कर रहे है। जिससे किसानों ने रोष स्वरूप रास्ता जाम किया है। किसान बगैर किसी मापंदड के अपनी गेहूं की सरकारी खरीद कराने पर अड़े रहे। उधर ग्रेन डीलर एसोसियेशन तथा खरीद एजेंसी के ठेकेदारों के बीच लिफिंटग को लेकर आपसी सहमति न होने पर आढ़तियों द्वारा ऐजंसियों को गेहूं देने से इंकर किया हुआ है।

    राज्य की सभी दस सहकारी चीनी मिलों ने अब तक 227 लाख 86 हजार क्विंटल गन्ने की पिराई करके लगभग 19 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। सहकारी चीनी मिल प्रसंघ के प्रवक्ता के अनुसार इस मौसम में अब तक गन्ने की वसूली 8.43 प्रतिशत रही। इस बार मिलों की उपयोग क्षमता भी बढ़कर सवा बानवे प्रतिशत रही है। वर्ष 2009-10 में मिलों ने कुल सवा सात लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया था।

    हिसार में केंद्रीय कारागार से पेशी के लिये लाये गये 6 अंटूरट्रायल कैदी बखशी खाने से भाग निकलने में सफल हो गये । पेशी के बाद वे बाथरूम के सरिये काटकर भाग निकले। पुलिस अधीक्षक के अनुसार सर्वत्र नाके लगाए दिये गये है और इन्हें जल्द पकड़ लिया जायगा।

    उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम शहरी क्षेत्रों में 5 किलोवाट से अधिक भार वाले सभी घरेलू व गैर घरेलू उपभोक्ताओं के परिसरों के लोड की जांच हेतु 22 अप्रैल से 30 जून तक लोड सर्वेक्षण अभियान चलायेगा। निगम के प्रवक्ता के अनुसार बड़ी संख्या में लोगों ने अपने परिसरों में ऐ.सी लगाये है और लोड को अनाधिकृत रूप से बढ़ा लिया है। इससे पूर्व निगम बढ़े हुये लोड को नियमित कराने का अवसर दे चुका है। गौरतलब है कि बढ़े लोड के कारण ही ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होते है।

    यमुनानगर के संजीव राजपूत ने साउथ कोरिया में चल रही शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मैंडल जीता है। नेवी में बतौर अधिकारी तैनात संजीव राजपूत अब तक तकरीबन 122 मैडल जीत चुके है।
 
   प्रदेश की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों की लड़कियों की शादी में सरकार की और से कन्यादान स्वरूप सहायता राशि देने की एक योजना लागू की गई है जिसके तहत हर श्रमिक की दो लड़कियों तक की शादी में राज्य सरकार 21-21 हजार रूपये देगी। यह योजना लागू करने में हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है। योजना की जानकारी देते हुये एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि इसके लिये आवश्यक होगा कि श्रमिक ने उस औद्योगिक इकाई में अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया हो।

    मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज कहा कि इजरायल के साथ अधिक झाड़ देने वाली रोपन सामग्री के निर्यात, बागवानी क्षेत्र में प्रौद्योगिकी के निंरतर हस्तारन्तरण प्रदेश में प्लास्टिक फिल्म और माईक्रो सिंचाई सुविधायें बनाने हेतु औद्योगिक इकाई की स्थापना कृषि में खारे पानी एवं सीवरेज के पानी के उपयोग हेतु प्रौद्योगिकी हस्तान्तरण तथा पशु एवं डेयरी विकास में सहयोग की संभावना है। शेफयिम में इजरायल के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट के बाद श्री हुड्डा ने यह जानकारी देते हुये कहा कि प्रदेश सरकार भैसों व गायों के दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने में इजरायली प्रौद्योगिकी अपनाने की संभावनाओं का भी पता लगायेगी।

No comments:

Post a Comment